samacharsecretary.com

2 नवम्बर 2025 का दैनिक राशिफल: मकर राशि को मिलेगा लाभ, अन्य राशियों की भविष्यवाणी

मेष: आज का दिन हल्की-फुल्की भागदौड़ वाला रहेगा। सुबह से ही कुछ काम एक साथ सामने आ सकते हैं। दफ्तर या कारोबार में नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं। अगर किसी मीटिंग या बातचीत में हिस्सा लेना है तो आप अपनी बात मजबूती से रख पाएंगे। परिवार में किसी पुराने मुद्दे पर चर्चा होगी, लेकिन हालात संभल जाएंगे। आर्थिक मोर्चे पर स्थिति ठीक रहेगी, बस खर्चों पर थोड़ा संयम रखें। शाम को मन थोड़ा शांत रहेगा। अगर कहीं बाहर जाने का प्लान है तो समय अच्छा है। दिन की भागदौड़ के बावजूद संतोष रहेगा कि चीजें दिशा में जा रही हैं। वृषभ: आपके लिए दिन सकारात्मक रहने वाला है। सुबह का समय थोड़ा व्यस्त रहेगा, लेकिन दोपहर के बाद राहत महसूस होगी। कामकाज में आपकी मेहनत रंग लाएगी और किसी वरिष्ठ व्यक्ति की ओर से सराहना भी मिल सकती है। आर्थिक स्थिति सुधरने के संकेत हैं। पारिवारिक माहौल खुशनुमा रहेगा, जीवनसाथी के साथ समय अच्छा गुजरेगा। रिश्तों में मधुरता बनी रहेगी। यात्रा या छोटी आउटिंग का योग भी बन सकता है। सेहत के लिहाज से कोई बड़ी परेशानी नहीं दिखती। कुल मिलाकर आज का दिन स्थिर और सुकून भरा रहेगा। मिथुन: आज आपके भीतर ऊर्जा ज्यादा रहेगी। नए काम की शुरुआत के लिए दिन ठीक है। जो लोग मीडिया, शिक्षा या लेखन जैसे क्षेत्र में हैं, उन्हें अच्छे मौके मिल सकते हैं। दिमाग में कई नए विचार आएंगे, लेकिन किसी एक पर टिके रहना मुश्किल हो सकता है। घर में माहौल ठीक रहेगा, लेकिन किसी करीबी के साथ हल्का मतभेद हो सकता है। खर्च बढ़ सकता है, इसलिए ज़रूरत से ज्यादा दिखावे से बचें। सेहत में पेट या नींद से जुड़ी दिक्कत हो सकती है। दिन सक्रिय रहेगा लेकिन थोड़ा असंतुलन महसूस होगा। कर्क: आपका ध्यान आज परिवार और व्यक्तिगत जीवन पर रहेगा। किसी पुराने विवाद का समाधान संभव है। दफ्तर में काम थोड़ा धीमा रहेगा, लेकिन सहयोगियों का सपोर्ट मिलेगा। आर्थिक रूप से दिन सामान्य रहेगा। किसी पुरानी योजना से अब फायदा मिल सकता है। मानसिक रूप से थोड़ी बेचैनी रह सकती है, लेकिन शाम तक मूड बेहतर होगा। घर में किसी बुजुर्ग का सहयोग या सलाह उपयोगी साबित होगी। यात्रा टाल दें तो बेहतर है। कुल मिलाकर दिन संभलकर चलने वाला है। सिंह: दिन उत्साह से भरा रहेगा। कामकाज में प्रगति के संकेत हैं। किसी पुराने अटके काम में गति आएगी। अगर आप किसी रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े हैं तो आज का दिन आपके पक्ष में रहेगा। परिवार में सम्मान बढ़ेगा, और किसी नए अवसर की शुरुआत हो सकती है। आर्थिक रूप से भी स्थिति मजबूत बनेगी। सेहत अच्छी रहेगी, बस ओवरकॉन्फिडेंस से बचें। प्रेम जीवन में मिठास बनी रहेगी। आज का दिन आगे बढ़ने और खुद पर भरोसा बढ़ाने वाला है। कन्या: आपके लिए आज का दिन मेहनत और व्यावहारिकता से भरा रहेगा। कार्यस्थल पर कुछ नई जिम्मेदारियां मिलेंगी, जिन्हें आप बखूबी निभा लेंगे। आर्थिक पक्ष स्थिर रहेगा। घर-परिवार