samacharsecretary.com

पहले 80 गिरफ्तार, अब अनंत सिंह — मोकामा में सख्त प्रशासन, DM बोले सब नियंत्रण में

पटना  बिहार की मोकामा विधानसभा सीट को हॉट सीट माना जाता है। इस सीट से जनता दल यूनाइटेड के प्रत्याशी अनंत सिंह के गिरफ्तार हो जाने के बाद यहां अब चुनावी दंगल और भी ज्यादा दिलचस्प हो गया है। चर्चित दुलारचंद यादव मर्डर केस में पटना पुलिस ने देर रात बाहुबली कहे जाने वाले अनंत सिंह को गिरफ्तार किया है। अब अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद पटना के जिलाधिकारी डॉक्टर त्यागराजन ने कहा है कि मोकामा में अब हालात सामान्य हैं और उन्होंने यहां निष्पक्ष चुनाव का वादा भी किया है। अनंत सिंह को गिरफ्तार करने के बाद रविवार को अनंत सिंह को एसएसपी कार्यालय स्थित रंगदारी सेल में रखा गया है। अनंत सिंह के सहयोगी सुबह पूर्व विधायक के लिए चाय लेकर यहां पहुंचे थे। हालांकि, यहां प्रशासन ने इन्हें अनंत सिंह से मिलने नहीं दिया। हालांकि, वहां मौजूद स्टाफ ने चाय ले ली थी। बता दें कि यह सेल काफी सुरक्षित माना जाता है और यहां आसपास सुरक्षा के काफी पुख्ता इंतजाम भी है। इधर देर रात अनंत सिंह की गिरफ्तारी के बाद पटना के डीएम ने कहा, 'इस हत्याकांड को काफी गंभीरता से लिया गया है। हमने 48 घंटे तक दिन से लेकर रात तक वहां कैंप किया। अब हालात बिल्कुल सामान्य हैं। यह चुनाव प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है इसलिए हर एंगल से इसकी जांच-पड़ताल की गई है। सभी असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऐक्शन लिया गया है। कल तक 80 लोगों को गिरफ्तार किया गया था और आज मुख्य अभियुक्त अनंत सिंह को भी अरेस्ट कर लिया गया है। हमलोगों ने उन लोगों की पहचान कर ली है जो चुनाव को प्रभावित करना चाहते हैं।' CAPF जवान तैनात, सुरक्षा कड़ी डीएम ने बताया कि सीएपीएफ के जवानों को तैनात किया गया है और अवैध हथियारों को जब्त करने के लिए छापेमारी की जा रही है। मोकामा में निष्पक्ष मतदान का वादा करते हुए पटना के जिलाधिकारी ने पत्रकारों से कहा, 'मोकामा विधानसभा क्षेत्र में हुई घटना को जिला प्रशासन औऱ पुलिस ने काफी गंभीरता से लिया है। हमने इस केस में कई ऐक्शन लिए हैं। पूरी चुनावी प्रक्रिया में आदर्श चुनाव आचार संहिता काफी मजबूत स्तंभ है। चुनाव आयोग के निर्देश के मुताबिक, हम निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए कटिबद्ध हैं। अगर कोई भी असामाजिक तत्व चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी वैध हथियार जल्द ही जमा करा लिए जाएंगे। पटना के डीएम ने बताया कि प्रत्येक विधानसभा में 50 चेकिंग प्वााइंट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। सीएपीएफ भी लगातार चेकिंग कर रहा है। पटना से ज्यादा से ज्यादा जब्ती की जा चुकी है। भारी संख्या में सीएपीएफ की तैनाती की गई है। वो लोग मजिस्ट्रेट और पुलिस के साथ को-ऑर्डिनेट कर काम कर रहे हैं।' जनसुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हुई थी हत्या आपको बता दें कि 30 अक्तूबर को जनसुराज पार्टी के समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या दो पक्षों के बीच हुई फायरिंग में हो गई थी। मोकामा में चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे जिसके बाद यह घटना हुई थी। मोकमा में 6 नवंबर को पहले चरण में मतदान होंगे। राष्ट्रीय जनता दल ने इस सीट से वीणा देवी को मैदान में उतारा है।  

