samacharsecretary.com

25 अगस्त 2025: सूर्य की तरह चमकेगा ये राशियां, पढ़ें आज का राशिफल

मेष: मेष राशि वालों को आज के दिन संतुलन पर जोर देने की जरूरत है। रिश्तों में ईमानदारी और खुला संवाद बहुत जरूरी है। पेशेवर तौर पर, तनाव को मैनेज करना और कार्यों को प्रभावी ढंग से प्राथमिकता देना महत्वपूर्ण है। आर्थिक रूप से, खर्चों को लेकर सतर्क रहें और बड़ा निवेश करने से पहले दो बार सोचें। वृषभ: आज के दिन धन लाभ होने के योग बन रहे हैं। ऑफिस की पॉलिटिक्स से दूर रहें। अपनी सेहत का ख्याल रखें। आज का आपका दिन बेहद शुभ माना जा रहा है। किसी खुले पार्क में ब्रीदिंग एक्सरसाइज या योग करने से तनाव को कम करने में मदद मिलेगी। मिथुन: आज के दिन तनाव कम लें। मन और शरीर दोनों को कंट्रोल में रखने का एक अच्छा तरीका योग है। आज का दिन पॉजिटिव एनर्जी से भरपूर रहने वाला है। पैसों के मामले में सोच समझकर ही डिसीजन लें। कर्क: आज के दिन बॉडी को फिट रखने के लिए एक्सरसाइज जरूर करें। आपका दिन उथल-पुथल से भरपूर साबित हो सकता है। काम के प्रेशर के चलते आपका स्ट्रेस बढ़ सकता है। याद रखें, काम से भी ज्यादा जरूरी आपकी मेंटल हेल्थ है। सिंह: आज के दिन समय-समय पर ब्रेक लेते रहें। आज के दिन आपके जीवन में कई बदलाव हो सकते हैं। चाहे मामला प्रेम का हो, नौकरी का हो, सेहत का हो, धन का हो, परिवार का हो, आज कोई खुशखबरी या बैड न्यूज भी मिल सकती है। कन्या: आज के दिन आपका समय काफी शानदार रहने वाला है। कुछ लोगों को अपने पद या सैलरी में वृद्धि देखने को मिल सकती है। पैसे के मामले में भाग्य आपके साथ है। इमोशनल पक्ष और माफ करने की क्षमता पर ध्यान केंद्रित रखें। तुला: आज के दिन चाहे जो भी हो अपना पॉजिटिव नजरिया बनाए रखें। आज का दिन हैप्पी-हैप्पी रहने वाला है। किसी इन्वेस्टमेंट से आपको अच्छा पैसा मिल सकता है। ज्वैलरी में इन्वेस्टमेंट करने के लिए आज का दिन शुभ है। वृश्चिक: आज का दिन आपके रोमांटिक जीवन में बदलाव का संकेत दे रहा है। आप रिश्तों में नए और गंभीर स्टेज पर हैं। मुश्किल वक्त के लिए खुद को तैयार कर रहे हैं। अब आप उन गंभीर जिम्मेदारियों को लेने के लिए तैयार हैं, जो करियर लाइफ का जरूरी हिस्सा हैं। धनु: आज के दिन वाद-विवाद से दूर रहना बेहतर है। सेहत का ख्याल रखें। आपके लिए ये दिन काफी प्रोडक्टिव रहने वाला है। अपनी फैमिली के साथ कुछ टाइम स्पेंड करें। लव के मामले में आपका दिन शानदार रहेगा। मकर: आज का दिन हलचल से भरपूर रहने वाला है। काम के सिलसिले में आपको थोड़ी बहुत डांट या फटकार पड़ सकती है। अपनी पॉजिटिव एनर्जी को बनाए रखें। बाहर के खाने से परहेज करें। अपनी फिटनेस पर फोकस करें। कुंभ: आज के दिन कुंभ राशि के जातकों का दिन काफी एनर्जेटिक रहने वाला है। अपनी इस एनर्जी का सही तरीके से इस्तेमाल करेंगे तो दिन का लाभ उठा सकेंगे। लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशन वालों के बीच थोड़ी बहुत तकरार हो सकती है। मीन: आज के दिन लंबे समय से चले आ रहे मामले सुलझ सकते हैं। इससे मौजूदा गलतफहमियों को सुलझाने में मदद मिलेगी। करीबियों के बीच बात-चीत बेहतर होगी। खर्चों पर ध्यान दें। जंक फूड्स का सेवन कम से कम करें।

दिल्ली में भारी बरसात, उत्तर भारत के अन्य राज्यों का मौसम कैसा रहेगा?

