samacharsecretary.com

मुंबई इंडियंस की नाकामी का सिलसिला जारी, पंजाब किंग्स ने 7 विकेट से रौंदा

मुंबई पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से हरा दिया है. क्विंटन डिकॉक की 112 रनों की ऐतिहासिक शतकीय पारी MI के काम नहीं आई. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 196 रनों का स्कोर खड़ा किया था. प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने MI के गेंदबाजी अटैक का इतना बुरा हाल किया कि पंजाब ने 21 गेंद पहले ही टारगेट को चेज कर लिया।  प्रभसिमरन-अय्यर ने रचा इतिहास पंजाब किंग्स के सलामी बल्लेबाज प्रभसिमरन सिंह और श्रेयस अय्यर ने 139 रनों की शानदार साझेदारी की. मगर उन्होंने किसी पार्टनरशिप का नहीं बल्कि व्यक्तिगत रूप से बड़ा रिकॉर्ड बनाया है. प्रभसिमरन सिंह 25 साल की उम्र तक पंजाब किंग्स के लिए सबसे ज्यादा 50+ स्कोर करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. यह उनकी पंजाब के लिए 10वीं ऐसी पारी रही जिसमें उन्होंने 50 या उससे ज्यादा रन बनाए हों. उन्होंने डेविड मिलर (9) का रिकॉर्ड तोड़ा।  दूसरी ओर श्रेयस अय्यर ने अपने लंबे और विशाल IPL करियर में पहली बार वानखेड़े मैदान पर कोई अर्धशतकीय पारी खेली है. 2015 में डेब्यू के बाद श्रेयस वानखेड़े मैदान में 9 पारियों में बैटिंग कर चुके थे, लेकिन कभी फिफ्टी नहीं लगा पाए थे. अब आखिरकार 11 साल के इंतजार के बाद उन्होंने फिफ्टी के सूखे का अंत किया. अय्यर ने इस मैच में 35 गेंद में 66 रन बनाए।  पंजाब ने आसानी से हासिल किया लक्ष्य पंजाब किंग्स की टीम मुंबई के 196 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रभसिमरन की 39 गेंद में 11 चौकों और दो छक्कों से नाबाद 80 रन की पारी और कप्तान श्रेयस अय्यर (66 रन) के साथ उनकी तीसरे विकेट के लिए 139 रन की साझेदारी की बदौलत 16.3 ओवर में तीन विकेट पर 198 रन बनाकर आसान जीत दर्ज करने में सफल रही। इससे पहले मौजूदा सत्र में अपना पहला मैच खेलने वाले क्विंटन डिकॉक ने 60 गेंद में सात छक्कों और आठ चौकों से नाबाद 112 रन की पारी खेलने के अलावा नमन धीर (50 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 122 रन की साझेदारी की जिससे मुंबई इंडियंस ने छह विकेट पर 195 रन बनाए। ये दोनों उस समय साथ आए जब टीम 12 रन पर दो विकेट गंवाने के बाद संकट में थी।  MI की चौथी हार, पंजाब नई बादशाह मुंबई इंडियंस ने पहले बैटिंग करते हुए 196 रन बनाए थे. क्विंटन डिकॉक ने 112 रन बनाए, वहीं नमन धीर ने 50 रनों की पारी खेली. रोहित शर्मा चोट की वजह से नहीं खेले, अन्य बल्लेबाज नहीं चल पाए. MI की टीम गेंदबाजी करने आई तो केवल अल्लाह गजनफर के अलावा सारे गेंदबाजों की जमकर कुटाई हुई।  मुंबई इंडियंस ने जीत के साथ IPL 2026 की शुरुआत की थी. मगर उसके बाद मुंबई की टीम लगातार 4 हार झेल चुकी है. दूसरी ओर पंजाब किंग्स अब तक एकमात्र टीम है, जिसने आईपीएल 2026 में हार का स्वाद नहीं चखा है. पंजाब ने 5 मैचों में 4 जीत दर्ज की हैं, जबकि उसका एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. पंजाब अब पॉइंट्स टेबल की नई बादशाह बन गई है। 