दिल्ली में प्रदूषण चरम पर, AQI 421 के साथ ‘गंभीर’ श्रेणी में पहुंची हवा

नई दिल्ली देश की राजधानी दिल्ली की आबोहवा दिन-प्रतिदिन बिगड़ती जा रही है। पिछले 24 घंटे के अंदर दिल्ली में प्रदूषण का लेवल तेजी से बढ़ा है, जिससे रविवार को शहर की हवा और खराब हो गई। सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड (CPCB) के डेटा के मुताबिक, एम्स और आस-पास के इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 421 पर पहुंच गया, जिससे यह 'गंभीर' श्रेणी में आ गया है। शनिवार को दिल्ली का औसत AQI 245 था, जो 'खराब' कैटेगरी में आता है।  CPCB के डेटा के अनुसार, राजधानी के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर हवा की क्वालिटी 'गंभीर' श्रेणी में रिकॉर्ड की गई, जबकि कुछ इलाकों में 'बहुत खराब' लेवल बना रहा। आज सुबह 8 बजे, खास मॉनिटरिंग जगहों पर AQI आनंद विहार (298), अलीपुर (258), अशोक विहार (404), चांदनी चौक (414), द्वारका सेक्टर-8 (407), आईटीओ (312), मंदिर मार्ग (367), ओखला फेज-2 (382), पटपड़गंज (378), पंजाबी बाग (403), आरके पुरम (421), लोधी रोड (364), रोहिणी (415) और सिरीफोर्ट (403) पर दर्ज किया गया। इनमें से अधिकतर रीडिंग शहर को 'बहुत खराब' या 'गंभीर' कैटेगरी में पहुंचा दिया है। बाहर की BS-III कमर्शियल मालवाहक गाड़ियों की एंट्री पर बैन अधिकारियों ने बढ़ते प्रदूषण के स्तर को कम करने के लिए शहर के कई हिस्सों में ट्रक पर लगे पानी के स्प्रिंकलर और धूल कंट्रोल करने के दूसरे उपाय तेज कर दिए हैं। इसके साथ ही कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली-एनसीआर में बिगड़ती हवा की क्वालिटी को कंट्रोल करने के लिए 1 नवंबर से दिल्ली से बाहर के सभी BS-III और उससे नीचे के स्टैंडर्ड वाले कमर्शियल मालवाहक गाड़ियों की एंट्री पर बैन लगा दिया है। दिल्ली ट्रांसपोर्ट एनफोर्समेंट टीम के सब इंस्पेक्टर, धर्मवीर कौशिक ने कहा, "BS-III गाड़ियों को वापस भेजा जा रहा है। उन्हें दिल्ली में आने की इजाजत नहीं है। यह सिर्फ मालवाहक गाड़ियों पर लागू होता है; पैसेंजर गाड़ियों पर कोई रोक नहीं है।" दिवाली के बाद से दिल्ली-एनसीआर में कई इलाकों में एक्यूआई 'खराब' और 'बहुत खराब' कैटेगरी में बना हुआ है, जबकि ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान-2 (ग्रैप-2) के प्रतिबंध अब भी लागू हैं। खराब होती हवा की वजह से ग्रैप-2 लागू होने के बाद नई दिल्ली म्युनिसिपल काउंसिल (NDMC) ने पार्किंग फीस दोगुनी करने की घोषणा कर दी है। प्राइवेट गाड़ियों का इस्तेमाल कम करने के मकसद से लिए गए इस फैसले से NDMC द्वारा मैनेज किए जाने वाले ऑफ-रोड और इनडोर पार्किंग एरिया में पार्किंग चार्ज दोगुने हो जाएंगे।  

