samacharsecretary.com

आज का दिन इन 5 राशियों के लिए खास, 6 सितंबर 2025 राशिफल में धन-खुशियों की बरसात

मेष राशि- अपना धैर्य बनाए रखें। बेकार की बातों में गुस्सा न करें, वरना घर का माहौल खराब हो सकता है। आर्थिक रूप से स्थिति अच्छी रहने वाली है। अपनों का साथ मिलेगा। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय गुजारेंगे। आज महत्वपूर्ण कार्यों को समय पर करें, वरना बाद में परेशानी हो सकती है। वृषभ राशि- आज का दिन आपके लिए आनंददायक रहने वाला है। दिन की शुरुआत एक्सरसाइज से करने से आपको लाभ मिलेगा। संपत्ति से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती है। आज कार्यस्थल पर हर कोई आपसे प्यार करेगा और आपका समर्थन करेगा। जीवनसाथी के साथ पर नजर रखें। मिथुन राशि- आज आपको काम पर मानसिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र या बिजनेस में कोई भी लापरवाही आज आपको आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है। परिवार और दोस्तों के साथ अच्छा समय बिता सकते हैं। आज आप अपने लक्ष्य हासिल कर लेंगे। किसी नए व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है। कर्क राशि- आज आप नई चीजों को सीखने की कोशिश कर सकते हैं। कार्यस्थल पर किसी अपने की सलाह फायदेमंद साबित हो सकती है। खुद को सही साबित करने के लिए अपने पार्टनर से झगड़ सकते हैं। किसी भी फैसले पर जल्दबाजी करने से बचें, वरना नुकसान हो सकता है। आर्थिक व व्यावसायिक स्थिति अच्छी रहने वाली है। सिंह राशि- आज आपका मन परेशान हो सकता है। अपनों की सेहत का ध्यान रखें। खर्चों की अधिकता रहेगी, जिससे कर्ज लेने की नौबत तक आ सकती है। कारोबार में वृद्धि होगी। लाभ के अवसर मिलेंगे। मित्रों का सहयोग मिलेगा। यात्रा पर जा सकते हैं। संतान पक्ष से सुखद समाचार मिलने के संकेत हैं। कन्या राशि- आज का दिन आपके लिए अच्छा रहने वाला है। आपको वाहन सावधानी से चलाना चाहिए, वरना चोट-चपेट लग सकती है। आप अपने जीवनसाथी के साथ आज एक बार फिर पुराने खूबसूरत रोमांटिक दिनों को याद करेंगे। आर्थिक रूप से दिन अच्छा रहने वाला है। नौकरी करने वाले जातक ऑफिस में पॉलिटिक्स से दूर रहें। तुला राशि– आज आपकी वाणी में मधुरता रहेगी। आत्मविश्वास भरपूर रहेगा। कारोबार में वृद्धि होगी। मित्रों का सहयोग मिलेगा। कारोबार के लिए यात्रा लाभप्रद रहेगी। सेहत का ध्यान रखें। किसी मित्र के सहयोग से आप नौकरी के अच्छे प्रस्ताव प्राप्त कर सकते हैं। महत्वपूर्ण फैसले को फिलहाल के लिए टाल दें। वृश्चिक राशि- आज का दिन आपके लिए काम के लिहाज से महत्वपूर्ण रहने वाला है। आपको मानसिक दबाव का सामना करना पड़ सकता है। लव लाइफ अच्छी रहने वाली है। आज कुछ लोगों को विदेश में नौकरी के अवसर मिल सकते हैं। अपने जीवनसाथी के साथ कोई बेहद रोमांचक काम करेंगे। आर्थिक रूप से स्थिरता प्राप्त करेंगे। धनु राशि- आज आपका आत्मविश्वास तो भरपूर रहेगा, लेकिन धैर्य रखने की जरूरत है। अपनी भावनाओं को कंट्रोल में रखें। बातचीत में बैलेंस बनाकर रखें। कारोबार में वृद्धि होगी। माता से धन मिल सकता है। बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद मिलेगा। ऑफिस में तरक्की मिलने की संभावना है। मकर राशि- आज आपकी एनर्जी हाई रहने वाली है। किसी को रुपए-पैसे उधार देने से बचें, वरना वापसी में दिक्कत हो सकती है। बच्चों की सेहत पर नजर रखें। आज आपको अनचाही यात्रा भी करनी पड़ सकती है। व्यापार में विस्तार के अच्छे अवसर प्राप्त होंगे। किसी पुराने निवेश से अच्छा रिटर्न मिल सकता है। कुंभ राशि- आज आपके पास खुद के लिए पर्याप्त समय होगा। कार्यस्थल के तनाव को घर पर नहीं लाएं और अपने अच्छे स्वास्थ्य के लिए लंबी सैर पर जाएं। आज अटके हुए धन की वापसी हो सकती है। नए विचार फलदायी होंगे। जीवनसाथी के साथ अच्छा समय बिताने का मौका मिलेगा। नौकरी में कुछ परेशानियां सामने आ सकती हैं। मीन राशि- आज आपको किसी करीबी व्यक्ति से सरप्राइज मिल सकता है। किसी प्लानिंग में आप सफल हो सकते हैं। करियर में आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। आर्थिक रूप से दिन उतार-चढ़ाव भरा रहने वाला है। सेहत अच्छी रहेगी। व्यवसाय में आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे।

