samacharsecretary.com

धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ की रिलीज डेट बदली, 01 जनवरी को होगी रिलीज

मुंबई,  बॉलीवुड के दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ 01 जनवरी 2026 रिलीज होगी। फिल्म ‘इक्कीस’ दिवंगत अभिनेता धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म है। धर्मेंद्र के निधन (24 नवंबर 2025) के बाद से ही उनके फैंस इस फिल्म की रिलीज का इंतजार कर रहे हैं। यह फिल्म 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इस फिल्म की रिलीज डेट बदल गयी है। मैडॉक फिल्म्स ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘आज भी जी करता है, पिंड अपने नू जानवा।” धरम जी मिट्टी के सच्चे बेटे थे और उनके शब्दों में उस मिट्टी का सार है। उनकी यह कविता एक तड़प है; एक लेजेंड से दूसरे लेजेंड को एक ट्रिब्यूट। हमें यह टाइमलेस वर्स गिफ्ट करने के लिए धन्यवाद। सिनेमाघरों में ये फिल्म देखें। इक्कीस 01 जनवरी 2026 को रिलीज हो रही है।’ श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी फिल्म इक्कीस वर्ष 1971 के युद्ध पर आधारित है जिसमें एक 21 साल के लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की कहानी दिखाई जाएगी। मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म को दिनेश विजान और बिन्नी पड्डा ने प्रोड्यूस किया है। इस फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा, अरुण खेत्रपाल की भूमिका में हैं, जबकि धर्मेंद्र, अरुण के पिता एमएल. खेत्रपाल की अहम भूमिका में नजर आयेंगे। बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया इस फिल्म से बॉलीवुड में डेब्यू कर रही हैं। इस फिल्म की कहानी एक पिता की भावनात्मक यात्रा को दर्शाती है, जब वह यह समझने की कोशिश करते हैं कि 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान उसके बेटे ने किस वजह से देश के लिए बलिदान दिया था।  

‘शोले’ के टंकी सीन में शराब पीने की सच्चाई, रमेश सिप्पी ने किया धर्मेंद्र का खुलासा

मुंबई  इन दिनों थिएटर्स में बॉलीवुड की सबसे आइकॉनिक फिल्म 'शोले' लगी हुई है, जिसे मेकर्स ने 4K वर्जन में रिलीज किया है. इसमें फिल्म का ओरिजिनल क्लाइमैक्स ऐड किया गया है, जो 1975 में आई 'शोले' से हटाया गया था. डायरेक्टर रमेश सिप्पी अपनी री-रिलीज फिल्म को जमकर प्रमोट भी कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने 'शोले' के कुछ अनसुने किस्से साझा किए. 'शोले' में टंकी वाले सीन की कहानी रमेश सिप्पी ने 'शोले' के सबसे आइकॉनिक टंकी वाले सीन का किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र ने सीन में सचमुच थोड़ी शराब पी थी, ताकि वो हेमा मालिनी के लिए अपने सच्चे प्यार का इजहार कर सकें. सिद्धार्थ कनन संग बातचीत में रमेश सिप्पी ने कहा, 'टंकी वाले सीन के लिए धर्मेंद्र उस दिन पूरी तरह मूड में थे. उन्होंने कुछ पैग पी रखे थे.' 'मुझे पता था क्योंकि वो पानी की टंकी पर चढ़ते-उतरते जिस तरह हिचकोले खा रहे थे, उससे साफ दिख रहा था. मुझे भी डर लगता था. जब मैं उनके पीछे टंकी पर चढ़ा, तो उन्होंने कहा कि कुछ नहीं होगा, सब एक्टिंग है. तो मैंने भी उन्हें पूरी छूट दे दी. क्योंकि ये तो उनका सबके सामने प्यार का इजहार था. वो अपनी मोहब्बत कुर्बान करने को भी तैयार थे, ताकि मौसीजी भी मान जाएं. चूंकि ये उनका सच्चे प्यार का इजहार था, इसलिए उन्होंने इसमें पूरी जान लगा दी.' रमेश सिप्पी ने आगे कहा कि धर्मेंद्र ने मेथड एक्टिंग की राह इसलिए चुनी ताकि वो सभी के सामने हेमा मालिनी के लिए अपना सच्चा प्यार स्वीकार कर सकें. उन्होंने कहा कि जो कुछ भी फिल्म में हुआ, वो बाद में असल जिंदगी में भी हुआ. रमेश सिप्पी के मुताबिक, धर्मेंद्र और हेमा मालिनी का सच्चा प्यार फिल्म के लिए भी फायदेमंद साबित हुआ क्योंकि उनके मुताबिक असली रोमांस स्क्रीन पर सही झलकता है. बता दें कि 'शोले' के अलावा धर्मेंद्र और हेमा मालिनी ने कई फिल्में एक साथ की. उसी दौरान दोनों के बीच प्यार बढ़ा और बाद में 1980 में दोनों ने एक-दूसरे से शादी की. हालांकि धर्मेंद्र तब भी शादीशुदा थे. ये पल उनके निजी जीवन में कई मुश्किलें लेकर आया. धर्मेंद्र का निधन 24 नवंबर, 2025 को हुआ था. 

