samacharsecretary.com

चेपॉक में CSK का जलवा जारी रखने की कोशिश, KKR पर दबाव

चेपॉक पिछले मैच में जीत से उत्साहित चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की टीम मंगलवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच में अब तक एक भी मैच नहीं जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की टीम के खिलाफ दबदबा बनाने की कोशिश करेगी. सीएसके ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन करके सत्र की अपनी पहली जीत दर्ज की. उसकी इस जीत के नायक संजू सैमसन रहे जिन्होंने 56 गेंद पर नाबाद 115 रन की पारी खेली. इसके बाद उसके गेंदबाजों ने भी अच्छा प्रदर्शन किया. डेवाल्ड ब्रेविस के फिट होकर वापसी करने से सीएसके को अपने गेंदबाजी संयोजन में बदलाव करने की छूट मिली जिससे वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 212 रन का बचाव करने में सफल रही. बाएं हाथ के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह ने अपने आईपीएल पदार्पण पर प्रभावित किया. उन्होंने अपनी अतिरिक्त उछाल से बल्लेबाजों को चौंकाया. जेमी ओवरटन ने भी शानदार प्रदर्शन किया और लगातार अच्छी गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए. सत्र का अपना पहला मैच खेल रहे बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने पावरप्ले में सीएसके के गेंदबाजी आक्रमण को एक और आयाम प्रदान किया. बल्लेबाजी की बात करें तो सैमसन सीएसके के लिए अपने पदार्पण सत्र में आखिर रन बनाने में सफल रहे. उन्होंने पहले छह ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करके अपना असली रंग दिखाया. सीएसके के लिए हालांकि कप्तान रुतुराज गायकवाड़ की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है. वह संघर्ष कर रही केकेआर के खिलाफ एक बड़ी पारी खेलकर लय हासिल करने की कोशिश करेंगे. टूर्नामेंट की शुरुआत में यह घोषणा की गई थी कि महेंद्र सिंह धोनी पिंडली में खिंचाव के कारण कुछ हफ्तों के लिए बाहर रहेंगे. पिछले मैच में गायकवाड़ ने संकेत दिया था कि यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज जल्द वापसी करेगा. दूसरी ओर केकेआर जीत के लिए बेताब है। लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ वह लगभग जीत के करीब पहुंच गया था, लेकिन मुकुल चौधरी की शानदार पारी ने अजिंक्य रहाणे और उनकी टीम को पहली जीत से वंचित कर दिया. कैमरन ग्रीन ने पिछले मैच में केकेआर के लिए गेंदबाजी की. यह ऑलराउंडर चेपॉक में शानदार प्रदर्शन करके अपनी मोटी कीमत को सही साबित करने की कोशिश करेगा. इसी तरह रिंकू सिंह मध्य क्रम में रन बनाने के लिए बेताब हैं और मंगलवार का दिन उनके लिए खास हो सकता है. रहाणे ने बल्लेबाजी में अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि अंगकृष रघुवंशी ने भी प्रभाव छोड़ा है. रोवमैन पॉवेल और ग्रीन ने भी एलएसजी के खिलाफ कुछ रन बनाए, जो टीम के लिए सकारात्मक संकेत है. केकेआर को अगर सीएसके को उसके गढ़ में हराना है तो उसके गेंदबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा. उसके प्रमुख गेंदबाज अभी तक अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं जिसका असर परिणाम में देखने को मिल रहा है. टीम इस प्रकार हैं: सीएसके: रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), डेवाल्ड ब्रेविस, एमएस धोनी, उर्विल पटेल, संजू सैमसन, शिवम दुबे, आयुष म्हात्रे, श्रेयस गोपाल, जेमी ओवरटन, खलील अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजपनीत सिंह, नूर अहमद, अकील हुसैन, प्रशांत वीर, कार्तिक शर्मा, मैथ्यू शॉर्ट, अमन खान, सरफराज खान, मैट हेनरी, राहुल चाहर, जैकरी फॉल्क्स, स्पेंसर जॉनसन, रामकृष्ण घोष, मुकेश चौधरी केकेआर: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), मनीष पांडे, रोवमैन पॉवेल, अंगकृष रघुवंशी, रमनदीप सिंह, रिंकू सिंह, सुनील नारायण, अनुकूल रॉय, वैभव अरोड़ा, उमरान मलिक, वरुण चक्रवर्ती, फिन एलन, मथीशा पथिराना, राहुल त्रिपाठी, टिम सीफर्ट, तेजस्वी दहिया, रचिन रवींद्र, आकाश दीप, ब्लेसिंग मुजाराबानी, नवदीप सैनी, प्रशांत सोलंकी, सार्थक रंजन, कार्तिक त्यागी, कैमरन ग्रीन, सौरभ दुबे, दक्ष कामरा।