प्रशासन की नाक के नीचे लूट: भोपाल में जमीन गई गुम, जिम्मेदार बेखबर

भोपाल राजस्व विभाग ने पशुपालन विभाग को वर्ष 1990 में कोकता के आसपास 99 एकड़ जमीन आवंटित की थी। तब से अब तक 35 साल में विभाग के 21 संचालक आए और चले गए, लेकिन जमीन की सुरक्षा को लेकर लापरवाह रहे। राजधानी में सरकारी जमीनों पर कुख्यात मछली परिवार के कब्जे का मामला खुला को विभाग गहरी नींद से जागा। उसे अपनी जमीन की याद आई, तब तक जमीन का एक हिस्सा उनके पांव के नीचे से खिसक चुका था। सरकारी जमीन की यह लूट अधिकारियों के नाक के नीचे हुआ है। नाक के नीचे लुट गई जमीन दरअसल, पशुपालन विभाग के आग्रह पर तीन तहसीलदार, तीन आरआइ और 11 पटवारियों की टीम ने सीमांकन किया तो जमीन की लूट का खेल खुला। सामने आया कि कुल 99 एकड़ जमीन में से 11 एकड़ पर पशुपालन विभाग की पोल्ट्री है। उसके बाद करीब सात एकड़ जमीन में 80 से अधिक स्थायी अतिक्रमण मिले हैं। इनमें मकान, दुकान, पेट्रोल पंप, स्कूल, रिसोर्ट के अलावा सड़क और एसटीपी तक शामिल है। चिंता की बात यह है कि विभाग के अलावा जिले में पदस्थ रहे कलेक्टरों को भी इस फर्जीवाड़ा की भनक नहीं लगी और तत्कालीन तहसीलदारों ने नामांतरण किया और पंजीयक इन जमीनों की रजिस्ट्रियां करते रहे। 35 साल में 21 संचालक बने पशुपालन विभाग में अभी डा. पीएस पटेल संचालक हैं। 1990 से अब तक 35 वर्ष में इस विभाग को 21 संचालक संभाल चुके हैं। इनमें डॉ. पीआर शर्मा, डॉ.पीडी लिमिये, डॉ. एमएम तट्टे, डॉ. एसआर नेमा, डॉ. आरके निगम, एसके चतुर्वेदी, डॉ. आरएस यादव, डॉ. आरएन सक्सेना, वीसी सेमवाल, शैलेंद्र सिंह, केके सिंह, डॉ. राजेश राजौरा, केसी गुप्ता, एससी प्रजापति , आइसीपी केशरी,शिखा दुबे, डॉ. आरएस श्रीमाल, डॉ. बीडी लारिया, डॉ. पीएस जाट, डॉ. आरके रोकड़े, डॉ. आरके मेहिया शामिल हैं। डॉ. रोकड़े के समय से शुरू हुआ कब्जा पशुपालन विभाग में सबसे लंबा कार्यकाल डॉ. आरके रोकडे का रहा। वे वर्ष 2009 से 2021 तक यानि 12 साल तक संचालक बने रहे। इसी दौरान वहां से भोपाल बायपास निकला। उसके बाद ही यह जमीन भू माफिया की नजर में आई। कोकता का मुख्य बायपास 200 फिट तक इसी जमीन पर बना दिया गया और नगर निगम ने 50 दुकानें बनाकर बेच डालीं। धीरे-धीरे जमीन पर कब्जे होते गए और संचालक अनभिज्ञ रहते हुए ही सेवानिवृत्त हो गए। इन तहसीलदारों के समय हुई गड़बड़ी गोविंदपुरा तहसील में पिछले 12 साल में पदस्थ तहसीलदारों ने भी नामांतरण करते समय यह ध्यान नहीं दिया कि जमीन किसकी है और किस प्रयोजन से वहां छोड़ी गई है। नतीजतन पशुपालन विभाग की जमीन पर लोगों को सभी तरह की अनुमतियां मिलती चली गई और उन्होंने निजी भूमि समझ पक्के निर्माण कर लिए। वर्ष 2015 से गोविंदपुरा तहसीलदार की कुर्सी पर हरिशंकर विश्वकर्मा, भुवन गुप्ता, सुधीर कुशवाह, मनीष शर्मा, संतोष मुदग्ल , मनोज श्रीवास्तव, देवेंद्र चौधरी, सुनील वर्मा, मुकेश राज, दिलीप कुमार चौरसिया पदस्थ रहे और अब सौरभ वर्मा जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। तत्कालीन कलेक्टरों को भी पता नहीं चला राजस्व के रिकॉर्ड में यह जमीन पशुपालन विभाग के नाम पर दर्ज है। इसके बाद भी तत्कालीन कलेक्टर और नगर निगम आयुक्त तक को पता नहीं चला। यही कारण है कि निगम ने दुकानें बनाकर बेच डालीं। पिछले 12 साल में भोपाल में जिलाधीश की कुर्सी पर शिवशेखर शुक्ला, निकुंज कुमार श्रीवास्तव, निशांत बरबड़े, डॉ. सुदाम खाड़े, तरूण कुमार पिथौड़े, अविनाश लवानिया, आशीष सिंह पदस्थ रहे और अब कौशलेंद्र विक्रम सिंह जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। सीमांकन में यह कब्जे आए सामने नगर निगम द्वारा निर्मित 50 दुकानें, एसटीपी प्लांट – एचपी पेट्रोल पंप – निर्माणाधीन कस्तूरी कोर्टयार्ड, कोर्टयार्ड प्राइम का गेट, पहुंच मार्ग पार्क – डायमंड सिटी कालोनी का पहुंच मार्ग व 20 मकान – द ग्रीन स्केप मेंशन शादी हाल रिसोर्ट – बीपीएस स्कूल – राजधानी परिसर पहुंच मार्ग – कोकता मुख्य बायपास मार्ग 200 फिट – फर्सी-पत्थर की दुकान – शुकराचार्य फार्म्स का पहुंच मार्ग – फार्म हाउस पक्का निर्माण – सवा सात एकड़ में भूमि पर कृषि कार्य अधिकारियों ने क्या कहा? पशुपालन विभाग सेवानिवृत्त संचालक डॉ. आरके रोकड़े ने इस पर कहा कि कोकता ट्रांसपोर्ट नगर और हथाईखेड़ा डैम के पास विभाग की 99 एकड़ जमीन स्थित है। उसके 11 एकड़ में पोल्ट्री फार्म बना है। उस पर पूरी नजर रखी जाती थी। पोल्ट्री में पदस्थ उप संचालक सहित अन्य अधिकारियों से भूमि की जानकारी समय-समय पर ली जाती थी तो वहां से कोई अतिक्रमण नहीं होने की रिपोर्ट ही मिलती थी। पशुपालन विभाग संचालक डॉ. पीएस पटेल ने कहा कि विभाग की 99 एकड़ जमीन का सीमांकन प्रशासन द्वारा पूरा कर दिया गया है। जिसमें से लगभग छह एकड़ में अवैध कब्जे मिले हैं, जिन्हें हटाकर जमीन को मुक्त करवाने की कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने कहा कि गोविंदपुरा एसडीएम और तहसीलदार ने पशुपालन विभाग की जमीन का सीमांकन कर रिपोर्ट सौंप दी है। जिसमें अतिक्रमण सामने आए हैं, सभी को चिह्नित कर लिया गया है। अतिक्रमणकारियों को नोटिस देने के निर्देश दिए गए हैं, इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आई-बैंक की जानकारी अब हाथ में: एम्स का नया मोबाइल ऐप कार्निया ट्रांसप्लांट मरीजों के लिए