लगातार हार से दबाव में KKR, मजबूत GT के खिलाफ वापसी की चुनौती

नई दिल्ली लगातार खराब प्रदर्शन के कारण दबाव में चल रही कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में शानदार फॉर्म में चल रही गुजरात टाइटन्स के खिलाफ अपनी लय में लौटकर पहली जीत हासिल करने की कोशिश करेगी। टीम के लिए इस सीजन की शुरुआत किसी बुरे सपने से कम नहीं है। पॉइंट्स टेबल में वह आखिरी पायदान पर है। कप्तान अजिंक्य रहाणे और कोच अभिषेक नायर के नेतृत्व में केकेआर की स्पष्ट रणनीति नजर नहीं आ रही है। उसे अब तक पांच मैच में से चार मैच में हार का सामना करना पड़ा है। हर्षित राणा और आकाश दीप के चोटिल होने से उसे पहले ही झटका लगा था। इससे पहले भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के निर्देश पर मुस्तफिजुर रहमान को टीम से बाहर किए जाने के बाद टूर्नामेंट से पहले उसकी गेंदबाजी काफी कमजोर हो गई थी। उसके लिए हालांकि सबसे बड़ी चिंता सुनील नारायण और वरुण चक्रवर्ती जैसे स्पिन गेंदबाजों की खराब फॉर्म है। चक्रवर्ती इस टूर्नामेंट में अभी तक एक भी विकेट नहीं ले पाए हैं। केकेआर की समस्याएं मैदान के अंदर और बाहर के कुछ फैसलों के कारण बढ़ गई हैं। टिम सीफर्ट और रचिन रविंद्र जैसे खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखने पर सवाल उठ रहे हैं, जबकि टॉस जीतने के बाद उनके फैसले भी समझ से परे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ बारिश के कारण रद्द कर दिए गए मैच में रहाणे ने बल्लेबाजी का फैसला करके सभी को चौंका दिया, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ उन्होंने ऐसी पिच पर पहले गेंदबाजी का फैसला किया जो गेंदबाजों के अनुकूल थी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ वह 220 रन के स्कोर का बचाव नहीं कर सकी जबकि सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 65 रन की हार ने उसकी समस्याएं और बढ़ा दी। इस तरह से केकेआर दिशाहीन टीम नजर आ रही है। अभी तक सारा ध्यान कैमरन ग्रीन पर रहा है जिन्हें आंद्रे रसेल की जगह भरने के लिए रिकॉर्ड 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा गया था। ऑस्ट्रेलिया का यह ऑलराउंडर उस कीमत को सही ठहराने के लिए संघर्ष कर रहा है, लेकिन वह पांच पारियों में केवल 56 रन ही बना पाए हैं और गेंदबाजी में भी खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं। केकेआर के बल्लेबाजी क्रम में भी स्पष्टता नजर नहीं आती। पिछले मैच में सुनील नारायण को पारी की शुरुआत करने के लिए भेजा गया जबकि रहाणे तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे लेकिन यह दोनों ही बदलाव कारगर साबित नहीं हुए। मनीष पांडे, राहुल त्रिपाठी और सार्थक रंजन जैसे भारतीय बल्लेबाजों को अभी तक मौका नहीं मिला है। केकेआर को जीत हासिल करने के लिए अपनी रणनीति को बदलना होगा और तीनों विभाग में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। गुजरात टाइटन्स की टीम भी अभी तक अपने घरेलू मैदान पर जीत हासिल नहीं कर पाई है। उसे अभी तक यहां खेले गए एकमात्र मैच में राजस्थान रॉयल्स से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बाद उसने विरोधी टीम के मैदानों पर दो जीत हासिल की। उसकी गेंदबाजी मजबूत नजर आ रही है जिसमें प्रसिद्ध कृष्णा अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और राशिद खान ने अपनी लय वापस हासिल कर ली है। शुभमन गिल और जोस बटलर जैसे बल्लेबाजों के फॉर्म में आने से गुजरात टाइटन्स मजबूत नजर आ रही है। टीम इस प्रकार हैं: गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), अनुज रावत, जोस बटलर, कुमार कुशाग्र, ग्लेन फिलिप्स, राशिद खान, मानव सुथार, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, वॉशिंगटन सुंदर, गुरनूर बराड़, अरशद खान, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, कगिसो रबाडा, आर साई किशोर, इशांत शर्मा, अशोक शर्मा, जेसन होल्डर, टॉम बैंटन, ल्यूक वुड, साई सुदर्शन, एम शाहरुख खान, जयंत यादव, कुलवंत खेजरोलिया। कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, कैमरन ग्रीन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजरबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, फिन एलन, दक्ष कामरा, कार्तिक त्यागी, सार्थक रंजन, सौरभ दुबे। मैच शुरू होने का समय: शाम 7.30 बजे।

मुंबई vs पंजाब: आज किसका पलड़ा भारी? जानें पिच रिपोर्ट, प्लेइंग XI और मैच डिटेल्स