नई दिल्ली देशभर में मानसून का दौर जारी है। दिल्ली-एनसीआर, हिमाचल और उत्तराखंड से लेकर केरल तक में झमाझम बारिश हो रही है। महाराष्ट्र में लगातार कई दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है, जिसके कारण जन जीवन अस्त-व्यत है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है। हरियाणा और जम्मू-कश्मीर में 24 से लेकर 26 अगस्त के बीच भारी बारिश होने के आसार जताए गए हैं।   दिल्ली-एनसीआर का मौसम दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से बारिश का दौरा जारी है। 24 अगस्त को सुबह से ही हल्की बारिश देखी गई, जिससे उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त को दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके साथ ही तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की कमी आ सकती है। उत्तर प्रदेश का मौसम उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से लगातार बारिशा हो रही है, जिससे मौसम सुहाना हो गया है। मौसम विभाग ने 25 अगस्त के लिए भी राज्य में बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया है। इसके बाद बारिश का क्रम कुछ दिनों के लिए रुक जाएगा। बारिश बंद होने से लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, 29 अगस्त के आसपास एक बार फिर मौसम करवट लेगा और 29-30 अगस्त को एक बार फिर मूसलाधार बारिश होने की संभावना है। बिहार में कैसा रहेगा मौसम? बिहार में अभी भी मानसून एक्टिव है। पटना समेत कई इलाकों में झमाझम बारिश हुई है। रविवार को पटना, गया, औरंगाबाद, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, जहानाबाद, अरवल, नालंदा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगुसराय, जमुई, मुंगेर, बांका, भागलपुर और खगड़िया समेत 29 जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। उत्तराखंड में कैसा रहेगा मौसम? उत्तराखंड में बारिश ने इस बार भारी तबाही मचाई है। राज्य में गुरुवार को भारी बारिश के कारण पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरने के कारण नदी का प्रवाह अवरुद्ध हो गया, जिससे एक अस्थायी झील बन गई। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त को राज्य के कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, टेहरी और उत्तरकाशी जिलों में भूस्खलन की आशंका है। हिमाचल में कैसा रहेगा मौसम? मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और पंजाब में 24 अगस्त को भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। जम्मू, कठुआ, मंडी, शिमला और पठानकोट जिलों में तेज बारिश होने की संभावना है।

