samacharsecretary.com

फूलों की सजावट से भड़का विवाद: RSS झंडा-‘ऑपरेशन सिंदूर’ पर पुलिस ने की कार्रवाई

केरल  केरल में मंदिर में फूलों की सजावट पर RSS का झंडा और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ (Operation Sindoor) लिखने से बवाल मच गया। कोल्लम जिले में पार्थसारथी मंदिर के बाहर बने पूक्कलम में आरएसएस का झंडा और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ लिखे जाने पर सस्तमकोट्टा पुलिस ने केस दर्ज किया है। केरल पुलिस ने आरएसएस और बीजेपी कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। घटना पर केरल बीजेपी प्रमुख राजीव चंद्रशेखर (Rajeev Chandrasekhar) ने कड़ी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कार्यकर्ताओं पर एफआईआर दर्ज करना ‘शर्मनाक’ और ‘देशद्रोह’ है। चंद्रशेखर ने एक्स पर पोस्ट करते हुए इस मामले को तुरंत वापस लेने की मांग की और कहा कि यह सशस्त्र बलों और आतंकवाद के पीड़ितों का अपमान है। वहीं पुलिस का कहना है कि पहले ही सभी दलों से राजनीतिक प्रतीकों के इस्तेमाल से बचने को कहा गया था, लेकिन नियम तोड़ा गया जिससे तनाव की आशंका बनी।   बीजेपी प्रमुख राजीव चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा-ऑपरेशन सिंदूर हमारी शान है. यह भारत की सेना के साहस और वीरता का प्रतीक है। यह वही ऑपरेशन है, जिसने 26 निर्दोष सैलानियों की हत्या का बदला लिया था, जिन्हें धर्म पूछकर मारा गया था। केरल पुलिस की यह एफआईआर उन 26 आतंकवाद पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ-साथ हर उस सैनिक का अपमान है, जो भारत की रक्षा अपने खून और बलिदान से करता है। चंद्रशेखर ने आगे लिखा- केरल कभी भी जमात-ए-इस्लामी या पाकिस्तान के इशारों पर चलने वाली जमीन नहीं बन सकती। केरल पुलिस को याद रखना चाहिए कि यह भारत है। मैं उनसे और मुख्यमंत्री/गृह मंत्री पिनराई विजयन जी से कहता हूं कि इस शर्मनाक और देशद्रोही एफआईआर को तुरंत वापस लिया जाए। पहले ही दी गई थी हिदायत जानकारी के मुताबिक, आरएसएस का झंडा फूलों की सजावट में लगाए जाने के बाद सस्तमकोट्टा पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि पहले ही सीपीआई (एम) और बीजेपी दोनों पक्षों से कहा गया था कि पूक्कलम में किसी भी तरह का राजनीतिक झंडा या प्रतीक इस्तेमाल न करें, क्योंकि क्षेत्र में पहले से तनाव की स्थिति है। दोनों दल इस शर्त पर सहमत भी हो गए थे। हालांकि फेस्टिवल के दौरान फूलों की सजावट में आरएसएस का झंडा लगाया। पुलिस के अनुसार, इस वजह से समझौते का उल्लंघन हुआ और तनाव फैलने की आशंका थी, इसलिए मामला दर्ज किया गया। 

सोते रहे ITBP के जवान, चोर उड़ाकर ले गया रिवॉल्वर-कारतूस, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