नई दिल्ली नेत्रदान को लेकर जागरूकता का स्तर बढ़ा है। दान में मिले कार्निया नेत्र बैंकों में जमा हो रहे हैं। यहीं से प्रत्यारोपण के लिए उपलब्ध होते हैं। मरीजों को इसकी जानकारी नहीं हो पाती और वे दूसरे राज्यों का चक्कर लगाते रहते हैं। इसमें समय, श्रम और धन तीनों अनावश्यक बर्बाद होते हैं। देश में 100 से अधिक नेत्र बैंक हैं। सभी जगह कार्निया के उपयोग की दर भी अलग है। कहीं कार्निया का उपयोग नहीं हो पाता तो कहीं उसकी कमी से प्रत्यारोपण नहीं हो पाते। इन समस्याओं के समाधान के लिए एम्स के डाॅ. राजेंद्र प्रसाद नेत्र विज्ञान केंद्र स्थित राष्ट्रीय नेत्र बैंक (एनईबी) आगे आया है। आई बैंक एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सहयोग से एप विकसित कर रहा है। इसकी मदद से न केवल अपने राज्य के नेत्र बैंकों में कार्निया की उपलब्धता का पता चलेगा, बल्कि वाॅट्सएप के जरिए लोकेशन भी प्राप्त होगी। वहीं, सभी नेत्र बैंक एक साझा प्रणाली से भी जुड़ेंगे। कम उपयोग होने पर कार्निया ज्यादा उपयोग वाले नेत्र बैंकों को भेजे जा सकेंगे। राष्ट्रीय नेत्र बैंक 40वां नेत्रदान पखवाड़ा मना रहा है, जो आठ सितंबर तक चलेगा। आरपी सेंटर की प्रमुख प्रो. राधिका टंडन के मुताबिक एप पर तेजी से काम चल रहा है। अगले दो से तीन महीने में इसे लांच कर दिया जाएगा। नेत्र बैंकों का सारा डाटा इस पर उपलब्ध होगा। हर शहर में वाॅट्सएप के जरिए लोकेशन भी आ जाएगी। एआई चैटबाट भी लाॅन्च किया जाएगा, जिस पर मरीज या तीमारदार टाइप करके या वाइस नोट के माध्यम से अपनी जिज्ञासाओं के जवाब पा सकेंगे। इसके अलावा देश के अन्य नेत्र बैंकों के कामकाज में भी लगातार मदद की जा रही है। इसके लिए कार्नियल संरक्षण भंडारण माध्यमों (एमके मीडिया और एक्सस्टोरसोल मीडिया) का निर्माण और वितरण किया जा रहा है, जो भारत सरकार के एनपीसीबी से वित्तपोषित है। यह एम्स के नेत्र औषध विज्ञान विभाग में ही निर्मित किया जाता है। वर्ष 2024 में 24 राज्यों के 114 नेत्र बैंकों में एक्सस्टोरसोल मीडिया की 2824 से अधिक वायल वितरित की गईं। डोनर कार्निया के विकल्प के तौर पर बायो इंजीनियर्ड कार्निया आईआईटी-दिल्ली के सहयोग से तैयार किया है। खरगोश में इसका प्रत्यारोपण सफल रहा। अब क्लीनिकल ट्रायल की तैयारी है। राष्ट्रीय नेत्र बैंक एक नजर में     36,000 कार्निया एकत्र की पिछले 60 वर्षों में।     26,000 से अधिक कार्निया प्रत्यारोपण पिछले छह दशक में।     500 से अधिक विशेषज्ञ चिकित्सकों को एंडोथेलियल केराटोप्लास्टी तकनीक की ट्रेनिंग।     1,931 कार्निया मिले देशभर से वर्ष 2024 में।     1,611 कार्निया अस्पताल कार्निया प्राप्ति कार्यक्रम (एचसीआरपी) से मिले।     1,636 कार्निया प्रत्यारोपण वर्ष 2024 में     50 प्रतिशत है कार्निया उपयोग की राष्ट्रीय दर।     85 प्रतिशत है आरपी सेंटर के एनईबी में कार्निया उपयोगी की दर। संक्रमण और चोट बन रही कार्निया डैमेज की वजह प्रो. टंडन के मुताबिक संक्रमण और चोट के चलते कार्निया डैमेज के सबसे ज्यादा मामले आते हैं। आंख में कुछ चले जाने पर आमतौर पर लोग रगड़ने लगते हैं। इसका कार्निया पर असर पड़ता है। वहीं, चोट लगने की स्थिति में भी लोग खुद से स्टेरायड डाल लेते हैं। ये आंख में संक्रमण की वजह बनता है। कई बच्चों को जन्मजात भी कार्निया की बीमारी होती है। ऐसी स्थिति में भी कार्निया ट्रांसप्लांट की जरूरत पड़ती है। देश में हर वर्ष लगभग एक लाख लोगों को कार्निया प्रत्यारोपण की जरूरत होती है। जबकि केवल 25 से 30 हजार को ही इसके लिए कार्निया उपलब्ध हो पाता है।  