बाढ़ कम हुई, लेकिन बोधगया के लोग अब भी मुश्किल हालात में जी रहे

बोधगया बोधगया के बाढ़ प्रभावित इलाकों में धीरे-धीरे अब बाढ़ का पानी कम होने लगा है, लेकिन लोगों की मुश्किलें कम नहीं हो रही हैं। जैसे-जैसे पानी घट रहा है, तबाही का मंजर सामने आ रहा है। पानी के कारण फसल सड़ने, बाढ़ के गंदे पानी गांव में प्रवेश करने के बाद अब गांव में अलग ही दुर्गंध आ रही है। बाढ़ क्षेत्र के ग्रामीण अब किसी भयावह बीमारी के प्रकोप को लेकर चिंतित हैं, उन्हें डर सता रहा है कि गांव में किसी प्रकार की बीमारी उत्पन्न न हो जाए, हालांकि अभी तक ऐसा हुआ नहीं है। बाढ़ के पानी ने किसानों के खेतों में लगी फसल को बर्बाद कर दिया है, इसके अलावा बिजली के पोल और तार भी क्षतिग्रस्त हैं।   बाढ़ के पानी के दबाव के कारण पूर्वी क्षेत्र की अधिकांश सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों में सबसे अधिक नुकसान बतसपुर, छाछ, गंगा बीघा, मोराटाल, बसाढ़ी, सीलौंजा, अजा टोला घुंघरिया की सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। सड़क पर बड़ी-बड़ी गड्ढे हो गए हैं, ग्रामीणों ने बांस और कपड़े के माध्यम से क्षतिग्रस्त सड़कों को बैरिकेडिंग कर दिया है, ताकि कोई अज्ञात व्यक्ति उस गड्ढे में न गिर पाए। बतसपुर की मुख्य सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण लगभग दो दर्जन गांव के लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। अब उक्त गांव के ग्रामीण 20 किलोमीटर की अधिक दूरी तय कर गया शहर में पहुंचेंगे। लेकिन गंगा बीघा गांव के लोगों का कोई अन्य मार्ग नहीं है। क्या-क्या हुआ नुकसान बाढ़ के पानी के कारण बतसपुर, छाछ और घुंघरिया के लगभग 20 मकान गिर चुके हैं। इन सभी गांववालों के घरों में रखे राशन, कपड़े, कागजात बर्बाद हो गए हैं। कुछ लोगों के मवेशी और बकरियां की मौत हो गई है। बाढ़ पीड़ितों की परेशानियां अभी खत्म नहीं हुई हैं, बाढ़ पीड़ित बेबस और लाचार हैं। छाछ गांव के लोग दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी खरीदने शहर नहीं जा पा रहे हैं।   किसानों की फसल बर्बाद हो गई है। जल्द ही कराई जाएगी सभी सड़कों की मरम्मत बोधगया प्रखंड के अंचलाधिकारी महेश कुमार ने बताया कि रविवार को मैं बाढ़ क्षेत्रों का जायजा लिया हूं, पहले की तुलना में सब नॉर्मल हो गया है। बाढ़ का पानी भी कम हो गया है। घुंघरिया के जो लोग स्कूल में ठहरे थे, वे सब अपने-अपने घर चले गए हैं। उन्होंने कहा कि जितनी जगह सड़क टूटी है, उसका आरसीडी विभाग के द्वारा सर्वे किया जा रहा है। बहुत जल्द ही सभी सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। महेश कुमार, अंचलाधिकारी, बोधगया प्रखंड। बाढ़ क्षेत्रों में कराया जा रहा सर्वे बाढ़ के प्रशासन के द्वारा सामूहिक रसोई चलाया जा रहा था, हालांकि, रसोई में अब न के बराबर लोग आ रहे हैं, सब अपने-अपने घर चले गए हैं। पानी पूरी तरह कम हो गया है। बाढ़ क्षेत्रों में सर्वे कराया जा रहा है, जितने भी किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उन्हें चिन्हित किया जा रहा है। इसके अलावा बाढ़ के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत के लिए आरसीडी विभाग सर्वे कर रहा है। उन्होंने कहा कि नए डैम निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो गई है। बरसात के बाद बहुत जल्द नए डैम में काम शुरू किया जाएगा। किसलय श्रीवास्तव, सदर एसडीओ। 

