samacharsecretary.com

बड़वारा के समीप एनएच पर भीषण सड़क हादसा, कार और बाइक की सीधी भिड़ंत, बाइक सवार चार की मौत, कार सवार पांच घायल

कटनी कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में कटनी शहडोल राष्ट्रीय राजमार्ग पर रेलवे पुल के समीप गत मध्य रात्रि एक भीषण सड़क दुर्घटना हुई। यहां पर कार और बाइक की सीधी भिड़ंत में बाइक सवार चार युवकों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि कार सवार पांचो लोग घायल हो गए। घायलों में से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को रेफर कर दिया गया है। कार चालक को अधिक चोटें नहीं आई हैं। इस तरह हुई घटना बड़वारा थाना क्षेत्र के रेलवे पुलिया के पास गत 9, 10 मार्च की मध्य रात्रि लगभग 12 बजे हुई घटना में कार और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई। बताया जाता है की मानपुर निवासी एक युवक महाराष्ट्र से मजदूरी करके लौट रहे अपने तीन मित्रों को लेने कटनी स्टेशन आया था। वह अपने मित्रों को साथ लेकर अपनी बाइक से वापस घर जा रहा था, इसी दौरान बड़वारा रेलवे पुल के पास सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही मानपुर निवासी बाइक सवार रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह की मौत हो गई। राजगढ़ जा रहे थे कार सवार बताया जाता है कि राजगढ़ निवासी कार सवार किसी काम से अंबिकापुर गए हुए थे, वे लोग भी घर वापस लौट रहे थे। इसी बीच बड़वारा के समीप यह भीषण हादसा हो गया। कार सवार एक महिला सहित पांच लोगों में से चार की हालत नाजुक बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया गया है, जबकि कार चालक को मामूली चोटें आई है। तत्काल पहुंची पुलिस घटना की सूचना मिलते ही बड़वारा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बाइक पर चार लोगों का सवार होना और तेज रफ्तार हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। राहगीरों के मुताबिक बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं पहन रखी थी। हादसे के बाद सभी बाइक सवार सड़क पर गिरे और उनके सर में गंभीर चोटें आई, जिसके कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यदि हेलमेट होता तो शायद जान बच सकती थी।

सड़क दुर्घटना का कहर: NH-30 पर अज्ञात वाहन ने ली DRG जवान की जान

जगदलपुर छत्तीसगढ़ के जगदलपुर से सटे आसना क्षेत्र में मंगलवार की रात दर्दनाक सड़क हादसे ने सुरक्षा बल के एक जांबाज को छीन लिया. नेशनल हाइवे 30 पर अज्ञात वाहन ने जगदलपुर की ओर जा रहे डीआरजी जवान भरत भारती की बाइक को जोरदार टक्कर से मारी. हादसा इतना भीषण था कि जवान की मौके पर ही मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, घटना कोतवाली थाना इलाके की है. लोगों की सूचना पर पुलिस की टीम मौके पर पंहुची और शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस हादसे के कारणों और चालक की तलाश में जुट गई है. अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. 2022 में बस्तर फाइटर में हुथा था चयन बताया गया कि वर्ष 2022 में भरत भारती का चयन बस्तर फाइटर में हुआ था, जिसके बाद उनकी पोस्टिंग डीआरजी दस्ते में की गई थी. हादसे के बाद पुलिस महकमे और जवान के साथियों में शोक की लहर है. पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की पड़ताल तेज कर दी है.

