samacharsecretary.com

MI पर सेंटनर का आरोप: चोटिल होने के बाद 2 करोड़ की सैलरी में कटौती से नाराज़गी

 मुंबई मुंबई इंडियंस के स्टार स्पिन ऑलराउंडर मिचेल सेंटनर ने IPL 2026 के दौरान हुए अपने चोटिल होने और भुगतान को लेकर बड़ा दावा किया है. न्यूजीलैंड के सीमित ओवरों के कप्तान सेंटनर ने कहा कि टूर्नामेंट बीच में छोड़ने के बाद उन्हें मुंबई इंडियंस की ओर से उनकी तय सैलरी का केवल आधा हिस्सा ही मिला, जिससे उन्हें निराशा हुई. इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में 4 जून से शुरू होने वाले पहले टेस्ट से पहले ग्रेड क्रिकेटर पॉडकास्ट (Grade Cricketer Podcast) पर बातचीत के दौरान सेंटनर से IPL 2026 के दौरान लगी चोट और टूर्नामेंट छोड़ने को लेकर सवाल पूछा गया. हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर यह आरोप लगाए गए थे कि उन्होंने चोट का बहाना बनाकर IPL छोड़ा और कुछ ही समय बाद न्यूजीलैंड की टेस्ट टीम में शामिल हो गए. इन आरोपों पर जवाब देते हुए सेंटनर ने पूरी घटना बताई. उन्होंने कहा कि दूसरे बच्चे के जन्म के कारण वह मुंबई इंडियंस का पहला मैच नहीं खेल पाए थे. इसके बाद सीधे भारत पहुंचकर उन्होंने दिल्ली के खिलाफ मुकाबला खेला, जहां उनके दाएं कंधे में चोट लग गई. कुछ समय बाद वापसी करने पर उनके बाएं कंधे में भी चोट लग गई. मैंने अपना शरीर दांव पर लगाया, क्यों बोले सेंटनर? सेंटनर ने कहा- मैंने दो हफ्तों के भीतर दोनों कंधों में चोट झेली. मुझे लगा कि मैं टीम के लिए अपना शरीर दांव पर लगा रहा हूं, लेकिन शायद ऐसा नहीं माना गया. उन्होंने आगे दावा किया कि चोट के बाद मुंबई इंडियंस ने उन्हें उनकी 2 करोड़ रुपये की फीस का केवल आधा हिस्सा दिया. सेंटनर के मुताबिक यह बात उन्हें काफी खली. आईपीएल 2026 में सेंटनर का कैसा रहा प्रदर्शन IPL 2026 में सेंटनर ने मुंबई इंडियंस के लिए कुल 4 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने पांच विकेट हासिल किए. उनका बॉल‍िंग एवरेज 25 रहा, जबकि इकोनॉमी रेट 8.92 रही. वहीं उन्होंने इस दौरान कुल 26 रन भी बनाए. 27 अप्रैल को उन्हें आधिकारिक तौर पर टूर्नामेंट से बाहर घोषित कर दिया गया था. उनके स्थान पर साउथ अफ्रीका के अनुभवी स्पिनर केशव महाराज को टीम में शामिल किया गया. डॉक्टरों ने सेंटनर को क्या सलाह दी? सेंटनर ने यह भी खुलासा किया कि डॉक्टरों के अनुसार उन्हें करीब आठ सप्ताह तक क्रिकेट से दूर रहना था, लेकिन उन्होंने उम्मीद से कहीं तेजी से रिकवरी की. न्यूजीलैंड के स्पिनर ने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह आठ सप्ताह की चोट से केवल चार सप्ताह में उबर गए और अब मीडिया में सवालों का सामना कर रहे हैं. तो क्या MI ने सेंटनर के साथ गलत किया? दिलचस्प बात यह है कि IPL के नियमों के अनुसार यदि कोई खिलाड़ी टूर्नामेंट के दौरान चोटिल होता है, तो उसे नीलामी या अनुबंध के समय तय की गई पूरी राशि मिलने का प्रावधान है. ऐसे में सेंटनर का दावा कई सवाल खड़े करता है. वैसे बीसीसीआई ने ऐसा कोई न‍ियम नहीं बनाया है, जिसमें सीजन खत्म होते ही पूरी सैलरी ख‍िलाड़ी को म‍िल जाए. कई बार ये 2-3 क‍िश्तों में आती है, संभवत: इस बात की जानकारी सेंटनर को ना हो. फिलहाल मुंबई इंडियंस ने सेंटनर के आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है. फ्रेंचाइजी की ओर से न तो भुगतान संबंधी दावे पर और न ही खिलाड़ी के साथ हुई बातचीत पर कोई बयान जारी किया गया है. ऐसे में इस पूरे मामले पर अब सबकी नजरें मुंबई इंडियंस के जवाब पर टिकी हैं.