दिल्ली के दिल तोड़े आखिरी गेंद का ड्रामा और मिलर का बड़ा गलती

नईदिल्ली  इंडियन प्रीमियर लीग के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में 8 अप्रैल को गुजरात टाइटन्स ने आखिरी गेंद पर दिल्ली कैपिटल्स को हराकर सीजन की अपनी पहली जीत दर्ज की. मैच का नतीजा अंतिम गेंद तक झूलता रहा, जहां डेविड मिलर की एक छोटी सी चूक दिल्ली पर भारी पड़ गई.यह मुकाबला द‍िल्ली के अरुण जेटली स्टेड‍ियम में खेला गया।  211 रन के टारगेट का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवर में 8 विकेट पर 209 रन ही बना सकी और जीत से महज एक रन दूर रह गई।  आखिरी ओवर में जीत के लिए 13 रन चाहिए थे. प्रसिद्ध कृष्णा गेंदबाजी कर रहे थे. मिलर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मैच को आखिरी गेंद तक पहुंचा दिया. लेकिन चौथी गेंद पर सिंगल लेने से इनकार करना उनकी सबसे बड़ी गलती साबित हुई।  अंतिम गेंद पर दिल्ली को 2 रन चाहिए थे. प्रसिद्ध ने धीमी बाउंसर डाली, जिसे मिलर कनेक्ट नहीं कर सके. रन लेने की कोशिश में कुलदीप यादव क्रीज से बाहर रह गए और जोस बटलर ने स्टंपिंग कर मैच गुजरात की झोली में डाल दिया. दिल्ली ने वाइड के लिए रिव्यू लिया, लेकिन गेंद सही करार दी गई।  जान‍िए आख‍िरी ओवर का रोमांच  19वें ओवर तक टाइटन्स का खेल पूरी तरह नियंत्रण में था और घरेलू टीम को अंतिम दो ओवरों में 36 रन चाहिए थे. इससे पहले वो स‍िराज के ओवर में 23 रन जड़ चुके थे।  प्रसिद्ध कृष्णा को अंतिम छह गेंदों पर 13 रन का बचाव करना था.विप्रज निगम पहली गेंद पर चौका लगाने के बाद आउट हो गए, जिससे मिलर को अंतिम तीन गेंदों पर 8 रन बनाने थे.इसके बाद चौथी गेंद पर लॉन्ग-ऑफ पर एक बड़ा हिट लगाया गया जिसने दिल्ली कैपिटल्स के लिए लगभग मैच तय कर दिया।  लेकिन पांचवी गेंद जो प्रसिद्ध कृष्णा ने डेविड मिलर को फेंकी, उस पर कोई रन नहीं नहीं आया. शॉर्ट ऑफ लेंथ की बॉल को एंगल से खेला, मिलर ने घूमकर डीप स्क्वायर लेग पर पुल किया. जब कुलदीप को वापस भेजा गया तो वह आधे रास्ते पर थे. मिलर खुद ऐसा करना चाहते थे. अगर स्कोर बराबर होता तो सिंगल मिल जाता और अगर कुलदीप चूक भी जाते, तो भी मैच टाई हो जाता. इसके बाद समीकरण 1 गेंद पर 2 रन हो गया।  आखिरी गेंद पर 2 रन चाहिए थे, प्रसिद्ध ने धीमी बाउंसर फेंकी जिसे मिलर ने कनेक्ट नहीं किया, और रन के लिए चले गए, जिससे कुलदीप यादव क्रीज से बाहर हो गए।  रिव्यू में वाइड बताया गया लेकिन इसे फेयर डिलीवरी माना गया, जिससे मिलर निराश हुए.यह दिल्ली कैपिटल्स की इस सीजन की पहली हार थी, जबकि टाइटन्स ने आखिरकार तीसरी कोशिश में पूरे पॉइंट हासिल किए।  10 साल में वॉशिंगटन सुंदर ने जड़ी पहली IPL फिफ्टी सुंदर को भारत के बेहतरीन ऑलराउंडरों में गिना जाता है, लेकिन आईपीएल में अपने पहले अर्धशतक तक पहुंचने में उन्हें पूरे 10 साल लग गए. 68 मैच और 48 पारियों के बाद सुंदर ने आखिरकार बल्ला उठाकर जश्न मनाया।  दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ सुंदर ने 32 गेंदों में 55 रन बनाए. उनकी इस पारी में 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे. यह पारी सिर्फ एक अर्धशतक नहीं थी, बल्कि वॉशिंगटन सुंदर के लिए एक बड़ा मोड़ साबित हो सकती है. अपने पूरे आईपीएल करियर में सुंदर को बल्लेबाजी के पर्याप्त मौके नहीं मिले और जब भी मौका मिला, वह उसे बड़े स्कोर में बदल नहीं पाए।  इससे पहले आईपीएल में उनका सबसे बड़ा स्कोर 49 रन था, जो उन्होंने पिछले सीजन में बनाया था. बता दें कि सुंदर ने 2017 में पहली बार आईपीएल खेला था. लेकिन उनके बल्ले से फिफ्टी नहीं आई थी. आईपीएल में सुंदर ने 4 टीमों के लिए खेला है और अबतक कुल 588 रन बनाए हैं।  इस पारी की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने जोस बटलर के साथ मिलकर 103 रन की साझेदारी की. बटलर ने भी अर्धशतक लगाया और दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर मैच का रुख बदल दिया. ऐसी रही सुंदर की बल्लेबाजी सुंदर की पारी को तीन हिस्सों में बांटा जा सकता है. शुरुआत में उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों में लगभग 29 रन बनाए. इसके बाद उन्होंने थोड़ा समय लिया और अगली 16 गेंदों में 15 रन जोड़े. फिर आखिरी चरण में उन्होंने दोबारा तेजी से रन बनाना शुरू किया।  गुजरात टाइटंस ने अंत में 4 विकेट पर 210 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया. यह स्कोर ऐसे गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ आया, जिसे मजबूत माना जाता है।  बटलर-ग‍िल-सुंदर चमके इससे पहले, जोस बटलर ने 27 गेंदों में 52 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए टीम को तेज शुरुआत दिलाई. उन्होंने मुकेश कुमार के एक ओवर में तीन छक्कों सहित 23 रन बटोरे. पावरप्ले में दिल्ली ने 68 रन बना लिए थे।  बटलर के आउट होने के बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला. उन्होंने 70 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें पांच छक्के शामिल थे. वॉशिंगटन सुंदर ने भी 32 गेंदों में 55 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. गुजरात ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 210 रन बनाए।  दिल्ली की ओर से केएल राहुल ने 52 गेंदों में 92 रन की पारी खेली, जबकि पथुम निसांका ने 41 रन बनाए. दोनों के बीच 76 रन की साझेदारी हुई, जिससे टीम मजबूत स्थिति में दिख रही थी।  हालांकि, म‍िड‍िल ओवर्स में राशिद खान ने तीन विकेट लेकर मैच का रुख बदल दिया. इसके बाद दिल्ली की पारी लड़खड़ा गई. आखिरी ओवर से पहले दिल्ली को 36 रन चाहिए थे. मिलर ने मोहम्मद सिराज के ओवर में 23 रन बनाकर मैच में जान डाल दी, लेकिन अंत में उनकी एक गलती टीम को भारी पड़ गई।   म‍िलर का ओवरकॉन्फ‍िडेंस पड़ा द‍िल्ली पर भारी सीजन की शुरुआत में लगातार दो करीबी मुकाबले हारने वाली गुजरात टीम इस बार आखिरकार जीत की ओर झुकी. हालांकि, दिल्ली के डेविड मिलर लगभग हीरो बन गए थे, लेकिन आखिरी दो गेंदों में लिया गया उनका फैसला टीम पर भारी पड़ गया।  मैच का टर्निंग पॉइंट: राशिद का जादू गुजरात की जीत के असली हीरो राशिद खान रहे. उन्होंने 4 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट झटके. 10वें ओवर में … Read more