 मुंबई आईपीएल 2026 के 24वें मुकाबले में आज (16 अप्रैल) मुंबई इंडियंस की भिड़ंत पंजाब किंग्स के साथ है. दोनों टीमों के बीच यह रोमांचक मुकाबला मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां दोनों टीमों की कोशिश रहेगी कि वह इस मुकाबले को जीतकर अंकतालिका में अपनी स्थिति को और मजबूत करें. टूर्नामेंट के 23 मुकाबले बीत जाने के बाद मुंबई की टीम अपने चार मुकाबलों में एक जीत और तीन हार के बाद दो अंक (-0.772) लेकर नौवें पायदान पर काबिज है, जबकि पंजाब की टीम अपने शुरुआती चार मुकाबलों में तीन जीत और एक मैच बारिश की वजह से ड्रॉ होने के बाद सात अंक लेकर अंकतालिका में तीसरे स्थान पर स्थित है. आज के मैच से जुड़ी जरूरी जानकारी मैच: आईपीएल 2026 का 24वां मुकाबला मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स के बीच खेला जाएगा. समय और तारीखः गुरुवार 16 अप्रैल, शाम 7:30 बजे से (भारतीय समयानुसार) आयोजन स्थलः वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई पिच रिपोर्ट आज का मुकाबला मुंबई स्थित वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. जहां अबतक बल्लेबाजों की तरफ से धूम देखने को मिली है. उम्मीद जताई जा रही है कि आज के मुकाबले में एक बार फिर से यह मैदान बल्लेबाजी के लिए शानदार साबित हो सकती है. जारी सीजन के खबर लिखे जाने तक यहां कुल दो मैच खेले गए हैं. जहां चारों पारियों में 220 से अधिक रने हैं. मौसम का पूर्वानुमान मैच के दौरान पूरी तरह से आसमान साफ रहेगा. यानी कि बारिश की बिल्कुल भी संभावना नहीं है. तापमान 20 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है. हालांकि, आर्द्रता 60 प्रतिशत के आसपास रहेगी, जिसके कारण खिलाड़ियों को खेलने में थोड़ी कठिनाई हो सकती है. MI बनाम PBKS हेड टू हेड रिकॉर्ड कुल खेले गए मैच: 34 MI की जीत: 17 PBKS की जीत: 17 मुंबई इंडियंस बनाम पंजाब किंग्स मैच की लाइव स्ट्रीमिंग और प्रसारण चैनल सूची टीवी: स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क लाइव स्ट्रीमिंग: जियोहॉटस्टार दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI मुंबई इंडियंस: दानिश मालेवार, रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), शेरफेन रदरफोर्ड, नमन धीर, मिचेल सेंटनर, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट. इम्पैक्ट प्लेयरः दीपक चाहर पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसन, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल. इम्पैक्ट प्लेयरः विजयकुमार वैशाक

बेंगलुरु की जीत से टॉप पर पहुंची टीम, लखनऊ को हराया, कोहली और रसिक की बेहतरीन बल्लेबाजी

बेंगलुरु लखनऊ सुपर जाएंट्स को आईपीएल 2026 में अपनी तीसरी हार का सामना बुधवार, 15 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ करना पड़ा। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी एलएसजी की टीम चिन्नास्वामी जैसे छोटे मैदान पर भी 146 रन ही बना पाई। यहां आरसीबी के गेंदबाजों की भी तारीफ बनती है, जिन्होंने कसी हुई गेंदबाजी कर लखनऊ के बल्लेबाजों को हाथ खोलने का ज्यादा मौका नहीं दिया। हालांकि 147 रनों के टारगेट को डिफेंड करते हुए लखनऊ ने एक ऐसी बड़ी गलती की, जिसे कहा जा सकता है कि यही उनकी हार की वजह भी बनी। LSG के पास पहले ही ओवर में था विराट कोहली को आउट करने का मौका मोहम्मद शमी ने आरसीबी के खिलाफ पहले ओवर में शानदार गेंदबाजी की। उन्होंने ओवर से कुल 6 रन ही लुटाए। पहले ओवर की आखिरी गेंद पर विराट कोहली स्ट्राइक पर थे। कोहली ने शमी की गेंद को हलके हाथों से खेला और रन के लिए दौड़ पड़े। गेंद सीधा फील्डर हिम्मत सिंह के पास गई। कोहली रन के लिए दौड़ पड़े थे और फील्डर गेंद के बेहद नजदीक था, तब सॉल्ट ने रन लेने से इनकार किया, मगर तब तक कोहली आधी क्रीज तक पहुंच गए थे। रनआउट करने के प्रयास में हिम्मत सिंह ने अपनी नजरें गेंद से हटा ली थी, जिस वजह से वह गेंद को उठा ही नहीं पाए। गेंद फील्डर से दूर चली गई जिसके बाद सॉल्ट रन के लिए दौड़ और रन पूरा किया। अगर इस मौके पर लखनऊ सुपर जाएंट्स विराट कोहली को आउट करने में कामयाब रहता तो मैच का नतीजा कुछ और हो सकता था। विराट कोहली ने खेली शानदार पारी इस जीवनदान के बाद विराट कोहली लखनऊ सुपर जाएंट्स के गेंदबाजों पर कहर बनकर बरसे। विराट ने 6 चौकों और 1 गगनचुंबी छक्के की मदद से 49 रनों की पारी खेली। हालांकि वह एक रन से अर्धशतक से चूक गए। आवेश खान के 11वें ओवर की पहली गेंद पर बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में विराट लॉन्ग ऑन की दिशा में कैच थमा बैठे। हालांकि कोहली आरसीबी की जीत की नींव रख चुके थे। कैसा रहा RCB vs LSG मैच? रसिख सलाम और भुवनेश्वर कुमार की तूफानी गेंदबाजी के बाद विराट कोहली की अगुआई में बल्लेबाजों के उम्दा प्रदर्शन से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां लखनऊ सुपर जाइंट्स को पांच विकेट से हराकर अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई। सुपर जाइंट्स के 147 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने कोहली की 34 गेंद में छह चौकों और एक छक्के से 49 रन की पारी की बदौलत 29 गेंद शेष रहते पांच विकेट पर 149 रन बनाकर आसान जीत दर्ज की। कोहली ने देवदत्त पडिक्कल (10) के साथ दूसरे विकेट के लिए 57 रन भी जोड़े। सुपर जाइंट्स की ओर से प्रिंस यादव (32 रन पर तीन विकेट) ने तीन जबकि आवेश खान (23 रन पर दो विकेट) ने दो विकेट चटकाए लेकिन अपनी टीम को पांच मैच में तीसरी हार से नहीं बचा पाए। इस जीत से बेंगलुरु की टीम पांच मैच में चार जीत से आठ अंक के साथ शीर्ष पर पहुंच गई है। राजस्थान रॉयल्स के भी आठ अंक हैं लेकिन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम बेहतर नेट रन रेट के कारण शीर्ष पर है। रसिख (24 रन पर चार विकेट) और भुवनेश्वर (27 रन पर तीन विकेट) की धारदार गेंदबाजी के सामने सुपर जाइंट्स की टीम पारी की अंतिम गेंद पर 146 रन पर सिमट गई। कृणाल पंड्या ने भी 38 रन देकर दो विकेट हासिल किए। सुपर जाइंट्स की ओर से सलामी बल्लेबाज मिचेल मार्श ने सर्वाधिक 40 रन बनाए जबकि मुकुल चौधरी ने 39 और आयुष बडोनी ने 38 रन का योगदान दिया लेकिन तीनों में से कोई भी अच्छी शुरुआत को बड़ी परी में नहीं बदल पाया।

