samacharsecretary.com

रोहित आर्य का अजीबो-गरीब ड्रामा: पटाखों की आवाज़ पर बोला ‘फायरिंग चल रही है’!

मुंबई  मुंबई के पवई में बंधक संकट के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने अहम भूमिका निभाई। वह अपनी पोती के साथ ऑडिशन के लिए आई थी, जहां 50 वर्षीय रोहित आर्य नाम के शख्स ने 17 बच्चों को बंधक बना लिया था। पुलिस और दमकल विभाग बाहर बच्चों को सुरक्षित निकालने की तैयारी में जुटे थे। अंदर मंगला पाटणकर कैद बच्चों की रक्षा में लगी हुई थीं। उन्हें कांच के टुकड़ों से सिर पर चोट लगी है और वे फिलहाल अस्पताल में इलाज करा रही हैं।   अस्पताल के बिस्तर से मंगला पाटणकर ने बंधक संकट की कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि रोहित आर्य ने कुछ बच्चों को उनके पास छोड़ा और बाकी को ऊपर ले गया। कुछ देर बाद वह फिर नीचे आया और मुझे भी बाकी बच्चों के साथ ऊपर आने को कहा। ऊपर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि बच्चों को कुछ सिखाया नहीं जा रहा था। वहां खिड़कियों पर काले पर्दे लगे थे। लगता था कि उसने पहले से योजना बनाई थी। उसने 4 बच्चों से उनके माता-पिता को फोन करवाया और प्रत्येक से 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। आर्य लगातार कहता रहा कि उसे अभी 4 करोड़ रुपये चाहिए और उसने बंधकों को धमकी दी कि इमारत में बम रखा है। बच्चों के घरवालों ने किए फोन मंगला पाटनकर ने कहा कि आर्य पूरे समय स्वीट व्यवहार कर रहा था, लेकिन काफी ड्रामा भी कर रहा था। उसने दिवाली के पटाखे फोड़े और हमें बताया कि बाहर गोलीबारी हो रही है ताकि हम बाहर न निकलें। पाटणकर ने कहा, 'मुझे फोन आया कि बाहर बंधक संकट की खबर है तो मैंने बताया कि बच्चे मेरे साथ सुरक्षित बैठे हैं।' उन्होंने संदेह जताया कि संस्थान की एक अन्य कर्मचारी भी इस प्लान में शामिल थी क्योंकि वह डरी हुई नहीं लग रही थी। पाटनकर ने बच्चों, खासकर लड़कियों की सुरक्षा सुनिश्चित की और बाहर इंतजार कर रहे चिंतित माता-पिता को उनके बच्चों की तस्वीरें भेजीं। 2 करोड़ रुपये बकाए का दावा रोहित आर्य ने वेब सीरीज के ऑडिशन के बहाने 17 बच्चों को बंधक बनाया था। कुछ समय बाद उसने एक वीडियो पोस्ट किया और कहा कि महाराष्ट्र शिक्षा विभाग में उसका 2 करोड़ रुपये बकाया है। 3.5 घंटे चले इस बंधक संकट का नाटकीय अंत हुआ, जब पुलिस ने पाइप से चढ़कर बच्चों को बचाया। एक अन्य पुलिसकर्मी बाथरूम की खिड़की से स्टूडियो में घुसा। इस दौरान एक बच्चे को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहे आर्य को गोली मारकर गिरा दिया गया और उसने दम तोड़ दिया।

