samacharsecretary.com

महराजपुर से धान खरीदी का उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया शुभारंभ

रायपुर, कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड स्थित महराजपुर धान उपार्जन केंद्र में आज उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने समर्थन मूल्य पर धान खरीदी महापर्व का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने परम्परागत रूप से तौल यंत्रों की पूजा-अर्चना कर, किसानों का तिलक करते हुए श्रीफल भेंट किया। उन्होंने खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत कर किसानों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान ग्राम कांपा के किसान श्री भगत कौशिक से 36 क्विंटल धान का विक्रय किया गया। उन्होंने किसान के साथ मिलकर धान का तौल कराया एवं किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याओं को जाना। उल्लेखनीय है कि महराजपुर उपार्जन केंद्र के अंतर्गत महराजपुर, कांपा, जीताटोला और डगनिया के कुल 769 पंजीकृत किसान हैं। उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने किसानों से आत्मीय चर्चा कर उपार्जन केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं, टोकन व्यवस्था एवं खरीदी प्रक्रिया का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष ‘मोदी की गारंटी’ को पूरा करते हुए किसानों के हित में कई ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं, जिससे किसानों को लाभ, सुचारू व्यवस्था और समय पर भुगतान सुनिश्चित हो सकेगा। उपमुख्यमंत्री ने सभी किसानों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों के कल्याण, उनकी आय वृद्धि और कृषि क्षेत्र के सतत विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सुव्यवस्थित खरीदी प्रबंधन से इस वर्ष भी किसानों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी। इस अवसर पर कलेक्टर श्री गोपाल वर्मा सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित थे।

ATS को मिले अहम सुराग: विश्वविद्यालय के शिक्षक पर आतंकी साजिश में शामिल होने का शक

लखनऊ राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित इंटीग्रल विश्वविद्यालय में शाहीन सईद का छोटा भाई डॉक्टर परवेज सईद असिस्टेंट प्रवक्ता था और एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों की क्लास लिया करता था. हालांकि, दिल्ली ब्लास्ट से ठीक पहले उसने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. एटीएस इस पूरे मामले में गहन जांच कर रही है. जबकि, डॉक्टर परवेज से जुड़ी हर फाइल तथ्य और उसकी पुरानी सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर परवेज के बारे में जानकारी जुटा रही है. मिली जानकारी के मुताबिक परवेज एमबीबीएस प्रथम वर्ष के छात्रों को पढ़ाता था. जबकि, वो खुद को बहुत रिजर्व रखता था, लेकिन इंटिगरल विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले कश्मीरी छात्रों से उसकी नजदीकियां थी. उनके साथ रात में डॉक्टर परवेज घंटों शाम और रात को बैठकर चर्चा करता और उनका ब्रेनवाश करने की कोशिश करता था. वहीं डॉक्टर परवेज की सीसीटीवी फुटेज में दिख रही हरकतों पर एटीएस को संदेह है कि शायद डॉक्टर परवेज इंटीग्रल यूनिवर्सिटी में स्लीपर सेल की फौज तैयार कर रहा था. एटीएस इस पूरे मामले में गहन जांच कर रही है. जांच के बाद और कई तथ्य सामने आ सकते हैं.

राज्यमंत्री श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा- गौरव और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं भगवान बिरसा मुंडा