पंजाब किंग्स का अजेय अभियान, मुंबई इंडियंस के लिए जीत जरूरी

नई दिल्ली पिछले कुछ मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन करने वाली मुंबई इंडियंस की टीम स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा की संभावित गैरमौजूदगी के बावजूद गुरुवार को पंजाब किंग्स से जीतने के लिए जोर लगाएगी। पंजाब की टीम आईपीएल 2026 में अब तक अजेय चल रही है। 5 बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस अभी पॉइंट्स टेबल में नौवें पायदान पर है। पंजाब के खिलाफ मैच में रोहित शर्मा के खेलने पर सस्पेंस बना हुआ है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ पिछले मैच के दौरान हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण हिटमैन लंगड़ाते हुए मैदान से बाहर चले गए थे। मुंबई को अब हर हाल में जीत की दरकार है और ऐसे में यह देखना होगा कि रोहित इस मैच के लिए उपलब्ध रहते हैं या नहीं। वैसे अगर मुंबई को अगर वापसी करनी है तो उसके सभी खिलाड़ियों को अपना योगदान देना होगा। मुंबई ने पिछले 13 सत्र में पहली बार अपना शुरुआती मैच जीता था लेकिन इसके बाद उसका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। मुंबई इंडियंस का पावरप्ले में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और उसे इस क्षेत्र में काम करने की जरूरत है। उसने चार मैचों में पहले छह ओवरों के महत्वपूर्ण चरण में केवल तीन विकेट लिए हैं। इसमें राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ बारिश से प्रभावित मैच भी शामिल है जिसमें पावरप्ले 3.2 ओवर का था। जसप्रीत बुमराह रन रोकने में तो सफल रहे हैं, लेकिन यह स्टार भारतीय तेज गेंदबाज अब तक चार मैचों में विकेट नहीं ले पाया है। ट्रेंट बोल्ट और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी गेंदबाजों की मौजूदगी के बावजूद मुंबई इंडियंस के गेंदबाज अभी तक प्रभावित नहीं कर पाए हैं। यहां तक की बल्लेबाजी में भी मुंबई इंडियंस ने पावरप्ले का पूरा फायदा नहीं उठा पाया है। इससे उसके मध्यक्रम पर दबाव बन रहा है। उसके मध्यक्रम में सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा भी शामिल हैं, जिन्होंने काफी हद तक निराश किया है। भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार ने एक अर्धशतक लगाया है लेकिन तिलक ने अब तक 20, 00, 14 और 01 रन ही बनाए हैं। टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन करने वाले इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स की अनुपलब्धता मुंबई इंडियंस के लिए एक और समस्या है। मुंबई इंडियंस को लगातार तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। इसके लिए कुछ खिलाड़ियों की गैर मौजूदगी जिम्मेदार नहीं है बल्कि टीम का अपनी क्षमता के अनुसार प्रदर्शन नहीं कर पाना है। आरसीबी के खिलाफ मैच में मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों ने लगातार ऐसी गेंदें फेंकीं जिन्हें बल्लेबाजों ने बाउंड्री के पार पहुंचाया, जबकि उसके बल्लेबाज पावरप्ले में दबाव नहीं बना सके। मुंबई के दोनों स्पिनर मयंक मार्कंडे और मिचेल सैंटनर को हर बार अपनी लेंथ से भटकने के कारण नुकसान उठाना पड़ा। पिछले सत्र की तरह श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स ने एक बार फिर अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखा है और उसे हराना आसान नहीं होगा। पंजाब किंग्स के बल्लेबाजों ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है। इसका एक नमूना सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मैच में देखने को मिला जिसमें उसने पावरप्ले में बिना किसी नुकसान के 93 रन बनाए थे। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्य की जोड़ी खतरनाक नजर आ रही है, जबकि अय्यर के आत्मविश्वास और कूपर कोनोली के आने से उसकी टीम और भी मजबूत हो गई है। पंजाब किंग्स की गेंदबाजी की बात करें तो उसके मुख्य गेंदबाज अर्शदीप सिंह अभी तक अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने अब तक खेले गए चार मैचों में 84 गेंदों पर 149 रन लुटाए हैं और केवल दो विकेट ही लिए हैं। टीम इस प्रकार हैं: मुंबई इंडियंस: हार्दिक पांड्या (कप्तान), क्विंटन डीकॉक (विकेटकीपर), दानिश मालेवार, रॉबिन मिंज (विकेटकीपर), रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, अथर्व अंकोलेकर, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स, मयंक रावत, नमन धीर, मिचेल सैंटनर, शार्दुल ठाकुर, अश्विनी कुमार, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह, दीपक चाहर, एएम गजनफर, मयंक मार्कंडे, मो. इज़हार, रघु शर्मा। पंजाब किंग्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), प्रियांश आर्य, पायला अविनाश, हरनूर सिंह, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), विष्णु विनोद (विकेटकीपर), नेहल वढेरा, अजमतुल्लाह उमरजई, कूपर कोनोली, मार्को यानसन, मुशीर खान, मिशेल ओवेन, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, सूर्यांश शेडगे, अर्शदीप सिंह, जेवियर बार्टलेट, युजवेंद्र चहल, प्रवीण दुबे, बेन द्वारशुइस, लॉकी फर्ग्यूसन, हरप्रीत बराड़, विशाल निशाद, विजयकुमार वैशाक, यश ठाकुर। समय: मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