परिवार में खौफनाक कांड: 15 साल के लड़के ने की भाई की हत्या, भाभी की भी ली जान

राजकोट  गुजरात में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। 15 साल के एक लड़के ने पुलिस पूछताछ में जो कुछ कबूल किया उसे सुनकर सभी हैरान रह गए। आरोपी ने पहले अपने बड़े भाई को पीट-पीटकर मार डाला और फिर डरी-सहमी गर्भवती भाभी का रेप किया। इसके बाद उसने भाभी को भी बेहद क्रूर तरीके से मार डाला। जूनागढ़ शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर एक गांव में इस वारदात को अंजाम दिया गया। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है।   झकझोर देने वाली इस आपराधिक घटना को 16 अक्टूबर को अंजाम दिया गया और शुक्रवार लाशों की बरामदगी के बाद पूरी घटना से पर्दा उठा। हत्याकांड का खुलासा तब हुआ जब बिहार में रहने वाले मृतक महिला के मायकेवालों ने विसावदर पुलिस से संपर्क किया। अभी तक की जांच में सामने आया है कि आरोपी लड़का एक डेयरी में काम करता था। वह बड़े भाई से बेहद क्रोधित था, क्योंकि कथित तौर पर वह उसे पीटता था और उसके पैसे छीन लेता था। आरोपी ने पुलिस के सामने कबूल किया कि उसने लोहे के एक रॉड से भाई के सिर पर तब तक वार किया जब तक उसकी जान नहीं चली गई। जब उसकी भाभी ने पति की हत्या करने वाले देवर का यह रूप देखा तो वह बेहद डर गई। उसने अपनी जान बख्श देने की गुहार लगाई। तब लड़के ने कहा कि यदि वह उसके साथ संबंध बनाएगी तो छोड़ देगा। लड़के ने 6 महीने की प्रेग्नेंट भाभी के साथ रेप किया। हालांकि, इसके बाद उसे लगा कि वह उसका भेद खोल सकती है। उसने घुटने से भाभी के पेट पर घुटने से वार करके और गला घोंटकर हत्या कर दी। उसने भाभी के पेट पर इतनी क्रूरता से वार किए कि भ्रूण गर्भाश्य से बाहर आ गया। पुलिस ने लड़के की मां को भी गिरफ्तार किया है जिसने लाशों को गड्ढे में दबाने में छोटे बेटे की मदद की। पुलिस ने जब लाशों को खोदकर निकाला तो नग्न अवस्था में थे। पुरुष मृतक का सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त था तो महिला के शरीर पर भी कपड़े नहीं थे। भ्रूण भी गर्भाश्य से बाहर आ चुका था। लाशों को पांच फीट के एक गड्ढे में दबा दिया गया था और कपड़ों को जला दिया गया था। पुलिस का कहना है कि जिस समय वारदात को अंजाम दिया गया आरोपी की मां भी वहीं मौजूद थी। आरोपी ने भाभी के साथ रेप की बात कबूल की है। हालांकि, पुलिस मेडिकल रिपोर्ट से इसकी पुष्टि का इंतजार कर रही है। मृतक महिला के मायकेवालों ने जब उसकी सास से संपर्क नहीं होने की बात कही तो उसने कहा कि दुर्घटना में उनकी मौत हो गई। जब उन लोगों ने हादसे की तस्वीरों की मांग की तो वह अलग-अलग बहाने बनाने लगे। शक बढ़ने पर परिवार के कुछ सदस्य बिहार के खगड़िया से विसावदर पहुंचे और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने बताया कि हिम्मतनगर थाना क्षेत्र में ऐसी कोई दुर्घटना नहीं हुई है। इसके बाद पुलिस ने जब लड़के और उसकी मां से पूछताछ की तो सारा सच सामने आ गया।  

एयर इंडिया में हड़कंप! दो पायलट बिना लाइसेंस उड़ा रहे थे विमान, DGCA ने मचाई खलबली

नई दिल्ली  एयर इंडिया में शेड्यूलिंग और रोस्टरिंग की समस्या अब भी जारी है। रेगुलेटर ने इस मुद्दे पर 5 महीने पहले ही फटकार लगाई थी। ताजा मामले में, एक को-पायलट और एक सीनियर कैप्टन को फ्लाइंग ड्यूटी से हटा दिया गया है, क्योंकि एयरलाइन को पता चला कि पिछले महीने उन्होंने एक-एक फ्लाइट ऑपरेट की थी। एक केस में इंग्लिश लैंग्वेज प्रोफिशिएंसी (ELP) लाइसेंस एक्सपायर हो चुका था। दूसरे में को-पायलट ने बाय-एनुअल पायलट प्रोफिशिएंसी चेक (PPC) – इंस्ट्रूमेंट रेटिंग टेस्ट क्लियर नहीं किया था। DGCA इन खामियों की जांच कर रहा है और एयरलाइन से रिपोर्ट मांगी है।   रिपोर्ट के मुताबिक, को-पायलट अपना लेटेस्ट IR-PPC चेक क्लियर नहीं कर पाया था। ये कोई बड़ी अनोखी बात नहीं है, लेकिन पायलट्स को फिर से उड़ान भरने से पहले मैंडेटरी करेक्टिव ट्रेनिंग लेनी पड़ती है। इस केस में एयरबस A320 को-पायलट ने बिना ट्रेनिंग के फ्लाइट ऑपरेट कर दी और इस गलती को बहुत गंभीरता से लिया जा रहा है। एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, 'फर्स्ट ऑफिसर का ट्रेनिंग चेक में अनसैटिस्फैक्टरी परफॉर्मेंस के बाद फ्लाइट ऑपरेट करने का केस पकड़ा गया। जैसे ही यह गलती नोटिस हुई, क्रू शेड्यूलर और पायलट को ऑफ-रोस्टर कर दिया गया। आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और DGCA को रिपोर्ट कर दिया गया है।' लाइसेंस एक्सपायर होने के बावजूद भरी उड़ान दूसरे केस में, सीनियर कमांडर ने ELP लाइसेंस एक्सपायर होने के बावजूद A320 फ्लाइट का पायलट-इन-कमांड रहते हुए ऑपरेट किया। ELP लाइसेंस पायलट्स के लिए उड़ान भरने की बेसिक रिक्वायरमेंट है। एयर इंडिया की ओर से कहा गया, 'सीनियर पायलट का एक्सपायर्ड ELP के साथ फ्लाइट ऑपरेट करने का केस सामने आया। इसके बाद पायलट को ऑफ-रोस्टर कर दिया गया और जांच चल रही है। DGCA को रिपोर्ट कर दिया गया है।' सीनियर पायलट्स का कहना है कि ये खामियां एआई में ओवरसाइट पर सवाल उठाती हैं कि सिर्फ सही पायलट्स ही रोस्टर पर आएं।  