भोपाल  पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने कहा कि अमर सेनानी, महानायक भगवान बिरसा मुंडा गौरव और आत्मसम्मान के प्रतीक हैं। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा ने अपने अदम्य साहस, संघर्ष और श्रेष्ठ कर्मों से जन-जन के हृदय में अमिट छाप छोड़ी है। उनके जीवन से युवाओं को निरंतर प्रेरणा मिलती है। वह असाधारण व्यक्तित्व थे, जिन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता। राज्यमंत्री श्रीमती गौर भोपाल के एकलव्य आवासीय परिसर में भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। राज्यमंत्री श्रीमती गौर ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की उम्र में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देकर युवाओं को अद्वितीय संदेश दिया। उन्होंने आदिवासी समाज को जल, जंगल और जमीन के अधिकार दिलाने के लिए अंग्रेजी हुकूमत के अत्याचारों के विरुद्ध सशक्त संघर्ष किया। बचपन से ही अन्याय के विरुद्ध खड़े होने की चेतना उनमें जागृत हो चुकी थी। केवल 15 वर्ष की आयु में उन्होंने जनजातीय समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा हेतु आंदोलन प्रारंभ किया। 25 वर्ष की अल्पायु तक उन्होंने क्रांति की अलख पूरे देश में जगाई और 'धरती और जल पर हमारा अधिकार हो' ये संदेश गांव-गांव तक पहुंचाया। जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में सांसद श्री वी.डी. शर्मा, विधायक श्री भगवान दास सबनानी, कलेक्टर श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और छात्र उपस्थित रहे।

हरियाणा में शराबखोरी पर कड़ा एक्शन: अब ठेकों के बाहर बैठकर पी तो सीधे कार्रवाई

हरियाणा  हरियाणा में नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाया हुआ है। लेकिन शराब ठेकों के बाहर की तस्वीरें अभियान का कुछ और ही मतलब दिखा रही हैं। यहां पर लोग खुलेआम ठेके के सामने शराब पी रहे हैं। इन लोगों पर कोई कार्रवाई करने वाला नहीं हैं। हालांकि कुछ दिन पहले हरियाणा के डीजीपी ओपी सिंह ने सभी उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों को निर्देश दिए थे कि शराब के ठेकों के बाहर कोई भी बैठकर शराब नहीं पिएगा। ऐसा मिला तो ठेका संचालक और उक्त एरिया के थाना प्रभारी पर कार्रवाई होगी।  शराबी ठेके के बाहर ही पीने शुरु हो जाते हैं शराब  शराब ठेके सुबह छह बजे के करीब खुल जाते हैं। उसके बाद शराब पीने वाले ठेकों पर पहुंच जाते हैं और शराब खरीद कर ठेकों के बाहर ही पीना शुरू कर देते हैं। शराब ठेकों के बाहर की रेहड़ियां लगी होती है जहां पर भी खड़े होकर शराब पीते दिखाई देते हैं। रात के समय शराब ठेके बाहर बैठकर पहले लोग दो-चार पैग शराब पीते हैं, उसके बाद आपस में झगड़ा करते हैं। हालांकि पुलिस की तरफ से गश्त के दौरान शराब पीने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, लेकिन शराब के ठेके सामने बैठकर छलका रहे जाम वालों पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही।

‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ की एडिटर की जंगल सफारी में मौत, शेर के हमले में जान गई