बेंगलुरु vs लखनऊ, आज होगा ज़बरदस्त मुकाबला

नई दिल्ली इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में बुधवार यानी आज बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) से होगा। इस मैच में दोनों टीमों के लिए बहुत कुछ दांव पर लगा है। डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी इस सीजन 4 में से 3 मुकाबले अपने नाम कर चुकी है। इस टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया और फिर चेन्नई सुपर किंग्स को 43 रन से हराया। इसके बाद राजस्थान रॉयल्स ने आरसीबी की जीत का क्रम तोड़ा। उस मैच में आरसीबी को 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा था। अपने चौथे मैच में आरसीबी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 18 रन से जीत हासिल की। 4 में से 2 मुकाबले हार चुकी है लखनऊ दूसरी ओर, लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम 4 में से 2 मैच गंवा चुकी है। इस टीम ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अपना पहला मैच 6 विकेट से हारा, जिसके बाद शानदार वापसी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद (5 विकेट) और कोलकाता नाइट राइडर्स (3 विकेट) के खिलाफ जीत हासिल की। इसके बाद गुजरात टाइटंस के खिलाफ 7 विकेट से मैच गंवा दिया। आरसीबी और लखनऊ का हेड टू हेड रिकॉर्ड लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मैच खेले गए हैं, जिसमें आरसीबी ने 4 मुकाबले जीते और एलएसजी को सिर्फ 2 जीत नसीब हुई। साल 2022 में आरसीबी ने दोनों मुकाबलों में एलएसजी को शिकस्त दी थी। इसके बाद साल 2023 में दोनों टीमों ने एक-एक मैच अपने नाम किए। साल 2024 में एलएसजी ने 28 रन से मुकाबला जीता था। पिछली बार जब आईपीएल 2025 में ये दोनों टीमें आमने-सामने थीं, तो आरसीबी ने छह विकेट से आसान जीत हासिल की। मैच के लिए दोनों टीमें इस प्रकार हैं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: रजत पाटीदार (कप्तान), विराट कोहली, टिम डेविड, जैकब बेथेल, रोमारियो शेफर्ड, जोश हेजलवुड, नुवान तुषारा, देवदत्त पडिक्कल, जितेश शर्मा, क्रुणाल पांड्या, रसिक डार, भुवनेश्वर कुमार, जॉर्डन कॉक्स, सुयश शर्मा, वेंकटेश अय्यर, स्वप्निल सिंह, जैकब डफी, कनिष्क चौहान, अभिनंदन सिंह, मंगेश यादव, फिल सॉल्ट, सात्विक देसवाल, विक्की ओस्तवाल, विहान मल्होत्रा। लखनऊ सुपर जायंट्स: ऋषभ पंत (कप्तान), एडेन मार्करम, हिम्मत सिंह, मैथ्यू ब्रीत्जके, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, जोश इंग्लिस, मिशेल मार्श, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, अर्शिन कुलकर्णी, वानिंदु हसरंगा, आयुष बडोनी, मोहम्मद शमी, अवेश खान, एम. सिद्धार्थ, दिग्वेश सिंह, आकाश सिंह, प्रिंस यादव, अर्जुन तेंदुलकर, एनरिक नॉर्खिया, नमन तिवारी, मयंक यादव, मोहसिन खान। मैच का समय: शाम को 7 बजकर 30 मिनट पर मैच शुरू होगा। टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स पर मैच लाइव आएगा जबकि इसकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार एप पर होगी।

