samacharsecretary.com

ऋषभ पंत ने छोड़ा LSG का साथ, दिल्ली कैपिटल्स में वापसी से पहले लिखा भावुक संदेश

 नई दिल्ली दिल्ली कैपिटल्स में वापसी तय होने के बाद विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए एक छोटा लेकिन भावुक विदाई संदेश साझा किया है। पंत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर LSG की फेयरवेल पोस्ट को रीशेयर करते हुए सिर्फ तीन शब्द लिखे – Thank You Team. इसी के साथ लखनऊ फ्रेंचाइजी के साथ उनका दो साल का सफर औपचारिक रूप से समाप्त हो गया।  पंत की यह प्रतिक्रिया उस हाई-प्रोफाइल ट्रेड के बाद आई है, जिसके तहत वह दिल्ली कैपिटल्स में लौट रहे हैं. इस डील में भारतीय टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव दिल्ली से लखनऊ सुपर जायंट्स का हिस्सा बने हैं।  IPL 2025 मेगा ऑक्शन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स ने ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर अपने साथ जोड़ा था. उस समय वह IPL इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी बने थे. फ्रेंचाइजी को उम्मीद थी कि पंत की कप्तानी में टीम खिताब की मजबूत दावेदार बनेगी, लेकिन मैदान पर तस्वीर अलग नजर आई।  पंत की अगुआई में LSG का प्रदर्शन उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका. IPL 2025 में टीम ने 14 मैचों में छह जीत और आठ हार के साथ सातवें स्थान पर अभियान खत्म किया. इसके बाद IPL 2026 सीजन और भी निराशाजनक रहा, जहां लखनऊ 10 टीमों की पॉइंट टेबल में सबसे नीचे रही. टीम ने 14 मुकाबलों में सिर्फ चार जीत दर्ज कीं।  बल्लेबाजी में भी पंत अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं दोहरा सके. IPL 2025 में उन्होंने 14 मैचों में 269 रन बनाए. वहीं IPL 2026 में उनके बल्ले से 312 रन निकले, जिसमें सिर्फ एक अर्धशतक शामिल रहा।  अब पंत एक बार फिर उस टीम में लौट रहे हैं, जहां से उन्होंने IPL में अपनी पहचान बनाई थी. इस ट्रेड के तहत उनकी सैलरी में भी बड़ी कटौती हुई है. लखनऊ में 27 करोड़ रुपये पाने वाले पंत अब 15 करोड़ रुपये में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनेंगे।  दिल्ली कैपिटल्स के साथ पंत का रिश्ता काफी पुराना रहा है. उन्होंने 2016 से 2024 के बीच फ्रेंचाइजी के लिए 111 मैच खेले थे. इसके अलावा 2021 से 2024 तक टीम की कप्तानी भी संभाली और 43 मुकाबलों में दिल्ली की अगुआई की।  दूसरी ओर, इस बड़े ट्रेड के तहत बाएं हाथ के रिस्ट स्पिनर कुलदीप यादव दिल्ली कैपिटल्स छोड़कर लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ गए हैं. कुलदीप अपनी मौजूदा 13.50 करोड़ रुपये की सैलरी पर ही नई फ्रेंचाइजी का हिस्सा बने हैं।  ऋषभ पंत की घर वापसी और कुलदीप यादव के लखनऊ जाने से IPL 2027 से पहले दोनों फ्रेंचाइजियों की रणनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा. अब सभी की नजरें इस बात पर रहेंगी कि क्या दिल्ली में लौटकर पंत एक बार फिर अपने पुराने रंग में नजर आते हैं। 

Rishabh Pant पर भारी पड़ा करोड़ों का दांव? एक-एक रन की कीमत जानकर रह जाएंगे हैरान