लॉस एंजिल्स 'गेम ऑफ थ्रोन्स' एडिटर कैथरीन चैपल के साथ एक ऐसा हादसा हुआ जो रोंगटे खड़े करने वाले हैं। घूमने की शौकीन 29 साल की कैथरीन चैपल साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग के पास एक सफारी पार्क पहुंची थीं। बाकी सभी टूरिस्ट की तरह कैथरीन भी अपने कैमरे से शेर की तस्वीर खींचना चाहती थीं। उन्होंने पहले शेर की तस्वीर खींची और अगले ही पल उसने उनपर हमला कर दिया। 'मिरर.को.यूके' की रिपोर्ट के मुताबिक, तस्वीर खींचने के तुरंत बाद शेर ने उनपर झपट्टा मारा। देखते ही देखते ये ड्रीम हॉलीडे एक बुरे सपने में बदल गया। दरअसल कैथरीन ने खिड़की को नीचे किया था क्योंकि उन्हें जमीन पर लेटे एक शेर की तस्वीर लेनी थी। इससे पहले कि 'गेम ऑफ थ्रोन्स' की कैथरीन को एहसास होता, शेर अपने पिछले पंजे पर खड़ा हो गया और आगे की ओर झपटा। खुली खिड़की की वजह से उसने कैथरीन को क्षत-विक्षत कर दिया। गाइड ने उनकी जान बचाने के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी इस रिपोर्ट में बताया गया है कि वहां मौजूद आई विटनेस बेन गोवेंडर ने न्यूयॉर्क पोस्ट को बताया कि हमने गाइड को पैसेंजर सीट पर कूदते और शेरनी पर मुक्का मारते देखा। बताया गया कि उनके गाइड ने उनकी जान बचाने के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी। शेरनी अपने मुंह और पंजे से खून टपकाते हुए कार से पीछे हट गई बेन ने इसे अपना सबसे बुरा अनुभव बताया। उन्होंने कहा, 'पहले अटैक के बाद, शेरनी अपने मुंह और पंजे से खून टपकाते हुए कार से पीछे हट गई। जानवर ने फिर अपने शिकार पर दूसरा जबरदस्त हमला किया। बेन ने आगे कहा, 'उनका चेहरा फट गया था। उसके सीने का दाहिना हिस्सा गायब था। उस महिला को बचाने के लिए कुछ नहीं किया जा सकता था।' शेर ने उनका आधा कंधा अपने मुंह में ले लिया उन्होंने बताया कि इस हमले के दौरान शेर ने उनका आधा कंधा अपने मुंह में ले लिया था। वहीं कैथरीन को बचाने के लिए आगे बढ़े गाइड (पियरे पोटगीटर) को दिल का दौरा पड़ा। कैथरीन की फैमिली ने किया भावुक पोस्ट कैथरीन के परिवार ने फेसबुक पर एक इमोशनल पोस्ट किया। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा था, 'केटी एक टैलेंटेड, दयालु, साहसी और काफी उत्साही थी। उसकी एनर्जी और जुनून को केवल महाद्वीपों या महासागरों तक सीमित नहीं था। उसे लोग बहुत प्यार करते और वो अपने प्यार को उन लोगों के साथ शेयर करती थीं जिनसे वह मिलती थी।' 'कैप्टन अमेरिका' और 'डायवर्जेंट' जैसी फिल्मों में भी काम किया कैथरीन गेम ऑफ थ्रोन्स टीम में एक स्पेशल इफेक्ट्स एडिटर थीं, जिन्होंने जिसने एमी जीता था। न्यूयॉर्क में जन्मी कैथरीन 2013 में शो में काम करने के लिए वैंकूवर चली गईं, और 'कैप्टन अमेरिका' और 'डायवर्जेंट' जैसी फिल्मों में भी काम किया।

सुरक्षा व्यवस्था होगी और तेज़: दिल्ली पुलिस को मिली 55 पीसीआर वैन व 156 नई ओम्नी

नई दिल्ली दिल्ली में लोगों तक पुलिस सहायता को और तेज़ी तथा प्रभावी तरीके से पहुंचाने के उद्देश्य से दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोल्चा ने 55 नई PCR मोबाइल वैन और 156 रिफर्बिश्ड ओम्नी मोटरसाइकिलों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नई PCR वैन और मोटरसाइकिलों के शामिल होने से राजधानी में आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता और गश्त व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इन वाहनों के माध्यम से भीड़भाड़ वाले इलाकों, संकरी गलियों और ट्रैफिक प्रभावित क्षेत्रों में भी पुलिस जल्द पहुंच सकेगी, जिससे अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा व्यवस्था में और सुधार होगा। इस मौके पर डीसीपी पीसीआर पवन कुमार ने बताया कि नए वाहनों के शामिल होने से PCR यूनिट की कुल क्षमता 802 से बढ़कर 857 हो गई है। उन्होंने कहा कि नई PCR वैन को द्वारका, आउटर नॉर्थ, साउथ, साउथ-वेस्ट, रोहिणी, आउटर और साउथ-ईस्ट जिलों में तैनात किया जाएगा, जिससे इन इलाकों में रहने वाले लोगों को आपात स्थिति में तेज़ और समय पर पुलिस सहायता मिल सके। अधिकारियों ने बताया कि ये विशेष रूप से तैयार की गई मोटरसाइकिलें भीड़भाड़ वाले इलाकों और संकरी गलियों में तेजी से पहुंचने के उद्देश्य से तैयार की गई हैं। संकरी सड़कों पर बड़े वाहनों की सीमित पहुंच को देखते हुए, ये बाइकें स्ट्रीट लेवल अपराधों पर त्वरित प्रतिक्रिया, फास्ट इंटरवेंशन और संवेदनशील स्थानों पर तुरंत कार्रवाई में अहम भूमिका निभाएंगी। दिल्ली पुलिस के अनुसार, नई वैन और बाइकें मिलने से फोर्स की मोबिलिटी और गश्त क्षमता में तेज़ बढ़ोतरी होगी। इससे न केवल क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति मजबूत होगी, बल्कि अपराध पर समय रहते नियंत्रण भी अधिक प्रभावी तरीके से लगाया जा सकेगा। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह आधुनिकता और कुशलता की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। PCR टीमें हर वक्त मैदान में सक्रिय रहती हैं और राजधानी में कानून व्यवस्था बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाती हैं। अधिकारियों का कहना है कि नई वैन और तेज़-चलन वाली बाइकें पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया और गश्त क्षमता को कई गुना बढ़ा देंगी।

