samacharsecretary.com

भारतीय सेना की मालगाड़ी पहली बार पहुंची कश्मीर, वापसी में लाएगी सेब – विकास और भरोसे का संकेत

श्रीनगर  जम्मू-कश्मीर में एक ऐतिहासिक घटना हुई है. उद्धमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) पर भारतीय सेना की पहली विशेष मालगाड़ी सफलतापूर्वक चली. 12-13 सितंबर 2025 को यह गाड़ी बीडी बारी से अनंतनाग पहुंची. इसमें 753 मीट्रिक टन एडवांस्ड विंटर स्टॉकिंग (एडब्ल्यूएस) सामान लदा था, जो सेना की इकाइयों के लिए था. यह कदम सेना की सर्दियों की तैयारी में क्रांति लाएगा. यूएसबीआरएल क्या है और इसका महत्व? यूएसबीआरएल भारत का एक महत्वाकांक्षी रेल परियोजना है, जो जम्मू को कश्मीर घाटी से जोड़ती है. इसकी कुल लंबाई 272 किलोमीटर है. यह हिमालय के कठिन इलाके से गुजरती है. इसमें दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल चेनाब ब्रिज (359 मीटर ऊंचा) और भारत का सबसे लंबा रेल सुरंग पीर पंजाल (11.215 किमी) शामिल हैं. यह परियोजना 2002 में शुरू हुई और जून 2025 में पूरी तरह चालू हो गई. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 6 जून 2025 को इसकी शुरुआत की, जब वंदे भारत ट्रेन को फ्लैग ऑफ किया गया. इस रेल लिंक से कश्मीर घाटी बाकी भारत से जुड़ गई, जो सड़कों पर भूस्खलन या बाढ़ से होने वाली परेशानियों को कम करेगी. अगस्त 2025 में पहली मालगाड़ी अनंतनाग पहुंची, जो सीमेंट ले जा रही थी. लेकिन भारतीय सेना की यह गाड़ी पहली विशेष मालगाड़ी है, जो सैन्य और सिविल उपयोग का उदाहरण है. सेना की पहली विशेष मालगाड़ी: क्या लाया और क्यों खास? 12-13 सितंबर 2025 को चली यह मालगाड़ी बीडी बारी (कटरा के पास) से अनंतनाग पहुंची. इसमें 753 मीट्रिक टन एडब्ल्यूएस सामान लदा था, जैसे राशन, ईंधन, दवाइयां और अन्य जरूरी चीजें. ये सामान जम्मू-कश्मीर में तैनात सेना की इकाइयों के लिए था, ताकि सर्दियों में बर्फीले हिमालयी इलाके में कोई कमी न हो. पहले सेना सड़कों पर ट्रक से सामान भेजती थी, जो भूस्खलन या बर्फबारी से रुक जाती थी. अब रेल से तेज और सुरक्षित तरीके से स्टॉकिंग होगी. यह सेना की क्षमता विकास का हिस्सा है, जो कठिन इलाकों में ऑपरेशनल तैयारी सुनिश्चित करेगा. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि यह कश्मीर को राष्ट्रीय फ्रेट नेटवर्क से जोड़ने का मील का पत्थर है.  सिविल-मिलिट्री फ्यूजन: कश्मीरी सेब का निर्यात यह गाड़ी सिर्फ सैन्य उपयोग की नहीं. वापसी में यह कश्मीरी सेब ले जाएगी, जो भारत के बाकी बाजारों में बेचे जाएंगे. यह ड्यूल-यूज लॉजिस्टिक्स का शानदार उदाहरण है. कश्मीरी किसान पहले भूस्खलन या बाढ़ से सड़कें बंद होने पर भारी नुकसान उठाते थे. अब रेल से उनका फल तेजी से बाजार पहुंचेगा, जिससे आर्थिक राहत मिलेगी. यह कदम सेना की राष्ट्र-निर्माण में भूमिका दिखाता है. सेना न सिर्फ रक्षा करती है, बल्कि कश्मीर के सामाजिक-आर्थिक विकास में भी योगदान दे रही है. रेल इंफ्रास्ट्रक्चर का सैन्य और सिविल उपयोग से क्षेत्र की लचीलापन, कनेक्टिविटी और समृद्धि बढ़ेगी. परियोजना से 5 करोड़ से ज्यादा मैन-डे रोजगार पैदा हुए हैं. यूएसबीआरएल के फायदे: कश्मीर के लिए नया दौर यह रेल लिंक कश्मीर को बदल देगी. पहले कश्मीर घाटी रेल से अलग-थलग थी, लेकिन अब पैसेंजर ट्रेनें (जैसे वंदे भारत) और मालगाड़ियां चलेंगी. इससे फल, हस्तशिल्प और अन्य सामान सस्ते में बाजार पहुंचेंगे. सेना के लिए यह सर्दियों की स्टॉकिंग आसान करेगा.  परियोजना में कई चुनौतियां थीं—जैसे हिमालय के युवा इलाके में भूगर्भीय समस्याएं. लेकिन सुरंगों में वेंटिलेशन और फायरफाइटिंग सिस्टम लगाकर सुरक्षा सुनिश्चित की गई. अब कश्मीर की अर्थव्यवस्था मजबूत होगी. Srinagar से रवाना हुई पहली  Rapid Cargo ट्रेन, इतने समय में तय करेगी Delhi तक का सफर  आज श्रीनगर से पहली माल ढुलाई ट्रेन दिल्ली के लिए रवाना की गई है।  कश्मीर की अर्थव्यवस्था को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए LG Manoj Sinha ने सोमवार को नौगाम रेलवे स्टेशन से कश्मीर और नई दिल्ली के बीच संयुक्त पार्सल उत्पाद-रैपिड कार्गो सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह नई पार्सल ट्रेन सेवा विशेष रूप से बागवानी उत्पादों के त्वरित परिवहन में मददगार साबित होगी और क्षेत्र के फल उत्पादकों के लिए एक बड़ी राहत लेकर आएगी।  मैं इस पहल के लिए रेलवे का आभारी हूँ।" उन्होंने कहा, "हमने देखा है कि भौगोलिक कारणों और खराब मौसम की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग कई बार अवरुद्ध हो जाते हैं। इस बंद होने से जल्दी खराब होने वाले सामानों को नुकसान होता है। रेलवे पार्सल सेवाओं की शुरुआत इस समस्या के समाधान की दिशा में एक बड़ी छलांग है।"   इस बीच, रेलवे अधिकारियों ने बताया कि पार्सल सेवा बडगाम और आदर्श नगर, नई दिल्ली के बीच चलेगी, जिसका जम्मू के बारी ब्राह्मणा में एक निर्धारित ठहराव होगा। इस ट्रेन में 23-23 टन क्षमता वाले आठ पार्सल कोच हैं और शुरुआत में ये सेब और अखरोट ले जाएंगे। उन्होंने आगे कहा कि इस सुविधा से रसद व्यवस्था सुचारू होने, समय पर माल लदान और परिवहन घाटे में कमी आने की उम्मीद है। पहली ट्रेन ₹2.5 करोड़ मूल्य के फल लेकर 24 घंटे के भीतर दिल्ली पहुंचेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इसी तरह की 15 कोच वाली वीपी ट्रेन जल्द ही अनंतनाग से फल, खासकर सेब ले जाने के लिए चलेगी। अधिकारियों ने कहा कि यह पहल न केवल कश्मीर के लिए, बल्कि पूरे जम्मू और कश्मीर क्षेत्र और भारतीय रेलवे के लिए गर्व का क्षण है।

iPhone खरीदना है तो पहले खरीदो पास! Flipkart के Big Billion Days का अजीब ऑफर वायरल

नई दिल्ली अमेरिकी कंपनी वॉलमार्ट की स्वामित्व वाली इंडियन ई-कॉमर्स वेबसाइट Flipkart ने Big Billion Days सेल के लिए एक अनोखी स्कीम शुरू की है. सस्ते में iPhone खरीदने के लिए कंपनी ने 5000 रुपये का पास बेचना शुरू कर दिया है. सोशल मीडिया पर इस स्कीम की लोग आलोचना भी कर रहे हैं. दरअसल Flipkart ने Big Billion Days के लैंडिंग पेज पर लिखा है कि iPhone 16 Pro सिर्फ 70 हजार रुपये में ही मिलेगा. जबकि iPhone 16 Pro की कीमत 1 लाख रुपये से ऊपर है. ऐसा कभी नहीं हुआ कि एक साल के अंदर Apple का कोई Pro फोन एक सिर्फ 70 हजार रुपये में मिलने लगा हो.  Flipkart के मुताबिक़ जो यूजर 5000 रुपये का पास खरीदता है उसे iPhone 16 Pro सस्ता मिलेगा. कंपनी ने दावा किया है कि Big Billion Days सेल के पहले 24 घंटे में एर्ली ऐक्सेस के तहत उन्हीं यूजर्स को सस्ते iPhone मिलेंगे जो 5000 रुपये का पास खरीदेंगे.  Flipkart का 5000 रुपये पास वाला ऑफ़र तीन स्मार्टफोन्स के लिए है. इनमे iPhone 16 Pro 128GB, iPhone 16 Pro 256GB और iPhone 16 Pro Max 256GB मॉडल्स शामिल हैं.  Flipkart ने दावा किया है कि सेल के दौरान iPhone 16 Pro सिर्फ 70 हज़ार रुपये से मिलना शुरू हो जाएगा. जबकि इसकी लॉन्च क़ीमत 1 लाख 30 हज़ार रुपये है.  iPhone 16 Pro Max को यूजर्स 90 हजार रुपये में ख़रीद सकेंगे, जबकि इसकी लॉन्च क़ीमत लगभग 1 लाख 45 हज़ार रुपये थी. आईफोन को लेकर भारत में काफी क्रेज है और कई लोगों ने पास खरीद भी लिया है. X पर कई लोगों की शिकायत है कि एरर की वजह से खरीद नहीं पा रहे हैं.  आपके लिए जानना इंपॉर्टेंट है कि ये 5000 रुपये वाला पास नॉन रिफंडेबल है और इसे आप कैंसिल भी नहीं करा सकते हैं. यानी अगर आप फैसला बदलते हैं तो आपको ये पैसा वापस नहीं मिलेगा. Flipkart का ये पास Big Billion Days Sals के शुरुआती 24 घंटे तक ही वैलिड रहेगा. यानी आप इसे अर्ली ऐक्सेस के तौर पर यूज कर पाएंगे. एक कस्टमर सिर्फ एक ही पास खरीद सकेगा.  फ़िलहाल ये साफ़ नहीं है कि जिन यूजर्स को 5000 रुपये वाला पास खरीदने के बाद भी iPhone 16 Pro या Pro Max नहीं मिलता है तो उस केस में क्या होगा? मुमकिन है कंपनी पैसे वापस कर दे. लेकिन कंपनी अगर ऐसा नहीं करती है तो ये यूजर्स के साथ नाइंसाफी होगी. 

इंदौर के सांदीपनि मालव कन्या विद्यालय को मिला एक्सीलेंस स्कूल अवार्ड, शिक्षा में रचा नया कीर्तिमान

इंदौर के सांदीपनि मालव कन्या विद्यालय को मिला एक्सीलेंस स्कूल अवार्ड फ्यूचर रेडी स्किल श्रेणी प्रतियोगिता में शामिल हुआ था विद्यालय  इंदौर सांदीपनि मालव कन्या विद्यालय ने फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) का एक्सीलेंस राष्ट्रीय स्तर का स्कूल अवार्ड जीता है। अलायंस फॉर री-इमेजिनिंग स्कूल एजुकेशन अवार्ड (अराइज) फिक्की का प्रतिष्ठित अवार्ड है। विद्यालय को अवार्ड बच्चों में अकादमिक विषयों से आगे बढ़कर भविष्य के लिये स्किल्स डेव्हलपमेंट के क्षेत्र में नवाचार किये जाने केलिये दिया गया है। विद्यालय के बच्चों को कम्प्यूटर में कोडिंग सिखाई जा रही है। इसी के साथ कम्युनिकेशन और क्रिएटिव की नई तकनीक सिखाई जा रही है। सरकारी स्कूल के बच्चों में स्किल डेवलप कर भविष्य के लिये तैयार किया जा रहा है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हुए कार्यक्रम में अनेक शिक्षाविद् के साथ हाल ही में भारत से स्पेस स्टेशन पर गये ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला भी मौजूद थे। प्रदेश के लिये गौरव की बात है कि देश के एक हजार स्कूलों में इंदौर के सांदीपनि विद्यालय ने अपने नवाचार कार्यक्रम के जरिये यह पुरस्कार जीता है। पुरस्कार प्राचार्य श्री रामकृष्ण कोरी और उनकी टीम ने प्राप्त किया। प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पीपल फाउंडेशन की मदद से बच्चों में कम्प्यूटर में दक्षता के लिये यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। ज्यूरी सदस्यों में केन्द्र सरकार की पूर्व शिक्षा सचिव सुश्री अनीता करवाल और नेशनल काउंसिल ऑफ टीचर एजुकेशन के चेयर पर्सन प्रो. पंकज अरोरा भी शामिल थे।  

शिल्पा शेट्टी ने सिखाया भ्रामरी योग, बोलीं- गुनगुनाकर पाएं मन की शांति

मुंबई, अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी अपनी फिटनेस, आकर्षक व्यक्तित्व और अनुशासित जीवनशैली के लिए जानी जाती हैं। वे लंबे समय से योग, स्वस्थ खानपान और नियमित व्यायाम को बढ़ावा देती रही हैं। सोमवार को उन्होंने अपने प्रशंसकों के लिए सोशल मीडिया पर भ्रामरी प्राणायाम सिखाते हुए वीडियो पोस्ट किया। इस वीडियो के जरिए शिल्पा ने न केवल इस योग क्रिया को करने का आसान तरीका बताया, बल्कि इसके फायदों को भी उजागर किया। शिल्पा ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए गए इस वीडियो में बताया कि यह एक ऐसी योग क्रिया है, जिसमें हल्की गुनगुनाहट के साथ सांस ली और छोड़ी जाती है। शिल्पा के मुताबिक, नियमित रूप से भ्रामरी करने से मन शांत रहता है, तनाव कम होता है और जीवन में संतुलन बना रहता है। यह योग मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के साथ एकाग्रता बढ़ाने में भी मददगार है। वीडियो के साथ शिल्पा ने कैप्शन में लिखा, “गुनगुनाकर शांति पाएं।” इस संदेश के जरिए उन्होंने अपने प्रशंसकों को इस सरल योग क्रिया को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। शिल्पा ने यह भी बताया कि भ्रामरी प्राणायाम न केवल मन को सुकून देता है, बल्कि यह नींद की गुणवत्ता को भी बेहतर बनाता है। शिल्पा शेट्टी लंबे समय से फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली की प्रबल समर्थक रही हैं। वह अपने सोशल मीडिया पर नियमित रूप से योगासन, व्यायाम के टिप्स और पौष्टिक खानपान से जुड़े नुस्खे साझा करती रहती हैं। इससे पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह एरोबिक्स स्टेप वर्कआउट करती दिख रही थीं। इसी के साथ उन्होंने इसके फायदे के बारे में भी बताया था। इस वीडियो के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा, “कूदो, झुको, लेकिन कभी रुको मत।” शिल्पा जल्द ही कन्नड़ एक्शन ड्रामा फिल्म ‘केडी: द डेविल’ में दिखेंगी। इसके निर्देशक प्रेम हैं। फिल्म में शिल्पा के साथ ध्रुव सरजा, संजय दत्त, वी. रविचंद्रन, रमेश अरविंद, रीश्मा नानैया और नोरा फतेही जैसे सितारे नजर आएंगे।  

मुख्यमंत्री साय दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस समारोह में हुए शामिल

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर स्थित दूरदर्शन केंद्र में आयोजित दूरदर्शन के 66वें स्थापना दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए और दूरदर्शन परिवार, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं दर्शकों को शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और इस ऐतिहासिक यात्रा से जुड़ी अपनी स्मृतियाँ साझा कीं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने दूरदर्शन के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, गीत तथा शास्त्रीय संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। मुख्यमंत्री के समक्ष कलाकारों ने गौर नृत्य, बांस गीत, जवारा नृत्य, सुआ नृत्य और गौरी-गौरा जैसे लोकनृत्य प्रस्तुत किए। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दूरदर्शन ने मनोरंजन के साथ-साथ हमें वैचारिक रूप से समृद्ध करने और संस्कारित करने में भी बड़ी भूमिका निभाई है। उन्होंने 1982 में एशियाई खेलों के रंगीन प्रसारण, रामायण और महाभारत जैसे धारावाहिकों का उल्लेख करते हुए कहा कि उस दौर में दूरदर्शन का जादू ऐसा था कि प्रसारण के समय सड़कों पर सन्नाटा छा जाता था। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि “मिले सुर मेरा तुम्हारा” जैसे गीतों के माध्यम से दूरदर्शन ने देश की एकता और सांस्कृतिक एकरूपता का संदेश दिया। समाचारों की गरिमा और भाषा की शुचिता बनाए रखने में दूरदर्शन की परंपरा सदैव सराहनीय रही है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दूरदर्शन के प्रादेशिक केंद्रों ने स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को राष्ट्रीय मंच प्रदान किया है। रायपुर दूरदर्शन ने अपने लोकप्रिय कार्यक्रमों और विशेषकर “हमर चिन्हारी” के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया तक पहुँचाया है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कृषि दर्शन, महिलाओं से जुड़े कार्यक्रमों और युवाओं के लिए प्रस्तुत विशेष सामग्री के माध्यम से दूरदर्शन ने समाज के हर वर्ग को जोड़ा है। उन्होंने अपनी मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सँभालने के बाद “अपनी बात” कार्यक्रम में दिए गए साक्षात्कार को याद करते हुए कहा कि दूरदर्शन हमेशा स्पष्टता से और विस्तारपूर्वक अपनी बात रखने का पर्याप्त अवसर देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लाखों हितग्राहियों को मिल रहा है और दूरदर्शन के द्वारा समाज में आने वाले सकारात्मक बदलावों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब किसी एक व्यक्ति की सफलता की कहानी दूरदर्शन पर प्रसारित होती है, तो वह लाखों लोगों के जीवन को बदलने का सशक्त आधार बनती है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दूरदर्शन परिवार को पुनः स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि दूरदर्शन इसी प्रकार आम जनता का मनोरंजन, संस्कार और जागरूकता का प्रमुख माध्यम बना रहेगा। संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि दूरदर्शन ने छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी दूरदर्शन प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को और अधिक सशक्त रूप से दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा। इस अवसर पर रायपुर दूरदर्शन केंद्र के उप महानिदेशक संजय कुमार मिश्र सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।

रिश्ते में दरार, कारण हैं हजार

कोई रिश्ता परफेक्ट नहीं होता। दोस्तों की बात अलग है। निकट के रिश्तों में दूरियां आते देर नहीं लगती। कैसे संभाले और ताउम्र बचा कर रखें ये रिश्ते। आपके साथ भी ऐसा हुआ होगा, पहली मुलाकात में आपको अपनी सास, ननद या जेठानी बेहद खुले विचारों की और दोस्ताना लगी होंगी। पर जब आपने साथ रहना शुरू किया, तो छवि बदलते देर नहीं लगी। आपको लगता है कि रिश्ते में दूसरों का पलड़ा हमेशा भारी रहता है और आप हमेशा देने वाली मुद्रा में रहती हैं। अगर आप अपने अंदर झांकें और खुद से कुछ सवाल करें तो पाएंगी कि आप जिस रिश्ते में जितना देती हैं, बदले में आप उतना ही पाती हैं। कैसे संवारें अपने रिश्तों कोः कहते हैं, प्यार में कोई शर्त नहीं होती। इसका मतलब है, जो जैसा है, उसे उसी रूप में प्यार करना। लेकिन यही बात समय बीतने के साथ उसी रिश्ते में दरार का कारण बनती है। प्यार, देखभाल, विश्वास और सम्मान रिश्ते की जरूरत है। साथ ही साथ कुछ रिश्तों में समय भी देना पड़ता है। आप किसी के बारे में भी राय बनाने से पहले अपने आप को भी तौल लें। कई बार आप अपने जरूरत के हिसाब से भी रिश्ते बनाती हैं। नाजुक रिश्ते तभी मजबूत बनते हैं, जब आप दिल से उन्हें अपनाएंगी और उन्हें खुद को अपनाने देंगी। जब एक रिश्ते में सोच, विचार, आकांक्षा, मूल्यों तथा रहन-सहन में कोई सामंजस्य नहीं होता तो देर-सबेर परेशानी आनी तय है। आपको कुछ समय बाद पता चल जाएगा कि आप इस रिश्ते को जितना प्यार दे रही हैं, क्या आपको मिल रहा है? अपनी बात स्पष्ट रूप से रखना भी सीखें। अपनी किसी सहेली या घर वालों की राय लेने से पहले यह भी देख लें कि कहीं आप रिश्ते बनाने या तोड़ने में जल्दबाजी तो नहीं कर रहीं? विवाह सलाहकार डॉक्टर कुसुम शर्मा कहती हैं, ‘आज की तारीख में लगभग पचास प्रतिशत शादियों में टकराव की वजह परिवार होता है। कभी लड़के के परिवार वाले हावी हो जाते हैं, तो कभी लड़की के। पति-पत्नी के लिए जरूरी है कि वे दोनों परिवारों को अपने रिश्ते पर हावी होने ना दें। यह समझना जरूरी है कि कुछ रिश्तों को बनाने में वक्त लगता है।‘ दूसरे को सम्मान न देना कुछ महिलाओं और पुरुषों की यह सोच होती है कि यदि कोई हमसे प्यार करता है या हमारा जीवनसाथी है तो उसे हमारी हर बात माननी ही होगी। ऐसे लोग सारे निर्णय स्वयं लेना चाहते हैं और अपने साथी की बात व विचार को सम्मान नहीं देते हैं। इस स्थिति को भले ही कुछ समय के लिए नजरंदाज कर दिया जाए, पर ऐसे रिश्ते ताउम्र नहीं टिक पाते। कुछ समय बात बिखर जाते हैं। दूसरों पर यकीन करें: मां के घर में भी आपने अपने बहन-भाई, दादा-दादी और दूसरे रिश्तेदारों के साथ सामंजस्य बनाया ही होगा। बहनों की भी आपस में लड़ाइयां होती हैं और मनमुटाव भी। ऐसा ही मनमुटाव अगर सास या ननद से हो जाए, तो आप दिल पर क्यों ले लेती हैं? आप अपने किसी भी रिश्ते की तुलना एक-दूसरे से ना करें। सभी रिश्तों पर यकीन करें। आपका यकीन आपको धोखा नहीं देगा। रिश्तों की मजबूती के लिए वक्त चाहिए। आप अगर अपने आपको नहीं खोलेंगी, तो रिश्ते कभी आपके दिल को नहीं छू पाएंगे। खुलकर विचारों का आदान-प्रदान न करनाः किसी भी रिश्ते में विचारों का आदान-प्रदान व दूसरे के विचारों को सम्मान देना बेहद जरूरी होता है। जिन रिश्तों में संवाद की कमी होती है, उनमें अक्सर मतभेद, मनभेद में बदल जाते हैं, परिणामस्वरूप रिश्ता धीरे-धीरे टूटने की कगार पर पहुंच जाता है। व्यवहार से जुड़ी परेशानी कोई भी इंसान ऐसे व्यक्ति के साथ वक्त बिताना नहीं पसंद करता जो जरूरत से ज्यादा गुस्से वाला हो या अत्यधिक शांत रहने वाला हो। ऐसे रिश्ते में विचारों, खुशियों व दुखों का आदान-प्रदान नहीं हो पाता। परिणामस्वरूप साथी कुंठित महसूस करने लगता है। यह कुंठा कुछ समय बाद असहनीय हो जाती है और रिश्ता टूटने का कारण बन जाता है। खुशनुमा रिश्ते के लिए अपने साथी के साथ अपनी भावनाएं, अपने अनुभव, अपनी सोच जरूर साझा करें। रिश्ते में उदासीनता आना अक्सर शादी के कुछ सालों बाद हर रिश्ते में उदासीनता आने लगती है। प्पैसा, घर और गाड़ी पाने की दौड़ में आप रिश्तों की गर्माहट को भूलने लगती हैं। रिश्तों में एक किस्म की प्रतिद्वंद्विता घर करने लगती है। यह वक्त है रिश्तों की ओवर हॉलिंग का। उम्र के इस दौर में आपको भी अपनों का साथ चाहिए। देर नहीं हुई है। आप एक मैसेज करिए, फोन घुमाइए और उन सबको इकट्ठा कीजिए। पहले की तरह मनपसंद खाना और गप्पबाजी के साथ अपने आपको तरोताजा कीजिए। ये वो लोग हैं, जो आपके साथ चलते आए हैं और हमेशा चलेंगे।  

अंतरराष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी प्रवीण महादेव थिप्से की मुख्यमंत्री साय से मुलाकात

रायपुर, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से विगत दिवस राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में भारत के अंतर्राष्ट्रीय शतरंज खिलाड़ी एवं ग्रैंडमास्टर प्रवीण महादेव थिप्से ने सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री साय ने थिप्से की खेल प्रतिभा और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनकी प्रशंसा की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया सहित संघ के अन्य पदाधिकारी  उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि प्रवीण महादेव थिप्से शतरंज में ग्रैंडमास्टर की उपाधि प्राप्त करने वाले खिलाड़ी हैं और राष्ट्रमंडल शतरंज चैंपियनशिप जीतने वाले पहले भारतीय भी हैं। उन्हें अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।

मुख्यमंत्री साय की अध्यक्षता में राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक में हुआ निर्णय

परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को मिलेगी 1 करोड़ की अनुग्रह राशि रायपुर, युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में शहीद  सैनिकों की पत्नी अथवा उनके आश्रितों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि में वृद्धि करते हुए इसे 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके साथ ही युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में विभिन्न वीरता अलंकरण प्राप्त जवानों को दी जाने वाली राशि में भी वृद्धि की गई है। अब परमवीर चक्र प्राप्त वीर जवानों को 40 लाख रुपये की जगह 1 करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाएगी। यह महत्वपूर्ण निर्णय आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सम्पन्न राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक में लिया गया। आज मंत्रालय महानदी भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में सैनिक कल्याण विभाग की 6वीं राज्य सैनिक समिति की बैठक सम्पन्न हुई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए अपना जीवन न्यौछावर करते हैं। हम उनके शौर्य और बलिदान को नमन करते हैं। सरकार भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए सदैव प्रतिबद्ध है। बैठक में शहीदों की वीर नारियों, भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों के लिए राज्य द्वारा संचालित कई कल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री साय ने समिति की छठवीं बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि 140 करोड़ देशवासियों की सुरक्षा में हमारे वीर जवान दिन-रात तत्पर रहते हैं। भारत माँ की सेवा में अपना जीवन अर्पित करने वाले इन वीर सपूतों का कल्याण करना सबका दायित्व और कर्तव्य है। आज की बैठक में भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं और उनके परिजनों के हित में सार्थक चर्चा हुई है। बैठक में लिए गए निर्णयों का लाभ भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों तक सीधे पहुंचेगा। भूतपूर्व सैनिकों की बेहतरी के लिए कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी सदस्यों द्वारा दिए गए हैं, जिन पर सकारात्मक रूप से विचार कर उचित निर्णय लिया जाएगा। बैठक के दौरान भूतपूर्व सैनिकों, विधवाओं एवं उनके आश्रितों के हित में कई महत्वपूर्ण एजेंडा बिंदुओं पर निर्णय लिये गए। इनमें युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में शहीद (बैटल कैजुअल्टी) सैनिकों की पत्नी अथवा आश्रितों को अनुग्रह राशि 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख करना, विभिन्न शौर्य अलंकरण प्राप्त सैनिकों को दी जाने वाली राशि में वृद्धि करना शामिल है। अब परमवीर चक्र प्राप्तकर्ता सैनिक को 40 लाख की जगह 1 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसी प्रकार सैनिकों के माता-पिता को दी जाने वाली जंगी इनाम राशि 5 हजार रुपये प्रतिवर्ष से बढ़ाकर 20 हजार रुपये कर दी गई है। युद्ध तथा सैनिक कार्यवाही में दिव्यांग हुए सैनिकों की अनुदान राशि 10 लाख से बढ़ाकर 30 लाख रुपये कर दी गई है। साथ ही सेवारत सैनिकों, भूतपूर्व सैनिकों एवं विधवाओं को प्रथम भूमि/गृह क्रय करने पर 25 लाख रुपये तक के स्टाम्प शुल्क में छूट देने का निर्णय लिया गया।   इस अवसर पर मुख्य सचिव छत्तीसगढ़ शासन अमिताभ जैन ने मुख्यमंत्री को बालवृक्ष भेंट किया। तत्पश्चात् सैनिक कल्याण संचालनालय छत्तीसगढ़ के संचालक एवं राज्य सैनिक समिति के सचिव ब्रिगेडियर विवेक शर्मा, विशिष्ट सेवा मेडल (से.नि) ने राज्य सैनिक बोर्ड, छत्तीसगढ़ की गतिविधियों की संक्षिप्त जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने 13 जनवरी 2012 को आयोजित पाँचवीं राज्य सैनिक बोर्ड की बैठक की कार्यवाही विवरण पर प्रगति रिपोर्ट दी और 6वीं बैठक में सम्मिलित एजेंडा बिंदुओं पर चर्चा प्रारम्भ की। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, सांसद रायपुर बृजमोहन अग्रवाल, मध्य भारत क्षेत्र के जनरल ऑफिसर कमांडिंग लेफ्टिनेंट जनरल पदम सिंह शेखावत (पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम), अपर मुख्य सचिव गृह विभाग मनोज पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव राहुल भगत, केंद्रीय सैनिक बोर्ड नई दिल्ली के सचिव ब्रिगेडियर डी.एस. बसेरा (विशिष्ट सेवा मेडल), कमांडर छत्तीसगढ़ एवं ओडिशा सब एरिया ब्रिगेडियर तेजिंदर सिंह बावा (सेना मेडल), सचिव वित्त विभाग अंकित आनंद, सचिव सामान्य प्रशासन विभाग अविनाश चंपावत, मेजर जनरल संजय शर्मा (से.नि), विंग कमांडर ए. श्रीनिवास राव (से.नि), विक्रांत सिंह एवं राजेश कुमार पाण्डेय राज्य सैनिक समिति छत्तीसगढ़ के सदस्यगण उपस्थित थे।

आरडीएसएस में पश्चिम मप्र का 79वां सब स्टेशन ऊर्जीकृत

भोपाल ऊर्जा क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजना रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) अंतर्गत पश्चिम मप्र का 79वां सब स्टेशन बड़वानी जिले के कोलकी (सेंधवा) में ऊर्जीकृत किया गया। इस ग्रिड की लागत लगभग दो करोड़ एक लाख रूपए है, इससे करीब दो हजार ग्रामीण घरेलू एवं कृषि क्षेत्र के बिजली उपभोक्ता लाभान्वित होंगे। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने इस उपलब्धि पर बधाई दी है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के प्रबंध निदेशक श्री अनूप कुमार सिंह ने बताया कि आरडीएसएस अंतर्गत कंपनी क्षेत्र में सतत ही ग्रिड तैयार किए जा रहे है, इन्हें समय पर ऊर्जीकृत किया जा रहा हैं, जिससे उपभोक्ताओं को समय पर लाभ मिले। प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि इंदौर जिले में भी 11 एवं उज्जैन जिले में 11 सब स्टेशन तैयार हुए है। मंदसौर, आगर, रतलाम, धार, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा, शाजापुर, आगर, देवास, झाबुआ जिलों में भी 2 से 9 सब-स्टेशन ऊर्जीकृत होकर विद्युत आपूर्ति सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। प्रबंध निदेशक श्री सिंह ने बताया कि आरडीएसएस अंतर्गत इन 5 एमवीए क्षमता के ग्रिडों की स्थापना से कंपनी क्षेत्र मालवा निमाड़ की विद्युत वितरण क्षमता में 395 एमवीए की बढ़ोत्तरी हुई है।  

‘टू मच विद काजोल और ट्विंकल’ का ट्रेलर लॉन्च, शो में सलमान खान और आमिर खान भी होंगे गेस्ट

मुंबई, अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना और काजोल दोनों मिलकर नया शो होस्ट कर रही हैं। इस टॉक शो का नाम है ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’। आज इसका ट्रेलर लॉन्च कर दिया गया। इसके ट्रेलर को देखकर आपको करण जौहर के शो कॉफी विद करण की याद आ जाएगी। ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ में बॉलीवुड स्टार्स की दुनिया और उनकी फिल्मों की बातें होंगी। यहां वो फिल्म और अपने जीवन से जुड़ी कुछ मजेदार घटनाओं के बारे में बताते दिखाई देंगे। इसका ट्रेलर शेयर करते हुए मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर लिखा, “कोई स्क्रिप्ट नहीं, कोई फिल्टर नहीं, वे बस बहुत मजे कर रहे हैं। नया टॉक शो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ 25 सितंबर से प्राइम वीडियो पर देखें।” इसके ट्रेलर में काजोल और ट्विंकल खन्ना का एक अलग ही अंदाज देखने को मिल रहा है। दोनों अपने गेस्ट से मजेदार सवाल पूछती दिख रही हैं, जैसे कि सलमान खान से पूछा जाता है, “आप शो का प्रचार कैसे करेंगे?” तो सलमान खान ‘ट्विंकल-ट्विंकल लिटिल स्टार’ कविता गाने लगते हैं। ट्रेलर में आमिर खान भी दिखाई दिए हैं। आमिर और सलमान खान साथ में गेस्ट बनकर यहां आए और कुछ मजेदार गेम्स खेलते दिखाई दिए। इसके ट्रेलर में सलमान और आमिर की भाई वाली केमिस्ट्री दिखाई दी और करण और जाह्नवी की मजेदार नोकझोंक दिखाई दी। ट्रेलर में गोविंदा और चंकी पांडे का कॉमिक अंदाज भी नजर आ रहा है। इसका ट्रेलर दर्शकों को उनके पसंदीदा स्टार्स की दुनिया की एक झलक देता है। इसमें मस्ती, यादगार पल और मसालेदार गॉसिप-लिंक-अप की बातें होंगी। काजोल ने इस शो के लॉन्च के मौके पर कहा था कि यह शो उनके लिए दोस्तों से मिलने जैसा था, लेकिन दर्शकों के लिए यह अपने पसंदीदा सितारों को एक ऐसे तरीके से देखने का, उनको करीब से जानने का मौका होगा। शो की गेस्ट लिस्ट में सलमान खान, आमिर खान, अक्षय कुमार, आलिया भट्ट, वरुण धवन, करण जौहर, कृति सेनन, विक्की कौशल, गोविंदा, जाह्नवी कपूर और कई बड़े बॉलीवुड स्टार्स शामिल हैं। इस शो का प्रीमियर 25 सितंबर को प्राइम वीडियो पर होगा। हर गुरुवार को इसका नया एपिसोड जारी किया जाएगा।