samacharsecretary.com

पलामू में जबरदस्त मुठभेड़: सुरक्षाबलों ने 5 लाख का इनामी नक्सली किया ढेर

पलामू,  झारखंड के पलामू जिले के मनातू जंगल में रविवार को सुरक्षाबलों और प्रतिबंधित नक्सली संगठन टीएसपीसी (तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी) के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख का इनामी नक्सली मुखदेव यादव मारा गया। जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों ने 10 लाख के इनामी कमांडर शशिकांत को निशाना बनाकर बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। कोबरा, झारखंड जगुआर और अन्य सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम जब कॉम्बिंग कर रही थी, तभी नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुखदेव यादव मारा गया। मुखदेव पर कई गंभीर मामले दर्ज थे और वह तीन सितंबर को पलामू में हुई उस मुठभेड़ में भी शामिल था, जिसमें पुलिस के दो जवान शहीद हुए थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि रविवार का अभियान अब तक का सबसे बड़ा ऑपरेशन है, जिसमें 200 से अधिक सुरक्षाकर्मी शामिल रहे। शशिकांत के दस्ते में 8 से 10 सदस्य होने की जानकारी मिली है, जिनमें मुखदेव और एक अन्य इनामी नक्सली नगीना भी शामिल था। इसके पहले 7 सितंबर को पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बुर्जुवा पहाड़ी पर मुठभेड़ में पुलिस और सुरक्षा बलों ने दस लाख के इनामी नक्सली अमित हांसदा उर्फ अपटन को ढेर कर दिया था। बोकारो जिले के ढोडी गांव का रहने वाला अमित 96 नक्सली वारदातों में वांटेड था। झारखंड पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में हर महीने औसतन तीन नक्सली मुठभेड़ में मारे जा रहे हैं। पुलिस का अनुमान है कि फिलहाल राज्य में 100 से 150 माओवादी सक्रिय हैं। फिलहाल 58 नक्सली इनामी सूची में हैं, जिन पर कुल 5 करोड़ 46 लाख रुपए का इनाम घोषित है। झारखंड पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में भाकपा माओवादी के 13 बड़े नक्सली हैं, जिनमें मिसिर बेसरा, पतिराम मांझी और असीम मंडल पर एक-एक करोड़ का इनाम है। इनके अलावा, अनमोल, मोछु, अजय महतो, अगेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, जयकांत और रापा मुंडा भी सूची में शामिल हैं। इस साल नक्सलियों के खिलाफ सबसे बड़ी मुठभेड़ 21 अप्रैल को हुई थी, जब बोकारो जिले के लुगु पहाड़ पर एक करोड़ के इनामी प्रयाग मांझी उर्फ विवेक सहित आठ माओवादी मारे गए थे। झारखंड पुलिस और केंद्रीय बल मार्च 2026 तक राज्य को नक्सल मुक्त बनाने के लक्ष्य के तहत अभियान चला रहे हैं। इस वर्ष जनवरी से अब तक कुल 24 नक्सली मारे जा चुके हैं।  

प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने का ऐलान, आरती राव बोलीं

चंडीगढ़  हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने और आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार निरंतर प्रयासरत है। जारी बयान में उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 135 नए स्वास्थ्य संस्थानों के निर्माण को प्रशासनिक मंजूरी प्रदान कर दी है। इन संस्थानों के निर्माण पर लगभग 74.43 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी।  स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि इनमें 126 सब हेल्थ सेंटर शामिल हैं, जिन पर लगभग 6993 लाख रुपये की लागत आएगी। इसी के साथ 9 ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स के निर्माण को भी स्वीकृति प्रदान की गई है, जिन पर कुल 450 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने विस्तार से बताया कि जिन जिलों में सब हेल्थ सेंटर स्थापित किए जाएंगे, उनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, भिवानी, चरखी दादरी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, झज्जर, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पलवल, पानीपत और सोनीपत शामिल हैं। वहीं ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट्स का निर्माण सिरसा, भिवानी, रेवाड़ी, झज्जर और पानीपत जिलों में किया जाएगा।