राजामौली–महेश बाबू की ₹1188 crore मेगा फिल्म: रिलीज डेट तय, फैंस को करना होगा लंबा इंतजार

मुंबई एसएस राजामौली की सबसे बड़ी फिल्म SSMB29 में महेश बाबू लीड रोल में हैं। ये 15 नवंबर 2025 को अपने टाइटल को रिवील करने के लिए पूरी तरह तैयार है। ग्लोबट्रॉटर इवेंट से पहले, एक नई रिपोर्ट बताती है कि फिल्म 25 मार्च 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी के साथ फिल्म से जुड़ी और भी कई जानकारी सामने आई हैं। लेट्स सिनेमा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस फिल्म की रिलीज की तारीख 25 मार्च, 2027 तय की गई है, जो अब से डेढ़ साल से भी ज्यादा समय बाद है। हालांकि, अभी तक यह केवल एक रिपोर्ट ही है, मेकर्स ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। एसएस राजामौली की फिल्म दिलचस्प बात यह है कि पिंकविला के रिपोर्ट के मुताबुक मेकर्स ने शुरुआत में SSMB29को दो पार्ट में रिलीज करने का सोचा था, लेकिन बाद में दोबारा से सोचा गया और इसे एक ही फिल्म में बनाने का तय किया गया। मेकर्स की प्लानिंग 2026 में फिल्म की शूटिंग करने की है और अंत में 2027 में रिलीज करने का लक्ष्य है। प्रियंका चोपड़ा लीड रोल में SSMB29 एक ऐसी फिल्म है जिसमें महेश बाबू और प्रियंका चोपड़ा लीड रोल में हैं। RRR की अपार सफलता के बाद एसएस राजामौली की निर्देशित इस फिल्म में कथित तौर पर सुपरस्टार इंडियाना जोन्स से प्रेरित एक रोल में हैं। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा भी हैं, जो 2019 की रोमांटिक ड्रामा 'द स्काई इज पिंक' के बाद भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं, जिसमें उन्होंने फरहान अख्तर के साथ काम किया था। राजामौली की फिल्म का बजट चूंकि फिल्म का टाइटल 15 नवंबर, 2025 को हैदराबाद में ग्लोबट्रॉटर इवेंट में रिलीज किया जाएगा, इसलिए यह कार्यक्रम भारत में जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम होगा। फिल्म के बजट की बात करें तो केन्याई पोर्टल द स्टार की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि फिल्म का बजट 135 मिलियन डॉलर (1188 करोड़ रुपये) है। इसे 'एशियाई सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़ी फिल्मों में से एक' बताया गया।

25वां झारखंड स्थापना दिवस: CM और राज्यपाल ने दी बधाई, बिरसा मुंडा के योगदान को किया नमन