लखनऊ  ऋषभ पंत के लिए IPL 2026 का सीजन बहुत खराब गुजरा। न तो बल्लेबाज के तौर पर न ही कप्तान के तौर पर वह अपनी टीम का बेड़ा पार कर सके। सिर्फ सैलरी के हिसाब से देखें तो लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ऋषभ पंत का एक-एक रन इस सीजन 8.65 लाख रुपये की करीब का पड़ा। इतना नहीं, पिछले दो सीजन के आंकड़ों को मिलाया जाए तो उनके एक-एक रन की कीमत एलएसजी ने 9.29 लाख रुपये चुकाई है। चौके-छक्कों की कीमत निकाली जाए तो यह 50 लाख रुपये से भी ज्यादा बैठेगी। दरअसल, ऋषभ पंत को लखनऊ सुपर जायंट्स यानी एलएसजी ने आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। उस सीजन में 14 मैचों में 269 रन ही ऋषभ पंत ने बनाए थे। अगर सिर्फ सैलरी के हिसाब से देखा जाए तो पिछले सीजन में उनके एक-एक रन के लिए एलएसजी ने 10-10 लाख रुपये से ज्यादा की कीमत चुकाई है। 10 लाख 3 हजार 717 रुपये का एक रन एलएसजी को ऋषभ पंत का 2025 के सीजन में पड़ा था। IPL 2025 में ऋषभ पंत के आंकड़े सैलरी – 27 करोड़ रन – 269 एक रन = 1003717 वहीं, 2026 के सीजन की बात करें तो इतनी ही रकम में ऋषभ पंत को एलएसजी ने रिटेन किया था और इस सीजन 14 मैचों में 312 रन बनाए थे। ऋषभ पंत की 27 करोड़ रुपये की सैलरी में उनके रनों का भाग दिया जाए तो यह प्रति रन 865,384 रुपये बैठता है। अब आप सोचिए कि उनके रनों की कीमत कितनी महंगी रही। पिछले दो साल के आंकड़ों को बात करें तो कुल 581 रन उन्होंने 54 करोड़ रुपये की सैलरी पाकर बनाए। उनके हर एक रन की कीमत पिछले दो साल में 9 लाख 29 हजार 432 रुपये प्रति रन बैठती है। IPL 2026 में ऋषभ पंत के आंकड़े सैलरी – 27 करोड़ रन – 312 एक रन = 865314 2025+2026 में एक रन = 929432 IPL 2025 और 2026 के सीजन में ऋषभ पंत एलएसजी के कप्तान भी थे। दोनों बार टीम प्लेऑफ्स के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी। इस बार तो टीम सबसे आखिरी स्थान पर रही। इसके बाद ऋषभ पंत ने कप्तानी छोड़ने का फैसला किया। हालांकि, छोड़ने से ज्यादा उनसे कप्तानी छीनने की बात कही जा रही है, लेकिन आधिकारिक तौर पर तो उनका और एलएसजी का बयान यही है कि उन्होंने कप्तानी छोड़ी है। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 14 में से सिर्फ 4 ही मैच इस सीजन आईपीएल में जीते हैं, जबकि 2025 में पंत की कप्तानी में एलएसजी ने 14 में से 6 मुकाबले ही जीते थे। इस तरह 28 मैचों में से सिर्फ 10 मैचों में वे एलएसजी को जीत दिला सके। ऐसे में उनकी कप्तानी जानी ही थी, जो 2026 के सीजन के बाद चली गई है।