चार गिरफ्तार: क्रिकेट खेलते हुए गैंग ने सुने घरों में की चोरी

खंडवा किक्रेट खेलते-खेलते जिले के कुछ युवकों ने गिरोह बना लिया। दिन में बाइक से सूने घरों की रेकी करते, रात को आते घरों का ताला तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। बीते एक माह में इस गिरोह ने हरसूद थाना क्षेत्र में पांच चोरी कर जमकर आतंक मचाया। थाना प्रभारी हरसदू राजकुमार राठौर इनकी गंभीरता से तलाश में लगे थे। मुखबिर की सूचना पर गिरोह के तीन सदस्यों को हरसूद पुलिस ने गिरफ्तार किया। इसके अलावा चोरी का माल खरीदने वाले एक सदस्य को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने सात लाख के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर पांच चोरियों का राजफाश किया। बंद मकानों को बनाते थे निशाना पुलिस के अनुसार सेक्टर नंबर पांच हरसूद में स्थित बंद मकान से अज्ञात व्यक्ति के द्वारा सोने चांदी के आभूषण व नकदी रुपये की चोरी करने की सूचना पर थाना हरसूद में धारा 331(4),305 बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार राय द्वारा अपराधियों को तत्काल पकड़ने हेतु निर्देशित किया।   विवेचना के दौरान अज्ञात आरोपितों व मशरुका की तलाश पर मुखबिरों ने पुलिस को बताया कि कुछ व्यक्तियों ने छनेरा हरसूद में किराये का मकान लेकर निवास कर रात्रि में चोरी करते हैं। मुखबिर सूचना पर संदेहियों के मोबाइल नंबरों की टावर लोकेशन व डिटेल प्राप्त की गई। दिन व रात्रि के मध्य मोबाइल बंद होने की शंका के आधार पर संदेही आरोपित 23 वर्षीय शुभम पुत्र भगवान सिंह राजपूत, मांगीलाल उर्फ गोलू पुत्र भैयालाल निवासी पुनर्वास थाना मांधाता, दुर्गेश पुत्र सुरेश निवासी फोकटपुरा छनेरा थाना हरसूद एवं बेचवाल समर पुत्र बजारी निवासी धननगरी, थाना खालाकुआ, जिला हुगली पश्चिम बंगाल हाल- सनावद जिला- खरगोन को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। बदमाशों से ये जेवरात जब्त किए विस्तृत पूछताछ में आरोपितों ने संगठित होकर रात में बंद मकानों का ताला तोड़ नकबजनी करना स्वीकार किया। पृथक पृथक स्थान से आरोपितों की निशादेही पर सोने के आभूषण झुमकी, सोने की अंगूठी, सोने के टाप्स, सोने का मंगलसूत्र, सोने का लॉकेट, सोने के लाग, पंचाली, कान की बाली, रिंग एवं गले के लाकेट, सोने के मोती एवं चांदी के आभूषण पायल, बिछिया, चैन, पायजब, अंगूठी, चांदी का सिक्का, चांदी की चुडी, रमझोल, कमर का कंदोरा, कंगन, बिछोडी, झुमकी, चांदी की पूची, चांदी की पायल आदि उक्त अपराधों में जब्त किया गया। घटना में प्रयुक्त दो बाइक जब्त की गई। जिसकी कुल कीमत लगभग सात लाख रुपये है। थाना प्रभारी हरसूद निरीक्षक राजकुमार राठौर, उनि रमेश मोरे, सउनि नानाराम पाटीदार, सउनि नरेंद्रसिंह वर्मा, प्रआर हरिओम मीणा, प्रआर शिवशंकर उपाध्याय, प्रआर मंगलसिंह चौहान, आर दिलीप बोरखेडे, आर भगवानसिंह मस्कोले, हेमंत जाट की सराहनीय भूमिका रही।

सड़क पर मचा कोहराम, टूरिस्ट बस दुर्घटनाग्रस्त, पांच लोगों ने गंवाई जान

न्यूयॉर्क नियाग्रा फॉल्स से न्यूयॉर्क सिटी लौट रही एक टूरिस्ट बस के पलटने से उसमें सवार एक भारतीय समेत पांच लोगों की मौत हो गई है जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। बस में भारतीय और चीनी नागरिकों सहित कुल 54 यात्री सवार थे। पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा ड्राइवर का ध्यान भटकने की वजह से हुआ है। मृतकों की पहचान रिपोर्ट के अनुसार मृतकों में बिहार के शंकर कुमार झा (65), न्यू जर्सी की पिंकी चांगरानी (60), चीन के झी होंगझुओ (22) और न्यू जर्सी के झांग शियाओलान (55) और जियान मिंगली (56) शामिल हैं। हादसा कैसे हुआ? न्यूयॉर्क के पेमब्रोक इलाके में अंतरराज्यीय राजमार्ग-90 पर शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रांतीय पुलिस प्रमुख आंद्रे रे ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि ड्राइवर का ध्यान भटक गया जिससे उसने बस पर से नियंत्रण खो दिया और बस पलट गई। रे ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि कई यात्री बस से बाहर गिर गए और मौके पर ही पांच वयस्क यात्रियों की मौत हो गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए थे जिन्हें बचाव दल ने सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस का कहना है कि किसी भी अन्य यात्री को जानलेवा चोटें नहीं आई हैं और हादसे के कारणों की आगे जांच जारी है।  

