samacharsecretary.com

कुश्ती जगत में हलचल: मशहूर पहलवान सिकंदर शेख को पुलिस ने दबोचा

पंजाब  पंजाब पुलिस ने मशहूर पहलवान को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक, महाराष्ट्र के मशहूर पहलवान सिकंदर शेख को पंजाब पुलिस ने  अवैध रूप से हथियार खरीदने के आरोप में गिरफ्तार किया है। इसके बाद महाराष्ट्र के कुश्ती जगत में खलबली मचा दी है। बताया जा रहा है कि सिकंदर ने 2 लाख रुपये में 2 पिस्तौल खरीदने की कोशिश की थी। पंजाब पुलिस ने पहलवान सिकंदर को मोहाली के खरड़ थाना क्षेत्र में गिरफ्तार किया है।  पुलिस के मुताबिक, सिकंदर ने ये हथियार किसी आपराधिक मकसद से नहीं, बल्कि अपने दोस्त की शादी में "हवाई फायर" के लिए मंगवाए थे। पहलवान सिकंदर का दावा है कि उसने शादी में दिखावे के लिए ये पिस्तौलें खरीदी थीं। लेकिन अब यह मामला उसके लिए महंगा साबित हुआ है। पहलवान सिकंदर को 2 दिन की पुलिस रिमांड के बाद उसे जेल भेज दिया गया है। खबरों के मुताबिक, सिकंदर पिछले 6 महीने से मोहाली में कुश्ती का प्रशिक्षण ले रहा था। वहां उसकी मुलाकात एक गुज्जर पहलवान से हुई, जिसने उसे एक हथियार देने की पेशकश की, जिसके लिए सिकंदर ने लगभग 40 से 45 हजार रुपये की एडवांस नकदी दी। इस दौरान सिकंदर ने गुज्जर पहलान से पाकिस्तानी "ग्लोब" मॉडल की पिस्तौल की कार्बन कॉपी मांगी थी। पुलिस ने ये भी दावा किया है कि, गिरफ्तार सिकंदर 3 अन्य मामलों में शामिल है और पहले भी हथियारों की सप्लाई, हत्या और वसूली के मामलों में शामिल रहा है। इस दौरान पुलिस ने छापेमारी करके सिकंदर से 5 अवैध पिस्तौल, गोला बारूद, नकदी और 3 लग्जरी गाड़ी जब्त की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि, आरोपी पहलवान सिकंदर का राजस्थान के पापला गुर्जर गैंग से संबंध हो सकते है। इस मामले को लेकर महाराष्ट्र के नेताओं ने पंजाब मुख्यमंत्री भगवंत मान से भी बातचीत की है। महाराष्ट्र के कई पहलवान भी सिकंदर के हक में आए है, जिनका कहना है कि पहलवान सिकंदर ऐसा कुछ भी नहीं कर सकता है। 

सिस्टम फेल होने से एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, Air India में मैनुअल चेक-इन शुरू

नई दिल्ली  बुधवार को देशभर में एयर इंडिया के सर्वर में अचानक आई तकनीकी खराबी ने हवाई यात्रा को बुरी तरह प्रभावित किया। दिल्ली एयरपोर्ट के एक अधिकारी ने इस बात की पुष्टि की कि देश के सभी हवाई अड्डों पर एयर इंडिया का सर्वर डाउन हो गया है, जिसे जल्द ही ठीक करने का प्रयास किया जा रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के टर्मिनल-2 पर यात्रियों ने दोपहर 3 बजे से ही सर्वर में समस्या की शिकायत की। सर्वर काम न करने के कारण यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी सामान ड्रॉप करने में हुई। टी-2 से यात्रा करने वाले यात्री अपनी फ्लाइट्स के लिए परेशान होकर इधर-उधर भटकते नजर आए। यात्रियों को नया टिकट बुक करना पड़ा दीप्ति मिश्रा ने एयरपोर्ट पर कई यात्रियों से बातचीत की। यात्री संध्या ने बताया कि सर्वर में दिक्कत और फ्लाइट में देरी के कारण उनकी देहरादून से दिल्ली होते हुए विशाखापट्टनम की कनेक्टिंग फ्लाइट छूट गई। उन्हें मजबूरी में नया टिकट बुक करना पड़ा। कुछ यात्रियों ने यह भी दावा किया कि एयर इंडिया के सर्वर में समस्या बुधवार से पहले, यानी कल भी आ रही थी। तकनीकी समस्या के कारण, एयरलाइन को यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए तुरंत मैनुअल चेक-इन की प्रक्रिया शुरू करनी पड़ी। तिरुवनंतपुरम और पटना के लिए बोर्डिंग मैनुअल तरीके से की गई। हालांकि, मैनुअल चेक-इन प्रक्रिया काफी धीमी होती है, जिसके कारण कतारें और प्रतीक्षा का समय काफी बढ़ गया। हैरानी की बात यह रही कि सर्वर में लगातार आ रही इस समस्या के बावजूद, एयरलाइन की ओर से यात्रियों को कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई। यात्रियों का दावा है कि उन्हें न तो कोई मैसेज मिला और न ही कोई ईमेल। अचानक कई विमानों के समय में परिवर्तन किए जाने से यात्रियों को अतिरिक्त समय तक इंतजार करना पड़ा। इंडिगो ने जारी की एडवाइजरी इस बीच, दिल्ली हवाई अड्डे पर हवाई यातायात की भीड़ के कारण अन्य एयरलाइन के संचालन पर भी असर पड़ा। इंडिगो (Indigo) एयरलाइन ने बुधवार को एक एडवाइजरी जारी करते हुए यात्रियों को सूचित किया कि दिल्ली से उड़ान संचालन प्रभावित हो सकता है, जिससे देरी हो सकती है। इंडिगो ने यात्रियों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया और उन्हें वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर अपनी फ्लाइट के रियल-टाइम अपडेट की जांच करने का आग्रह किया।

बड़ा चुनावी उलटफेर: बसपा प्रत्याशी ने सम्राट चौधरी के पक्ष में किया समर्थन

पटना  बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) के बीच तारापुट सीट (Tarap[ur Seat) से बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, मतदान से कुछ घंटे पहले बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को समर्थन देने का ऐलान किया है। BSP के आशीष अनंद ने BJP के सम्राट चौधरी को समर्थन दिया है। मैं उनके कार्यों से काफी प्रभावित हूं- आशीष अनंद आशीष अनंद ने यह घोषणा मुंगेर युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष गौतम राज के आवास पर की। इस दौरान भारी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। भाजपा को समर्थन देने के बाद आशीष आनंद ने कहा, "मैंने पूरी सोच-विचार के बाद सम्राट चौधरी जी को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उनके कार्यों से मैं काफी प्रभावित हूं। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकर्ताओं का भी मानना है कि सम्राट चौधरी को एक मौका और दिया जाना चाहिए।

चिकित्सकीय मानव संसाधन की शीघ्र उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के दिए निर्देश

भोपाल  उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने निवास कार्यालय भोपाल में स्वास्थ्य संस्थानों के उन्नयन प्रस्तावों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए प्रस्ताव और विभागीय स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा प्रस्तुत मांग-आधारित प्रस्ताव की समीक्षा की और निर्देश दिए कि स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप भेजे गए प्रस्तावों का प्राथमिकता से परीक्षण किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रस्तावों की फिजिबिलिटी स्टडी कर व्यवहार्यता के अनुसार इन्हें अनुमोदन के लिए शीघ्र अग्रेषित किया जाए, जिससे नागरिकों को उत्तम स्वास्थ्य सुविधाएँ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराई जा सकें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में निर्माणाधीन नए स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों और चिकित्सा महाविद्यालयों में निर्माण कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण किया जाए। कार्यों में अनावश्यक विलंब को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।बैठक में रीवा में ऑनकोसर्जरी विभाग के लिए जारी युक्तियुक्तिकरण प्रक्रिया की प्रगति की समीक्षा की गई। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि कैंसर जाँच और उपचार सेवाओं के विस्तार के लिये यह विभाग अत्यंत महत्वपूर्ण है। संबंधित चरणों को प्राथमिकता पर पूर्ण किया जाए जिससे क्षेत्रीय मरीजों को लाभ मिल सके। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में अत्याधुनिक उपकरणों (जिसमें लिनैक मशीन, एमआरआई, सीटी स्कैन, पेट स्कैन आदि शामिल हैं) की खरीदी प्रक्रिया की समीक्षा करते हुए कहा कि उपकरणों की उपलब्धता और उनकी स्थापना में समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उपकरण उपलब्ध होने के साथ प्रशिक्षित मानव संसाधन भी उपलब्ध कराना आवश्यक है, जिससे सेवाएँ तुरंत प्रारंभ हो सकें। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने चिकित्सकीय मानव संसाधन (डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ, तकनीशियन, पैरामेडिकल स्टाफ) की उपलब्धता पर विस्तृत चर्चा की। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि योग्य और प्रशिक्षित स्टाफ की नियुक्ति गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की मूल आधारशिला है। उन्होंने निर्देश दिए कि अन्य राज्यों में उपलब्ध सफल मॉडल का अध्ययन कर भर्ती प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और त्वरित बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रियात्मक संशोधन का मसौदा तैयार किया जाए। बैठक में प्रभारी आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा श्री विशेष गढ़पाले, संचालक चिकित्सा शिक्षा सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।  

चेन व मोबाइल स्नैचिंग पर प्रभावी अंकुश, शांति व्यवस्था बनाए रखने में मध्यप्रदेश पुलिस की सक्रिय भूमिका

भोपाल प्रदेश में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने और आम नागरिकों, विशेषकर महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पुलिस संपत्ति संबंधी अपराधों, खासकर चेन व मोबाइल स्नैचिंग जैसी घटनाओं पर लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। हाल ही में कटनी, इंदौर, नीमच एवं गुना पुलिस की त्वरित कार्यवाहियों में कई शातिर अपराधी गिरफ्तार किए गए हैं, जिन्होंने महिलाओं और आम नागरिकों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दिया था। इंदौर में दो शातिर चैन स्नैचर गिरफ़्तार — ₹5 लाख का माल बरामद शहर में स्नैचिंग पर अंकुश लगाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कनाडिया पुलिस ने दो युवकों को पकड़ा है, जो खुद को छात्र बताकर सुनसान इलाकों में अकेली महिलाओं से चेन झपटते थे। पुलिस ने उनके पास से तीन थानों की वारदातों में लूटी गई सोने की चेन व आभूषण लगभग ₹5 लाख मूल्य के बरामद किए हैं। थाना प्रभारी डॉ. सहर्ष यादव के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही। नीमच में स्नैचर और सुनार गिरफ्तार — तीन सोने की चेन बरामद नीमच पुलिस ने लगातार हो रही चेन स्नैचिंग घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जयेश उर्फ जीतू मालवीय और चोरी का माल खरीदने वाले सुनार राजेश सोनी को गिरफ्तार किया है। इनके पास से तीन सोने की चेन और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई ने महिलाओं से संबंधित अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया है। गुना में मोबाइल स्नैचिंग गिरोह का पर्दाफाश — 20 से अधिक घटनाओं का खुलासा गुना पुलिस ने दो शातिर मोबाइल स्नैचरों को गिरफ्तार कर 20 से अधिक घटनाओं का खुलासा किया है। आरोपियों से छीने गए मोबाइल फोन एवं मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस की प्रभावी सूचना तंत्र, गश्त और तकनीकी विश्लेषण से यह सफलता मिली, जिससे लंबे समय से सक्रिय गिरोह निष्प्रभावी हुआ। कटनी में झपटमार गिरफ़्तार — सोने के लॉकेट बरामद बरही थाना पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे सोने के पाँच लॉकेट, कुल लगभग ₹50,000 मूल्य के, बरामद किए हैं। यह कार्रवाई थाना प्रभारी शैलेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में की गई, जिसमें एएसआई दिनेश गौतम और एएसआई राजेश कोरी का योगदान महत्वपूर्ण रहा। ऐसे अपराध समाज की सुरक्षा भावना को प्रभावित करते हैं। मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों को आश्वस्त करती है कि महिलाओं एवं आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। राज्य में इस प्रकार के अपराधों पर पूर्ण अंकुश के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस महानिदेशक श्री कैलाश मकवाणा ने सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और फील्ड अधिकारियों को निर्देशित किया है कि अपराधियों के विरुद्ध सघन सर्चिंग, पेट्रोलिंग और तकनीकी निगरानी बढ़ाई जाए, ताकि प्रदेश में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था सुदृढ़ बनी रहे। मध्यप्रदेश पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। पुलिस और जनता के सहयोग से ही अपराध मुक्त समाज की स्थापना संभव है।  

चुनावी सुरक्षा पुख्ता: 1650 अर्द्धसैनिक बल मैदान में, DGP ने दिया सख्त संदेश

पटना बिहार में कल यानी 6 नवंबर को पहले चरण का मतदान होगा। पहले चरण में 18 जिलों में 121 सीटों पर वोटिंग होगी। चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किेए गए। बिहार DGP विनय कुमार ने बयान जारी करते हुए कहा है कि 1650 अर्द्धसैनिक बलों की तैनाती की जाएगी। 35,000 महिला पुलिस कर्मियों को तैनात किया जाएगा। बूथों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। घोड़े दस्तों से पैट्रोलिंग करवाई जाएगी। असमाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रहेगी। संवेदनशील क्षेत्रों पर भी नजर रहेगी। मैदान में 1314 प्रत्याशी बता दें कि पहले चरण के चुनाव में 1314 उम्मीदवार मैदान में उतरेंगे। NDA के घटक जदयू ने 57, भाजपा ने 48, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने 13 और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने 02 प्रत्याशी चुनावी अखाड़े में उतारे हैं। एक अन्य सीट मढ़ौरा में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) प्रत्याशी भोजपुरी फिल्म अभिनेत्री सीमा सिंह का नामांकन रद्द हो गया था। राजग ने इस सीट पर निर्दलीय अंकित कुमार को समर्थन दिया है। वहीं महागठबंधन के घटक राजद ने 71, कांग्रेस ने 24, भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा माले) ने 14, भाकपा ने पांच, माकपा और आईआईपी ने तीन-तीन सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े किये है। ' पहले चरण के मतदान के लिए 45,341 बूथ स्थापित प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज ने प्रथम चरण में 118 उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतारे हैं। इन 121 विधानसभा क्षेत्रों में पहले चरण के मतदान में 45341 मतदान केंद्र पर तीन करोड़ 75 लाख 13 हजार 302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर 122 महिला और 1192 पुरुष प्रत्याशी समेत कुल 1314 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला 6 नवंबर को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) में बंद कर देंगे। गौरतलब हो कि मतदाताओं में एक करोड़ 98 लाख 35 हजार 325 पुरुष, एक करोड़ 76 लाख 77 हजार 219 महिला और 758 थर्ड जेंडर शामिल हैं। पहले चरण के चुनाव में सबसे अधिक 20 उम्मीदवार कुढ़नी और मुजफ्फरपुर में वहीं भोरे, अलौली और परबत्ता में सबसे कम पांच प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। जानकारी हो कि बिहार विधानसभा की 243 सीटों के लिए दो चरण में 06 नवंबर और 11 नवंबर को मतदान कराया जाना है। 14 नवंबर को मतगणना होगी और चुनाव की प्रक्रिया 16 नवंबर तक पूरी हो जायेगी। बिहार विधानसभा का वर्तमान कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो रहा है।

डिफेंस डील ने बदली भू-राजनीति: भारत ने गाज़ा युद्ध में इज़रायल का थामा हाथ

गाजा  जब गाजा युद्ध को लेकर यूरोप और कई लोकतांत्रिक देशों ने इजरायल से दूरी बना ली, तब भारत ने न केवल अपने पुराने दोस्त के साथ खड़ा रहने का फैसला किया, बल्कि उसके साथ एक ऐतिहासिक रक्षा समझौता भी कर डाला। यह डील दोनों देशों की सैन्य साझेदारी को नई ऊंचाई पर ले जाएगी और ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को भी मजबूत करेगी। भारत और इजरायल के बीच यह समझौता मंगलवार को इजरायली रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (रिटा.) अमीर बराम और भारतीय रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई ज्वाइंट वर्किंग ग्रुप (JWG) की वार्षिक बैठक के दौरान हुआ। बैठक में रक्षा, औद्योगिक और तकनीकी क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। सूत्रों के अनुसार, भारत अपनी थल सेना के लिए इजरायल एयरोस्पेस इंडस्ट्रीज (IAI) द्वारा विकसित मध्यम दूरी की सतह से हवा में मार करने वाली मिसाइल प्रणाली (MR-SAM) लगभग 3.75 अरब डॉलर में खरीदेगा। इसके अलावा, IAI भारतीय वायु सेना के लिए 900 मिलियन डॉलर की लागत से छह कॉमर्शियल विमानों को एरियल रिफ्यूलिंग टैंकर में परिवर्तित करेगा। मेजर जनरल अमीर बराम ने बैठक के बाद कहा- “भारत के साथ यह रणनीतिक संवाद बेहद अहम समय पर हो रहा है। हमारा रक्षा सहयोग आपसी भरोसे और साझा सुरक्षा हितों पर आधारित है। हम भारत को प्रथम श्रेणी का रणनीतिक साझेदार मानते हैं और इस सहयोग को और गहरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” रक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि ऐसे समय में जब पश्चिमी देश इजरायल पर दबाव बना रहे हैं, भारत का यह कदम न केवल तेल अवीव के साथ मित्रता निभाने का संकेत है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि नई दिल्ली अपनी रणनीतिक स्वायत्तता की नीति पर कायम है। अमेरिकी रक्षा विशेषज्ञ जॉन स्पेंसर ने सोशल मीडिया पर इस समझौते की सराहना करते हुए लिखा कि “दो लोकतांत्रिक देशों का यह गठबंधन आने वाले समय में वैश्विक शक्ति संतुलन को बदल सकता है।” पिछले तीन दशकों में भारत और इजरायल के बीच रक्षा संबंध लगातार मजबूत हुए हैं- कारगिल युद्ध में इजरायल की मदद से लेकर अब तक यह साझेदारी भरोसे और प्रौद्योगिकी पर आधारित है। इस नई डील से भारत न केवल अपनी रक्षा क्षमता को सुदृढ़ करेगा, बल्कि पश्चिम एशिया में एक नए भू-राजनीतिक संतुलन की दिशा भी तय करेगा।   

एम.एस.एम.ई. के फार्मा उद्योग प्रतिनिधियों का दल हैदराबाद फार्मा सेज के अध्ययन दौरे पर हुआ रवाना

भोपाल मध्यप्रदेश के एमएसएमई प्रतिनिधियों के 18 सदस्यीय अध्ययन दल बुधवार को इन्दौर विमानतल से सांसद श्री शंकर लालवानी ने हैदराबाद के लिए रवाना किया। यह दल रैम्प योजना के अंतर्गत हैदराबाद के फार्मा सेज क्लस्टर का अवलोकन करेगा। इस अध्ययन दल को एमएसएमई विभाग के सीखने एवं सहयोग और विकास (Learn-Collaborate-Grow) के तहत भेजा गया है। इसका समन्वय मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम द्वारा किया जा रहा है। यह अध्ययन दल 07 नवंबर तक अवलोकन यात्रा पर रहेगा। इस दल में इन्दौर, पीथमपुर, मालनपुर, भोपाल, भिंड और देवास के लघु उद्यमी शामिल हैं। ये सभी प्रतिनिधि फार्मा निर्माण] पैकेजिंग, R&D और सप्लाई चेन से जुड़े उद्योगों से है। प्रतिनिधि हैदराबाद के फार्मा सेज में स्थित देश की अग्रणी कम्पनियों जैसे आWरबिंदो फार्मा लि., हेटेरो लैब्स लि. और यूजिया फार्मा तथा अन्य प्रमुख फार्मास्यूटिकल इकाइयों का भ्रमण करेंगे। उन्हें उद्योग विशेषज्ञों] उत्पादन प्रबंधकों और गुणवत्ता प्रमुखों से संवाद का अवसर मिलेगा जिससे वे तकनीकी हस्तांतरण]नवाचार सहयोग और विक्रेता विकास के नए अवसरों की जानकारी प्राप्त करेंगे।  

लोक निर्माण विभाग में गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से सात जिलों में 35 निर्माण कार्यों का किया औचक निरीक्षण

6 अधिकारियों पर कार्यवाही एवं 2 ठेकेदारों को किया ब्लैकलिस्ट भोपाल लोक निर्माण विभाग में निर्माण कार्यों के गुणवत्ता सुधार के उद्देश्य से प्रदेशभर में निर्माण कार्यों के औचक निरीक्षण की व्यवस्था प्रारंभ की गई है।इसी क्रम में 04 नवंबर को मुख्य अभियंताओं के सात दलों द्वारा हरदा, जबलपुर, श्योपुर, खरगोन, सिंगरौली, नीमच एवं सागर जिलों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान कुल 35 निर्माण कार्यों का रैंडम आधार पर चयन कर निरीक्षण किया गया, जिनमें से 21 कार्य लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल) के, 4 कार्य परियोजना क्रियान्वयन इकाई (भवन) के, 7 कार्य मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के तथा 3 कार्य मध्यप्रदेश भवन विकास निगम शामिल है। निरीक्षण प्रतिवेदन की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम के प्रबंध संचालक श्री भरत यादव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई। बैठक में प्रमुख अभियंता श्री के.पी.एस. राणा, भवन शाखा के प्रमुख अभियंता श्री एस.आर. बघेल, मुख्य अभियंता श्री पी.सी. वर्मा, मुख्य अभियंता श्री बी.पी. बौरासी, मुख्य अभियंता श्री बी.एस. मीणा, तथा मध्यप्रदेश भवन विकास निगम के महाप्रबंधक श्री अजय श्रीवास्तव सहित सभी मुख्य अभियंता, अधीक्षण यंत्री, कार्यपालन यंत्री एवं निरीक्षण दल के अधिकारी ऑनलाइन उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान श्योपुर जिले में लोक निर्माण विभाग (सड़क/पुल) के पिपरवास से वामनवास तक सुदृढ़ीकरण मार्ग का कार्य प्रगतिरत पाया गया, किन्तु कार्य संतोषजनक नहीं होने के कारण संबंधित कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी एवं उपयंत्री को नोटिस जारी करने तथा ठेकेदार मेसर्स मुन्ना लाल राठौर को कालीसूची में डालने हेतु निर्देश दिए गए। इसी प्रकार श्योपुर जिले में ही दादूनी से चिमलका तक के मार्ग (पीजी अंतर्गत) का कार्य भी संतोषजनक नहीं पाया गया, जिसके चलते संबंधित कार्यपालन यंत्री, अनुविभागीय अधिकारी एवं उपयंत्री की दो वेतनवृद्धियाँ रोकने, ठेकेदार मेसर्स जे.के. ट्रेडर्स (प्रोप्रायटर देवेन्द्र कुमार गर्ग) को कालीसूची में डालने, परफॉर्मेंस गारंटी जब्त करने तथा हर्जे-खर्चे पर मार्ग का सुधार कार्य कराने हेतु निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त 23 अन्य कार्यों में आंशिक सुधार के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान उत्कृष्ट कार्य के लिए सिंगरौली जिले के पुरैल छन्दा से देवरा रेलवे स्टेशन तक 4.62 किलोमीटर लंबे बीटी नवीनीकरण मार्ग (पीजी अंतर्गत) की सराहना की गई। इस मार्ग की स्थिति अत्यंत अच्छी पाई गई, जिसके लिए कार्यपालन यंत्री श्री एस.बी. सिंह करचुली, अनुविभागीय अधिकारी श्री अरुण शुक्ला, उपयंत्री श्री संजय श्रीवास्तव तथा ठेकेदार मेसर्स श्री श्याम मुरारी की प्रशंसा की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निरीक्षण प्रतिवेदन में की गई अनुशंसाओं का पालन सुनिश्चित किया जाए। सी.एम. हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का निराकरण इस प्रकार किया जाए कि शिकायतकर्ता पूर्ण रूप से संतुष्ट हों, जिससे रैंकिंग में और सुधार हो सके। भास्कराचार्य संस्थान के समन्वय से लोक निर्माण विभाग के लिये कराए जा रहे कार्यों की समीक्षा बैठक आगामी सप्ताह में आयोजित की जाएगी। सड़क मरम्मत के साथ यातायात सुरक्षा, जंगल सफाई, रोड मार्किंग, पेंटिंग तथा ब्लैकस्पॉट के रेक्टिफिकेशन कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वर्षाकाल के पश्चात सड़क एवं पुलिया के संधारण कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया। आगामी समीक्षा बैठक में लोक प्रबंधन परियोजना प्रणाली का प्रस्तुतीकरण किया जाएगा, जिसके लिए सभी अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि वे उक्त प्रणाली का सक्रिय उपयोग करें। लोकपथ ऐप में प्राप्त शिकायतों का निराकरण 4 दिवस की समय सीमा में किया जाए। कार्यों के आगामी औचक निरीक्षण में लोक कल्याण सरोवर का भी निरीक्षण किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वर्षाकाल समाप्त हो चुका है और वर्किंग सीजन प्रारंभ हो गया है, अब विभागीय लक्ष्यों की पूर्ति वित्तीय वर्ष के भीतर सुनिश्चित की जाए।  

एशियाई चैंपियनशिप जापान में मप्र की अनुज्ञा शर्मा ने देश को दिलाया कांस्य पदक

अनुज्ञा को मिली खेल मंत्री से बधाई और शुभकामनाएँ भोपाल जापान के टोक्यो शहर में 2 से 5 नवंबर 2025 तक आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में मध्य प्रदेश की अनुज्ञा शर्मा ने देश को कांस्य पदक दिलाकर इतिहास रच दिया। चैम्पियनशिप में अनुज्ञा ने अपनी कैटेगरी – 220 में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जापान की खिलाड़ी को परास्त कर यह पदक अर्जित किया। इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए खेल और युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने अनुज्ञा शर्मा को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। कूडो की एशियाई चैंपियनशिप टोक्यो, जापान के लिए 2 और 3 अगस्त, 2025 को एथलेटिका जिम सूरत, गुजरात में आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में अनुज्ञा शर्मा का चयन हुआ, जिसमें अनुज्ञा शर्मा ने फाइट जीतकर एशियाई चैंपियन शिप के लिए अपना स्थान पक्का किया। सिलेक्शन ट्रॉयल में देश के कई राज्यों से खिलाड़ियों ने भाग लिया। कूडो इंडिया टीम के जापान रवाना होने से पहले 30 अक्टूबर को शिहान अक्षय कुमार ने टीम इंडिया से मुलाकात की। अक्षय कुमार ने खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित करते हुए अपनी शुभकामनाएं दी। भारतीय कूडो टीम हांशी मेहुल वोहरा के नेतृत्व में 31 अक्टूबर 2025 को मुंबई से टोक्यो के लिए रवाना हुई। हांशी मेहुल वोहरा और कूड़ो एसोसिएशन ऑफ मध्यप्रदेश के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद एजाज़ खान ने खिलाड़ियों का मार्गदर्शन किया। उनके नेतृत्व में ही अनुज्ञा ने यह उपलब्धि अर्जित की है। कूड़ो खेल में शाजापुर की प्रतिभावान खिलाड़ी अनुज्ञा शर्मा की लगन, कड़ी मेहनत और जुनून की बदौलत मध्यप्रदेश और देश गौरवान्वित हुआ है। शाजापुर की बेटी ने टोक्यो में भारत का झंडा फहराकर अपने दादा मनोहर लाल शर्मा, दादी स्व.श्रीमती चंद्रकला शर्मा, अपनी माता श्रीमती शीलू शर्मा, पिता राजीव लोचन शर्मा के स्वप्न को साकार किया है। अनुज्ञा की इस उपलब्धि पर खेल संघों के पदाधिकारियों, खेल प्रेमियों एवं परिजन ने हर्ष व्यक्त करते हुए अनुज्ञा को बधाई दी है। कूड़ो एसोसिएशन शाजापुर के सेक्रेटरी एवं कोच राजीव लोचन शर्मा से अनुज्ञा खेल का प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। कोच श्री शर्मा ने बताया कि अनुज्ञा ने अक्षय कुमार कूड़ो इंटरनेशनल टूर्नामेंट में 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक देश को दिलाया है। राष्ट्रीय स्पर्धाओं में अनुज्ञा ने 4 स्वर्ण, 2 रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। इसके अलावा अनुज्ञा ने फेडरेशन कप में 3 स्वर्ण पदक प्राप्त किए हैं।