samacharsecretary.com

नेपाल में भीषण बाढ़ का कहर, 213 लापता भारतीयों को मृत घोषित करने की तैयारी शुरू

काठमांडू  नेपाल में भारतीय दूतावास ने 26 अगस्त को नेपाल में आई खतरनाक बाढ़ के बाद लापता हुए भारतीय नागरिकों के परिवारों से कहा है कि वे नेपाली अधिकारियों द्वारा जारी लापता भारतीय नागरिकों की लिस्ट को देखें और 2 दिसंबर तक कोई भी चिंता या आपत्ति जताएं।  नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) ने 213 लापता भारतीय नागरिकों की लिस्ट जारी की है. यह उनकी मौत का अनुमान लगाने और उन्हें औपचारिक रूप से मृत घोषित करने की प्रक्रिया का हिस्सा है।  इस आपदा के बाद 1400 से ज्यादा लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि विदेशी नागरिकों समेत 5,000 से ज़्यादा लोग लापता हैं. नेपाली सरकार ने तय कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद लापता लोगों को औपचारिक रूप से मृत घोषित करने का फैसला किया है. बाढ़ से भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों के किनारे बने इंफ्रास्ट्रक्चर को बहुत नुकसान हुआ है, जिसमें करीब एक दर्जन हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट शामिल हैं।  नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) ने लापता भारतीय नागरिकों की लिस्ट पब्लिक कर दी है, और लोगों की डिटेल्स में कुछ जोड़ने, हटाने या सुधार के लिए ऑब्जेक्शन और रिक्वेस्ट मंगाई हैं। एक बयान में, काठमांडू में भारतीय एम्बेसी ने लापता लोगों के परिवार वालों से रिक्वेस्ट की है कि वे लिस्ट को रिव्यू करें और 2 दिसंबर, 2026 तक कोई भी चिंता, ऑब्जेक्शन या प्रपोज्ड अमेंडमेंट जमा करें।  एम्बेसी ने कहा, 'कमेंट/बदलाव मांगने का प्रोसेस पूरा होने के बाद, नेपाल सरकार लिस्ट को फाइनल करेगी और मौत की घोषणा ऑफिशियली जारी करेगी.' एम्बेसी ने आगे कहा कि इसके बाद वह नेपाल में संबंधित लोकल अथॉरिटी से लोगों के लिए डेथ सर्टिफिकेट लेने का प्रोसेस शुरू करेगी. एम्बेसी ने आगे कहा कि इस प्रोसेस के दौरान परिवार के सदस्यों से और जानकारी और डॉक्यूमेंट मांगे जा सकते हैं और वह आने वाले दिनों में और अपडेट देगी।  नेपाल की नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी (NDRRMA) के पब्लिश किए गए एक नोटिस के मुताबिक, अथॉरिटी को 12 देशों के डिप्लोमैटिक मिशन से 452 लापता विदेशी नागरिकों की वेरिफाइड डिटेल्स मिली है. लिस्ट में 213 भारतीय नागरिक, 85 चीनी, 69 अमेरिकी, 32 ब्रिटिश, 27 कनाडाई, नौ सिंगापुरी, छह साउथ अफ्रीकी, चार फ्रेंच नागरिक, हंगरी, बेल्जियम और कजाकिस्तान से दो-दो और एक बेलारूसी नागरिक शामिल हैं। 

