samacharsecretary.com

ऑटो हड़ताल से जयपुर की रफ्तार थमी, 5000 वाहन सड़कों से गायब

जयपुर राजधानी जयपुर में लगातार एलपीजी का संकट गहराता जा रहा है जिसका सीधा असर अब शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था पर दिखाई दे रहा है। हालात ऐसे हैं कि एलपीजी पंपों पर ऑटो और कार चालकों को सीमित मात्रा में ही गैस दी जा रही है। ऑटो चालकों को 250 रुपये और कार चालकों को 500 रुपये तक की एलपीजी ही मिल रही है। गैस भरवाने के लिए लगी लंबी लाइनें शहर के एलपीजी पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें लग रही हैं। चालकों को गैस भरवाने के लिए 3 से 4 घंटे तक इंतजार करना पड़ रहा है। सीकर रोड स्थित एक पंप पर लाइन में खड़े ऑटो चालक किशन ने बताया कि सुबह 6 बजे लाइन में लगने के बाद दोपहर तक गैस मिल पाती है, वह भी सीमित मात्रा में। 250 की गैस में सिर्फ 50-100 किमी ही चल रहे ऑटो इधर, ऑटो चालकों का कहना है कि 250 रुपये की गैस में ऑटो 50 से 100 किलोमीटर से ज्यादा नहीं चल पा रहा। ऐसे में दिनभर की कमाई प्रभावित हो रही है। कई चालक लंबी दूरी की सवारी लेने से भी मना कर रहे हैं, क्योंकि वापसी में गैस खत्म होने का डर बना रहता है। शहर में 5 हजार ऑटो बंद मानसरोवर स्थित आतिश मार्केट के पास एक पंप पर खड़े ऑटो चालक बाबू भाई के अनुसार, गैस की कमी के कारण शहर में करीब 5 हजार एलपीजी ऑटो बंद हो चुके हैं। जयपुर में कुल करीब 38 हजार ऑटो हैं, जिनमें से लगभग 10 हजार एलपीजी से संचालित होते हैं। किश्त चुकाने का संकट ऑटो चालकों का कहना है कि कमाई ठप होने से बैंक की किश्त चुकाना मुश्किल हो गया है। यदि किश्त बाउंस होती है तो डिफॉल्टर घोषित होने का खतरा है, जिससे भविष्य में लोन मिलना भी मुश्किल हो जाएगा। चालकों के सामने परिवार का पालन-पोषण बड़ा सवाल बन गया है। 14 एलपीजी पंपों के भरोसे शहर कई चालकों ने बताया कि वे गांव छोड़कर शहर आए थे, लेकिन अब शहर में भी काम नहीं बचा। मजबूरी में गांव लौटने की नौबत आ रही है, जहां रोजगार के सीमित साधन ही उपलब्ध हैं। जयपुर शहर में कुल 14 एलपीजी पंप हैं। जिन पर भारी दबाव बना हुआ है। गैस की सप्लाई करने वाली कंपनियां- इंडेन, भारत गैस और एचपी गैस पूरे शहर भर में गैस सप्लाई करती हैं। शहर में गैस सिलेंडर की आपूर्ति सीतापुरा और विश्वकर्मा स्थित बॉटलिंग प्लांट से होती है। एलपीजी की कीमतों में बढ़ोतरी के चलते ऑटो किराए में भी इजाफा किया गया है, लेकिन सीमित गैस और कम सवारी के कारण चालकों को कोई खास राहत नहीं मिल रही।

मध्य-पूर्व संकट का सीधा असर: जयपुर एयरपोर्ट से कई अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स रद्द