में माहौल शांत रहेगा, लेकिन किसी सदस्य की सेहत पर ध्यान देना पड़ सकता है। जो लोग पार्टनरशिप में काम करते हैं, उन्हें फायदा होगा। शाम को मन हल्का रहेगा। सेहत में मामूली थकावट या नींद की कमी महसूस हो सकती है। दिन पूरी तरह कामकाजी रहेगा लेकिन संतोष रहेगा। तुला: आपके लिए दिन थोड़ा उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है। दफ्तर में काम की गति धीमी रहेगी या किसी चीज का दबाव महसूस होगा। आर्थिक मामलों में सतर्क रहना ज़रूरी है, खर्च अनावश्यक बढ़ सकते हैं। घर में किसी बात को लेकर असहमति हो सकती है, लेकिन शाम तक हालात सुधर जाएंगे। सेहत को लेकर सतर्क रहें, खासकर खानपान पर। कोई पुरानी योजना फिलहाल टाल दें। हालांकि आपके विचार साफ हैं और मेहनत जारी रखेंगे, तो परिणाम अगले कुछ दिनों में दिखेंगे। वृश्चिक: आज आपका ध्यान व्यक्तिगत रिश्तों और सहयोगियों पर रहेगा। किसी पुराने साथी से मदद मिल सकती है। काम में तेजी आएगी, लेकिन थोड़ा दबाव भी महसूस हो सकता है। आर्थिक मामलों में स्थिति स्थिर रहेगी। परिवार के साथ छोटी खुशी साझा करने का मौका मिलेगा। सेहत में सुधार दिखेगा। किसी पुराने दोस्त का फोन या मुलाकात दिन को हल्का बना देगा। कुल मिलाकर दिन सकारात्मक रहेगा, बस लय बनाए रखें। धनु: आज आपको मेहनत के अच्छे परिणाम मिलेंगे। जो लोग नौकरी में हैं, उनके लिए पद या प्रतिष्ठा बढ़ने के योग हैं। व्यापारियों को भी नया अवसर मिल सकता है। आर्थिक स्थिति मजबूत होती दिख रही है। परिवार में सामंजस्य रहेगा। पुराने रिश्तों में गर्माहट लौट सकती है। विद्यार्थियों के लिए दिन अच्छा रहेगा। सेहत सामान्य रहेगी, पर रूटीन पर ध्यान दें। किसी दोस्त से मुलाकात या कॉल मूड बेहतर कर देगा। दिन उपलब्धियों वाला रहेगा। मकर: आज का दिन भाग्यशाली साबित हो सकता है। किसी पुराने रुके हुए काम में प्रगति दिखेगी। ऑफिस में सीनियर्स आपकी मेहनत को नोटिस करेंगे। आर्थिक लाभ की संभावना है। परिवार में शांति और सहयोग रहेगा। किसी यात्रा का योग भी बन सकता है। अगर प्रेम जीवन में कुछ उलझनें थीं, तो आज सुलझने के संकेत हैं। स्वास्थ्य ठीक रहेगा, आत्मविश्वास बढ़ेगा। दिन कुल मिलाकर सफलता और संतुलन से भरा रहेगा। कुंभ: आपका ध्यान आज भविष्य की योजनाओं पर रहेगा। किसी नई जिम्मेदारी को लेकर सोच-विचार करेंगे। यात्रा का योग बन रहा है। दफ्तर या बिजनेस में थोड़ी व्यस्तता रहेगी, लेकिन काम पूरे होंगे। आर्थिक मामलों में स्थिरता आएगी। घर में किसी जरूरी विषय पर बातचीत होगी। शाम के समय कुछ राहत मिलेगी। सेहत में मामूली थकान रह सकती है। कुल मिलाकर दिन सामान्य, पर सोचने-विचारने वाला रहेगा। मीन: आज आपके लिए दिन योजनाओं और रचनात्मकता वाला रहेगा। किसी काम की शुरुआत करने का मन बनेगा। दफ्तर में आपकी राय को महत्व मिलेगा। आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। घर-परिवार में सामंजस्य रहेगा। किसी पुराने रिश्ते में फिर से बात शुरू हो सकती है। सेहत सामान्य है। शाम का समय मनचाहा बीतेगा। कुल मिलाकर दिन आसान और सुखद रहेगा।