सहमति बनते ही चर्चा में सीट शेयरिंग, जानें चिराग पासवान का संभावित हिस्सा

पटना  बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है, और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में सीट बंटवारे को लेकर चर्चाएं अंतिम चरण में हैं। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और जनता दल (यूनाइटेड) (जद(यू)) में सीट शेयरिंग को लेकर सहमति बन गई है। दोनों पार्टियों को 243 सीटों में से प्रत्येक को 100-105 सीटें लड़ने को मिल सकती हैं। चिराग पासवान की लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) (एलजेपी (आरवी)) ने 40 सीटों की मांग की है, लेकिन उसे करीब 20 सीटें ही मिलने की संभावना है। बाकी सीटें जीतन राम मांझी की हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (सेक्युलर) (एचएएम (एस)) और उपेंद्र कुशवाहा की राष्ट्रीय लोक मोर्चा (आरएलएम) को दी जा सकती हैं। जद(यू) की बराबरी की मांग 2020 के विधानसभा चुनाव में जद(यू) ने 115 और बीजेपी ने 110 सीटों पर चुनाव लड़ा था। तब विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) ने 11 और एचएएम (एस) ने 7 सीटों पर चुनाव लड़ा। बीजेपी ने 74 सीटें जीतीं, जबकि जद(यू) को 43 सीटों से संतोष करना पड़ा। इस बार जद(यू) बीजेपी के बराबर सीटें चाहता है, क्योंकि उसका मानना है कि उसकी 10% वोट हिस्सेदारी, खासकर अति पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) में, उसे गठबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाती है। एक वरिष्ठ एनडीए नेता ने कहा, 2020 में एलजेपी ने जद(यू) के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर उसका नुकसान किया। इस बार नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जा रहा है, और जद(यू) बीजेपी से कम सीटों पर समझौता नहीं करेगा।   चिराग पासवान की बढ़ती मांग एलजेपी (आरवी) ने 2024 के लोकसभा चुनाव में पांचों सीटें जीतकर और 29 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त हासिल कर अपनी ताकत दिखाई थी। चिराग पासवान 40 सीटों की मांग कर रहे हैं, लेकिन बीजेपी इसके ​लिए राजी नहीं है। एक बीजेपी नेता ने कहा कि एलजेपी के पांच सांसद हैं, लेकिन विधानसभा चुनाव में स्थानीय कारक और जमीनी ताकत ज्यादा मायने रखती है। 20 सीटें उनके लिए उचित हैं। 2020 में एलजेपी ने 135 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन केवल एक सीट (मटिहानी) जीती और 5.66% वोट हासिल किए। तब उसने जद(यू) के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर 27 सीटों पर उसे नुकसान पहुंचाया। वीआईपी का संभावित पलटवार मुकेश साहनी की विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) जो अभी महागठबंधन (आरजेडी-कांग्रेस) का हिस्सा है के एनडीए में शामिल होने की अटकलें हैं। अगर वीआईपी एनडीए में आती है, तो सीट बंटवारे का समीकरण बदल सकता है। 2020 में वीआईपी ने एनडीए के साथ 11 सीटों पर चुनाव लड़ा था। वीआईपी का निषाद समुदाय में प्रभाव है, जो पूर्वी बिहार में महत्वपूर्ण वोट बैंक है। नीतीश के नेतृत्व पर दांव एनडीए की रणनीति नीतीश कुमार को फिर से मुख्यमंत्री बनाने पर केंद्रित है। जद(यू) का कहना है कि नीतीश का ईबीसी और कुर्मी समुदाय में प्रभाव एनडीए की जीत के लिए जरूरी है। दूसरी ओर, चिराग पासवान ने नीतीश सरकार के कानून-व्यवस्था रिकॉर्ड की आलोचना कर सीटों के लिए दबाव बनाया है। एलजेपी (आरवी) का लक्ष्य लंबे समय में 15% वोट हिस्सेदारी हासिल करना है। जातिगत समीकरण और स्थानीय मुद्दे बिहार में जातिगत समीकरण और स्थानीय मुद्दे, जैसे बेरोजगारी और पलायन, चुनाव को जटिल बनाते हैं। एनडीए अपनी सामाजिक गठबंधन रणनीति (ऊंची जातियां, गैर-प्रमुख ओबीसी, और दलित) के साथ मजबूत स्थिति में है। लेकिन, अगर सीट बंटवारे में छोटे सहयोगी नाराज होते हैं, तो नुकसान हो सकता है। दूसरी ओर, महागठबंधन तेजस्वी यादव के नेतृत्व में युवा और पिछड़े वर्गों को लुभाने की कोशिश कर रहा है।