ट्रंप की चेतावनी: रूस का तेल न खरीदें, चीन को मिलने वाली सजा की तैयारी

वॉशिंगटन अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को NATO के सभी सदस्य देशों से आग्रह किया है कि वे रूस से तेल की खरीद बंद कर दें और चीन के उन आयातों पर 50-100% टैरिफ लागू करें जो रूस से ऊर्जा संबंधी लेन-देनों में शामिल हैं। उनका कहना है कि ये कदम रूस-यूक्रेन युद्ध को खत्म कराने का एक जरूरी तरीका हैं।  ट्रंप ने ट्वीट और सार्वजनिक बयानों में कहा कि अगर NATO सदस्य रूसी तेल नहीं खरीदेंगे, तो उनकी रूस के साथ बातचीत और आर्थिक दबाव बढ़ेगा, जिससे युद्ध की गति धीमी हो सकेगी।   उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि युद्ध समाप्ति हो जाए तो ये टैरिफ हटा दिए जाएँ। ट्रंप ने कुछ NATO सदस्यों-विशेषकर टर्की, हंगरी और स्लोवाकिया की आलोचना की कि वे अभी भी रूस से तेल खरीद रहे हैं, जो गठबंधन की नैतिक और रणनीतिक एकता को कमजोर करता है।     ट्रंप ने कहा कि चीन भी रूस के साथ करीबी आर्थिक संबंध बनाए रखकर रूस की युद्ध नीति को समर्थन दे रहा है। टैरिफ लगाने से इस आर्थिक संबंध को तोड़ा जा सकेगा।  भारत के बारे में भी ट्रंप ने पहले ही घोषणा कर दी है कि भारत पर 25% टैरिफ लगाया गया है क्योंकि वह रूस से ऊर्जा आयात कर रहा है। अब उनका प्रस्ताव है कि यदि यूरोपीय देश भी साथ दें तो चीन और भारत के उन आयातों पर भारी टैरिफ लगाया जाए जो रूस की ऊर्जा अर्थव्यवस्था से जुड़े हों।   यूरोपीय मित्र देशों में इस तरह के टैरिफ लगाने को लेकर संयुक्त आर्थिक प्रभाव की चिंता है। यदि चीन और भारत पर बहुत अधिक टैरिफ लगे तो व्यापार युद्ध की स्थिति बन सकती है। भारत और चीन ने अभी तक इस प्रस्ताव का औपचारिक जवाब नहीं दिया है लेकिन वे ऐसी नीतियों के संभावित आर्थिक प्रतिकूल प्रभावों से सतर्क हैं। इसके अलावा, NATO में ऐसे देशों को भी दबाव का सामना करना पड़ सकता है जिन पर रूस से ऊर्जा निर्भरता अधिक है, उदाहरण के लिए टर्की।     ट्रंप की यह पेशकश सिर्फ आर्थिक नहीं है-यह रणनीतिक निशाना है रूस की युद्ध अर्थव्यवस्था को निर्देशित करने का। यदि NATO, G7, यूरोपीय संघ और भारत-चीन जैसे बड़े खिलाड़ी इस तरह की टैरिफ व्यवस्था में शामिल होते हैं, तो युद्ध-विरोधी दबाव काफी तेज हो सकता है। लेकिन इसके लिए एक साथ राजनीतिक इच्छाशक्ति, आर्थिक स्थिरता और रणनीतिक संतुलन बनाए रखना ज़रूरी होगा।

नेशन बिल्डर अवॉर्ड समारोह में उप मुख्यमंत्री हुए शामिल, युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने का आहवान किया

भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि भारत आर्थिक महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर है। आज हर क्षेत्र में संभावनाएं हैं, अवसर हैं। इन अवसरों का लाभ लेने के लिए आवश्यक है कि युवा सजग हों और मनोयोग से मेहनत करें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने विशेष रूप से युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास का सुनहरा फल युवाओं को मिले, इसके लिए आवश्यक है कि वे नशे से दूरी बनाकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएँ। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने मीडिया से आग्रह किया कि नशे के दुष्परिणामों पर जनजागरूकता अभियान चलाएँ। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल आनंद मोहन माथुर सभागृह, इंदौर में निजी मीडिया समूह के 12वें नेशन बिल्डर अवॉर्ड 2025 समारोह में शामिल हुए। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश ने कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य को कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त होना इसका प्रमाण है। सिंचाई के क्षेत्र में भी लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि इंदौर की स्वच्छता पूरे देश के लिए एक मिसाल बन चुकी है और प्रदेश विकास की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने शिक्षा, प्रशासनिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया। महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, सुप्रसिद्ध सिने तारिका एवं पूर्व सांसद श्रीमती जया प्रदा, आयोजक श्री वीरेंद्र मिश्रा सहित नागरिक उपस्थित रहे। श्रीमती जया प्रदा ने इंदौर की स्वच्छता की सराहना की।  

वैष्णो देवी के दर्शन स्थगित, श्रद्धालु निराश: भविष्य में यात्रा कब संभव होगी?

नई दिल्ली  श्री माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भारी संख्या में भक्त जाते हैं. ऐसे में भक्तों को मायूस कर देने वाली एक खबर आई है. आज की यात्रा एक बार फिर अगले आदेशों तक स्थगित कर दी गई है. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने रात करीब आठ बजे यात्रा स्थगित करने की जानकारी अपने एक्स हैंडल पर दी. यात्रा को स्थगित करने की प्रमुख वजह मौसम, भवन और रास्तों में हो रही लगातार बारिश बताई जा रही है. श्राइन बोर्ड ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, जय माता दी. लगातार बारिश के कारण 14 सितंबर से शुरू होने वाली वैष्णो देवी यात्रा अगले आदेश तक स्थगित की गई है. सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध है कि वो कृपया आधिकारिक संचार माध्यमों के माध्यम से अपडेट लेते रहें.’ यात्रा स्थगित होने से भक्तों में छाई मायूसी मां वैष्णो देवी भवन परिसर के साथ ही सभी रास्तों और कटरा में देर शाम को बरसात हुई. इसके बाद श्री माता वैष्णो देवी साइन बोर्ड ने एक बार फिर ये फैसला किया कि यात्रा स्थगित की जाएगी. श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा एक बार फिर स्थगित होने से कटरा में उन भक्तों में मायूसी नजर आई जो माता की यात्रा शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं. फिलहाल भक्तों को इंतजार करना पड़ेगा. मौसम सुधरेगा तो यात्रा होगी सुचारू श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार, आने वाले सोमवार या फिर कुछ दिनों में मौसम सुधरता दिखाई देगा तो माता वैष्णो देवी की यात्रा एक बार फिर सुचारू कर दी जाएगी. श्राइन बोर्ड यात्रा एक बार फिर सुचारू करने को लेकर सभी तरह की तैयारीयां कर चुका है, लेकिन मौसम इसमें बाधा खड़ी कर रहा है. मौसम के हालातों को देखकर ही यात्रा सुचारू की जाएगी. ये बात पहले ही श्राइन बोर्ड साफ कर चुका है.

शमी ने आत्महत्या के विचारों को किया याद, ‘सोचा जरूर पर हुआ नहीं, शुक्र है वरना वर्ल्ड कप मिस हो जाता’

नई दिल्ली  भारत के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) ने स्वीकार किया कि उनके मन में आत्महत्या करने के विचार आ रहे थे, लेकिन उन्होंने इस विचार को खारिज कर दिया क्योंकि उन्हें एहसास हुआ कि क्रिकेट ने उन्हें बहुत कुछ दिया है। रजत शर्मा के साथ आप की अदालत के एपिसोड में अपने विचार प्रकट करते हुए भारतीय स्टार तेज गेंदबाज ने कहा, 'सोचा जरूर पर हुआ नहीं, ये शुक्र है वरना वर्ल्ड कप मिस हो जाता मेरे से क्योंकि जब सोचा था कि मेरे दिमाग में ये समय है जिंदगी के अंत का, जिस चीज के लिए मुझे इतना नाम दिया, जिस चीज के लिए मीडिया मेरे पीछे है, उसको छोड़ के इस जंप के चक्कर में…वो सोचा, वो प्यार याद आया। सोचा चलो इसको छोड़ा, चलो गेम में लगते हैं फिर…'  इस साल जुलाई में कलकत्ता उच्च न्यायालय ने शमी को अपनी अलग रह रही पत्नी हसीन जहां और बेटी को भरण-पोषण के रूप में 4 लाख रुपए मासिक गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया था। जहां को 1.50 लाख रुपए प्रति माह देने होंगे जबकि बेटी को 2.50 लाख रुपए प्रति माह मिलेंगे। पूर्व मॉडल हसीन जहां ने 2014 में मोहम्मद शमी से शादी की थी। इस जोड़े को 2015 में एक बेटी हुई। मोहम्मद शमी और हसीन जहां 2018 में अलग हो गए थे जब उन्होंने उन पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था।  घरेलू हिंसा के आरोप के बाद सोशल मीडिया पर उनके बारे में कही गई अपमानजनक बातों के बारे में पूछे जाने पर शमी ने जवाब दिया, 'बुरी बातें कही जाती हैं, लेकिन आजकल उन बातों के बारे में भी बात की जाती है जिनका कोई अस्तित्व ही नहीं है… मुझे सबसे ज़्यादा इसी से डर लगता है। कल मैं एक तस्वीर देख रही था और मुझे पता ही नहीं चला कि मैंने उसे कब खींच लिया था। पिछले 6-7 सालों में मुझ पर जितने आरोप लगे हैं, शायद किसी आतंकवादी पर भी इतने आरोप न लगे हों। मैं इसमें कुछ नहीं कर सकती।'  हसीन जहां ने 2018 में क्रिकेटर पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया था। उन्होंने अलीपुर कोर्ट में एक याचिका दायर कर शमी और उनके परिवार पर उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जहां ने परिवार के भरण-पोषण के लिए तेज गेंदबाज से 7 लाख रुपए प्रति माह की मांग की थी। शमी ने आखिरी बार 2 मई को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक प्रतिस्पर्धी मैच खेला था। वह मैच इस तेज गेंदबाज के लिए यादगार नहीं रहा था, क्योंकि गुजरात टाइटन्स के खिलाफ उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था और उन्होंने तीन ओवरों में 48 रन दिए थे।  चैंपियंस ट्रॉफी अभियान में शमी जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण की अगुवाई कर रहे थे। वह भारत के लिए संयुक्त रूप से सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे, उन्होंने 5 मैचों में 9 विकेट लिए, उनके साथ मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती भी थे जिन्होंने सिर्फ तीन मैचों में इतने ही विकेट लिए। शमी के प्रयासों की बदौलत भारत ने फाइनल में न्यूजीलैंड को हराकर खिताब जीता। उन्होंने भारत के लिए आखिरी टेस्ट क्रिकेट 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंग्लैंड में खेला था। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शमी को वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सफेद गेंद की सीरीज के लिए टीम में शामिल किया जाता है या नहीं।   

सोने से पहले अपनाइए ये 5 आदतें, कामयाबी और धन आपके कदम चूमेंगे

जीवन में सफल होना हर कोई चाहता है। और हर कोई यह भी जानता है कि सफलता पानी है तो मेहनत से नहीं बचा जा सकता। लेकिन कई बार सिर्फ मेहनत करने से भी कुछ हाथ नहीं लगता। आप खुद भी अपने आस-पास कई लोगों को पाएंगे जो मेहनत तो खूब करते हैं लेकिन उन्हें सफल दूर-दूर तक नहीं कहा जा सकता। दरअसल जीवन में कुछ करना है तो प्रॉपर प्लानिंग की भी जरूरत होती है। आचार्य चाणक्य ने अपनी नीति में इसी सफलता के सूत्र का जिक्र किया है। उन्होंने कुछ छोटी-छोटी आदतों के बारे में लिखा, जिन्हें आज भी यदि जीवन में उतार लिया जाए तो सफलता और धन दोनों आपके हिस्से आ सकते हैं। आचार्य की बताई इन बातों को रात में सोने से पहले फॉलो करें और अपने जीवन में पॉजिटिव बदलाव देखें। दिन कैसा गया, इसपर विचार करें आचार्य चाणक्य अपनी नीति में कहते हैं कि जो व्यक्ति अपने कर्मों का हिसाब रखता है, वो जीवन में कभी असफल नहीं हो सकता। इसलिए रोजाना आपने दिन भर में क्या किया, इसका ब्यौरा आपके पास जरूर होना चाहिए। रात में जब भी सोने जाएं, तो कुछ देर जरूर सोचें कि आपका दिन कैसा रहा। क्या कुछ गलतियां आपने की, उनसे क्या सीखा और दिन को बेहतर बनाने के लिए आप क्या कर सकते थे। ऐसे आप आने वाले दिन की बेहतर प्लानिंग कर पाएंगे। अपने ज्ञान का विस्तार करें सोने से पहले कुछ देर अपना समय किताबों के साथ बिताएं। आधा घंटा या कम से कम बीस मिनट भी मिनट भी, कोई अच्छी किताब पढ़ें। कुछ ऐसा जो आपके ज्ञान में वृद्धि करे। आचार्य चाणक्य कहते हैं कि ज्ञान सबसे बड़ा धन होता है। ऐसे में अगर सफल और धनवान बनना है तो ज्ञान के विस्तार की ओर ध्यान दें। अगले दिन की योजना बनाएं अगला दिन बेहतर और प्रोडक्टिव हो, इसके लिए पहले से ही प्रॉपर प्लानिंग करना जरूरी है। इसलिए रात में सोने से पहले ही एक मोटा-मोटा खाका अपने मन में तैयार कर लें कि आने वाला दिन आप कैसे बिताने वाले हैं। दिन के कुछ खास एजेंडा सेट करें। खासतौर से सुबह क्या करना है; पहले से ही डिसाइड कर लें। इस तरह आपका अगला दिन प्रोडक्टिव होगा और अपने गोल समय पर अचीव कर पाएंगे। अपने लक्ष्य के बारे में सोचें आजकल जिसे विजुलाइजेशन कहा जाता है, वो आचार्य चाणक्य ने सालों पहले अपनी नीति में बता दिया था। आचार्य कहते हैं कि व्यक्ति का मन हमेशा इसके लक्ष्य पर सधा हुआ होना चाहिए। जिसके आगे अपना लक्ष्य एकदम तय है, वो भविष्य में कभी भटकता नहीं और सफलता भी उसे जरूर मिलती है। इसलिए रात में सोने से पहले कुछ देर अपने लक्ष्य के बारे में सोचें। सोचकर देखें कि आपने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है तो उस वक्त आप कैसा महसूस करेंगे। ये बातें आपको और मेहनत के मोटिवेट करेंगे और आपके ब्रेन को भी सफलता के लिए रिप्रोग्राम करेंगी। सकारात्मक सोच से करें दिन समाप्त रात में सोते हुए कभी भी नेगेटिव विचार अपने मन में ना लाने दें। रात में जब आप कुछ नेगेटिव सोचते हैं, तो चीजें और भी ज्यादा नकारात्मक होने लगती हैं। इसलिए दिन की एंडिंग हमेशा हैप्पी रखें। सोने से पहले कुछ पॉजिटिव सोचें। आपकी लाइफ में जो भी कुछ अच्छा है, उसे याद करें और हर चीज के लिए शुक्रिया की भावना रखें। इस तरह आपको नींद भी अच्छी आएगी और जीवन को ले कर आपका नजरिया भी सकारात्मक होगा।  