जयपुर ईरान और इजराइल के बीच बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र में लगाई गई अस्थायी बंदिशों का असर अब जयपुर से संचालित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी दिखने लगा है। जयपुर से खाड़ी देशों के लिए उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स को अगले आदेश तक रद्द कर दिया गया है, जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। अंतरराष्ट्रीय हालात बिगड़ने के बाद Etihad Airways की अबू धाबी जाने वाली फ्लाइट EY-327 रद्द कर दी गई है। इसी तरह Air Arabia की शारजाह के लिए उड़ान G9436 और Air India Express की दुबई जाने वाली फ्लाइट IX-195 भी कैंसिल कर दी गई है। इसके अलावा SpiceJet की दुबई जाने वाली फ्लाइट SG-57 भी रद्द की गई है। एयरपोर्ट प्रशासन की एडवाइजरी मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। प्रबंधन के अनुसार मिडिल ईस्ट क्षेत्र, खासकर इजराइल-ईरान संघर्ष के चलते कई अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस में अस्थायी प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे उड़ानों के समय और रूट में बदलाव संभव है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे एयरपोर्ट पहुंचने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से फ्लाइट की ताजा स्थिति की पुष्टि जरूर कर लें। बिना जानकारी के एयरपोर्ट आने से बचें और यात्रा की योजना एयरलाइन से संपर्क में रहकर ही बनाएं। एयरस्पेस बंद होने के कारण देरी, रद्दीकरण या रूट परिवर्तन जैसी स्थितियां बन सकती हैं, इसलिए अतिरिक्त समय और वैकल्पिक व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है। दुबई और शारजाह रूट सबसे ज्यादा प्रभावित सूत्रों के मुताबिक दुबई और शारजाह रूट पर संचालित उड़ानों पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है। हालात सामान्य होने तक आने वाले दिनों में भी उड़ानों के संचालन में बदलाव की संभावना बनी हुई है।

जयपुर में राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026 का भव्यता पूर्ण आयोजन

जयपुर (राजस्थान)। देशभर में सामाजिक सेवा और उत्कृष्ट योगदान को सम्मानित करने वाला प्रतिष्ठित  “राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026 (Rashtriya Gaurav Puraskar 2026)”  का आयोजन 26 जनवरी को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC), जयपुर में भव्य एवं गरिमामय रूप में आयोजित किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान समारोह में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने शिक्षा, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कला, संस्कृति, नवाचार और राष्ट्र निर्माण व मीडिया के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। आयोजक संस्था YSS India के अध्यक्ष श्री कमल चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार का उद्देश्य उन कर्मठ नागरिकों को सम्मान देना है, जो अपने कार्यों से समाज और देश के लिए प्रेरणा का स्रोत बने हैं। यह मंच केवल सम्मान का नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच, सेवा और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। Yss के मीडिया प्रभारी जर्नलिस्ट डा. अखिल बंसल के अनुसार कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथियों में जस्टिस एन. के. जैन, आईपीएस अनिल जैन, ग्रुप कैप्टन रि.आर. सी. त्रिपाठी, रि. कैप्टन सुखराम यादव, सी. आई. हरेन्द्र सिंह राज. पुलिस, लै. क. शीतलकृष्ण गायकवाड, रि. आर्मी आफीसर सी. के. सक्सेना, रि. आ. आ. मुकेशकुमार, रि. आ. आ. बलवीर सिंह की उपस्थिति में राष्ट्रीय ध्वज सम्मान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, मीडिया कवरेज और भव्य मंच व्यवस्था की गई । सम्मानित प्रतिभागियों को सम्मान पत्र, ट्रॉफी, राष्ट्रीय पदक एवं आधिकारिक पहचान पत्र सम्माननीय अतिथियों द्वारा प्रदान किए गये। पिछले वर्षों की सफलता के बाद इस वर्ष कार्यक्रम का स्वरूप और भी व्यापक एवं प्रभावशाली बनाया गया जिससे राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक और रचनात्मक कार्यों को नई पहचान मिल सके। राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार 2026 का आयोजन गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशभक्ति, एकता और सामाजिक चेतना के संदेश को और अधिक मजबूत करेगा। अगला समारोह इसी भव्यता के साथ 15 अगस्त-26 को दिल्ली में आयोजित होगा।      राष्ट्रीय गौरव पुरस्कार प्राप्त करने वालों में अथाई मीडिया इंटरनेशनल के डा. अखिल बंसल-जयपुर,सुरेन्द्र पाण्डया-जयपुर,शैलेन्द्र जैन-अलीगढ, डा. राजीव जैन-आगरा, डा. राजीव प्रचण्डिया-अलीगढ, सुरेन्द्र मिश्रा-भोपाल, अजित बंसल-जयपुर, पारस जैन 'पार्श्वमणि'- कोटा, मयंक जैन-अलीगढ, डा. रीना सिन्हा-मुम्बई तथा डा. मीना जैन-उदयपुर प्रमुख थीं।

