samacharsecretary.com

Gill-Bumrah का डाउनफॉल, Padikkal का उछाल; ICC Ranking के बाद शुभमन गिल के T20 भविष्य पर सवाल

नई दिल्ली भारतीय कप्तान शुभमन गिल और स्टार तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को ताजा ICC टेस्ट रैंकिंग में झटका लगा है. गिल बल्लेबाजों की रैंकिंग में दो पायदान फिसलकर 9वें स्थान पर पहुंच गए, जबकि बुमराह गेंदबाजों की रैंकिंग में दूसरे से तीसरे नंबर पर खिसक गए. दूसरी ओर, देवदत्त पडिक्कल ने 5 स्थान की छलांग लगाकर 54वां स्थान हासिल किया है।  श्रीलंका दौरे पर तीन पारियों में गिल के बल्ले से सिर्फ एक अर्धशतक निकला था. वह अब भी भारत के दूसरे सबसे ऊंची रैंकिंग वाले बल्लेबाज हैं, जबकि ऋषभ पंत 7वें स्थान पर कायम हैं. यशस्वी जायसवाल 11वें नंबर पर बरकरार हैं।  पडिक्कल के लिए श्रीलंका दौरा शानदार रहा. दो टेस्ट में 328 रन और दो शतक के साथ वह भारत के सबसे सफल बल्लेबाज रहे, जिसका फायदा उन्हें रैंकिंग में भी मिला।  वहीं बुमराह श्रीलंका दौरे पर घुटने की चोट के कारण नहीं खेल सके थे. वह अब गेंदबाजों की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर हैं, जहां ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क और न्यूजीलैंड के मैट हेनरी उनसे आगे हैं।  श्रीलंका के सोनल दिनुषा ने भी रैंकिंग में जबरदस्त छलांग लगाई है. भारत के खिलाफ कोलंबो टेस्ट में शानदार शतक के बाद वह 29 पायदान ऊपर चढ़कर बल्लेबाजों की रैंकिंग में 25वें स्थान पर पहुंच गए हैं।  2028 वर्ल्ड कप प्लान से बाहर हो चुका है ‘प्रिंस’? वर्ल्ड कप 2026 जीतने से ठीक पहले जो बल्लेबाज तीनों फॉर्मेट का कप्तान माना जा रहा था वो आज फटाफट क्रिकेट में हाशिए पर चढ़ाया जा चुका है. वैसे भारतीय क्रिकेट टीम जब भी किसी नए दौर में कदम रखती है, तो कुछ फैसले प्रशंसकों और विश्लेषकों को हैरान कर देते हैं. ऐसा ही एक चौंकाने वाला फैसला हाल ही में देखने को मिला, जब अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए घोषित भारतीय टीम से सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल का पत्ता फिर से कट गया।  शुभमन गिल को तीनों फॉर्मेट में भारत का अगला बल्लेबाजी स्तंभ माना जा रहा था. वनडे और टेस्ट में उन्हें कप्तानी की जिम्मेदारी देकर ‘भविष्य का कप्तान’ घोषित किया जा चुका है. ऐसे में टी20 टीम से उनका बाहर होना महज एक आराम देना नहीं, बल्कि भारतीय चयनकर्ताओं और टीम मैनेजमेंट के एक बड़े रणनीतिक बदलाव का सीधा संकेत है. यह फैसला साफ करता है कि टी20 इंटरनेशनल में अब गिल की जगह पक्की नहीं है और टीम मैनेजमेंट आगामी बड़े टूर्नामेंट्स के लिए नए विकल्पों को आजमा रहा है।  