श्रेयस की शानदार कप्तानी पारी, पंजाब ने CSK को उनके घर में दी हार

 चेन्नई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-7 में शुक्रवार (3 अप्रैल) को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का सामना पंजाब किंग्स (PBKS) से हुआ. चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में हुए इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने 5 विकेट से जीत हासिल की. चेन्नई सुपर किंग्स ने पंजाब किंग्स को जीत के लिए 210 रनों का टारगेट दिया था. इस टारगेट को पंजाब किंग्स ने 18.4 ओवरों में हासिल कर लिया. पंजाब किंग्स के लिए कप्तान श्रेयस अय्यर ने शानदार 50 रन बनाए।  मौजूदा सीजन में पंजाब किंग्स की ये लगाातार दूसरी जीत रही, वहीं सीएसके ने लगातार दूसरा मैच गंवाया है. बता दें कि चेन्नई सुपर किंग्स को अपने पहले मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (RR) के हाथों 8 विकेट से हार झेलनी पड़ी थी. वहीं पंजाब किंग्स ने गुजरात टाइटन्स (GT) को 3 विकेट से हराकर अपने अभियान का शानदार आगाज किया था।  पंजाब का ऐसा रहा रनचेज रनचेज में पंजाब किंग्स की शुरुआत तूफानी रही. प्रियांश आर्य और प्रभसिमरन सिंह ने मिलकर पहले विकेट के लिए 4.2 ओवरों में 61 रनों की साझेदारी की. प्रियांश आर्य ने 11 गेंदों पर 39 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और चार छक्के शामिल रहे. तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने प्रियांश का विकेट लिया. वहीं प्रभसिमरन सिंह 43 रन बनाकर सरफराज खान के थ्रो पर रन आउट हुए।  प्रभसिमरन ने 34 गेंदों की इनिंग्स में 6 चौके के अलावा एक सिक्स लगाया. कूपर कोनोली ने भी 6 चौके की मदद से 22 बॉल पर 36 रन बनाए, जिसने पंजाब का मोमेंटम बनाए रखा. यहां से कप्तान श्रेयस अय्यर ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 27 गेंदों पर फिफ्टी जमाई. श्रेयस ने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 29 गेंदों पर 50 रनों का योगदान दिया. श्रेयस को अंशुल कम्बोज ने आउट किया. श्रेयस के बाद नेहाल वढेरा (10 रन) भी आउट हो गए. यहां से मार्कस स्टोइनिस (नाबाद 9 रन) और शशांक सिंह (नाबाद 14 रन) ने टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया।  ऐसी रही चेन्नई सुपर किंग्स की पारी चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट पर 209 रन बनाए. चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया. संजू 7 रन बनाकर तेज गेंदबाज जेवियर बार्टलेट की गेंद पर विकेट के पीछे लपके गए. यहां से कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने मिलकर दूसरे विकेट के लिए 96 रनों की साझेदारी की. इस पार्टनरशिप के दौरान आयुष ने 29 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी कर ली।  लेग-स्पिनर युजवेंद्र चहल ने ऋतुराज गायकवाड़ को आउट कर इस साझेदारी का अंत किया. ऋतुराज ने दो चौके की मदद से 22 गेंदों पर 28 रन बनाए. फिर सीएसके ने आयुष म्हात्रे का विकेट गंवा दिया, जो विजयकुमार वैशाक का शिकार बने. आयुष ने 43 गेंदों का सामना करते हुए 73 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और पांच छक्के शामिल थे. कार्तिक शर्मा (1 रन) कुछ खास नहीं कर पाए और उनका विकेट मार्को जानसेन ने लिया।  इसके बाद सरफराज खान ने कुछ बड़े शॉट्स लेकर चेन्नई सुपर किंग्स की पारी को मोमेंटम प्रदान किया. सरफराज ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से महज 12 गेंदों पर 32 रन बनाए. सरफराज के आउट होने के बाद शिवम दुबे ने गियर चेंज करते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम रोल निभाया. शिवम ने 5 चौके और एक छक्के की मदद से 27 बॉल पर 45 रनों की पारी खेली. पंजाब किंग्स की ओर से विजयकुमार वैशाक ने सबसे ज्यादा दो विकेट झटके।  इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स और पंजाब किंग्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली है. दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 33 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान चेन्नई सुपर किंग्स ने 16 मुकाबले जीते. जबकि पंजाब किंग्स को 17 मैचों में सफलता मिली. पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच दो मुकाबले हुए थे, जिनमें पंजाब किंग्स को जीत मिली थी।  चेन्नई Vs पंजाब H2H कुल IPL मैच: 33 चेन्नई ने जीते:16 पंजाब ने जीते: 17 पंजाब किंग्स की प्लेइंग-11: प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), शशांक सिंह, नेहाल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजयकुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।  इम्पैक्ट सब: प्रियांश आर्य. चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग-11: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कम्बोज, मैट हेनरी और खलील अहमद. इम्पैक्ट सब: राहुल चाहर।     