गजब दुस्साहस! मंत्री के काफिले को रोकने निकले तीन युवक, पुलिस ने एक को दबोचा

सोनभद्र सोनभद्र में गुरुवार की रात गजब दुस्साहस देखने को मिला है। योगी सरकार में समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव गोड़ के काफिले को ओवरटेकर कर रोकने की कोशिश की गई। स्कॉर्ट में तैनात जवानों ने टोका तो उनसे विवाद किया गया। इसके बाद मंत्री से भी विवाद कर लिया गया। मामले की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। दो अन्य फरार हो गए हैं। हिरासत में लिए गए व्यक्ति के पूछताछ हो रही है। फिलहाल पुलिस या मंत्री यह नहीं बता पा रहे कि इस तरह से ओवरटेक कर गाड़ी क्यों रोकी गई और उन लोगों की मंशा क्या थी। मंत्री के साथ काफिले में मौजूद जिला पंचायत सदस्य जुगैल के पति संजीव तिवारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चोपन पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।   बताया जाता है कि राज्य मंत्री सजीव गोड़ गुरुवार की शाम राबर्ट्सगंज से डाला स्थित अपने आवास जा रहे थे। उनके साथ जिला पंचायत सदस्य पति जुगैल संजीव तिवारी भी गाड़ी में थे। लोढ़ी टोल प्लाजा के आगे बढ़े तो उनके काफिले के पीछे-पीछे एक वाहन भी चलता दिखाई दिया। सलखन के पास पहुंचने पर वाहन में सवार लोगों ने उनके काफिले को ओवरटेक करने की कोशिश की। स्कॉर्ट के लोगों ने इस पर टोका तो चलती गाड़ी से ही विवाद कर लिया। इसके बाद तेजी मंत्री के काफिले को ओवरटेक किया और सोन नदी पुल पर काफिले के आगे आकर खड़े हो गए। मंत्री की गाड़ी पहुंची तो वह लोग अपने वाहन से उतर कर काफिले के पास आ गए और कहासुनी करने लगे। इस पर पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही चोपन थाने के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह मौके पर पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने पर दो लोग पैदल ही फरार हो गए। एक व्यक्ति को हिरासत में लेते हुए उनकी गाड़ी भी कब्जे में ले ली गई। चोपन थाने के प्रभारी निरीक्षक कुमुद शेखर सिंह ने बताया कि जिला पंचायत सदस्य पति जुगैल संजीव तिवारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पूछताछ जारी है। हिरासत में लिए गए व्यक्ति की पहचान अंकित मिश्रा निवासी दुद्धी के रूप में हुई है। फरार लोग शुभम सोनी और पंकज अग्रहरि हैं। वहीं राज्यमंत्री संजीव गोड़ का कहना है कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं हैं। वे सभी से मिलते है और उनकी समस्याओं को सुनते हैं। कार सवार लोगों की क्या मंशा थी यह तो पुलिस की जांच के बाद ही पता चल पाएगा।  

रामनामी समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री साय से की शिष्टाचार भेंट

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मंत्रालय महानदी भवन स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में अखिल भारतीय रामनामी महासभा के प्रतिनिधि मंडल ने सौजन्य भेंट की। उन्होंने सक्ती जिले के ग्राम नंदेली में 29 दिसंबर को आयोजित होने वाले रामनामी मेला एवं संत समागम में मुख्यमंत्री श्री साय को आमंत्रित किया।मुख्यमंत्री श्री साय ने आमंत्रण के लिए महासभा के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया और उन्हें शुभकामनाएँ दीं। इस अवसर पर अखिल भारतीय रामनामी महासभा की अध्यक्ष सेत बाई रामनामी, महासचिव गुला राम रामनामी सहित रामनामी संप्रदाय से जुड़े अनेक सदस्य उपस्थित थे।