RCB बनी IPL चैंपियन तो खुल गया खजाना! ट्रॉफी के साथ मिले इतने करोड़ रुपये

अहमदाबाद   रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने आईपीएल 2026 में इतिहास रचते हुए चैंपियन का ताज अपने सिर सजा लिया है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मैच में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से मात देकर लगातार दूसरी बार ट्रॉफी पर कब्जा किया. पिछले सीजन आरसीबी ने फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर पहली बार आईपीएल ट्रॉफी उठाई थी. अब रजत पाटीदार की इस टीम ने टाइटल को डिफेंड किया है. इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद चैंपियन बेंगलुरु पर पैसों की बारिश हुई. आइए जानते हैं आरसीबी को कितने करोड़ का इनाम मिला. साथ ही यह भी जानेंगे की रनरअप गुजरात टाइटंस और नौ टीमों की झोली में कितने करोड़ रुपये आए।  विजेता आरसीबी को मिले कितने करोड़? आईपीएल 2026 की चमचमाती ट्रॉफी उठाने के साथ ही चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को ₹20 करोड़ की भारी-भरकम इनामी राशि दी गई. यह आरसीबी के इतिहास का एक और सुनहरा पन्ना है, जहां टीम ने न सिर्फ फैंस का दिल जीता, बल्कि लगातार दूसरी बार खिताब जीतने का कारनामा किया. मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बाद आरसीबी इस उपलब्धि को नाम करने वाली टीम बनी है. फाइनल मुकाबला हारने के बावजूद उप-विजेता रही गुजरात टाइटंस खाली हाथ नहीं लौटी. शुभमन गिल की कप्तानी वाली इस टीम को ₹13 करोड़ रुपये मिले।  प्लेऑफ की बाकी टीमों पर भी बरसा पैसा BCCI ने सिर्फ फाइनल खेलने वाली टीमों को ही नहीं, बल्कि प्लेऑफ तक का सफर तय करने वाली बाकी दोनों टीमों को भी करोड़ों के इनाम से नवाजा. क्वालिफायर-2 में हारने वाली राजस्थान की टीम को ₹7 करोड़ मिले. एलिमिनेटर मैच में बाहर होने वाली हैदराबाद की टीम को ₹6.5 करोड़ की इनामी राशि मिली. बीसीसीआई ने आईपीएल 2026 के लिए कुल ₹46.5 करोड़ से ज्यादा का प्राइज पूल तैयार किया था, जो शीर्ष 4 टीमों के बीच बांटा गया. पांचवें से दसवें स्थान पर रहने वाली टीमों को कोई आधिकारिक प्राइज मनी नहीं मिलती है।  कैसे बंटता है यह पैसा? आईपीएल के नियमों के मुताबिक, जो भी प्राइज मनी टीम जीतती है, वह सीधे किसी एक की जेब में नहीं जाती. इसका एक तय गणित है. कुल इनामी राशि का आधा हिस्सा (जैसे आरसीबी के ₹20 करोड़ में से ₹10 करोड़) टीम के सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ में बराबर या उनके प्रदर्शन के आधार पर बांट दिया जाता है. बाकी का आधा हिस्सा फ्रेंचाइजी के मालिकों के खाते में जाता है।  पहले सीजन से 316 की बढ़ोतरी साल 2008 में जब आईपीएल का पहला सीजन खेला गया था, तब शेन वॉर्न की कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स ने खिताब जीता था और उन्हें सिर्फ ₹4.80 करोड़ मिले थे. आज 18 साल बाद 2026 में प्राइज मनी 316.67% बढ़कर ₹20 करोड़ हो चुकी है, जो दिखाता है कि यह लीग दुनिया की सबसे अमीर क्रिकेट लीग क्यों है. इसके अलावा ऑरेंज कैप और पर्पल कैप जीतने वाले खिलाड़ियों को भी ₹10-10 लाख रुपये के नकद पुरस्कारों के साथ-साथ अन्य व्यक्तिगत अवॉर्ड्स के रूप में करीब ₹1 करोड़ तक की अतिरिक्त राशि दी गई है। 

गुजरात टाइटन्स पर टूटा मुसीबतों का पहाड़! IPL फाइनल हारने के बाद टीम बस में लगी आग, मचा हड़कंप