‘बिग बॉस 19’ में धर्मेंद्र को याद कर भावुक हुए सलमान खान

मुंबई, बॉलीवुड स्टार सलमान खान रियलिटी शो बिग बॉस 19 में दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र को याद कर भावुक हो गये। बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र का 24 नवंबर को निधन हो गया था। सलमान खान और धर्मेंद्र की बॉन्डिंग हर किसी को काफी पसंद आती थी। धर्मेंद्र हमेशा कहा करते थे उनके तीन बेटे हैं, जिसमें सनी और बॉबी देओल के अलावा सलमान खान भी हैं। उनका यह भी मानना था कि सलमान खान उनकी तरह है। सलमान खान, धर्मेंद्र को याद कर भावुक हो गये हैं। सलमान बिग बॉस 19 का आखिरी वीकेंड का वार भी नहीं होस्ट करना चाहते थे। सलमान खान एपिसोड की शुरुआत में ही काफी भावुक हो गये। उन्होंने कहा, ”यह हफ्ता वैसे ही जो गुजरा है, वो मन्नते मांगकर, दुआएं करके प्रार्थना करके… आंसुओं के साथ गुजरा है। देश को एक बहुत ही बड़ा झटका लगा है। फैन्स को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। इंडस्ट्री को बड़ा नुकसान हुआ है. आप समझ रहे हैं कि मैं किनकी बात कर रहा हूं। काश इस हफ्ते का वीकेंड का वार मैं नहीं कर रहा होता. लेकिन जिंदगी चलती रहती है।”  

धर्मेंद्र का सुनहरा साल: पद्म भूषण के साथ जीते कई सम्मान, हिट फिल्मों का ना-टूटे वाला रिकॉर्ड

मुंबई अभिनेता धर्मेंद्र का सोमवार को निधन हो गया है। इस मौके पर आज हम आपको उनके रिकॉर्ड और उनके अवॉर्ड के बारे में बताने वाले हैं। धर्मेंद्र ने बॉलीवुड को शोले, धरम वीर, सीता और गीता, यमला पगला दीवाना और लोफर जैसी कई बेहतरीन फिल्में दी हैं। एक्टर के अलावा धर्मेंद्र प्रोड्यूसर और राजनेता हैं। अपने बेहतरीन काम के लिए उन्होंने कई उपलब्धियां हासिल की हैं। धर्मेंद्र को मिला पद्म भूषण धर्मेंद्र को सिनेमा में योगदान देने के लिए कई अवॉर्ड और सम्मान दिए गए थे। उन्हें साल 2012 में भारत सरकार की तरफ से भारत का तीसरा सबसे बड़ा अवॉर्ड पद्म भूषण से सम्मानित किया गया। नेशनल फिल्म अवॉर्ड साल 1990 में फिल्म 'घायल' रिलीज हुई थी। इसमें धर्मेंद्र के अलावा सनी देओल, मीनाक्षी शेषाद्रि, ओम पुरी और अमरीश पुरी थे। इस फिल्म ने 1990 में सबसे अच्छी फिल्म का नेशनल फिल्म अवॉर्ड जीता था। फिल्मफेयर अवॉर्ड साल 1991 में धर्मेंद्र की अदाकारी वाली फिल्म 'घायल' को बेस्ट फिल्म के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया। साल 1997 में धर्मेंद्र को लाइफटाइम अचीवमेंट फिल्मफेयर अवॉर्ड दिया गया। उनकी फिल्में आई मिलन की बेला, फूल और पत्थर, मेरा गांव मेरा देश, यादों की बारात, रेशम की डोरी, नौकर बीवी का और बेताब को फिल्मफेयर नामांकन मिला। एक साल में कई हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड धर्मेंद्र ऐसे अभिनेता हैं जिनके नाम कई हिट फिल्में देने का रिकॉर्ड है। साल 1973 में उन्होंने आठ हिट फिल्में दी थीं। साल 1987 में उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा और नौ हिट फिल्में दीं। उनके इस रिकॉर्ड को अब तक कोई भी बॉलीवुड एक्टर नहीं तोड़ सका। 300 से ज्यादा फिल्मों में किया काम धर्मेद्र के नाम एक रिकॉर्ड यह भी है कि उन्होंने बॉलीवुड की 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। साल 1960 में उन्होंने फिल्म 'दिल भी तेरा हम भी तेरे' से बॉलीवुड में कदम रखा था। फिल्मों में बेहतरीन अदाकारी की वजह से उन्हें 'ही-मैन' के नाम से जाना जाने लगा।

धर्मेंद्र नहीं रहे, बॉलीवुड के सितारे विले पार्ले श्मशान घाट पर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे

मुंबई  बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र का निधन हो गया है. धर्मेंद्र अब हमारे बीच नहीं रहे. इस खबर से बॉलीवुड जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. वह 89 साल के थे और पिछले कई दिनों से बीमार चल रहे थे. हाल ही में उन्हें मुंबई ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था, जहां उनकी हालत क्रिटिकल बनी हुई थी.परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है. विले पार्ले श्मशान घाट पर तमाम फिल्मी हस्तियां जमा हैं. धर्मेंद्र के परिवार के सारे लोग भी वहीं मौजूद हैं. इससे पहले एक एंबुलेंस धर्मेंद्र के घर से इसी श्मशान घाट पर पहुंची है. करण जौहर ने सोशल मीडिया पोस्ट लिखकर उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें लंबी श्रद्धांजलि प्रकट की है. वहीं, कई दिनों तक भरती रहने के बाद 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था. बता दें, धर्मेंद्र अगले महीने 8 दिसंबर को अपना 90वां जन्मदिन मनाने वाले थे और उनके ठीक-ठाक घर लौट आने के बाद खबर थी कि उनका पूरा परिवार एक साथ धर्मेंद्र का 90वां जन्मदिन बड़े ही धूम-धाम से मनाने वाला था. धर्मेंद्र 89 साल के थे. कुछ समय से वह उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे. 10 नवंबर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया और डॉक्टरों ने बताया था कि आगे का ट्रीटमेंट उनके घर पर ही किया जाएगा. वह जुहू में देओल बंगले में रह रहे थे, उनके बेटे सनी देओल उनके साथ थे. उनकी पहली पत्नी प्रकाश और पहली शादी से हुई बेटियां भी उनके घर पर उनके आस-पास थीं. फिल्म डायरेक्टर करण जौहर ने इंस्टाग्राम पर धर्मेंद्र के निधन को लेकर पोस्ट किया, "यह एक युग का अंत है… एक बहुत बड़ा मेगा स्टार… मेनस्ट्रीम सिनेमा में एक HERO का रूप… बहुत हैंडसम और सबसे रहस्यमयी स्क्रीन प्रेजेंस… वह इंडियन सिनेमा के एक असली लेजेंड हैं और हमेशा रहेंगे… सिनेमा के इतिहास के पन्नों में खास और शानदार तरीके से मौजूद हैं…"   300 से ज्यादा फिल्मों में किया था काम धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के सबसे सम्मानित और लोकप्रिय सितारों में से एक रहे. 7 दशकों से अधिक लंबे करियर में उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया था, जिनमें 'शोले', 'चुपके चुपके', 'सीता और गीता', 'धरम वीर' जैसी कई सुपरहिट फिल्में शामिल हैं. उनके डायलॉग्स आज भी खूब दोहराए जाते हैं, जिसमें शोले का  'बसंती इन कुत्तों के आगे मत नाचना' सबसे ज्यादा हिट रहा है. अगले महीने रिलीज होगी आखिरी फिल्म धर्मेंद्र 89 साल की उम्र में भी फिल्मों में एक्टिव थे. उन्हें कुछ वक्त पहले फिल्म 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी' और 'तेरी बातों… में ऐसा उलझा जिया' में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था. वो अब अमिताभ के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म 'इक्कीस' में भी नजर आने वाले हैं. ये एक्टर की आखिरी फिल्म है, जो इसी साल 25 दिसंबर को रिलीज होगी. अफसोस इस बात का है कि फिल्म रिलीज से पहले ही धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे.   बता दें, इसी महीने जब धर्मेंद्र हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे तो उस समय उनकी झूठी मौत की खबर फैल गई थी, जिससे उनका पूरा परिवार काफी गुस्से में नजर आया था. हेमा मालिनी से लेकर ईशा देओल.. सनी देओल सब ने अपना गुस्सा जाहिर किया था. धर्मेंद्र एक अभिनेता के साथ-साथ एक फिल्म निर्माता थे, जो मुख्य रूप से हिंदी फिल्मों में अपने काम के लिए जाने जाते रहे. धर्मेंद्र को भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे महान, सबसे खूबसूरत और व्यावसायिक रूप से सफल फिल्म सितारों में से एक माना जाता था. 65 साल के फिल्मी करियर में, उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया था और हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों में अभिनय करने का रिकॉर्ड आज भी उनके नाम है.

धर्मेंद्र अस्पताल वीडियो लीक: मास्टरमाइंड की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को मिले बड़े सुराग

मुंबई  बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 12 दिन अस्पताल में रहने के बाद बुधवार को उन्हें छुट्टी (डिस्चार्ज) मिल गई और उनका आगे का इलाज घर पर ही जारी है। इसी बीच गुरुवार को सोशल मीडिया पर एक झकझोर देने वाला वीडियो तेज़ी से वायरल हो गया जिसने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया। जिसके बाद निजी पल रिकॉर्ड करने वाला अस्पताल का कर्मचारी हिरासत में ले लिया गया है। निजी पल रिकॉर्ड करने वाला अस्पताल कर्मचारी हिरासत में वायरल हुए वीडियो में धर्मेंद्र की नाज़ुक हालत और उनके परिवार का भावनात्मक निजी पल कैद था। इस वीडियो के लीक होने पर मचे तहलके के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है। एक रिपोर्ट में अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आईसीयू में भर्ती धर्मेंद्र और उनके परिवार का निजी वीडियो चोरी से बनाया गया था और फिर उसे सोशल मीडिया पर डाल दिया गया। यह घिनौना काम अस्पताल के ही एक कर्मचारी ने किया था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उस कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है। वीडियो में दिखी थी प्रकाश कौर की मार्मिक पुकार लीक हुए वीडियो में धर्मेंद्र अस्पताल के बिस्तर पर लेटे हुए दिखाई दे रहे थे। उनके पास उनके बेटे सनी देओल, बॉबी देओल और परिवार के अन्य सदस्य (बेटियां अजीता, विजेता, पोते करण और राजवीर) खड़े थे। इस क्लिप में परिवार के सभी सदस्यों के चेहरे पर चिंता और मायूसी साफ झलक रही थी। सबसे मार्मिक पल वह था जब धर्मेंद्र की पहली पत्नी प्रकाश कौर फूट-फूट कर रोती दिखाई दे रही थीं। वह बार-बार धर्मेंद्र से "बस एक बार उठ जाओ, मेरी उम्र भी आपको लग जाए" जैसी बातें कह रही थीं। इस निजी और भावनात्मक पल को रिकॉर्ड करके लीक करने पर नेटिज़न्स ने आरोपी को खूब खरी-खोटी सुनाई थी। हेमा मालिनी ने भी दिया था स्वास्थ्य अपडेट धर्मेंद्र को सांस लेने में तकलीफ होने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान कई झूठी अफवाहें भी उड़ी थीं जिस पर उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने कड़ा एतराज़ जताते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था कि अभिनेता स्वस्थ हैं और ठीक हो रहे हैं। हेमा मालिनी ने एक इंटरव्यू में कहा था कि उनके बच्चे (सनी, बॉबी, ईशा) रात भर सो नहीं पा रहे थे इसलिए वह खुद को कमजोर नहीं पड़ने दे सकती थीं। उन्होंने खुशी व्यक्त की कि अभिनेता अब घर वापस आ गए हैं और उन्हें अपने प्यार करने वाले लोगों के बीच रहने की ज़रूरत है। फिलहाल धर्मेंद्र घर पर हैं और उनका इलाज चल रहा है। इस दौरान शाहरुख खान, सलमान खान, गोविंदा सहित कई सितारे उनसे मिलने अस्पताल पहुंचे थे।  

धर्मेंद्र की तबीयत पर चिंता, हेमा मालिनी और सनी देओल ने मीडिया को लगाई फटकार

मुंबई   बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र 11 दिनों के बाद बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर पहुंच गए हैं. अस्पताल से घर पहुंचने की इस खबर ने लोगों के चेहरे पर खुशी ला दी. लेकिन अभी धर्मेंद्र पूरी तरह ठीक नहीं हैं. धरम पाजी की सेहत को लेकर उनके परिवार और डॉक्टर दोनों ने शेयर की. उनके डॉ. प्रतित समदानी ने बताया था कि 89 साल के धर्मेंद्र को डिस्चार्ज किया गया है और अब उनका इलाज और रिकवरी घर पर ही चलेगी. हेमा मालिनी ने इस मुश्किल वक्त पर अपनी भावनाओं को शेयर किया. उन्होंने ही-मैन का हेल्थ अपडेट के साथ घरवालों का हाल भी बताया. धर्मेंद्र अस्पताल में जब तक भर्ती रहे. तब तक पूरा देओल परिवार एक दिखा. सनी-बॉबी से लेकर ईशा और हेमा मालिनी सभी अस्पताल में उनके लिए आते-जाते नजर आए. 11 दिनों के बाद अब धरम पाजी घर पहुंच गए हैं. उनके घर पहुंचने के बाद जहां रिश्तेदारों और सिनेमा इंडस्ट्री से जुड़े लोगों का आना जाना लगा हैं. वहीं, अब हेमा मालिनी धर्मेंद्र को लेकर एक भावुक बयान दिया है. बॉलीवुड के ही-मैन धर्मेंद्र पिछले कुछ दिनों से अपनी तबीयत को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने हुए हैं। धर्मेंद्र को बीते सोमवार को खराब तबीयत के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसके बाद से ही धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर अलग-अलग दावे किए जा रहे थे। परिवार ने मीडिया और पैप्स से प्राइवेसी देने का अनुरोध किया था। हालांकि, इसके बाद भी धर्मेंद्र को लेकर सोशल मीडिया पर खबरें चल रही थीं। अब पैप्स पर सनी देओल का गुस्सा फूटा है। पैप्स पर फूटा सनी देओल का गुस्सा सोशल मीडिया पर सनी देओल का एक वीडियो सामने आया है। दावा किया जा रहा है कि ये वीडियो सनी देओल के घर के बाहर का है। सनी देओल जैसे ही पैप्स को घर के बाहर पाते हैं उनका पारा चढ़ जाता है। सनी देओल कहते हैं- आप लोगों को शर्म आनी चाहिए…आपके घर में मां-बाप हैं, बच्चे हैं…चू*** (गाली) की तरह वीडियो किए जा रहे हो। शर्म नहीं आती? क्या बोले सोशल मीडिया यूजर्स सनी देओल के इस वीडियो पर सोशल मीडिया यूजर्स के रिएक्शन भी आए हैं। एक यूजर ने लिखा- सनी देओल ने सही किया है। एक दूसरे यूजर ने लिखा- सनी देओल का गुस्सा जायज है। एक ने लिखा- मेरी तरफ से दो गाली और दे दो सर जी। एक यूजर ने लिखा- पाजी ने बिल्कुल सही कहा। एक ने लिखा- भाई, उन्हें अकेला छोड़ल दो, उनके पिता की तबीयत ठीक नहीं है। बता दें, 10 नवंबर को अस्पताल में भर्ती हुए धर्मेंद्र को 13 नवंबर को डिसचार्ज किया गया। उन्हें अस्पताल से घर लाया गया। परिवार की तरफ से आधिकारिक बयान में कहा गया कि धर्मेंद्र की देखरेख घर में की जाएगी। वहीं, परिवार ने मीडिया और लोगों से उन्हें प्राइवेसी देना का अनुरोध किया। ‘मेरे लिए आसान समय नहीं’ हेमा मालिनी ने सुभाष के झा के साथ इस मुश्किल वक्त पर अपनी भावनाएं साझा कीं. हेमा ने कहा- ‘यह मेरे लिए आसान समय नहीं रहा. धरम जी की सेहत हमारे लिए बड़ी चिंता का विषय है. उनके बच्चों की रातों की नींद उड़ी हुई है. ऐसे कठिन में मैं कमजोर नहीं पड़ सकती, क्योंकि मेरे ऊपर कई जिम्मेदारियां हैं… लेकिन हां, मैं खुश हूं कि वे घर लौट आए हैं. हम राहत महसूस कर रहे हैं कि वे अस्पताल से बाहर हैं. इस समय उन्हें उन लोगों के बीच रहना चाहिए, जिन्हें वे प्यार करते हैं. बाकी तो सब ऊपर वाले के हाथ में है।. कृपया हमारे लिए प्रार्थना कीजिए.’