राजस्थान में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, शेखावाटी–जयपुर में गिरा पारा

  जयपुर राजस्थान में कोहरे के बीच अब हल्की ठंडी हवाओं ने भी दस्तक दे दी है। इसके असर से शेखावाटी के साथ-साथ जयपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सुबह-शाम सर्दी का असर बढ़ने लगा है, जबकि कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। बुधवार को नागौर में राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा फतेहपुर में 3.8, लूणकरणसर में 4.3 और डूंगरपुर में 4.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। ठंडी हवाओं के चलते शेखावाटी क्षेत्र के सीकर, फतेहपुर, चूरू और पिलानी सहित नागौर व बीकानेर के आसपास के इलाकों में सुबह और शाम कड़ाके की ठंड महसूस की गई। उत्तर-पश्चिमी राजस्थान में कोहरे का असर भी बरकरार है। श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और बीकानेर में बुधवार को भी घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल अगले एक-दो दिन प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। कोहरे के चलते प्रदेश में सड़क हादसों की संख्या भी बढ़ रही है। वहीं हवाई और रेल परिवहन पर भी इसका असर देखने को मिल रहा है। गुरुवार को भी जयपुर एयरपोर्ट आने वाली कुछ डोमेस्टिक फ्लाइट्स तय समय से देरी से पहुंची। हालांकि 18-19 दिसंबर से उत्तर भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राजस्थान के उत्तर-पश्चिमी जिलों में 19 से 22 दिसंबर के बीच कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में बुधवार को मौसम साफ रहा और सुबह से तेज धूप खिली रही। धूप तेज होने के कारण कई शहरों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और जोधपुर में 30.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

CID-आईबी कांस्टेबल परीक्षा: जयपुर में PET-PST की तैयारी, निर्देश जारी

जयपुर जयपुर में कांस्टेबल भर्ती 2025 के अंतर्गत सीआईडी-आईबी में 79 रिक्त पदों को भरने के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण चरण शुरू होने जा रहा है। पुलिस भर्ती एवं पदोन्नति बोर्ड ने इस भर्ती प्रक्रिया की प्रारंभिक स्क्रीनिंग पूरी कर ली है, जिसके बाद कुल 395 अभ्यर्थियों को आगामी चरण यानी शारीरिक दक्षता परीक्षण (पीईटी) एवं शारीरिक माप तौल (पीएसटी) के लिए पात्र घोषित किया गया है। पात्र अभ्यर्थियों की यह सूची विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। 11 दिसंबर को होगा पीईटी/पीएसटी बोर्ड द्वारा जारी सूचना के अनुसार, सभी 395 पात्र अभ्यर्थियों के लिए पीईटी और पीएसटी का आयोजन 11 दिसंबर को किया जाएगा। यह परीक्षण जयपुर के चित्रकूट, वैशाली नगर स्थित श्री प्रताप यादव स्टेडियम में सुबह 6 बजे से शुरू होगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि परीक्षण के सभी चरण पूर्व निर्धारित समयानुसार ही संपन्न होंगे, इसलिए अभ्यर्थियों को पर्याप्त समय लेकर स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। ई-प्रवेश पत्र उपलब्ध, निर्देशों का कड़ाई से पालन आवश्यक विभाग ने पात्र अभ्यर्थियों के ई-प्रवेश पत्र अपनी वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। उम्मीदवारों को तुरंत प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसमें दिए गए “अभ्यर्थियों के लिए सामान्य निर्देश” को ध्यानपूर्वक पढ़ने और ज्यों का त्यों पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रवेश पत्र, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाना अनिवार्य रखा गया है। बिना दस्तावेजों के किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षण में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अनुपस्थित अभ्यर्थियों को नहीं मिलेगा दूसरा अवसर पुलिस अधीक्षक, आसूचना एवं सदस्य सचिव सतवीर सिंह ने साफ शब्दों में कहा है कि पीईटी और पीएसटी इस भर्ती प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है और इसके लिए कोई अतिरिक्त तिथि प्रस्तावित नहीं है। जो भी अभ्यर्थी 11 दिसंबर को अपने निर्धारित समय और स्थान पर उपस्थित नहीं होगा, उसे दोबारा कोई मौका नहीं मिलेगा। बोर्ड ने चेतावनी दी है कि लापरवाही या विलंब अभ्यर्थियों के चयन अवसर को प्रभावित कर सकता है। भर्ती बोर्ड ने सभी पात्र उम्मीदवारों से अपील की है कि वे पूर्ण तैयारी के साथ, समय से पहले स्थल पर पहुंचें और निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए परीक्षण में शामिल हों।  