 अहमदाबाद इंड‍ियन प्रीम‍ियर लीग (IPL) 2026 फाइनल में रव‍िवार को मिली हार के बाद गुजरात टाइटन्स (GT) के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ एक बड़ा हादसा टल गया. टीम को लेकर होटल लौट रही बस में शॉर्ट सर्किट होने से वाहन बीच रास्ते खराब हो गया, जिसके बाद खिलाड़ियों और स्टाफ को तुरंत बस से बाहर निकालना पड़ा।  पीटीआई की र‍िपोर्ट के अनुसार, बस में तकनीकी खराबी आने के बाद अंदर धुआं फैलने लगा. स्थिति को देखते हुए टीम प्रबंधन और सुरक्षा कर्मियों ने खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ को सुरक्षित तरीके से बस से बाहर निकाला. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई भी खिलाड़ी या स्टाफ सदस्य घायल नहीं हुआ।  घटना के बाद पूरी टीम कुछ समय तक सड़क किनारे इंतजार करती रही. बाद में दूसरी बस की व्यवस्था की गई, जिसके जरिए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को होटल पहुंचाया गया।  यह घटना गुजरात टाइटन्स के लिए पहले से ही निराशाजनक दिन के अंत में सामने आई. रविवार को खेले गए IPL 2026 फाइनल में टीम को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ पांच विकेट से हार का सामना करना पड़ा था. इस हार के साथ गुजरात का खिताब जीतने का सपना भी टूट गया।  फाइनल से पहले भी गुजरात टाइटन्स का यात्रा कार्यक्रम काफी व्यस्त और चुनौतीपूर्ण रहा. टीम ने 27 मई को धर्मशाला से मुल्लांपुर का सफर तय किया था, जहां 29 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ क्वालिफायर-2 खेला गया।  इसके बाद 30 मई को अहमदाबाद लौटने का कार्यक्रम था, लेकिन मुल्लांपुर में खराब मौसम के कारण टीम की उड़ान काफी देर तक प्रभावित रही. लगातार देरी के बाद गुजरात टाइटन्स का दल शनिवार देर शाम अपने घरेलू मैदान अहमदाबाद पहुंच सका था।  ऐसे में फाइनल में हार और फिर टीम बस में आई तकनीकी खराबी ने गुजरात टाइटन्स के लिए मुश्किलों से भरे एक लंबे और थकाऊ अभियान का निराशाजनक अंत कर दिया. हालांकि सबसे राहत भरी बात यह रही कि बस में धुआं फैलने के बावजूद सभी खिलाड़ी और स्टाफ पूरी तरह सुरक्षित रहे। 

RCB या GT? नरेंद्र मोदी स्टेडियम में दूसरी ट्रॉफी के लिए दोनों टीमों की टक्कर

 नई दिल्ली आईपीएल 2026 का फाइनल मैच आज यानी 31 मई (रविवार) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाना है। इस पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन करने वाली दोनों टीमें खिताब जीतने से एक कदम दूर हैं। आरसीबी ने क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई थी। वहीं, गुजरात टाइटंस ने राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। आरसीबी 5वीं बार आईपीएल फाइनल मैच खेलेगी, जबकि गुजरात की टीम आईपीएल में तीसरी बार फाइनल खेलने उतरेगी। RCB vs GT Final: गिल Vs पाटीदार, आईपीएल का खिताबी मैच दरअसल, डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) की नजरें लगातार दूसरे आईपीएल खिताब (IPL Trophy) को हासिल करने पर होगी। वहीं, गुजरात की टीम भी अपने दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतना चाहेंगी। दोनों टीमों के कप्तान जबरदस्त फॉर्म में हैं। आरसीबी के रजत पाटीदार (Rajat Patidar) और गुजरात के शुभमन गिल (Shubman Gill), दोनों इंडिया की T20 टीम का दरवाजा खटखटा रहे हैं। दोनों का लीडरशिप स्टाइल अलग है, लेकिन दोनों ही अपनी टीम के लिए कमाल का परफॉर्म कर रहे हैं। रजत पाटीदार का शांत और सिंपल अंदाज RCB के लिए लकी साबित हुआ है। पिछले 2 सीजन से उनकी कप्तानी में टीम स्टेबल है। अब वो धोनी और रोहित शर्मा के क्लब में शामिल होने के करीब हैं। ये दोनों ही IPL ट्रॉफी डिफेंड करने वाले कप्तान हैं। पिछले साल भी आरसीबी ने आईपीएल 2025 का खिताब पंजाब किंग्स को हराकर जीता था। बता दें कि 32 साल के मध्य प्रदेश के बल्लेबाज पाटीदार ने कप्तानी के साथ-साथ बल्ले से भी तबाही मचाई है। उन्होंने 14 मैचों में 486 रन ठोके हैं। इस दौरान उनका एवरेज 44 का और स्ट्राइक रेट 196 का रहा, जिसमें 5 फिफ्टी भी शामिल हैं। पाटीदार को स्पिन का किंग माना जाता था, लेकिन इस सीजन तेज गेंदबाजों की भी उन्होंने जमकर धुनाई की है। दूसरी तरफ कप्तान शुभमन गिल भी इंडिया की T20 टीम में वापसी के लिए बेताब दिख रहे हैं। स्टाइलिश ओपनर जबरदस्त फॉर्म में हैं। 15 मैचों में वह 722 रन बना चुके हैं। इस दौरान उनका एवरेज 48.13 का रहा है और स्ट्राइक रेट 163.71 का। वहीं, दोनों कप्तान गिल और पाटीदार, फाइनल में धमाकेदार पारियां खेलकर पहुंचे हैं। पाटीदार ने क्वालिफायर-1 में GT के खिलाफ सिर्फ 33 गेंद पर 93 रन की तूफानी पारी खेली थी और  RCB 92 रन से मैच जीता था। वहीं गिल ने क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 53 गेंद पर 101 रन की शानदार सेंचुरी ठोकी और टाइटंस को फाइनल में पहुंचाया। IPL Final: घर में GT का पलड़ा भारी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में इस सीजन गुजरात की टीम ने कुल 7 मैच खेले है, जिसमें से 5 मैचों में उन्हें जीत हासिल हुई, जबकि दो मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस मैदान पर एक मैच गुजरात का आरसीबी के साथ भी हुआ था, जिसमें गुजरात को जीत मिली थी। ऐसे में घर में जीटी का पलड़ा भारी है और पाटीदार की आरसीबी टीम क्या इस ‘चक्रव्यूह’ को तोड़कर इतिहास रच पाएगी या नहीं, ये आज पता चल ही जाएगा। IPL 2026 Final RCB vs GT Playing 11 Predicted आरसीबी: वेंकटेश अय्यर, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रासिख सलाम डार। गुजरात टाइटंस: साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), निशांत सिंद्धू, वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, राहुल तेवतिया, राशिद खान, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज।