4 ओपनर्स की मौजूदगी: 2028 वर्ल्ड कप प्लान से गिल बाहर? भारतीय चयनकर्ताओं ने अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ सीरीज में चार बेहतरीन सलामी बल्लेबाजों को टीम में शामिल किया है. इनमें वैभव सूर्यवंशी , ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे आक्रामक नाम शामिल हैं. टीम में इन चार ओपनर्स की मौजूदगी सीधा इशारा करती है कि 2028 टी20 वर्ल्ड कप के शुरुआती खाके से शुभमन गिल फिलहाल बाहर हो चुके हैं. चयनकर्ताओं की इस रणनीति के पीछे मुख्य वजहों को समझने की कोशिश करते हैं. आज का टी20 क्रिकेट पहली ही गेंद से प्रहार करने वाले बल्लेबाजों की मांग करता है. टीम मैनेजमेंट शीर्ष क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों जैसे वैभव और अभिषेक को प्राथमिकता दे रहा है, जो पावरप्ले का भरपूर फायदा उठा सकें. रोहित शर्मा और विराट कोहली के युग के बाद, टीम अब ‘एंकर’ (पारी संभालने वाले) बल्लेबाजों के बजाय ‘इम्पैक्ट’ (तेज रन बनाने वाले) खिलाड़ियों पर दांव लगा रही है. गिल की शैली पारी को बुनने की है, जो इस नए एप्रोच में फिट नहीं बैठ रही।  दो फॉर्मेट के कप्तान का टी20 स्ट्राइक रेट कमजोर कड़ी शुभमन गिल को टेस्ट और वनडे क्रिकेट का कप्तान (या उप-कप्तान) बनाकर बोर्ड ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया है। लेकिन टी20 इंटरनेशनल में उनका प्रदर्शन और विशेषकर उनका स्ट्राइक रेट उनके लिए सबसे बड़ा रोड़ा बन गया है. वैभव, संजू और अभिषेक के मुकाबले गिल का टी20 इंटरनेशनल में करियर स्ट्राइक रेट लगभग 135 से 139 के बीच झूलता रहा है. आज के दौर में जहां ओपनर्स 150 से अधिक के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं, वहां गिल का यह आंकड़ा काफी साधारण नजर आता है.शुरुआती ओवर्स में गिल को क्रीज पर सेट होने के लिए गेंदे चाहिए होती हैं. इससे पावरप्ले में टीम का रन रेट धीमा हो जाता है, जिसका दबाव आने वाले बल्लेबाजों पर पड़ता है. हलांकि आईपीएल में गिल ने शानदार प्रदर्शन किया है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत गेंदबाजी आक्रमण और कड़े हालात में वे लगातार तेज गति से रन बनाने में संघर्ष करते दिखे हैं।  क्या गिल के लिए रास्ते बंद हो चुके हैं? अफ़ग़ानिस्तान सीरीज से बाहर होने का मतलब यह कतई नहीं है कि शुभमन गिल का टी20 करियर खत्म हो गया है. हालांकि, इसने उनके लिए खतरे की घंटी जरूर बजा दी है यदि उन्हें टी20 टीम में दोबारा वापसी करनी है और 2028 वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा बनना है, तो उन्हें अपने खेल के तरीके में बड़ा बदलाव करना होगा. उन्हें आईपीएल और घरेलू टी20 मैचों में खुद को एक आक्रामक और निडर बल्लेबाज के रूप में साबित करना होगा, जो पहली ही गेंद से गेंदबाजों पर हावी हो सके. फिलहाल के लिए, ‘प्रिंस’ को यह समझना होगा कि टी20 क्रिकेट में सिर्फ क्लास नहीं, बल्कि ‘इम्पैक्ट’ और ‘स्पीड’ ही राज करती है। 

फ्लॉप प्रदर्शन पड़ा भारी! जो रूट की रैंकिंग गिरी, शुभमन गिल ने टेस्ट रैंकिंग में मारी लंबी छलांग

मुंबई  इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बुधवार को टेस्ट प्लेयर्स की ताजा रैंकिंग जारी की है, जिसमें तख्तापलट पलट हो गया। इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट से नंबर-1 बल्लेबाज का ताज छिन गया है। रूट के हमवतन हैरी ब्रूक फिर से शीर्ष पर काबिज हो गए हैं। ब्रूक के खाते में फिलहाल 869 रेटिंग अंक हैं। रूट 853 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर लुढ़क गए हैं। ऑस्ट्रेलिया के ट्रैविस हेड (853) अब ब्रूक की जगह दूसरे स्थान पर आ गए। रूट को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में प्लॉप शो का खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने पहली पारी में एक जबकि दूसरी पारी में 8 रन बनाए। ब्रूक ने अर्धशतक (56 रन) लगाया था। इंग्लैंड ने लॉर्ड्स में आयोजित टेस्ट मैच 115 रनों से अपने नाम किया था। शुभमन गिल की टॉप-10 में आई मौज भारतीय कप्तान शुभमन गिल (743 अंक) की टॉप-10 में मौज आई है। वह दो स्थान चढ़कर आठवें पर पहुंच गए हैं। गिल ने मुल्लांपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट में 126 रनों की शानदार पारी खेली थी। भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रनों से धूल चटाई। यह भारत की पारी के आधार पर सबसे बड़ी जीत थी। विकेटकीपर ऋषभ पंत (705) को एक स्थान का फायदा मिला। वह 12वें पर चले गए। उन्होंने मुल्लांपुर में 81 रनों की पारी खेली थी। सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (733) एक पायदान लुढ़कर नौवें पर आ गए हैं। उन्होंने 24 रनों का योगदान दिया था। बेन डकेट (तीन पायदान ऊपर 15वें), जेमी स्मिथ (पांच स्थान चढ़कर 23वें) और ग्लेन फिलिप्स (15 पायदान ऊपर 40वें) को लॉर्ड्स टेस्ट में अच्छे प्रदर्शन का लाभ मिला। पेसर गस एटकिंसन ने लगाई छलांग टेस्ट बॉलर्स की लिस्ट में इंग्लैंड के पेसर गस एटकिंसन सात पायदान ऊपर चढ़कर 10वें नंबर पर आ गए हैं। वह दो स्थान टेस्ट ऑलराउंडरों की लिस्ट में आगे बढ़े और छठे पर चले गए। लाल गेंद वाले क्रिकेट से लंबे ब्रेक के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज काइल जैमीसन (22वें) और ओली रॉबिन्सन (23वें) टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में फिर से शामिल हो गए हैं। न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ 16 स्थान की छलांग 43वें नंबर पर आ गए हैं। भारत के जसप्रीत बुमराह नंबर-1 टेस्ट गेंदबाज हैं। उनके 870 अंक हैं। बुमराह अफगानिस्तान टेस्ट में नहीं खेले थे। ऑस्ट्रेलिया के मिचेल स्टार्क (838) दूसरे नंबर पर हैं। भारत के रवींद्र जडेजा (446 अंक) नंबर-1 टेस्ट ऑलराउंडर हैं। वह भी मुल्लांपुर टेस्ट में भारतीय स्क्वॉड का हिस्सा नहीं थे।

पैतृक गांव में कप्तान शुभमन गिल ने दादा-दादी के साथ बिताया समय

फाजिल्का. भारतीय वनडे टीम के कप्तान शुभमन गिल ने अपने पैतृक गांव जैमलवाला पहुंचने की तस्वीरों को अपने इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर सांझा किया है। मिली जानकारी के अनुसार वह बीते दिन अपने दादा-दादी के पास गए थे। सबसे पहले उन्होंने अपने दादा-दादी के साथ समय बिताया और परिवार के साथ कई भावुक पल साझा किए। परिवार के बुजुर्गों के साथ मुलाकात के बाद उन्होंने सीधे गांव के खेल मैदान का रुख किया, जहां क्रिकेट सीख रहे नन्हे खिलाड़ी बेसब्री से उनका इंतजार कर रहे थे। मैदान में पहुंचते ही शुभमन गिल ने बच्चों के साथ पूरी सहजता से बातचीत शुरू की। उन्होंने खिलाड़ियों की प्रैक्टिस को ध्यान से देखा और उनके खेल में आ रही कमियों की ओर इशारा करते हुए तुरंत सुधार के सुझाव दिए। इस दौरान उनके साथ उनके दादा दीदार सिंह भी मौजूद रहे, जिन्होंने बच्चों को शुभमन के शुरुआती संघर्ष और मेहनत के किस्से भी सुनाए। नन्हें युवाओं को दिए बैटिंग टिप्स क्रिकेट के प्रति बच्चों का उत्साह देखकर शुभमन गिल भी काफी खुश नजर आए। उन्होंने खिलाड़ियों को बैटिंग तकनीक, संतुलन, फुटवर्क और शॉट चयन के बारे में विस्तार से समझाया। किसी खिलाड़ी को उन्होंने फ्रंट-फुट मूवमेंट सही करने की सलाह दी, तो किसी को बैट का फेस सही समय पर खोलने और सीधा खेलने के बारे में बताया। सिर्फ सलाह देने तक ही सीमित न रहते हुए शुभमन खुद भी नेट पर उतर गए और बल्लेबाजी करके बच्चों को सही तकनीक का उदाहरण दिया। जब गेंदबाजों ने तेज गेंदबाजी की तो उन्होंने उसी गति के अनुसार सही शॉट चयन दिखाया, जिससे युवा खिलाड़ियों को सीखने का अच्छा अवसर मिला। युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए दी खेल सामग्री इस दौरान शुभमन गिल ने गांव के खिलाड़ियों को क्रिकेट किट, ग्लव्स और अन्य जरूरी खेल सामग्री भी उपलब्ध करवाई। इससे बच्चों में नई ऊर्जा और उत्साह देखने को मिला। कई खिलाड़ियों ने कहा कि टीम इंडिया के कप्तान से सीधे सीखना उनके लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। शुभमन गिल के पिता लखविंदर सिंह ने बताया कि बचपन से ही शुभमन का क्रिकेट के प्रति समर्पण अलग था। वह घंटों मैदान में अकेले अभ्यास करते रहते थे। गांव के खुले मैदानों में की गई वही मेहनत आगे चलकर उनके अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने की मजबूत नींव बनी। गांव के बच्चों को संबोधित करते हुए शुभमन गिल ने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास ही खिलाड़ी को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने बच्चों को संदेश दिया कि अगर वे ईमानदारी से मेहनत करते रहें तो कोई भी सपना दूर नहीं रहता।