रांची  झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने शुभकामनाएं दी। बता दें कि झारखंड 2000 में बिहार से अलग करके बनाया गया था। 15 नवंबर को राज्य का स्थापना दिवस होने के साथ ही आदिवासी नेता बिरसा मुंडा की जयंती भी है। झारखंड स्थापना दिवस की रजत जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने लिखा, 'समस्त झारखण्ड वासी अपने वीर सपूत उलगुलान के महानायक धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा को उनकी 150वीं जयंती पर नमन करते हैं। धरती आबा के आदर्शों पर चलकर ही वीर शहीदों ने अलग झारखण्ड राज्य की परिकल्पना को साकार किया, जिसका प्रतिफल है आज 25 वर्ष का युवा झारखण्ड धरती आबा को जोहार कर रहा है।' राज्यपाल गंगवार ने भी दीं शुभकामनाएं झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर राज भवन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और झारखण्ड स्थापना दिवस पर सभी राज्यवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। श्री गंगवार ने लिखा 'महान स्वतंत्रता सेनानी धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही मातृभूमि और जनजातीय अस्मिता की रक्षा के लिए जो अछ्वुत संघर्ष किया, वह सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। समस्त देशवासियों को‘जनजातीय गौरव दिवस'की हार्दिक शुभकामनाएँ। झारखण्ड आज अपने स्थापना के 25 गौरवशाली वर्ष पूर्ण कर रहा है, यह विभिन्न क्षेत्रों में हमारी प्रेरणादायक प्रगति का प्रतीक है। मैं आप सभी की सुख-समृद्धि और राज्य की निरंतर उन्नति की कामना करता हूँ।   

MI ने किए बड़े बदलाव: कई खिलाड़ियों का पत्ता कटा, IPL 2026 में पूरी तरह बदल जाएगी टीम

नई दिल्ली  पांच बार की आईपीएल चैंपियन मुंबई इंडियंस ने IPL 2026 सीजन से पहले अपनी स्क्वॉड में बड़े बदलाव किए हैं। टीम ने कुल 7 खिलाड़ियों को रिलीज कर दिया है, जिसमें युवा तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर भी शामिल हैं, जिन्हें लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के साथ ट्रेड कर दिया गया है। इसके अलावा, स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर LSG से वापस MI में लौट आए हैं, जबकि वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज शेरफेन रदरफोर्ड को गुजरात टाइटंस से ट्रेड किया गया है। इन बदलावों से अगले सीजन में MI की टीम पूरी तरह नई तस्वीर के साथ मैदान पर उतरेगी। अर्जुन तेंदुलकर का LSG में ट्रांसफर मुंबई इंडियंस ने रिटेंशन से पहले ही अर्जुन तेंदुलकर को LSG के साथ ट्रेड कर दिया। 30 लाख रुपये में MI स्क्वॉड में शामिल हुए अर्जुन को ज्यादा मौके नहीं मिल सके। IPL करियर में उन्होंने MI के लिए महज 5 मैच खेले, जिसमें 3 विकेट लिए और बल्ले से 13 रन बनाए। यह ट्रेड MI की युवा प्रतिभाओं को नए अवसर देने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। शार्दुल ठाकुर की MI में वापसी MI ने अपनी ताकत बढ़ाने के लिए दो महत्वपूर्ण ट्रेड किए। स्टार ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर, जो IPL 2025 में LSG के लिए खेल चुके थे, वापस MI लौट आए हैं। उनका बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये है। वहीं, वेस्टइंडीज के शेरफेन रदरफोर्ड को गुजरात टाइटंस से 2.6 करोड़ रुपये में ट्रेड किया गया। निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर रदरफोर्ड ने T20Is में 44 मैच खेले हैं और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 139 रनों की साझेदारी का रिकॉर्ड उनके नाम है। 4 विदेशी प्लेयर्स समेत 7 रिलीज MI ने चार विदेशी खिलाड़ियों को रिलीज किया है: दक्षिण अफ्रीका के लिजाद विलियम्स, अफगानिस्तान के मुजीब उर रहमान, दक्षिण अफ्रीका के बेवॉन जैकब्स और इंग्लैंड के रीस टॉपली। भारतीय खिलाड़ियों में विग्नेश पुथुर और वी सत्यनारायण राजू भी रिलीज लिस्ट में हैं। IPL 2025 में विग्नेश पुथुर ने MI के लिए T20 डेब्यू किया था। IPL 2025 में MI का प्रदर्शन हाल ही समाप्त IPL 2025 में हार्दिक पांड्या की कप्तानी में MI ने शानदार वापसी की। लीग स्टेज में 14 मैचों में 8 जीत और 6 हार के साथ 16 अंकों पर चौथे स्थान पर रही। नेट रन रेट 1.142 रहा। प्लेऑफ में क्वालीफायर-2 में पंजाब किंग्स से 5 विकेट से हार गई। यह प्रदर्शन MI को IPL 2026 के लिए मजबूत आधार देता है। MI के ये फैसले IPL 2026 ऑक्शन (16 दिसंबर, अबू धाबी) से पहले स्क्वॉड को मजबूत बनाने की दिशा में हैं। हार्दिक पांड्या की कप्तानी बरकरार रहेगी, और ट्रेड्स से टीम में बैलेंस आया है। फैंस अब नए रिटेंशंस और ऑक्शन पर नजरें गड़ाए हुए हैं।  