कप्तानी छोड़ने के बाद संकट में पंत का भविष्य, LSG कर सकती है रिलीज

नई दिल्ली ऋषभ पंत का लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ भविष्य अब गंभीर सवालों के घेरे में आ गया है. कप्तानी छोड़ने के फैसले के बाद ऐसा माना जा रहा था कि शायद फ्रेंचाइजी के भीतर चल रही चर्चाओं पर विराम लग जाएगा, लेकिन अंदरखाने तस्वीर कुछ और ही नजर आ रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक LSG मैनेजमेंट अगले सीजन से पहले पंत को रिलीज करने के विकल्प पर गंभीरता से विचार कर रहा है. दरअसल, IPL 2025 मेगा ऑक्शन में 27 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड कीमत पर शामिल किए गए पंत टीम के लिए उम्मीदों पर खरे नहीं उतर सके. पिछले दो सीजन में उन्होंने 28 मैचों में सिर्फ 581 रन बनाए. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 135.74 और औसत 26.40 रहा. कप्तान के तौर पर भी उनका रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा. 28 मुकाबलों में टीम को केवल 10 जीत मिली और उनका जीत प्रतिशत 35.71 रहा. IPL 2026 में LSG का प्रदर्शन और भी खराब रहा. टीम 14 मैचों में सिर्फ 4 जीत के साथ अंक तालिका में सबसे नीचे रही. ऐसे में टीम मैनेजमेंट बड़े बदलाव की तैयारी में जुट गया है. फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए बताया कि पंत ने खुद कप्तानी छोड़ने की इच्छा जताई थी, जिसे स्वीकार कर लिया गया. टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट टॉम मूडी ने कहा- ऋषभ ने फ्रेंचाइजी से यह अनुरोध किया था और हमने सम्मानपूर्वक इसे स्वीकार किया. ऐसे फैसले आसान नहीं होते. ड्रेसिंग रूम में उनके योगदान के लिए हम आभारी हैं. अब हमारा फोकस टीम को दोबारा मजबूत बनाने और नए सिरे से तैयार करने पर है. सूत्रों की मानें तो LSG के भीतर यह सोच मजबूत हो रही है कि 27 करोड़ रुपये की कीमत के मुकाबले पंत का प्रदर्शन टीम को अपेक्षित फायदा नहीं दे पाया. टीम मैनेजमेंट में टॉम मूडी, जस्टिन लैंगर और केन विलियमसन जैसे अनुभवी क्रिकेट‍िंंग माइंड  शामिल हैं और माना जा रहा है कि वे अगले सीजन के लिए ज्यादा संतुलित कॉम्बिनेशन बनाना चाहते हैं. हालांकि टीम में बदलाव की चर्चा के बीच निकोलस पूरन को राहत मिल सकती है. 21 करोड़ रुपये में रिटेन किए गए पूरन का मौजूदा सीजन भी खास नहीं रहा और उन्होंने सिर्फ 234 रन बनाए, लेकिन पिछले सीजन में उनके बल्ले से 524 रन निकले थे. यही वजह है कि फ्रेंचाइजी अभी भी उन पर भरोसा बनाए रखने के पक्ष में दिख रही है. IPL सर्किट में लंबे समय से यह चर्चा रही है पंत और पूरन पर कुल 48 करोड़ रुपये खर्च करने के बावजूद टीम को वैसा प्रदर्शन नहीं मिला जिसकी उम्मीद थी. अब देखना दिलचस्प होगा कि LSG अगले सीजन से पहले कितने बड़े फैसले लेती है और क्या ऋषभ पंत वास्तव में टीम से बाहर होने वाले हैं.

भारतीय वनडे टीम में बड़ा बदलाव संभव, पंत की जगह सैमसन पर नजर

नई दिल्ली भारतीय टीम के स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के लिए मुश्किलें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर रहे ऋषभ पंत भारतीय वनडे टीम से बाहर हो सकते हैं। आगामी वनडे विश्व कप को देखते हुए चनयकर्ता टीम में संजू सैमसन को मौका दे सकते हैं। वनडे में इस समय केएल राहुल विकेटकीपर के रूप में पहली पसंद बने हुए हैं। ऋषभ पंत इस साल की शुरुआत में न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज का हिस्सा थे लेकिन फिर चोट के कारण बाहर हो गए थे। वहीं दूसरी तरफ संजू सैमसन ने टी20 विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन करके चयनकर्ताओं का ध्यान खींचा है। टी20 विश्व कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे संजू सैमसन ने आईपीएल 2026 में भी अपना फॉर्म बरकरार रखा है और 300 से ज्यादा रन बना चुके हैं। संजू सैमसन ने जारी सीजन में दो शतक भी लगाए हैं। वहीं दूसरी तरफ लखऊ के कप्तान ऋषभ पंत लगातार दूसरे सीजन रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। बतौर कप्तान भी उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है और इस वजह से 50 ओवर के फॉर्मेट में चयनकर्ता संजू सैमसन पर भरोसा कर सकते हैं। संजू सैमसन इस सीजन चेन्नई सुपर किंग्स में शामिल हुए हैं, जहां वह एमएस धोनी के स्थान पर कुछ मैचों में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। मीडिया  रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय क्रिकेट बोर्ड भारतीय वनडे टीम में ऋषभ पंत की जगह दूसरे विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में संजू सैमसन के नाम पर विचार कर रही है। केएल राहुल टीम के नियमित विकेटकीपर बल्लेबाज बने हुए हैं। ध्रुव जुरेल भी दावेदार हैं। भारत का अगला वनडे सीरीज अफगानिस्तान से है, जोकि 14 जून से शुरू होने वाला है। ऋषभ पंत टी20 इंटरनेशनल में अपनी जगह खो चुके हैं उन्होंने इस फॉर्मेट में अपना पिछला मैच जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ खेला था।