न्यूज़ीलैंड से हार के बाद शुभमन गिल पर तंज, ‘कप्तानी सीखने के लिए स्कूल जाना होगा’ किस दिग्गज ने दी सलाह?

नई दिल्ली शुभमन गिल भारत के पहले ऐसे कप्तान बने हैं जिनकी अगुआई में टीम इंडिया को अपने ही घर में न्यूजीलैंड के हाथों किसी वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है। रविवार को मेहमान टीम ने इंदौर में खेले गए सीरीज के तीसरे और निर्णायक मैच में भारत को 41 रन से शिकस्त देकर इतिहास रच दिया। पहली बार न्यूजीलैंड की किसी टीम ने भारत को उसी की सरजमीं पर वनडे सीरीज में शिकस्त दी। इस बीच एक क्रिकेट एक्सपर्ट और पूर्व क्रिकेटर ने शुभमन गिल की कप्तानी की गलतियां गिनाते हुए उन्हें स्कूल जाने और कप्तानी सीखने की सलाह दी है।   न्यूजीलैंड के हाथों भारत की वनडे होम सीरीज में पहली हार को लेकर पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर बासिल अली ने शुभमन गिल की कप्तानी पर तंज कसा है। अली ने अपने यूट्यूब शो 'द गेम प्लान' में तंजिया लहजे में कहा, ‘इसका श्रेय भारतीय कप्तान को जाता है, मिस्टर गिल और उनकी कप्तानी को। भारत हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह के बिना खेल रहा था। शमी को तो वे लोग चुन हीी नहीं रहे हैं। भारत की ताकत सिर्फ विराट कोहली और रोहित शर्मा पर आकर टिक गई है। राहुल ने दो मैचों में स्कोर किया लेकिन इस बार वह सस्ते में आउट हो गए। बाकी लोग क्या कर रहे थे?’ बासित ने आगे कहा, 'जब न्यूजीलैंड ने पहले ओडीआई में 300 प्लस का टारगेट लगभग हासिल ही कर लिया था तब उन्होंने अपना लक्ष्य तय कर लिया था। पेसर्स को छोड़ दें तो भारत के मुख्य गेंदबाज कौन हैं? कुलदीप यादव और रविंद्र जडेजा। आपके पास विशेषज्ञ गेंदबाज हैं लेकिन आपने उनसे पहले नीतीश रेड्डी से गेंदबाजी कराई। शुभमन गिल शान मसूद को कॉपी करने की कोशिश कर रहे थे। बस उन संदेशों को फॉलो करना जो ड्रेसिंग रूम से दिए जा रहे हैं। आपको शुरुआती सफलता की जरूरत थी। मैं उन्हें सैल्यूट करता हूं। स्कूल जाइए और कप्तानी सीखिए।' इंदौर में खेले गए सीरीज के आखिरी और निर्णायक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 8 विकेट के नुकसान पर 337 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। डेरिल मिचेल ने 137 और ग्लेन फिलिप्स ने 106 रन की शानदार पारियां खेलीं। जवाब में भारतीय टीम 26 ओवर में 296 रन पर ऑल आउट हो गई। इस तरह उसे 41 रन से हार का सामना करना पड़ा। न्यूजीलैं ने सीरीज को 2-1 से अपने नाम किया। भारतीय सरजमीं पर उसकी ये पहले वनडे सीरीज जीत है। भारत की तरफ से विराट कोहली ने 124 रन की शानदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 10 चौके और 3 छक्के जड़े। नीतीश कुमार रेड्डी ने 57 गेंद में 53 रन और हर्षित राणा ने 43 गेंद में 52 रन की पारी खेली। राणा ने अपने पहले ओडीआई अर्धशतक के दौरान 4 चौके और 4 छक्के जड़े।  

