samacharsecretary.com

नया बिजली कनेक्‍शन लेने सरल संयोजन पोर्टल से करें ऑनलाइन आवेदन

निर्धारित समयावधि में 4 लाख से अधिक उपभोक्‍ताओं को मिले नये बिजली कनेक्शन भोपाल  मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा कंपनी कार्यक्षेत्र के सभी श्रेणी के उपभोक्‍ताओं के लिये सरल और सुविधाजनक तरीके से त्‍वरित नवीन बिजली कनेक्‍शन प्रदान किए जा रहे हैं। इसके लिए उपभोक्‍ताओं को सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से आवेदन करते ही निर्धारित समयावधि में घर बैठे ही नवीन कनेक्‍शन उपलब्‍ध कराये जा रहे हैं।   गौरतलब है कि कंपनी द्वारा विगत जुलाई 2023 से शुरू किये गये ऑनलाइन सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से अब तक भोपाल शहर में 60 हजार से अधिक नए कनेक्‍शन प्रदान किए जा चुके हैं। पूरे कंपनी कार्यक्षेत्र में 4 लाख से अधिक नए कनेक्‍शन सरल संयोजन पोर्टल के माध्‍यम से सफलतापूर्वक प्रदान किये गए हैं। इनमें 10 किलोवॉट तक के अस्थायी कनेक्शन भी शामिल हैं।   मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री क्षितिज सिंघल ने बताया है कि कंपनी के सरल संयोजन पोर्टल पर आवेदन करते ही निर्धारित समयावधि में तत्काल नया बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है। नये कनेक्‍शन लेने के लिये उपभोक्‍ताओं को बिजली कंपनी के पोर्टल https://saralsanyojan.mpcz.in:8888/home अथवा UPAY एप पर जाकर जरूरी दस्‍तावेज अपलोड कर समस्‍त औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए निर्धारित शुल्‍क का ऑनलाइन भुगतान करना होगा। आवेदक द्वारा विधिवत ऑनलाइन आवेदन और भुगतान प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत बिजली कंपनी द्वारा सर्वे एवं अन्‍य औपचारिकताएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कर उपभोक्ता के परिसर में नया कनेक्शन उपलब्‍ध करा दिया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने दी विशेष गहन/संक्षिप्त पुनरीक्षण के संबंध में दी जानकारी

मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक संपन्न भोपाल  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राज्‍य में शीघ्र ही होने वाले निर्वाचक नामावली के गहन/संक्षिप्त पुनरीक्षण की तैयारी के संबंध में आज भोपाल में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मध्‍यप्रदेश की सामान्‍य जानकारी से अवगत कराते हुए निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण के बारे में जानकारी दी गई। प्रतिनिधियों को निर्वाचक नामावली से संबंधित संवैधानिक प्रावधानों एवं भारत की नागरिकता होने बावत प्रावधानों से अवगत कराया। साथ ही मुख्‍य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट ceomadhyapradesh.nic.in पर वर्ष 2003 की निर्वाचक नामावली पीडीएफ एवं सर्च सुविधा सहित तथा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया एवं enumeration form से भी अवगत कराया गया। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता की सीमा निर्धारित होने के फलस्‍वरूप करीब 8 हजार से अधिक मतदान केंद्र बढ़ाए जाने की जानकारी दी गई। मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा गया है कि वे प्रत्येक जिले में जिला स्तर पर पार्टी द्वारा नियुक्त अध्यक्ष/सचिव/संयोजक का नाम, पदनाम, मोबाइल नम्बर, ई-मेल की जानकारी कार्यालय को प्रस्‍तुत करें। आयोग द्वारा नवीन निर्धारित फार्मेट अनुसार BLA-2 (प्रत्येक मतदान केन्द्र के लिए) नियुक्ति कर जानकारी सॉफ्ट कॉपी एवं हार्ड कॉपी में मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की वेबसाइट पर प्रदर्शन के लिए उपलब्ध कराने के लिए कहा गया। बैठक में आगामी पुनरीक्षण कार्यो में BLA-2 की सहभागिता सुनिश्चित करने संबंधी एजेंडा पर भी चर्चा की गई। बैठक में विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी रहे उपस्थ्ति भारतीय जनता पार्टी से विधायक एवं प्रदेश महामंत्री श्री भगवानदास सबनानी, श्री एसएस उप्‍पल, प्रदेश संयोजक चुनाव आयोग, इंडियन नेशनल कांग्रेस से श्री जेपी धनोपिया एवं श्री ललित सेन, आम आदमी पार्टी से श्री सीपी सिंह चौहान जिला अध्‍यक्ष एवं सुश्री रीना सक्‍सेना, प्रदेश संयुक्‍त सचिव, बहुजन समाज पार्टी से श्री शिशुपाल मौजूद रहे।  

बस चालक पर गिरी गाज: मंत्री विज के आदेश पर निलंबन और जांच शुरू

सिरसा  सिरसा जिले के गांव काशी का बास के निकट हुए भयानक सड़क हादसे के बाद हरियाणा रोडवेज की गठित जांच कमेटी ने बुधवार को अपनी रिपोर्ट सौंप दी है और बस चालक को दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई 3 लोगों की मौत के बाद हुई है। अधिकारियों ने बताया कि इस दुर्घटना में 3 महिलाओं मौत और 7 लोग घायल हुए थे।  रोडवेज के जनरल मैनेजर नवनीत कुमार ने कहा कि रिपोर्ट को सौंप दी गई है और विभागीय जांच अभी जारी है। पुलिस ने घटनालेख में पहले ही एक चालक को गिरफ्तार कर लिया था और उसकी गिरफ्तारी से जुड़े तथ्यों की भी पड़ताल चल रही है। घायल लोगों का इलाज जारी है।   बता दें कि बीती 13 सितंबर को हनुमानगढ़ रोड पर हरियाणा रोडवेज की बस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 3 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हो गए। घटना के बाद परिवहन मंत्री अनिल विज ने कड़ा संज्ञान लेते हुए हादसे की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए थे।

सस्टेनेबल कोल्ड चेन सिस्टम्स फॉर विज़न-2047 पर राज्य स्तरीय कार्यशाला

भोपाल  अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान, भोपाल, राज्य नीति आयोग, मध्यप्रदेश एवं भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में ‘सस्टेनेबल कोल्ड चेन सिस्टम्स फ़ॉर विजन 2047’ विषय पर राज्य स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में मत्स्य, किसान कल्याण तथा कृषि विकास, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, सूक्ष्म, लघु, मध्यम उद्यम, राज्य आजीविका मिशन, ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड और इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट, भोपाल द्वारा सक्रिय सहभागिता की गयी। कार्यशाला का प्रमुख उद्देश्य राज्य में कृषि, मत्स्य, उद्यानिकी एवं वे सभी खाद्य उत्पाद एवं पदार्थों, जिनके परिवहन में कोल्ड चेन की आवश्यकता होती है, उन उत्पादों के सस्ते, सुचारु एवं टिकाऊ कोल्ड चेन समाधानों पर परिचर्चा करना तथा राज्य में इस कार्य के लिये भविष्य में की जाने वाली योजनाओ पर विचार मंथन कर शासन को सुझाव देना है। उद्घाटन सत्र में अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान संचालक श्री ऋषि गर्ग (IAS) एवं राज्य नीति आयोग के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबोधित किया। उन्होंने राज्य में सस्ते, टिकाऊ कोल्ड चेन तंत्र की आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला। कार्यशाला के प्रथम सत्र में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर के प्रो. शिव कुमार एवं श्री कपिल भारती द्वारा कोल्ड चेन के प्रबंधन के लिये नवीन विकसित यंत्र फ़ेस चेंज मटेरियल पर आधारित “कोल्ड चेन बॉक्स” का प्रदर्शन, विस्तृत प्रस्तुति कर उसकी उपयोगिता विषय पर जानकारी दी। सलाहकार, इंटरनेशनल फाइनेंस कॉर्पोरेशन श्री हेमेंद्र माथुर ने नवीन कृषि प्रौद्योगिकी एवं नवाचारों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिये राज्य में किसान मेला, कृषि विज्ञान केंद्र, किसानों के लिए प्रमाणिक डिजिटल कंटेंट की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने पोस्ट हार्वेस्ट फसल नुक़सान को कम करने के साथ कोल्ड चेन के विभिन्न समाधानों पर राज्य स्तरीय संगोष्ठी पर विशेष बल दिया। कार्यक्रम में शासन द्वारा संचालित योजनाओं में संभावित समायोजन के लिये नीतिगत बदलावों एवं अवसर पर विस्तृत चर्चा की गई। इस सत्र का संचालन भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, इंदौर के प्रो. पवन ने किया। दूसरे एवं अंतिम सत्र में विभिन विभागों द्वारा अभिसरण की सम्भावनाओं एवं नीतिगत चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की गई। इस सत्र का संचालन भारतीय वन प्रबंध संस्थान, भोपाल के प्रो. योगेश दुबे ने किया। कार्यशाला में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, कानपुर द्वारा कोल्ड चेन के प्रबंधन के लिये विकसित यंत्र फ़ेस चेंज मटेरियल पर आधारित “कोल्ड चेन बॉक्स” का प्रदर्शन किया गया।  

मुख्यमंत्री ने कटनी जिले को दी लगभग 233 करोड़ लागत के विकास कार्यों की सौगात

अब कटनी बनेगा कनकपुरी माइनिंग सेक्टर में आया 56 हजार करोड़ का निवेश बड़वारा से सांदीपनि विद्यालयों सहित विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया भोपाल मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश के हर क्षेत्र में विकास की गंगा बह रही है। बदलते दौर में दुनिया के मंचों पर श्री मोदी का सम्मान प्रत्येक देशवासी का सम्मान है। देश तीसरी सबसे सशक्त अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अपने 75 वें जन्मदिवस पर बुधवार को जनजातीय अंचल धार में पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास कर मध्यप्रदेशवासियों को अनुपम सौगात दी है। इससे 6 लाख कपास उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिलेगा। लगभग 3 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इसी क्रम में आज कटनी के जनजातीय क्षेत्र को 233 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों की सौगात मिल रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने जीवन का एक-एक दिन देशवासियों की सेवा को समर्पित कर दिया है। उनके जन्मदिवस के उपलक्ष्य में आगामी 2 अक्टूबर तक देशभर में सेवा पखवाड़ा चल रहा है। प्रदेश की सभी माताएं-बहनें अपने लिए थोड़ा समय निकालें और स्वास्थ्य शिविरों में अपनी जांच कराएं। यहां महंगी से महंगी जांच, दवाएं और इलाज नि:शुल्क होगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव गुरुवार को कटनी के बड़वारा में विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार औद्योगीकरण को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। पिछले दिनों माइनिंग कॉन्क्लेव के माध्यम से कटनी जिले में 56 हजार करोड़ रुपए का निवेश आया है। यहां व्यापार-व्यवसाय की संभावनाएं बन रही है, जिससे गरीब, युवा और किसानों की जिंदगी बदलेगी। कटनी में कोयला, लाइमस्टोन और क्रिटिकल मिनरल्स का भंडार है। अब तो यहां सोना भी मिलने वाला है। कटनी कनकपुरी बनेगा। साथ ही प्रदेश और देश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पन्ना में हीरा तो पहले ही मिल रहा है। यह पूरा क्षेत्र विकास की नई इबारत लिखेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि राज्य सरकार ने पीपीपी मॉडल पर प्रदेश में 4 नए मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए स्वीकृति दी है, इनमें से एक कटनी में बनेगा और शीघ्र ही जिले को मेडिकल कॉलेज की सौगात भी मिलेगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि एक गरीब परिवार से निकला व्यक्ति देश का प्रधानमंत्री बना है। प्रधानमंत्री श्री मोदी गरीबों की परेशानी को अच्छी तरह समझते हैं। राजा श्रीराम के शासन में गरीबों को नि:शुल्क राशन बांटा जाता था वैसे ही आज प्रधानमंत्री श्री मोदी देशभर के 85 करोड़ जरूरतमंदों को कोरोनाकाल से राशन उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने गरीबों के लिए पक्के मकान बनवाए, एलपीजी कनेक्शन दिए और शौचालय बनवाए हैं। यह सरकार के गरीब और महिला कल्याण का उदाहरण है। कटनी में दो सांदीपनि विद्यालयों का हुआ लोकार्पण मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कटनी में 2 सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण कर विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सांदीपनि विद्यालयों के भवन और सुविधाएं देखकर प्राइवेट स्कूल वाले भी दंग रह जाते हैं। देश के किसी राज्य में इतने अच्छे स्कूल नहीं बने जैसे सांदीपनि विद्यालय मध्यप्रदेश में बने हैं। पहले स्कूलों में बुनियादी सुविधाओं की कल्पना करना भी मुश्किल था, अब बड़वारा में दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों की तरह स्कूल बनकर तैयार हो चुका है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि विद्यार्थी सांदीपनि आश्रम से शुरू हुई भगवान श्रीकृष्ण-सुदामा की मित्रता का अनुसरण करें। मुख्यगमंत्री डॉ. यादव ने क्षेत्रीय मांग पर दतला एवं सागौना जलाशय नहर के मरम्मत एवं गहरीकरण, बेलकुंड नदी पर स्थित गर्रा घाट पुल की ऊँचाई बढ़ाने के साथ ही खरहटा महानदी के जल लिफ्ट इरीगेशन के कार्यों को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं में हितलाभ वितरित किये। उन्होंने कहा कि कटनी की जनता अपनी क्षमता और योग्यता के बल पर आगे बढ़े और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में अपना योगदान दें। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने छोटे दुकानदार और व्यापारियों को प्रोत्साहन देने का नागरिकों से आहवान किया। उन्होंने भारत को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए स्वदेशी को बढ़ावा देने की आवश्यकता है। देश का पैसा देश में रहे, इसके लिए नवरात्रि, दशहरा, दिवाली की खरीदारी में स्वदेशी को अपनाएं। बदलते दौर में भारत को विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनाना है। उन्होंने कहा कि माताएं-बहनें नवदुर्गा के समान हैं। राज्य सरकार लाड़ली बहनों को दीपावली के बाद हर महीने 1500 रुपए राशि देगी। धीरे-धीरे इसे 3000 तक लेकर जाएंगे। राज्य सरकार टॉपर बच्चों को स्कूटी और बोर्ड परीक्षा में 75 प्रतिशत अंक लाने पर लैपटॉप दे रही है। स्कूल शिक्षा एवं प्रभारी मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि आज बड़वारा को बच्चों के स्वर्णिम भविष्य के लिए सांदीपनि स्कूल का तोहफा मिला है। कटनी में राज्य सरकार ने माइनिंग कॉन्क्लेव भी हुई थी, जिसके माध्यम से युवाओं के लिए रोजगार के अनेक अवसर सृजित होंगे। सांसद श्रीमती हिमाद्री सिंह, विधायक श्री धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विधायक श्री संजय पाठक, श्री संदीप जायवाल, श्री धीरेन्द्र सिंह, महापौर श्रीमती प्रीति सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता मेहरा सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।  

सेवा पखवाड़े में मंत्री टेटवाल ने सारंगपुर में चलाया सफाई अभियान

सारंगपुर को स्वच्छता में नंबर वन बनाएंगे : मंत्री गौतम भोपाल सारंगपुर में सेवा पखवाड़े के अंतर्गत गुरुवार को व्यापक सफाई अभियान का आयोजन किया गया। कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने स्वयं सफाई कर नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान नहीं बल्कि हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। जब तक प्रत्येक नागरिक व्यक्तिगत स्तर पर जिम्मेदारी नहीं निभाएगा, तब तक किसी भी शहर को स्वच्छता में अग्रणी नहीं बनाया जा सकता। मंत्री श्री गौतम टेटवाल ने कहा कि सारंगपुर को स्वच्छता में नंबर वन स्थान दिलाना हम सबका संकल्प होना चाहिए। इसके लिए आवश्यक है कि हम न केवल अपने घरों और आस-पास की सफाई रखें, बल्कि सार्वजनिक स्थानों को भी स्वच्छ बनाए रखने में योगदान दें। उन्होंने अपील की कि नगर, गली और मोहल्ले को गंदा न करें तथा जहां गंदगी दिखे, उसे तत्काल साफ करने की आदत विकसित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण से स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों सुरक्षित रहते हैं। गंदगी से बीमारियां फैलती हैं, वहीं स्वच्छता से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और विकास की भावना उत्पन्न होती है। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि नगरवासियों को इस दिशा में सजग रहकर आगे आना चाहिए ताकि सारंगपुर प्रदेश के स्वच्छ नगरों में शामिल हो सके। इस अवसर पर नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी और समाजसेवी भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मंदिर परिसर और सार्वजनिक स्थानों की सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।  