ऋषभ पंत का विनिंग शॉट, LSG के मालिक गोयनका की आंखों में आंसू, सीने पर रखा हाथ

नई दिल्ली. इंडियन प्रीमियर लीग के नए सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीत का स्वाद चख लिया है. कप्तान ऋषभ पंत ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में टीम को जीत दिलाई. बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 52 गेंद में नाबाद 68 रन की पारी खेली. यह जीत उतनी आसान नहीं थी जितनी दिख रही थी. मैच काफी रोमांचक रहा सनराइजर्स हैदराबाद ने मुकाबला कड़ा कर दिया. पंत ने अपने अनुभव का पूरा इस्तेमाल किया और आखिरी ओवर में टीम को जीत दिलाई।  आखिरी ओवर में जयदेव उनादकट की गेंदबाजी पर पंत ने तीन चौके जड़कर एलएसजी को पांच विकेट से जीत दिलाई. जैसे ही मैच जीतने वाला शॉट लगा कैमरे एलएसजी के मालिक संजीव गोयनका की ओर घूम गए जो थोड़े भावुक नजर आए. एलएसजी के मालिक अपनी टीम के लिए काफी जुनूनी माने जाते हैं. उन्होंने अपने सीने पर हाथ रखा और आंखों में आंसू आ गए. मैच खत्म होने के बाद गोयनका को मैदान पर पंत को गले लगाते और उनसे बातचीत करते हुए भी देखा गया।  पंत ने टीम को जीत तक पहुंचाया सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 157 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम को शुरुआती झटके लगे लेकिन कप्तान ऋषभ पंत ने एक छोर को थामे रखा और जीत दिलाकर ही वापस लौटे. ऐडन मार्करम और मिशेल मार्श की ओपनिंग जोड़ी 37 रन ही जोड़ पाई इसके बाद मार्करम, मिशेल मार्श, आयूष बदोनी और निकोलस पूरन 105 रन तक वापस लौट चुके थे. कप्तान ने जिम्मेदारी उठाई और 50 बॉल पर 68 रन की पारी खेल टीम को जीत तक पहुंचाया।  गोयनका और पंत के बीच ऑल इज वेल इस हफ्ते की शुरुआत में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एलएसजी की हार के बाद गोयनका को पंत और हेड कोच जस्टिन लैंगर के साथ बातचीत करते हुए देखा गया. इस बातचीत ने एक बार फिर कई सवाल खड़े कर दिए और एलएसजी के मालिक को आलोचना का सामना करना पड़ा. एक दिन बाद एलएसजी की सोशल मीडिया टीम ने उसी घटना का वीडियो पोस्ट किया और कहा कि सभी को पूरी तस्वीर नहीं पता. छोटे क्लिप में पंत, गोयनका और लैंगर हंसते हुए हल्की-फुल्की बातचीत करते नजर आए। 

सांसें रोक देने वाला मुकाबला: लखनऊ ने हैदराबाद को हराया, पंत का शानदार प्रदर्शन

हैदराबाद IPL10वां लीग मैच सनराइजर्स हैदराबाद और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। आखिरी ओवर तक चले इस मैच में लखनऊ की टीम ने जीत दर्ज की। मेजबान हैदराबाद को लखनऊ ने 5 विकेट से हराया। कप्तान ऋषभ पंत ने दमदार अर्धशतक जड़ा। गेंदबाजों में मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और आवेश खान ने 2-2 विकेट निकाले। इस मुकाबले में हैदराबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए हेनरिक क्लासेन और नितीश कुमार रेड्डी के अर्धशतकों के दम पर 156 रन बनाए थे। हालांकि, ये रन कम रह गए, क्योंकि लखनऊ ने 5 विकेट खोकर 19.5 ओवर में 157 रनों का टारगेट चेज कर लिया। पंत 68 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस मैच में लखनऊ की टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी थी। कप्तान का ये फैसला सही साबित हुआ था, क्योंकि एक समय पर एसआरएच का स्कोर 26/4 था। इसके बाद 116 रनों की साझेदारी क्लासेन और रेड्डी के बीच हुई, जिसकी वजह से टीम 150 के करीब पहुंची। हालांकि, बाद में फिर से एलएसजी ने दमदार गेंदबाजी की। मोहम्मद शमी ने 2 विकेट शुरुआत में निकाले थे। प्रिंस यादव और आवेश खान को भी 2-2 विकेट मिले।