सड़क दुर्घटना में वार्ड पार्षद का निधन, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़; क्षेत्र में शोक की लहर

सोनपुर बिहार के सोनपुर में एक सड़क हादसे में वार्ड सदस्य की मौत हो गई, जिसके बाद भारी हंगामा हुआ। दरअसल, दुधैला बाइपास के पास सीएनजी टेंपो की टक्कर से घायल शाहपुरा दियारा पंचायत के वार्ड सदस्य प्रेम कुमार (32 वर्ष) की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-19 को घंटों जाम रखा, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह ठप हो गई। बाजार से लौटते वक्त हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, शाहपुरा दियारा पंचायत के वार्ड संख्या-11 के सदस्य प्रेम कुमार पिता जयगोपाल राय शनिवार शाम गौला बाजार से घरेलू सामान खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान दुधैला बाइपास के समीप नयागांव की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित सीएनजी टेंपो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी बाइक पास के गड्ढे में जा गिरी। दुर्घटना के बाद चालक टेंपो छोड़कर मौके से फरार हो गया। इलाज के दौरान पटना में तोड़ा दम परिजनों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल प्रेम कुमार को पटना के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव वापस सोनपुर लाया गया, तो ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। लोगों ने शव के साथ दुधैला बाइपास पर टायर जलाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अंडरपास और मुआवजे की मांग विरोध प्रदर्शन के कारण एनएच-19 पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों ने मांग की है कि दुर्घटना संभावित इस स्थल पर तत्काल अंडरपास का निर्माण कराया जाए। मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता दी जाए। पुलिस की कार्रवाई और स्थिति हंगामे की सूचना मिलते ही सोनपुर थानाध्यक्ष राजनंदन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर और उचित कानूनी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम हटवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश जारी है। परिवार में कोहराम मृतक प्रेम कुमार पटना में एक चिकित्सक के यहां भी कार्य करते थे और अपने परिवार के मुख्य आधार थे। उनके पीछे दो छोटे पुत्र और एक पुत्री है। इस असमय मौत से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खौफनाक हादसा: लौह अयस्क से भरे ट्रक ने बाइक को रौंदा, 50 मीटर तक घसीटने से दो की जान गई

भानुप्रताप्रतपुर भानुप्रतापुर–दल्ली राजहरा मार्ग पर ग्राम टेकाढ़ोडा (साल्हे) के पास एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। दोनों युवक बाइक से जा रहे थे तभी लौह अयस्क से भरे एक ट्रक ने उनकी बाइक को चपेट में ले गया। घटना की सूचना मिलते ही कच्चे पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान ट्रक के नीचे फंसी बाइक और शव निकालने के लिए पुलिस को जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब दोनों मृतक युवक ग्राम साल्हे के निवासी थे और भानुप्रतापपुर की ओर जा रहे थे। ट्रक के संपर्क में आने के बाद एक युवक ट्रक के नीचे फंस गया, जबकि दूसरा ट्रक के पिछले चक्कों में दब गया। ट्रक ने दोनों को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए आगे बढ़ाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि एक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरा युवक अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ गया। हादसे के कारण लगभग एक घंटे तक मार्ग पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद वाहन छोड़कर फरार हो गया था, लेकिन कुछ समय बाद वह कच्चे पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

नेशनल हाईवे बना मौत का रास्ता: कोहरे में ट्रक से टकराई बस, बड़ा सड़क हादसा

मधुबनी बिहार के मधुबनी जिले में घने कोहरे की वजह से सुबह करीब तीन बजे एनएच- 27 पर फुलपरास प्रखंड के पूरवारी टोल प्लाजा के पास वैशाली ट्रेवल्स की एक यात्री बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि बस में सवार दर्जनों यात्री घायल हो गए। मौके पर मची अफरा-तफरी प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घना कोहरा होने के कारण द्दश्यता बेहद कम थी, जिससे चालक ट्रक को समय रहते नहीं देख सका और यह दुर्घटना हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला और अनुमंडल अस्पताल फुलपरास पहुंचाया। तीन यात्रियों की हालत गंभीर अस्पताल सूत्रों के मुताबिक घायलों में तीन यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिये दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) रेफर कर दिया है।

यूपी के लखीमपुर खीरी में भीषण सड़क दुर्घटना, टेंपो पलटने से चार की जान गई

लखीमपुर खीरी लखीमपुर खीरी के धौरहरा थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। बसंतापुर पुलिया के समीप सवारियों से भरा टेंपो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि टेंपो चालक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों का उपचार चल रहा है। ये सभी लोग रात करीब 12:45 बजे धौरहरा से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होकर लोग टेंपो से अपने गांव ऊंचगांव (थाना खमरिया) वापस लौट रहे थे। इसी दौरान घने कोहरे के चलते बसंतापुर पुलिया के पास टेंपो पलट गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धौरहरा भेजा। इन बच्चों की हुई मौत सीएचसी में चिकित्सकों ने खुशबू (12 वर्ष), अबू तालिब (5 वर्ष) और अजरा (2 वर्ष) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में किस्मतुन (45 वर्ष), साकिया (20 वर्ष), सादिया (22 वर्ष), निदा (10 वर्ष), अकील (18 वर्ष) निवासी ऊंचगांव थाना खमरिया तथा टेंपो चालक इसराइल उर्फ जीशान (30 वर्ष) निवासी ग्राम रसूलपुर थाना खमरिया शामिल हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय लखीमपुर खीरी रेफर कर दिया गया। जहां जीशान की भी मौत हो गई है। हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना की जांच शुरू कर दी है।  

पंजाब (पाकिस्तान) में तेज रफ्तार का कहर, सड़क दुर्घटना में 3 की मौत

इस्लामाबाद पाकिस्तान के विभिन्न सूबों में शनिवार को दो सड़क हादसों में 23 लोगों की मौत के महज 24 घंटों के भीतर पंजाब में ओवर स्पीडिंग की वजह से तीन लोगों की मौत हो गई। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि पाकिस्तान के पूर्वी पंजाब प्रांत में एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई। इस हादसे में तीन लोगों की जान चली गई और एक घायल हो गया। रेस्क्यू 1122 के एक अधिकारी ने सिन्हुआ न्यूज एजेंसी को बताया कि यह हादसा शनिवार देर रात अटक जिले के फतेह जंग शहर में हुआ। रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और शवों को पास के अस्पताल में पहुंचाया गया। घायल व्यक्ति को आगे के इलाज के लिए अस्पताल ले जाने से पहले फर्स्ट एड दिया गया। अधिकारी ने तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया। इससे पहले शनिवार को, बलूचिस्तान और पंजाब से रिपोर्ट किए गए दो अलग-अलग सड़क हादसों में 23 लोग मारे गए और कई घायल हो गए थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पहली घटना में, बलूचिस्तान के ग्वादर के पास मकरान कोस्टल हाईवे पर एक पैसेंजर कोच पलटने से नौ लोगों की जान चली गई और 36 अन्य घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह हादसा ओरमारा के हुड्ड गोठ इलाके के पास हुआ, जब जिवानी से कराची जा रही एक कोच का कंट्रोल खो गया और वह पलट गई। यह गाड़ी अल उस्मान नाम की एक प्राइवेट ट्रांसपोर्ट कंपनी की थी। पंजाब के सरगोधा जिले में एक अलग दुखद घटना में, घने कोहरे के बीच एक मिनी-ट्रक के सूखी नहर में गिरने से कम से कम 14 लोग मारे गए। यह हादसा कोट मोमिन तहसील के घलापुर बंगला के पास हुआ, जहां बहुत कम विजिबिलिटी के कारण गाड़ी सड़क से उतर गई थी। रेस्क्यू अधिकारियों ने बताया कि सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य ने पास के अस्पतालों में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे के समय, ट्रक में 23 लोग इस्लामाबाद से फैसलाबाद एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। कोहरे के कारण मोटरवे बंद होने की वजह से ड्राइवर ने लोकल रास्ता चुना था। मृतकों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे, जो सभी इस्लामाबाद के रहने वाले थे।

तेज रफ्तार का कहर: पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर ट्रक में घुसी कार, 3 की मौत, 7 घायल