पाकिस्तान का अरब नाटो प्लान धड़ाम, भारत ने हासिल की बड़ी कूटनीतिक सफलता

कतर  कतर पर इजरायल के हमले के बाद मुस्लिम दुनिया में गुस्से का माहौल बना। अरब लीग और इस्लामी सहयोग संगठन (OIC) ने तुरंत आपात बैठकें बुलाईं और इजरायल की निंदा करते हुए कतर के साथ एकजुटता जताई। लेकिन  कार्रवाई के नाम पर केवल बयानबाजी देखने को मिली। अरब देशों की "नाटो" योजना  धड़ाम  बैठक में कुछ देशों ने इज़रायल के खिलाफ सैन्य मोर्चा खोलने और "अरब नाटो" गठित करने का सुझाव दिया।  पाकिस्तान ने इस विचार को जमकर हवा दी, लेकिन कतर और अन्य खाड़ी देशों की अनिच्छा से योजना ठंडे बस्ते में चली गई।अंत में 50 देशों का संयुक्त बयान केवल औपचारिक निंदा  तक सिमट गया। विशेषज्ञों का तंज- कहां गया दम? विशेषज्ञों ने कहा कि 1973 के युद्ध में अरब देशों ने  तेल निर्यात रोककर अमेरिका-इज़रायल पर दबाव बनाया था, जिससे युद्धविराम जल्दी संभव हुआ।आज जबकि ग़ाज़ा में मौतों का आंकड़ा  65,000  से ऊपर जा चुका है और संयुक्त राष्ट्र तक नरसंहार की चेतावनी दे रहा है, मुस्लिम देशों की चुप्पी उनकी  कमजोरी  उजागर करती है। पाकिस्तान की चाल फेल पाकिस्तान ने इस संकट को अवसर बनाने की कोशिश की। पीएम शहबाज शरीफ और विदेश मंत्री इशाक डार कतर पहुंचे और इजरायल विरोधी माहौल बनाने की कोशिश की। "अरब नाटो" के जरिए पाकिस्तान भारत के खिलाफ एक सुरक्षा कवच  चाहता था। मगर मुस्लिम देशों की बेरुख़ी ने पाकिस्तान की सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। भारत की कूटनीतिक जीत अरब नाटो का न बनना भारत के लिए बड़ी कूटनीतिक जीत मानी जा रही है। अगर यह सैन्य गठबंधन बनता तो भारत अरब देशों के साथ अपने व्यापारिक रिश्ते और इज़रायल के साथ रक्षा साझेदारी के बीच फँस जाता। पाकिस्तान को भी भारत पर दबाव बनाने का मौका मिल जाता। मगर फिलहाल हालात ऐसे हैं कि भारत बिना कोई कदम उठाए ही मज़बूत स्थिति में है और पाकिस्तान की चाल नाकाम हो गई है।

स्व. श्री रमाकांत तिवारी सुचिता के प्रतीक थे : उप मुख्यमंत्री शुक्ल

पूर्व मंत्री स्व. श्री तिवारी की पुण्यतिथि कार्यक्रम में हुए शामिल भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि स्वर्गीय श्री रमाकांत तिवारी सुचिता के प्रतीक थे। वह एक आदर्श नेता, जुझारू व्यक्ति के साथ जन-जन के हितैषी थे। उप मुख्यमंत्री ने चाकघाट में पूर्व मंत्री श्री रमाकांत तिवारी के पुण्यतिथि कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि श्री तिवारी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ बज्र के समान कठोर थे पर दीन दुखिओं की मदद के लिए फूल से भी ज्यादा कोमल थे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि स्वर्गीय श्री तिवारी ने सुचिता की राजनीति की। समाज के अंतिम छोर के व्यक्ति को मदद मिले यही उनका उद्देश्य था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को वरदान बनाने के लिए प्रलोभन से दूर रहकर राजनीति करनी चाहिए तभी निर्भय होकर कार्य किया जा सकता है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी एवं प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी सुचिता के राजनीति के प्रेरणा स्त्रोत हैं। स्वर्गीय श्री रमाकांत तिवारी ने भी इसी राह पर चलकर दीन दुखिओं की सेवा की थी। उनको सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि उनके द्वारा स्थापित आदर्शों का अनुसरण किया जाय। हम सब स्वर्गीय श्री तिवारी को स्मरण करने के लिए प्रतिवर्ष कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे और उनके बताये रास्ते पर चलने का संकल्प लेगें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने स्वर्गीय श्री तिवारी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। सांसद श्री जनार्दन मिश्र, विधायक मनगवां इंजी. नरेन्द्र प्रजापति सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, आयोजक श्री कौशलेश तिवारी सहित स्थानीय जन उपस्थित रहे।  

शारिक साठा के खिलाफ लुक आउट नोटिस, संभल हिंसा मामले में विदेश भागने की आशंका

संभल  संभल में जामा मस्जिद के सर्वे के विरोध में हुई हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा पर पुलिस ने शिकंजा कसा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए लुकआउट नोटिस जारी किया गया है। 2020 में फर्जी पासपोर्ट बनवाकर दुबई भाग गया था। हिंसा में चार लोगों की हत्या में पुलिस को उसकी तलाश है। पुलिस उसके गुर्गों को गिरफ्तार कर चुकी है। साठा दुबई में बैठकर वाहन चोरी करा रहा था। मूल रूप से संभल के रहने वाले साठा का 2016 में संभल के पते पर भी एक पासपोर्ट बना था। पुलिस उसके गुर्गे गुलाम और मुल्ला अफरोज को हिंसा भड़काने के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने अपने बास (शारिक साठा) के कहने पर फायरिंग और आगजनी करना स्वीकार किया है। साठा के बारे में पुलिस गुर्गों के अलावा उसकी पत्नी रोशन से भी पूछताछ कर चुकी है। सभी विभिन्न एप के माध्यम से उसके संपर्क में मिले हैं। पता चला है कि साठा दुबई में बैठकर ही अपने गुर्गों के माध्यम से लग्जरी वाहनों की चोरी और बिक्री करा रहा था। संभल में कई बार चोरी के बडी संख्या में वाहन पकड़े गए।

भारी ट्रैफिक जाम से बेहाल हुए लोग, इंदौर-देवास रोड पर रेंगते रहे वाहन

इंदौर इंदौर देवास बायपास पर तीन माह में तीसरी बार ट्रैफिक जाम लगा। इस वजह से चार घंटे तक वाहन चालक परेशान होते रहे। गुरुवार को अर्जुन बड़ौद के पास एक ट्राला अचानक बीच सड़क पर खराब हो गया। ट्राला खराब होते ही पूरे रास्ते पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोग घंटों तक परेशान होते रहे। खराब ट्राला हटाने का प्रयास किया गया। इसी दौरान पीछे से आते वाहनों की भीड़ बढ़ती गई और तीन से चार किमी तक ट्रैफिक प्रभावित रहा। प्लेट तोड़ने से रोकता रहा ड्राइवर बायपास पर वाहन खराब होने की स्थिति में एनएचएआई को व्यवस्था करना होती है। वहां क्रेन व अन्य वाहन रखने पड़ते है। मगर गुरुवार को खराब ट्राले को हटाने में काफी समय लग गया। ट्राले खराब होने से वह एक इंच भी आगे बढ़ा। एनएचएआई ने ट्राले की प्लेट तोड़ने का कहा तो ड्राइवर ने मना कर दिया। अधिकारियों ने समझाया और जाम लगाने का हवाला दिया। उसके बाद ट्राले की प्लेट तोड़ी और निर्माण स्थल पर खड़े अन्य वाहन की मदद से ट्राले को सड़क किनारे पर खड़ा किया जा सका। इस काम में डेढ़ से दो घंटे का समय लगा। बायपास पर वाहन तीन घंटे तक जाम की स्थिति बनी। दोपहर तीन बजे यातायात सामान्य हुआ।   अधिकारियों ने संभाली व्यवस्था अर्जुन बड़ौद पर जाम लगाने के बाद एनएचएआई के साथ ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मैदान संभाला। इस दौरान इंदौर से देवास जाने वाले वाहनों को डायवर्ट किया गया। डाकच्या पार करते ही वाहनों जयपुरिया इंस्टिट्यूट मार्ग पर मोड़ दिया। गांव होते हुए वाहनों क्षिप्रा तक पहुंचे। उसके बाद वाहनों बायपास पर आए। एक तरफ का ट्रैफिक दोपहर तीन बजे तक सामान्य हो चुका था, लेकिन देवास से इंदौर आने वाले मार्ग पर वाहनों की कतारें लगी। यहां शाम साढ़े चार बजे तक ट्रैफिक रेंगते रहा। जर्जर है सर्विस लेन बायपासस के अर्जुन बड़ौद पर फ्लाइओवर का निर्माण कार्य इन दिनों परेशानी का कारण बना है, क्योंकि फ्लाइओवर के लिए वाहनों को डायवर्ड कर रखा है। सर्विस लेन से वाहनों को निकाला जा रहा है, लेकिन उसकी स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। यहां से वाहन को निकलने में दिक्कतें आती है। बुधवार को हुई बारसात ने भी हालात बिगड़ा दिए है। गुरुवार को अर्जुन बड़ौद पर हुए इस जाम ने एक बार फिर बायपास की बदहाल व्यवस्था को उजागर कर दिया। लोगों ने मांग की है कि खराब सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द हो और ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त की जाए ताकि रोजाना जाम की समस्या से राहत मिल सके।