सुबह खाली पेट बस एक गिलास दालचीनी पानी—शुगर और फैट दोनों रहेंगे कंट्रोल में

सोचिए, रसोई के मसालों के डिब्बे में रखी एक चीज आपके दो सबसे बड़े हेल्थ इशूज का समाधान कर सकती है। जी हां, हम बात कर रहे हैं दालचीनी की। एक ऐसा मसाला जो न सिर्फ आपकी खीर या बिरयानी का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि चुपके से आपके शरीर के अंदर कई जादू भी करता है। क्या आप जानते हैं कि रोज सुबह एक गिलास पानी में केवल चुटकी भर दालचीनी मिलाकर पीने से, आप अपने जिद्दी वजन को कम कर सकते हैं और बढ़ते शुगर लेवल पर लगाम लगा सकते हैं? आइए, इस मसाले के कुछ ऐसे फायदे जानते हैं जो आपकी सेहत का कायापलट कर सकते हैं। वजन कम करने में है जादूगर अगर आप अपना वजन कम करना चाहते हैं, तो दालचीनी का पानी आपकी मदद कर सकती है।     मेटाबॉलिज्म को बढ़ाए: दालचीनी आपके शरीर के मेटाबॉलिज्म को तेज करती है। जब मेटाबॉलिज्म तेज होता है, तो शरीर ज्यादा कैलोरी बर्न करता है, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है।     भूख को करे कंट्रोल: यह मसाला भूख और खाने की इच्छा को कंट्रोल करने में मददगार है। इसे पीने से आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस होता है, और आप अनहेल्दी स्नैक्स खाने से बच जाते हैं।     फैट को पिघलाए: कुछ शोध बताते हैं कि दालचीनी शरीर में फैट जमा होने की प्रक्रिया को धीमा कर सकती है और पहले से जमा चर्बी को पिघलाने में मदद करती है, खासकर पेट के आसपास की चर्बी को। शुगर के मरीजों के लिए रामबाण दालचीनी को डायबिटीज के रोगियों के लिए एंटी-डायबिटिक माना जाता है।     इंसुलिन सेंसिटिविटी में सुधार: दालचीनी शरीर की कोशिकाओं को इंसुलिन के प्रति अधिक संवेदनशील बनाती है। इंसुलिन वह हार्मोन है जो ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करता है। बेहतर सेंसिटिविटी से शुगर कंट्रोल करना आसान हो जाता है।     ब्लड शुगर कम करे: यह मसाला भोजन के बाद ब्लडस्ट्रीम में ग्लूकोज के प्रवेश को धीमा करने में मदद करता है, जिससे शुगर लेवल अचानक से नहीं बढ़ता।     एंटीऑक्सीडेंट का भंडार: दालचीनी में भरपूर मात्रा में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो डायबिटीज से जुड़ी जटिलताओं के खतरे को कम करने में भी मदद करते हैं। दालचीनी का पानी सिर्फ वजन और शुगर ही नहीं, बल्कि कई अन्य स्वास्थ्य समस्याओं में भी लाभकारी है:     पाचन तंत्र को मजबूत बनाए: यह पाचन क्रिया को दुरुस्त रखता है। गैस, एसिडिटी और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाने में यह बहुत कारगर है।     दिल को रखे स्वस्थ: दालचीनी खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कम करने में मदद करती है, जिससे दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा कम हो जाता है और आपका हृदय स्वस्थ बना रहता है।     इम्युनिटी बढ़ाए: इसमें एंटी-वायरल और एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, जो आपकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाते हैं और आपको सर्दी-जुकाम जैसे मौसमी संक्रमणों से बचाते हैं। कैसे बनाएं दालचीनी का पानी? इसे बनाना बेहद आसान है और आप इसे अपनी दिनचर्या में आसानी से शामिल कर सकते हैं:     एक गिलास गुनगुना पानी लें। इसमें आधा या एक छोटा चम्मच दालचीनी का पाउडर मिलाएं। आप चाहें तो रात भर पानी में एक इंच दालचीनी की स्टिक भिगोकर, सुबह उस पानी को हल्का गुनगुना करके भी पी सकते हैं।     स्वाद के लिए आप इसमें थोड़ा सा नींबू का रस या एक चुटकी शहद (अगर शुगर के मरीज नहीं हैं तो) भी मिला सकते हैं। बता दें, इस जादुई ड्रिंक का सेवन सुबह खाली पेट करना सबसे ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।  

RSS का अलर्ट! जनसंख्या असंतुलन पर जताई चिंता, कहा- जल्द लागू हो ठोस जनसंख्या नीति

नई दिल्ली  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने केंद्र सरकार से जनसंख्या नीति जल्द तैयार करने की अपील की है, ताकि जनसांख्यिकीय असंतुलन को सुधारा जा सके। होसाबले ने मध्य प्रदेश के जबलपुर में संघ की अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक के अंतिम दिन यह बयान दिया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'सरकार ने इसे खुले मंच पर और संसद में भी उल्लेख किया है। वो जनसंख्या नीति जितनी जल्दी होगी, उतना ही उसका लाभ है।'   प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के भाषण में जनसांख्यिकीय परिवर्तन का जिक्र किया था। उन्होंने इससे निपटने के लिए एक उच्चस्तरीय मिशन की भी घोषणा की थी। इसी तरह, फरवरी 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले अंतरिम बजट भाषण में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने इस मुद्दे का उल्लेख किया। उन्होंने तीव्र जनसंख्या वृद्धि और जनसांख्यिकीय परिवर्तनों की चुनौतियों पर विचार करने के लिए उच्चस्तरीय समिति की घोषणा की थी। प्रस्तावित मिशन या सीतारमण की घोषणा के अब दत्तात्रेय होसबाले का बयान आया है। ऐसा कानून क्यों जरूरी, होसबाले ने बताया दत्तात्रेय होसबाले ने कहा कि घुसपैठ, धार्मिक धर्मांतरण और एक ही समुदाय का दबदबा… ये तीन मुख्य कारण हैं जो लोकतंत्र को अस्थिर कर सकते हैं। उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण कानून की जरूरत पर जोर दिया। होसबाले ने कहा, 'सेवा के नाम पर धर्मांतरण चिंता का विषय है। वनवासी कल्याण आश्रम और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठन इसे रोकने के लिए काम कर रहे हैं। पंजाब में सिखों के बीच भी धर्मांतरण बढ़ रहा है, जिसे जागरूकता और तालमेल के ज़रिए रोका जा सकता है जिससे 'घर वापसी’ (दूसरे धर्म अपनाने वालों की हिंदू धर्म में वापसी) सुनिश्चित हो सके।’  

मध्यप्रदेश में 3 रूटों पर उड़ी हेली सेवा, पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान!

भोपाल मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 70वें स्थापना दिवस के मौके पर शनिवार को राज्य की पहली ‘पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ की शुरुआत की। इसका मकसद बड़े शहरों और धार्मिक स्थलों को जोड़कर पर्यटन को बढ़ावा देना है। अधिकारियों के मुताबिक, यह देश में किसी राज्य द्वारा शुरू की गई अपनी तरह की पहली सेवा है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भोपाल के राजा भोज अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर ‘पीएम श्री टूरिज्म हेलीकॉप्टर सर्विस’ को हरी झंडी दिखाते हुए कहा कि सरकार का मकसद हवाई यात्रा को सिर्फ परिवहन का एक जरिया नहीं बल्कि एक मजेदार अनुभव बनाना है। उन्होंने कहा कि हम सिर्फ जगहों को ही नहीं, बल्कि दिलों और अनुभवों को भी जोड़ रहे हैं। यह परियोजना राज्य के 70वें स्थापना दिवस समारोह के साथ शुरू की गई। नई ‘पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ की 3 रूटों पर शुरुआत मुख्यमंत्री ने कहा कि नई ‘पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ शुरुआती चरण में तीन क्षेत्रों – भोपाल-पचमढ़ी-मढ़ई, इंदौर-उज्जैन-ओंकारेश्वर और जबलपुर-कान्हा-बांधवगढ़ – सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों को जोड़ेगी। यह सेवा पर्यटकों का समय बचाएगी और उन्हें एक दिन में कई जगहों को घूमने में मदद करेगी। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि इस पहल से ग्रामीण रोजगार, ‘होम-स्टे’ कारोबार और स्थानीय हस्तशिल्प को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार ने पहले ही एयर एम्बुलेंस सेवा और राज्य के अंदर हवाई संपर्क शुरू कर दिया है, जिसमें उनकी सरकार के सत्ता में आने के बाद तीन हवाई अड्डे – रीवा, सतना और दतिया – चालू हो गए हैं। 2030 तक पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने में मिलेगी मदद यादव ने कहा कि हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटन आधारित अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा देगी और 2030 तक पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने में मदद करेगी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि महाकालेश्वर मंदिर के लिए मशहूर शहर उज्जैन में एक नया एयरपोर्ट बनाया जाएगा। हफ्ते में पांच दिन मिलेगी हेलीकॉप्टर सेवा पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश का टूरिज्म सेक्टर नई ऊंचाइयां छू रहा है। यह हेलीकॉप्टर सेवा ट्रांस भारत एविएशन और जेट सर्व एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के जरिए पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप मॉडल के तहत हफ्ते में पांच दिन चलेगी। चॉपर सर्विस के तहत रेगुलर ऑपरेशन 20 नवंबर से शुरू होंगे और इसमें ट्रांसपोर्ट, रहने की जगह और गाइडेड विजिट सहित एंड-टू-एंड यात्रा का अनुभव मिलेगा।  

‘हिंदू पर्व फालतू, पर हैलोवीन जरूरी?’ लालू यादव के जश्न पर सियासत गरमाई

नई दिल्ली  राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख लालू प्रसाद यादव एक बार फिर राजनीतिक विवादों में घिर गए हैं। सोशल मीडिया पर हैलोवीन मनाते हुए उनके वीडियो वायरल होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन पर तीखा हमला बोला है। दरअसल, लालू यादव की बेटी और आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने शनिवार को एक्स पर कुछ तस्वीरें साझा कीं, जिनमें लालू यादव अपने पोते-पोतियों के साथ हैलोवीन मनाते दिखाई दे रहे हैं। बच्चों ने इस मौके पर हैलोवीन की पारंपरिक वेशभूषा पहन रखी थी। पोस्ट में रोहिणी ने लिखा, “हैप्पी हैलोवीन टू एवरीवन।”   वीडियो सामने आने के बाद भाजपा किसान मोर्चा के आधिकारिक अकाउंट ने पोस्ट करते हुए लिखा, “बिहार के लोगों, मत भूलो कि यही लालू यादव हैं जिन्होंने आस्था और अध्यात्म के भव्य पर्व महाकुंभ को बेकार बताया था और अब विदेशी त्योहार हैलोवीन मना रहे हैं। जो आस्था पर चोट करेगा, उसे बिहार की जनता वोट नहीं देगी।” महाकुंभ को लेकर क्या बोले थे लालू? गौरतलब है कि इसी वर्ष फरवरी में, लालू यादव ने महाकुंभ को फालतू बताया था। महाकुंभ को लेकर बढ़ती भीड़ के बारे में पूछे जाने पर आरजेडी प्रमुख ने कहा था, "अरे ये सब कुंभ का क्या कोई मतलब है, फालतू है कुंभ।" उस वक्त भी बीजेपी ने उन्हें हिंदू धार्मिक भावनाओं का अपमान करने का आरोप लगाते हुए घेरा था। भाजपा प्रवक्ता मनोज शर्मा ने कहा था, “लालू यादव का यह बयान उनकी तुष्टिकरण की राजनीति को दर्शाता है। आरजेडी नेताओं ने हमेशा हिंदू आस्था का अपमान किया है।” यह नया विवाद ऐसे समय में उठा है जब बिहार विधानसभा चुनाव अपने अंतिम दौर में पहुंच चुके हैं। पहले चरण के लिए 6 नवंबर और दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होंगे। 14 नवंबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।  

इतिहास रचने का मौका: भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका में होगी निर्णायक जंग

नवी मुंबई खेल में कुछ ऐसे पल आते हैं जो प्रतियोगिता से कहीं आगे निकल जाते हैं-ऐसे पल जब गर्व, विरासत और विश्वास मिलकर जीत से भी बड़ी चीज बन जाते हैं। रविवार को डॉ. डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स अकादमी में, ऐसे ही एक पल पर फ्लडलाइट्स की रोशनी पड़ेगी। भारत महिला और दक्षिण अफ़्रीकी महिला, दो टीमें जिन्होंने इस विश्व कप में निरंतरता और साहस की कठिन राह पर चलकर इतिहास रचा है, अब अंतिम पुरस्कार के लिए भिड़ेंगी-आईसीसी महिला विश्व कप 2025 का ख़िताब। यह सिर्फ़ एक और फ़ाइनल नहीं है। यह लचीलेपन, कलात्मकता और उस शांत संकल्प का चरमोत्कर्ष है जिसने पिछले एक दशक में महिला क्रिकेट को परिभाषित किया है। सेमीफ़ाइनल में ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ रोमांचक जीत के बाद भारत ने एक बार फिर देश के सपने को जगा दिया है। जब उन्होंने नौ गेंद शेष रहते 339 रनों का लक्ष्य हासिल किया, तो यह सिर्फ़ एक जीत नहीं थी-यह एक बयान था। जेमिमा रोड्रिग्स, शांत और प्रभावशाली, ने नाबाद 127 रनों की पारी खेली, जिसकी गूंज भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा रहेगी। दूसरी ओर, कप्तान हरमनप्रीत कौर, जो समान रूप से आक्रामक और शालीन थीं, 88 गेंदों पर 89 रनों की पारी खेलीं, एक ऐसे नेता का आत्मविश्वास जो जानता है कि नियति बुला रही है। दबाव में बनी 221 रनों की वह साझेदारी सिर्फ़ स्कोरकार्ड पर दर्ज रन नहीं थे। यह धैर्य, स्पष्टता और साहस का प्रतीक था। तब से भारत का ड्रेसिंग रूम गुलज़ार है। और इस गुलज़ार में यह विश्वास छिपा है कि रविवार वह दिन हो सकता है जब वे आखिरकार अपनी धरती पर कप उठाएं। स्मृति मंधाना, बाएं हाथ की खूबसूरत बल्लेबाज, जिनका बल्ला दर्शकों की ताल पर थिरकता हुआ प्रतीत होता है, इस टूर्नामेंट का सबसे बड़ा आकर्षण रही हैं – 100 से ज़्यादा के स्ट्राइक रेट से 389 रन, और उससे भी ज़्यादा जरूरी, जरूरत पड़ने पर रन। अगर वह डीवाई पाटिल पर फिर से हमला बोलती हैं, तो शायद मैच भारत के पक्ष में झुक जाए। शेफाली वर्मा, जो बोल्ड और बेबाक हैं, शुरुआत में ही लय हासिल करने की कोशिश करेंगी, जबकि ऋचा घोष की आखिरी क्षणों की शानदार गेंदबाजी इस लाइन-अप को एक ऐसा खतरा देती है जिससे हर प्रतिद्वंद्वी डरता है। फिर आती हैं खामोश किलर- दीप्ति शर्मा। उनकी ऑफ-स्पिन नियंत्रण में कविता की तरह है, उनकी विविधताएँ तनावपूर्ण ओवर में ढोल की थाप से भी ज़्यादा सटीक हैं। उनके साथ, श्री चरणी और क्रांति गौड़ गुमनाम नायक रहे हैं, जो अटूट अनुशासन के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। लेकिन, जैसा कि किसी भी शानदार समापन की मांग होती है, एक योग्य चुनौती भी मौजूद है। दक्षिण अफ्रीका का सफर भी उतना ही काव्यात्मक रहा है – एक टीम जो कभी करीबी मुकाबलों से जूझती थी, अब विश्वास की लय पर चल रही है। कप्तान लॉरा वोल्वार्ट ने सपने जैसी बल्लेबाजी की है – 470 रन, हर शॉट शान और उद्देश्य के साथ बनाया गया। शालीनता और धैर्य का मिश्रण करने की उनकी क्षमता ने एक पीढ़ी को प्रेरित किया है। उनके साथ, ताजमिन ब्रिट्स लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही हैं, जबकि मारिज़ैन काप – जो कभी नहीं झुकती – दक्षिण अफ़्रीका की जुझारूपन की मिसाल हैं। सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड के ख़िलाफ उनका पाँच विकेट लेना महज़ एक जादू नहीं था; यह इस बात का संकेत था कि यह प्रोटिया टीम अब दबाव में नहीं झुकेगी। काप और नॉनकुलुलेको म्लाबा की अगुवाई में उनका गेंदबाज़ी आक्रमण अनुशासन से भरपूर है। नादिन डी क्लार्क, जो अथक और दृढ़ हैं, उनके कवच में धार जोड़ती हैं। साथ मिलकर, वे एक ऐसी टीम बनाती हैं जो खेल के एक ही पल में किसी भी खेल का रुख़ पलट सकती है। डीवाई पाटिल की पिच रनों का वादा करती है – सही उछाल, एक समान गति, और ऐसी कैरी जो स्ट्रोक लगाने को मज़ेदार बना दे। लेकिन बारिश का पूर्वानुमान खेल में नाटकीयता और शायद भाग्य भी जोड़ सकता है। डीएलएस में उलटफेर की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जो भी टॉस जीतेगा, वह पहले गेंदबाजी करेगा, यह जानते हुए कि बारिश भी उनके विरोधियों की तरह उनका पीछा कर सकती है। भारत के पास घरेलू दर्शक, लय और जादू है। दक्षिण अफ्रीका के पास इतिहास रचने वाली एक शांत टीम जैसी मजबूती है। एक टीम अपनी शानदार कहानी में एक सुनहरा अध्याय जोड़ने का सपना देख रही है। दूसरी टीम पहली बार एक सुनहरा अध्याय लिखने का सपना देख रही है। कल का मुकाबला सिर्फ़ कौशल का नहीं है। यह हिम्मत का है, रोशनी में कौन सबसे आखिर में पलक झपकाएगा और जब दुनिया दबाव में झुक रही होगी, तब कौन अपनी लय में रहेगा, इसका भी है। जब पहली गेंद फेंकी जाएगी और वह सफ़ेद गेंद नवी मुंबई की हवा में घूमेगी, तो हर सीट उत्सुकता से कांप उठेगी। डीवाई पाटिल स्टेडियम एक साथ उठ खड़ा होगा, दिल एक लय में धड़केंगे, और कहीं न कहीं, किसी कमेंटेटर की आवाज ने यही कहा होगा – “नाम याद रखना।” क्योंकि कल रात के अंत तक, भारत और दक्षिण अफ्रीका खेल को यादगार नए नाम देंगे। भारत महिला: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अमनजोत कौर, राधा यादव, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणानी, क्रांति गौड़, मेघना सिंह, पूजा वस्त्रकर, देविका वैद्य, यास्तिका भाटिया, अनुषा बारेड्डी, मन्नत कश्यप। दक्षिण अफ़्रीका: लौरा वोल्वार्ट (कप्तान), ताजमिन ब्रिट्स, सुने लुस, मारिज़ैन काप, एनेके बॉश, क्लो ट्रायॉन, नादिन डी क्लार्क, सिनालो जाफ़्टा (विकेटकीपर), अयाबोंगा खाका, नॉनकुलुलेको म्लाबा, एनेरी डर्कसन, डेल्मी टकर, लारा गुडॉल, एलिज-मारी मार्क्स, मसाबाता क्लास, मिके डी रिडर, नोंडुमिसो शांगसे।  

सोम प्रदोष व्रत 2025 नवंबर: भगवान शिव की कृपा पाने का सर्वोत्तम दिन – शुभ समय व विधि सहित

पंचांग में त्रयोदशी तिथि का विशेष महत्व बताया गया है. इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की आराधना करने से हर तरह के दोष दूर होते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है. जब यह तिथि सोमवार के दिन पड़ती है, तब इसे सोम प्रदोष व्रत कहा जाता है. नवंबर महीने का पहला सोम प्रदोष व्रत इस बार 3 नवंबर 2025, सोमवार को पड़ रहा है. आइए जानते हैं इस दिन का शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व के बारे में. सोम प्रदोष व्रत कब है?     सोम प्रदोष व्रत तिथि: 03 नवंबर 2025, सोमवार     कार्तिक शुक्ल त्रयोदशी तिथि प्रारंभ: 03 नवंबर 2025, सुबह 5 बजकर 7 मिनट पर     कार्तिक शुक्ल त्रयोदशी तिथि समाप्त: 04 नवंबर 2025, रात 02 बजकर 5 मिनट पर चूंकि प्रदोष व्रत की पूजा प्रदोष काल (शाम का समय) में की जाती है और त्रयोदशी तिथि 03 नवंबर को प्रदोष काल में भी रहेगी, इसलिए सोम प्रदोष व्रत 03 नवंबर 2025 को रखा जाएगा. प्रदोष व्रत शुभ मुहूर्त प्रदोष व्रत में भगवान शिव की पूजा सूर्यास्त के बाद और रात्रि से पहले की जाती है, जिसे प्रदोष काल कहा जाता है. इस काल में पूजा करना ही सर्वोत्तम फल देता है. प्रदोष काल पूजा का शुभ मुहूर्त: शाम 5 बजकर 34 मिनट से रात 8 बजकर 11 मिनट तक रहेगा. कुल अवधि: 2 घंटे 36 मिनट सोम प्रदोष व्रत की पूजा विधि व्रत के दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर स्नान करें और स्वच्छ वस्त्र धारण करें. ‘ॐ नमः शिवाय’ का जाप करते हुए व्रत का संकल्प लें. दिनभर मन ही मन शिव जी का स्मरण करें. प्रदोष काल आरंभ होने से पहले एक बार फिर स्नान करें. पूजा के लिए एक साफ जगह पर भगवान शिव और माता पार्वती की प्रतिमा स्थापित करें या शिवलिंग को रखें. फिर सबसे पहले शिवलिंग का गंगाजल, दूध, दही, शहद, घी और गन्ने के रस से रुद्राभिषेक करें. शिव जी को चंदन का लेप लगाएं, बेलपत्र, भांग, धतूरा, आक के फूल और शमी पत्र अर्पित करें. माता पार्वती को सोलह श्रृंगार की सामग्री अर्पित करें. भोग में मौसमी फल, मिठाई और खीर चढ़ाएं. आसन पर बैठकर रुद्राक्ष की माला से ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का कम से कम 108 बार जाप करें. इसके बाद सोम प्रदोष व्रत की कथा पढ़ें या सुनें. सबसे आखिर में शिव जी और माता पार्वती की आरती करें. पूजा समाप्त होने के बाद भोग को प्रसाद के रूप में वितरित करें. सोम प्रदोष व्रत का महत्व रोग मुक्ति और चंद्र दोष निवारण: सोमवार का दिन भगवान शिव और चंद्र देव दोनों को समर्पित है. सोम प्रदोष व्रत करने से व्यक्ति को चंद्र दोष से मुक्ति मिलती है और सेहत अच्छी बनी रहती है. यह व्रत लंबी आयु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना के लिए विशेष फलदायी है.     मनोकामना पूर्ति: इस दिन सच्चे मन से व्रत और पूजा करने से भगवान शिव और माता पार्वती शीघ्र प्रसन्न होते हैं और भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं.     सुख-शांति और वैवाहिक जीवन: इस व्रत को करने से घर में सुख-शांति आती है और वैवाहिक जीवन में मधुरता बनी रहती है. अविवाहित लड़कियां मनचाहा वर पाने के लिए भी यह व्रत रखती हैं.