samacharsecretary.com

World’s Tallest Dam: चीन का नया कमाल, 315 मीटर ऊंचे डैम से होगा रिकॉर्ड बिजली उत्पादन

बीजिंग  चीन ने दुनिया के सबसे ऊंचे डैम के हाइड्रोपावर स्टेशन के पहले यूनिट को बिजली ग्रिड से जोड़ दिया है. यह स्टेशन चीन के सिचुआन प्रांत में बना है. शुआंगजियांगकोउ हाइड्रोपावर स्टेशन 315 मीटर ऊंचा है. इसकी कुल क्षमता 20 लाख किलोवॉट है. इससे हर साल औसतन 7.7 अरब यूनिट बिजली बनेगी. यह प्रोजेक्ट बिजली बनाने के साथ यांग्त्जे नदी के ऊपरी हिस्से में बाढ़ का खतरा कम करने में भी मदद करेगा।  शुआंगजियांगकोउ हाइड्रोपावर स्टेशन का डैम 315 मीटर ऊंचा है. इसी के साथ यह दुनिया का सबसे ऊंचा डैम बन गया है. इसे बनाने में 4.6 करोड़ क्यूबिक मीटर से ज्यादा समान का इस्तेमाल हुआ है. यह मात्रा इतनी ज्यादा है कि इससे पूरी पृथ्वी की भूमध्य रेखा के चारों ओर करीब 1 मीटर ऊंची दीवार बनाई जा सकती है।  हर साल बनेगी 7.7 अरब यूनिट बिजली इस हाइड्रोपावर स्टेशन की क्षमता 20 लाख किलोवॉट है. इसके पूरी तरह शुरू होने के बाद हर साल औसतन 7.7 अरब यूनिट बिजली बनेगी. इससे साफ एनर्जी का उत्पादन बढ़ेगा. साथ ही कोयला जैसे ईंधनों पर निर्भरता भी कम हो सकती है।  यह प्रोजेक्ट पहाड़ों के बीच और बेहद ठंडे इलाके में बनाया गया है. इसे बनाने के दौरान इंजीनियरों को गहरी नदी और कड़ाके की ठंड जैसी कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा. इनसे निपटने के लिए नई तकनीकों का इस्तेमाल किया गया. इनमें हेलियोस्टैट बेस्ड सरफेस हीटिंग और पूरी तरह बंद एयर-सपोर्टेड मेम्ब्रेन सिस्टम शामिल हैं।  बाढ़ का खतरा कम करने में भी करेगा मदद यह हाइड्रोपावर स्टेशन सिर्फ बिजली बनाने के लिए नहीं है. यह यांग्त्जे नदी के ऊपरी हिस्से में पानी के बहाव को नियंत्रित करेगा. इससे बाढ़ का खतरा कम करने और पानी के बेहतर इस्तेमाल में भी मदद मिलेगी।  शुआंगजियांगकोउ हाइड्रोपावर स्टेशन चीन के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक है. दुनिया का सबसे ऊंचा डैम बनने के साथ इसने एक नया रिकॉर्ड भी बनाया है. इससे बिजली उत्पादन बढ़ेगा और बाढ़ नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। 

मध्यप्रदेश सरकार की 900 करोड़ की परियोजना, किसानों को मिलेगा बड़ा लाभ, दो जिले में बनेंगे बांध

भोपाल  रायसेन में दो और राजगढ़ में एक नया बांध बनाया जाएगा। इन पर 898.42 करोड़ रुपए खर्च आएगा। इनके बनने से 18 हजार 420 हेक्टेयर जमीन सिंचित होगी। 20 हजार 300 किसान परिवारों को लाभ होगा। सिंहस्थ से पहले 1133 करोड़ के खर्च से पीने के पानी की व्यवस्था वहीं सिंहस्थ को देखते हुए उज्जैन में पीने के पानी की व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए 1133.76 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। पानी से जुड़ी इन चार बड़ी परियोजनाओं को मोहन सरकार ने मंजूरी दे दी है। हर खेत तक पहुंचाएंगे पानी रायसेन व राजगढ़ में तीन बांध बनाए जाने से खुश सारंगपुर, भोजपुर और उदयपुरा के किसानों के एक प्रतिनिधि मंडल ने सीएम डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उनका आभार जताया। सीएम ने कहा, खेती को लाभ का धंधा बनाने के लिए सरकार हर खेत तक पानी पहुंचाने का काम करेगी। दो सोलर सह स्टोरेज परियोजनाओं को भी हरी झंडी साथ ही दो सोलर सह स्टोरेज परियोजनाओं को भी हरी झंडी दी गई। प्रत्येक 300 मेगावाट की होगी। एक में स्टोरेज की जाने वाली बिजली से 4 घंटे और दूसरी में स्टोरेज की जाने वाली बिजली से 6 घंटे आपूर्ति की जा सकेगी। मंत्रियों को मुख्यमंत्री ने ये निर्देश दिए -एमपी में संकल्प से समाधान अभियान, स्वच्छ जल अभियान, प्रदेश में जैव विविधता को समृद्ध करने जैसे विषयों को सफल बनाएं। -अपने-अपने विभागों से जुड़े कामों की नियमित निगरानी-समीक्षा करें। -स्वच्छ जल अभियान की समीक्षा की जाए, जहां कमी हो, उसे पूरी की जाए। -मकर संक्रांति का दिन शुभ परिवर्तन, आत्मबल और सकारात्मक सोच का प्रतीक है, आम जन के साथ इसे भव्यता के साथ मनाएं। -कृषक कल्याण वर्ष में जिन विभागों की सहभागिता है, वे अपने-अपने स्तर के काम करें। परिणाम लाने हैं, यह सभी की जिम्मेदारी है। -असम सरकार के साथ जंगली भैंसे, गैंडे व कोबरा समेत अन्य वन्यप्राणियों को लाने सहमति बनाई है।

तीन दिन से लापता युवक डेम के पास मृत पाया गया, पुलिस जांच में जुटी

रायगढ़ किरोड़ीमल नगर क्षेत्र स्थित उच्चभिट्ठी डेम के पास एक लापता युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक जिंदल प्लांट में मजदूरी का काम करता था. मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. जानकारी के मुताबिक, युवक पिछले तीन दिनों से लापता था और परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट कोतरा रोड थाने में दर्ज कराई थी. रविवार को डेम के पास शव मिलने की सूचना पर कोतरा रोड पुलिस मौके पर पहुंची. साथ ही फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है. परिजनों ने युवक की हत्या की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है.