रायपुर चलती ट्रेन में सेना के जवान से हथियार चुराने वाले चोर को जीआरपी ने दबोच लिया है। बदमाश ने हटिया-दुर्ग एक्सप्रेस के जनरल कोच में मंगलवार को इंडियन तिब्बत पुलिस के एएसआई और हेड कांस्टेबल की सर्विस रिवाल्वर, चार मैगजीन और 24 जिंदा कारतूस के चोरी कर ली थी। मामले में रायपुर जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा ने राजफाश किया है। जीआरपी ने इस मामले में आरोपी रंजीत मरकाम को गिरफ्तार किया है और उनके पास से दो रिवाल्वर,चार मैगजीन और 24 ज़िंदा कारतूस जब्त किया है। जीआरपी एसपी श्वेता सिन्हा ने बताया कि आईटीबीपी के एएसआई वायपी. ओझा, हेड कांस्टेबल (टेलीकाम) जितेंद्र सिंह और कांस्टेबल बुद्ध देव मलिक हटिया से दुर्ग जा रहे थे। रात तीन बजे ट्रेन चांपा स्टेशन पर पहुंची तब वे सो गए। सुबह 5.50 बजे भाटापारा स्टेशन पर उनकी नींद खुली तो बैग गायब था। ओझा ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद चांपा से लेकर भाटापारा तक फुटेज खंगाले गए।   रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी की टीम ने बिलासपुर स्टेशन का सीसीटीवी भी खंगाला, जिसमें जीआरपी को अहम सुराग मिला। जांच के दौरान बिलासलपुर रेलवे स्टेशन चौक से तितली चौक के बीच झाड़ियों में शिकायतकर्ता के दस्तावेज और कपड़े बरामद हुए। पिस्टल रखा पिट्टू बैग चोरी करने वाला चोर बेहद शातिर निकला। पुलिस को झांसा देने की कोशिश चोर ने पुलिस और जीआऱपी को गुमराह करने के लिए दो अलग-अलग जगह कपड़े और दस्तावेज फेंके। पहली बार सामान जीआरपी दफ्तर के पीछे मिला, जबकि दूसरी बार कोच रेस्टोरेंट के पास। जांच के दौरान जीआरपी यहां भी गुमराह हो गई, क्योंकि यहां से तीन रास्ते निकलते हैं, जिससे अफसर असमंजस में थे कि चोर आखिर किस दिशा में गया, लेकिन चोर की ये चालाकी जीआरपी के सामने ज्यादा दिनों तक चली नहीं और अब वह जीआरपी की गिरफ्त में है।

MP Weather Update: मालवा-निमाड़ अंचल में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, प्रशासन सतर्क

भोपाल बारिश के सीजन के ढाई माह बीतने के बाद भी मालवा-निमाड़ क्षेत्र का कंठ प्यासा रह गया था। किसान आसमान ताक-ताक रहे थे। इसी दौरान अगस्त के अंतिम सप्ताह से अब तक इंद्र देवता मेहरबान रहे। मालवा-निमाड़ क्षेत्र में भी पर्याप्त बारिश (Rain in MP) हुई। उधर, भोपाल का बड़ा तालाब भी लबालब हो गया है। इसके चलते शनिवार को भदभदा के गेट खोल दिए गए। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रविवार को भी मालवा-निमाड़ क्षेत्र में तेज बारिश (MP Ka Mausam) होने की संभावना है। शनिवार को सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक बैतूल में नौ, गुना में छह, भोपाल में पांच, नर्मदापुरम में चार, पचमढ़ी एवं रतलाम में तीन, मलाजखंड में दो मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। ऐसा है मौसम का हाल मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में गहरा कम दबाव का क्षेत्र दक्षिणी राजस्थान के मध्य में बना हुआ है। रविवार को इसके दक्षिणी राजस्थान और उससे लगे गुजरात पहुंचकर अवदाब के क्षेत्र में बदलने की संभावना है। मानसून द्रोणिका जैसलमेर से गहरे कम दबाव के क्षेत्र से गुना, दमोह, पेंड्रा रोड, संबलपुर, गोपालपुर से होकर बंगाल की खाड़ी तक जा रही है। एक अन्य द्रोणिका राजस्थान पर बने गहरे कम दबाव के क्षेत्र से होकर झारखंड तक बनी हुई है, जो मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि गहरे कम दबाव के क्षेत्र के अवदाब में परिवर्तित होने से राजस्थान और गुजरात से लगे मध्य प्रदेश के जिलों में बारिश का सिलसिला रविवार-सोमवार को भी बना रह सकता है। इस दौरान एक-दो स्थानों पर भारी बारिश भी हो सकती है। प्रदेश के शेष क्षेत्रों में भी हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। रतलाम में 24 घंटे में सर्वाधिक 128 मिमी बारिश 24 घंटों के दौरान शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे तक रतलाम में 128 मिमी (5.3 इंच), उज्जैन में 63.4, इंदौर में 47.4, सीधी में 38.6, खंडवा एवं शिवपुरी में 26, ग्वालियर में 20.3, खरगोन में 16, रायसेन में 8.6, नर्मदापुरम में 8.4, भोपाल एवं श्योपुर में 5.2, गुना में पांच मिमी. बारिश हुई।

IAS अफसरों का बड़ा ट्रांसफर: हरियाणा में 20 अधिकारियों की पोस्टिंग बदली

हरियाणा  हरियाणा सरकार ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 20 आईएएस अधिकारियों और एक एचसीएस अधिकारी के स्थानांतरण एवं नियुक्ति आदेश जारी किए हैं। शनिवार को जारी एक सरकारी आदेश के अनुसार, स्थानांतरित किए गए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारियों में रोहतक मंडल के आयुक्त फूल चंद मीणा भी शामिल हैं, जिन्हें हरियाणा सरकार के मानव संसाधन विभाग में आयुक्त एवं सचिव के पद पर स्थानांतरित किया गया है। वह सी जी रजनी कंथन का स्थान लेंगे। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी महानिदेशक तथा करनाल मंडल के आयुक्त राजीव रतन को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा रोहतक मंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है। हरियाणा सरकार के मत्स्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) राजा शेखर वुंडरू को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा परिवहन विभाग का एसीएस नियुक्त किया गया है। वह टी एल सत्यप्रकाश की जगह लेंगे। सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (एसईडब्ल्यूए) विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा को उनके वर्तमान कार्यभार के अलावा नागरिक संसाधन सूचना विभाग का अतिरिक्त मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। फतेहाबाद की उपायुक्त (डीसी) मनदीप कौर को मानव संसाधन विभाग, हरियाणा का निदेशक तथा मानव संसाधन विभाग का विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। वह विनय प्रताप सिंह का स्थान लेंगी। चरखी दादरी के उपायुक्त मुनीश शर्मा को हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी का सचिव नियुक्त किया गया है। मोनिका गुप्ता, डीसी, पंचकुला को स्थानांतरित कर रिक्त पद पर प्रशासक, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, पंचकुला और अतिरिक्त निदेशक, शहरी संपदा, पंचकुला नियुक्त किया गया है। आदेश में कहा गया है कि वर्तमान में हरियाणा सरकार के उप सचिव, निगरानी और समन्वय और विशेष अधिकारी (स्वच्छता), कुरुक्षेत्र के पद पर तैनात हरियाणा सिविल सेवा (एचएससी) के अधिकारी कपिल कुमार को उनके वर्तमान कर्तव्यों के अलावा कैथल के जिला नगर आयुक्त के पद पर स्थानांतरित और नियुक्त किया गया है। वह आईएएस अधिकारी दीपक बाबूलाल करवा का स्थान लेंगे।  

दुर्लभ ऑपरेशन में सफलता: डॉक्टरों ने पैर की हड्डी से गढ़ा जबड़ा, जिंदगी में लौटी रौनक

भोपाल एम्स भोपाल के डेंटल विभाग ने एक दुर्लभ और जटिल सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। 24 वर्षीय युवती के निचले जबड़े में ट्यूमर था, जिसके कारण पूरा जबड़ा और 13 दांत निकालने पड़े। बाद में डॉक्टरों ने पैर की हड्डी (इल्याक क्रेस्ट) से नया जबड़ा बनाया और उस पर डेंटल इम्प्लांट्स के जरिए 13 दांत लगाए। यह सेंट्रल इंडिया का पहला मामला है। डॉ. अंशुल राय ने बताया कि वे पिछले 20 वर्षों से डेंटल इम्प्लांट और सर्जरी कर रहे हैं, लेकिन 12 सेंटीमीटर का नया जबड़ा बनाकर उस पर 13 दांत लगाना इस क्षेत्र में पहली बार हुआ है। इस केस को इंटरनेशनल इम्प्लांट्स जर्नल में प्रकाशन के लिए भेजा गया है।   जबरदस्त चुनौती बना ट्यूमर लंबे समय से युवती को मुंह में सूजन और पस बनने की समस्या थी। जांच में पता चला कि यह बिनाइन ओडोन्टोजेनिक ट्यूमर है, जो लगभग 12 सेंटीमीटर तक फैल चुका था। स्थिति गंभीर होने पर डॉक्टरों को पूरा निचला जबड़ा और उसके साथ 13 दांत निकालने पड़े। पैर की हड्डी से नया जबड़ा जबड़ा और दांत निकलने के बाद युवती को बोलने और खाना खाने में कठिनाई होने लगी। चेहरा भी दब गया था, जिससे वह अवसाद में चली गई। परिवार को उसकी शादी की चिंता भी सताने लगी। ऐसे में डॉक्टरों ने पैर की हड्डी से नया जबड़ा बनाया और नौ डेंटल इम्प्लांट्स लगाए। छह महीने बाद लौटी मुस्कान करीब छह महीने तक पैर की हड्डी और नए जबड़े को जुड़ने का समय दिया गया। इसके बाद तीसरे चरण में नए जबड़े पर डेंटल इम्प्लांट्स के जरिए 13 दांत लगाए गए। अब युवती पहले की तरह खाना खा पा रही है, उसका चेहरा सामान्य दिखने लगा है और जीवन की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। परिजनों के मुताबिक, एक साल से डिप्रेशन में रह रही बेटी अब फिर से खुश रहने लगी है।

सालभर बाद शुरू हुए MPPSC सहायक प्राध्यापक इंटरव्यू, समाजशास्त्र व अर्थशास्त्र के लिए दो पैनल गठित

इंदौर सहायक प्राध्यापक भर्ती परीक्षा 2022 के तहत समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र विषय की परीक्षा पिछले साल करवाई गई। लगभग एक वर्ष के इंतजार के बाद अब चयनित उम्मीदवारों के लिए मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) ने साक्षात्कार की प्रक्रिया शुरू की है। उम्मीदवारों की संख्या अधिक होने के कारण आयोग ने साक्षात्कार के लिए दो पैनल गठित किए हैं। 11 सितंबर से समाजशास्त्र और 22 सितंबर से अर्थशास्त्र विषय के साक्षात्कार प्रारंभ होंगे। उम्मीदवारों को इसके लिए आनलाइन एडमिट कार्ड जारी किए जा रहे हैं। आयोग ने सितंबर का विस्तृत शेड्यूल जारी किया है, जिसमें चार साक्षात्कार और दो परीक्षाएं शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक कुछ परीक्षाओं में अभ्यर्थियों की संख्या कम होने से परीक्षा केंद्र इंदौर में रखने पर विचार किया जा रहा है।   समाजशास्त्र के 80 पदों पर चयनित हैं 305 उम्मीदवार सरकारी महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों की भर्ती के लिए आयोग ने अगस्त 2024 में परीक्षा का दूसरा चरण आयोजित किया था। चार अगस्त को 16 विषयों की परीक्षा हुई, जिनमें समाजशास्त्र और अर्थशास्त्र भी शामिल थे। समाजशास्त्र विषय के लिए 80 पदों पर 305 उम्मीदवार चयनित हुए हैं। इनमें 43 सामान्य, छह अनुसूचित जाति (एससी), सात अनुसूचित जनजाति (एसटी), 18 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और छह आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के पद शामिल हैं। समाजशास्त्र विषय के साक्षात्कार 11 सितंबर से शुरू होंगे और इन्हें आठ दिनों में पूरा किया जाएगा। प्रतिदिन 30 से 35 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा। अर्थशास्त्र के 104 पदों पर 372 उम्मीदवारों का चयन आयोग 22 सितंबर से अर्थशास्त्र विषय की प्रक्रिया आगे बढ़ाएगा। इस विषय के लिए 104 पदों पर 372 उम्मीदवारों का चयन हुआ है। इनमें 44 अनारक्षित, 26 एसटी, सात एससी, 20 ओबीसी और सात ईडब्ल्यूएस के पद शामिल हैं। अभ्यर्थियों को 15 सितंबर के बाद प्रवेश पत्र दिए जाएंगे। आयोग ने उम्मीदवारों को साक्षात्कार से एक घंटे पहले कार्यालय में रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए हैं। सहायक निदेशक पदों के साक्षात्कार दो-तीन दिनों में होंगे पूर्ण सहायक निदेशक उद्यान-2023 की परीक्षा 23 मार्च को हुई थी। इसके परिणाम 21 मई को जारी किए गए, जिनमें 10 पदों के लिए 28 मुख्य और सात प्रावधिक उम्मीदवार शामिल हुए। आयोग ने इसके साक्षात्कार आठ सितंबर को निर्धारित किए हैं। अधिकारियों के अनुसार अभ्यर्थियों की संख्या कम होने से साक्षात्कार दो-तीन दिन में पूरे कर लिए जाएंगे। सरकारी अस्पतालों में भर्ती साक्षात्कार नौ को प्रदेश के सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में ईएनटी विशेषज्ञों के पद लंबे समय से रिक्त हैं। इनकी भर्ती के लिए स्वास्थ्य विभाग ने दिसंबर 2024 में अधिसूचना जारी की थी। कुल 16 पदों में चार अनारक्षित, तीन एससी, पांच एसटी और दो-दो ओबीसी व ईडब्ल्यूएस पद शामिल हैं। आयोग ने इन पदों के लिए साक्षात्कार नौ सितंबर को निर्धारित किए हैं। 100 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, इसलिए साक्षात्कार प्रक्रिया दो पैनलों द्वारा करवाई जाएगी। खनिज अधिकारी की परीक्षा 28 को खनिज साधन विभाग ने लगभग दो वर्ष बाद खनिज अधिकारी के रिक्त पदों पर भर्ती निकाली है। 30 दिसंबर 2024 को आयोग ने 10 पदों के लिए अधिसूचना जारी की थी। आवेदन 28 दिसंबर 2024 से 31 जनवरी 2025 तक स्वीकार किए गए। अब आठ महीने के इंतजार के बाद अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा 28 सितंबर को होगी। यह परीक्षा आफलाइन ओएमआर शीट पर होगी। उम्मीदवार 15 सितंबर के बाद अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे।

28 जगहों पर ED का शिकंजा, 4 करोड़ रुपये बरामद – कारोबारियों में हड़कंप

रायपुर 350 करोड़ के डीएमएफ घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। 3 सितंबर को ठेकेदार और कृषि कारोबारियों के 28 ठिकानों पर छापेमार कार्रवाई में ईडी ने नकदी चार करोड़ रुपये, 10 किलो चांदी के जेवर के साथ आपत्तिजनक दस्तावेज, डिजीटल उपकरण जब्त किए है। ईडी की ओर से शनिवार को जारी अधिकारिक बयान में कहा गया है कि अब तक की जांच में साफ हुआ है कि छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के डीएमएफ फंड की 350 करोड़ रुपये का उपयोग बीज निगम के जरिए किया गया था। बीज निगम के अधिकारियों की मिलीभगत से विक्रेताओं, ठेकेदारों को कृषि व उपकरणों की आपूर्ति करने का काम दिया गया था।   60 प्रतिशत तक बंटा कमीशन ईडी की जांच से साफ हुआ कि मिनी दाल मिल, बीज आदि कारोबारियों से अनुबंध मूल्य का 60 प्रतिशत तक कमीशन रिश्वत के तौर पर संपर्ककर्ताओं द्वारा ली गई थी और बाद में कुछ अधिकारियों और अन्य सहयोगियों तक यह राशि पहुंचाई गई। राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम लिमिटेड (बीज निगम) से संबंधित कारोबारियों, ठेकेदारों और बिचौलियों के ठिकानों से नकदी,चांदी के जेवर आदि जब्त कर आगे की जांच की जा रही है। इससे पहले ईडी ने 21.47 करोड़ रुपए की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की थी। इसके अलावा रायपुर स्थित विशेष पीएमएलए न्यायालय में एक अभियोजन शिकायत भी दायर की गई है, जिसमें 16 लोगों को आरोपी बनाया गया है। इसके अलावा इस मामले में निलंबित आइएएस रानू साहू, राज्य सेवा अधिकारी माया वारियर और मनोज कुमार द्विवेदी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। फिलहाल रानू साहू अंतरिम जमानत पर राज्य से बाहर रह रही है। इन जगहों पर मारा था छापा तीन सितंबर को तड़के पांच बजे ईडी की अलग-अलग टीम ने छापेमारी की कार्रवाई की थी। रायपुर के शंकरनगर में कृषि कारोबारी विनय गर्ग, स्वर्णभूमि कालोनी स्थित होटल व्यवसायी मनीदीप चावला, कृषि उपकरणों का कारोबार करने वाले राजेश अग्रवाल, ला विस्टा कॉलोनी अमलीडीह में पवन पोद्दार और सतपाल छाबड़ा के घर पर देर रात तक एजेंसी ने छानबीन की थी। सतपाल छाबड़ा का ओडिशा और छत्तीसगढ़ में एग्रीकल्चर उपकरणों का कारोबार है। इसके साथ ही दुर्ग जिले के पुरानी भिलाई में अन्ना भूमि ग्रीनटेक प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर शिवकुमार मोदी,शांति नगर स्थित विवेकानंद कालोनी में रहने वाले सीए आदित्य दिनोदिया के यहां भी टीम ने दबिश दी थी। अन्ना भूमि ग्रीनटेक प्राइवेट लिमिटेड कृषि और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में काम करती है। यह कंपनी ड्रिप सिंचाई प्रणाली, कांटेदार तार, चेन लिंक, आरसीसी बाड़ के खंभे,सौर पंप और कृषि उपकरणों की आपूर्ति करती है। वहीं राजिम-महासमुंद मार्ग स्थित उगम राज कोठारी के घर और दुकान में भी छापा पड़ा था। उमग राज कृषि यंत्रों की आपूर्ति का सरकारी ठेका लेते है। जांच टीम ने उनके घर और दुकान को सील कर रखा है।

खाने को लेकर भिड़ंत, सिलेंडर से सिर कुचलकर कर दी साथी की हत्या

दुर्ग दुर्ग-भिलाई और आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक वारदात लगातार बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन हत्या और लूट जैसे मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे ही कोतवाली थाना दुर्ग क्षेत्र में एक और हत्या हो गई है।फास्ट फूड सेंटर में खाने को लेकर मामूली विवाद पर एक युवक ने अपने ही साथी के सिर पर सिलेंडर पटक कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। जानकारी के अनुसार घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के कचहरी वार्ड में शनिवार की रात लगभग 9:30 बजे की है। एक फास्ट फूड सेंटर में खाने को लेकर दो दोस्तों के बीच कहासूनी होने लगी। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुंच गया। आरोपी भूपेंद्र ने युवक शंभू की हत्या कर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।   जानकारी के मुताबिक जय हनुमान मुंबई वेज चाइनीज दुकान में भूपेंद्र सागर और शंभू सागर के बीच झगड़ा हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी भूपेंद्र ने दुकान में रखे सिलेंडर से शंभू के सिर पर लगातार तीन बार हमला किया। इस वार से शंभू की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद आरोपी भूपेंद्र सागर मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि मृतक और आरोपी दोनों ही नशे के आदी थे। किस बात को लेकर दोनों में इतना विवाद हुआ इसको लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है। गौरतलब है कि शिक्षाधानी में युवक तेजी से नशे के आदी होते जा रहे हैं। कुछ समय पहले धमतरी में हुए हत्याकांड, जिसमें रायपुर के तीन युवकों को जान से मार दिया गया था। उस वारदात में भी सभी आरोपी नशे की हालत में थे और उसी कारण मामूली विवाद को लेकर उन्होंने 3 बेगुनाह युवकों की हत्या कर दी थी। पुलिस प्रशासन को क्षेत्र में बढ़ रही नशे की लत को रोकने की जरूरत है।

मंदिर के सामने दुकान में लगी आग से मची अफरातफरी, दमकल ने दो घंटे बाद बुझाई लपटें

छिंदवाड़ा छोटी बाजार स्थित बड़ी माता मंदिर के सामने रात के 11 बजे करीब अहिंसा टेंट सप्लायर की दुकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आज ने विकराल रूप ले लिया। दुकान को अपने चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम सुधीर जैन, नगर अमला और पुलिस विभाग पहुंच गया। आग बुझाने के लिए नगर निगम अमला को कड़ी मशक्कत करना पड़ी। तकरीबन चार दमकलों से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान इस मार्ग से निकल रही मूर्तियों को रोककर अन्य रास्ते से निकाला गया। घटना के बारे में एसडीएम ने बताया की आग से लाखों का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाया है, जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट होगी।   आसपास की दुकानों में भी लग सकती थी आग दुकान में लगी आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप ले लिया था, इस दौरान आसपास के दुकान और मकान मालिकों को इस बात का डर सता रहा था कि कहीं आग उनकी दुकान को अपनी चपेट में ना ले ले। हालांकि नगर निगम के अमला ने 2 घंटे की कड़ी में मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।

वैवाहिक विवाद से वारदात: मध्यप्रदेश में पत्नी और प्रेमी ने रची हत्या की साजिश, कुएं में मिली लाश