‘मुठभेड़’ में मौत का मामला गरमाया, आदिवासी संगठनों का राजभवन घेराव

रांची झारखंड में आदिवासी संगठनों ने कई आपराधिक मामलों में वांछित सूर्य नारायण हंसदा की सुरक्षाकर्मियों के साथ कथित मुठभेड़ में हुई मौत के विरोध में बीते शनिवार को राजभवन तक मार्च निकाला। यह जुलूस रांची के जिला स्कूल मैदान से निकाला गया और राजभवन पर समाप्त हुआ, जहां प्रदर्शनकारियों ने कथित मुठभेड़ की सीबीआई जांच, हांसदा के परिवार के लिए सुरक्षा और मुठभेड़ में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हांसदा को 10 अगस्त को देवघर के नावाडीह गांव से गिरफ्तार किया गया था और कथित मुठभेड़ उस समय हुई, जब उसे छिपे हुए हथियार बरामद करने के लिए राहदबदिया हिल्स ले जाया जा रहा था। गोड्डा पुलिस का कहना है कि उसने कथित तौर पर पुलिस से हथियार छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश में पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसकी मौत हो गई। मार्च के मुख्य संयोजक जगलाल पाहन ने आरोप लगाया कि हंसदा की ‘साजिश रचकर हत्या' की गई। पाहन ने दावा किया, ‘‘हंसदा ने हमेशा आदिवासी समुदाय की आवाज उठाई तथा सरकारी मशीनरी एवं माफिया द्वारा की जा रही अवैध गतिविधियों, अन्याय, शोषण और उत्पीड़न का लगातार विरोध किया। उन्होंने आदिवासी अधिकारों, शिक्षा, भूमि सुरक्षा और युवाओं के भविष्य के लिए लगातार संघर्ष किया। उन्हें एक ईमानदार नेता के रूप में देखा जाता था, लेकिन प्रशासन ने कुछ प्रभावशाली तत्वों के साथ मिलकर उन्हें फर्जी मुठभेड़ में मारने की साजिश रची।'' केंद्रीय सरना समिति के अध्यक्ष बबलू मुंडा ने आरोप लगाया कि हंसदा की ‘फर्जी मुठभेड़ में हत्या' की गयी। मुंडा ने कहा, ‘‘हम इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं। यह सिर्फ एक व्यक्ति या परिवार का मामला नहीं है, बल्कि आदिवासी समुदाय के अधिकारों और न्याय का मामला है। अगर किसी निर्दोष व्यक्ति की हत्या को प्रशासनिक संरक्षण दिया गया, तो लोकतंत्र और न्यायपालिका पर समाज का भरोसा खत्म हो जाएगा।''  

IMD की चेतावनी: 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट अगले 14 घंटे के लिए

भोपाल  मध्यप्रदेश में ग्वालियर के ऊपर से गुजर रही मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से फिर से जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश हुई है और श्योपुर और सतना जिलों में तो लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह बाढ़ के हालात बन गए हैं। रविवार को भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मंदसौर सहित अन्य जिलों में बारिश हुई है। वहीं इस बीच रविवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी है। इन जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार को अगले 24 घंटों (सोमवार सुबह 8.30 बजे तक ) के लिए जो ताजा बुलेटिन जारी किया है उसमें 29 जिलो में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में अथिभारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं विदिशा, रायसेन, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और दमोह जिलों में भारी बारिश की संभावना के कारण येलो अलर्ट जारी किया है।   अगले 48 घंटों में बनेगा नया सिस्टम मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अभी मध्यप्रदेश में अलग अलग सिस्टम एक्टिव होने से अच्छी बारिश हो रही है और ये सिलसिला अगले दो-तीन तक जारी रहेगा। मौसमी प्रणालियों की बात की जाए तो उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ समुद्र तल से बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, प्रयागराज और उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। तो वहीं अगले 48 घंटों के दौरान ओड़िशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। उफान पर नदिया बाढ़ के हालत बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश सीधी में हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण डिंडौरी और मंडला में नर्मदा नदी का रौद्र रूप नजर आ रहा है। श्योपुर में कूनो नदी में बाढ़ के कारण गांवों में पानी भर गया है और गांवों में फंसे लोगों को एनडीईआरएफ की टीम ने वोट से रेस्क्यू किया है।