बहुत हो चुकी बातें— शुभमन गिल पर फूटा पूर्व क्रिकेटर का गुस्सा, गंभीर से सीधी कार्रवाई की अपील

नई दिल्ली  दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में शुभमन गिल अब तक बुरी तरह फेल रहे हैं। उनकी वजह से संजू सैमसन को बाहर बैठना पड़ रहा है। अब चौथे मैच से पहले पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट को याद दिलाया है कि समय आ गया है कि बाकी दोनों मैचों में शुभमन गिल की जगह पर संजू सैमसन को मौका दिया जाए। गिल ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मौजूदा सीरीज के शुरुआती तीन टी20 मैचों में 4, 0 और 28 रन बनाए हैं। मोहम्मद कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'अगर आप चीजों को नियंत्रण में रखना चाहते हैं तो ड्रॉप (शुभमन गिल के लिए) शब्द का इस्तेमाल मत कीजिए। सिर्फ इतना कहिए कि आप उन्हें ब्रेक दे रहे हैं या किसी अन्य खिलाड़ी को आजमाना चाहते हैं। लेकिन उन्हें अगले दो मैचों में नए खिलाड़ी के साथ जाना होगा।' गिल नहीं तो कौन, इसका खुद से जवाब देते हुए कैफ ने कहा, 'जो भी खिलाड़ी है, वह उन मैचों में खेलना डिजर्व करता है। उसका अधिकार है। वह सोच रहा होगा कि गिल तो एक साल से खेल रहे हैं और मैं 2-3 खराब पारियों के बाद ही ड्रॉप कर दिया गया। वह खिलाड़ी है संजू सैमसन।' कैफ ने कहा, ‘एक या दो खिलाड़ी एक्स फैक्टर जैसे होते हैं जिन्हें मौकों के संदर्भ में स्पेशल ट्रीटमेंट के हकदार होते हैं लेकिन अब शुभमन गिल को देखिए, वह कितनी सारी पारियां पहले ही खेल चुके हैं?’ उन्होंने आगे कहा, 'हम पिछले कुछ समय से इसके बारे में बात कर रहे हैं। अब आपको फैसला लेना होगा, समय आ गया है।' 5 टी20 इंटरनेशनल मैच की सीरीज में भारत फिलहाल 2-1 से आगे है। सीरीज के 2 मैच और बचे हैं। अगले साल से शुरू होने जा रहे टी20 विश्व कप से पहले अब भारत को सिर्फ 7 टी20 मैच खेलने हैं। दक्षिण अफ्रीका के बाद न्यूजीलैंड के साथ भी 5 टी20 मैचों की सीरीज है।  

शुभमन गिल की टीम इंडिया में वापसी? साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज पर नजर