जयपुर में 8 दिसंबर को होगी 12 बटालियन कॉन्स्टेबल भर्ती की फिजिकल टेस्ट

जयपुर राजस्थान पुलिस में कॉन्स्टेबल भर्ती वर्ष 2025 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की गई है। 12वीं बटालियन आरएसी (आईआर) विकासपुरी, नई दिल्ली ने शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं शारीरिक मापतौल परीक्षा की तारीख की घोषणा कर दी है, जिसका आयोजन जयपुर में किया जाएगा। कमांडेंट 12वीं बटालियन आरएसी (आईआर) केवल राम ने बताया कि सफल उम्मीदवारों के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा और शारीरिक मापतौल परीक्षण की तिथि 8 दिसंबर 2025 निर्धारित की गई है। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और समय पर राजस्थान पुलिस अकादमी, जयपुर में उपस्थित होना अनिवार्य है। अभ्यर्थियों के लिए आवश्यक निर्देश शारीरिक दक्षता परीक्षा में शामिल होने वाले सफल अभ्यर्थियों को कुछ महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन सुनिश्चित करना होगा। सभी सफल अभ्यर्थियों को राजस्थान पुलिस की वेबसाइट से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर प्रिंट आउट लाना होगा। उम्मीदवारों को भर्ती 2025 की विज्ञप्ति के बिंदु संख्या 16 में वर्णित नियमानुसार स्वास्थ्य एवं फिटनेस प्रमाण-पत्र व प्रवेश पत्र में दिए गए निर्देशों की पूर्ण पालना करते हुए परीक्षा में सम्मिलित होना होगा। सफल उम्मीदवारों को सुबह 6 बजे राजस्थान पुलिस अकादमी पहुंचा होगा। 

IMD अलर्ट: राजस्थान में मौसम पलटेगा, जयपुर-बीकानेर में शीतलहर के आसार

जयपुर राजस्थान में गुरुवार से शीतलहर की चेतावनी जारी कर दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटों में राजस्थान में सर्दी का प्रभाव तेजी से बढ़ने वाला है। हिमालय पर अगले 48 घंटों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से आने वाले एक सप्ताह में तेज सर्दी पड़ने का अनुमान  है। उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवाओं के कारण राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी। मौसम विभाग ने शेखावाटी क्षेत्र में सुबह-शाम कड़ाके की सर्दी पड़ने की संभावना जताई है। गुरुवार से शेखावाटी के सीकर, चूरू और झुंझुनू में शीतलहर का अलर्ट भी जारी किया गया है। खास तौर पर सीकर के फतेहपुर में मौसम में जबरदस्त गलन महसूस की जा रही है।  बीते 24 घंटों में मौसम पूरी तरह साफ रहा, दिन में धूप निकली, लेकिन शाम ढलते ही ठंड तेजी से बढ़ी। बीकानेर के लूणकरणसर में न्यूनतम तापमान 4.7°C रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।फतेहपुर में 6.6°C, गंगानगर 6.9°C, चूरू 9°C, बीकानेर 9.3°C, अलवर 8°C और जैसलमेर में 10°C तापमान दर्ज हुआ। उधर सीकर और पिलानी में मंगलवार को हल्की बढ़ोतरी के साथ न्यूनतम तापमान क्रमशः 12°C और 10.4°C रेकॉर्ड किया गया। दिन में भी ठंडक बनी रही और कई शहरों में अधिकतम तापमान में गिरावट देखी गई। सीकर में 24.5°C, पिलानी में 26.2°C, जयपुर में 26.6°C और अलवर में 26.5°C अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। वहीं राष्ट्रीय राजमार्गों की बात करें तो मौसम विभाग ने आज किसी भी राजमार्ग पर कोहरे की चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि जयपुर सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शीतलहर चलने का अनुमान जारी किया गया है।