रामलला के चरणों में ऋषभ पंत, Lucknow Super Giants टीम के साथ पहुंचे अयोध्या, बेहतर प्रदर्शन की प्रार्थना

अयोध्या एक बार फिर इंडिया का त्योहार यानी आईपीएल की शुरुआत होने वाली है. मैदान के खिलाड़ी चौके-छक्के उड़ाते दिखाई देंगे. ऐसे में टूर्नामेंट से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स टीम के कप्तान ऋषभ पंत और उनकी टीम के अन्य सदस्य अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन कर आशीर्वाद लिया. इस दौरान खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए प्रार्थना की. खिलाड़ियों के साथ टीम के मालिक संजीव गोयनका भी नजर आए. बता दें कि 28 मार्च से आईपीएल की शुरुआत होने वाली है. पहला मुकाबला आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाएगा. हालांकि, लखनऊ की टीम का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स के साथ 1 अप्रैल को खेला जाएगा. ऐसे में टूर्नामेंट की शुरुआत अच्छी हो, उसके लिए लखनऊ के सभी खिलाड़ी अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए. सभी खिलाड़ियों ने मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की. वहीं मंदिर में दर्शन करने के बाद खिलाड़ियों में टूर्नामेंट को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला. इस दौरान सभी खिलाड़ियों ने भगवान का आशीर्वाद लेने के बाद बेहतर प्रदर्शन करने की बात कही. सभी का कहना था कि टूर्नामेंट से पहले भगवान का आशीर्वाद लेना अच्छा होगा. वहीं दर्शन के बाद पूरी टीम लखनऊ रवाना हो गई. अब खिलाड़ियों की फोटो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही है.

लखनऊ सुपर जायंट्स की मजबूती पर बोले ऋषभ पंत, कोच भरत अरुण को दिया श्रेय

नई दिल्ली आईपीएल के पिछले सत्र में गेंदबाजी लखनऊ सुपर किंग्स की कमजोर कड़ी थी लेकिन कप्तान ऋषभ पंत का कहना है कि सहयोगी स्टाफ में भरत अरूण के आने से इस विभाग में टीम को मजबूत करने में काफी मदद मिल रही है। पंत ने जियोस्टार से बातचीत में लखनऊ टीम के चेन्नई में लगाये गए शिविर और भारत के पूर्व गेंदबाजी कोच अरूण के जुड़ने से टीम के युवा तेज गेंदबाजों को मिल रही मदद के बारे में बताया। ऋषभ पंत ने कहा ,'' तेज गेंदबाजों के साथ शिविर बेहतरीन रहा । भरत अरूण सर के आने से काफी मदद मिल रही है । हमने इस पर काफी बात की है कि मैं गेंदबाजों से क्या चाहता हूं और वह इसमें क्या मदद कर सकते हैं ।'' उन्होंने कहा ,''वह सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी कोचों में से एक हैं और उनके साथ काम करने के अनुभव के कारण मुझे पूरा भरोसा है । वह अपने साथ अपार अनुभव लाये हैं । गेंदबाजों को उन पर भरोसा है और वे उनसे बात करते हैं । आपको एक गेंदबाजी कोच से यही चाहिये होता है ।'' पंत ने कहा ,'' पिछले सत्र का प्रदर्शन देखें तो हमें गेंदबाजी में सुधार की जरूरत थी । इसमें अरूण सर हमारी मदद कर सकते हैं और मुझे खुशी है कि वह टीम के साथ हैं ।'' ड्रेसिंग रूम में सबसे मजाकिया इंसान पंत ने कहा कि इससे तनाव के पलों में माहौल हल्का करने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा ,'' मुझे लगता है कि हंसी मजाक सबको पसंद है क्योंकि माहौल वैसे ही इतना तनावपूर्ण है । हर कोई एक दूसरे के साथ का आनंद लेना चाहता है। बहुत सारा तनाव लेकर मजा नहीं आता और आप अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाते।'' टीम प्रबंधन के मुताबिक लखनऊ सुपर जायंट्स के सभी भारतीय खिलाड़ी पहले ही टीम से जुड़ चुके हैं, शुक्रवार से ओवरसीज खिलाड़ियों का आना भी शुरू हो जाएगा। इसके बाद अभ्यास में और तेजी आएगी।  