नई दिल्ली  कप्तान शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दौरान चोटिल हुए थे, जिसके बाद वह अगला टेस्ट नहीं खेल सके। गिल मेहमान टीम के खिलाफ वनडे सीरीज का भी हिस्सा नहीं हैं, लेकिन अब उनके टी20 सीरीज में खेलने की उम्मीद है। शुभमन गिल के सोमवार से बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में होने की उम्मीद है। गिल अपनी गर्दन की चोट की रिकवरी के लिए तुरंत रिहैब शुरू करेंगे। उम्मीद है कि सीओई टी20 फॉर्मेट के उपकप्तान को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट फिर से शुरू करने की इजाजत दे सकता है। शुभमन गिल साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मैच की पहली पारी में चौका लगाने के दौरान चोटिल हुए थे। इसके बाद गिल दोबारा इस सीरीज में नहीं खेल सके। इसके बाद गिल अपनी गर्दन की चोट को लेकर सलाह लेने के लिए मुंबई में स्पेशलिस्ट के पास गए। उन्होंने अपने घर लौटने से पहले तीन दिन वहीं बिताए। उस बीच गिल ने अपना पर्सनल रिहैब जारी रखा। सोमवार को वह बेंगलुरु के लिए निकले। साउथ अफ्रीका के खिलाफ पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज 9 दिसंबर से शुरू होगी। अगले कुछ दिनों में इसके लिए भारतीय टीम के चुने जाने की उम्मीद है। शुभमन गिल ने अपनी रिकवरी पर कड़ी मेहनत की है। वह जल्द से जल्द मैदान पर लौटने के लिए बहुत उत्सुक हैं। सूत्रों ने क्रिकबज से कहा, "गिल ने रिहैब प्रोसेस के दौरान बहुत मेहनत की है। अब वह सीओई में है। अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा, तो गिल 6-7 दिसंबर तक कटक में होंगे, जब टी20 टीम के इकट्ठा होने की उम्मीद है।" ऐसी उम्मीद की जा रही है कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज में खेलते नजर आ सकते हैं। बुमराह को वनडे सीरीज से आराम दिया गया है। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 9 दिसंबर को कटक में पहला टी20 मुकाबला खेला जाएगा, जिसके बाद 11 दिसंबर को न्यू चंडीगढ़ में अगले मैच का आयोजन होगा। दोनों देश धर्मशाला में 14 दिसंबर को सीरीज का तीसरा मैच खेलेंगे। लखनऊ में 17 दिसंबर को सीरीज का चौथा मैच खेला जाएगा, जबकि 19 दिसंबर को अहमदाबाद में सीरीज के पांचवें मैच का आयोजन होगा।

शुभमन गिल को लेकर बुरी खबर, BCCI ने कर दिया भारत के 38वें टेस्ट कप्तान का खुलासा

नई दिल्ली  शुभमन गिल इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका दूसरा टेस्ट से बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने शुक्रवार 21 नवंबर को इसकी जानकारी दी। शुभमन गिल को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, जिस वजह से वह रिटायर हर्ट हो गए थे। गिल की चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें अस्पताल में भर्ती भी करवाया गया था। हालांकि वह अगले ही दिन डिस्चार्ज हो गए। गिल दूसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया के साथ गुवाहटी भी पहुंचे थे, मगर मैच के लिए फिट ना होने की वजह से उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया है। ऋषभ पंत अब गुवाहटी टेस्ट में टीम इंडिया की कप्तानी करेंगे।   बीसीसीआई ने शुक्रवार, 21 नवंबर को रिलीज जारी करते लिखा, 'टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल, जिन्हें साउथ अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान गर्दन में चोट लगी थी, गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट से बाहर हो गए हैं। गिल को कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लगी थी और दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया। उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखा गया और अगले दिन डिस्चार्ज कर दिया गया। वह 19 नवंबर, 2025 को गुवाहाटी गए। बदकिस्मती से, वह दूसरे टेस्ट में खेलने के लिए पूरी तरह फिट नहीं थे और अपनी चोट की आगे की जांच के लिए मुंबई जाएंगे। गिल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत दूसरे टेस्ट में टीम की कप्तानी करेंगे।' ऋषभ भारतीय टेस्ट टीम के 38वें कप्तान होंगे, वहीं वह एमएस धोनी के बाद दूसरे ऐसे विकेट कीपर होंगे जो टेस्ट टीम को लीड करेंगे। इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहटी में खेला जाना है। शुभमन गिल के बाहर होने से भारत का मिडिल ऑर्डर कमजोर पड़ जाएगा। उनकी जगह शुभमन गिल को मौका मिल सकता है, वहीं ध्रुव जुरेल नंबर-4 का भार संभाल सकते हैं। भारत की टीम: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, वाशिंगटन सुंदर, ऋषभ पंत (विकेट कीपर/कप्तान), रवींद्र जडेजा, ध्रुव जुरेल, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, जसप्रीत बुमराह, देवदत्त पडिक्कल, साई सुदर्शन, आकाश दीप  