राजधानी जयपुर में बदलाव की शुरुआत: नई ई-बसें, ट्रैफिक सुधार, ई-रिक्शा QR कोड और मेट्रो विस्तार

 जयपुर  राजधानी जयपुर शहर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को सुधारने के लिए चार बड़े काम होने वाले हैं. इनका काम अब तेजी से आगे बढ़ने वाला है. इनमें सबसे पहला काम है जयपुर शहर के ट्रांसपोर्ट सिस्टम को स्मूथ करने के लिए जल्द ही 500 से 750 ई-बसें मिलने वाली है. दूसरा जयपुर के ट्रैफिक दबाव को कम करने के लिए उत्तरी रिंग रोड़ के लिए भूमि अधिग्रहण का काम अब शुरू हो जाएगा. इसके लिए केन्द्र सरकार की मंजूरी मिल गई है. तीसरा जयपुर के ट्रैफिक के लिए आफत बन चुके ई-रिक्शा पर अब अंकुश लगाया जाएगा. इनकी संख्या सीमित कर इनके संचालन के लिए क्यूआर कोड सिस्टम लागू किया जाएगा. चौथा जयपुर मेट्रो ट्रेन को विस्तार दिया जाएगा. नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने बताया कि मार्च 2026 तक जयपुर की सड़कों पर 500 से 750 ई-बसें दौड़ने लगेंगी. इन ई-बसों की आपूर्ति भारत सरकार से होनी है. उन्होंने हाल ही में दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय सेमिनार के दौरान अपनी यह मांग केंद्रीय शहरी विकास एवं आवासन मंत्री के सामने रखी थी. मंत्री ने बताया कि बसों के लिए से कार्यादेश जारी हो चुका है. मार्च 2026 तक जयपुर को 500 से 750 ई-बसें मिल जाएंगी. ट्रैफिक का दबाव कम होगा और प्रदूषण में भी कमी आएगी ई-बस निर्माण यूनिट्स की क्षमता कम होने के कारण उत्पादन में देरी हो रही है. इसी वजह से अब उम्मीद है कि मार्च 2026 तक जयपुर को 500 से 750 ई-बसें मिल सकेंगी. इसके साथ ही शहर में जयपुर मेट्रो का तीन गुना विस्तार किया जाएगा. सरकार का दावा है कि मेट्रो विस्तार और नई ई-बसों के आने से जयपुर का सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क और बेहतर होगा. इससे शहर में ट्रैफिक दबाव कम होने के साथ-साथ प्रदूषण में भी कमी आएगी. उत्तरी रिंग रोड का प्रस्तावित रूट 99.35 किलोमीटर लंबा होगा वहीं राजधानी जयपुर में सड़क नेटवर्क को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है. जयपुर की उत्तरी रिंग रोड परियोजना के लिए केंद्र सरकार से भूमि अधिग्रहण की मंजूरी मिल गई है. इसके बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने इसकी औपचारिक अधिसूचना जारी कर दी है. इससे इस बहुप्रतीक्षित परियोजना को नई गति मिलने की उम्मीद है. उत्तरी रिंग रोड का प्रस्तावित रूट 99.35 किलोमीटर लंबा होगा. यह जयपुर जिले के उत्तरी हिस्से में व्यापक संपर्क मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा. भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होते ही चौमूं, आमेर, जमवारामगढ़ और बस्सी समेत कई ग्रामीण क्षेत्रों में सर्वे और अधिग्रहण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा. अधिकारियों के अनुसार भूमि अधिग्रहण पूरा होते ही निर्माण कार्य भी जल्द ही शुरू कर दिया जाएगा. उत्तरी रिंग रोड का प्रस्तावित रूट 99.35 किलोमीटर लंबा होगा. राजधानी में