धर्मेंद्र के स्वास्थ्य में सुधार: 89 साल के अभिनेता हुए अस्पताल से घर वापस

मुंबई   बॉलीवुड के धुरंधर ‘धर्म पाजी’ यानी धर्मेंद्र ने एक बार फिर अपनी जिंदादिली का लोहा मनवाया. 89 साल की उम्र में मौत की अफवाहों को धूल चटाते हुए वे बुधवार सुबह मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल से डिस्चार्ज होकर घर लौट आए हैं. सुबह-सुबह बॉबी देओल अस्पताल में पहुंचे, जिसका वीडियो वायरल हुआ और थोड़ी ही देर बाद ये खबर आई कि धर्मेंद्र डिस्चार्ज हो गए हैं. धर्मेंद्र को इस महीने की शुरुआत यानी 1 नवंबर को सांस लेने में तकलीफ के बाद अस्पताल पहुंचे थे. शुरुआत में इसे रूटीन चैकअप करार दिया गया, लेकिन फिर बताया गया कि सांस लेने में उन्हें तकलीफ हो रही है, जिसके चलते वो डॉक्टरों की निगरानी में हैं. बाद में  ICU और वेंटिलेटर का जिक्र आया और उनकी  मौत की अफवाहें उड़ीं. लेकिन उनकी दूसरी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया पर इस बात का खंडन करते हुए गुस्सा जाहिर किया था. एंबुलेंस से पहुंचे घर ही-मैन को एंबुलेंस के जरिए उनके घर भेजा गया, जिसका वीडियो भी सामने आया है. इंस्टैंट बॉलीवुड ने अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर ये वीडियो शेयर किया है, जिसमें धर्मेंद्र को एंबुलेंस से उनके घर ले जाया जा रहा है. इस खबर से फैंस बेहद खुश हैं और उनके जल्द से जल्द पूरी तरह ठीक होने की दुआएं मांग रहे हैं. सुबह 7.30 पर दी गई अस्पताल से छुट्टी डॉ. प्रतित समदानी ने ‘पीटीआई’ को बताया, धर्मेंद्र जी को सुबह करीब साढ़े सात बजे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. उनका इलाज घर पर ही किया जाएगा क्योंकि परिवार ने उन्हें घर पर ही इलाज देने का फैसला किया है. सुबह-सुबह अस्पताल पहुंचे थे बॉबी धर्मेंद्र के डिस्चार्ज होने से पहले बॉबी देओल सुबह-सुबह अस्पताल पहुंचे थे. उनके अस्पताल पहुंचने के कुछ देर बाद ही धर्मेंद्र एम्बुलेंस से घर के लिए रवाना हो हुए. 89 साल के धर्मेंद्र की देख-रेख अब घर में ही आगे होगा.