गाजीपुर के हाकी सितारे अंकिता और मनोज का CISF में चयन, जिले का गर्व बढ़ा

सैदपुर (गाजीपुर) ज‍िले में मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर की बड़ी उपलब्धि सामने आई है इस पर पूर्व सांसद ने बधाई भी दी है। दरअसल अंकिता पाल और मनोज यादव को सीआइएसएफ में नौकरी पक्‍की हो गई है। उन दोनों की इस सफलता से पूर्वांचल और गाजीपुर में गौरव बढ़ा है। खेलों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण और अंतरराष्ट्रीय पहचान की मिसाल दोनों ख‍िलाड़ी बने हैं। खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाला मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर एक बार फिर बड़ी उपलब्धि का गवाह बना है। स्टेडियम की नई बैच की होनहार खिलाड़ी अंकिता पाल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाम कमा चुके मनोज यादव का चयन केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआइएसएफ) में हुआ है। मूलतः प्रतापगढ़ के निवासी सुमेर पाल की बेटी अंकिता पाल पिछले पांच वर्षों से मेघबरन सिंह स्टेडियम करमपुर में प्रशिक्षण ले रही हैं। उन्होंने जूनियर नेशनल (2022) और सीनियर नेशनल (2023) में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया। इसके अलावा उन्होंने खेलो इंडिया गेम्स, विश्वविद्यालय खेलों और पूर्वांचल विश्वविद्यालय की ओर से पूर्वी क्षेत्रीय विश्वविद्यालय खेलों में पदक जीता। इधर ईदिलपुर, सैदपुर निवासी मनोज यादव का सफर भी प्रेरणादायक रहा है। वे भारतीय सब-जूनियर हाकी टीम का हिस्सा रह चुके हैं और उत्तर प्रदेश से जूनियर नेशनल में खेले हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्होंने जर्मनी के बर्लिन में आयोजित चार नेशन टूर्नामेंट में भारत का प्रतिनिधित्व किया और टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। स्टेडियम के निदेशक और पूर्व सांसद राधेमोहन सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि केवल करमपुर ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का गर्व है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रेरणा और सामूहिक प्रयासों का परिणाम आज अंकिता और मनोज की सफलता है। स्टेडियम के महासचिव अनिकेत सिंह ने कहा कि यह उपलब्धि स्व. श्री तेज बहादुर सिंह (संस्थापक) के सपनों को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर है। कोच इन्द्रदेव ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी। यह सफलता न केवल खेल प्रतिभाओं की पहचान बढ़ाती है बल्कि खेलों के माध्यम से नारी सशक्तीकरण और गरीब-पिछड़े वर्ग के बच्चों को अवसर प्रदान करने का संदेश भी देती है।  

शनिवार से शुरू होगी बदरीनाथ यात्रा, हाईवे पर यातायात रहेगा सामान्य

गोपेश्वर पांच दिनों से हेमकुंड व बदरीनाथ धाम की यात्रा पर मानसून के चलते लगाई गई रोक हटा दी गई है। कल,आज से विधिवत्त हेमकुंड व श्री बदरीनाथ धाम की यात्रा शुरु हो जाएगी। हालांकि प्रशासन ने चमोली के पडावों में मौजूद यात्रियों को शुक्रवार को बदरीनाथ धाम भेजा है। सुबह से चमोली जिले में मौसम साफ होने के साथ धूप खिली हुई थी। बदरीनाथ हाईवे भी सुचारु था। यात्रा पडाव ज्योतिर्मठ,चमोली ,पीपलकोटी सहित आस पास के क्षेत्र में लगभग 500 से अधिक यात्रियों को बदरीनाथ भेजा गया,हालांकि उनको वर्षा के दौरान सुरक्षित स्थानों पर ठहरने की हिदायदी दी गई लेकिन दिनभर मौसम साफ होने के चलते यात्रियों ने राहत की सांस ली है। हेमकुंड साहिब में स्थानीय लोगों को छोड यात्री नहीं गए हैं। बताया गया कि क्षेत्र के स्थानीय लोग हेमकुंड यात्रा पर गए जिन्होंने हेमकुंड ,लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के दर्शन किए। गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब ट्रस्ट के सीईओ सरदार सेवा सिंह ने कहा कि हेमकुंड यात्रा पर यात्रियों को नहीं भेजा गया है। कहा कि स्थानीय लोग हेमकुंड यात्रा पर गए हैं। पांच दिनाें से बंद यात्रा कल,आज से सुचारु कर दी गई है।  

सदी पुरानी लाइसेंसी बंदूक की दुकान में गिरफ्तार तीन आरोपी, अवैध हथियारों का हुआ खुलासा

कोलकाता बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार को सौ साल पुरानी लाइसेंसी बंदूक की दुकान एनसी डाव एंड कंपनी के तीन मालिकों को अवैध हथियारों की तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक,  उत्तर 24 परगना जिले के रहारा के रीजेंट पार्क इलाके की एक बहुमंजिला इमारत से 4 अगस्त को 15 आग्नेयास्त्रों, 1,000 कारतूस और भारी मात्रा में नकदी बरामद हुई थी। इसके बाद अबीर डाव, सुबीर डाव और सुब्रत डाव और इमारत में रहने वाला मधुसूदन मुखर्जी उर्फ लिटन  को गिरफ्तार किया गया है। खरदाह इलाके में हथियारों की कथित जब्ती के बाद पुलिस मुंगेर के एक हथियार विक्रेता तक पहुंची। विक्रेता ने पूछताछ में मुखर्जी का नाम लिया था। इससे पहले फरवरी में  दक्षिण 24 परगना में मिले गोला-बारूद बरामदगी के एक मामले में दुकान के दो कर्मचारियों- जयंत दत्ता और शांतनु सरकार को गिरफ्तार किया गया था। कोलकाता पुलिस मुख्‍यालय से  100 मीटर के दायरे में स्थित दुकान की फरवरी में तलाशी ली गई थी और सील कर दिया गया था। बैरकपुर कमिश्नरेट के खुफिया विभाग और स्थानीय पुलिस ने मधुसूदन मुखर्जी उर्फ लिटन के आवास पर छापा मारा था। शुरुआती जांच से पता चला कि मुखर्जी ने पुरुलिया से कुछ हथियार मंगवाए थे और उनको बेचने के इरादे से हथियार और कारतूस जमा कर रहा था। लाइसेंसी बंदूक की दुकान में बेचे जा रहे थे अवैध हथियार इस बरामदगी के बाद एसटीएफ ने मामले को अपने हाथ में ले लिया। टास्क फोर्स को पता चला कि उक्त लाइसेंसी बंदूक की दुकान अवैध हथियारों के व्यापार में पूरी तरह से शामिल है। एक एसटीएफ अधिकारी ने कहा कि दुकान के स्‍टॉक रजिस्टरों की जांच हथियारों और गोला-बारूद की खरीद और बिक्री में कई गंभीर विसंगतियां मिली। चार आरोपियों को फरवरी में किया था गिरफ्तार फरवरी के मामले में दक्षिण 24 परगना जिले के जिवनतल्ला में रहने वाले एक व्यापारी हाजी राशिद मोल्ला के घर पर छापा मारा गया। टीम को वहां से  भारतीय आयुध कारखाने द्वारा निर्मित 7.65 मिमी पिस्तौल के 190 राउंड कारतूस, एक 12 बोर की बंदूक और हथियार के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले नौ खोखे बरामद किए गए। दत्ता और सरकार के अलावा मोल्ला और तीन अन्य को गिरफ्तार किया गया था।

UP सरकार का शिक्षक दिवस सरप्राइज: शिक्षामित्र और अनुदेशक भी होंगे कैशलेस इलाज के लाभार्थी