IMD ने गुजरात में गरज-चमक और तेज बारिश की चेतावनी जारी की

 अहमदाबाद IPL 2026 का फाइनल मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रव‍िवार (31 मई) को खेला जाना है, लेकिन उससे पहले मौसम ने क्रिकेट फैन्स और दोनों टीमों की चिंता बढ़ा दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अहमदाबाद समेत गुजरात के कई इलाकों में गरज, बिजली और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव के अनुसार 31 मई को अहमदाबाद में गरज के साथ सामान्य से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 4 जून तक गुजरात क्षेत्र, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं, बिजली और बारिश की संभावना बनी हुई है. हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. इसके अलावा आज (30 मई) अरावली, महिसागर, पंचमहाल और दाहोद जिलों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान जताया गया है. दीव, दमन और दादरा एवं नगर हवेली में भी मौसम खराब रह सकता है. खराब समुद्री परिस्थितियों को देखते हुए मछुआरों को अगले पांच दिनों तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी गई है. बारिश के चलते तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है. अगर फाइनल बारिश से रद्द हुआ तो क्या होगा? IPL के प्लेऑफ नियमों के अनुसार फाइनल मुकाबले के लिए रिजर्व डे रखा जाता है.मैच पूरा कराने के लिए मुख्य दिन और रिजर्व डे दोनों पर 120-120 मिनट का अतिरिक्त समय उपलब्ध रहता है. यदि बारिश के कारण पूरा मैच नहीं हो पाता तो पहले ओवरों में कटौती कर मुकाबला कराने की कोशिश की जाएगी. किसी भी स्थिति में दोनों टीमों को कम से कम 5-5 ओवर खेलने जरूरी होंगे. अगर मैच शुरू होने के बाद बारिश बाधा बनती है तो विजेता तय करने के लिए डकवर्थ-लुईस (DLS) नियम लागू किया जाएगा.समय बेहद कम होने पर मौसम अनुमति देता है तो सुपर ओवर के जरिए भी नतीजा निकाला जा सकता है. रिजर्व डे भी धुल गया तो कौन बनेगा चैम्प‍ियन? IPL प्लेऑफ नियमों की धारा 16.11.2 के मुताबिक यदि मौसम की वजह से फाइनल और रिजर्व डे दोनों दिन मैच या सुपर ओवर कराना संभव नहीं हो पाता, तो लीग चरण की अंक तालिका में ऊंचे स्थान पर रहने वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाएगा. वैसे आईपीएल फाइनल के लिए ऑफ‍िश‍ियल तौर पर कोई र‍िजर्व डे नहीं रखा गया है. ध्यान रहे 2023 में जब चेन्नई और गुजरात के बीच आईपीएल फाइनल हुआ था तो मैच अगले दिन गया था. पहले द‍िन (28 मई) को एक भी गेंद नहीं फेंकी गई थी, फ‍िर 29 मई को तब टॉस हुआ था और मैच का नतीजा निकला था. इस बार आईपीएल 2026 फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और गुजरात टाइटन्स (GT) आमने-सामने हैं. वहीं दोनों दिन खेल नहीं हो पाता, तो लीग स्टेज में बेहतर रैंकिंग वाली टीम सीधे IPL 2026 की चैम्प‍ियन बन जाएगी. यानी RCB. ऐसे में मौसम पर सभी की नजरें टिकी होंगी, क्योंकि अहमदाबाद में बारिश सिर्फ मैच ही नहीं बल्कि पूरे सीजन के विजेता का फैसला भी प्रभावित कर सकती है.

साई सुदर्शन फिर बने हिट-विकेट का शिकार, चौका जड़ने के बाद बना डाला शर्मनाक रिकॉर्ड