ड्राइविंग सेंटर पर विवाद बढ़ा: पंचायत ने ताला लगाकर किया संचालन बंद

गोराया  गोराया और फिल्लौर के बीच गांव दोसांझ खुर्द की पंचायती जमीन पर बने ऑटोमेटेड टेस्ट ड्राइविंग सेंटर पर पंचायत सदस्यों ने ताला जड़ दिया। जिस कारण ट्रैक स्टाफ व ड्राइविंग लाइसेंस का काम करवाने आए लोगों को करीब डेढ़ घंटे तक तपते ट्रैक के बाहर खड़ा रहना पड़ा। मौके पर नायब तहसीलदार नूरमहल व अन्य अधिकारी आए और पंचायत के 15 दिन के आश्वासन को देखते हुए ट्रैक का ताला खुलवाया गया और काम सामान्य रूप से शुरू हो गया। दरअसल, ग्राम पंचायत दोसांझ खुर्द ने बताया कि यह जमीन उनकी पंचायती जमीन है जिस पर ड्राइविंग टेस्ट सेंटर बना हुआ है। पिछले तीन साल से उन्हें किराया नहीं दिया गया है, जो करीब 6 लाख रुपये बनता है, जिससे उन्हें अपने गांव का विकास करना है। वे बार-बार अधिकारियों व संबंधित विभागों से मिल चुके हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं कर रहा। इसी से तंग आकर उन्होंने गुरुवार शाम को ट्रैक पर ताला जड़ दिया। कर्मचारियों को सुबह इसकी जानकारी हुई। जब उन्होंने ट्रैक का गेट खोलने की कोशिश की तो देखा कि अंदर से ताला लगा हुआ था। इसके बाद पता चला कि यह ताला पंचायत ने लगाया था। लोग और कर्मचारी करीब डेढ़ घंटे तक बाहर खड़े रहे।   जिसके बाद नायब तहसीलदार नूरमहल, बी.डी.पी.ओ. रुड़का कलां और पंचायत सचिव के साथ मौके पर आए। उन्होंने पंचायत को आश्वासन दिया कि पंचायत अपनी सहमति और बकाया राशि लिखित में दे, जिसके बाद उन्हें 15 दिन में उनकी राशि दे दी जाएगी। इसके बाद पंचायत ने ताला खोला और लोगों ने भी राहत की सांस ली और अपना काम शुरू किया।

राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान मंत्रालय स्थित पटेल पार्क में 3 नवम्बर को

सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री काश्यप होंगे शामिल भोपाल  मंत्रालय स्थित वल्लभ भाई पटेल पार्क में राष्ट्र -गीत "वन्देमातरम" एवं राष्ट्र -गान "जन गण मन" का गायन 3 नवम्बर को प्रात: 10:15 बजे सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री चैतन्य कुमार काश्यप के आतिथ्य में होगा। वर्षा होने की स्थिति में उक्त गायन मंत्रालय क्रमांक-1 स्थित पांचवी मंजिल कक्ष क्रमांक 506 में होगा। उल्लेखनीय है कि प्रत्येक माह के प्रथम कार्य दिवस पर राष्ट्र गीत एवं राष्ट्र गान का आयोजन पटेल पार्क में किया जाता है। सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी अधिकारी/कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं।  

ऊर्जा मंत्री तोमर ने जिस स्कूल में की पढ़ाई वहीं के वार्षिकोत्सव में बने मुख्य अतिथि

भोपाल  शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्मार्ट स्कूल) शिक्षा नगर में वार्षिकोत्सव और सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। समारोह में मुख्य अतिथि के रुप में इस विद्यालय के छात्र रहे ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि मैं, इस विद्यालय में शिक्षा ग्रहण कर चुका हूँ। आज ग्वालियर बदल रहा है, ग्वालियर में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ शैक्षणिक सुविधाओं और शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर हुई है। इसका प्रमाण आपका और हमारा यह स्मार्ट स्कूल है जहां आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्मार्ट कक्षाओं के साथ ही शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध हुए हैं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक एवं लोक विधाओं से परिपूर्ण कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने समस्त दर्शकों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत, लोकगीत, बालिका गीत और विभिन्न नृत्य कार्यक्रमों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। साथ ही प्रतिभागी विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। उन्होंने कहा कि शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (स्मार्ट स्कूल) का वार्षिकोत्सव एक वार्षिक कार्यक्रम नहीं बल्कि विद्यार्थीयों द्वारा अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का एक माध्यम है जिसके जरिए विद्यालय के विद्यार्थी पूरे साल की उपलब्धियों का जश्न मनाते हैं। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण समारोह होते हैं जो छात्रों को प्रेरित करते हैं और उनका आत्मविश्वास बढ़ाते हैं।  

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025: नवा रायपुर के 12 सेक्टरों में बनेगा आधुनिक आईटी और स्पोर्ट्स हब

रायपुर नवा रायपुर आने वाले समय में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनने जा रही है. यहां अलग-अलग सेक्टर में लगभग सात लाख करोड़ रुपए के निवेश का प्रस्ताव मिला है. यहां शुरू होने वाले कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के संस्थान लोगों के लिए जहां आकर्षण का केंद्र बनेंगे, वहीं बड़े पैमाने पर युवाओं को रोजगार भी मिलेगा. इसके अलावा आईटी हब, मेडिसिटी, अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट और तीरंदाजी अकादमी के साथ ही अमर जवान ज्योति स्मारक भी तैयार किया जाएगा. नवा रायपुर में बसाहट बढ़ाने के लिए मंत्रालय, विधानसभा और मंत्रियों के बंगले बनकर तैयार है. विधानसभा भवन का लोकार्पण राज्य स्थापना दिवस 1 नवंबर को होने जा रहा है. राजभवन का काम भी पूरा कर लिया जाएगा. नवा रायपुर का रेलवे स्टेशन लगभग बनकर तैयार है और जल्द ही इसका उद्घाटन होगा. यह अहम परिवहन केंद्र होगा. नवा रायपुर व्यापार और निवेश का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है. आईटी पार्क, बिजनेस हब और औद्योगिक क्षेत्र का विकास तेजी से जारी है. निवेशकों के लिए इंजी ऑफ डुइंग बिजनेस की सुविधा भी मुहैया कराई जा रही है. यह एमपोर्ट, रेलवे और एक्सप्रेस वे से सीधा जुड गया है. इन क्षेत्रों में होगा विकास     आईटी, फामां और एजुकेशन हब बनाने की दिशा में तेजी से कार्य.     आईटी पार्क, डाटा सेंटर, फार्मा हब और मेडिवसिटी का विकास प्रगति पर.     स्टार्टअप्स को बढ़ावा देने इन्क्यूबेशन सेंटर.     लगभग 200 एकड़ में मेडिसिटी का विकास     142 एकड़ में फार्मास्यूटिकल हब.     30 एकड़ में 30 करोड़ रुपए की लागत से. रेडीमेड गारमेंट पार्क का निर्माण.     30 एकड़ में फर्नीचर क्लस्टर का विकास.     लाइवलीहुड सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना.     कार्गो सुविधा नवा रायपुर से उपलब्ध     सेक्टर 32 में कक्षा 6 से 12वीं तक अंतरराष्ट्रीय बोर्डिंग स्कूल का निर्माण क्रिकेट एकेडमी, आर्चरी सेंटर, कला ग्राम. ये है खास बातें (छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025) सेंट्रल बिजनेस डिस्ट्रिक्टः नवा रायपुर के सेक्टर-21 में 2.65 लाख वर्गफीट में निर्मित सीबीडी कॉम्प्लेक्स नई पहचान बनेगा. जल्द ही इमर्सिव होलोग्राफिक एंटरटेनमेंट सेंटर और गोकुल सुपर मार्केट भी शुरू होगा. स्मार्ट स्कूलः स्मार्ट स्कूल बनाए जा रहे हैं, जहां बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा की सुविधा मिलेगी. इन स्कूलों में आधुनिक तकनीकी और सुविधाएं होंगी, जो बेहतर शिक्षा देंगी. एरोसिटीः नवा रायपुर में एयर पोर्ट के पास 216.63 एकड़ क्षेत्र में एरोसिटी विकसित की जा रही है. इसमें वाणिज्यिक संस्थान, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और होटल होंगे. कमर्शियल हबः नवा रायपुर के सेक्टर- 23, 24, 34, 35 और 40 में 1083 एकड़ क्षेत्र में कमर्शियल हब विकसित किया जा रहा है. इसमें 1000 थोक व्यावसायिक दुकानें होंगी, जो न केवल छग बल्कि आसपास के राज्यों के लिए लाभदायक होगी. शहीद स्मारक और अमर जवान ज्योति स्मारकः नवा रायपुर के ग्राम परसदा में शहीद स्मारक और अमर जवान ज्योति स्मारक की स्थापना की जा रही है. 2700 शहीदों के नाम उत्कीर्ण किए जाएंगे.