गंगा स्नान मेला 2025: यात्रियों के लिए स्पेशल ट्रेनें, शालीमार एक्सप्रेस 31 दिसंबर तक रहेगी बंद

मुजफ्फरनगर भागवत भूमि शुकतीर्थ में तंबुओं की नगरी बसने लगी है। पांच नवंबर को कार्तिक गंगा स्नान मेला है। इसके लिए रेल मंत्रालय ने श्रद्धालुओं को स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है। दिल्ली से हरिद्वार तक स्पेशल ट्रेन चलेगी। इससे कार्तिक गंगा स्नान में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। वहीं, रेलवे विभाग ने शालीमार एक्सप्रेस को 31 दिसंबर तक बंद कर दिया है। भागवत भूमि शुकतीर्थ में कार्तिक गंगा स्नान मेले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में विशेष महत्व रखता है। इसके लिए दूर-दराज से श्रद्धालु भागवत भूमि पहुंचकर पूजा-पाठ करने के अलावा विभिन्न धार्मिक क्रियाएं, अनुष्ठान करते हैं। स्टेशन अधीक्षक पवन कुमार ने बताया कि गंगा स्नान मेला पर्व को लेकर रेल मंत्रालय ने श्रद्धालुओं को सुविधा दी है। दिल्ली से हरिद्वार तक चार एवं पांच नवंबर को स्पेशल ट्रेन का संचालन होगा। यह ट्रेन दिल्ली से चलकर मुजफ्फरनगर रात्रि 12.05 बजे पहुंचेगी, जबकि दो मिनट बाद रवाना होगी। वहीं हरिद्वार से चलकर दिल्ली जाते समय मुजफ्फरनगर में 5.45 बजे रूकेगी, जबकि दो मिनट का स्टाप लेकर आगे रवाना होगी। उधर, दैनिक यात्री संघ ने रेलवे विभाग को शिकायत दी है। जिसमें कहा कि शालीमार एक्सप्रेस को 31 दिसंबर तक के लिए निरस्त कर दिया गया है। इससे प्रात: एवं शाम को विभिन्न जनपदों में ड्यूटी पर आने-जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। दैनिक यात्री संघ के अध्यक्ष घनश्याम भगत ने बताया कि ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों को परेशानी हो रही है। नवंबर में विवाह का सीजन आरंभ होगा। इस कारण यात्रियों को आवागमन में मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने ट्रेन को निरस्त नहीं करने की मांग की है। 

कर्नाटक के CM का केंद्र पर निशाना: कहा, कन्नड़ को दबाया जा रहा है, हिंदी थोपी जा रही है

बेंगलुरु कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने शनिवार को केंद्र सरकार पर कन्नड़ भाषा की उपेक्षा करने और हिंदी थोपने का आरोप लगाया। उन्होंने राज्य के लोगों से ‘कन्नड़-विरोधी’ ताकतों का विरोध करने का भी आह्वान किया। ⁠ मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस (राज्योत्सव दिवस) के अवसर पर राजधानी में आयोजित कार्यक्रम में कहा, “केंद्र सरकार कर्नाटक के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य केंद्र को 4.5 लाख करोड़ रुपये का राजस्व देता है, लेकिन उसे उसका उचित हिस्सा नहीं मिलता और बदले में बहुत ही मामूली राशि दी जाती है। कन्नड़ भाषा के साथ “अन्याय” होने का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “हिंदी थोपने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। हिंदी और संस्कृत के विकास के लिए अनुदान दिए जाते हैं, जबकि देश की अन्य भाषाओं की उपेक्षा की जा रही है।” उन्होंने यह भी कहा कि कर्नाटक को राज्य के विकास के लिए आवश्यक धन से वंचित किया जा रहा है। सिद्धरमैया ने कहा, “कन्नड़ जैसी शास्त्रीय भाषा के विकास के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं दी जा रही, जिससे उसके साथ अन्याय हो रहा है। हमें उन सभी का विरोध करना चाहिए जो कन्नड़-विरोधी हैं।” कन्नड़ भाषा और उसकी संस्कृति को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा में कन्नड़ भाषा की उपेक्षा के कारण कई समस्याएं उत्पन्न हुई हैं। उन्होंने कहा, “विकसित देशों के बच्चे अपनी मातृभाषा में सोचते, पढ़ते-लिखते और सपने देखते हैं, लेकिन यहां स्थिति इसके विपरीत है। अंग्रेज़ी और हिंदी हमारे बच्चों की प्रतिभा को कमजोर कर रही हैं।” सिद्धरमैया ने कहा, “इसलिए मातृभाषा को शिक्षा के माध्यम के रूप में लागू करने के लिए कानून बनाने की आवश्यकता है। मैं इस दिशा में केंद्र से गंभीरता से विचार करने का आग्रह करता हूं।”  