नगर निगम सख्त: टीम ने हाथों से उखाड़ी हर झोपड़ी, सड़क मार्ग हुआ क्लियर

यमुनानगर यमुनानगर में सड़क किनारे बनी झोपड़ियां अक्सर हादसे का कारण बन रही थी और इसको लेकर नगर निगम पहले भी सख्ती बरत चुका है। उसके बावजूद यह लोग सड़क के किनारे से नहीं हटे और आज नगर निगम का डंडा इन लोगों पर पूरी तरह से चल गया, लेकिन इस बार बुलडोजर की मदद नहीं बल्कि नगर निगम के कर्मचारियों ने अपने हाथों से ही इनकी झोपड़ियां को तोड़ना शुरू कर दिया। यमुनानगर के महाराणा प्रताप चौक से भाई कन्हैया साहिब चौक के बीच में बनी इन सभी झोपड़ियां को आज निगम ने उखाड़ फेंक दिया, हालांकि आज यह कार्रवाई सुबह ही कर दी। ऐसे में इन लोगों ने निगम के कर्मचारियों के सामने हंगामा भी किया, लेकिन पुलिस को पास देख इन लोगों की एक नहीं चली। सड़क के किनारे एक तरफ डेहा बस्ती के लोग तो दूसरी तरफ राजस्थान से आए लोगों ने अपनी झोपड़ियां बना रखी थी जोकि कई बार हादसे का कारण भी बन चुकी है लेकिन आज निगम पूरी तरह से इन पर एक्शन मोड में था और कर्मचारियों ने हर झोपड़ी को अपने हाथों से उखाड़ने का काम किया। ऐसे में इन लोगों का कहना था कि यह राजस्थान के लोग हैं और यहां अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए आए थे। पैसे ना होने के कारण इन लोगों ने अपनी गुजर बसर के लिए यहां पर झोपड़ी बना ली, लेकिन आज निगम ने बिना नोटिस के ही इन्हें यहां से उखाड़ दिया।  बता दें कि कुछ समय पहले भी निगम के अधिकारियों ने इन पर एक्शन लिया था, लेकिन तब इन लोगों को समझ कर और थोड़ा एक्शन कर यहां से टीम वापस चलेगी थी। उसके बावजूद इन लोगों ने यहां से न हटाने में ही अपनी भलाई समझी, लेकिन आज टीम ने एक्शन मोड में आकर इन्हें यहां से उखाड़ फेंक दिया और चेतावनी दी कि भविष्य में अगर सड़क किनारे झोपड़ी बनाई तो उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी।