samacharsecretary.com

आज का राशिफल: कुछ राशियों पर बरसेगी किस्मत, तो कुछ को करना होगा संभलकर काम

मेष राशि- आज आपका दिन जोश और उत्साह से भरा रहेगा। आपने जिन नये प्रोजेक्ट्स पर सोचा था, उनमें कुछ शुरुआत दिख सकती है। कामकाज के मोर्चे पर चुनौतियाँ तो होंगी, पर आपकी ऊर्जा और दृढ़ निश्चय उन्हें पार कर लेगी। वित्तीय दृष्टि से छोटी-छोटी आय के स्रोत सक्रिय रहेंगे, लेकिन बड़े निवेश में सतर्कता रखें। प्रेम जीवन में संवाद की भूमिका बढ़ेगी। खुली बातों से रिश्ते में सामंजस्य बनेगा। स्वास्थ्य की ओर ध्यान देना जरूरी है। थकान या हल्की परेशानी हो सकती है। आज सावधानी और संतुलन दोनों साथ रखें। वृषभ राशि- आज आपके पारिवारिक और घरेलू मामले आपको चिंतित कर सकते हैं। घर के सदस्यों से मेलजोल बढ़ाना आवश्यक होगा। कामकाज में निरंतरता बनाए रखें। नौकरी या व्यापार में जो बाधाएँ आई हों, उन्हें धैर्य और बुद्धि से सुलझाएँ। आर्थिक पक्ष थोड़ा स्थिर रहेगा। कुछ अनपेक्षित खर्च हो सकते हैं, इसलिए बजट पर ध्यान दें। जो लोग निवेश की योजना बना रहे थे, उन्हें आज थोड़ा रुकना चाहिए। प्रेम में हल्के मनमुटाव हो सकते हैं, लेकिन समझौता संभव है। स्वास्थ्य के लिए नियमित दिनचर्या फायदेमंद रहेगी। मिथुन राशि- आज आपकी संचार शक्ति और बुद्धि दोनों साथ देंगे। नए विचार मन में आएंगे और आप उन्हें आगे बढ़ा सकते हैं। व्यापार या कामकाज में नई पहल सफल हो सकती है। सुनने और समझने की क्षमता आपको लोगों से जोड़ने में मदद करेगी। धन लाभ के मौके भी सामने आएंगे, लेकिन जांच पड़ताल अवश्य करें। प्रेम जीवन में रोमांच रहेगा। नए झगड़े नहीं, बल्कि मीठी बहसें होंगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, हल्की थकावट हो सकती है। आज अपने विचारों को साझा करने में पीछे न हटें। कर्क राशि- आज आपके अंदर शांत रहने की प्रवृत्ति बढ़ेगी। घर और मन दोनों जगह आपको शांति चाहिए। कार्यक्षेत्र में कुछ बाधाएं आ सकती हैं। इनका सामना धैर्य से करें। आर्थिक दृष्टि से, कुछ योजनाएँ अटक सकती हैं; अनियोजनित खर्चों से बचें। प्रेम संबंधों में भावनात्मक असमंजस हो सकता है। एक-दूसरे को समझने की कोशिश करें। स्वास्थ्य की दृष्टि से मानसिक तनाव से सावधान रहना है। ध्यान, योग या मेडिटेशन लाभ देगा। आज अपनी आंतरिक शक्ति को पहचानें और उसे शांतिपूर्वक प्रयोग करें। सिंह राशि- आज आपका आत्मविश्वास ऊंचा रहेगा। कामकाज में आपकी नेतृत्व क्षमता सामने आएगी। आपको सम्मान और मान-सम्मान मिलने की संभावना है। आर्थिक मोर्चे पर कुछ लाभदायक अवसर हाथ आ सकते हैं — उन्हें समय रहते पहचानें और उपयोग करें। प्रेम जीवन में आकर्षण बना रहेगा, लेकिन अहंकार से दूरी रखें। स्वास्थ्य की दृष्टि से ऊर्जा बनी रहेगी, पर अधिक थकावट से बचें। आज असावधानी से चोट लग सकती है, तो सावधानी बरतें। कन्या राशि– आज आप अपने काम में अधिक सावधानी और तप देना चाहेंगे। छोटी-छोटी गलतियाँ बड़ा असर डाल सकती हैं। इस लिए काम को दुबारा चेक करें। आर्थिक स्थिति सामान्य रहेगी, लेकिन अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखें। व्यापार या नौकरी में आपके अनुरूप अवसर दिख सकते