आने-जाने वाले भारी वाहनों का दबाव कम होगा इस परियोजना को जयपुर जिले की सबसे महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा योजनाओं में से एक माना जा रहा है. इसका निर्माण शहर की दीर्घकालिक यातायात समस्याओं को हल करने में अहम भूमिका निभाएगा. उत्तरी रिंग रोड तैयार होने के बाद राजधानी में आने-जाने वाले भारी वाहनों का दबाव शहर के बीचों-बीच न होकर बाहरी मार्ग से होगा. इससे शहर के ट्रैफिक भार में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है. इसके साथ ही क्षेत्रीय कनेक्टिविटी में भी बड़ा सुधार देखने को मिलेगा. उससे आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी. इससे पहले जयपुर का दक्षिण रिंग रोड संचालन में है. वह अजमेर रोड से टोंक रोड होते हुए आगरा रोड को जोड़ता है. उत्तरी रिंग रोड के बन जाने के बाद जयपुर के चारों ओर एक पूर्ण रिंग संरचना तैयार हो जाएगी जिससे शहर का आवागमन और भी सुगम तथा व्यवस्थित होगा. जब्त किए गए वाहनों के लिए अस्थायी पार्किंग विकसित की जाएगी इससे पहले बीते दिनों जयपुर विकास प्राधिकरण में ट्रैफिक कंट्रोल बोर्ड (टीसीबी) की बैठक आयोजित हुई थी. उसमें शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे. इसमें तय किया गया कि शहर में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे ई-रिक्शा पर रोक लगाने और उनके सुचारू संचालन के लिए क्यूआर कोड प्रणाली लागू की जाएगी. बैठक में यातायात पुलिस की ओर से जब्त किए जाने वाले वाहनों के लिए 22 गोदाम पुलिया, बगराना, जलमहल-कनक घाटी और न्यू ट्रांसपोर्ट नगर के पास अस्थायी पार्किंग विकसित करने का निर्णय लिया गया. इसके अलावा जेसीटीएसएल बस चालकों को नियमित यातायात प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि वे निर्धारित बस स्टॉप पर ही बस रोकें और यातायात नियमों का पालन करें. जयपुर शहर में बिना रजिस्ट्रेशन चल रहे ई-रिक्शा पर रोक लगाने और उनके सुचारू संचालन के लिए क्यूआर कोड सिस्टम लागू किया जाएगा. 150 नए बस शेल्टरों के लिए होगा सर्वे यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से किए गए सर्वे के अनुसार शहर की 77 क्षतिग्रस्त सड़कों में से 52 का मरम्मतीकरण पूरा हो चुका है जबकि 14 पर कार्य जारी है. दुर्घटना संभावित स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए हैं. शहर में अवैध कटों को बंद करने, मुख्य मार्गों पर होटल-ढाबों के अतिक्रमण हटाने और नई पार्किंग विकसित करने सहित 150 नए बस शेल्टरों के लिए संयुक्त सर्वे कराने का निर्णय लिया गया. इसके साथ ही 45 ट्रैफिक पॉइंट पर 130 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. भारी वाहनों के प्रवेश पर नियंत्रण के लिए हाइट बार लगाने और स्मार्ट सिटी ऐप के जरिए पार्किंग की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया. इस बैठक में जेडीए, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, जेसीटीएसएल, पीडब्ल्यूडी, एनएचएआई, नगर निगम और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे थे.