IPL 2026: KKR को चेन्नई सुपर किंग्स ने 32 रन से हराया

चेन्नई कोलकाता नाइट राइडर्स यानी केकेआर को आईपीएल 2026 में अभी भी पहली जीत का इंतजार है। केकेआर ने इस सीजन पांच मैच खेल लिए हैं, जिनमें से चार मैचों में हार उनको मिली है और एक मैच बारिश में धुल गया था। एक पॉइंट ही केकेआर के खाते में हैं। मंगलवार 14 अप्रैल को सीएसके के खिलाफ उनको करारी हार मिली। इस हार के पीछे की वजह केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बताई है। उनका कहना है कि एक बल्लेबाज की जरूरत थी, जो मैच को आखिर तक ले जाए। इसके अलावा उन्होंने टीम कॉम्बिनेशन को भी हार का जिम्मेदार ठहराया है। KKR के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में कहा, "बिल्कुल। मुझे लगा कि बॉल से हमने सच में अच्छा किया। इस विकेट पर 190 का स्कोर सच में अच्छा था, खासकर पावरप्ले में जो उन्होंने बनाया, 70 के आस-पास रन। उसके बाद, 190 तक रोकना हमारी बॉलिंग यूनिट का कमाल का काम था। मुझे लगा कि शुरू में हमारी बैटिंग में, हमने पावरप्ले में सिर्फ 36 या 37 रन बनाए। मुझे लगा कि यह सच में जरूरी था। बीच का फेज, स्पिनरों को हिट करना थोड़ा मुश्किल था, लेकिन इसके अलावा, विकेट सच में अच्छा था। हमें एक बैटर की जरूरत थी जो डीप तक बैटिंग करे और फिर आखिर में मैच ले जाए।".  आखिर किंग खान की इस टीम की चमक अचानक कैसे फीकी पड़ गई? यहां वो 5 बड़ी वजहें दी गई हैं जिन्होंने KKR के विजय रथ को पटरी से उतार दिया है.  1. प्रेरणादायक कप्तान का अभाव और रहाणे का गिरता फॉर्म अजिंक्य रहाणे की कप्तानी इस बार सवालों के घेरे में है. टीम में वो जोश और ऊर्जा नहीं दिख रही है जिसके लिए KKR जानी जाती थी. बल्ले से भी रहाणे सामान्य रहे हैं. उन्होंने 5 पारियों में केवल 152 रन बनाए हैं, जिसमें मुंबई इंडियंस के खिलाफ एक अर्धशतक के अलावा कोई बड़ी पारी नहीं दिखी. रहाणे रणनीतिक फैसलों और टीम को एकजुट करने में अब तक विफल रहे हैं।  2. वरुण चक्रवर्ती: विश्व कप के 'मैच विनर' से आईपीएल के 'फ्लॉप शो' तक  वरुण चक्रवर्ती की नाकामी टीम के लिए सबसे बड़ा झटका है. टी20 विश्व कप 2026 में 14 विकेट चटकाने वाला यह 'मिस्ट्री स्पिनर' आईपीएल में बिल्कुल बेअसर दिख रहा है. इस IPL सीजन वरुण ने 3 मैचों में 9 ओवर की गेंदबाजी जिसमे 105 रन लुटाए और विकेटों का खाता अब तक नहीं खुला है. पावरप्ले में उनसे गेंदबाजी कराने के फैसले की भी काफी आलोचना हो रही है।  3. कैमरून ग्रीन: नाम बड़े और दर्शन छोटे  कैमरन ग्रीन को 2026 के IPL ऑक्शन में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने ₹25.20 करोड़ में खरीदा था जिससे वो IPL के इतिहास में सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने. KKR ने ग्रीन पर बड़ा दांव जरूर खेला था, लेकिन वह अब तक पूरी तरह फ्लॉप रहे हैं. ग्रीन ने 5 पारियों (18, 2, 4, 32, 0) में कुल मिलाकर महज 56 रन बनाए हैं. गेंदबाजी में भी 2 मौके पर वह अब तक सिर्फ एक सफलता (LSG के खिलाफ) ही हासिल कर पाए हैं।  4. टॉप ऑर्डर की लगातार नाकामी  टीम की ओपनिंग जोड़ी (फिन एलन और रहाणे) और नंबर 3 पर ग्रीन की विफलता के कारण टीम को ठोस शुरुआत नहीं मिल पा रही है. शुरुआती झटकों के चलते मध्यक्रम पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे पूरी टीम ताश के पत्तों की तरह ढह रही है।  5. रणनीतिक चूक और रोल क्लैरिटी की कमी  मैदान पर खिलाड़ियों को अपनी भूमिका को लेकर स्पष्टता नहीं दिख रही है. रहाणे के रणनीतिक फैसलों, जैसे कि फॉर्म से बाहर चल रहे वरुण को पावरप्ले में गेंदबाजी देना, टीम के लिए उल्टा साबित हो रहा है. टीम का आत्मविश्वास इतना गिर चुका है कि वो जीते हुए मैच भी करीबी अंतर से हार रहे हैं। 

बेंगलुरु में भिड़ेंगे RCB और LSG, इतिहास में RCB का पलड़ा भारी

बेंगलुरु इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 23वें मैच में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) से 15 अप्रैल को चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा। RCB ने इस सीजन में अब तक 3 मैच जीते हैं और 1 में शिकस्त झेली है, जबकि LSG ने 2 मुकाबले जीते हैं और 2 में ही हार का सामना किया है। आइए मैच से जुड़ी बातों पर एक नजर डालते हैं। RCB का पलड़ा है भारी LSG के खिलाफ RCB का पलड़ा भारी रहा है। दोनों टीमों के बीच IPL के इतिहास में अब तक 6 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 4 मैच में RCB को जीत मिली है और 2 मैच LSG ने अपने नाम किए हैं। इस संस्करण दोनों टीमों के बीच पहला मुकाबला खेला जाएगा। IPL 2025 में दोनों टीम सिर्फ 1 मैच में भिड़ी थी। उस मैच को RCB ने 6 विकेट से जीता था। ऐसी हो सकती है RCB की प्लेइंग इलेवन RCB ने अपने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस (MI) को 18 रन से हराया था। उस मैच में RCB ने अपने बल्लेबाजों के दमदार प्रदर्शन के चलते 240 रन का बड़ा स्कोर बनाया था। बल्लेबाजी में RCB का शीर्षक्रम अपने प्रदर्शन को दोहराने की कोशिश करेगा। संभावित एकादश: फिलिप सॉल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडीक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमेरियो शेफर्ड, क्रुणाल पांड्या, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, और सुयश शर्मा। इस संयोजन के साथ उतर सकती है LSG LSG को अपने पिछले मैच में गुजरात टाइटंस (GT) के खिलाफ हार मिली थी। उस मैच में LSG के बल्लेबाजों ने निराश किया था और पूरी टीम पहले खेलते हुए 164 रन ही बना सकी थी। RCB के विरुद्ध LSG अपने बल्लेबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद करेगी। संभावित एकादश: मिचेल मार्श, एडेन मार्करम, ऋषभ पंत (कप्तान/विकेटकीपर), आयुष बडोनी, निकोलस पूरन, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहम्मद शमी, आवेश खान, दिग्वेश सिंह राठी, और प्रिंस यादव। ये हो सकते हैं दोनों टीमों के इम्पैक्ट प्लेयर RCB: रसिख सलाम डार, वेंकटेश अय्यर, जैकब बेथेल, जोश हेजलवुड, और अभिनंदन सिंह। LSG: मणिमारन सिद्धार्थ, शाहबाज अहमद, मयंक यादव, एनरिक नोर्खिया और जोश इंगलिस। कैसा है चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच का मिजाज? एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यह मैदान अपनी छोटी बाउंड्री के कारण हाई स्कोरिंग मैदान के रूप में जाना जाता है। हालांकि, यहां स्पिन गेंदबाजों मिडिल ओवर्स के दौरान प्रभावशाली होते हैं। हाउस्टेट के मुताबिक, चिन्नास्वामी स्टेडियम पर IPL मैचों के दौरान पहली पारी का औसत स्कोर 167 रन का है। बेंगलुरु में सर्वोच्च टीम स्कोर का रिकॉर्ड SRH (287/3 बनाम RCB, 2024) के नाम पर दर्ज है। कैसा रहेगा मौसम का हाल? एक्यूवेदर के मुताबिक, 15 अप्रैल को बेंगलुरु में अच्छी गर्मी होगी। दिन का अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक जा सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रहने की उम्मीद है। मैच की शुरुआत शाम 7:30 बजे होगी। बारिश की कोई संभावना नहीं है। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर होंगी नजरें कोहली ने LSG के खिलाफ अब तक 6 पारियों में 32.16 की औसत और 133.1 की स्ट्राइक रेट से 193 रन बनाए हैं। जैकब डफी ने 3 पारियों में 23.00 की औसत के साथ 6 विकेट लिए हैं। LSG के कप्तान पंत को RCB के खिलाफ बल्लेबाजी करना पसंद है। इस टीम के खिलाफ उन्होंने 13 पारियों में 53.9 की औसत और 158.06 की स्ट्राइक रेट के साथ 539 रन बनाए हैं।  