हैं। प्रेम संबंधों में कम-उच्च संवाद रहेगा। जरूरत हो तो क्षमा भाव रखें। स्वास्थ्य अच्छा रहेगा, लेकिन पेट या पाचन से संबंधित समस्या हो सकती है। हल्का और पौष्टिक आहार लें। तुला राशि– आपका आज का दिन संतुलन और सौम्यता वाला रहेगा। सामाजिक संबंधों में आपको लाभ होगा। लोग आपकी राय सुनना चाहेंगे। कामकाज में सहयोगी मिलेंगे और बारीकियों पर ध्यान देने से सफलता संभव है। आर्थिक मोर्चे पर अच्छी गति बनी हुई है, लेकिन निवेशों में जल्दबाजी से बचें। प्रेम जीवन में रोमांच और मृदु भाव दोनों मिलेंगे। अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करें। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, हल्की-फुलकी सैर लाभदायक है। वृश्चिक राशि- आज आप गहरे विचारों में डूब सकते हैं। काम में एकाग्रता ज़रूरी होगी। चुनौतियाँ आएंगी, लेकिन अंत में आप वहाँ सफल होंगे। आर्थिक मामले में कुछ अनिश्चितता हो सकती है। जोखिम लेने से पहले सोच लें। प्रेम जीवन में भावनाएं तीव्र हों सकती हैं। नकारात्मकता से बचें और शांतिपूर्वक बात करें। स्वास्थ्य की दृष्टि से मन और मस्तिष्क को शांत रखने की जरूरत है। तनाव न लें। आज अपने आत्मविश्वास और सूझ-बूझ पर भरोसा रखें। धनु राशि- आज आपका दायरा विस्तृत हो सकता है। यात्रा, अध्ययन या किसी नई योजना की शुरुआत हो सकती है। आपके अंदर उत्साह होगा और जोखिम लेने की प्रवृत्ति बढ़ेगी। आर्थिक मोर्चे पर अतिरिक्त स्रोत मिल सकते हैं, पर उन्हें अच्छी तरह जांच लें। प्रेम जीवन में हल्की मतभेद हो सकते हैं, लेकिन आप समझौता करने में सक्षम रहेंगे। स्वास्थ्य की दृष्टि से सक्रियता बनी रहेगी, पर नियंत्रण न रखने पर थकान हो सकती है। आज की चुनौतियां आपकी वृद्धि का साधन बनेंगी। मकर राशि- आपका आज का दिन व्यवस्थित रहेगा। कामकाज में आप योजनाबद्ध तरीके से आगे बढ़ेंगे। आपके प्रयासों का परिणाम दिखाई देने लगेगा। आर्थिक दृष्टि से स्थिरता बनी रहेगी, और यदि आपने कोई निवेश या कोई बड़ा निर्णय स्थगित किया था, अब उस पर विचार कर सकते हैं। प्रेम जीवन में स्थिरता रहेगी। बढ़ती समझ आपके रिश्तों को मजबूती देगी। स्वास्थ्य की दृष्टि से हड्डियों, जोड़ या पीठ संबंधी दर्द हो सकता है। व्यायाम और स्ट्रेचिंग करें। कुंभ राशि- आज आपकी सोच क्रिएटिव और इनोवेटिव होगी। आप सामान्य से हटकर काम करना चाहेंगे। कामकाज में नए विचार सफल हो सकते हैं, यदि उन्हें सही समय पर प्रस्तुत करें। आर्थिक रूप से अवसर मिलेंगे, पर उनका चयन सोच-समझकर करें। प्रेम जीवन में दोस्ती की झलक मिलेगी। पहले दोस्त बनें, फिर आगे बढ़ें। स्वास्थ्य की दृष्टि से मानसिक थकान हो सकती है। विश्राम और नींद ठीक रखें। आज आपका प्रयोग और अन्वेषण लाभदायक रहेगा। मीन राशि- आज आपका संवेदनशील पक्ष सक्रिय रहेगा। आपकी अंतःदृष्टि आपको सही दिशा दिखाएगी। कामकाज में आपकी संवेदनशीलता और समझदारी लाभदायक होगी। आर्थिक रूप से आपको नए स्रोतों की जानकारी मिल सकती है, पर जल्दबाजी न करें। प्रेम जीवन में रोमांटिक भावनाएँ उभरेंगी। साथी को समय दें। स्वास्थ्य की दृष्टि से मानसिक शांति जरूरी है। आज आपका मन शांत और रचनात्मक बने रहने की संभावना है।