राजधानी में सनसनी: जलसंसाधन मंत्री के घर में तेंदुए की एंट्री

जयपुर राजधानी जयपुर में लेपर्ड की शहर में घुसपैट बड़ी चिंता का सबब बन चुकी है। बुधवार देर शाम शहर के सबसे VVIP क्षेत्र सिविल लाइंस में लेपर्ड देखा गया। यही नहीं लेपर्ड यहां जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत के बंगले में भी घुस गया। इसके बाद वे कांग्रेस नेता सचिन पायलट के 11 नंबर बंगले के पास एक लेपर्ड पहुंच गया है। सिविल लाइंस क्षेत्र VVIP जोन में आता है, जहां राजभवन, मुख्यमंत्री आवास और कई मंत्रियों व वरिष्ठ अधिकारियों के सरकारी आवास हैं। वन विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चला रही है। फिलहाल मंत्री सुरेश रावत के सरकारी बंगले और आसपास के आवासों में तलाशी ली जा रही है। रूप नगर कॉलोनी पहुंचा लेपर्ड ताजा जानकारी के अनुसार लेपर्ड सिविल लाइंस से लगभग 200 मीटर दूर रूप नगर कॉलोनी में पहुंच गया है। वो एक घर के गार्डन में छुपा बैठा है। स्थानीय लोग अपने घरों की छत से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए हैं। वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर तैनात है। स्कूल परिसर में भी घुसा तेंदुआ सिविल लाइंस में गुरुवार सुबह लेपर्ड के घुसने से हड़कंप मच गया। तेंदुए को सबसे पहले टाइनी ब्लॉसम सीनियर सेकंडरी स्कूल परिसर में देखा गया। इसके बाद स्कूल प्रबंधन ने बच्चों को तुरंत क्लासरूम में बंद कर सुरक्षा बढ़ा दी। क्षेत्र में मौजूद अभिभावकों और स्थानीय लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आबादी वाले क्षेत्रों में लगातार देखे जा रहे हैं लेपर्ड पिछले कुछ महीनों में जयपुर के दुर्गापुरा, गोपालपुरा, जयसिंहपुरा, जगतपुरा, खो-नागोरियान और विद्याधर नगर सहित कई इलाकों में लेपर्ड देखे गए। वन विभाग का मानना है कि जंगलों में पर्याप्त भोजन की कमी इसके आवागमन का मुख्य कारण है। सिविल लाइंस जैसे हाई-सिक्योरिटी जोन में लेपर्ड का आना वन विभाग और पुलिस दोनों के लिए चुनौती बन गया है। पूर्व मंत्री ने कहा…अब तो जागो सरकार राजस्थान की सोती हुई सरकार को जगाने के लिए आज सिविल लाइंस (जयपुर) में (panther)तेंदुआ  घुस गया, राजस्थान की जनता दुखी है परेशान है। उनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है व जंगल में जानवर भूखे है उनका संरक्षक करने में राजस्थान की सरकार पूरी तरह से फेल है । आख़िर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के आवास के पीछे तेंदुआ आ गया। अब तो जागो राजस्थान सरकार!

त्योहारों की चमक से गुलजार जयपुर, खरीदारी के लिए ये हैं सबसे शुभ समय

जयपुर इस बार धनतेरस पर 2 दिन तक खरीदारी करने का मौका है। पंचांग के अनुसार, इस साल धनतेरस कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को पड़ रही है। त्रयोदशी तिथि 18 अक्टूबर शनिवार को दोपहर 12:18 बजे से शुरू होकर 19 अक्टूबर रविवार को दोपहर 01:51 बजे तक रहेगी। हालांकि, प्रदोष काल जो सूर्यास्त के बाद शुरू होता है, 19 अक्टूबर को त्रयोदशी तिथि में नहीं आता। इसी कारण माता लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर की पूजा 19 अक्टूबर की शाम को ही की जाती है। जयपुर में धनतेरस की शाम खास होती है। इस दिन माता लक्ष्मी और कुबेर पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 07:16 बजे से लेकर रात 08:20 बजे तक है। इस समय में जयपुर के प्रमुख बाजारों में खरीदारी की रौनक देखने को मिलती है। बाजारों में दीपों की रोशनी, सजावट और ग्राहकों की भीड़ त्योहार की खुशियाँ बढ़ा देती है। धनतेरस पर सोना-चांदी, घरेलू सामान और इलेक्ट्रॉनिक्स की खरीदारी के लिए अलग-अलग बाजार तय हैं। सभी बाजारों में त्योहार की तैयारियां जोरों से की जा रही है। खरीदारों की जबरदस्त भीड़ नजर आ रही है। इसे देखते हुए शहर में अगले 5 दिन तक के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। जयपुर सराफा बाजार में धनतेरस के असर पर शगुन के तौर पर सोने और चांदी की खरीद की जाती है। इसमें सराफा कमेटी की तरफ से चांदी के सिक्के और नोट जारी किए जाते हैं। हालांकि इस बार सोने और चांदी की आसमान छूती कीमतों के चलते बाजार पर असर देखने को मिल रहा है। सराफा कारोबारियों का कहना है कि इस बार सोने और चांदी की बढ़ी कीमतों के चलते खरीदारी कम देखने को मिल रही है। आने वाले समय में शादियों का सीजन है इसलिए जिसे जरूरत है वहीं बाजार में खरीदारी के लिए आ रहे हैं।