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को बड़ा उपहार दिया है। इनमें शिक्षामित्रों के साथ अनुदेशकों को भी लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षक दिवस समारोह के दौरान शुक्रवार को लोकभवन में 81 शिक्षकों को सम्मानित किया। सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षकों को एक बड़े तोहफे की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महान शिक्षाविद और देश के पूर्व राष्ट्रपति एस.राधाकृष्णन की जयंती शिक्षक दिवस पर प्रदेश के सभी शिक्षकों को बड़ा तोहफा दिया। लोक भवन में आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने घोषणा की कि अब सभी शिक्षकों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना का लाभ शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को भी मिलेगा। प्रदेश के नौ लाख परिवार लाभान्वित प्राथमिक और उच्च प्राथमिक के साथ वित्त पोषित विद्यालयों के शिक्षकों को कैशलैस उपचार की सुविधा मिलगी। इनके साथ ही शिक्षा मित्र, अनुदेशक और रसोइया को भी इसके साथ जोड़ा जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस कदम से प्रदेश के नौ लाख परिवार लाभान्वित होंगे। शिक्षा मित्र और अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने को लेकर भी काम मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके साथ ही आने वाले समय में शिक्षा मित्र और अनुदेशकों के मानदेय बढ़ाने को लेकर भी काम होगा। इसके लिए कमेटी बनाई गई है। शिक्षामित्रों और अनुदेशकों का मानदेय भी बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बताया कि एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है। समिति की रिपोर्ट जल्द आने वाली है, जिसके बाद उनका मानदेय बढ़ा दिया जाएगा। राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 81 शिक्षकों को किया सम्मानित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 81 शिक्षकों को सम्मानित किया। उन्हाेंने बेसिक शिक्षा विभाग के 66 और माध्यमिक शिक्षा विभाग के 15 शिक्षकाे काे सम्मानित किया। उन्हाेंने 2,204 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को टैबलेट वितरण करने के साथ 1,236 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों (प्रति विद्यालय-2) में स्थापित स्मार्ट क्लास का लोकार्पण किया। बाल कथाओं के संग्रह 'गुल्लक', शैक्षिक नवाचारों के संकलन 'उद्गम' एवं बाल वाटिका हस्तपुस्तिका' का विमोचन करने के साथ 'उद्गम' के डिजिटल प्लेटफॉर्म की लॉन्चिंग की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ माध्यमिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी, बेसिक शिक्षा मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संदीप सिंह, प्रभारी मुख्य सचिव एवं माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, महानिदेशक स्कूल शिक्षा कंचन वर्मा सहित प्रदेशभर से आये शिक्षकगण उपस्थित रहे।

ई-बसें बंद! यूपी के इस जिले में यात्रियों के लिए बड़ा बदलाव, पढ़ें पूरी वजह

शाहजहांपुर बाढ़ की वजह से चार्जिंग स्टेशन में पानी भर गया है, जिस कारण ई-बसें चार्ज नहीं हो पा रही हैं। खिरनीबाग रामलीला मैदान में खड़ा किया गया है। संचालन बंद होने से दो दिन से नगर निगम को हर रोज एक लाख 10 हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। सिटी बस ट्रांसपोर्ट के माध्यम से शहर से गांव तक ई-बसों का परिचालन किया जाता था। शहर के न्यू सिटी ककराकला में चार्जिंग स्टेशन बना है। गुरुवार की रात से चार्जिंग स्टेशन व उसके आसपास बाढ़ का पानी भर गया। जिस वजह से बसों को पहले ही खिरनीबाग स्थित मैदान में खड़ा करा दिया गया था। बसों से पांच हजार से अधिक यात्री हर दिन सफर करते हैं। जिस तरह से चार्जिंग स्टेशन पर पानी भरा है उससे कई दिनों तक संचालन बंद रहेगा। गत वर्ष बाढ़ में आठ बसें खराब हो गई थीं। जिसमें तीन अभी तक ठीक नहीं हो सकी हैं। ट्रांसपोर्ट के प्रबंधक मोहम्मद हुमायूं लाडी ने बताया कि 25 ई-बसें हैं, जिसमें तीन खराब हैं। बाढ़ की वजह से संचालन बंद कराया गया।