टीम इंडिया छोड़कर मुंबई लौटे शुभमन गिल, जानें अचानक आने की वजह

गुवाहटी इंडिया वर्सेस साउथ अफ्रीका दो मैच की टेस्ट सीरीज का दूसरा और आखिरी मुकाबला 22 नवंबर से  में खेला जाना है। इस मैच से पहले टीम इंडिया के लिए बुरी खबर आ रही है। खबर है कि कप्तान शुभमन गिल टीम का साथ छोड़ गुवाहटी से मुंबई रवाना हो गए हैं और वह इस टेस्ट मैच में हिस्सा नहीं लेने वाले। शुभमन गिल को कोलकाता में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान गर्द में चोट लगी थी, जिस वजह से वह पहली पारी में रिटायर हर्ट हुए थे, वहीं दूसरी पारी में बैटिंग करने तक नहीं आए थे। बीसीसीआई ने 19 नवंबर को अपडेट देते हुए कहा था कि गिल टीम के साथ गुवाहटी जाएंगे, मगर उनके खेलने पर फैसला उनकी चोट को देखते हुए आगे लिया जाएगा।  रिपोर्ट के अनुसार, शुभमन गिल को गुवाहाटी टेस्ट से पहले टीम से रिलीज कर दिया गया है और वे शुक्रवार को ही मुंबई के लिए निकल चुके हैं। यह युवा खिलाड़ी 19 नवंबर को टीम के साथ गया था, लेकिन 20 नवंबर को ट्रेनिंग के लिए नहीं आया। पता चला है कि वह अगले दो-तीन दिन मुंबई में आराम करेगा और फिर डॉ. दिनशॉ पारदीवाला से स्पेशलिस्ट की राय लेगा। अभी तक, BCCI सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) जाने का कोई प्लान नहीं है और आने वाले दिनों में और क्लैरिटी मिलने की उम्मीद है। शुभमन गिल की गैरमौजूदगी में ऋषभ पंत दूसरे टेस्ट में टीम इंडिया की कमान संभालते हुए नजर आएंगे। पंत टीम के उप-कप्तान है। पहले टेस्ट मैच में भी गिल के चोटिल होने के बाद उन्होंने कप्तानी की थी, हालांकि भारत उस मैच में 30 रनों से हारा था। शुभमन गिल के गुवाहटी टेस्ट से बाहर होने के बाद प्लेइंग XI में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। उनकी जगह साई सुदर्शन को टीम में जगह मिल सकती है, वहीं अक्षर पटेल की जगह नीतिश कुमार रेड्डी को भी मौका दिया जा सकता है।

भारतीय टीम को मिली राहत: गिल फिट, गुवाहाटी मैच में रहेंगे टीम के साथ

मुंबई भारत और साउथ अफ्रीका के बीच शनिवार से दूसरे टेस्ट मैच की शुरुआत होगी, जिसके लिए भारतीय कप्तान शुभमन गिल बुधवार को टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे। हालांकि, सीरीज के निर्णायक मुकाबले में गिल के खेलने पर अभी तक मुहर नहीं लगी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “टीम इंडिया के कप्तान शुभमन गिल को साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता टेस्ट के दूसरे दिन गर्दन में चोट लग गई थी। दिन का खेल खत्म होने के बाद उन्हें जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया, जिसके बाद निगरानी में रखा गया और अगले दिन छुट्टी दे दी गई। शुभमन को दिए गए उपचार का अच्छा असर हो रहा है। वह 19 नवंबर को टीम के साथ गुवाहाटी जाएंगे। बीसीसीआई की मेडिकल टीम उनकी निगरानी करती रहेगी और दूसरे टेस्ट में उनकी भागीदारी पर उसी के अनुसार फैसला लिया जाएगा।” कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले गए टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले के दूसरे दिन बल्लेबाजी के दौरान गिल चोटिल हुए थे। भारतीय पारी के 35वें ओवर में साउथ अफ्रीकी ऑफ स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर चौका लगाने के बाद गिल को गर्दन में परेशानी महसूस हुई, जिसके बाद उन्हें रिटायर्ड हर्ट होना पड़ा। इसके बाद भारतीय कप्तान मैच में दोबारा बल्लेबाजी के लिए नहीं उतर सके। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने के बाद गिल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी गर्दन में सर्वाइकल कॉलर लगा हुआ था। तीसरे दिन की शुरुआत से पहले बीसीसीआई ने घोषणा कर दी थी कि कप्तान गिल मैच के शेष हिस्से से बाहर हो गए हैं। भारतीय टीम को इस रोमांचक मुकाबले में 30 रन से हार का सामना करना पड़ा था। इसी के साथ साउथ अफ्रीका ने दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली। अब सीरीज बराबरी पर खत्म करने के लिए टीम इंडिया को गुवाहाटी टेस्ट जीतना होगा। इससे पहले अक्टूबर 2024 में गिल गर्दन में अकड़न की समस्या से जूझते नजर आए थे। न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट से पहले उन्हें यह समस्या हुई, जिसके कारण वह मैच से बाहर हो गए थे। इसी समस्या के कारण गिल जुलाई 2024 में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में भी नहीं खेल सके थे।  

शुभमन गिल की तबीयत में सुधार, हॉस्पिटल से डिस्चार्ज; खेलने पर अब भी संशय

मुंबई  भारतीय कप्तान शुभमन गिल को कोलकाता के उस अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है जहां उन्हें शनिवार शाम दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट के दौरान गर्दन की चोट लगने के बाद ले जाया गया था. गिल अब टीम होटल लौट आए हैं, और वह स्थिर हैं, चल-फिर सकते हैं और अपनी गर्दन घुमा सकते हैं, और वह दर्द, जिसने शुरू में सपोर्ट स्टाफ को चिंतित कर दिया था, अब काफी कम हो गया है. फिलहाल, गिल टीम होटल में कड़ी निगरानी में रहेंगे, जहां डॉक्टर और बीसीसीआई की मेडिकल यूनिट उनकी प्रगति पर नजर रखेगी. वह गुवाहाटी में होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए टीम के साथ यात्रा करेंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है, और आने वाले दिनों में आराम और उपचार पर उनकी प्रतिक्रिया पर निर्भर करेगा. पहले टेस्ट से बाहर हुए थे गिल गिल को पहले टेस्ट के बाकी हिस्से से बाहर कर दिया गया था, जब दूसरे दिन के अंतिम क्षणों में एक चिंताजनक घटना हुई. ड्रिंक्स ब्रेक के बाद वे क्रीज़ पर आए और साइमन हार्मर की पहली गेंद को डिफेंड किया, फिर अगली गेंद को स्लॉग-स्वीप कर चौका लगाया. लेकिन उस शॉट की ताकत से उनके शरीर में एक व्हिपलैश जैसी झटका लगा. गिल ने तुरंत अपनी गर्दन के पीछे हाथ रखा, दर्द से साफ परेशान दिखे और अपना सिर हिलाने में संघर्ष करते रहे. फिजियो तुरंत मैदान में आया, और सिर्फ तीन गेंदों के बाद भारत के कप्तान रिटायर्ड हर्ट हो गए. उसी शाम बाद में, उन्हें एहतियातन सर्वाइकल कॉलर पहनाकर अस्पताल ले जाया गया. गांगुली भी मिलने पहुंचे रविवार को, पूर्व भारतीय कप्तान और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल (सीएबी) के अध्यक्ष सौरव गांगुली 15 मिनट के लिए अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने गिल की स्थिति के बारे में जानकारी ली और इलाज कर रहे मेडिकल स्टाफ से बात की. बाद में गांगुली ने कहा कि गिल अच्छी मनोदशा में थे. भारत को मिली हार लेकिन अंतिम पारी में गिल की अनुपस्थिति भारी पड़ी. भारत, जिसे केवल 124 रन का लक्ष्य मिला था, नियंत्रण से अराजकता में फिसल गया, जब ईडन गार्डन्स की टर्निंग पिच पर बल्लेबाज़ संघर्ष करते दिखे. कप्तान के उपलब्ध न होने से मध्यक्रम हिचकिचाता दिखा और भारत 93 पर ढेर हो गया — जो घर में उनका दूसरा सबसे कम स्कोर वाला नाकाम चेज़ है. और इस तरह दक्षिण अफ्रीका को 30 रन की जीत और सीरीज में 1-0 की बढ़त मिल गई. यह देखना बाकी है कि क्या गिल 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होने वाले दूसरे टेस्ट के लिए समय पर ठीक हो पाते हैं, जहां भारत सीरीज हारने से बचने और वापसी करने की उम्मीद करेगा.