samacharsecretary.com

700 करोड़ क्लब में शामिल हुई धुरंधर, 13वें दिन कलेक्शन ने तोड़े रिकॉर्ड

मुंबई फिल्म ‘धुरंधर’ इस समय बॉक्स ऑफिस में धमाके पे धमाका कर रही है. कई बड़े-बड़े दिग्गज स्टार्स भी आदित्य धर द्वारा निर्देशित इस फिल्म की तारीफ कर रहे हैं. फिल्म ने दो हफ्तों में ही बॉक्स ऑफिस के कई बड़े रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है और इसी के साथ ये फिल्म साल 2025 में सबसे कम समय में इतना कमाने वाली पहली फिल्म बन गई है. 13 दिनों में फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई का आकंड़ा 700 करोड़ के करीब जा पहुंचा है. बता दें कि ‘धुरंधर’ ने पहले वीकेंड की तुलना में दूसरे वीकेंड पर बंपर कमाई किया है. Sacnilk की रिपोर्ट के मुताबिक, 280 करोड़ के बजट में बनी ‘धुरंधर’ ने रिलीज के 13वें दिन 25.50 करोड़ रुपये की कमाई किया है. इसकी साथ भारत में इस फिल्म ने अब तक 437.25 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है. विदेशों से किया इतने का कलेक्शन वहीं, इस फिल्म के वर्ल्डवाइड कमाई के आंकड़ों की बात करें, तो विदेशों में भी इस फिल्म ने शानदार प्रदर्शन किया है. ‘धुरंधर’ ने 12 दिनों में 634 करोड़ रुपये की कमाई किया और अब 13 दिनों में ये आकंड़ा 700 करोड़ के करीब जा पहुंचा है. फिल्म ने केवल ओवरसीज मार्केट से 150 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है. वहीं, अब इस फिल्म को इस वीकेंड फिल्म अवतार: फायर एंड एश से कड़ी टक्कर मिल सकती है. फिल्म की दमदार स्टारकास्ट फिल्म ‘धुरंधर’ के स्टारकास्ट की बात करें तो ये काफी दमदार है. फिल्म में रणवीर सिंह  के अलावा सारा अर्जुन, संजय दत्त , आर. माधवन , अक्षय खन्ना, राकेश बेदी  और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकार ने भी काम किया है. हर स्टार ने फिल्म में एक अलग ही जान डाला है. वही, ये फिल्म अक्षय खन्ना के लिए भी काफी लकी साबित हुई है.

पाकिस्तान में प्रतिबंध बेअसर! ‘धुरंधर’ की गुपचुप धूम, ISI के हाथ से फिसला कंट्रोल

इस्लामाबाद  पाकिस्तान और कुछ खाड़ी देशों में प्रतिबंध के बावजूद भारतीय फिल्म ‘धुरंधर’ पाकिस्तान में एक अंडरग्राउंड सनसनी बन चुकी है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के तमाम प्रयासों के बावजूद फिल्म को डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रोकने में पूरी तरह नाकामी हाथ लगी है। 1999 कंधार विमान अपहरण, 26/11 मुंबई आतंकी हमले और ल्यारि गैंग वॉर जैसे संवेदनशील मुद्दों पर आधारित यह फिल्म पाकिस्तान की सत्ता और सैन्य प्रतिष्ठान को रास नहीं आ रही। इसी वजह से वहां इसके प्रदर्शन पर प्रतिबंध लगाया गया, लेकिन इसका उलटा असर देखने को मिला।  सूत्रों के अनुसार, सिर्फ दो हफ्तों में पाकिस्तान में फिल्म के 20 लाख से अधिक अवैध डाउनलोड हो चुके हैं। ‘धुरंधर’ पाकिस्तान की अब तक की सबसे ज्यादा पायरेटेड फिल्म बन गई है, जिसने ‘2.0’ और ‘रईस’ जैसी फिल्मों को भी पीछे छोड़ दिया। ISI की डिजिटल हार ISI इंटरनेट पर निगरानी के बावजूद टोरेंट्स, टेलीग्राम चैनल, VPN और अंडरग्राउंड स्ट्रीम्स को रोकने में असफल रही है। डार्क वेब विशेषज्ञों द्वारा श्रीलंका, नेपाल और मलेशिया के सर्वरों का इस्तेमाल कर पाकिस्तान में फिल्म पहुंचाई जा रही है। फिल्म में ल्यारि की हिंसक सच्चाई दिखाए जाने से पाकिस्तान में खासा आक्रोश है। सिंध सरकार के सूचना मंत्री शरजील इनाम मेमन ने इसे भारत का “नकारात्मक प्रचार” बताते हुए जनवरी में ‘मेरा ल्यारि’ नामक फिल्म रिलीज़ करने की घोषणा की है। कानूनी पैंतरे पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) ने कराची कोर्ट में याचिका दाखिल कर दिवंगत बेगम बेनजीर भुट्टो की तस्वीरों के इस्तेमाल पर आपत्ति जताई है और फिल्म के कलाकारों व निर्माताओं के खिलाफ FIR की मांग की है। फिल्म में रणवीर सिंह एक भारतीय जासूस की भूमिका में हैं, जो पाकिस्तान के ल्यारि इलाके में घुसकर ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करता है। फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर. माधवन, अर्जुन रामपाल और राकेश बेदी भी अहम भूमिकाओं में हैं।  विशेषज्ञों के अनुसार, प्रतिबंध के बावजूद बढ़ती लोकप्रियता यह साबित करती है कि पाकिस्तान इस नैरेटिव पर रक्षात्मक स्थिति में है, और यही भारत की सबसे बड़ी मनोवैज्ञानिक जीत है।  