बिजली कंपनी के वॉट्सएप चैटबॉट से बिल डाउनलोड और बिल भुगतान की सुविधा उपलब्ध

उपभोक्ता सुविधा का लाभ उठाएं भोपाल  मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री क्षितिज सिंघल ने बताया कि वॉट्सएप चैटबॉट से बिल डाउनलोड एवं बिल भुगतान सहित अनेक सुविधाएं उपलब्ध हैं। इसके लिए उपभोक्ता को कहीं भी जाने की आवश्यकता नहीं है, बल्कि वे अपने मोबाइल के माध्यम से बिजली बिल डाउनलोड एवं भुगतान सहित अन्य 10 सेवाओं का फायदा उठा सकते हैं। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने बताया कि चैटबॉट नंबर 0755 2551222 पर ‘Hi‘ (हाय) लिखते हैं तो तुरंत आपके सामने क्रमशः 10 अलग-अलग सुविधाओं की सूची आ जाएगी। यदि आपको अपने घर का बिजली बिल भरना है तो इसमें 2 नंबर पर ‘फॉर बिल’ का ऑप्शन दिखता है। मैसेज बॉक्स में जैसे ही आप 2 लिखते ही आपको 1 नंबर ‘फॉर व्यू एंड पे एलटी बिल’ का ऑप्शन सहित तीन अन्य ऑप्शन भी दिखेंगें। जब आप अपने बिल के लिए 1 नंबर लिखेंगे तो दो ऑप्शन आएंगे। इसमें 1 नंबर पर ‘टू यूज मोबाइल नंबर’ और 2 नंबर पर ‘फॉर इंटर कस्टूमर आईडी। इसमें आप अपना रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर के लिए जैसे ही ‘टू यूज मोबाइल नंबर’ के लिए 1 नंबर लिखेंगे तो आपके कनेक्शन नंबर दिखेंगे। इसमें जिस नंबर का बिल आपको चाहिए वह नंबर जैसे ही लिखेंगे तो तुरंत आपके मोबाइल पर बिल की पीडीएफ राशि सहित आ जाएगी। इसी में ‘व्यू एंड पे’ तथा ‘पे नाऊ’ का ऑप्शन दिखेगा। यदि आप पहले बिल देखना चाहते हैं तो ‘व्यू एंड पे’ को टच करेंगे। यदि आपको राशि देखकर उसे जमा करना है तो ‘पे नाऊ’ को टच करना होगा। जैसे ही आप ‘पे नाऊ’ को टच करेंगे तो आपसे भुगतान के विकल्प पूछे जाएंगे। इसमें आपको पे ऑन वाट्सएप, गूगल पे, फोन पे, पेटीएम सहित अन्य यूपीआई एप्स के ऑप्शन दिखेंगे। यहां पर जिस विकल्प से आपको पेमेंट करना है उसे चयन कर ‘कांटीन्यू’ कर देंगे तो आपके वैलेट से पैमेंट की प्रक्रिया पूरी होगी और तत्पश्चात मोबाइल पर ही रसीद प्राप्त हो जाएगी। इस रसीद को आपके मोबाइल में सेव करने का ऑप्शन भी रहेगा। इसके अलावा आप चाहें तो उसका स्क्रीनशॉट भी ले सकते हैं। इस तरह से उपभोक्ता घर बैठे अपने मोबाइल से बिजली कंपनी की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। वॉट्सएप व चैटबॉट पर इन 10 सुविधाओं का ऑप्शन उपलब्ध फॉर कंप्लेंट, फॉर बिल (एलटी/एचटी), फॉर व्यू अदर एप्लीकेशंस, फॉर लिंक युअर मोबाइल टू कनेक्शन नंबर, फॉर सैल्फ रीडिंग, टू एप्लाई फॉर न्यू सर्विस कनेक्शन/नेट मीटरिंग, टू एप्लाई फॉर चैंज इन एक्जिस्टिंग कनेक्शन, टू एप्लाई फॉर फिजिकल बिल, फॉर सोलर रूफटॉप (नेट मीटरिंग), एड ऑर रिमूव मोबाइल नंबर पर है।  