समीर रिजवी के नेतृत्व में दिल्ली ने लखनऊ को सख्त मुकाबले में शिकस्त दी

 लखनऊ इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-5 में बुधवार (1 अप्रैल) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) का सामना दिल्ली कैपिटल्स (DC) से हुआ. लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में हुए इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने 6 विकेट से जीत हासिल की. मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स ने दिल्ली कैपिटल्स को जीत के लिए 142 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 17.1 ओवर्स में हासिल कर लिया।  दिल्ली कैपिटल्स की जीत में समीर रिजवी का अहम रोल रहा. इम्पैक्ट सब के तौर पर उतरे समीर ने 47 बॉल पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और चार छक्के शामिल रहे. वहीं ट्रिस्टन स्टब्स ने 32 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 39 रनों का योगदान दिया. स्टब्स ने अपनी इनिंग्स में तीन चौके के अलावा एक सिक्स लगाया।  दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स दोनों के लिए पिछला आईपीएल सीजन कुछ खास नहीं रहा था. दिल्ली कैपिटल्स जहां पांचवें स्थान पर रही थी. वहीं वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स ने 7वां स्थान हासिल किया था. दोनों ही टीमें अब मौजूदा सीजन में अच्छा खेल दिखाने के लिए उतरी हैं।  ऐसा रहा है दिल्ली का रनचेज रनचेज में दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. इनिंग्स की पहली ही गेंद पर केएल राहुल (0 रन) को मोहम्मद शमी ने पवेलियन का रास्ता दिखाया. फिर नीतीश राणा को मोहसिन खान ने 15 रनों के निजी स्कोर पर चलता किया. पावरप्ले में तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने भी कहर बरपाया।  प्रिंस यादव ने लगातार गेंदों पर पथुम निसंका (1 रन) और कप्तान अक्षर पटेल (0 रन) को आउट किया. अक्षर के आउट होने के समय दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 26/4 था. यहां से समीर रिजवी और ट्रिस्टन स्टब्स ने लखनऊ के गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया. दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 119 रनों की नाबाद साझेदारी हुई।  ऐसी रही लखनऊ की पारी मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनिंग करने उतरे कप्तान ऋषभ पंत सिर्फ 7 रन बनाकर रन आउट हो गए. इसके बाद एडेन मार्करम (11 रन) के रूप में लखनऊ को दूसरा झटका लगा, जो विपक्षी टीम के कप्तान अक्षर पटेल की गेंद को पढ़ नहीं सके और बोल्ड हो गए. आयुष बदोनी तो अपना खाता भी नहीं खोल पाए और उन्हें टी. नटराजन ने आउट किया।  लखनऊ सुपर जायंट्स को चौथा झटका निकोलस पूरन के रूप में लगा, जिन्हें 8 रनों के निजी स्कोर पर लुंगी एनगिडी ने बोल्ड किया. पूरन के आउट होने के समय लखनऊ का स्कोर 65/4 था. लखनऊ को सबसे बड़ा झटका तब लगा, जब ओपनर मिचेल मार्श को कुलदीप ने अपनी फिरकी में फंसा लिया. मार्श ने 3 छक्के और 2 चौके की मदद से 28 गेंदों का सामना करते हुए 35 रन बनाए।  डेब्यूटेंट मुकुल चौधरी (14 रन) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए और उनका विकेट भी कुलदीप यादव ने झटका. अब्दुल समद ने लखनऊ के लिए सबसे ज्यादा 25 बॉल पर 36 रनों का योगदान दिया. समद ने अपनी इनिंग्स में  3 चौके के अलावा एक छक्का लगाया. समद का विकेट टी. नटराजन लिया. नटराजन ने फिर मोहम्मद शमी (1 रन) को भी चलता किया।  एनरिक नॉर्किया अपना खाता भी नहीं खोल सके और उनका विकेट लुंगी एनगिडी ने लिया. एनिगडी ने फिर मोहसिन खान (0 रन) को आउट कर लखनऊ सुपर जायंट्स की इनिंग्स समेट दी. दिल्ली कैपिटल्स के लिए लुंगी एनगिडी और टी. नटराजन ने तीन विकेट झटके. जबकि कुलदीप यादव को दो सफलताएं हासिल हुईं।   इंडियन प्रीमियर लीग में लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच अब तक 8 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान 5 मैचों में दिल्ली कैपिटल्स ने जीत हासिल की है, जबकि 3 मैचों में लखनऊ सुपर जायंट्स विजेता बनी. यानी दोनों टीमों के बीच आईपीएल में मुकाबले तगड़े रहे हैं।  लखनऊ सुपर जायंट्स vs दिल्ली कैपिटल्स H2H कुल IPL मुकाबले: 8 लखनऊ ने जीते: 3 दिल्ली ने जीते: 5 लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेइंग-11: एडेन मार्करम, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन, ऋषभ पंत (विकेटकीपर/कप्तान), आयुष बदोनी, अब्दुल समद, मुकुल चौधरी, मोहसिन खान, मोहम्मद शमी, एनरिक नॉर्किया और प्रिंस यादव. इम्पैक्ट सब: शाहबाज अहमद।  दिल्ली कैपिटल्स की प्लेइंग-11: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसंका, नीतीश राणा, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, विप्रज निगम, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी. नटराजन और मुकेश कुमार. इम्पैक्ट सब: समीर रिजवी

राजस्थान रॉयल्स की धमाकेदार जीत: CSK को 8 विकेट से रौंदा, वैभव सूर्यवंशी का तूफानी अर्धशतक

 गुवाहाटी बाएं हाथ के तूफानी वैभव सूर्यवंशी हिटिंग मशीन के तौर पर अपनी पहचान बना रहे हैं. पहले उन्होंने आईपीएल 2025 में तहलका मचाया और अब 19वें सीजन के पहले ही मैच में 15 बॉल पर 50 रन ठोक तबाही मचा दी. उन्होंने इस पारी के दम पर एक तरह से ऐलान कर दिया है कि सामने कोई भी गेंदबाज हो, उन्हें फर्क नहीं पड़ता. 30 मार्च की शाम जब वो गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में बैटिंग करने आए तो छक्कों की बारिश कर दी. उनकी 17 बॉल पर 52 रनों की तूफानी पारी के दम पर राजस्थान ने चेन्नई सुपर किंग्स को 8 विकेट से रौंद दिया. जीत के हीरो वैभव ने मैच के बाद अपने गेम प्लान और माइंडसेट के बारे में बड़ा खुलासा किया।  चेन्नई ने पहले बैटिंग करते हुए 128 रनों का टारगेट सेट किया था, जिसका पीछा करने उतरे वैभव ने पहले ओवर से पिटाई शुरू की. उन्होंने 4 चौके और 5 छक्कों की मदद से 17 बॉल पर 52 रन ठोके. मैच के बाद वैभव ने अपनी शानदार पारी और जन्मदिन के जश्न पर मजेदार बातें साझा कीं. उन्होंने बताया कि 27 मार्च को बर्थडे के दिन कुछ खास सेलिब्रेशन नहीं किया. उन्होंने बताया, 'सच कहूं तो मैंने कुछ खास नहीं किया. केक कटिंग होने वाली थी, लेकिन चेहरे पर केक मलने से बचने के लिए मैं जल्दी सो गया था।  वैभव ने आखिर क्या कहा? अपनी बैटिंग के तरीके के बारे में वैभव ने चेहरे पर एक शरारती स्माइल लेकर कहा कि मैं डिफेंस के बारे में सोचता तो हूं, लेकिन आज हमारा प्लान पावरप्ले में गेम को कंट्रोल करना था, क्योंकि छोटे टारगेट का पीछा करते समय यह दौर बहुत अहम होता है. अगर बॉलिंग टीम वहां अच्छा करती है, तो गेम उनकी तरफ झुक सकता है, लेकिन हमारा पावरप्ले बहुत अच्छा रहा।  चेन्नई के खिलाफ 128 रनों के टारगेट को चेज करने की सोच के बारे में वैभव ने अपनी बात रखी. उन्होंने कहा कि शुरुआत में विकेट थोड़ा चिपचिपा (Sticky) था, लेकिन जैसे-जैसे गेंद पुरानी हुई, वह बल्ले पर अच्छी तरह आने लगी. वैभव सूर्यवंशी ने अपने गेम प्लान और मानसिकता के बारे में बताया कि कोचिंग स्टाफ ने मुझसे बस इतना कहा कि वे मुझ पर भरोसा करते हैं और मुझे अपना नेचुरल गेम खेलना चाहिए. मेरे ओपनिंग पार्टनर यशस्वी जायसवाल हर गेंद के बाद मुझसे बात कर रहे थे. वह मुझे स्ट्राइक रोटेट करने और अच्छे शॉट्स खेलने के लिए लगातार गाइड कर रहे थे।  मैच का लेखा-जोखा अगर मैच की बात करें तो बरसापारा स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की टीम 19.4 ओवरों में सिर्फ 127 रन बना सकी थी. राजस्थान के लिए वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने पावरप्ले में तेज शुरुआत दिलाई और पहले 6 ओवरों में ही मैच चेन्नई की पकड़ से दूर कर दिया. राजस्थान ने मात्र 12.1 ओवर में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।  ऐतिहासिक जीत यह जीत राजस्थान रॉयल्स के आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी जीत (गेंद शेष रहने के मामले में) साबित हुई. राजस्थान ने 47 गेंद बाकी रहते जीत हासिल की और 12 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा. इससे पहले राजस्थान ने 2014 में आरसीबी के खिलाफ 42 गेंद रहते जीत दर्ज की थी. 

मुंबई इंडियंस का शानदार जीत, KKR को 6 विकेट से मात, रोहित-रिकेल्टन का दमदार प्रदर्शन

मुंबई  इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) का दूसरा मैच रविवार को मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया. ये भिड़ंत मुंबई के वानखेड़े मैदान पर हुई जहां मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से जीत हासिल की. मुंबई के लिए ये जीत इसलिए भी खास है क्योंकि मुंबई की टीम ने आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा टोटल चेज किया है. ये मैच  इस मुकाबले में टॉस जीतकर मुंबई ने पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. केकेआर ने रहाणे और रघुवंशी की फिफ्टी के दम पर मुंबई के सामने 221 रनों का लक्ष्य रखा था. जिसे मुंबई ने 20वें ओवर में चेज कर लिया. इस जीत के साथ मुंबई का 14 सालों का वो शर्मनाक रिकॉर्ड भी टूट गया है जिसमें उसे अपने पहले आईपीएल मैच में हार का सामना करना पड़ता था।  ऐसे रही मुंबई की बैटिंग 221 रनों के जवाब में उतरी मुंबई की शुरुआत बेहद शानदार रही. रोहित और रेयान रिकेल्टन ने पारी का आगाज किया. दोनों ओर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी हुई और 5वें ओवर में ही दोनों ने टीम का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. इसके बाद रोहित शर्मा ने छक्के और चौकों में डील किया और केवल 23 गेंद में ही फिफ्टी लगा दी. 6 ओवर के बाद मुंबई का स्कोर 80-0 था. मुंबई को पहला झटका लगा 12वें ओवर में जब रोहित शर्मा महज 38 गेंदों में 78 रनों की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए. रोहित का जब विकेट गिरा तब मुंबई का स्कोर 148 रन था. इसके बाद सूर्या ने कुछ अच्छे शॉट जरूर लगाए लेकिन 15वें ओवर में वो अपना विकेट गंवा बैठे. सूर्या के बल्ले से 16 रन आए।  16वें ओवर में रिकेल्टन अपना विकेट गंवा बैठे. उनके बल्ले से 43 गेंद में 81 रन आए. अपनी पारी में रिकेल्टन ने 4 चौके और 8 छक्के लगाए. लेकिन मुंबई ने 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर इस टोटल को 4 विकेट गंवाकर चेज कर लिया।  ऐसे रही केकेआर की बैटिंग पहले बल्लेबाजी करने उतरी केकेआर की पारी का आगाज कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने किया.दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की और 5वें ओवर में ही स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया. लेकिन इस खतरनाक साझेदारी को तोड़ा शार्दुल ठाकुर ने. छठे ओवर में शार्दुल ने एलन का विकेट झटका. एलन ने 17 गेंद में 37 रन बनाए. इसके बाद कैमरून ग्रीन ने 10 गेंद में 18 रन बनाए. लेकिन 9वें ओवर में शार्दुल ने उन्हें आउट कर दिया. लेकिन एक छोर पर अजिंक्य रहाणे टिके रहे. उन्होंने केवल 27 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी की. हालांकि, शार्दुल ने 14वें ओवर में उनका विकेट झटका. रहाणे के बल्ले से 67 रन आए।  इसके बाद अंगकृष रघुवंशी और रिंकू सिंह ने मोर्चा संभाला. दोनों ने ताबड़तोड़ अंदाज में बैटिंग की. रघुवंशी ने केवल 28 गेंद में ही फिफ्टी लगा दी. वहीं, 19वें ओवर में ही केकेआर का स्कोर 200 के पार पहुंच गया. लेकिन इसी ओवर में हार्दिक ने रघुवंशी का विकेट भी झटका. रघुवंशी के बल्ले से 29 गेंद में 51 रन आए. इसके बाद रिंकू सिंह ने 21 गेंद में नाबाद 33 रनों की पारी खेली, जिसके दम पर केकेआर ने मुंबई के सामने 221 रनों का लक्ष्य रखा।  6 चौके, 6 छक्के और 23 गेंद में सबसे तेज पचासा, रोहित शर्मा ने लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल 2026) में रविवार को मुंबई इंडियंस का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ हुआ. वानखेड़े में खेले गए इस मैच में रोहित शर्मा ने रिकॉर्डतोड़ पारी खेली. रोहित ने केकेआर के खिलाफ मुकाबले में सिर्फ 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया, जो आईपीएल इतिहास में उनका सबसे तेज पचासा है।  इससे पहले रोहित का सबसे तेज आईपीएल अर्धशतक 2015 के फाइनल में आया था, जब उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 25 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी. अब 11 साल बाद उन्होंने अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 23 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया।  रोहित शुरुआत से ही बेहद आक्रामक अंदाज में दिखे. उन्होंने पावरप्ले का पूरा फायदा उठाया और कोलकाता के गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा. उनकी बल्लेबाजी में वही पुरानी लय और आत्मविश्वास नजर आया, जिसने उन्हें आईपीएल और भारतीय क्रिकेट का सबसे बड़ा मैच विनर बनाया है. इस मुकाबले में रोहित ने शर्मा 38 गेंदों में 78 रन बनाए. अपनी इस पारी में रोहित शर्मा ने 6 चौके और 6 छक्के लगाए।  आईपीएल में जड़ी 50वीं फिफ्टी इस पारी के साथ रोहित शर्मा आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा 50 प्लस स्कोर बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. अब उनके नाम आईपीएल में 50 बार 50 या उससे ज्यादा का स्कोर दर्ज है।  इस सूची में सबसे ऊपर विराट कोहली हैं, जिन्होंने 72 बार 50 प्लस स्कोर बनाया है. दूसरे स्थान पर David Warner 66 बार और तीसरे नंबर पर Shikhar Dhawan 53 बार 50 से ज्यादा रन बना चुके हैं. वहीं KL Rahul 45 बार 50 प्लस स्कोर के साथ पांचवें स्थान पर हैं।  रोहित की यह पारी सिर्फ एक रिकॉर्ड तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने यह भी दिखाया कि वह अब भी मुंबई इंडियंस के सबसे बड़े मैच विनर हैं. आईपीएल 2026 में उनका यह अंदाज टीम के लिए बेहद अहम साबित हो सकता है. बता दें कि इस मुकाबले में केकेआर ने पहले बैटिंग करते हुए मुंबई के सामने 221 रनों का लक्ष्य रखा था। 

वानखेड़े में आज मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच रोमांचक मुकाबला

 मुंबई इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के मैच नंबर-2 में रविवार (29 मार्च) को मुंबई इंडियंस (MI) का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से होना है. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. मुकाबले में टॉस भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे होगा और पहली गेंद 7.30 बजे फेंकी जाएगी।  पांच बार की आईपीएल चैम्पियन मुंबई इंडियंस का लक्ष्य खिताबी सूखे को खत्म करने पर है. मुंबई की टीम आखिरी बार 2020 में चैम्पियन बनी थी और उसके बाद ट्रॉफी उससे दूर है. पिछले सीजन में कप्तान हार्दिक पंड्या की अगुवाई में टीम ने तीसरे स्थान पर फिनिश किया था, लेकिन इस बार टीम संतुलन और गहराई के मामले में और मजबूत नजर आ रही है. मुंबई के पास ऐसा स्क्वॉड है जो उसे छठा खिताब दिलाने का दम रखता है।  मुंबई इंडियंस की बल्लेबाजी यूनिट में रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे बड़े नाम हैं, जबकि ऑलराउंडर के रूप में हार्दिक पांड्या टीम की रीढ़ बने हुए हैं. वहीं गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह और ट्रेंट बोल्ट की जोड़ी विपक्षी टीम के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकती है. मुंबई की ताकत सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके पास विदेशी खिलाड़ियों का भी शानदार विकल्प मौजूद है।  मुंबई को करनी होगी अच्छी शुरुआत मिचेल सेंटनर, क्विंटन डिकॉक, रयान रिकेल्टन और विल जैक्स जैसे खिलाड़ी टीम को और मजबूती देते हैं. हालांकि मुंबई इंडियंस की सबसे बड़ी चुनौती हमेशा की तरह टूर्नामेंट की धीमी शुरुआत रही है. टीम को अगर इस बार खिताब जीतना है, तो शुरुआत से ही लय पकड़नी होगी और सही प्लेइंग इलेवन के साथ उतरना होगा।  वहीं दूसरी तरफ कोलकाता नाइट राइजर्स इस मुकाबले में कई सवालों के साथ उतर रही है. कप्तान अजिंक्य रहाणे की अगुवाई में टीम को अपने गेंदबाजी आक्रमण को लेकर सबसे ज्यादा चिंता है. टीम को बड़ा झटका तब लगा, जब मुस्ताफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा, जबकि आकाश दीप और हर्षित राणा चोट के कारण बाहर हो गए. ऐसे में गेंदबाजी की जिम्मेदारी काफी हद तक वरुण चक्रवर्ती और ब्लेसिंग मुजारबानी पर होगी।  रिंकू क्या फिनिशर रोल में होंगे फिट? बैटिंग में केकेआर के पास रिंकू सिंह, रचिन रवींद्र और राहुल त्रिपाठी जैसे खिलाड़ी हैं, जो मैच का रुख बदलने की क्षमता रखते हैं. कुल मिलाकर यह मुकाबला एक मजबूत और संतुलित मुंबई इंडियंस और कुछ कमजोर कड़ियों से जूझ रही कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होगा. ऐसे में सभी की नजरें इस बात पर होंगी कि क्या मुंबई इंडियंस अपनी मजबूत टीम के दम पर जीत के साथ शुरुआत करती है या केकेआर उलटफेर कर सकती है।  देखा जाए तो इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस का पलड़ा कोलकाता नाइट राइडर्स पर भारी रहा है. दोनों टीमों के बीच अब तक 35 आईपीएल मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान मुंबई इंडियंस ने 24 मैचों में जीत हासिल की. जबकि तीन बार की आईपीएल चैम्पियन कोलकाता नाइट राइडर्स को 11 मुकाबलों में जीत मिली।  मुकाबले में मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग-11: रोहित शर्मा, क्विंटन डिकॉक (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर, ट्रेंट बोल्ट और जसप्रीत बुमराह. इम्पैक्ट सब: मयंक मार्कंडे/शार्दुल ठाकुर/अश्विनी कुमार मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स की संभावित प्लेइंग-11: फिन एलन, टिम सीफर्ट (विकेटकीपर), अजिंक्य रहाणे (कप्तान), अंगकृष रघुवंशी, कैमरन ग्रीन, रिंकू सिंह, रमनदीप सिंह, वैभव अरोड़ा, ब्लेसिंग मुजारबानी, वरुण चक्रवर्ती और उमरान मलिक. इम्पैक्ट सब: अनुकूल रॉय/राहुल त्रिपाठी/कार्तिक त्यागी

बांगलादेश ने हटाया IPL टेलीकास्ट पर बैन, IND के साथ सीरीज का असर

ढाका तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 से रिलीज किए जाने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) और भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) के बीच संबंध बिगड़ गए थे. बांग्लादेश की तत्कालीन मोहम्मद यूनुस सरकार ने आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए अपनी टीम को भारत भेजने से इनकार कर दिया गया था. इसके बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बांग्लादेश की जगह स्कॉटलैंड को टी20 वर्ल्ड कप खेलने की इजाजत दी।  इसी बीच मोहम्मद यूनुस सरकार ने खुन्नस निकालते हुए अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर बैन लगा दिया था. इस फैसले ने क्रिकेट फैन्स को चौंका दिया था क्योंकि आईपीएल दुनिया की सबसे बड़ी और सबसे ज्यादा देखी जाने वाली टी20 लीग है. हालांकि अब बांग्लादेश में सत्ता परिवर्तन के बाद स्थिति पूरी तरह बदल गई है।  बांग्लादेश सरकार की ओर से ग्रीन सिग्नल बांग्लादेश के सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने साफ शब्दों में कहा है कि सरकार खेल और राजनीति को अलग रखना चाहती है और इंडियन प्रीमियर लीग के प्रसारण पर कोई रोक नहीं लगाएगी. उन्होंने कहा कि अगर कोई चैनल आईपीएल के मुकाबले दिखाना चाहता है तो सरकार उसे सकारात्मक तरीके से देखेगी।  जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा, 'हम खेल को राजनीति से नहीं जोड़ना चाहते. अगर कोई चैनल आईपीएल का प्रसारण करना चाहता है, तो हम उसे कमर्शियल नजरिए से देखेंगे और सकारात्मक फैसला लेंगे. हम किसी को भी टेलीकास्ट से नहीं रोकेंगे. अगर स्टार स्पोर्ट्स टेलीकास्ट करना चाहता है, तो वह कर सकता है. अगर हमारे किसी चैनल को टेलीकास्ट करना है, तो हम सकारात्मक तरीके से उसका स्वागत करेंगे, लेकिन हम किसी पर दबाव नहीं डालेंगे।  इससे साफ हो गया है कि अब बांग्लादेश सरकार की तरफ से कोई प्रशासनिक बाधा नहीं रहेगी. केबल ऑपरेटर्स एसोसिएशन की तरफ से भी स्थिति स्पष्ट कर दी गई है. एसोसिएशन के पदाधिकारी रेजाउल करीम लाबलू ने कहा कि फिलहाल आईपीएल टेलीकास्ट को लेकर कोई रोक नहीं है. उन्होंने कहा, 'अगर स्टार स्पोर्ट्स बांग्लादेश में आईपीएल दिखाता है, तो हम उसे प्रसारित कर सकते हैं. हमें इसे रोकने के लिए कोई निर्देश नहीं मिला है।  हालांकि बांग्लादेश सरकार ने आधिकारिक तौर पर पहले लगे प्रतिबंध के पीछे की वजहों को विस्तार से नहीं बताया, लेकिन माना जा रहा है कि यह फैसला उस समय के राजनीतिक माहौल, प्रसारण अधिकारों और बोर्ड्स के बीच चल रहे विवादों का मिश्रण था. कुछ रिपोर्ट्स में यह भी संकेत मिला था कि आईपीएल को लेकर भारत-बांग्लादेश क्रिकेट संबंधों में आई ठंडक का असर प्रसारण पर भी पड़ा था।  भारत के बांग्लादेश दौरे से कनेक्शन! अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या आईपीएल पर बदला यह रुख भारत के आगामी दौरे से जुड़ा हुआ है? बांग्लादेश को इस साल सितंबर में अपने घर पर भारत के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी20 मैच खेलने हैं. वैसे केंद्र सरकार की मंजूरी मिलने पर ही भारतीय टीम बांग्लादेश की यात्रा करेगी।  भारत-बांग्लादेश के बीच क्रिकेट संबंध हमेशा से अहम रहे हैं, ऐसे में आईपीएल जैसे बड़े टूर्नामेंट पर नरमी दिखाना एक 'डिप्लोमैटिक सिग्नल' भी माना जा रहा है. भले ही बांग्लादेशी सरकार ने इसे सीधे तौर पर नहीं जोड़ा हो, लेकिन टाइमिंग बहुत कुछ कहती है। 

IPL 2026 का आगाज आज, SRH के नए कप्तान ईशान किशन की चुनौती या विराट कोहली का धमाका?

बेंगलुरु  पूरी दुनिया के क्रिकेट फैंस के लिए आज से इस खेल का सबसे बड़ा त्योहार शुरू होने जा रहा है. सिर्फ तीन हफ्ते ही भारतीय टीम ने तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने की खुशी मनाई और अब इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन के लिए तैयार है. एक साथ आईसीसी ट्रॉफी जीतने के बाद अब खिलाड़ी एक दूसरे के खिलाफ खेलते नजर आएंगे. पहली बार 2008 में शुरू होने के बाद से आईपीएल की सभी टीमें भारतीय कप्तानों की अगुवाई में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।  पिछले हफ्ते सनराइजर्स हैदराबाद ने ईशान किशन को नियमित कप्तान पैट कमिंस के लौटने तक टीम की कमान सौंपी गई है. पटना के 27 साल के ईशान किशन के लिए कप्तानी का मौका किसी सपने के सच होने जैसा है. छह महीने पहले तक उनका करियर खुद की बनाई मुश्किलों में फंसा नजर आ रहा था. कुछ अच्छे संयोगों ने उनकी किस्मत बदल दी और उन्हें फिर से सुर्खियों में ला दिया. अब किशन पहले से ज्यादा परिपक्व हैं, लेकिन उनकी मासूमियत और मस्ती बरकरार है।  ईशान किशन के लिए अब असली चुनौती यही है कि वे अपनी शानदार फॉर्म को जारी रखें. जिसने उनकी टीम में वापसी कराई थी. आईपीएल 2025 में उन्होंने एसआरएच के लिए डेब्यू मैच में शतक जड़ा जो सही मायने में उनकी वापसी थी. इसके बाद झारखंड को पहली बार खिताब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया. अब वे टीम के कप्तान हैं जो दिखाता है कि वे अब नए नहीं बल्कि सीनियर और लीडर बन चुके हैं. यह उनके लिए खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका है।  ईशान किशन और विराट कोहली की टक्कर जहां किशन के लिए आईपीएल 2026 बहुत कुछ दांव पर है, वहीं कोहली के लिए ऐसा नहीं लगता. रोहित शर्मा की तरह यह कोहली का पहला आईपीएल है जब वे सिर्फ एक फॉर्मेट के इंटरनेशनल खिलाड़ी हैं. दोनों ने आईपीएल 2025 के दौरान टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लिया. कोहली आईपीएल के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी (8,661 रन) हैं और सबसे ज्यादा शतक (8) भी उन्हीं के नाम हैं. 37 साल की उम्र में भी वे जबरदस्त फॉर्म में हैं और हर मैच को पूरी गंभीरता से खेलते हैं।  कोहली की सबसे बड़ी खासियत है उनकी प्रोफेशनलिज्म और टीम के लिए पूरी तरह समर्पित रहना. पिछले कुछ दिनों से वे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में जमकर प्रैक्टिस कर रहे हैं. शनिवार को आईपीएल 2026 का पहला मैच रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और किशन की एसआरएच के बीच खेला जाएगा. आरसीबी के हेड कोच एंडी फ्लावर ने भी कहा, “मैंने विराट को बहुत करीब से देखा है. वे शानदार फॉर्म में हैं, सुपर फिट हैं. वे बहुत हल्के-फुल्के और भूखे नजर आते हैं. वे हमेशा से ही बहुत भूखे और दृढ़ निश्चयी रहे हैं। 

