samacharsecretary.com

आज का राशिफल 26 नवंबर 2025: कौन चमकेगा, किसे सतर्क रहने की जरूरत?

मेष राशि- आज का दिन आपके लिए मेहनत और तरक्की दोनों लेकर आया है। जिन कामों को आप कई दिनों से पूरा नहीं कर पा रहे थे, उनमें आज गति आएगी। दफ्तर में आपकी बात को महत्व मिलेगा और लोग आपकी मेहनत को पहचानेंगे। परिवार में छोटे-मोटे मतभेद खत्म हो सकते हैं। बस ध्यान रखें- गुस्सा आज आपका सबसे बड़ा दुश्मन बन सकता है। संयम रखेंगे तो दिन आपके पक्ष में रहेगा। वृषभ राशि- वृषभ राशि वालों के लिए यह दिन पैसों और काम दोनों में राहत देने वाला है। किसी पुराने मित्र, रिश्तेदार या सहकर्मी से अप्रत्याशित मदद मिल सकती है। घर-परिवार में शांति और आराम बना रहेगा। आप आज अपने जरूरी काम निपटाने के मूड में रहेंगे। किसी जरूरी खरीदारी को लेकर मन बनेगा, लेकिन सोच-समझकर खर्च करें। मिथुन राशि- मिथुन राशि वालों के लिए आज संचार की ताकत सबसे ज्यादा काम आएगी। आपकी बात सीधे लोगों तक पहुंचेगी और उसका असर भी दिखेगा। मीडिया, लेखन, रिपोर्टिंग, सोशल मीडिया या बातचीत आधारित काम कर रहे लोगों के लिए आज का दिन खास तौर पर लाभदायक है। किसी मीटिंग में आपकी राय मुख्य भूमिका निभा सकती है। दोस्तों से भी तारीफ सुनने को मिलेगी। कर्क राशि- दिन की शुरुआत थोड़ी भावुकता के साथ हो सकती है, लेकिन कुल मिलाकर दिन अच्छा बीतेगा। घर-परिवार से मजबूती और भावनात्मक सहारा मिलेगा। किसी पुराने काम या समस्या का समाधान अचानक मिल सकता है। स्वास्थ्य में थकान या कमजोरी महसूस हो सकती है, इसलिए पानी पीते रहें और आराम का समय निकालें। रिश्तों में मिठास बढ़ेगी। सिंह राशि- आज का दिन आपके आत्मविश्वास को ऊंचा करेगा। आप जिस भी काम को हाथ में लेंगे, उसमें चमक दिखेगी। दफ्तर में आपकी मेहनत की सराहना होगी और किसी वरिष्ठ से अच्छी प्रतिक्रिया मिल सकती है। किसी रुके हुए काम या अवसर की ओर नई राह खुलेगी। शाम तक किसी सुखद खबर की उम्मीद भी बन रही है। कन्या राशि- आज जिम्मेदारियों का दबाव रहेगा, लेकिन आप उसे सहजता से निभा लेंगे। परिवार या संपत्ति से जुड़े किसी मामले में फायदा मिल सकता है। काम में स्थिरता और प्रगति दोनों दिखेंगी। किसी जरूरी कागज़ या दस्तावेज़ का काम आज पूरा हो सकता है। लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा। तुला राशि- आपका काम भले ही ज्यादा हो, लेकिन आप उसे बेहतरीन तरीके से संभाल लेंगे। मेहनत का फल सीधे-सीधे मिलता दिखेगा। पैसा आएगा, लेकिन खर्च भी बढ़ सकता है इसलिए संतुलन जरूरी है। किसी यात्रा का कार्यक्रम बन सकता है या बाहर जाने का मौका मिलेगा। किसी पुराने परिचित से मुलाकात भी संभव है। वृश्चिक राशि- आज दोस्तों और साथियों का पूरा सहयोग मिलेगा। टीमवर्क में आपका प्रदर्शन मज़बूत रहेगा। कोई नया आइडिया दिमाग में आएगा जो आगे चलकर बड़ा फायदा दे सकता है। दिन हल्का, सरल और उत्पादक रहेगा। बातचीत में संतुलन रखें- किसी छोटी बात को बड़ा न बनाएं। धनु राशि- रिश्तों और साझेदारियों के लिए यह दिन काफी अच्छा है। जीवनसाथी या पार्टनर से सहयोग मिलेगा। काम-काज में सुधार की शुरुआत होगी और मन में हौसला बढ़ेगा। किसी अनुभवी व्यक्ति की सलाह आपके लिए आज बहुत फायदेमंद साबित होगी। पुराने विवाद दूर हो सकते हैं। शांति और हल्केपन का अहसास बना रहेगा। मकर राशि- मकर राशि वालों के लिए दिन थोड़ा गंभीर और गहरा रहेगा। काम में फोकस बढ़ेगा और आप चीजों को गहराई से समझेंगे। थोड़ी मानसिक थकान महसूस हो सकती है, लेकिन आपके प्रयासों का सकारात्मक असर दिखेगा। पैसे की स्थिति स्थिर रहेगी। किसी पुराने मामले पर दोबारा ध्यान देने से लाभ मिलेगा। कुंभ राशि- आज आपके भीतर नई ऊर्जा और नई सोच उत्पन्न होगी। किसी नए काम या योजना को शुरू करने का सही समय है। भाग्य आपके साथ खड़ा रहेगा, जिससे काम तेजी से बनेंगे। घूमने या छोटी यात्रा का प्लान भी बन सकता है। मन खुला रहेगा, जिससे आप बेहतर फैसले ले सकेंगे। मीन राशि- मीन राशि वालों के लिए आज मन थोड़ा भटका हुआ रहेगा लेकिन क्रिएटिविटी अपनी जगह मजबूत रहेगी, इसलिए लिखने, बनाने, सोचने या कला से जुड़े लोगों को अच्छा फायदा मिलेगा। किसी बात को लेकर ज्यादा सोचने से बचें। नींद और सेहत का ध्यान रखें। छोटी यात्राएं संभव हैं।