अनूपपुर कोतवाली अनूपपुर पुलिस द्वारा ग्राम सकरिया में भैयालाल रजक (60 वर्ष) की रविवार को अपने घर के पीछे खेत के कुएं में बोरे और कंबल से लिपटी एवं साड़ियों से बंधी मिली लाश के मामले में अंधे हत्याकांड का खुलासा शुक्रवार को किया। इस मामले में भैयालाल की पत्नी एवं दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। यह वारदात अवैध संबंध और पति की पूरी संपत्ति हड़पने के इरादे से हुई। यह था मामला जानकारी अनुसार 31 अगस्त को गुड्डी पति भैयालाल रजक उम्र करीब 42 साल निवासी जैतहरी अनूपपुर के द्वारा थाना कोतवाली पहुंचकर सूचना दी गई थी कि ग्राम सकरिया में पति भैयालाल रजक का शव घर के पीछे खेत में बने कुएं के पानी में दिखा है। सूचना के बाद एसडीओपी अनूपपुर सुमित केरकेट्टा, टीआई कोतवाली अरविन्द जैन, एफएसएल वैज्ञानिक अधिकारी डॉक्टर प्रदीप अहिरवार, फिन्गर प्रिन्ट विशेषज्ञ उपनिरीक्षक गिरजा शंकर गौतम शहडोल, एसडीआरएफ के प्लाटून कमाण्डर रामनरेश भवेदी, पुलिस डाग वीरा ट्रेकर के साथ घटनास्थल पहुंचकर कुएं से मृतक भैयालाल रजक का शव बरामद किया था।   मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया। बताया गया उक्त शव जूट के बोरे एवं कंबल में लिपटा हुआ और जूट की रस्सी एवं दो साड़ियों से बंधा हुआ था। भैयालाल रजक के सिर पर पीछे की ओर गहरी चोट से गहरा घाव होना पाया गया था। जिला चिकित्सालय अनूपपुर में पीएम कराए जाने पर रिपोर्ट में भैयालाल रजक की मृत्यु सिर पर आई गंभीर चोट से होना पाए जाने पर थाना कोतवाली में अज्ञात आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। अवैध संबंध और भैयालाल की संपत्ति हड़पने वारदात बनी वजह इस घटना में पुलिस उपमहानिरीक्षक शहडोल रेंज शहडोल सविता सोहाने एवं पुलिस अधीक्षक अनूपपुर मोती उर रहमान द्वारा भी घटनास्थल का निरीक्षण एवं आसपास के लोगों से पूछताछ कर जांच टीम को निर्देश दिए गए। पुलिस टीम द्वारा गहन छानबीन एवं साक्ष्य संकलन पर मृतक भैयालाल रजक की तीसरी पत्नी मुन्नी उर्फ विमला रजक 38 वर्ष निवासी ग्राम सकरिया, उसके प्रेमी लल्लू उर्फ नारायण दास पिता राममनोहर कुशवाहा उम्र करीब 48 वर्ष निवासी वार्ड 13 पुरानी बस्ती अनूपपुर एवं घर पर काम करने वाले मजदूर धीरज पिता समयलाल कोल उम्र करीब 25 वर्ष निवासी ग्राम सकरिया कोतवाली अनूपपुर को धारा 103(1),238,61(2) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस के द्वारा अंधी हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि भैयालाल रजक की तीन शादियां हुई है। पहली पत्नी ग्राम मझगवां जिला शहडोल की शादी के कुछ दिनों बाद ही छोड़कर चली गई थी। वर्तमान में भैयालाल रजक की दो पत्नियां है, पहली पत्नी गुड्डी बाई को कोई संतान ना होने से भैयालाल रजक ने गुड्‌डी बाई की छोटी बहन मुन्नी बाई रजक से भी शादी कर ली थी, जिससे भैयालाल रजक को दो संतान है। उसकी ग्राम सकरिया एवं परसवार में कीमती पैतृक जमीन है, जिसको विक्रय कराने के लिए दलाल लल्लू उर्फ नारायण दास कुशवाहा का पिछले चार-पांच वर्ष से भैयालाल रजक के घर पर आना जाना होता था। इसी बीच मुन्नी बाई रजक का लल्लू उर्फ नारायणदास कुशवाहा से प्रेम संबंध हो गया, जिसके चलते शनिवार 30 अगस्त को मुन्नी बाई ने लल्लू उर्फ नारायणदास और घर पर काम करने वाले मजदूर धीरज कोल के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। वह जैतहरी अपनी बड़ी बहन गुड्डी रजक के पास चली जाएगी। जब रात में घर पर अकेले भैयालाल रजक रहेगा, तो उसकी हत्या की जाएगी, जिसके बाद वह लल्लू उर्फ नारायणदास कुशवाहा से शादी कर लेगी।