युवराज से खास ट्रेनिंग ले रहे ऋषभ पंत, IPL 2026 में दिखेगा नया अवतार

नई दिल्ली आईपीएल 2026 से पहले ऋषभ पंत युवराज सिंह के अंडर प्रैक्टिस करते दिख रहे हैं। जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर किया है। आईपीएल 2026 के आगाज से पहले ऋषभ पंत अपनी बल्लेबाजी पर जमकर काम कर रहे हैं। मुंबई में पंत एक छोटे कैंप में भारत के पूर्व बल्लेबाज युवराज सिंह के अंडर ट्रेनिंग करते नजर आए, जिसका वीडियो उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘इंस्टाग्राम’ पर शेयर किया है। ऋषभ पंत लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी करते दिखेंगे। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुई वनडे और टी20 सीरीज से पहले बैटिंग के दौरान पंत की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया था। जिसके कारण उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। पिछले कुछ समय से पंत लगातार चोट से जुझ रहे हैं। इसके साथ ही लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में वह भारतीय टीम से भी लगातार अंदर-बाहर होते रहे हैं। पंत ने भारत के लिए अपना आखिरी वनडे मुकाबला 7 अगस्त 2024 को खेला था। वहीं, क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में पंत ने अपना आखिरी मुकाबला 28 जुलाई 2024 को श्रीलंका के खिलाफ खेला था। अब ऋषभ पंत ने अपने बल्लेबाजी को धार देने के लिए और बड़े स्कोर बनाने के लिए युवराज सिंह के शरण में पहुंच गए हैं। युवराज सिंह की देखरेख में पंत बल्लेबाजी प्रैक्टिस करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में पंत अच्छी लय में दिख रहे हैं और उनके बल्ले से एक के बाद दमदार शॉट निकल रहे हैं। व्हाइट बॉल में सफल होने पर कर रहे हैं फोकर युवराज वीडियो में पंत की बल्लेबाजी को अंपायर की पोजीशन पर खड़े होकर देख रहे हैं और उन्हें सलाह देते हुए भी नजर आ रहे हैं। आईपीएल से पहले युवराज के अंडर पंत ने जो सेशन किया, उनमें मॉडर्न व्हाइट-बॉल क्रिकेट में सफल होने के लिए स्किल्स और टेम्परामेंट दोनों पर फोकस किया गया। पंत के ट्रेनिंग से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ऋषभ अपने गेम और अपनी फिटनेस को बेहतर बनाने के लिए बहुत कड़ी प्रैक्टिस कर रहे हैं। अगर आप वीडियो देखेंगे, तो आपको पता लगेगा कि वह पतले भी हो गए हैं। वह अपने व्हाइट-बॉल गेम पर और काम करने के लिए बहुत उत्सुक थे। इसी कारण उन्होंने युवराज से बात की और कहा कि वह तीन-चार दिनों के लिए उनके अंडर ट्रेनिंग करना चाहते हैं। IPL 2025 में पंत का निराशाजनक प्रदर्शन टी20 वर्ल्ड कप 2024 और आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे पंत आईपीएल 2025 में रनों के लिए संघर्ष करते हुए नजर आए थे। पंत 14 मुकाबलों में 133 के मामूली स्ट्राइक रेट से सिर्फ 269 रन ही बना सके थे। पंत की कप्तानी में लखनऊ सुपर जायंट्स का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा था और टीम 14 में से सिर्फ 6 मैच ही जीत सकी थी। उल्लेखनीय है कि लखनऊ ने आईपीएल 2025 के लिए हुए ऑक्शन में पंत को 27 करोड़ की बोली लगाते हुए अपनी टीम में शामिल किया था।  

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे: पंत से पांड्या तक तीन बड़े खिलाड़ी टीम से बाहर होने की संभावना