जब 1 रन बना जीत-हार की वजह: IPL के वो 2 फाइनल जिन्होंने रोमांच की सारी हदें पार कर दीं

नई दिल्ली आईपीएल की देखा-देखी दुनियाभर में इस तरह की कई क्रिकेट लीग खेले जाने लगी है लेकिन जो बात आईपीएल में है वो कहीं और कहां। दुनियाभर के टैलेंट, दिग्गज खिलाड़ी, उभरती हुई नई प्रतिभाएं या यूं कहिए कि भविष्य में सुपर स्टार बनने की कुव्वत रखने वालीं नायाब प्रतिभाओं का शानदार मंच। आईपीएल रोमांचक और यादगार मुकाबलों के लिए जाना जाता है। टूर्नामेंट के इतिहास में तो दो बार ऐसे फाइनल हुए हैं जब जीत-हार का अंतर महज एक रन का रहा। यह भी संयोग है कि सांसें अटका देने वाले उन दोनों ही खिताबी मुकाबलों में जीत का सेहरा बंधा मुंबई इंडियंस के सिर। आईपीएल इतिहास के इन दो सबसे रोमांचक फाइनल मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने राइजिंग पुणे सुपर जॉइंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स को 1-1 रन के अंतर से हराया था। एमआई ने 2017 में आरपीएस को फाइनल में शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम किया था। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को 2019 के आईपीएल फाइनल में 1 रन से हराकर झटका दिया था। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास की दो सबसे सफल टीमें हैं। दोनों ने अब तक 5-5 बार टाइटल जीता है। 2017 में MI ने 129 रन को कर लिया था डिफेंड 2017 के आईपीएल में मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपर जॉइंट्स के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। मुंबई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 129 रन बना सकी। क्रुणाल पांड्या ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 24, अंबाती रायडू ने 13 और हार्दिक पांड्या ने 10 रन बनाए थे। इन चारों के अलावा 11वें नंबर पर उतरे मिचेल जॉनसन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए थे जिन्होंने नाबाद 13 रन बनाए थे। जवाब में राइजिंग पुणे सुपरजॉइंट्स ने 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए थे। आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 11 रनों की दरकार थी। स्टीव स्मिथ तब 51 रन बनाकर खेल रहे थे और मनोज तिवारी 3 रन पर। मुंबई की तरफ से मिचेल जॉनसन आखिरी ओवर फेंकने आए। पहली ही गेंद पर मनोज तिवारी ने चौका जड़ दिया। अब आरपीएस को जीत के लिए 5 गेंदों में 7 रन की जरूरत थी। अगली ही गेंद पर जॉनसन ने तिवारी को कैच आउट करा दिया। उसकी अगली ही गेंद पर स्टीव स्मिथ भी चलते बने। अब 3 गेंदों में 7 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर बाई के रूप में आरपीएस को एक रन मिला। पांचवीं गेंद पर 2 रन। अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन की दरकार थी। आरपीएस के बल्लेबाज दो रन तो दौड़कर पूरे कर लिए लेकिन तीसरे रन के चक्कर में वॉशिंगटन सुंदर रन आउट हो गए। मुंबई 1 रन से मैच जीती और आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा किया। मुंबई की तरफ से मिचेल जॉनसन ने सबसे ज्यादा 3 और जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए। लेग स्पिनर करण शर्मा को कोई विकेट तो नहीं मिला लेकिन उनकी कसी हुई किफायती गेंदबाजी ने मुंबई की जीत में बड़ा रोल निभाया। शर्मा ने 4 में सिर्फ 18 रन दिए थे। जब रोमांचक फाइनल में धोनी की CSK पर भारी पड़ी थी MI 2019 का आईपीएल फाइनल भी बहुत ही रोमांचक रहा था। उस बार भी मुंबई इंडियंस ने 1 रन से जीत हासिल की थी लेकिन तब उसके सामने थी महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। जवाब में फाफ डु प्लेसी और शेन वॉटसन ने सीएसके की पारी की शुरुआत की। फाफ 26 रन बनाकर आउट हुए। शेन वॉटसन एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। आखिरकार वॉटसन 59 गेंद में 80 रन बनाकर रन आउट हो गए और उसी के साथ चेन्नई की उम्मीदें भी धूमिल हो गईं। फाफ डु प्लेसी, शेन वॉटसन और ड्वेन ब्रावो के अलावा सीएसके का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। ब्रावो ने 15 रन बनाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे और उसके पास 5 विकेट शेष थे। लसिथ मलिंगा ने मुंबई की तरफ से आखिरी ओवर डाला। वॉटसन और रविंद्र जडेजा खेल रहे थे। पहली गेंद पर वॉटसन ने सिंगल लिया। दूसरी गेंद पर जडेजा ने भी एक रन दौड़कर पूरा किया। तीसरी गेंद पर वॉटसन ने दो रन लिए। अगली गेंद पर वॉटसन दो रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए। पांचवी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने 2 रन भाग लिए। अब आखिरी गेंद पर सीएसके को जीत के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे लेकिन मलिंगा ने शार्दुल ठाकुर को एलबीडब्लू आउट करके मुंबई को जिता दिया।