सुल्तानपुर घने कोहरे के बीच पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर दरपीपुर के पास सोमवार सुबह करीब 8.20 बजे लखनऊ से आजमगढ़ जा रही तेज रफ्तार कार खड़े ट्रक में पीछे से घुस गई। दुर्घटना में कार के परखचे उड़ गए। कार सवार चालक सिकंदर (27), शंभूलाल (55) निवासीगण तेवखार, सरायमीर, आजमगढ़ व सुरेंद्र (30) निवासी, गुड़ियावा आजमगढ़ की मौत हो गई। दुर्घटना में सुरेंद्र की पत्नी खुशबू (27),  पुत्री सनाया (06), शंभूलाल की पत्नी मीना देवी (35), पुत्र कोहिनूर (16), बड़ी पुत्री उजाला (24), छोटी पुत्री कुमारी रोशनी (15), सबसे छोटा पुत्र अंश (12) गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी पर घटनास्थल पहुंचे यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी त्रिलोकी नाथ पांडेय ने बताया कि सिकंदर व सुरेंद्र की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि शंभूलाल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर में चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों को भी सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया। वहां से सभी को अंबेडकरनगर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी राम जगत तिवारी ने बताया कि कार चालक की लापरवाही से दुर्घटना हुई है। क्षतिग्रस्त कार को क्रेन से ट्रक से बाहर निकाला गया। कार को रिकवरी वैन से  भेजने की व्यवस्था की जा रही है l जयसिंहपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद मिश्र ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रेलर में घुसी कार, पांच ग्रामीणों ने मौके पर दम तोड़ा

 जशपुर  छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। एनएच-43 पतराटोली के पास एक तेज रफ्तार कार खड़े ट्रेलर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना दुलदुला थाना क्षेत्र की है। बताया जा रहा है कि कार कुनकुरी से जशपुर की ओर आ रही थी, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक जशपुर जिले के चराईडांड़ इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे और शवों को वाहन से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुलदुला भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जाएगी। दुलदुला थाना प्रभारी के.के. साहू ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतकों की पहचान के लिए परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। सभी मृतक एक ही गांव के निवासी बताए जा रहे हैं।

दिल्ली में तेज रफ्तार का कहर: मर्सिडीज कार ने तीन को रौंदा, एक की जान गई

नई दिल्ली राजधानी दिल्ली के वसंत कुंज इलाके में एंबियंस मॉल के पास रविवार तड़के एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने तीन लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में गंभीर रूप से घायल एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वसंत कुंज नॉर्थ थाना पुलिस ने कार ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के करीब 2:30 बजे वसंत कुंज नॉर्थ थाने को रोड एक्सीडेंट के बारे में एक पीसीआर कॉल मिली। पुलिस स्टाफ तुरंत घटनास्थल वसंत विहार में नेल्सन मंडेला मार्ग पर एंबियंस मॉल के सामने पहुंचा। पुलिस टीम को वहां हिमाचल नंबर HP 11D 0060 की एक मर्सिडीज G63 कार क्षतिग्रस्त हालत में मिली। इसके साथ ही तीन लोग मौके पर घायल पड़े मिले। इनमें से दो लोगों की उम्र 23 साल और एक की उम्र 35 साल है। सभी एंबियंस मॉल के एक रेस्टोरेंट के कर्मचारी हैं। तीनों घायलों को तुरंत हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान उत्तराखंड के चमोली जिले के रहने वाले 23 साल के रोहित को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य का अब भी इलाज चल रहा है। मर्सिडीज कार के ड्राइवर की पहचान दिल्ली के करोल बाग निवासी 29 वर्षीय शिवम के तौर पर हुई है। घटना के समय वह अपनी पत्नी और बड़े भाई के साथ गाड़ी चला रहा था। पुलिस शुरुआती जांच के मुताबिक, गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया, जिससे कार एक खंभे से टकरा गई, जहां तीनों पीड़ित एक ऑटो स्टैंड पर खड़े थे। बताया जा रहा है कि आरोपी एक शादी में शामिल होकर घर लौट रहा था। कार अभिषेक की है, जो शिवम का दोस्त है। कानून के मुताबिक ज़रूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।