डॉ. इरफान अंसारी की अध्यक्षता में रिम्स शासी परिषद बैठक, स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए निर्देश जारी

रांची झारखंड के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान रांची (रिम्स), में आज रिम्स शासी परिषद की एकक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता राज्य के स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने की। बैठक में जस्टिस अमरेश्वर सहाय, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, स्थानीय विधायक सुरेश कुमार बैठा, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, रिम्स निदेशक, रांची विश्वविद्यालय के कुलपति, रिमपास निदेशक, वित्त विभाग के प्रधान सचिव, प्रमंडलीय आयुक्त सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में झारखंड उच्च न्यायालय के गाइडलाइन्स के आलोक में 16 प्रमुख एजेंडों पर गहन विचार-विमर्श हुआ। इसमें परचेजिंग में देरी और उससे उत्पन्न समस्याएं, ट्रॉमा सेंटर की सुविधाएं व खामियां, रखरखाव व्यवस्था और खराब वेंटीलेटरों की स्थिति, आवश्यक मशीनों की खरीद और उपयोग, इलाज की वर्तमान स्थिति और सुधार की रूपरेखा शामिल था। शेष एजेंडों पर विचार के लिए 9 अक्टूबर को दोबारा बैठक बुलाई जाएगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि रिम्स की व्यवस्था सुधारने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा कि एम आर आई मशीन की खरीद प्रक्रिया को त्वरित गति देने का आदेश निदेशक को दिया गया है। मंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकारी ड्यूटी के दौरान बाहर प्राइवेट प्रैक्टिस करने वाले डॉक्टरों को चिन्हित कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बैठक के बाद स्वास्थ्य मंत्री डा. इरफान अंसारी ने कहा कि कोर्ट के निर्देश पर परिषद की बैठक बुलाई गई थी और कोर्ट को संतुष्ट करने के लिए विस्तृत जवाब भी दिया गया है। वहीं, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भी विभाग पर सवाल उठाए और कहा कि रिम्स की स्थिति सही नहीं है। झारखंड ही नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्यों के मरीज भी यहां इलाज के लिए आते हैं।

सिरोही में छोटे से छोटे गांव में बड़े उद्योग स्थापित करने की ताकत : राज्यमंत्री देवासी

  सिरोही में ‘रूमा देवी संग – महिला सशक्तिकरण संवाद’ कार्यक्रम का तीसरा चरण आयोजित जयपुर, ग्रामीण विकास एवं पंचायती, आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग के राज्यमंत्री श्री ओटाराम देवासी ने कहा कि सिरोही की महिलाओ को रूमा देवी से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि सिरोही जिले के लघु कुटीर उद्योगो को बढावा देने के लिए राज्य सरकार राजीविका के माध्यम से अवसर उपलब्ध करवा रही है। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले की महिलाओं को संगठित कर उनको उद्यमशीलता के प्रति प्रोत्साहित करना तथा उनके सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा कर उनको आत्मनिर्भरता की दिशा में नए अवसरों से जोड़ना था। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद (राजीविका) की ब्रांड एंबेसडर डॉ. रूमा देवी ने जिला मुख्यालय पर पणिहारी गार्डन में आयोजित महिला सशक्तिकरण संवाद कार्यक्रम की अध्यक्षता के दौरान सभी महिलाओं को संघटित होकर आपसी सहयोग से उद्यमशीलता अपनाने व आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ने का आव्हान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा की आज की महिलाएं स्वयं सहायता समूह बनाकर, आधुनिक तकनीक व आपसी मदद से छोटे से छोटे गांव में भी बड़े – बड़े उद्योग स्थापित करने की क्षमता रखतीं हैं। यह बात उन्होंने राजीविका और रूमा देवी फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से जिले में आयोजित ‘रूमा देवी संग – महिला सशक्तिकरण संवाद’ कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सैकड़ो महिलाओं के सामने रखी। इस अवसर पर 700 से अधिक महिलाओं ने रोजगार, उद्यमिता और सामाजिक जागरूकता से जुड़े मुद्दों पर खुलकर चर्चा की व साबित किया कि महिलाएँ केवल घर-परिवार तक सीमित नहीं, बल्कि आर्थिक और सामाजिक परिवर्तन की मजबूत कड़ी बन चुकी हैं।

दुर्गा पूजा सुरक्षा और व्यवस्था पर DC मंजूनाथ भजंत्री ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

रांची झारखंड की राजधानी रांची में आगामी दुर्गा पूजा पर्व को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में बीते शनिवार को समाहरणालय ब्लॉक-बी सभागार में केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से की। इसमें विभिन्न पूजा समितियों, शांति समिति के सदस्यों, सामाजिक संगठनों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना था। दुर्गा पूजा न केवल धार्मिक आयोजन है बल्कि झारखंड की सांस्कृतिक पहचान भी है। इसलिए इस बार प्रशासन और समितियां दोनों भव्यता, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द पर जोर दे रही हैं। बैठक में पूजा समितियों के सदस्यों ने साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, जलापूर्ति, महिला आरक्षियों की प्रतिनियुक्ति, पाकिर्ंग व्यवस्था, विसर्जन हेतु वाहनों की उपलब्धता और पंडालों में बैरिकेडिंग जैसे बिंदुओं पर सुझाव रखे। समितियों ने प्रशासन से अपेक्षा जताई कि इन सुविधाओं की व्यवस्था समय पर सुनिश्चित की जाए। उपायुक्त भजंत्री ने सभी समितियों को निर्देश दिया कि पंडालों की वायरिंग, बिजली लोड और फायर सेफ्टी की जांच कर एनओसी प्राप्त करें। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाएं, वॉलिंटियर्स की यूनिफॉर्म और आईडी कार्ड अनिवार्य हों। बिना पुलिस बल के कोई विसर्जन न किया जाए। असामाजिक तत्वों पर प्रशासन जीरो टॉलरेंस अपनाएगा। ध्वनि प्रदूषण रोकने के लिए लाउडस्पीकर और डीजे का उपयोग नियमानुसार हो, आपत्तिजनक गानों पर पाबंदी रहे। पंडाल निर्माण से यातायात बाधित न हो। उन्होंने घोषणा की कि सबसे बेहतरीन समन्वय और सुरक्षा करने वाली पूजा समिति को सम्मानित किया जाएगा। वरीय पुलिस अधीक्षक सिन्हा ने कहा कि पूजा समितियां प्रशासन की 'आंख, कान और पैर' हैं और उनके सहयोग से ही शांति व्यवस्था कायम रहेगी। उन्होंने निर्देश दिया कि हर समिति कम से कम 5 प्रशिक्षित वॉलिंटियर्स की सूची थाना प्रभारी को दे। सोशल मीडिया पर अफवाह या भड़काऊ सामग्री फैलाने वालों पर तत्काल कारर्वाई होगी। पंडालों में महिला व पुरुषों के लिए अलग प्रवेश हो, महिला पुलिस बल और महिला वॉलिंटियर्स की नियुक्ति की जाए। साफ छवि वाले युवाओं को ही वॉलिंटियर चुना जाए। वहीं जिला प्रशासन ने बताया कि प्रमुख स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन सर्विलांस और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी। सोशल मीडिया पर निगरानी के लिए विशेष टीम गठित की जाएगी। साथ ही शहर के भीड़भाड़ वाले मार्गों पर ट्रैफिक कंट्रोल प्लान तैयार किया गया है और पंडालों के आसपास पाकिर्ंग जोन चिन्हित किए जाएंगे। अपर नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि समितियों के सुझावों पर आवश्यक कारर्वाई होगी। उपायुक्त भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन 24 घंटे जनता की मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत प्रशासन से संपकर् करें और शांति एवं एकता बनाए रखने में सहयोग करें।