तैयारी के बीच सुकून का पल: टीम इंडिया ने लखनऊ में थिएटर जाकर फिल्म का आनंद लिया

 लखनऊ भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की सीरीज का चौथा और अहम मुकाबला आज लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मुकाबले से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी रिलैक्स मूड में नजर आए. व्यस्त मैच शेड्यूल के बीच भारतीय टीम ने मूवी ब्रेक लिया और रणवीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ देखी. खिलाड़ियों की मौजूदगी से मॉल में हलचल जरूर बढ़ी, लेकिन कड़ी सुरक्षा के चलते सब कुछ शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ. लखनऊ में टीम इंडिया ने मैच की तैयारियों के बीच थोड़ा सुकून भरा वक्त बिताया. भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी इकाना स्टेडियम के पास स्थित फीनिक्स पलासियो मॉल पहुंचे, जहां उन्होंने रात 10:30 बजे का शो देखा और रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर’ का आनंद लिया. खिलाड़ियों की मौजूदगी से हॉल में दिखी उत्सुकता सबसे पहले मॉल पहुंचने वाले खिलाड़ियों में टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल और अभिषेक शर्मा शामिल थे. इसके कुछ समय बाद टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, अन्य खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ भी वहां पहुंचे. खिलाड़ियों की मौजूदगी से मॉल में उत्सुकता और हलचल का माहौल देखने को मिला. सुरक्षा व्यवस्था रही बेहद सख्त हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रखी गई थी. सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में पूरी मूवी विजिट शांतिपूर्वक संपन्न हुई और किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हुई. टीम इंडिया के मूवी ब्रेक की खबर फैलते ही क्रिकेट फैंस के बीच भी खासा उत्साह देखा गया. टीम इंडिया का आज मुकाबला साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेला जाना है. इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर लखनऊ में पहले से ही क्रिकेट का माहौल बना हुआ है, जो खिलाड़ियों की इस सार्वजनिक मौजूदगी के बाद और ज्यादा गर्म हो गया है. सुरक्षा कारणों को देखते हुए टीम इंडिया और साउथ अफ्रीका की टीम को हयात होटल में ठहराया गया है. होटल परिसर में डॉग स्क्वॉड और बम स्क्वॉड की मदद से सुरक्षा जांच की गई है और पूरे इलाके पर कड़ी नजर रखी जा रही है.

कमाई का नया इतिहास: धुरंधर ने 12 दिनों में रचे 12 महा रिकॉर्ड, रणवीर सिंह की मूवी रही सबसे आगे

मुंबई आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी फिल्म धुरंधर ब्लॉकबस्टर हो चुकी है। मूवी रणवीर सिंह के करियर के लिए माइलस्टोन बन गई है। भारत के साथ इंटरनैशनल बॉक्स ऑफिस पर धुरंधर को तगड़ा रिस्पॉन्स मिल रहा है। धुरंधर अब तक कई रिकॉर्ड्स तोड़ चुकी है। इनमें से कई तो खुद रणवीर सिंह की पुरानी ग्रॉसर फिल्मों के हैं। 16 दिसंबर 2025 तक फिल्म ने 12 बड़े रिकॉर्ड्स तोड़े डाले हैं। यहां देखते हैं किन फिल्मों को धुरंधर ने अब तक धूल चटा दी है। धुरंधर को जबरदस्त वर्ड ऑफ माउथ मिल रहा है। इस वजह से हर दिन थिएटर्स में भीड़ जुट रही है। इंट्रेस्टिंग बात ये है कि धुरंधर की रिलीज के बाद दूसरे वीक में कई रिकॉर्ड्स टूटे हैं। आइए पहले इन पर नजर डालते हैं। सेकंड वीक में धुरंधर ने किया धुआं धुरंधर ने 16 दिसंबर तक सिर्फ दूसरे हफ्ते में 204 करोड़ रुपये कमाई की है। यह पहली हिंदी फिल्म है जिसके नाम ये अचीवमेंट है। सबसे बड़ा सेकंड वीकेंड धुरंधर में सेकंड वीकेंड यानी रिलीज होने के बाद दूसरे फ्राइडे से संडे तक 143.50 करोड़ रुपये की कमाई की है। पुष्पा 2 ने 136 करोड़ रुपये कमाए थे। धुरंधर के नाम कमाई के मामले में सबसे बड़े सेकंड वीकेंड का भी रिकॉर्ड है। सबसे बड़ा सेकंड मंडे धुरंधर ने सोमवार को 11वें दिन 31.8 करोड़ रुपये कमाए, इसने बाहुबली 2 के 8 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। बाहुबली की सेकंड मंडे में 16.75 करोड़ रुपये कमाई हुई थी। सबसे बड़ा सेकंड ट्यूजडे 16 दिसंबर को धुरंधर ने करीब 30 करोड़ रुपये कमा लिए जो अब तक किसी भी हिंदी फिल्म के लिए दूसरे मंगलवार की सबसे बड़ी कमाई है। रणवीर सिंह के करियर की सबसे बड़ी हिट रणवीर सिंह की फिल्म पद्मावत का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 585 करोड़ रुपये था। अब धुरंधर इस कलेक्शन को वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर पार कर चुकी है। रणवीर सिंह का सबसे बड़ा ओपनिंग वीक फिल्म ने ओपनिंग वीक में 207.25 करोड़ रुपये कमाए, ये रणवीर सिंह की किसी भी फिल्म के पहले हफ्ते की सबसे ज्यादा कमाई है। सबसे तेज 400 करोड़ कमाने वाली फिल्म धुरंधर ने मात्र 12 दिनों में 400 करोड़ रुपये (भारत में नेट) का आंकड़ा पार किया। ओपनिंग से बड़ा मंडे धुरंधर ने 11वें दिन 31.8 करोड़ रुपये कमाई की। पहले मंडे मूवी का कलेक्शन 28.6 करोड़ था। आदित्य धर की सबसे बड़ी हिट डायरेक्टर आदित्य धर की सबसे बड़ी हिट उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक ने 244 करोड़ रुपये की कमाई की थी। धुरंधर इसका रिकॉर्ड तोड़कर आदित्य धर की सबसे बड़ी फिल्म बन चुकी है। 2025 की सबसे बड़ी A रेटेड फिल्म धुरंधर साल 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 'A' सर्टिफिकेट वाली फिल्म बन गई है। 7वें दिन बड़ी A रेटेड फिल्म धुरंधर ने 7वें दिन 27 करोड़ कमाए। इसके साथ ही यह 7वें दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली A रेटेड फिल्म बन चुकी है। इन बड़ी फिल्मों को छोड़ा पीछे धुरंधर 16 दिसंबर तक दंगल, सालार, टाइगर 3 और सैायारा को पीछे कर चुकी है। दंगल- 387 करोड़ (इंडिया नेट) सालार- 406 करोड़ (इंडिया नेट) टाइगर 3- 462 करोड़ -(वर्ल्डवाइड) सैयारा- 569 करोड़ – (वर्ल्डवाइड) धुरंधर का बजट बता दें कि धुरंधर का बजट 250 करोड़ है और यह ऑल-टाइम ब्लॉकबस्टर हो चुकी है। धुरंधर का सीक्वल 19 मार्च 2026 तक आने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसका टाइटल धुरंधर पार्ट-2 रिवेंज है।

धुरंधर’ ने बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल, सातवें दिन 200 करोड़ क्लब में की एंट्री

मुंबई  रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ इस साल की मोस्ट अवेटेड फिल्मों में से एक है. रिलीज होने के बाद फिल्म ने जबरदस्त परफॉर्म करते हुए धूम मचा दी है. बॉक्स ऑफिस पर स्पाई थ्रिलर फिल्म एकतरफा राज कर रही है और हर दिन अंधाधुंध बिजनेस हो रहा है. तीन दिनों में ही ‘धुरंधर’ ने 100 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था. आदित्य धर की इस फिल्म ने रिलीज के पहले ही हफ्ते में ही भारत में डबल सेंचुरी लगा दी है. जानिए धुरंधर फिल्म ने भारत में अब तक कितने करोड़ का बिजनेस कर लिया है. ‘धुरंधर’ साल 2025 की हाईएस्ट ग्रोसिंग फिल्मों में से एक बन गई है. दर्शक इस मूवी पर भर-भरकर प्यार लुटा रहे हैं और इसका असर बॉक्स ऑफिस पर साफ नजर आ रहा है. फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर गुरुवार को भी बेहतरीन प्रदर्शन किया और एक हफ्ते मे ही में 200 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया है. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के ताजा अपडेट के अनुसार, ‘धुरंधर’ ने रिलीज के सातवें दिन 27 करोड़ की कमाई की, जिससे फिल्म का भारत में टोटल कलेक्शन 207.25 करोड़ हो गया है. भारत में ‘धुरंधर’ का कलेक्शन (करोड़ में)     पहला दिन -28 करोड़     दूसरा दिन- 32 करोड़     तीसरा दिन-43 करोड़     चौथा दिन- 23.25 करोड़     पांचवां दिन- 27 करोड़     छठा दिन- 27 करोड़     सातवां दिन- 27 करोड़ (अर्ली एस्टीमेट)     टोटल- 207.25 करोड़ ‘धुरंधर’ ने इन बॉलीवुड फिल्मों को छोड़ा पीछे रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ पहले ही बॉलीवुड की कई बड़ी फिल्मों के लाइफटाइम कलेक्शन को पीछे छोड़ चुकी है- जैसे ‘सिकंदर’ (109.83 करोड़) और ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ (153.55 करोड़). इस लिस्ट में अजय देवगन की ‘रेड 2’ भी शामिल है, जिसने 173.05 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था. पाकिस्तान के ल्यारी टाउन में सेट है ‘धुरंधर’ की कहानी बताते चलें कि ‘धुरंधर’ एक स्पाई थ्रिलर है, जिसकी कहानी पाकिस्तान के ल्यारी टाउन में सेट की गई है. इसमें रणवीर भारतीय जासूस की भूमिका निभा रहे हैं, जो ल्यारी में मौजूद आतंकी नेटवर्क में घुसपैठ करता है. उन्होंने हमजा अली मजारी का किरदार निभाया है. फिल्म में संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और आर. माधवन भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. फिल्म का दूसरा पार्ट अगले साल 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. इस फिल्म को आदित्य धर ने लिखा और डायरेक्ट किया है.

रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ ने 150 करोड़ की कमाई की, OTT राइट्स के लिए हुई बड़ी डील

मुंबई  रणवीर सिंह, अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और सारा अर्जुन स्टारर मूवी धुरंधर ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है. हर दिन ये मूवी करोड़ों का बिजनेस कर रही है. धुरंधर ने अभी तक 150 करोड़ का इंडिया में कारोबार कर लिया है. पॉजिटिव वर्ड माउथ का इसे फायदा मिला है. लंबे समय बाद रणवीर सिंह को बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट मिली है. कितने में बिके धुरंधर के डिजिटल राइट्स? फिल्म के ओटीटी स्ट्रीमिंग राइट्स नेटफ्लिक्स ने खरीदे हैं. जानकारी के मुताबिक, नेटफ्लिक्स ने धुरंधर के दोनों पार्ट्स को 130 करोड़ में खरीदा है. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, नेटफ्लिक्स ने धुरंधर के दोनों पार्ट्स के स्ट्रीमिंग राइट्स के लिए 130 करोड़ दिए हैं. मतलब करीबन 65 करोड़ एक पार्ट के लिए दिए. सूत्रों के अनुसार, आज के समय में जब OTT की कीमतें काफी नीचे आ गई हैं, उसे देखते हुए ये बहुत बड़ी रकम है. ये रणवीर सिंह के लिए भी बहुत बड़ी डील है, क्योंकि ये उनकी अब तक की सबसे बड़ी OTT डील है.  जनता के बीच छाई धुरंधर धुरंधर 5 दिसंबर को थिएटर्स में रिलीज हुई थी. फिल्म के हर किरदार ने अपने काम से दर्शकों को इंप्रेस किया है. धुरंधर के सेकंड पार्ट की पुष्टि हो चुकी है. इसे 19 मार्च 2026 में रिलीज किया जाएगा. धुरंधर एक स्पाई एक्शन थ्रिलर मूवी है. आने वाले शुक्रवार को धुरंधर की टक्कर कपिल शर्मा की रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 'किस किसको प्यार करूं 2' से होगी. हालांकि ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि रणवीर की फिल्म को इस मूवी की रिलीज से ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा. हां, कपिल की फिल्म के बिजनेस को जरूर झटका लग सकता है.  धुरंधर में रणवीर सिंह की जोड़ी उनसे 20 साल छोटी सारा अर्जुन संग बनी है. सारा साउथ इंडस्ट्री के स्टार राज अर्जुन की बेटी हैं. वो बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट इंडस्ट्री में पहले भी काम कर चुकी हैं. अब बतौर लीड एक्ट्रेस वो सिल्वर स्क्रीन पर छा गई हैं. धुरंधर में उन्होंने भी शानदार काम किया है. उम्र में बड़े रणवीर संग उनकी केमिस्ट्री को पसंद किया जा रहा है.

रणवीर सिंह–अक्षय खन्ना की परफॉर्मेंस ने जीता दिल, सोशल मीडिया पर हुई वाहवाही

मुंबई 'ये नया हिंदुस्तान है, घर में घुसेगा भी मारेगा भी', बस इतनी सी कहानी है इस फिल्म की लेकिन इसको पिरोया बड़े ही करीने से गया है। निर्देशक, कलाकारों और कहानी पर की गई ये मेहनत जब आप सिनेमाघरों में देखते हैं तो आप सीट से चिपके रहते हैं। फिल्म किस बारे में है? इसमें क्या क्या दिखाया गया है ? चलिए जानते हैं.. कहानी इतनी कसी की साढ़े तीन घंटे यूं गुजर गए फिल्म शुरू होती है कंधार हाईजैक की घटना से। आतंकवादियों की इस हरकत पर भारत के आईबी चीफ अजय सान्याल (आर माधवन) तगड़ा जवाब देना चाहते थे, पर सरकार ने उनके प्लान को नजर अंदाज कर दिया। इसके कुछ साल बाद आतंकवादी संसद हमले को अंजाम देते हैं, तब जाकर सरकार अजय सान्याल के प्लान 'धुरंधर' पर काम करने के लिए सहमत होती है। प्लान के तहत हमजा (रणवीर सिंह) को अफगानिस्तान के रास्ते पाकिस्तान भेजा जाता है। यहां जाकर उसका पहला काम रहमान डकैत (अक्षय खन्ना) की गैंग में शामिल होना है। रहमान के बेटे को बचाने की कोशिश करके वो उसकी गैंग का हिस्सा बन जाता है। इसी बीच हमजा वहां की हुकूमत के खास जमील यमाली (राकेश बेदी) की बेटी एलीना (सारा अर्जुन) को अपने फायदे के लिए प्यार में फंसा लेता है। आगे काम के सिलसिले में रहमान के साथ हमजा की मुलाकात आईएसआई चीफ मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) से होती है। इकबाल, हमजा की आंखों के सामने ही 26/11 मुंबई हमले को अंजाम देता है। दूसरी तरफ सियासत के लालच में जमील यमाली, एसपी चौधरी असलम (संजय दत्त) को रहमान डकैत को मारने का ऑफर देता है। अब क्या हमजा रहमान को बचाएगा? क्या रहमान और पाकिस्तान की हुकूमत को हमजा की सच्चाई पता चल जाएगी ? हमजा और एलीना की प्रेम कहानी का क्या अंजाम होगा? ये जानने के लिए 3 घंटे 30 मिनट की यह फिल्म देखनी होगी।  फिल्म की कास्टिंग इतनी शानदार है कि आप इसे देखते हुए कई बार चौंकेंगे। शुरुआत आर माधवन से होती है। उनके सीन थोड़े कम हैं लेकिन जितने हैं उतने उनके जैसे कलाकार के लिए काफी हैं। उनके एक्सप्रेशन सब कह जाते हैं। रणवीर सिंह वैसे कितने ही मजाकिया क्यों न हों पर फिल्म में उन्होंने जो किया है, आप उनके फैन हो जाएंगे। वो बोले कम हैं पर उनका काम आप पर असर ज्यादा करेगा। फिल्म के हर सीन की जरूरत के हिसाब से वो खुद को बड़े ही अच्छे से ढालते हैं। अक्षय खन्ना का फिल्म में बड़ा रोल है। 'छावा' में वो पल भर के लिए दिखते थे, यहां वो बार-बार और काफी वक्त तक दिखेंगे। अभिनय तो उनका हमेशा से ही तगड़ा रहा है, पर इस फिल्म में वो हैंडसम भी दिखे हैं। कई बार 90 के दशक के अक्षय खन्ना की भी याद आती है। सारा अर्जुन को फिल्म में 19 साल का ही दिखाया गया है। उन्होंने अपने किरदार के साथ न्याय किया है। उनकी मासूमियत और खूबसूरती परदे पर दिखती है। संजय दत्त का रोल बाकियों के मुकाबले छोटा है पर वो असरदार है। उनकी एंट्री मजेदार है और डायलॉग्स भी। अर्जुन रामपाल को ट्रेलर में देखकर खौफ लगा था, फिल्म में देखकर भी लगेगा। उनका काम ठीक ठाक और रोल उम्मीद से थोड़ा कम है। राकेश बेदी फिल्म की आन बान और शान हैं। उन्होंने गिरगिट जैसा मुश्किल किरदार बड़े ही प्यार से निभाया। वो ही आपको पूरी फिल्म में हंसाते हैं। इन सबके अलावा छोटे रोल में मानव गोहिल, सौम्या टंडन और बाकी सभी कलाकारों का काम बेहतरीन है। निर्देशक की पैनी नजर है फिल्म की ताकत निर्देशक और लेखक आदित्य धर इससे पहले विक्की कौशल अभिनीत 'उरी' का निर्देशन कर चुके हैं। उस फिल्म की तरह इस फिल्म में भी उन्होंने दर्शकों की नब्ज नहीं छोड़ी। आदित्य ने छोटी-छोटी बारीकियों पर बखूबी ध्यान दिया। पाकिस्तान का माहौल अच्छे से बनाया। कई सीन खौफनाक हैं और वो आपको अंदर तक महसूस होते हैं। कलाकारों के लुक और मेकअप पर जमकर मेहनत हुई है। छोटे-छोटे किरदार भी मंझे हुए कलाकारों से करवाए ताकि कोई कमी न रहे। इतनी लंबी फिल्म में अक्सर निर्देशक कोई न कोई गलती कर ही जाते हैं, पर यहां कोई कमी नहीं है। तारीफ करनी होगी इस बात की कि इतनी सीरियस फिल्म के अंदर भी वह कई कॉमेडी सीन ले आते हैं और फिल्म कहीं भी हल्की भी नहीं होती। फिल्म की रफ्तार बीच में एक दो जगह कम होती है पर यह खटकती नहीं क्योंकि यह कहानी की जरूरत है। फिल्म वास्तविक घटनाओं से होकर गुजरती है इसलिए कई रॉ फुटेज और ऑडियो भी पेश किए गए हैं। ये आपको याद दिलाते हैं कि आतंकवाद ने हमें कितने गहरे जख्म दिए हैं। ये नए इंडिया का सिनेमा है ये फिल्म यकीनन कुछ नया लेकर आई है वो भी नए अंदाज में। यहां एक जासूस वाकई जासूस लगता है, न कि सुपरहीरो। कहानी असल घटनाओं से जुड़ी हुई है। डेविड हेडली और अजमल कसाब जैसे किरदारों को जब स्क्रीन पर देखेंगे तो चौंक जाएंगे। ये नए इंडिया का नया सिनेमा है, जरूर देखना चाहिए। हां, इस बात का ध्यान जरूर रखें कि यह ए-रेटिंग वाली फिल्म है और इसमें गालियां और खून-खराबा है, तो परिवार या बच्चों के साथ कतई न जाएं।  

थियेटर में ‘धुरंधर’ देखने की उम्मीद? ये कारण रोक सकते हैं आपकी एंट्री

मुंबई अगर आप फिल्म  ‘धुरंधर’  के इंतजार में है तो ये खास आपके लिए ही है। दरअसल, फिल्म देखने के लिए अब कईयों को एंट्री नहीं मिलेगी। आदित्य धर द्वारा निर्देशित और रणवीर सिंह अभिनीत बहुप्रतीक्षित फिल्म  ‘धुरंधर’ को सेंटरल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने ‘A’ सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। बोर्ड की मंजूरी के बाद यह फिल्म अपनी निर्धारित तारीख 5 दिसंबर को ही सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। CBFC ने अपने सर्टिफिकेट में स्पष्ट किया कि फिल्म का विषय काफी डार्क, तीव्र और परिपक्व (मैच्योर) है। साथ ही इसमें दिखाए गए कई हिंसक दृश्यों के कारण इसे केवल 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के दर्शकों के लिए उपयुक्त माना गया है। बोर्ड की वेबसाइट पर फिल्म का रनटाइम, सिनॉप्सिस और अन्य विवरण भी जारी कर दिए गए हैं, जिनमें कुछ आवश्यक कट और बदलाव भी शामिल हैं। 17 साल का रिकॉर्ड टूटा फिल्म को 2 दिसंबर को प्रमाणित किया गया। इसका कुल रनटाइम 214.1 मिनट (3 घंटे 34 मिनट 1 सेकंड) है। इस अवधि के साथ ‘धुरंधर’ पिछले 17 वर्षों में सबसे लंबी बॉलीवुड फिल्म बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड अशुतोष गोवारिकर की 2008 में रिलीज हुई फिल्म ‘जोधा अकबर’ (3 घंटे 33 मिनट) के नाम था। फिल्म को प्रमाणन देने से पहले CBFC ने किए कई बदलाव हिन्दी डिस्क्लेमर की आवाज जोड़ना नशा व सिगरेट सेवन के खिलाफ चेतावनियां शामिल करना कुछ दृश्यों में हिंसा की तीव्रता कम करना गालियों को म्यूट करना एक मंत्री के किरदार का नाम बदलना शुरुआती हिंसक दृश्य हटाकर अन्य विजुअल जोड़ना एंड क्रेडिट्स में अतिरिक्त दृश्य और संगीत शामिल करना

रणवीर सिंह ने दिखाई ‘धुरंधर’ की झलक, अर्जुन रामपाल का लुक बना चर्चा का विषय

मुंबई, बॉलीवुड स्टार रणवीर सिंह ने फिल्म धुरंधर से अर्जुन रामपाल का लुक सोशल मीडिया पर शेयर किया है। रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म धुरंधर को लेकर चर्चा में हैं। आदित्य धर के निर्देशन में बन रही फिल्म धुरंधर में रणवीर सिंह के अलावा आर. माधवन, अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, संजय दत्त भी नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का ट्रेलर भी जल्द ही आने वाला है। इस बीच रणवीर सिंह ने अर्जुन रामपाल का एक शानदार लुक अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया, जो काफी वायरल हो रहा है। अर्जुन रामपाल का ‘धुरंधर’ लुक फैंस के बीच चर्चा में है। रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर अर्जुन रामपाल का दमदार लुक शेयर किया। इस पोस्ट के साथ रणवीर सिंह ने कैप्शन में लिखा, धुरंधर का ट्रेलर 12 नवंबर को 12.12 बजे आएगा। इस पोस्टर में अर्जुन रामपाल को इंटेंस लुक में देखा जा सकता है. जैकेट, चश्मे और इंटेंस लुक के साथ अर्जुन का यह किलर अंदाज फैंस को खूब पसंद आ रहा है। फिल्म धुरंधर 05 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।