चेन्नई का पलड़ा भारी या KKR करेगा वापसी? जानिए मैच प्रीव्यू

चेपॉक आईपीएल 2026 के 22वें मुकाबले में मंगलवार यानी आज एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के साथ होगी। सीएसके ने पिछले मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को हराते हुए जीत का खाता खोला है। चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शानदार रहा था। टूर्नामेंट में अब तक पहली बार सीएसके की सलामी जोड़ी अच्छी लय में दिखाई दी थी। संजू सैमसन और कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने पहले विकेट के लिए 62 रन जोड़े थे। संजू बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने अपने आईपीएल करियर का चौथा शतक लगाया था। विकेटकीपर-बल्लेबाज ने 56 गेंदों में 115 रनों की दमदार पारी खेली थी। आयुष म्हात्रे ने 36 गेंदों में 59 रन बनाए थे। गेंदबाजी में जेमी ओवरटन चमके गेंदबाजी में जेमी ओवरटन ने शानदार स्पेल डालते हुए 4 ओवर में 18 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे, जबकि अंशुल कंबोज ने 3 विकेट निकाले थे। दूसरी ओर, केकेआर अंक तालिका में सबसे नीचे है। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में केकेआर को इस सीजन की अपनी पहली जीत की अभी भी तलाश है। 4 मुकाबलों में से टीम को 3 मैच में हार का सामना करना पड़ा है, तो एक मुकाबला बेनतीजा रहा है। अंजिक्य रहाणे ने पिछले मुकाबले में 24 गेंदों में 41 रन बनाए थे, जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 33 गेंदों में 45 रन बनाए थे। वहीं, कैमरून ग्रीन और रोवमैन पॉवेल भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे। केकेआर का बॉलिंग अटैक चिंता का विषय केकेआर के लिए इस सीजन टीम का गेंदबाजी अटैक चिंता का विषय रहा है। वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी, नवदीप सैनी अब तक इस सीजन छाप छोड़ने में नाकाम रहे हैं। सुनील नरेन जरूर पिछले मैच में किफायती रहे थे और उन्होंने 4 ओवर में महज 13 रन देकर एक विकेट निकाला था। वरुण चक्रवर्ती इस मुकाबले के लिए फिट हो पाएंगे या नहीं, यह भी देखना दिलचस्प होगा। कैसा खेलेगी चेपॉकी की पिच? एमए चिदंबरम स्टेडियम की पिच इस सीजन बल्लेबाजी के मुफीद नजर आई है। गेंद बल्ले पर काफी अच्छे से आ रही है और खूब चौके-छक्के भी लग रहे हैं। अच्छी लाइन एंड लेंथ के साथ गेंदबाजी करने वाले तेज गेंदबाजों को भी इस ग्राउंड से मदद मिली है। कैसा है चेन्नई और केकेआर का हेड टू हेड रिकॉर्ड आईपीएल के इतिहास में केकेआर और सीएसके के बीच अब तक कुल 32 मुकाबले खेले गए हैं। इसमें से 20 मैच सीएसके ने जीते हैं, जबकि केकेआर ने 11 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। एक मैच बेनतीजा रहा है। एक्यूवेदर की रिपोर्ट के अनुसार, केकेआर बनाम सीएसके मुकाबले में बारिश होने की आशंका न के बराबर है। मौसम पूरी तरह से साफ रहने की उम्मीद है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

राजस्थान के खिलाफ प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन की आतिशी गेंदबाजी, टीम हुई पस्त

हैदराबाद हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद ने राजस्थान रॉयल्स को 57 रन के बड़े अंतर से मात दे दी है. इस मैच में जीत के हीरो प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन रहे जिन्होंने 4-4 विकेट लेकर मेहमान टीम के मंसूबों पर पानी फेर दिया।  ईशान किशन की शानदार बल्लेबाजी राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग ने टॉस जीतकर सनराइजर्स हैदराबाद को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया. अभिषेक शर्मा के गोल्डन डक पर आउट होने के बाद कैप्टन ईशान किशन ने खुद जिम्मेदारी लेते हुए शानदार पारी खेली, हालांकि वो शतक लगाने से चूक गए. उन्होंने 44 गेंदों में 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 91 रन बनाए. हेनरिच क्लासेन ने भी 40 रनों का योगदान दिया. नीतीश कुमार रेड्डी ने 28 और सलिल अरोड़ा ने 26 रन बनाए. इन पारियों की बदौलत एसआरएच ने 20 ओवर में 216/6 का स्कोर बनाया।  हिंगे-हुसैन ने बने SRH के मैच विनर 217 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान की टीम पूरी तरह बेबस नजर आई. पहले ही ओवर में प्रफुल्ल हिंगे ने आरआर के 3 बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया और मैच का रुख अपनी टीम की तरफ मोड़ लिया. डेब्यू करने वाले इस गेंदबाज ने 4 ओवर में 34 रन देकर 4 बल्लेबाजों को पलेलियन की राह दिखाई. इस काम में उनका साथ साकिब हुसैन ने बखूबी निभाया, जिन्होंने 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट लिए, बाकी 2 शिकार ईशान मलिंगा ने बनाए और इस तरह पूरी राजस्थान टीम 19 ओवर में 159 रन बनाकर ऑल आउट हो गई. हिंगे को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया।  वैभव सूर्यवंशी पहली बार ‘गोल्डन डक’ का शिकार सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला खेला गया. इस मैच में सबकी नजरें 15 साल के वैभव सूर्यवंशी पर थीं, लेकिन इस बार नतीजा बिल्कुल उल्टा निकला. शानदार फॉर्म में चल रहे इस वैभव को हैदराबाद के खिलाफ मुकाबले में पहली ही गेंद पर आउट होकर गोल्डन डक का सामना करना पड़ा।  इससे पहले सूर्यवंशी इस सीजन में 52, 31, 39 और 78 जैसी दमदार पारियां खेल चुके थे, लेकिन इस मैच में उनका खाता भी नहीं खुल सका. यह उनके IPL करियर का पहला गोल्डन डक रहा. इससे पहले वह 2025 में एक बार शून्य पर आउट हुए थे, लेकिन तब उन्होंने दो गेंदें खेली थीं।  ईशान किशन का तूफान दूसरी ओर, ईशान किशन ने कप्तानी पारी खेलते हुए 44 गेंदों में 91 रन ठोक दिए. उनकी इस पारी में 8 चौके और 6 छक्के शामिल थे. किशन ने Heinrich Klaasen (40 रन) के साथ 88 रनों की अहम साझेदारी की और टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. उनकी इस पारी के दम पर हैदराबाद ने 216 रन बनाए।