नेपाल में भोटेकोशी के बाद बूढ़ी गंडकी नदी का कहर, बाढ़ से तबाही की 5 अहम बातें

काठमांडू नेपाल एक बार फिर बाढ़ की विभीषिका से जूझ रहा है। इस बार बाढ़ रविवार तड़के बूढ़ी गंडकी नदी में आई। बूढ़ी गंडकी में आई बाढ़ ने गोरखा जिले के चुमनुबरी और धारचे ग्रामीण नगरपालिकाओं में व्यापक तबाही मचाई है। बाढ़ में घर, पुल और एक हाइड्रोपावर प्लांट बह गया है। कई गांव डूब गए हैं और बड़ी संख्या में घर बहे हैं। लोगों को बचाने का काम व्यापक स्तर पर चल रहा है। यह चंद हफ्तों पहले भोटेकोशी नदी में आई बाढ़ के दूसरी घटना है। भोटेकोशी नदी बाढ़ में लगभग 2000 लोगों की मौतों की पुष्टि हुई है और 6000 से ज्यादा लोग लापता हैं। ऐसी आशंका है कि उन लोगों की भी मौत हो चुकी है। 1- नेपाल के जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के बाढ़ पूर्वानुमान अनुभाग ने रविवार को कहा कि भूस्खलन के कारण एक सहायक नदी का मार्ग अवरुद्ध हो जाने से बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक बाढ़ आने की संभावना है। इस विभाग के जलविज्ञानी बिनोद पराजुली ने बताया कि उपग्रह चित्रों में गोरखा जिले के चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका के चुमचेत के पास एक बड़ा भूस्खलन दिखाई दे रहा है। माना जा रहा है कि यह भूस्खलन शनिवार को हुआ था। पराजुली ने कांतिपुर को बताया, “हम उपग्रह चित्रों का अध्ययन कर रहे हैं। चुमचेत के आसपास एक बड़ा भूस्खलन दिखाई दे रहा है। ऐसा प्रतीत होता है कि यह कल हुआ था। संभवतः यह बाढ़ तब आई जब बूढ़ी गंडकी की एक अवरुद्ध सहायक नदी ने अचानक पानी छोड़ दिया।” 2- अधिकारियों को संदेह है कि भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडकी की सहायक नदी उंगेलिंग का प्रवाह अवरुद्ध हो गया है। जल विज्ञान और मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, नदी का प्रवाह लगातार घट-बढ़ रहा है। जलस्तर खतरे की सीमा से ऊपर है और इसमें लगातार उतार-चढ़ाव हो रहा है, जिसके चलते त्रिशुली नदी का बेनीघाट तक का निचला इलाका बाढ़ के अत्यधिक खतरे में है। अधिकारियों ने मुग्लिंग के आसपास और चितवन और नवलपरासी जिलों में नदी के किनारे रहने वाले लोगों से भी सतर्क रहने का आग्रह किया है। 3- काठमांडू पोस्ट के अनुसार, चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका के प्रशासनिक प्रमुख नारायण प्रसाद सपकोटा के अनुसार, रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में आई अचानक बाढ़ ने जगत बागर, सल्लेरी और घट्टीखोला में अनुमानित 35 से 40 घरों को बहा दिया। बाढ़ में न्याकचेत और सिरदिबास तथा माछखोला और केराउजा को जोड़ने वाले पैदल पुल बह गए। आरुघाट ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड 2 और 3 को जोड़ने वाला सोती स्थित लोहे का मोटर-योग्य पुल भी नष्ट हो गया, साथ ही गोरखा और धाडिंग जिलों को जोड़ने वाला आरुघाट का पुल भी क्षतिग्रस्त हो गया। गृह मंत्री सूदान गुरुंग ने न्याकचेत और फिलिम बाजार को जोड़ने वाले एक पुल को हुए नुकसान की भी जानकारी दी है। 4- बूढ़ी गंडकी नदी में आई बाढ़ के कारण कई लोग लापता बताए जा रहे हैं। कई घरों के बहने से उनके अंदर मौजूद लोग भी लापता हुए हैं। नेपाली सेना हेलीकॉप्टर से लोगों को बचाने का काम कर रही है। सड़कों और पुलों के टूट जाने के कारण बड़े इलाके में राहत और बचाव कार्य जमीनी स्तर पर चालू नहीं हो सके हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाढ़ का पैटर्न भी काफी अजीब था। कभी पानी का बहाव कम हो रहा था और कभी ज्यादा। पानी के साथ मलबा भी भारी मात्रा में आ रहा था। इस कारण निचले इलाके में मौजूद घरों और ढांचों को भारी नुकसान पहुंचा है। 5- नदी के जलस्तर में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते अधिकारियों ने त्रिशुली नदी के किनारे बेनीघाट तक बाढ़ के अत्यधिक खतरे की चेतावनी दी है और मुग्लिंग, चितवन और नवलपरासी के आसपास के निवासियों से सतर्क रहने का आग्रह किया है। सल्लेरी, चुमनुबरी-3 में निर्माणाधीन 341 मेगावाट की बुढ़ी गंडकी जलविद्युत परियोजना के स्थल पर बाढ़ के पानी में एक निर्माण शिविर और कुछ उपकरण बह गए। प्रियेश मिश्र