सनी देओल ने बताया पिता धर्मेंद्र की सेहत की स्थिति, परिवार ने दिया अपडेट

मुंबई  बॉलीवुड इंडस्ट्री के हीमैन और दिग्गज एक्टर धर्मेंद्र इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं. सोमवार को अचानक बतीयत बिगड़ने के बाद उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया था. धर्मेंद्र डॉक्टर्स की निगरानी में हैं. उनका इलाज चल रहा है. धर्मेंद्र की सेहत को लेकर देशभर के लोग चिंता में हैं. हर कोई दिग्गज एक्टर के जल्द से जल्द ठीक होने की दुआएं कर रहा है.  सनी देओल की टीम ने दिया धर्मेंद्र का हेल्थ अपडेट सनी देओल की टीम ने अब धर्मेंद्र की हेल्थ को लेकर नया अपडेट दिया है. टीम का कहना है कि ट्रीटमेंट के बाद धर्मेंद्र की सेहत में सुधार आ रहा है. वो रिकवर कर रहे हैं. मंगलवार की दोहपर सनी देओल की टीम ने ऑफिशियल बयान जारी करके कहा- सर (धर्मेंद्र) रिकवर कर रहे हैं और उन्हें दिए जा रहे ट्रीटमेंट पर रिस्पॉन्ड भी कर रहे हैं. उनकी अच्छी सेहत और लंबी उम्र के लिए दुआ करिए.  बेटे संग पिता धर्मेंद्र से मिलने पहुंचे सनी देओल सनी देओल पिता से मिलने के लिए ब्रीच कैंडी अस्पताल पहुंचे हैं. उनके साथ उनके बेटे करण देओल भी दिखाई दिए. दोनों काफी परेशान नजर आए.   अस्पताल पहुंची ईशा देओल आज सुबह पिता का हेल्थ अपडेट देने के बाद ईशा देओल और हेमा मालिनी दोनों धर्मेंद्र से मिलने अस्पताल पहुंचीं. अस्पताल के बाहर ईशा और हेमा मालिनी का स्पॉट किया गया. उनके चेहरे पर उदासी नजर आई.   इमोशनल हुए बॉबी देओल बॉबी देओल पिता धर्मेंद्र से मिलने अस्पताल पहुंचे हैं. गाड़ी में वो इमोशनल होते नजर आए. फैंस बॉबी को हिम्मत रखने की सलाह दे रहे हैं. बता दें कि धर्मेंद्र के घर के बाहर की सिक्योरिटी बढ़ा दी गई है. ब्रीच कैंडी अस्पताल के बाहर भी मुंबई पुलिस की टाइट सिक्योरिटी देखने को मिल रही है.  धर्मेंद्र को क्या हुआ? 89 साल के धर्मेंद्र उम्र संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं. सोमवार (10 नवंबर) को उन्हें सांस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था. 10 दिन पहले भी वो हॉस्पिटल में एडमिट हुए थे. एक्टर की सलामती को लेकर देशभर में दुआएं की जा रही हैं.  शानदार रहा धर्मेंद्र का फिल्मी सफर धर्मेंद्र हिंदी सिनेमा के उन रोशन सितारों में से एक हैं, जिनकी चमक हमेशा बरकरार रहेगी. उन्होंने अपने कई दशकों के लंबे करियर में एक से बढ़कर एक ब्लॉकबस्टर फिल्में की हैं. उनकी कई फिल्में एवरग्रीन साबित हुईं, जैसे शोले, सीता और गीता, धरम वीर. धर्मेंद्र की दमदार शख्सियत के साथ, उनकी एक्टिंग, उनकी डायलॉग डिलीवरी और उनके अंदाज ने हमेशा फैंस को अपना दीवाना बनाया. बच्चे, बूढ़े या फिर नौजवान…धर्मेंद्र हर उम्र के लोगों के दिल में उतर गए. उन्हें फैंस का हमेशा बेशुमार प्यार मिला है. धर्मेंद्र बॉलीवुड के सबसे चहेते स्टार्स में से एक हैं. अमिताभ के नाती संग की आखिरी फिल्म फिल्मों के लिए उनके प्यार का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि उम्र के आखिरी पड़ाव तक, वो एक्टिग में एक्टिव रहे. उनकी आखिरी फिल्म इक्कीस है, जिसमें उन्होंने अमिताभ बच्चन के नातिन अगस्त्य नंदा संग काम किया है. ये फिल्म इसी साल 25 दिसंबर को रिलीज होने वाली है. 

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत फिर बिगड़ी, ब्रीच कैंडी अस्पताल में एडमिट

मुंबई   फिल्म अभिनेता धर्मेंद्र अस्पताल में भर्ती हैं. वे वेंटिलेटर पर हैं. वे लगभग 90 साल के हैं. वे उम्र संबंधी समस्याओं से पीड़ित हैं. एक्टर के फैंस उन्हें लेकर चिंतित हो रहे हैं और उनकी बेहतर सेहत की कामना कर रहे हैं. सुपरस्टार की सेहत दिन-ब-दिन खराब हो रही है. सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र को कुछ दिनों पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उन्हें शुरुआत में नियमित जांच के लिए भर्ती किया गया था, लेकिन उनकी उम्र संबंधी जटिलताओं के कारण परेशान बढ़ गई है. आज सुबह डॉक्टरों ने देखा कि धर्मेंद्र की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई है. इसके बाद किसी भी जोखिम को टालते हुए उन्हें तुरंत आईसीयू वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया. हालांकि, अब धर्मेंद्र की टीम का कहना है कि वह डॉक्टरों की निगरानी में हैं और चिंता की कोई बात नहीं है. वह ठीक हो रहे हैं और ऐसी रिपोर्टें हमेशा की तरह अफवाहें हैं. परिवार का नहीं आया आधिकारिक बयान धर्मेंद्र फिलहाल इलाज पर रिएक्शन दे रहे हैं. धर्मेंद्र की तबीयत स्थिर रखने के लिए डॉक्टरों की एक टीम लगातार उन पर नजर रख रही है. सूत्रों से यह चिंताजनक जानकारी मिलने के बावजूद, धर्मेंद्र की तबीयत पर उनके परिवार या अस्पताल की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है. 60 सालों से सिनेमा में सक्रिय धर्मेंद्र के फैंस उन्हें प्यार से ‘ही-मैन’ कहते हैं. वे छह दशकों से हिंदी सिनेमा में एक्टिव हैं. उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है. धर्मेंद्र ने 1960 में ‘दिल भी तेरा हम भी तेरे’ फिल्म से डेब्यू किया था. उन्होंने 1960 के दशक में ‘आई मिलन की बेला’, ‘फूल और पत्थर’ और ‘आए दिन बहार के’ जैसी फिल्मों से लोकप्रियता पाई थी. धर्मेंद्र के नाम हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों में अभिनय करने का रिकॉर्ड है. उन्होंने 1973 में आठ हिट फिल्में दीं और 1987 में धर्मेंद्र ने लगातार सात हिट फिल्में जो हिंदी सिनेमा के इतिहास में अब भी एक रिकॉर्ड है. उन्हें 2012 में भारत सरकार ने पद्म भूषण से सम्मानित किया था.