पीएम मोदी का टीम इंडिया को संदेश सोशल मीडिया पर छाया, मिले करोड़ों व्यूज

नई दिल्ली टीम इंडिया को एशिया कप में ऐतिहासिक जीत मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए बधाई दी। पीएम मोदी का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। कुछ ही मिनटों के अंदर के इस पोस्ट पर लाखों यूजर्स ने प्रतिक्रियाएं दी। बता दें कि टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल मैच में पाकिस्तान को पांच विकेट से शिकस्त दी। टीम इंडिया के 9वीं बार एशिया कप जीतने के कुछ ही मिनट बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बधाई दी। पीएम मोदी ने एक्स पोस्ट में लिखा, "खेल के मैदान पर ऑपरेशन सिंदूर, परिणाम वही- भारत की जीत! हमारे क्रिकेटरों को बधाई।" रविवार को खेले गए खिताबी मुकाबले में पाकिस्तानी टीम 19.1 ओवरों में महज 146 रनों पर सिमट गई थी। पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने सर्वाधिक 57 रन बनाए, जबकि फखर जमां ने 46 रन की पारी खेली। भारत की ओर से कुलदीप यादव ने 4 विकेट झटके, जबकि जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती और अक्षर पटेल ने 2-2 शिकार किए। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 19.4 ओवरों में मुकाबला अपने नाम किया। टीम इंडिया की ओर से तिलक वर्मा ने 53 गेंदों में नाबाद 69 रन की पारी खेली, जबकि शिवम दुबे ने 33 रन टीम के खाते में जोड़े। दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत की जीत के बाद विवाद भी देखने को मिला। खिताब अपने नाम करने के बाद भारतीय टीम ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।

PoK में विरोध की लहर: लोगों ने किया बंद, ठप हुई रोज़मर्रा की ज़िंदगी

नई दिल्ली  पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में सोमवार को पब्लिक एक्शन कमेटी की ओर से की गई हड़ताल के आह्वान के बाद लोगों ने अपनी दुकानें बंद कर ली और चक्का जाम हड़ताल की। स्थानीय न्यूज टीवी की रिपोर्ट के मुताबिक, होटल और दुकानें बंद रहीं जबकि सड़कों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से थम गई। स्कूलों में भी कक्षाएं खाली रहीं क्योंकि अधिकांश छात्र पढ़ने नहीं पहुंचे। इस बीच, पीओके में इंटरनेट और मोबाइल सेवाएं लगातार दूसरे दिन भी बंद रहीं। टेलीफोन सेवाओं में भी बाधा रही, जिससे लोग बाहरी दुनिया से कटे रहे। पब्लिक एक्शन कमेटी ने अपनी 38 सूत्रीय मांगों में शरणार्थियों के लिए आरक्षित 12 सीटों को समाप्त करने और अभिजात वर्ग को दिए गए विशेषाधिकारों को वापस लेने जैसी बातें शामिल की हैं। समिति ने चेतावनी दी है कि दिन में बाद में एक बड़ी रैली भी निकाली जाएगी। बता दें कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) के लोग लंबे समय से आतंकवाद और सरकारी नीतियों के कारण भारी मानव, आर्थिक और मानसिक संकट झेल रहे हैं। यह मुद्दा हाल ही में जिनेवा में संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार परिषद (यूएनएचआरसी) की 60वीं बैठक में भी उठाया गया था, जहां वक्ताओं ने पीओके के लोगों की स्थिति को पाकिस्तान की आतंकवादी नीतियों का परिणाम बताया। ग्रीक सिटी टाइम्स में पॉल एंटोनोपोलोस ने लिखा कि अंतरराष्ट्रीय रिपोर्टों और खुले स्रोत के आंकड़ों से स्पष्ट है कि यह क्षेत्र आतंकवाद का सबसे बड़ा शिकार है। लगातार हमलों और अस्थिरता ने विकास परियोजनाओं को बाधित किया है। पर्यटन, स्वास्थ्य और शिक्षा सुधार की योजनाएं बार-बार रुक जाती हैं और संसाधन सुरक्षा पर खर्च हो जाती हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि जो थोड़ी बहुत उद्योग और पर्यटन की संभावनाएं यहां बनीं, उनका लाभ भी पाकिस्तान सेना से जुड़ी कंपनियां उठा लेती हैं, जिससे स्थानीय लोग खाली हाथ रह जाते हैं।

‘टेक्नोलॉजी से बढ़ा समुद्री खतरा’, रक्षा मंत्री ने बताया एआई व साइबर डिफेंस का महत्व

नई दिल्ली रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने चेताया कि समुद्री खतरे अब तकनीकी और बहुआयामी हो गए हैं। जीपीएस स्पूफिंग, रिमोट कंट्रोल बोट, एन्क्रिप्टेड संचार, ड्रोन और डार्क वेब के जरिए आपराधिक गतिविधियां संचालित हो रही हैं। राजनाथ सिंह ने कहा कि बंदरगाह, शिपिंग लेन और ऊर्जा अवसंरचना भारत की अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा हैं। समुद्री व्यापार में, भौतिक हो या साइबर, किसी भी तरह की बाधा का सीधा असर राष्ट्रीय सुरक्षा और अर्थव्यवस्था दोनों पर पड़ता है। इसलिए आर्थिक सुरक्षा और राष्ट्रीय सुरक्षा को एक ही नजरिए से देखने की आवश्यकता है। नई दिल्ली स्थित तटरक्षक मुख्यालय में 29 सितंबर को उन्होंने 42वीं भारतीय तटरक्षक कमांडर्स कॉन्फ्रेंस का उद्घाटन किया। इस तीन दिवसीय सम्मेलन में तटरक्षक के वरिष्ठ अधिकारी रणनीतिक, परिचालन और प्रशासनिक प्राथमिकताओं पर मंथन कर रहे हैं। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय तटरक्षक आज राष्ट्रीय सुरक्षा का अहम स्तंभ है। यह बल अपनी स्थापना के समय सीमित संसाधनों से शुरू होकर आज 152 जहाजों और 78 विमानों के साथ एक मजबूत संगठन बन चुका है। उन्होंने बताया कि तटरक्षक बल ने अब तक 1,638 विदेशी पोतों और 13,775 विदेशी मछुआरों को अवैध गतिविधियों में पकड़ा है तथा 6,430 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किए हैं। जब्त किए गए इन मादक पदार्थों का मूल्य 37,833 करोड़ रुपए है। केवल इस वर्ष जुलाई तक 76 खोज एवं बचाव अभियानों में 74 लोगों की जान बचाई गई है। स्थापना से अब तक तटरक्षक बल 14,500 से अधिक लोगों का जीवन सुरक्षित कर चुका है। राजनाथ सिंह ने तटरक्षक की अनूठी भूमिका रेखांकित करते हुए कहा कि यह बल बाहरी और आंतरिक सुरक्षा दोनों के संगम पर कार्य करता है। सशस्त्र बल जहां बाहरी खतरों से देश की रक्षा करते हैं और अन्य एजेंसियां आंतरिक सुरक्षा देखती हैं, वहीं तटरक्षक दोनों मोर्चों पर सक्रिय है। अवैध मछली पकड़ना, ड्रग्स व हथियारों की तस्करी, मानव तस्करी, प्रदूषण और समुद्री अपराधों पर लगाम कसने में इसकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। रक्षा मंत्री ने तटरक्षक की मानवीय संवेदनशीलता की सराहना करते हुए कहा कि चक्रवात, तेल रिसाव, औद्योगिक दुर्घटनाओं या विदेशी जहाजों की मुसीबत में तटरक्षक बल ने हमेशा तत्परता से प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा, “दुनिया भारत को ऐसे संकटों में हमारी प्रतिक्रिया से आंकती है और तटरक्षक बल ने हर बार देश का मान बढ़ाया है।” उन्होंने महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में तटरक्षक बल की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब महिलाएं केवल सहयोगी भूमिकाओं तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पायलट, ऑब्जर्वर, हवरक्राफ्ट ऑपरेटर, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर, लॉजिस्टिक्स और विधि अधिकारी के रूप में अग्रिम मोर्चे पर सेवा दे रही हैं। यह बदलाव “समावेशी भागीदारी की दृष्टि” को दर्शाता है। रक्षा मंत्री ने तटरक्षक बल से 2047 तक के लिए एक भविष्यवादी रोडमैप तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युद्ध अब महीनों में नहीं बल्कि घंटों और सेकंडों में तय हो रहे हैं, जहां उपग्रह, ड्रोन और सेंसर निर्णायक भूमिका निभा रहे हैं। ऐसे में तैयारियों, अनुकूलन और त्वरित प्रतिक्रिया को तटरक्षक की दृष्टि का आधार बनाना होगा। रक्षा मंत्री ने कहा कि तटरक्षक के आधुनिकीकरण में सरकार लगभग 90 प्रतिशत पूंजीगत बजट स्वदेशी साधनों पर खर्च कर रही है। जहाज और विमान निर्माण, मरम्मत और रखरखाव का काम अब देश में ही हो रहा है। इससे न केवल सुरक्षा मजबूत हुई है बल्कि भारतीय जहाज निर्माण उद्योग और अर्थव्यवस्था को भी बल मिला है। इस सम्मेलन में परिचालन प्रदर्शन, लॉजिस्टिक्स, मानव संसाधन विकास, प्रशिक्षण और प्रशासन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो रही है। इंजीनियर-इन-चीफ सहित रक्षा मंत्रालय और तटरक्षक बल के वरिष्ठ अधिकारी इसमें भाग ले रहे हैं।

भारत हर मैदान में विजेता: नायब सिंह सैनी का बड़ा बयान

चंडीगढ़ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि खेल के मैदान में हमारे खिलाड़ी हों या युद्ध के क्षेत्र में सैनिक, जीत हमेशा भारत की हुई है। एशिया कप में भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान को हराकर एक भव्य जीत दर्ज की है। एक सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनाज मंडी में किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो, इसके लिए प्रदेश सरकार पूरा ध्यान रख रही है।  अनाज मंडियों में धान खरीद को लेकर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आज के मशीनी युग में सारे काम मशीनों से होते हैं। पहले हाथ से कटाई में कई दिनों तक फसल खेतों में पड़ी रहती थी, जिसे नमी की मात्रा नियंत्रण में रहती थी, लेकिन अब मशीनों की कटाई के तुरंत बाद फसल अनाज मंडी में पहुंच रही है। धान खरीद से पहले फसल में नमी की मात्रा 17 प्रतिशत से ज्यादा न हो, इसके लिए किसानों से सहयोग की अपील है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गेट पास, फसल पंजीकरण से लेकर अन्य सभी सुविधाएं ऑनलाइन उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इतना ही नहीं फसल खरीद के बाद भुगतान भी जल्द से जल्द करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। नायब सिंह सैनी ने कहा कि 3 अक्टूबर को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं, जो पहले सहकारिता विभाग के कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और इसके बाद कुरुक्षेत्र में नए आपराधिक कानून की उपलब्धियां पर लगाई जाने वाली प्रदर्शनी में हिस्सा लेंगे। 

बरेली में पोस्टर विवाद बढ़ा तनाव, नगर निगम ने 38 दुकानों पर कसा शिकंजा

बरेली  उत्तर प्रदेश के बरेली में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। सोमवार को कई दुकानों को चिन्हित करते हुए नगर निगम की टीम ने लाल रंग का क्रॉस निशान लगाया है। इसके साथ ही, दुकानदारों को तुरंत दुकानें खाली करने के लिए कहा गया है। नगर निगम कर्मचारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह अतिक्रमण है। इस जमीन पर बनाई गई दुकानों को चिन्हित किया है। उन्होंने बताया कि दुकान खाली होने के बाद इन्हें सील करने की कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम के कर्मचारी ने बताया कि अतिक्रमण करके करीब 38 दुकानें बनाई गई थीं। नगर निगम की कार्रवाई पर दुकानदारों ने कहा कि हमें कुछ ही घंटे का समय दिया गया है, लेकिन हमारी मांग है कि हमें इतना समय मिलना चाहिए कि हम अपना सामान हटा सकें। एक दुकानदार ने यह स्वीकार भी किया कि इस बिल्डिंग पर पहले से ही स्टे लगी हुई है। हम सिर्फ यहां किराएदार हैं। दुकानदार ने नगर निगम की कार्रवाई का भी समर्थन किया और कहा कि हम इसके खिलाफ नहीं हैं। हमें बस अपना सामान हटाने के लिए वक्त दिया जाना चाहिए। बरेली में नगर निगम ने यह कार्रवाई उस समय की है, जब शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद 'आई लव मोहम्मद' पोस्टर के साथ हुए प्रदर्शन के कारण तनाव पैदा हो गया था। स्थिति को संभालते हुए पुलिस ने बल का प्रयोग किया। इस मामले में बरेली के मौलाना तौकीर रजा भी गिरफ्तार हुए हैं।

देशभर में चर्चा का विषय बना नया पोस्टर- ‘I Love India & Rahul Gandhi’

भोपाल  देश में इन दिनों पोस्टर वॉर का सिलसिला जारी है। ‘I Love Mohammad’ पोस्टरों को लेकर मचे बवाल के बीच, मध्य प्रदेश से एक नया पोस्टर सामने आया है। इस पोस्टर में ‘I Love India’, ‘I Love Rahul Gandhi’, ‘जय बाबू जय भीम जय संविधान’ और ‘नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान’ लिखा हुआ है। यह पोस्टर कहीं और नहीं बल्कि मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगाया गया है। इस पोस्टर को प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण धौलपुरे ने लगवाया है। पोस्टर में कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, एमपी कांग्रेस के अध्यक्ष जीतू पटवारी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खड़गे, सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, पूर्व सीएम कमलनाथ, दिग्विजय सिंह, प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, अजय सिंह, और अरुण यादव की तस्वीरें भी शामिल हैं। देशभर में ‘I Love Mohammad’ पोस्टर के विवाद के बीच यह पोस्टर अब सोशल मीडिया और जनता के बीच चर्चा का विषय बन गया है।  

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खोला विकास का पिटारा, 20,658 योजनाओं की दी सौगात

पटना  बिहार में इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जनोपयोगी और विकास योजनाओं का उपहार प्रदेशवासियों को दे रहे हैं। इस कार्यक्रम के अंतर्गत भवन निर्माण विभाग एवं बिहार राज्य भवन निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा क्रियान्वित विज्ञान, प्राविधिकी एवं तकनीकी शिक्षा, पशु एवं मत्स्य संसाधन, समाज कल्याण, परिवहन, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण सहित अन्य विभाग के भवनों के निर्माण से संबंधित 997 करोड़ रुपये लागत की 97 योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ तथा 2,467 करोड़ की लागत से 137 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अंतर्गत छूटे हुए टोलों में पेयजल आपूर्ति तथा बहुग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं से संबंधित 5,190 करोड़ रुपये की लागत की 15,670 योजनाओं का शिलान्यास एवं 1,377 करोड़ रुपये की लागत की 4,312 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। साथ ही साथ स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न जिलों में क्रिटिकल केयर ब्लॉक भवन, अनुमंडलीय अस्पताल, औषधि भंडार गृह एवं स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से संबंधित 1,121 करोड़ रुपये की लागत की 281 योजनाओं का शिलान्यास, कार्यारंभ एवं 272 करोड़ की लागत की 144 योजनाओं का उद्घाटन किया गया। मुख्यमंत्री ने पर्यटन विभाग के अंतर्गत 497 करोड़ की लागत से पर्यटन के विकास से संबंधित 17 विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। इसके साथ ही, लघु जल संसाधन विभाग के तहत मुख्यमंत्री निजी नलकूप योजना के 13,716 लाभार्थियों के खाते में 81 करोड़ 29 लाख रुपये का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने इस मौके पर सभी संबद्ध विभागों को बधाई देते हुए कहा कि इन योजनाओं के शुरू होने से राज्य में विकास कार्यों को नई गति और दिशा मिलेगी। इसका प्रत्यक्ष लाभ लोगों को मिलेगा, जिससे उनका जीवन स्तर और बेहतर होगा। कार्यक्रम के दौरान लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, स्वास्थ्य एवं पर्यटन विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, भवन निर्माण विभाग के सचिव कुमार रवि एवं लघु जल संसाधन विभाग के सचिव बी कार्तिकेय धनजी ने अपने-अपने विभाग की योजनाओं के संबंध में जानकारी दी।

राहुल को धमकी पर गहलोत का वार – BJP पर नफरत फैलाने का आरोप

जयपुर  राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रवक्ता की उस कथित धमकी की सोमवार को निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी को गोली मार दी जाएगी। गहलोत ने इसे सत्तारूढ़ पार्टी की मानसिकता का खतरनाक प्रतिबिंब बताया। गहलोत ने वीडियो बयान में कहा, "पूरा देश जानता है कि इस देश में महात्मा गांधी व इंदिरा गांधी को किस प्रकार गोली मारी गई थी। वे देश को एक व अखंड रखने का संकल्प किए हुए थे। आज भाजपा के एक प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर टिप्पणी की है कि इनकी छाती में गोली मार देंगे।” गहलोत ने इस मुद्दे पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा की चुप्पी पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा, "अगर एक प्रवक्ता टीवी पर प्रसारित चर्चा में खुलेआम यह कह सकता है और पार्टी अध्यक्ष कोई प्रतिक्रिया नहीं देते, तो यह गंभीर सवाल खड़े करता है। देश को चिंतित होना चाहिए।" कांग्रेस नेता ने कहा, “ये हम बार बार कहते हैं कि इससे भाजपा की नफरत की राजनीति उजागर हुई है।” उन्होंने लोकसभा में विपक्ष के नेता गांधी की सार्वजनिक यात्रा की जानकारी मीडिया में साझा किए जाने के सुरक्षा निहितार्थों पर भी सवाल उठाया। गहलोत ने पूछा, "जब राहुल गांधी देश-विदेश की यात्रा करते हैं, तो उनकी लोकेशन भी सार्वजनिक कर दी जाती है। क्या यह सुरक्षा का उल्लंघन नहीं है?" भाजपा पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा अध्यक्ष से देश से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा, "राहुल गांधी महंगाई, बेरोजगारी और वोट चोरी की बात करते हैं। वह इसे देशभर में मुद्दा बना रहे हैं। भाजपा अध्यक्ष को देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्हें देशवासियों को भरोसा दिलाना चाहिए कि यह मामला उनके संज्ञान में आ गया है और दोषियों को पार्टी से निकाला जाएगा और गृह मंत्रालय ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगा।" उन्होंने कहा, "मैं इस पूरी घटना की निंदा करता हूं। जिस प्रकार की सोच रखने वाले लोग आज सत्ता में बैठे हुए हैं इनका लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है। विश्वास होता तो शायद ऐसी स्थिति नहीं होती। पूरा देश देख रहा है, समय आने पर जवाब देगा।" पुलिस ने भाजपा नेता प्रिंटू महादेवन के खिलाफ टेलीविजन पर चर्चा के दौरान उनकी कथित टिप्पणी के लिए सोमवार को मामला दर्ज किया। उन्होंने कथित रूप से था कहा कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को गोली मार दी जाएगी। केरल प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) के सचिव श्रीकुमार सी.सी. की शिकायत के आधार पर पेरामंगलम पुलिस ने यह मामला दर्ज किया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व नेता महादेवन ने 26 सितंबर को एक मलयालम समाचार चैनल पर चर्चा के दौरान बांग्लादेश और नेपाल में विरोध प्रदर्शनों पर चर्चा करते हुए यह टिप्पणी की। 

