samacharsecretary.com

‘त्रिशूल’ वॉर प्रैक्टिस: कैसे तैयार हो रही है भारतीय सेना की अजेय टुकड़ी?

नई दिल्ली  भारतीय सेना की दक्षिणी कमांड एक खास सैन्य अभ्यास में जुटी हुई है। इस सैन्य अभ्यास का नाम त्रिशूल दिया गया है। इसका मकसद तीनों सेनाओं के बीच आपसी समन्वय को बढ़ावा देना है। इस सैन्य अभ्यास का नाम दिया गया है जय (JAI)। इसका मलतब है जॉइंटनेस यानी संयुक्तता, आत्मनिर्भरता और इनोवेशन यानी नवाचार। अधिकारियों के मुताबिक यह भारतीय सशस्त्र बलों की प्रौद्योगिकी-सक्षमता और भविष्य के लिए तैयार बल के निर्माण की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है। सभी क्षेत्रों पर बढ़त बनाने का मकसद त्रिशूल अभ्यास मिशन दिखाता है कि सशस्त्र बलों की बहु-क्षेत्रीय क्षमताएं बढ़ रही हैं। साथ ही रक्षा में आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित है। इस अभ्यास का मकसद कई क्षेत्रों में सेंट्रलाइज व्यवस्था को मजबूत करना है। इसमें इलेक्ट्रॉनिक युद्ध, साइबर, ड्रोन और काउंटर-ड्रोन संचालन, खुफिया, निगरानी और पहचान के साथ-साथ वायु रक्षा नियंत्रण और रिपोर्टिंग शामिल हैं। यह अभ्यास स्थल, समुद्र और वायु के माध्यम से निर्बाध एकीकृत सहयोग के जरिए फिजिकल और वर्चुअल क्षेत्रों में समान रूप से हावी होने की तैयारी है। ऑपरेशन सिंदूर के अनुभव भी शामिल ड्रोन और मानवरहित प्रणालियों का यह समावेश भारत की युद्ध नीति को नेटवर्क-केंद्रित और ऑटोनोमस युद्ध की दिशा में आगे बढ़ा रहा है। यहां पर सूचना, गति और सटीकता निर्णायक भूमिका निभाते हैं। भविष्य के युद्धों की तैयारी,अभ्यास त्रिशूल में हाल के संघर्षों और अभियानों, विशेषकर ऑपरेशन सिंदूर से मिले अनुभवों को भी इसमें शामिल किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य भविष्य के युद्धों के लिए तैयारी करना है। इन युद्धों में ड्रोन, साइबर उपकरण और अंतरिक्ष संसाधन पारंपरिक सेनाओं के साथ मिलकर काम करेंगे।  

एसआईआर में वैध मतदाता छूटे नहीं, अवैध मतदाता जुड़े नहीं इसकी जिम्मेदारी हम सभी कार्यकर्ताओं की: भगवानदास सबनानी

भोपाल  दक्षिण-पश्चिम विधानसभा के सभी मंडलों में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर ) कार्यशालाएं संपन्न हुई। कार्यशाला को एसआईआर अभियान के प्रदेश संयोजक व विधायक भगवानदास सबनानी ने संबोधित किया। शुक्रवार को 2 मंडलों की कार्यशालाएं आयोजित की गई।  कार्यशाला का शुभारंभ वंदे मातरम् गीत के 150वर्ष पूर्ण होने पर वंदे मातरम् गीत का सामूहिक गायन किया गया। अपने संबोधन में सबनानी ने कहा कि मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण ( एसआईआर ) की प्रक्रिया भले ही निर्वाचन आयोग के स्तर पर चल रही हो, पर यहां संगठन के लिए भी महत्वपूर्ण विषय है, इस अत्यंत महत्वपूर्ण विषय के लिए हम सभी कार्यकर्ताओं को मिलजुल कर काम करना है, और प्रत्येक वैध मतदाता को उसके मतदान करने का अधिकार दिलाने में सहयोग करना है साथ ही अवैध मतदाता इस प्रक्रिया में अपना नाम जुड़ा नहीं पाए इसका ध्यान सभी कार्यकर्ताओं को रखना है। प्रत्येक बूथ से एक बीएलए 2 बनाया जाएगा जो अपने सहयोगियों के साथ शुद्ध मतदाता सूची बनवाने में बीएलओ का सहयोग करेगा। इस अत्यंत महत्वपूर्ण विषय में किसी भी प्रकार की कोई कोताही बरती ना जाए इसका विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।  विधायक सबनानी ने बूथ स्तर के समस्त बीएलए 2 को एसआईआर की बारीकियों से अवगत कराकर उनके पूछे गए सवालों का उन्हें जवाब दिया।  इस अवसर पर विधायक भगवानदास सबनानी ने सभी से स्वदेशी मेले में जाने की अपील की। कार्यशाला में दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के बीएलए मुकेश राय विधानसभा प्रभारी राजू अनेजा वरिष्ठ नेता शैलेंद्र शर्मा पार्षद आरके सिंह बघेल पार्षद आरती राजू अनेजा पार्षद ब्रजुला सचान वरिष्ठ नेता लीलेद्र मारण करुणाधाम मंडल अध्यक्ष मुकेश देहाड़े टीटी नगर मंडल अध्यक्ष सोनू पालीवाल वरिष्ठ नेता लीलाधर यादव प्रतीक्षा ब्रह्मभट्ट सहित सभी बूथ अध्यक्ष बूथ मंत्री एवं बीएलए उपस्थित रहे।

बांग्लादेश से भारत लाई गई लड़की MP में मिली, मानव तस्करी गिरोह पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई

ग्वालियर मध्य प्रदेश के ग्वालियर में किले के पॉश सिटी सेंटर गोविंदपुरी इलाके में पुलिस ने एक फ्लैट से बांग्लादेशी युवती को पकड़ा है। यह युवती ढाका, बांग्लादेश की रहने वाली है और 8 माह पहले कोलकाता के रास्ते भारत आई थी। पुलिस ने उसके साथ एक युवक को भी हिरासत में लिया है। युवती के मोबाइल से संदिग्ध चैट और विदेशी नंबर मिले हैं।जांच में खुलासा हुआ है कि उसे देह व्यापार के लिए भारत लाया गया था।   सीएसपी विश्वविद्यालय हिना खान को सूचना मिली थी कि गोविंदपुरी में एक बांग्लादेशी युवती किराए के फ्लैट में रह रही है। टीम ने देर रात छापा मारा तो वहां युवती एक युवक के साथ मिली। जब पुलिस ने पहचान पत्र मांगे, तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सकी।तलाशी में उसके बांग्लादेशी होने के प्रमाण मिले। दोनों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ में युवती ने बताया कि वह ढाका की रहने वाली है और करीब आठ माह पहले कोलकाता होते हुए दिल्ली और फिर ग्वालियर पहुंची थी। उसने यह भी कबूला कि बांग्लादेश के दलाल अनीस शेख की मदद से उसे भारत लाया गया और देह व्यापार में धकेला गया। ग्वालियर में वह राजेंद्र नाम के व्यक्ति के संपर्क में थी और यहां भी अनैतिक गतिविधियों में शामिल थी। पुलिस को युवती के मोबाइल से कई संदिग्ध चैट और विदेशी मोबाइल नंबर मिले हैं।इससे आशंका है कि उसका नेटवर्क अंतरराज्यीय या अंतरराष्ट्रीय हो सकता है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवती के पास भारत आने के लिए फर्जी पासपोर्ट या अन्य दस्तावेज तो नहीं थे। पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि उसके जैसी और भी कई लड़कियों को देह व्यापार के लिए भारत लाया गया है, जो अलग-अलग शहरों में हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने की कोशिश कर रही है कि क्या यह सिर्फ देह व्यापार का मामला है या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। ग्वालियर में बांग्लादेशी नागरिकों की धरपकड़ पुलिस लगातार कर रही है। एक माह पहले महाराजपुरा इलाके से आठ सदस्यों वाले एक बांग्लादेशी परिवार को पकड़ा गया था, जिन्हें फिलहाल पुलिस लाइन के डिटेंशन सेंटर में रखा गया है। एएसपी विनिता डागर ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गोविंदपुरी इलाके में छापा मारा गया था।पकड़ी गई युवती बांग्लादेशी निकली है और उसका कहना है कि उसे देह व्यापार के लिए भारत लाया गया था।

सर्द हवाओं का डबल अटैक: दो राज्यों में Cold Alert, तापमान में तेज गिरावट

नई दिल्ली  उत्तर भारत में ठंड पड़ना शुरू हो गई है। तापमान में धीरे-धीरे गिरावट दर्ज की जा रही है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिण पंजाब और दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से लगभग 4-7 कम और उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों, पूर्वी मध्य प्रदेश और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के शेष हिस्सों में लगभग दो से चार डिग्री कम रहने की संभावना है। अगले छह से सात दिनों के दौरान के उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत में तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री कम रहने की संभावना है।   8-10 नवंबर तीन दिनों के दौरान पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में शीतलहर से लेकर गंभीर शीत लहर चलने वाली है। पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश, दक्षिणी पंजाब और दक्षिणी हरियाणा के कुछ हिस्सों में रात का तापमान 10 डिग्री से कम और सामान्य से लगभग 4-7 डिग्री कम रहेगा। दिल्ली, पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में रात का तापमान सामान्य से लगभग दो से चार डिग्री कम रहेगा। अगले छह से सात दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम और आसपास के मध्य भारत में रात का तापमान सामान्य से दो से पांच डिग्री कम रहने की उम्मीद है। अगले दो दिनों के दौरान विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में मिनिमम टेम्प्रेचर में लगभग दो डिग्री की गिरावट आएगी। वहीं, अगले चार दिनों के दौरान पूर्वी भारत में मिनिमम टेम्प्रेचर में दो से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने वाली है।

सेमीफाइनल का सिलसिला टूटा, जोकोविच अब ट्रॉफी से एक कदम दूर

पेरिस सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने अपनी सेमीफाइनल की हार का सिलसिला तोड़ते हुए  एथेंस में चल रहे एटीपी टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। जोकोविच ने जर्मनी के क्वालिफायर यानिक हैंफमैन को मात्र 79 मिनट में 6-3, 6-4 से हराया। 38 वर्षीय जोकोविच का यह मुकाबले में सर्विस केवल दूसरी बार टूटी, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पूरे नियंत्रण में रहते हुए जीत दर्ज की। फाइनल में उनका मुकाबला अमेरिकी सेबेस्टियन कोर्डा या इतालवी लोरेन्जो मुसेटी में से किसी एक से होगा। खास बात यह है कि मुसेटी को एटीपी फाइनल्स (ट्यूरिन) में जगह बनाने के लिए यह खिताब जीतना जरूरी है। जोकोविच ने मैच के बाद कहा, “यह इस टूर्नामेंट में मेरा अब तक का सबसे बेहतरीन टेनिस था, और यह सही समय पर आया। हैंफमैन एक खतरनाक खिलाड़ी है — उसकी सर्विस और ग्राउंडस्ट्रोक्स दोनों ही मजबूत हैं, इसलिए मुझे पूरे मैच में फोकस रहना पड़ा।” यह जीत जोकोविच के लिए खास रही क्योंकि उन्होंने लगातार चार सेमीफाइनल हारों का सिलसिला तोड़ा — वे पहले रोलां गैरोस, विंबलडन, यूएस ओपन और शंघाई में अंतिम-4 में हार चुके थे। उनकी पिछली सेमीफाइनल जीत मई में जेनेवा क्ले कोर्ट टूर्नामेंट में हुई थी, जहां उन्होंने फाइनल में ह्यूबर्ट हुर्काच को हराकर अपना 100वां करियर सिंगल्स खिताब जीता था। पुरुषों में उनसे अधिक खिताब केवल रोजर फेडरर (103) और जिम्मी कॉनर्स (109) के नाम हैं। मैच में जोकोविच ने पहले सेट में 3-2 पर ब्रेक हासिल किया और 6-3 से सेट अपने नाम किया। दूसरे सेट में हालांकि उन्होंने 2-1 पर सर्विस गंवाई, लेकिन तुरंत वापसी करते हुए स्कोर 3-3 किया और फिर निर्णायक ब्रेक लेकर जीत पक्की की। जीत के बाद जोकोविच ने उत्साहित दर्शकों को संबोधित करते हुए कहा, “एक बार फिर इस शानदार स्टेडियम को भरने के लिए आप सभी का धन्यवाद। मैंने दुनिया के कई खूबसूरत इनडोर एरेना में खेला है, लेकिन यह निश्चित रूप से मेरे करियर के टॉप-3 में से एक है।” इस साल एथेंस टूर्नामेंट ने अब बंद हो चुके बेलग्रेड ओपन की जगह ली है और स्थानीय प्रशंसकों के लिए यह जोकोविच का प्रदर्शन किसी उत्सव से कम नहीं रहा।  

जम्मू-कश्मीर में ‘पिंपल ऑपरेशन’ से दहशतगर्दों की कमर टूटी, एक-एक को ढूंढकर मार गिराया जा रहा

नई दिल्ली  भारतीय सेना के चिनार कोर ने शनिवार को जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा में 2 आतंकवादियों को मार गिराया। इस अभियान को ऑपरेशन पिंपल नाम दिया गया। इस तरह क्षेत्र में सुरक्षा सुनिश्चित करने के निरंतर प्रयासों में अहम उपलब्धि दर्ज की गई। चिनार कोर ने कहा कि कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में घुसपैठ के प्रयास के बारे में एजेंसियों से इनपुट मिला था। इस खुफिया जानकारी के आधार पर शुक्रवार को अभियान शुरू किया गया। सेना ने एक्स पर लिखा, ‘सैनिकों ने संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर आतंकियों को रुकने को कहा, लेकिन उन्होंने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके जवाब में सुरक्षा बलों ने दो आतंकवादियों को मार गिराया।’ ऑपरेशन पिंपल भारतीय सशस्त्र बलों की ओर से कुपवाड़ा के केरन सेक्टर में शुरू किया गया सुरक्षा अभियान है। यह संयुक्त अभियान 7 नवंबर को इलाके में संदिग्ध गतिविधि देखे जाने के बाद शुरू किया गया। जब सतर्क सैनिकों ने चुनौती दी तो आतंकवादियों ने अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। ऐसे में मुठभेड़ शुरू हुई और 2 आतंकवादी मारे गए। इलाके की तलाशी अभी भी जारी है। यह अभियान चिनार कोर की ओर से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाया जा रहा है। किश्तवाड़ में भी आतंकियों से मुठभेड़ इससे पहले, जम्मू-कश्मीर में किश्तवाड़ जिले के वन क्षेत्र में आतंकवादियों के छिपे होने की सूचना मिली थी। दहशतगर्दों को पकड़ने के लिए घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया। यह ऑपरेशन बुधवार को घने वन क्षेत्र चतरू में आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ के बाद शुरू हुआ। इस मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया था। सुरक्षा अधिकारी ने कहा, ‘आतंकवादियों की तलाश में अभियान जारी है। हालांकि, दोबारा गोलीबारी नहीं हुई है। अभियान में ड्रोन और खोजी कुत्तों की भी मदद ली जा रही है। घेराबंदी को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।'  

योगी का दावा: विकास और विश्वास के नए अध्याय के लिए तैयार है बिहार

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को बिहार में दो चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे। इससे पहले उन्होंने कहा है कि बिहार की तपोभूमि विकास और विश्वास की नई गाथा लिखने को तैयार है। मुख्यमंत्री योगी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शनिवार को लिखा है कि, “बिहार भारत की आत्मा का स्वर है। यहां आकर भारत की आत्मा से साक्षात्कार की अनुभूति होती है।” योगी ने कहा कि आज सत्याग्रही भूमि पूर्वी चंपारण और तपोभूमि गया जी की विकासप्रिय जनता-जनार्दन से संवाद करूंगा। उन्होंने कहा है कि बिहार की जनता एक बार फिर भाजपा-एनडीए सरकार के साथ विकास और विश्वास की नई कहानी लिखने को तैयार है। गौरतलब है कि बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। यहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। इसके बाद अब सभी दलों का पूरा जोर दूसरे चरण के लिए है। दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार तेज हो गया है। दिन भर अलग-अलग जगहों पर दोनों गठबंधन के नेताओं ने रैलियां की। बिहार चुनाव में पहले दौर का मतदान कल शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। बिहार विधानसभा के लिए पहले दौर में रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत वोट डाले गए। एक हजार 314 प्रत्याशियों का चुनावी भाग्य ईवीएम मशीनों में कैद हो गया है।  

अनिसिमोवा बाहर, सबालेंका फाइनल में; रयबाकिना से होगी रोमांचक भिड़ंत

रियाद आर्यना सबालेंका ने सेमीफाइनल में अमांडा अनिसिमोवा को 6-3, 3-6, 6-3 से शिकस्त दी। इसी के साथ सबालेंका ने डब्ल्यूटीए फाइनल चैंपियनशिप के लिए एलेना रयबाकिना के खिलाफ मुकाबले में जगह बना ली है। अमांडा अनिसिमोवा के खिलाफ शुरुआती दौर में तनावपूर्ण मुकाबले के बाद मैच सबालेंका के पक्ष में झुकने लगा। उन्होंने अपने पहले सेट को 6-3 से जीता। आर्यना सबालेंका दूसरे सेट की शुरुआत में ही लय खो बैठीं, जिसका फायदा उठाते हुए अनिसिमोवा ने 4-0 की बढ़त बना ली। जल्द ही यह स्पष्ट हो गया कि मुकाबला निर्णायक सेट की ओर बढ़ रहा है। इस सेट को अनिसिमोवा ने 6-3 से अपने नाम किया। सबालेंका ने तीसरे सेट में अपनी लय फिर से हासिल की। उन्होंने लगातार ऐस लगाकर स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया था। इसके बाद एक जबरदस्त बैकहैंड लगाकर निर्णायक ब्रेक हासिल किया। सबालेंका को शुरुआत में कुछ दबाव का सामना करना पड़ा, लेकिन शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी ने तीसरे सेट को 6-3 से अपने नाम करते हुए फाइनल में जगह पक्की कर ली। दूसरी ओर, रयबाकिना ने एक सेट से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए जेसिका पेगुला को 4-6, 6-4, 6-3 से हराया, जिससे उनका अपराजेय क्रम बरकरार रहा है। अब वह डब्ल्यूटीए फाइनल का खिताब जीतने के करीब पहुंच गई हैं। शनिवार को होने वाले बहुप्रतीक्षित फाइनल में टूर्नामेंट की दो अपराजित खिलाड़ी आमने-सामने होंगी। इन दोनों ही खिलाड़ियों का लक्ष्य अपनी पहली बिली जीन किंग ट्रॉफी जीतना है। पिछले साल की उपविजेता सबालेंका रयबाकिना से उनके करियर मुकाबलों में 8-5 से आगे हैं। इसमें 2023 ऑस्ट्रेलियन ओपन फाइनल में जीत भी शामिल है। एलेना रयबाकिना के खिलाफ मुकाबले को लेकर सबालेंका ने कहा, “यह एक और जबरदस्त मुकाबला होने वाला है। मुझे लगता है कि इस मैच के साथ एलेना ने शानदार तैयारी की है। मैं सीजन के आखिरी मैच में इस खूबसूरत ट्रॉफी के लिए लड़ने को तैयार हूं।”  

कांग्रेस विधायक की शिकायत पर पंजाब में SSF गाड़ियों की खरीद की होगी जांच, गवर्नर ने आदेश दिए

चंडीगढ़ पंजाब सरकार की तरफ से शुरू की गई सड़क सुरक्षा फोर्स के लिए इस्तेमाल करने के लिए खरीदी गईं 144 टोयोटा हिल्क्स वाहनों की खरीद की जांच होगी। पंजाब गवर्नर गुलाब चंद कटारिया के कार्यालय से मिले पत्र के बाद पंजाब सरकार के गृह विभाग ने इसकी जांच पंजाब पुलिस डीजीपी को सौंपी। जांच करने का पत्र 31 अक्टूबर 2025 को ही जारी कर दिया गया था। पंद्रह दिन में इसकी जांच पूरी कर रिपोर्ट शिकायतकर्ता को सौंपने के साथ साथ गवर्नर कार्यालय और गृह विभाग को भी दी जानी है। यानि कि जांच की रिपोर्ट 15 नवंबर 2025 को दी जानी है। यह पत्र अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सुखपाल सिंह खैहरा ने उठाया था मुद्दा, 14.50 रुपए गबन के आरोप पंजाब कांग्रेस विधायक सुखपाल सिंह खैहरा की तरफ से तीन माह पहले इस मुद्दे को उठाया गया था, उनका कहना है कि 2024 में सड़क सुरक्षा बल के लिए थोक में 144 टोयोटा हिलक्स वाहन खरीदते समय टोयोटा कंपनी से छूट की सुविधा का लाभ नहीं उठाया? क्योंकि व्यक्तिगत ग्राहकों को उसी टोयोटा हिलक्स वाहन पर 10 लाख रुपए की छूट दी जाती है (बिल की प्रति नीचे संलग्न)! क्या आम आदमी पार्टी अगर सरकार ने व्यक्तिगत ग्राहकों को दी जाने वाली 10 लाख रुपए की छूट का लाभ उठाया होता तो सरकार को 144 टोयोटा हिलक्स की खरीद पर लगभग 14.50 करोड़ रुपए की बचत होती! खैहरा ने डायरेक्टर जरनल ऑफ पुलिस(डीजीपी) के पास शिकायत दर्ज कराई थी कि 144 टोयोटा हिलक्स वाहनों की इस संदिग्ध और संदिग्ध खरीद की जांच होनी चाहिए, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या मुख्यमंत्री, उनके ओएसडी या किसी और को इस सौदे के जरिए उक्त छूट की नकद राशि मिली है? खैहरा ने यह बात लगातार उठाई थी कि मुख्यमंत्री और पुलिस महानिदेशक कल से हमारे आरोपों पर चुप्पी साधी हुई है। जिससे उक्त सौदे पर और संदेह पैदा हो रहा है। पंजाब के लोगों को सच्चाई जानने का अधिकार है ताकि दोषियों को सजा मिल सके। जनवरी 2024 में शुरू की गई थी सड़क सुरक्षा फोर्स पंजाब में सड़क सुरक्षा फोर्स योजना जनवरी 2024 में शुरू की गई थी। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने 144 टोयटा हिल्क्स गाडियों को हरी झंडी देकर रवाना किया था। इस फोर्स को प्रदेश की सड़कों पर लगाया गया है ताकि सड़क हादसे में घायल हुए लोगों को तुरंत अस्पताल तक पहुंचाया जा सके। सरकार का दावा है कि इन वाहनों की सहायता से अब तक करीबन 40 हजार लोगों को सहायता मिली है।  

खुशखबरी: पंजाब में घर बैठे आसानी से उपलब्ध होंगी ये सेवाएं

कपूरथला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य में फेसलैस आर.टी.ओ. सेवाएं शुरू की हैं। अब पंजाबी नागरिक अपने घरों में बैठकर ही ड्राइविंग लाइसैंस और वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट से जुड़ी 56 महत्वपूर्ण सेवाएं ऑनलाइन तरीके से प्राप्त कर सकेंगे। अब लोग 1076 पर एक कॉल करके अपना ड्राइविंग लाइसैंस, आर.सी. और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। लोगों को भ्रष्टाचार, असुविधा और बिचौलियों से मुक्ति मिल रही है और ऐसा देश में ही नहीं, बल्कि दुनिया में भी पहली बार हो रहा है। राज्य में पहली बार फेसलैस आर.टी.ओ. सेवाएं शुरू की जा रही हैं। इस पहल को वास्तव में परिवहन विभाग में एक डिजिटल क्रांति कहा जा सकता है क्योंकि लोगों को अब ये सेवाएं उनके घर-द्वार पर मिलेंगी। ड्राइविंग लाइसैंस और वाहन पंजीकरण प्रमाणपत्र से जुड़ी कुल 56 प्रमुख सेवाओं को अब पूरी तरह से फेसलैस कर दिया गया है। अब नागरिकों को आर.टी.ओ. कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे क्योंकि ये सेवाएं पंजाब भर में स्थापित सेवा केंद्रों के माध्यम से प्रदान की जाएंगी और इन केंद्रों के कर्मचारियों को उचित प्रशिक्षण दिया गया है। लोगों को आर.टी.ओ. कार्यालयों में काफी असुविधा का सामना करना पड़ता था और आज के दिन यह असुविधा समाप्त हो रही है, जिससे आम आदमी को काफी लाभ हो रहा है। इस पहल से आम आदमी को होने वाली असुविधा और भ्रष्टाचार पर लगाम लगी है। यह राज्य सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरैंस नीति के अनुरूप है।  इससे पहले राजस्व सुधारों से लोगों को काफी लाभ हुआ है जिससे लोगों को बड़े पैमाने पर सशक्त बनाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी कर्मचारी को हटाया नहीं जाएगा और उनकी सेवाओं का राज्य सरकार द्वारा उनकी योग्यता के अनुसार अन्य विभागों में उचित उपयोग किया जाएगा। पहले लोगों को परेशान करने के लिए रिबन काटे जाते थे, लेकिन अब राज्य सरकार उन्हें व्यापक सुविधा प्रदान करने के लिए कार्यालयों पर ताला लगा रही है। राज्य सरकार ने लोगों की अनावश्यक लूट को रोकने के लिए अब तक पंजाब में 19 टोल प्लाजा बंद कर दिए हैं। इस सुविधा के लागू होने से लोगों को अब आर.टी.ओ. दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। लोग सेवा केंद्रों और 1076 हैल्पलाइन के माध्यम से भी ये सेवाएं प्राप्त कर सकते हैं। अब लर्नर्ज लाइसैंस आधार ई-के.वाई.सी. वेरिफिकेशन के जरिए तुरंत जारी किए जाएंगे, जिससे नए ड्राइवरों के लिए प्रक्रिया बहुत आसान हो गई है। इसके साथ ही, फैंसी नंबरों की नीलामी प्रणाली भी ऑनलाइन कर दी गई है, जिससे इच्छुक लोग पारदर्शी तरीके से अपनी पसंद के नंबर प्राप्त कर सकेंगे। वित्तीय वर्ष 2024-25 के दौरान परिवहन विभाग ने कुल 29,23,390 आवेदनों पर कार्रवाई की,जिनमें से 19,63,209 वाहन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट से और 9,60,181 ड्राइविंग लाइसैंस सेवाओं से संबंधित थे। ये आंकड़े इस बात का प्रमाण हैं कि पंजाब सरकार की डिजिटल माध्यम से सेवाएं देने की कोशिश बहुत तेजी से सफल हो रही है।