केजरीवाल के ‘नए शीशमहल’ पर सियासी संग्राम! AAP बोली – झूठ साबित करो या माफी मांगो

नई दिल्ली दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक और 'शीशमहल' बनवाने का आरोप लगाया है। दिल्ली भाजपा ने 'गूगल अर्थ' वाली एक सैटेलाइट तस्वीर शेयर करते हुए आरोप लगाया कि अरविंद केजरीवाल ने अब पंजाब में शीशमहल तैयार करवा लिया है। आप की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने भी इसे साझा करते हुए इसी तरह के आरोप लगाए हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी ने इसे फर्जी दावा बताते हुए अलॉटमेंट लेटर दिखाने का चैलेंज दिया है।   दिल्ली भाजपा ने एक बंगले की सैटेलाइट इमेज को साझा करते हुए एक्स पर लिखा, ' Big Breaking- आम आदमी का ढोंग करने वाले केजरीवाल ने तैयार करवाया एक और भव्य शीशमहल। दिल्ली का शीश महल ख़ाली होने के बाद पंजाब के सुपर सीएम अरविंद केजरीवाल जी ने पंजाब में दिल्ली से भी शानदार शीश महल तैयार करवा लिया है। चंडीगढ़ के सेक्टर 2 में CM कोटे की 2 एकड़ की आलीशान 7 स्टार सरकारी कोठी अरविंद केजरीवाल जी को मिल गई है।' दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा किदिल्ली में शीशमहल के बाद अब केजरीवाल ने चंडीगढ़ में भी शीशमहल बनाया है। दिल्ली को लूटने के बाद अब पंजाब को भी लूटने की तैयारी कर रहे हैं। AAP बोली- फर्जी दावा, अलॉटमेंट लेटर दिखाओ भाजपा के दावों को आम आदमी पार्टी ने फर्जी करार दिया और अलॉटमेंट लेटर दिखाने की चुनौती दी। दिल्ली आप के एक्स हैंडल पर कहा गया, 'जब से प्रधानमंत्री की फर्जी यमुना की कहानी पकड़ी गई है, बीजेपी बौखला सी गई है। और बौखलाहट में बीजेपी आजकल सबकुछ फर्जी कर रही है। फर्जी यमुना, फर्जी प्रदूषण के आंकडे, फर्जी बारिश के दावे, और अब फर्जी 7 स्टार दावा। बीजेपी का फर्जी दावा है कि चंडीगढ़ में 7 स्टार घर बनवा दिया, लेकिन चंडीगढ़ का एडमिनिस्ट्रेशन तो बीजेपी के पास है। वही कुछ बनवा सकते हैं कोई और नहीं। बीजेपी का फर्जी दावा है कि केजरीवाल जी को कोई घर अलॉट हो गया है, तो कहां है अलाटमेंट लेटर? सीएम के कैंप ऑफिस की तस्वीर साझा करके कुछ भी फर्जी दावा कर रही है बौखलाई हुई बीजेपी।'  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व मंत्री डॉ. चौधरी की माताजी श्रीमती सुमित्रा देवी के निधन पर शोक व्यक्त किया

 एम्स पहुंचकर किए अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित की भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को एम्स भोपाल पहुंचकर पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी की माताजी स्व. श्रीमती सुमित्रा देवी के अंतिम दर्शन किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने शोकाकुल परिजन से भेंट कर संवेदनाएं व्यक्त कीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बाबा महाकाल से पूज्यनीय माताजी की पुण्य आत्मा को शांति प्रदान कर अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजन को गहन दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।