 मुल्लांपुर आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में शुक्रवार (29 मई) को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटन्स के बीच मैच हुआ. जिसे गुजरात टाइटन्स ने एकतरफा अंदाज में 7 विकेट से जीता. गुजरात ने रनचेज 8 गेंद शेष रहते हुए हास‍िल कर ल‍िया।  गुजरात की टीम अब 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ख‍िलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेड‍ियम में आईपीएल 2026 का फाइनल खेलेगी . गुजरात की ओर से कप्तान शुभमन ग‍िल ने शानदार 104 रनों की कप्तानी पारी खेली. वहीं साई सुदर्शन ने भी 58 रन बनाए. शुक्रवार को हुए इस मैच में टॉस र‍ियान पराग ने जीता और बल्लेबाजी करने का फैसला किया. राजस्थान ने पहले खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी के 96 रनों की बदौलत 20 ओवर्स में 6 व‍िकेट के नुकसान पर 214 का स्कोर खड़ा किया था।  गुजरात की पारी की हाइलाइट्स  215 रन के रनचेज के जवाब में गुजरात के ओपनर्स शुभमन ग‍िल और साई सुदर्शन ने शानदार शुरुआत की. दोनों ने लंबे-लंबे शॉट खेलने की वजह ग्राउंडेड शॉट खेले. राजस्थान के गेंदबाज मैच में व‍िकेट लेने के ल‍िए जूझते रहे. हालांकि GT का स्कोर जब 167 था तभी, 13वें ओवर मे साई सुदर्शन (58) एक बार फ‍िर से प‍िछले मैच की तरह ह‍िट व‍िकेट आउट हो गए. वहीं गुजरात जब जीत के करीब थी, तभी वो 52 गेंदों पर 104 रन जड़कर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर एलबीडब्लू हो गए. जब ग‍िल आउट हुए तो गुजरात को जीत के लिए 30 गेंदों पर 33 रन चाहिए थे.  वहीं वॉश‍िंंगटन सुंदर भी मैच जल्दी खत्म करने के चक्कर में 16 रन बनाकर नांद्रे बर्गर की गेंद पर आउट हो गए.  हालांकि राहुल तेवत‍िया और जोस बटलर मैच फ‍िन‍िश करके ही वापस लौटे। साई सुदर्शन फिर हुए हिट-विकेट, बना डाला शर्मनाक रिकॉर्ड आईपीएल 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स और राजस्थान रॉयल्स के मुकाबले के दौरान एक बार फिर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सभी को हैरान कर दिया. गुजरात के स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन लगातार दूसरे मैच में हिट-विकेट आउट हो गए।  हालांकि इस मैच में गुजरात को राजस्थान के ख‍िलाफ 7 व‍िकेट से जीत मिली. अब 31 मई को गुजरात की टीम आईपीएल फाइनल में अहमदाबाद में आरसीबी से खेलेगी।    मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में सुदर्शन शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे. उन्होंने 32 गेंदों में 58 रन बनाए, जिसमें 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा।  गुजरात की पारी के 13वें ओवर में ब्रजेश शर्मा गेंदबाजी करने आए. ओवर की पहली गेंद लो फुलटॉस थी, जिसे सुदर्शन ने ऑफ साइड में स्क्वायर के पीछे चौके के लिए खेल दिया.  दूसरी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया. तीसरी गेंद पर शुभमन ग‍िल ने चौका जड़ा, चौथी लीगल गेंद पर ग‍िल ने एक रन लिया।  इसके बाद पांचवीं गेंद  तेजी से बाउंड्री पार कर गई, लेकिन उसी दौरान साई का बल्ला हाथ से छूट गया और सीधे स्टंप्स पर जा गिरा. अंपायर ने तुरंत उन्हें हिट-विकेट आउट करार दिया. स्टेडियम में मौजूद फैन्स भी इस तरह के आउट को देखकर दंग रह गए, जबकि कप्तान शुभमन गिल निराश होकर घुटनों पर बैठ गए।  कमेंट्री के दौरान रवि शास्त्री ने मजाकिया अंदाज में कहा- फेविकोल कहां है? ग्लू कहां है? क्योंकि लगातार दूसरे मैच में सुदर्शन इसी तरह आउट हुए. इससे पहले RCB के खिलाफ मुकाबले में भी बल्ला हाथ से छूटकर स्टंप्स से टकराया था।  इस विकेट के साथ साई सुदर्शन ने एक अनचाहा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. अब वह मेंस T20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 3 बार हिट-विकेट आउट होने वाले खिलाड़ियों की सूची में आ गए हैं. इस लिस्ट में आंद्रे रसेल और शोएब मलिक भी शामिल हैं. खास बात ये है कि सुदर्शन के तीनों हिट-विकेट IPL में ही आए हैं।  पुरुषों के T20 में सबसे ज्यादा हिट-विकेट आउट 3 – आंद्रे रसेल 3 – शोएब मलिक 3 – साई सुदर्शन  वैभव सूर्यवंशी, 96 रन जड़कर IPL में रचा नया इतिहास  स्टार बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया. हालांकि इस बार उनकी पारी सिर्फ ताबड़तोड़ शॉट्स तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें संयम, समझदारी और मैच सिचुएशन के हिसाब से खेली गई जिम्मेदार बल्लेबाजी भी देखने को मिली।  हालांकि इस मैच में राजस्थान को 7 विकेट से हार मिली. गुजरात ने 214 के रनचेज को 8 गेंद शेष रहते हुए 7 विकेट से नाम किया. गुजरात की टीम अब 31 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के ख‍िलाफ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेड‍ियम में आईपीएल 2026 का फाइनल खेलेगी . गुजरात की ओर से कप्तान शुभमन ग‍िल ने शानदार 104 रनों की कप्तानी पारी खेली. वहीं साई सुदर्शन ने भी 58 रन बनाए. शुक्रवार को हुए इस मैच में टॉस र‍ियान पराग ने जीता और बल्लेबाजी करने का फैसला किया. राजस्थान ने पहले खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी के 96 रनों की बदौलत 20 ओवर्स में 6 व‍िकेट के नुकसान पर 214 का स्कोर खड़ा किया था।  न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार (29 मई) को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 47 गेंदों पर 96 रन बनाए. अपनी पारी में उन्होंने 8 चौके और 7 छक्के जड़े और 204.26 के स्ट्राइक रेट से रन कूटे।  दिलचस्प बात यह रही कि शुरुआती ओवरों में वैभव ने थोड़ा संभलकर बल्लेबाजी की. उन्होंने विकेट बचाने पर ध्यान दिया और फिर सेट होने के बाद गुजरात के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. यही वजह रही कि उनकी पारी बाकी मुकाबलों से अलग नजर आई।  वैभव को कगिसो रबाडा ने 96 रन के स्कोर पर आउट किया. वह इस आईपीएल तीसरी बार नर्वस नाइन्टीज का शिकार बने. इसके साथ ही वह डेविड वॉर्नर, केएल राहुल, ग्लेन मैक्सवेल और ऋतुराज गायकवाड़ के साथ IPL में सबसे ज्यादा बार 90s में आउट होने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए।  उनकी शानदार पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए. रविंद्र जडेजा ने 45 रन की अहम पारी खेली, जबकि डोनोवन फरेरा ने सिर्फ 11 गेंदों पर 38 … Read more

क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी! ग्वालियर में IPL Fan Park का रोमांच, लाइव मैच का मजा

ग्वालियर   ग्वालियर में शुक्रवार को आईपीएल के इस सीजन के फ़ैनपार्क का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें आईपीएल क्रिकेट के फैन्स यहाँ बैठे-बैठे स्टेडियम के माहौल का मजा लेंगे. आईपीएल फैन पार्क की व्यवस्थाओं और तैयारियों की जानकारी बीसीसीआई की और से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी गई।  ग्वालियर में शुक्रवार को होगा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन देश चार अन्य शहरों के साथ ग्वालियर में शुक्रवार को बीसीसीआई द्वारा आईपीएल फैन पार्क का आयोजन किया जा रहा है. ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम के पास बने श्रीमंत माधवराव खेल परिसर में इस कार्यक्रम का आयोजन होगा. जिसमें एक बड़ी स्क्रीन पर आईपीएल क्रिकेट के दीवाने लाइव मैच का प्रसारण देख सकेंगे. इसके साथ ही यहाँ आईपीएल फैन्स के लिए कई तरह की एक्टिविटीज भी होंगी।  एंट्री फ्री लेकिन रजिस्ट्रेशन होगा जरूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीसीसीआई के सीनियर मैनेजर संदीप वागड़े ने बताया, हर सीजन में बीसीसीआई की और से 50 फैन पार्क आयोजित किए जाते हैं. इस हफ्ते शुक्रवार को ये आयोजन ग्वालियर समेत देश के पाँच शहरों में होगा. शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच होने वाले प्लेऑफ मैच का सीधा प्रसारण एक बड़ी स्क्रीन के साथ फैन पार्क में किया जाएगा जहाँ आने वाले सभी क्रिकेट फैन्स इसका लुत्फ उठा सकेंगे. इसमें एंट्री पूरी तरह फ्री रहेगी हालांकि इसके लिए आने वाले क्रिकेट प्रेमियों को रजिस्ट्रेशन कराना होगा।  लॉटरी से मिलेगा आईपीएल टीम की सिग्नेचर की गई टीशर्ट जीतने का मौका रजिस्ट्रेशन के साथ ही एंट्री करने वालों को एक कूपन दिया जाएगा जो अंदर रखे बॉक्स में सबमिट करना होगा. ब्रेक टाइम में बीसीसीआई की टीम उस बॉक्स में से दो कूपन्स निकालेगी. इन विजेताओं को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस दोनों टीमों की टी-शर्ट दी जाएगी जिन पर पूरे टीम प्लेयर्स के सिग्नेचर होंगे।  फन इवेंट होगा आईपीएल का फ़ैनपार्क ये फ़ैनपार्क एक फ़न इवेंट होगा जहाँ आने वाले लोगों को कई तरह की एक्टिविटीज भी मिलेंगी जिनमे बच्चों से लेकर बड़ों तक के लिए कई तरह के गेम्स होंगे. फूड स्टॉल्स होंगे, मैच का लाइव प्रसारण तो होगा ही, साथ ही लाइव म्यूजिक भी होगा. एक तरह से जैसे स्टेडियम में बैठ कर लोग क्रिकेट का मजा लेते हैं ठीक उसी तरह इस फैन पार्क में आने वाले लोगों को भी वहीं आनंद और माहौल मिलेगा जो मैच का मजा बढ़ा देगा।  12 हज़ार लोग एक साथ उठायेंगे आईपीएल का आनंद बीसीसीआई के सीनियर मैनेजर संदीप वागड़े के मुताबिक, एंट्री के साथ ही फैन्स के लिए सभी सुविधाओं और सुरक्षा का ध्यान भी रखा जा रहा है. सुरक्षाकर्मियों के साथ ही किसी तरह की मेडिकल इमरजेंसी के एक एंबुलेंस वाहन मौजूद रहेगी. इस फैनपार्क में लगभग 12 हज़ार लोग एक समय पर मौजूद रह कर आईपीएल का आनंद ले सकेंगे। 

IPL 2026 Qualifier-2 में वैभव सूर्यवंशी के निशाने पर 3 महारिकॉर्ड, सिर्फ 11 छक्कों की दरकार

 मुल्लांपुर राजस्थान रॉयल्स के ओपनर बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इस समय IPL 2026 के सबसे बड़े स्टार बन चुके हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंदों पर 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर उन्होंने पूरे क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया. अब शुक्रवार (29 मई) को गुजरात टाइटन्स के खिलाफ खेले जाने वाले क्वालिफायर-2 मुकाबले में वैभव कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं।  एलिमिनेटर मैच में वैभव ने 12 छक्के जड़ते हुए एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. उन्होंने क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. IPL 2026 में अब तक वैभव के नाम 65 छक्के दर्ज हो चुके हैं और उनका बल्ला लगातार आग उगल रहा है।  क्या टूटेगा आईपीएल के सबसे तेज शतक का र‍िकॉर्ड  हैदराबाद के खिलाफ वैभव इतिहास रचने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए थे. उन्होंने 29 गेंदों पर 97 रन बनाए और IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड तोड़ने से चूक गए. यह रिकॉर्ड अब भी क्रिस गेल के नाम है, जिन्होंने 2013 में सिर्फ 30 गेंदों पर शतक लगाया था. यानी वो अपने फॉर्म में रहे तो इस र‍िकॉर्ड को भी बना सकते हैं।  सबसे तेज आईपीएल 1000 रन  वैभव सूर्यवंशी IPL में 1000 रन पूरे करने के बेहद करीब भी पहुंच चुके हैं. उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने के लिए सिर्फ 68 रन की जरूरत है. अगर वह गुजरात के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो IPL इतिहास में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने वाले भारतीय बल्लेबाज बन सकते हैं. यह रिकॉर्ड फिलहाल गुजरात टाइटन्स के ही स्टार बल्लेबाज साई सुदर्शन के नाम दर्ज है, जिन्होंने 25 मैचों में 1000 IPL रन पूरे किए थे. वैभव अब तक 22 आईपीएल मैचों की 22 पार‍ियों में 932 रन जड़ चुके हैं।  सबसे तेज 100 छक्के का र‍िकॉर्ड किसके नाम  अब गुजरात टाइटन्स के खिलाफ वैभव के पास एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा. उनके नाम फिलहाल IPL में 89 छक्के हैं और उन्होंने ये कारनामा सिर्फ 402 गेंदों में किया है. अगर वह क्वालिफायर-2 में 11 छक्के लगा देते हैं तो IPL इतिहास में सबसे तेज 100 छक्के पूरे करने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।  फिलहाल यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर आंद्रे रसेल के नाम है. रसेल ने IPL में 100 छक्के पूरे करने के लिए 657 गेंदों का सामना किया था. वैभव इस रिकॉर्ड को काफी बड़े अंतर से तोड़ सकते हैं।  वहीं IPL इतिहास में सबसे तेज 1000 रन बनाने का ओवरऑल रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज शॉन मार्श के नाम है. उन्होंने सिर्फ 21 मैचों में यह उपलब्धि हासिल की थी।  जिस अंदाज में वैभव सूर्यवंशी बल्लेबाजी कर रहे हैं, उसे देखकर साफ है कि गुजरात टाइटन्स के गेंदबाजों के सामने बड़ी चुनौती रहने वाली है. अगर उनका बल्ला एक बार फिर चला, तो IPL रिकॉर्ड बुक में कई नए अध्याय जुड़ सकते हैं। 

वैभव ने मचाया कोहराम, जोफ्रा ने बरपाया कहर… SRH IPL से बाहर

 मुल्लांपुर मुल्लांपुर में बुधवार रात IPL 2026 के एल‍िम‍िनेटर (Eliminator) मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को 47 रन से हराकर क्वाल‍िफायर-2 (Qualifier-2) में जगह बना ली. इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे 15 साल के वैभव सूर्यवंशी और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर. एक ने बल्ले से तूफान मचाया, तो दूसरे ने गेंद से SRH की कमर तोड़ दी। राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट पर 243 रन बनाए. जवाब में हैदराबाद की पूरी टीम 19.2 ओवर में 196 रन पर ऑलआउट हो गई. अब राजस्थान का सामना शुक्रवार को गुजरात टाइटन्स से होगा. इस मैच का विजेता फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ेगा। पूरे मुकाबले में सबसे ज्यादा चर्चा वैभव सूर्यवंशी की रही. 15 साल के इस बल्लेबाज ने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन ठोक दिए. उनकी पारी में 12 छक्के और 5 चौके शामिल रहे. वह IPL इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने से सिर्फ 3 रन दूर रह गए. क्रिस गेल का 30 गेंदों में शतक का रिकॉर्ड टूटते-टूटते बचा। वैभव ने शुरुआत से ही पैट कमिंस और SRH के गेंदबाजों पर हमला बोल दिया. फुल लेंथ गेंदों को सीधे साइट स्क्रीन के पार पहुंचाया, जबकि शॉर्ट गेंदों पर भी जमकर रन बटोरे. उनकी बल्लेबाजी इतनी आक्रामक थी कि SRH कप्तान कमिंस लगातार फील्ड बदलते और रणनीति बनाते नजर आए, लेकिन कोई तरीका काम नहीं आया। इस सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने छक्कों का नया रिकॉर्ड भी बना दिया. उन्होंने IPL के एक सीजन में सबसे ज्यादा 65 छक्के लगाने का कारनामा किया. इससे पहले यह रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे। वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. उनकी बल्लेबाजी देखकर ऐसा लग रहा था कि वह T20 क्रिकेट में दोहरा शतक बनाने के अपने सपने को भी सच कर सकते हैं. हालांकि आठवें ओवर में प्रफुल हिंगे की गेंद पर थर्ड मैन पर कैच आउट होकर वह इतिहास रचने से चूक गए. आउट होने के बाद उनका धीमे कदमों से पवेलियन लौटना उनकी निराशा साफ दिखा रहा था। दूसरे छोर पर यशस्वी जायसवाल 29 रन बनाकर संघर्ष करते दिखे. वहीं ध्रुव जुरेल ने सिर्फ 21 गेंदों में 50 रन की शानदार पारी खेली. राजस्थान एक समय 13 ओवर में 2 विकेट पर 180 रन बनाकर 260 के पार जाता दिख रहा था, लेकिन आखिरी 5 ओवर में SRH ने वापसी की. उस दौरान राजस्थान ने 36 रन के भीतर 5 विकेट गंवा दिए। हैदराबाद की ओर से प्रफुल हिंगे ने 3 विकेट लिए, हालांकि उन्होंने 4 ओवर में 54 रन भी दिए. शिवांग कुमार ने यशस्वी जायसवाल का विकेट लेकर प्रभावित किया. दूसरी तरफ कमिंस का दिन बेहद खराब रहा. उन्होंने 4 ओवर में बिना विकेट लिए 64 रन लुटा दिए. साकिब हुसैन ने 3 ओवर में 49 रन दिए, जबकि ईशान मलिंगा भी महंगे साबित हुए। 244 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही. जोफ्रा आर्चर ने पावरप्ले में ही मैच राजस्थान की तरफ मोड़ दिया. उन्होंने पहले अभिषेक शर्मा को बाउंसर पर फंसाया, फिर ईशान किशन को कवर पर कैच कराया. ट्रैविस हेड ने उनकी रफ्तार के खिलाफ जगह बनाकर खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद सीधे स्टंप्स में जा लगी। आर्चर की तेज रफ्तार गेंदबाजी के सामने SRH का विस्फोटक टॉप ऑर्डर टिक नहीं पाया. पांचवें ओवर तक टीम 57 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद हैदराबाद कभी मुकाबले में वापसी नहीं कर सका और आखिरकार 196 रन पर ढेर हो गया। राजस्थान के लिए यह जीत सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि पूरे सीजन में टीम की लड़ाई और वापसी की कहानी भी बन गई. अब टीम की नजर Qualifier-2 जीतकर फाइनल में पहुंचने पर होगी. क्वाल‍िफायर 2 मुकाबला 29 मई को गुजरात के ख‍िलाफ होना है।  

शानदार कामकाज का मिला सम्मान, प्रदेश के दो IPS अफसरों को अहम जिम्मेवारी

रायपुर   प्रदेश के 2 IPS अफसरों को बड़ी जिम्मेदारी से नवाजा गया है। नीतू कमल और डी श्रवण को बड़ी सौगात मिली है। इन दोनों अधिकारियों को केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी में आईजी के लिए इंपैनल किया गया है जो बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है। 2008 बैच के आईपीएस अधिकारी नीतू कमल और डी श्रवण को बड़ी जिम्मेवारी छत्तीसगढ़ कैडर के  इन दो IPS अफसरों को यह अहम जिम्मेदारी मानी जा रही है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है।  2008 बैच के आईपीएस अधिकारी नीतू कमल और डी श्रवण के केंद्रीय सुरक्षा एजेंसी में आईजी के लिए इंपैनल होने को एक बड़ा मुकाम माना जा रहा है। आपको बता दें कि आईपीएस नीतू कमल मौजूदा समय में CBI  में प्रतिनियुक्ति पर हैं, जबकि डी श्रवण राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।  दोनों अधिकारियों के अनुभव को देखते हुए केंद्र ने उन्हें अहम जिम्मेदारी सौंपी है। गृह मंत्रालय की ओर से  जारी सूची में देश से वर्ष 2001 से 2008 बैच तक के 67 आईपीएस अधिकारियों को आईजी और डीआईजी स्तर के पदों के लिए इंपैनल किया गया है। छत्तीसगढ़ कैडर के  इन दो IPS अफसरों को ये सौगात मिली है जो एक अहम बात मानी जा रही है।