टीम इंडिया के अगले लीड पेसर बने अर्शदीप? अश्विन ने किया बड़ा खुलासा

नई दिल्ली भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजूदा श्रृंखला में भारतीय टीम प्रबंधन के टी20 टीम के अंतिम एकादश में अर्शदीप सिंह को शामिल नहीं करने पर हैरानी व्यक्त करते हुए कहा कि बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज के रिकॉर्ड को देखते हुए उन्हें जसप्रीत बुमराह के बाद दूसरी पसंद का तेज गेंदबाज होना चाहिए। अश्विन का मानना है कि अर्शदीप जैसे लगातार अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को नजरअंदाज करना उचित नहीं है। अश्विन की यह टिप्पणी मेलबर्न में दूसरे टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की चार विकेट से हार के बाद आई है। भारत केवल 125 रन पर आउट हो गया और ऑस्ट्रेलिया ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर श्रृंखला में 1-0 की बढ़त बना ली। कैनबरा में पांच मैचों की श्रृंखला का पहला टी-20 मैच बारिश की भेंट चढ़ गया। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर ऐश की बात में कहा, ‘‘अगर बुमराह खेल रहे हैं तो अर्शदीप सिंह का नाम आपके तेज गेंदबाजों की सूची में दूसरे नंबर पर होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अगर बुमराह नहीं खेल रहे हैं तो अर्शदीप उस टीम में आपका पहला मुख्य तेज गेंदबाज़ बन जाएगा। मुझे समझ नहीं आ रहा कि अर्शदीप सिंह को इस टीम में लगातार अंतिम एकादश से बाहर क्यों रखा जा रहा है। यह वास्तव में मेरी समझ से परे है।’’ अश्विन हालांकि इस बात को समझते हैं कि हर्षित राणा ने दूसरे मैच में बल्लेबाजी में योगदान दिया लेकिन उनका मानना है कि मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड जैसी पिच पर टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत के सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज़ को टीम से बाहर नहीं रखा जा सकता। उन्होंने कहा, ‘‘बेशक, हर्षित राणा का बल्ले से दिन अच्छा रहा। उन्होंने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन मैं अपनी बात उनसे जोड़ कर नहीं कह रहा हूं। मेरी बात अर्शदीप सिंह से जुड़ी हुई है। उन्होंने 2024 में टी20 विश्व कप में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन इसके बाद उन्हें लगातार बाहर रखा जा रहा है जिससे उनकी लय भी थोड़ा गड़बड़ गई है।’’ दिलचस्प बात यह है कि हर्षित अनुभवी शिवम दुबे से पहले बल्लेबाजी के लिए आए और उन्होंने 33 गेंदों पर 35 रन बनाए। लेकिन बुमराह के बाद दूसरे तेज गेंदबाज के रूप में उनका योगदान निराशाजनक रहा और उन्होंने दो ओवर में 27 रन देकर कोई विकेट नहीं लिया। जब राहुल द्रविड़ मुख्य कोच और रोहित शर्मा कप्तान थे तब अर्शदीप टी-20 क्रिकेट में भारत के सबसे विश्वसनीय तेज गेंदबाजों में से एक बन गए थे। वह खेल के सबसे छोटे प्रारूप में 100 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज हैं। अश्विन ने कहा, ‘‘हमने एशिया कप में देखा कि उसने (अर्शदीप) अच्छी गेंदबाजी की। उसने दूसरे स्पैल में बहुत अच्छी वापसी की लेकिन वह लय में नहीं दिख रहा था। अगर आप अपने चैंपियन गेंदबाज़ को नहीं खिलाते हैं तो वह बेकार लगेगा। इसलिए अगर आप अर्शदीप सिंह हैं तो यह वाकई मुश्किल स्थिति हैं। मुझे उम्मीद है कि उसे टीम में जगह मिलेगी जिसका वह हकदार है।’’  

आईपीएस के भाई से पुलिस की अभद्रता! ड्यूटी पर तैनात सिपाही को जेल भेजा गया

कानपुर  यूपी पुलिस के दो सिपाहियों को देर रात आईपीएस अफसर के भाई से अभद्रता करना भारी पड़ गया। आईपीएस अफसर का भाई खाना खाने के बाद रात को ईवनिंग वाक पर निकला था। इसी दौरान दो सिपाहियों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। पहले तो उन्होंने समझाने का प्रयास किया लेकिन जब पुलिसकर्मी नहीं माने तो स्वरूप नगर पुलिस को जानकारी दी। स्वरूप नगर पुलिस पहुंची तो आरोपियों ने उनके साथ भी हाथापाई कर दी। मामला न संभलते देख स्वरूप नगर पुलिस उसे गिरफ्तार कर थाने लाई। सिपाही का मेडिकल कराया गया तो शराब पीने की पुष्टि हो गई। जिसके बाद शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया। सिपाही के निलंबन की कार्रवाई की जा रही है। कानपुर के एसीपी स्वरूप नगर के पद पर तैनात आईपीएस अधिकारी सुमित सुधाकर रामटेके लक्ष्मण बाग कॉलोनी स्थित सरकारी आवास में रहते हैं। इन दिनों महाराष्ट्र से उनके रिश्ते के भाई मिलने आए हैं। गुरुवार देर रात खाना खाने के बाद वो घर के बाहर ईवनिंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान डीसीपी ईस्ट के एस्कॉर्ट में तैनात ड्राइवर अंकुर अपने साथी प्रवीन के साथ शराब पीकर परिसर में घूम रहा था। दोनों ने उन्हें देखते ही अभद्रता शुरू कर दी। जब बात हद के आगे निकल गई तो उन्होंने इसकी जानकारी भाई को दी। एसीपी सुमित उस समय साउथ जोन में सरकारी कार्य में व्यस्त थे। भाई के साथ अभद्रता की जानकारी मिलने पर उन्होंने स्वरूप नगर थाने में कॉल की। इंस्पेक्टर सूर्यबली पांडेय के अवकाश पर होने के चलते कार्यवाहक इंस्पेक्टर गोपीचंद्र लक्ष्मण बाग कॉलोनी पहुंचे। यहां अंकुर पुलिस को मिल गया। बातचीत करने पर अंकुर ने कार्यवाहक इंस्पेक्टर गोपीचंद्र के साथ भी मारपीट कर दी। इस दौरान मची अफरातफरी का फायदा उठाकर यातायात विभाग में तैनात सिपाही प्रवीन फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस बल प्रयोग कर अंकुर को थाने ले आई। मेडिकल में निकला एल्कोहल रात पुलिस ने अंकुर का मेडिकल कराया। हैलट में तैनात ईएमओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने अंकुर का मेडिकल किया जिसमें शराब की पुष्टि हुई। चौकी प्रभारी नगर निगम सौरभ सिंह की तहरीर पर अंकुर और प्रवीन के खिलाफ केस दर्ज किया गया। एसीपी सुमित सुधाकर रामटेके ने बताया कि अंकुर के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। प्रवीन मोबाइल बंद करके फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। अंकुर के खिलाफ सस्पेंशन की कार्रवाई की जाएगी।  

किन्नरों का बधाई डांस बना चर्चा का विषय, सोशल मीडिया पर मचा हंगामा

फिरोजपुर  फिरोजपुर शहर के हीरा मंडी में एक शादी वाले घर से बधाई लेने को लेकर किन्नरों के दो ग्रुपों में खूनी झड़प हो गई। इस लड़ाई में दोनों ग्रुपों के कुछ किन्नर घायल हुए हैं जिनका इलाज चल रहा है। किन्नरों के एक ग्रुप ने आरोप लगाते हुए बताया कि शादी करने वाले एक परिवार ने उनको फोन करके बधाई लेकर जाने के लिए कहा था और जब वह बधाई लेने के लिए उस घर में पहुंचे तो वहीं पर दूसरा किन्नर ग्रुप भी आ गया जिन्होंने लाठियों और अन्य हथियारों से उन पर हमला कर दिया।   किन्नरों के दूसरे ग्रुप का पक्ष दूसरी और किन्नरों के दूसरे पक्ष ने सभी आरोपी को गलत बताते हुए बताया कि यह एरिया कृष्णा महंत का है और उन्होंने यह इलाके खरीदे हुए हैं। जहां पर दूसरा ग्रुप जबरदस्ती जाकर बधाइयां लेता है और जानबूझकर उनका नुकसान करता है। बॉबी देवा और कृष्णा महंत ने कहा कि वह इस घर में बधाई लेने के लिए आए हुए थे जहां पर किन्नरों के दूसरे ग्रुप में उन पर हमला कर दिया और उनकी कार भी तोड़ दी। उन्होंने बताया कि उनके एक सदस्य के सिर पर राड़ से हमला किया गया है और एक घायल के 8 टांके लगे हैं। इस सारी घटना की रिकॉर्डिंग सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई। दोनों ही किन्नर ग्रुप एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं और एक दूसरे के खिलाफ कार्यवाही करने की मांग कर रहे हैं । वास्तव में कसूरवार कौन है इस बात का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। समाचार लिखे जाने तक इस घटना को लेकर पुलिस द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा रही है ।

शहनाई बजेगी भारी: वेडिंग सीजन में 11 मुहूर्त और करोड़ों का कारोबार

भोपाल  प्रदेश के मौसम का मिजाज भले ही बिगड़ा हो। बादल छाए हों, लेकिन अब शादी सीजन पर छाए बादल शनिवार से छंटने वाले हैं। यानी देव प्रबोधिनी एकादशी के साथ ही शादियों का सिलसिला शुरू हो जाएगा। हालांकि नवंबर-दिसंबर में सिर्फ 11 मुहूर्त हैं। इसके बावजूद बाजारों में अच्छे कारोबार की उम्मीद है। एक अनुमान के अनुसार शादी सीजन में इस साल राजधानी सहित आसपास के क्षेत्रों को मिलाकर 400 करोड़ से ज्यादा का कारोबार हो जाएगा। इन शुभ मुहूर्तों में अनुमानित पांच हजार शादी समारोह होंगे।  दीपावली से लेकर अब तक सोना-चांदी के भाव में काफी गिरावट आई है। इससे लोग ज्वेलरी ज्यादा वजन वाली खरीद सकेंगे। इसी प्रकार शादियों में लगने वाले सामान पर ज्यादा राशि खर्च कर सकेंगे। अनुमानित कारोबार बैंड-बाजा 02 करोड़ बर्तन 30 करोड़ ऑटोमोबाइल 100 करोड़ टेंट-केटरिंग 40 करोड़ गार्डन 05 करोड़ फर्नीचर 35 करोड़ इलेक्ट्रॉनिक्स 80 करोड़ कपड़े 20 करोड़ डेयरी उत्पाद 10 करोड़ फूल बाजार 02 करोड़ किराना बाजार 50 करोड़ पूजन सामग्री 20 करोड़ अन्य सामग्री 10 करोड़ एक लाख लोगों को रोजगार शादी के 11 मुहूर्त में भोपाल और आसपास के क्षेत्र में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से एक लाख से ज्याद लोगों को रोजगार मिलेगा। भोपाल टेंट लाइट केटर्स एसोसिएशन के महासचिव योगेश श्रीवास्तव बताते हैं कि लाइट, घोड़े वाले से लेकर फूल, स्टेज सज्जा, टेंट डेकोरेटर्स केटरिंग जैसे कामों के लिए बड़ी संख्या में लोग अपनी सेवाएं देते हैं। सोना-चांदी के भाव गिरे, गहनों की बुकिंग शुरू सोना-चांदी के भाव में दिवाली बाद गिरावट आई है। लोग शादियों केलिए गहने खरीदने बुकिंग करने लगे हैं। हालांकि कम कैरेटके गहनों की मांग है। नवनीत अग्रवाल, प्रवक्ताभोपाल सराफा महासंघ रेडीमेड कपड़ों की मांग 20% से ज्यादा शादियों में रेडीमेड कपड़ों के साथ ही सूटिंग-शर्टिंग सहित साड़ी, सूट की मांग 20% से अधिक हो जाती है। इसके अलावा स्टिचिंग का काम भी इन दिनों बढ़ गया है। सुमित गर्ग, महामंत्री, फेडरेशन ऑफ राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ

ओडिशा में ‘सी लॉकडाउन’: कछुओं की रक्षा हेतु मछली पकड़ने पर 7 माह का बैन, मछुआरों को मिलेगी आर्थिक सहायता

भुवनेश्वर ओडिशा सरकार ने समंदर में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है. सरकार ने खतरे में घिरे जैतून रिडले कछुओं (ओलिव रिडले टर्टल) के संरक्षण कार्यक्रम के तहत ये नियम लगाया है. शनिवार को सरकार की ओर से नोटिस जारी किया गया कि धामरा, देवी और रुसीकुल्या नदियों के मुहानों के पास 20 किलोमीटर समुद्री क्षेत्र में 7 महीने का सागरीय मछली पकड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया. अधिकारियों ने बताया कि यह प्रतिबंध 1 नवंबर से 31 मई तक लागू रहेगा, जो कछुओं के प्रजनन और संभोग मौसम के दौरान समुद्री जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगा. वहीं, गहिरमठा तट पर तो पूरे साल मछली पकड़ने पर रोक बनी हुई है. इसे दुनिया का सबसे बड़ा कछुआ कॉरिडोर माना जाता है. यह प्रतिबंध ओडिशा समुद्री मछली रेगुलेशन एक्ट (OMFRA), 1982 की धारा 2, 7 और 4 तथा वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रावधानों के तहत लगाया गया है. एक अधिकारी ने कहा, ‘हर साल की तरह इस बार भी सख्ती से अमल होगा, क्योंकि ये संकटग्रस्त प्रजातियां मछली पकड़ने के जाल में फंसकर या ट्रॉलर प्रोपेलर से टकराकर बड़ी संख्या में मर जाती हैं.’ मल्टी-लेयर पैट्रोलिंग होंगी प्रभावी निगरानी के लिए भद्रक, राजनगर, पुरी और बेरहामपुर के चार वन्यजीव मंडलों में 61 तटीय और 5 अपतटीय कैंप स्थापित किए गए हैं. वन, मत्स्य, समुद्री पुलिस और कोस्ट गार्ड की संयुक्त टीमें मल्टी-लेयर पैट्रोलिंग करेंगी. राजनगर मैंग्रोव (वन्यजीव) वन मंडल के डीएफओ सुदर्शन गोपीनाथ यादव ने बताया, ‘5 हाई-स्पीड नावें, 13 ट्रॉलर और सपोर्ट बोट्स अवैध मछली पकड़ने को रोकने के लिए तैनात हैं. सशस्त्र पुलिस भी पैट्रोलिंग टीमों के साथ रहेगी.’ एकमुश्त 15,000 रुपये की आजीविका प्रतिबंध से करीब 11,000 मछुआरा परिवार प्रभावित होंगे, जिन्हें आय के नुकसान की भरपाई के लिए सरकार एकमुश्त 15,000 रुपये की आजीविका सहायता देगी. लेकिन, ओडिशा ट्रेडिशनल फिश वर्कर्स यूनियन (OTFWU) ने मांग की है कि राशि 30,000 रुपये की हो और इसमें छोटे मछली व्यापारियों समेत सभी मछली-निर्भर परिवार शामिल हों. यूनियन के महासचिव के येलय्या ने कहा, ‘प्रतिबंध अवधि 7 से घटाकर 5 महीने, क्षेत्र 20 किलोमीटर से घटाकर 5 किलोमीटर और सभी प्रभावित परिवारों को वैकल्पिक रोजगार सहायता दी जाए.’ अरिबाडा नामक दुर्लभ घटना जैतून रिडले कछुए रात के अंधेरे में घुसकर ‘अरिबाडा’ नामक दुर्लभ घटना में अंडे देती हैं. अंडे देने के बाद वे समुद्र लौट जाती हैं, और 45-60 दिनों बाद बच्चे निकल आती हैं. बिना मां के ही पलकर. ओडिशा का यह क्षेत्र कछुओं का प्रमुख घोंसला स्थल है, जहां हर साल लाखों कछुए आते हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह प्रयास वैश्विक स्तर पर संरक्षण का मॉडल है, लेकिन मछुआरों की आजीविका को मजबूत बनाने की जरूरत है. सरकार ने अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम भी शुरू किए हैं.

हरमनप्रीत कौर के सामने सुनहरा मौका, वर्ल्ड कप फाइनल में टूटेगा बड़ा रिकॉर्ड!

मुंबई  भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रविवार को आईसीसी महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल खेला जाना है। दोनों टीमों की नवी मुंबई के मैदान पर मैदान भिड़ंत होगी। भारत तीसरी बार टूर्नामेंट के फाइनल में खिताबी सूखे को खत्म करने उतरेगा। भारत ने साल 2005 और 2017 में फाइनल खेला था मगर निराशा हाथ लगी। वहीं, साउथ अफ्रीका का यह महिला वर्ल्ड कप का पहला फाइनल है। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और अनुभवी बल्लेबाज हरमनप्रीत कौर खिताबी मुकाबले में इतिहास रचने की दहलीज पर हैं। वह टूर्नामेंट की 'सिक्सर क्वीन' बनने से सिर्फ दो कदम दूर हैं।   हरमनप्रीत फिलहाल महिला वनडे वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने वाली खिलाड़ियों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे नंबर पर हैं। वह टूर्नामेंट में 34 मैचों में कुल 22 सिक्स लगा चुकी हैं। वेस्टइंडीज की धाकड़ ऑलराउंडर डिएंड्रा डॉटिन ने 29 मुकाबलों में 22 छक्के जमाए हैं। शीर्ष पर न्यूजीलैंड की दिग्गज सोफी डिवाइन हैं, जिन्होंने 32 मैचों में 23 सिक्स उड़ाए। 36 वर्षीय हरमनप्रीत को डिवाइन से आगे निकालने के लिए महज दो सिक्स की जरूरत है। डिवाइन इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो गई हैं। उन्होंने वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ हार के बाद अपने करियर को अलविदा कहा। हरमनप्रीत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार पारी खेली थी। उन्होंने 89 गेंदों में 10 चौकों और दो छक्कों की मदद से 89 रन बनाए। भारत ने 339 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सात बार की चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई टीम के सामने ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। जेमिमा रोड्रिग्स (134 गेंदों में नाबाद 127) प्लेयर ऑफ द मैच रहीं। महिला वनडे वर्ल्ड कप में सर्वाधिक सिक्स लगाने वाली प्लेयर्स की सूची में भारत की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना तीसरे पायदान पर हैं। उन्होंने 24 मैचों में 22 छक्के ठोके हैं। उनके बाद साउथ अफ्रीका की ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन हैं। ट्रायोन ने 26 मुकाबलों में 17 सिक्स जड़े हैं।  

विदेश में फंसे झारखंड के मजदूरों की दुर्दशा! ट्यूनिशिया में भूख-प्यास से जूझ रहे लोग, सीएम सोरेन ने दिए जांच के आदेश

नई दिल्ली  अफ्रीका के ट्यूनिशिया में झारखंड राज्य के करीब 48 प्रवासी मजदूरों के फंसे होने की जानकारी सामने आई है। ये सभी मजदूर झारखंड के हजारीबाग, गिरिडीह और बोकारो जिले के बताए जा रहे हैं। मजदूरों ने एक वीडियो जारी करके मदद की अपील की है। मामले में सीएम हेमंत सोरेन ने कार्रवाई का निर्देश दिया है। वीडियो में मजदूर कह रहे हैं, "हम यहां बहुत खराब हालत में हैं। कंपनी ने हमारी सैलरी बंद कर दी है। खाने तक के पैसे नहीं बचे हैं। बस किसी तरह से अपने घर लौटना चाहते हैं।" ट्यूनिशिया में फंसे मजदूरों ने दावा किया है कि उन्हें बीते चार महीने से सैलरी नहीं मिली है। मजदूरों ने यह भी कहा है कि उनसे ओवरटाइम करवाया जा रहा है। मामले की जानकारी झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को मिल गई है। उन्होंने उचित कार्रवाई कर श्रम विभाग के मजदूरों की मदद का निर्देश दिया है। इसके साथ ट्यूनिशिया में भारतीय एंबेसी से भी मदद करने की अपील की है। वहीं, झारखंड में श्रम नियोजन और कौशल विकास मंत्री संजय प्रसाद यादव ने इस मामले में कहा, "मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के संज्ञान के बाद, विभाग के वरीय पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं कि अफ्रीका के ट्यूनीशिया में फंसे झारखंड के सभी 48 प्रवासी श्रमिकों की शीघ्र एवं सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाए।" इस मामले की एक वीडियो सामने आई है, जिसमें मजदूर अपनी आपबीती सुना रहे हैं। एक मजदूर ने कहा, "हम लोगों को भारत से यह बोलकर लाया गया था कि यह एक कंपनी है, लेकिन यहां आने के बाद पता चला कि ये प्रेम पावर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड (पीपीसीएल) कॉन्ट्रैक्टर हैं। पीपीसीएल ने यह एलएमपी से कॉन्ट्रैक्ट लिया है। हम लोगों ने भारत में एग्रीमेंट पेपर की मांग की तो हमें बोला गया कि वहां पहुंचने के बाद मिलेगा। यहां पहुंचने के बाद कुछ नहीं मिलेगा।" मजदूरों ने आगे कहा कि भारत से हमें 8 घंटे की ड्यूटी बोलकर लाया गया था, लेकिन यहां 12 घंटे ड्यूटी करवाई जा रही है। 4 महीने से सैलरी नहीं मिली है। सैलरी मांगने पर धमकी दी जा रही है कि सबको जेल करवा देंगे, भारत वापस नहीं जा पाओगे। हमारे पास खाने-पीने के सारे पैसे खत्म हो गए हैं। कोई सामान भी नहीं है। हम 48 मजदूर यहां फंसे हुए हैं। हमलोग वतन वापसी के लिए झारखंड और केंद्र सरकार से अपील कर रहे हैं कि हमारी मदद की जाए।