14 ट्रेनें रद्द, कई का रूट बदला — Maa Vaishno Devi ट्रेन सहित पूरी लिस्ट

जम्मू कश्मीर  रेल यात्रियों को उचित सुविधा देने के लिए रेलवे द्वारा अकसर प्रयास किए जाते हैं। इसी कड़ी के चलते रेलने ने मां वैष्णो देवी सहित कई रूट की ट्रेनों को रद्द कर दिया है व कइयों के रास्ते बदल दिए है। जानकारी के अनुसार भोपाल और रानी कमलापति से नवंबर से जनवरी के बीच सैकड़ों रिजर्वेशन को निरस्त किया गया है। यह फैसला रेलवे ट्रैक के रख-रखाव के चलते लिया गया है। रेल मंडल के अनुसार उत्तर मध्य रेलवे झांसी मंडल में वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर नई पटरी बिछाने के कारण भोपाल मंडल से गुजरने वाली 14 ट्रेनें रद्द कर दी गई है।  नीचे दी गई ट्रेनों पूरी तरह रद्द हैं: 64618 ललितपुर से बीना मेमू ट्रेन — रोजाना, 25 नवंबर से 8 जनवरी तक बंद रहेगी। 64617 बीना से ललितपुर मेमू ट्रेन — रोजाना, 25 नवंबर से 8 जनवरी तक बंद रहेगी। 05073 बेंगलुरु सिटी से लालकुआं ट्रेन — हर मंगलवार, 2 दिसंबर से 6 जनवरी तक रद्द रहेगी। 05074 लालकुआं से बेंगलुरु सिटी ट्रेन — हर शनिवार, 29 नवंबर से 3 जनवरी तक रद्द रहेगी। 07075 हैदराबाद से गोरखपुर ट्रेन — हर शुक्रवार, 28 नवंबर से 2 जनवरी तक रद्द रहेगी। 07076 गोरखपुर से हैदराबाद ट्रेन — हर रविवार, 30 नवंबर से 4 जनवरी तक रद्द रहेगी।  07363 हुबली से योगनगरी ऋषिकेश ट्रेन — हर सोमवार, 24 नवंबर से 5 जनवरी तक रद्द रहेगी। 07364 योगनगरी ऋषिकेश से हुबली ट्रेन — हर गुरुवार, 27 नवंबर से 8 जनवरी तक रद्द रहेगी। 05559 रक्सौल से उधना ट्रेन — हर शनिवार, 29 नवंबर से 3 जनवरी तक रद्द रहेगी। 09043 बांद्रा टर्मिनस से बरहनी ट्रेन — हर रविवार, 30 नवंबर से 4 जनवरी तक रद्द रहेगी। 09044 बरहनी से बांद्रा टर्मिनस ट्रेन — हर सोमवार, 1 दिसंबर से 5 जनवरी तक रद्द रहेगी। इन ट्रेनों के बदले मार्ग : 16032 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से चेन्नई सेंट्रल तक 16788 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से तिरुनेलवेली तक 12172 हरिद्वार से लोकमान्य तिलक तक 22456 कालका से सांईनगर शिरडी तक 12754 हजरत निजामुद्दीन से नांदेड़ तक 12214 दिल्ली सराय रोहिल्ला से यशवंतपुर तक 16318 श्री माता वैष्णो देवी कटरा से कन्याकुमारी तक 20494 चंडीगढ़ से मदुरै तक