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) जल्द ही न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान करने वाला है. इस सीरीज में रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर खिलाड़ी एक बार फिर नीली जर्सी में नजर आ सकते हैं. वहीं शुभमन गिल को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी जा सकती है. हालांकि, टीम के ऐलान से पहले यह चर्चा तेज है कि कुछ बड़े नाम इस सीरीज से बाहर रह सकते हैं. खास तौर पर वर्कलोड मैनेजमेंट और हालिया चयन नीति को देखते हुए तीन स्टार खिलाड़ियों पर सवाल उठ रहे हैं. ऋषभ पंत की वनडे टीम में वापसी मुश्किल? विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे टीम में चयन मुश्किल नजर आ रहा है. पंत 2024 के बाद से भारतीय वनडे टीम से बाहर हैं. इंग्लैंड सीरीज, चैंपियंस ट्रॉफी और ऑस्ट्रेलिया व दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबलों में भी वह बेंच पर बैठे नजर आए. ऐसे में BCCI विकेटकीपिंग के लिए केएल राहुल, संजू सैमसन, ईशान किशन या जितेश शर्मा जैसे खिलाड़ियों पर भरोसा जता सकता है. हार्दिक पंड्या को मिल सकता है आराम हार्दिक पंड्या पूरी तरह फिट हैं और चयन के लिए भी उपलब्ध हैं. इसके बावजूद उन्हें इस वनडे सीरीज में टीम से बाहर रखा जा सकता है. भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के बाद पांच मैचों की टी20 सीरीज भी खेलनी है. साथ ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 को ध्यान में रखते हुए BCCI हार्दिक के वर्कलोड को लेकर सतर्क है. ऐसे में संभावना है कि उन्हें वनडे से ब्रेक देकर टी20 सीरीज पर फोकस कराया जाए. क्यों बाहर हो सकते हैं बुमराह-हार्दिक? दरअसल, बुमराह और हार्दिक दोनों ही टी20 फॉर्मेट में भारत के सबसे अहम खिलाड़ी हैं. इन दोनों ने साल 2024 में भारत को टी20 वर्ल्ड चैंपियन बनाने में अहम रोल निभाया था. खासकर फाइनल में जैसी गेंदबाजी की थी, उससे साउथ अफ्रीका के खिलाफ 15 ओवर के बाद मैच का रुख पलट गया था. ऐसे में टीम मैनेजमेंट नहीं चाहता कि वर्ल्ड कप से ठीक पहले इन दोनों पर अतिरिक्त बोझ पड़े. वनडे सीरीज से अगर हार्दिक और बुमराह बाहर रहते हैं, तो दोनों खिलाड़ी 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टी20 सीरीज में वापसी करेंगे. यह सीरीज टी20 वर्ल्ड कप से पहले भारत की तैयारियों का अहम हिस्सा मानी जा रही है. घरेलू क्रिकेट खेल सकते हैं हार्दिक अगर हार्दिक वनडे टीम से बाहर होते हैं, तो फिर वो घरेलू क्रिकेट में नजर आ सकते हैं. वह विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 में बड़ौदा की ओर से कम से कम दो मुकाबले खेल सकते हैं. यह फैसला BCCI के उस निर्देश से जुड़ा है, जिसमें सीनियर खिलाड़ियों के लिए घरेलू टूर्नामेंट खेलना जरूरी बताया गया था. हालांकि, जसप्रीत बुमराह को फिटनेस कारणों से इस नियम में छूट दी गई है. ऋषभ पंत को क्यों किया जा सकता है बाहर? हार्दिक और बुमराह के अलावा टीम से ड्रॉप होने वाले तीसरे खिलाड़ी का नाम ऋषभ पंत हो सकता है. खबरें हैं कि खराब फॉर्म के चलते पंत को वनडे टीम से ड्रॉप किया जा सकता है. उनकी जगह घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन करने वाले ईशान किशन की वापसी लगभग तय मानी जा रही है. अब सभी को 3 या 4 जनवरी का इंतजार है, जब टीम इंडिया का ऐलान होगा.  जसप्रीत बुमराह भी हो सकते हैं बाहर तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह का नाम भी उन खिलाड़ियों में शामिल है जिन्हें वनडे सीरीज से आराम दिया जा सकता है. ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद से बुमराह को वनडे मुकाबलों से दूर रखा गया है. BCCI पहले से ही उनका वर्कलोड मैनेज कर रहा है ताकि वह बड़े टूर्नामेंट्स के लिए पूरी तरह फिट रहें. हालांकि, यह तय माना जा रहा है कि बुमराह न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में खेलते नजर आएंगे. संभावित टीम में दिख सकता है नया कॉम्बिनेशन शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर/तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा/अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, नितीश कुमार रेड्डी, आर्शदीप सिंह/प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, कुलदीप यादव.