पुलिस की बड़ी सफलता, नकली नोटों का जखीरा पकड़ा गया

रांची झारखंड में रांची के सुखदेव नगर थाने की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपए के नकली नोट बरामद किये हैं। डीआईजी सह रांची के एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुखदेवनगर इलाके में छापेमारी कर नकली नोट बरामद किए। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने संवाददाताओं को बताया कि बिहार से एक बस में जाली नोटों के रांची लाने की सूचना डीआईजी सह एसएसपी रांची को मिली थी। जानकारी मिलने पर रातू रोड बस स्टैंड के पास बिहार से आने वाली चंद्रलोक बस की रेकी शुरू की गई। इसी दौरान कार्टून में रखे लगभग दो करोड़ से अधिक के जाली नोट बस से उतार कर कुछ लोग कार में रखने लगे, जिन्हें मौके से रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्टून खोलने पर उसमें से 500 रुपये के 42 बंडल बरामद किए गए। सभी 500 रुपये के नोट जाली थे। कोतवाली डीएसपी ने बताया कि मौके से मोहम्मद साबिर और साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों राजधानी रांची में जाली नोटों का कारोबार करते हैं। कोतवाली डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली के एक संगठित आपराधिक गिरोह के जरिये जाली नोट के गिरोह का संचालन किया जाता है। जिसका मुखिया नीरज कुमार चौधरी है जो दिल्ली में रहता है। उसके द्वारा ही फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद साबिर और साहिल कुमार के जरिए नकली नोट ग्राहकों को भेजा जाता है। डीएसपी ने बताया कि गिरोह के जरिये नकली नोटों के बंडल के ऊपर और नीचे एक-एक असली नोट डालकर शेष नकली नोट रखे जाते थे और इसके बदले ग्राहकों से 40000 से लेकर 50000 लेते थे। जाली नोट के कारोबार में 20 से 30 प्रतिशत कमीशन गिरफ्तार आरोपितों को मिलता था।  

गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण: कार्यशाला के आज तीसरे दिन नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया

भोपाल पर्यावरण विभाग की संस्था एप्को के लोकप्रिय ग्रीन गणेश अभियान के अंतर्गत चार दिवसीय ईको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला 22 से 25 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक निरंतर चलाई जा रही है। कार्यशाला में नागरिक उत्साह से भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में मिट्टी एवम् प्राकृतिक रंग निशुल्क उपलब्ध कराये जा रहे हैंl प्रतिभागी अनुभवी मूर्तिकारों के मार्गदर्शन में मूर्ति अपने हाथों से बनाना सीख रहे हैं तथा स्वनिर्मित गणेश प्रतिमा निशुल्क अपने घर ले जा रहे हैंl एप्को की चार दिवसीय इस ग्रीन गणेश मूर्ति निर्माण कार्यशाला के आज तीसरे दिन आम नागरिकों ने अपने बच्चों के साथ उत्साह से भाग लियाl कार्यशाला में आज लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपने हाथों से निर्मित प्रतिमा निशुल्क घर ले कर गएl कार्यशाला में अब तक लगभग 750 प्रतिभागियों द्वारा अपने हाथों से ग्रीन गणेश की प्रतिमा का निर्माण किया जा चुका हैl कार्यशाला के कार्यक्रम समन्वयक श्री राजेश रायकवार द्वारा प्रतिभागियों को इस अभियान के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए पर्यावरण प्रदूषण के तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी दी गईl मूर्ति को प्राकृतिक रंगों से सजाने के साथ उनका विसर्जन घर पर ही करने का संकल्प लेने के लिये प्रेरित भी किया गयाl मूर्ति बनाने के लिए एप्को के वास्तुविद श्री कमलेश के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक सर्व श्री मनीष, महेंद्र, शिवलाल, सुनील, राकेश एवम् राजेंद्र द्वारा प्रतिभागियों की सहायता की।