गणेश विसर्जन जाते समय हादसा: खंडवा में वाहन पलटा, 20 घायल, 10 अस्पताल में भर्ती

खंडवा तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया।गणपति विसर्जन के लिए जा रहे लोडिंग वाहन में सवार होकर जा रहे श्रद्धालु वाहन पलटने से हादसे का शिकार हो गए।बाइक को बचाने में लोडिंग वाहन पलट गया।जिसमें 30 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। इनमें महिला-पुरुषों सहित बच्चे भी शामिल थे। घायलों को उपचार के लिए ओंकारेश्वर सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां 15 से ज्यादा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। करीब 10 श्रद्धालुओं को चोटें अधिक होने से खंडवा जिला अस्पताल सह मेडिकल कालेज रेफर किया गया। जहां उनका उपचार जारी है।   घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक से दो बजे की बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार खरगोन जिले के भीकनगांव तहसील के ग्राम मनोहरपुरा के पास से आए श्रद्धालुओं का लोडिंग वाहन ओंकारेश्वर में नया बस स्टैंड से अभय घाट को जोड़ने वाले मार्ग पर बाइक को बचाने में अनियंत्रित होकर पलट गया। मौके पर पहुंचे तहसीलदार उदय मंडलोई, ओंकारेश्वर मंदिर ट्रस्ट के कर्मचारी, विश्व हिंदू परिषद के महेश राठौर, नीरज वर्मा एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की मदद से सभी घायलों को सिविल अस्पताल ओंकारेश्वर ले जाया गया। बीएमओ डाक्टर रवि वर्मा ने प्राथमिक उपचार के बाद 10 घायलों को खंडवा जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें भी आई हैं। अभय घाट जाने वाले मार्ग पर मोड ज्यादा प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लोडिंग वाहन में लगभग 30 श्रद्धालु सवार थे, जिनमें महिलाएं, बच्चे और युवक शामिल थे। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है। विश्व हिंदू परिषद के महेश राठौर का कहना है कि नए बस स्टैंड से शंकराचार्य जी की ओर जो सड़क जाती है उसे पर मोड ज्यादा है एवं ढलान वाला रोड है। इससे कि टर्न में सामने से आ रहा वाहन दिखाई नहीं देता है। सड़क महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां आदिगुरु शंकराचार्य जी की ओर सड़क की जाती है।इस पर टर्न कम करने चाहिए और जगह-जगह स्पीड ब्रेकर बनाए जाना चाहिए।

बीड़ी विवाद पर भड़के रविशंकर प्रसाद, तेजस्वी यादव की पोल खोलने की तैयारी

नई दिल्ली भाजपा के वरिष्ठ सांसद रविशंकर प्रसाद ने केरल कांग्रेस के विवादित ट्वीट 'बी फॉर बीड़ी, बी फॉर बिहार' पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इसे बिहार विधानसभा चुनाव में मुद्दा बनाकर राजद नेता तेजस्वी यादव को एक्सपोज करेंगे, क्योंकि बिहार को अपमानित करने का काम कांग्रेस की ओर से किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटना पर तेजस्वी यादव की चुप्पी को बिहार की जनता देख रही है और उन्हें करारा जवाब मिलेगा।   मीडिया से बातचीत के दौरान प्रसाद ने इसे बिहार और यहां की जनता की अस्मिता पर हमला बताया। उन्होंने कांग्रेस की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह पोस्ट बिहार के गौरवशाली इतिहास और संस्कृति का अपमान है। उन्होंने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की चुप्पी पर निशाना साधा, खासकर तेजस्वी से इस बयान की निंदा करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता इस अपमान का जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में वोट के जरिए देगी। भाजपा सांसद ने कहा कि कांग्रेस ने पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ भाषा की मर्यादा तोड़ी, अब बिहार को बीड़ी से जोड़कर उसकी अस्मिता को ठेस पहुंचाई। उन्होंने इसे कांग्रेस की नीच मानसिकता का सबूत बताया और इंडी गठबंधन की चुप्पी को शर्मनाक करार दिया। उन्होंने कहा कि बिहार, जो चाणक्य, भगवान बुद्ध, और स्वतंत्रता संग्राम के नायकों की धरती है, इस अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा। भाजपा नेता संजय मयूख ने भी इस मामले पर कांग्रेस और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी वोटर अधिकार यात्रा के फ्लॉप होने से हताश हैं, जिसके चलते वे और उनकी बहन प्रियंका गांधी 'बम' जैसी भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस केरल के पोस्ट को बिहार और यहां के लोगों का अपमान बताया, जो चाणक्य, बुद्ध और स्वतंत्रता संग्राम की भूमि है। उन्होंने पीएम मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार को जंगलराज से बाहर निकालने का जिक्र करते हुए कांग्रेस से तत्काल माफी की मांग की। तेजस्वी यादव और वामपंथी दलों की चुप्पी की आलोचना करते हुए इसे शर्मनाक करार दिया। उन्होंने दावा किया कि बिहार की जनता इस अपमान का जवाब आगामी विधानसभा चुनाव में देगी और कांग्रेस व राजद को करारा सबक सिखाएगी।