अयोध्या में ध्वजारोहण का महापर्व: डॉ. राजीव बिंदल ने राम मंदिर पूर्ण होने पर देशवासियों को बधाई दी

शिमला भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आज श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर के निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत सम्पन्न हुए ध्वजारोहण के महापर्व पर संपूर्ण देशवासियों एवं विश्वभर के सनातन समाज को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष और असंख्य ज्ञात-अज्ञात बलिदानियों के अप्रतिम बलिदानों के पश्चात आज वह पावन क्षण आया है जब श्रीराम जन्मस्थान पर दिव्य और भव्य मंदिर पूर्ण रूप से संसार के समक्ष खड़ा है।  यह केवल एक मंदिर नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और तपस्या का प्रतीक है। डॉ. बिंदल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज राम मंदिर के कलश पर ध्वजा चढ़ाकर पूरे देश को ऐतिहासिक और आध्यात्मिक सौगात दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी जी के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि यह कार्य हमारी सनातन परंपरा, संस्कृति और अस्मिता को गौरव के शिखर पर स्थापित करने वाला है। उन्होंने कहा कि श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण करोड़ों-करोड़ों भारतीयों की आस्था की पूर्णता है। यह दिवस भारत के प्रत्येक नागरिक के लिए गर्व का विषय है और इसे सदियों तक स्मरण किया जाता रहेगा। डॉ. बिंदल ने एक बार पुनः समस्त देशवासियों, भक्तों एवं सनातन धर्मावलंबियों को इस पावन अवसर पर शुभकामनाएँ और बधाई दीं।

‘उत्साह और नई ऊर्जा का केंद्र बना हरियाणा’—पीएम दौरे पर मंत्री गौरव गौतम का बयान

चंडीगढ़  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हरियाणा के कुरुक्षेत्र का दौरा करेंगे। उनका स्वागत करने के लिए हरियाणा के लोगों में जबरदस्त उत्साह और जोश है। हरियाणा सरकार में मंत्री गौरव गौतम ने कहा, "दुनिया के सबसे ताकतवर नेता पीएम नरेंद्र मोदी पवित्र शहर कुरुक्षेत्र आ रहे हैं। पूरे हरियाणा के कोने-कोने से लोग उनका स्वागत करने और बधाई देने के लिए उत्सुक और जोश में हैं।" मंत्री गौरव गौतम ने आगे कहा, "वे जिन कार्यक्रमों के लिए आ रहे हैं, चाहे वह गीता जयंती महोत्सव हो या गुरु तेग बहादुर की 350वीं सालगिरह का प्रोग्राम, पूरा हरियाणा राज्य उत्साहित और एनर्जी से भरा हुआ है।" पीएम मोदी के कुरुक्षेत्र दौरे पर मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा, "वह कुरुक्षेत्र के धर्मनगर में आ रहे हैं, जिससे क्षेत्र के विकास में तेजी आने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से कई नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया जाएगा, जिससे आगे तरक्की और विकास पक्का होगा।" प्रधानमंत्री शाम लगभग 4 बजे भगवान कृष्ण के पवित्र शंख के सम्मान में नवनिर्मित 'पांचजन्य' का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वे महाभारत अनुभव केंद्र का दौरा करेंगे। यह एक गहन अनुभवात्मक केंद्र है जहां महाभारत के महत्वपूर्ण प्रसंगों को प्रदर्शित किया गया है जो इसके स्थायी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व को दर्शाते हैं। शाम लगभग 4:30 बजे, प्रधानमंत्री सिखों के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान, प्रधानमंत्री पूज्य गुरु के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में एक विशेष सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इस अवसर पर वे उपस्थित जनसमूह को भी संबोधित करेंगे। गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के उपलक्ष्य में, भारत सरकार एक वर्ष तक चलने वाला स्मरणोत्सव मना रही है। इसके बाद शाम लगभग 5:45 बजे, प्रधानमंत्री ब्रह्म सरोवर में दर्शन और पूजा करेंगे। यह सरोवर भारत के सबसे पवित्र तीर्थस्थलों में से एक है और माना जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को श्रीमद्भगवद्गीता का दिव्य ज्ञान यहीं दिया था।

लोककला से लेकर लैंडमार्क मॉडल तक: राजस्थान मंडप में दिखी संस्कृति की अनूठी झलक

नई दिल्ली/जयपुर  नई दिल्ली में चल रहे 44वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेंलें में राजस्थान मंडप में प्रदर्शित प्रदेश के विभिन्न पर्यटक स्थलों कें माॅडल्स तथा हस्तकला और अन्य प्रसिद्ध उत्पाद आकर्षण का केन्द्र बन रहे हैं। मंडप में हाड़ौती, मेवाड, मेरवाड़ा अंचलों को विषेष रूप से तैयार किया गया, जहां पर आगंतुक सेल्फी लेते हुए दिखाई दिए। मंडप में इस बार राजस्थान की पारंपरिक कला और संस्कृति ने लोगों का मन मोह लिया। मेले में लगाया गया राजस्थान की लोक कला का स्टॉल हर दिन भीड़ से भरा रहा। यहाँ आने वाले लोग लंबे समय तक रुककर कलाकृतियों को देखते रहे और कई आगंतुकों ने कहा कि उन्हें यहाँ एक अलग ही अपनापन और खुशी महसूस हुई। मंडप में राज्य की प्रसिद्ध कठपुतलियाँ, बंदनवार, डोर हैंगिंग्स, घरेलू साज-सज्जा की खूबसूरती सबको अपनी ओर आकर्षित कर रही है। मेले में केवल वस्तुएँ ही नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक-संस्कृति की जीवंत झलक भी देखने को मिली। यहाँ कठपुतली शो और राजस्थानी लोकनृत्य का मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग इकठ्ठा हुए। प्रस्तुति शुरू होते ही दर्शकों ने मोबाइल कैमरे निकाल लिए और बच्चे तालियाँ बजाते दिखाई दिए। सबके चेहरों की मुस्कान यह बता रही थी कि कला इंसान को कुछ पलों के लिए दुनिया की भागदौड़ से दूर ले जाती है। उस माहौल में ऐसा लग रहा था जैसे रंग-बिरंगा राजस्थान अपने पूरे सौंदर्य के साथ दिल्ली में उतर आया हो। कठपुतली प्रदर्शन के लिए सीकर से आए कलाकार अशोक भट्ट ने बताया कि वे लंबे समय से राजस्थान की पारंपरिक कला से जुड़े हुए हैं और पिछले कई वर्षों से वे विभिन्न मेलों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी कला का प्रदर्शन करते आ रहे हैं। अशोक भट्ट ने बताया कि उनके लिए कला सिर्फ काम नहीं बल्कि जीवन का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि जब लोग उनके काम को समझते हैं और सराहते हैं, तो उन्हें लगता है कि उनकी मेहनत सफल हुई। उन्होंने कहा कि उन्हें यहाँ मिली गर्मजोशी और प्यार यह दिखाता है कि आज भी लोग अपनी जड़ों और संस्कृति से जुड़े रहना चाहते हैं। उनके अनुसार, सरकार द्वारा दिए गए मंच और सहयोग ने कलाकारों को आगे बढ़ने की बड़ी ताकत दी है। रोमानिया के प्रतिनिधिमंडल ने किया राजस्थान मंडप का अवलोकन रोमानिया के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान मंडप का अवलोकन किया। इस प्रतिनिधिमंडल ने मंडल में लगे प्रत्येक स्टाॅल्स का भ्रमण कर स्टॉल संचालकों से वार्ता की। उन्होंने मंडप में प्रदर्षित उत्पादों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

India-UK Drill ‘Ajeet Warrior’: हेलीकॉप्टर स्ट्राइक में दुश्मन ठिकाने तबाह, जवानों ने दिखाया सुपर कमांडो ऑपरेशन

नई दिल्ली  भारत और यूनाइटेड किंगडम की सेनाएं संयुक्त युद्धाभ्यास ‘अजेय वारियर’ को अंजाम दे रही हैं। इस दौरान दोनों सेनाओं ने आतंकवादियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई का अभ्यास किया है। इस अभियान में भारत और यूके के जवान हेलीकॉप्टर की सहायता से आतंकवादियों के ठिकानों पर पहुंचे, उन पर हमला किया और आतंकी ठिकाने नष्ट करके सुरक्षित वापस निकल आए। भारतीय सेना के मुताबिक, राजस्थान के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में ‘अजेय वॉरियर’ भारत-यूके संयुक्त सैन्य अभ्यास चल रहा है। यहां यह युद्धाभ्यास लगातार उच्च पेशेवर तीव्रता के साथ आगे बढ़ रहा है। इसमें भारतीय सेना की सिख रेजिमेंट और ब्रिटिश सेना की टुकड़ियां शामिल हैं।  दोनों सेनाएं संयुक्त राष्ट्र जनादेश के तहत संचालन क्षमता और इंटरऑपरेबिलिटी बढ़ाने के उद्देश्य से विविध और अत्यंत मांगपूर्ण सैन्य गतिविधियों में भाग ले रही हैं। अभ्यास के दौरान दोनों देशों के सैनिकों ने विभिन्न फायरिंग प्रैक्टिस, रिफ्लेक्स शूटिंग, रॉकेट लॉन्चर फायरिंग, स्नाइपर एवं एमएमजी ड्रिल्स जैसी उन्नत युद्धक प्रक्रियाओं का अभ्यास किया। यहां हालात वास्तविक युद्ध की परिस्थितियों की तर्ज पर तैयार किए गए हैं। ऐसी स्थिति ने सैनिकों की निर्णय क्षमता और प्रतिक्रिया कौशल को और अधिक धारदार बनाया है। संयुक्त सत्रों में आईडी को निष्क्रिय करना, विभिन्न सेनाओं द्वारा अपनाई जाने वाली टेक्नीक और प्रोसीजर और समकालीन परिचालन चुनौतियों पर आधारित केस स्टडी शामिल रहे। इससे दोनों सेनाओं के बीच ज्ञान-साझेदारी और सामरिक समझ में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है। शहरी और अर्ध-शहरी युद्धक प्रशिक्षण में हाउस एवं रूम इंटरवेंशन, काफिला सुरक्षा, रोड ओपनिंग गश्त जैसी जटिल ड्रिल्स के दौरान दोनों सेनाओं ने समन्वित, सटीक और अनुशासित कार्रवाई का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही लाइट हेलीकॉप्टर और एमआई-17 हेलीकॉप्टरों से स्लिदरिंग तथा स्मॉल-टीम हेलिबॉर्न ऑपरेशंस किए गए। इनके तहत आतंकवाद-रोधी अभियानों में आवश्यक तेजी से प्रवेश करके घुसने और सुरक्षित निकासी की सैन्य क्षमताओं को मजबूत किया गया। सेना के मुताबिक दैनिक दिनचर्या में योग, फिजिकल ट्रेनिंग, बैटल ऑब्स्टेकल कोर्स, तथा युद्ध भार के साथ 5 और 10 मील की दौड़ शामिल रही। इन अभ्यासों से सैनिकों की शारीरिक क्षमता, मानसिक दृढ़ता और टीम भावना में और निखार आया। अभ्यास स्थल पर दोनों सेनाओं के हथियारों और नई पीढ़ी के सैन्य उपकरणों का संयुक्त प्रदर्शन भी किया गया। सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मित्रता को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। टग ऑफ वार, वॉलीबॉल और विशेष रूप से एक मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच में सैनिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। इसके अतिरिक्त बीकानेर की सांस्कृतिक यात्रा ने ब्रिटिश सैनिकों को राजस्थान की समृद्ध विरासत, कला और मेहमाननवाजी से परिचित कराया। जैसे-जैसे अजेय वॉरियर आगे बढ़ रहा है, यह अभ्यास अपने प्रमुख उद्देश्यों को मजबूती से पूरा कर रहा है। यह भारत और यूनाइटेड किंगडम के बीच रक्षा सहयोग और वैश्विक शांति व स्थिरता में योगदान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। वहीं, उत्तराखंड के पिथौरागढ़ में मंगलवार को ही भारत और नेपाल की सेनाओं के बीच द्विपक्षीय सैन्य अभ्यास ‘सूर्य किरण’ प्रारंभ हुआ। यह अभ्यास 25 नवंबर से 8 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। अभ्यास का मुख्य उद्देश्य संचालनात्मक तालमेल बढ़ाना है। इसमें पर्वतीय क्षेत्रों में जंगल युद्धक तकनीक और काउंटर-टेररिज्म ऑपरेशंस पर विशेष ध्यान दिया गया है। दोनों सेनाएं आधुनिक तकनीकों के एकीकरण, पारस्परिक इंटरऑपरेबिलिटी और श्रेष्ठ प्रक्रियाओं के आदान-प्रदान पर फोकस कर रही हैं।

डॉ. मुजम्मिल केस में नया मोड़: NIA ने फरीदाबाद में छापेमारी कर अलमारी समेत कई जगह दोबारा खंगाली

फरीदाबाद  दिल्ली ब्लास्ट में शामिल अल-फलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार आतंकी डॉ मुजम्मिल शकील को लेकर देर रात राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) फरीदाबाद पहुंची। NIA की टीम इस दौरान मुजम्मिल को अलग-अलग कई जगह पर लेकर गई। जांच टीम ने फरीदाबाद, सोहना और फतेहपुर तगा में करीब चार घंटे तक विभिन्न लोकेशनों पर उसकी गतिविधियों की पड़ताल की। यूनिवर्सिटी लेकर पहुंची NIA पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार NIA की टीम सबसे पहले मुजम्मिल को अल-फलाह यूनिवर्सिटी लेकर पहुंची, जहां वह पिछले लंबे समय से रह रहा था। टीम ने करीब डेढ़ घंटे तक यूनिवर्सिटी परिसर में उसके रहने के स्थान, पढ़ाई के स्थान, मेडिकल केबिन तथा उन जगहों की शिनाख्त करवाई जहां वह मरीजों का इलाज किया करता था। टीम ने जांचा कि वह किन स्टूडेंट्स के संपर्क में था और यूनिवर्सिटी परिसर में उसकी गतिविधियां क्या-क्या थी। यूनिवर्सिटी के कैंपस परिसर के उस हिस्से में उसको लेकर जाया गया, जहां पर वह सुबह और शाम को घूमने के लिए जाता था। टीम द्वारा उसकी अलमारी को दोबारा से चैक किया गया। गांव धौज और तगा में लेकर पहुंची टीम इसके बाद NIA ने उसे उस स्थान पर लेकर गई, जहां करीब 360 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट 10 से 12 सूटकेस में भरकर तैयार अवस्था में रखा गया था। देर रात इस जगह पर लगभग 15–20 मिनट तक पूछताछ हुई। टीम ने मुजम्मिल से यह जानकारी ली कि यह रासायनिक सामग्री वहाँ क्यों रखी गई थी, किस उद्देश्य से तैयार की गई थी और इसके पीछे कौन लोग शामिल थे। इसके बाद टीम तीसरे स्थान फतेहपुर तगा स्थित उस घर में पहुंची, जहां 2,563 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट के 50 कट्टे बरामद किए गए थे। NIA ने मौके पर खड़े रहकर उससे पूछताछ की, कि इतनी बड़ी मात्रा में रसायन वहां किस वजह से रखा गया था, इसे कहां ले जाया जाना था और उसने इसे वहां तक कैसे पहुंचाया। मुजम्मिल ने बताया कि यह 50 कट्टे वह दो बार कार में भरकर यहां लेकर आया था और इन्हें इस स्थान पर जमा कर दिया गया था। दो बीज भंडारों की पहचान करवाई इसके बाद NIA मुजम्मिल को फरीदाबाद से सोहना लेकर गई। सोहना मंडी में उससे दो बीज भंडारों की पहचान करवाई गई। मुजम्मिल ने मौके पर बताया कि यही वे दो भंडार हैं जिनसे उसका संपर्क रहा था। टीम ने यहाँ भी उससे विस्तृत पूछताछ की। पूरी कार्रवाई के दौरान NIA की टीम फरीदाबाद में करीब ढाई से तीन घंटे और सोहना में लगभग 40-45 मिनट तक मुजम्मिल को विभिन्न लोकेशनों पर लेकर मौजूद रही। सभी स्थानों पर शिनाख्त और मौके पर पूछताछ पूरी करने के बाद टीम उसे वापस दिल्ली लेकर चली गई।  

पंजाब में भीषण सड़क दुर्घटना: सैनिकों को ले जा रहा ट्रक अनियंत्रित होकर पलटा

जालंधर जालंधर–पठानकोट हाईवे पर दारापुर बाईपास के पास आज सुबह हुए सड़क हादसे में एक ही दिशा में जालंधर की ओर जा रहे आर्मी के ट्रक और एक कार की टक्कर हो गई, जिसके बाद दोनों वाहन बेकाबू होकर सड़क पर पलट गए। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जानी नुक्सान नहीं हुआ और सभी सवार बाल-बाल बच गए। हादसे के दौरान कार में सवार कमल, पुत्री कुलदीप सिंह निवासी नरायणगढ़ को चोट आई है, जिसे मौके पर पहुंची सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम, थानेदार बलजीत सिंह और आंचल ने प्राथमिक चिकित्सा दी। इसके साथ ही उन्होंने फौजी वाहन चला रहे बीरेंद्र यादव पुत्र राम धारी यादव निवासी लखनऊ, उसके साथी जवान, तथा कार चालक कुलदीप सिंह और उसकी पत्नी की मदद की और हाइड्रा की सहायता से सड़क को साफ करवाया। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि यह दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।  

मंत्री टेटवाल ने कहा- ग्लोबल स्किल पार्क के प्रशिक्षित विद्यार्थी देश-दुनिया में कर रहे हैं संस्थान का नाम रोशन

341 विद्यार्थियों में 90 प्रतिशत विद्यार्थियों का हुआ प्लेसमेंट भोपाल  हमारे प्रशिक्षु अब केवल चुनौतियों का सामना करने वाले युवा नहीं, बल्कि कौशल, आत्मविश्वास और नवाचार से परिपूर्ण नागरिक बन चुके हैं, जो राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान देने के लिए तैयार हैं। संस्थान और राज्य सरकार मिलकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 'कुशल भारत-समृद्ध भारत के संकल्प को साकार करने के लिये युवाओं को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने के लिए निरंतर कार्यरत हैं। यह बात कौशल विकास एवं रोजगार राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री गौतम टेटवाल ने मंगलवार को संत शिरोमणि रविदास ग्लोबल स्किल पार्क के 2024 बैच के दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि यह समारोह केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि युवाओं के परिश्रम, क्षमता और उपलब्धियों का सम्मान है।    मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द मोदी के नेतृत्व में कौशल-आधारित विकास की जो सशक्त परिकल्पना सामने आई है, उसने युवाओं में आत्मविश्वास और वैश्विक प्रतिस्पर्धा की नई ऊर्जा जगाई है। उन्होंने बताया कि  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में कौशल विकास को नई पहचान मिली है और यह विश्वास मजबूत हुआ है कि सक्षम युवा ही प्रदेश को प्रगति के शिखर पर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर युवा को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण, अत्याधुनिक सुविधाएँ और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध हों और ग्लोबल स्किल्स पार्क इसी प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है, जहाँ अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, इंडस्ट्री-लिंक्ड कोर्स, डिजिटल सुविधाएँ और प्रशिक्षकों की विशेषज्ञता मिलकर विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्षमता प्रदान करती हैं। समारोह में मंत्री डॉ. टेटवाल ने संस्थान के प्रशिक्षार्थियों द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन, इंडस्ट्री 4.0, ऊर्जा प्रणालियाँ, प्रैक्टिकल इंजीनियरिंग और व्यवहारिक कौशल जैसे क्षेत्रों में हासिल की गई उल्लेखनीय प्रगति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल स्किल्स पार्क के अनेक विद्यार्थियों को प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय कंपनियों में अवसर प्राप्त हुए हैं, जबकि बड़ी संख्या में युवा स्टार्टअप, नवाचार और उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ रहे हैं, जो प्रदेश की आर्थिक उन्नति के लिए अत्यंत शुभ संकेत है। उन्होंने गीता के ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ का उल्लेख करते हुए युवाओं से कहा कि आज की दुनिया निरंतर बदल रही है और ऐसे समय में सतत सीखना उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि उनका कौशल तकनीक के साथ लगातार अपडेट होना चाहिए तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार रखना चाहिए। मंत्री श्री टेटवाल ने प्रशिक्षकों, संकाय सदस्यों, प्रशासनिक अधिकारियों और तकनीकी टीम के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि ग्लोबल स्किल्स पार्क की उत्कृष्टता पूरे दल की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने संस्थान को सुझाव दिया कि उद्योग जगत की आवश्यकताओं और बदलती तकनीक के अनुरूप अल्पावधि के कोर्स भी नियमित रूप से संचालित किए जाएँ, जिससे विद्यार्थियों की अप-स्किलिंग सुचारु रूप से होती रहे। मंत्री श्री टेटवाल ने कहा कि ग्लोबल स्किल पार्क के प्रशिक्षित विद्यार्थियों का देश और प्रदेश के साथ ही विश्व की प्रतिष्ठित कंपनियो में भी प्लेसमेंट हो रहा है। उन्होंने बताया कि यहां से प्रशिक्षित 11 विद्यार्थी अबु धाबी में जॉब कर रहे है। यह एशिया का विश्वस्तरीय संस्थान है। मंत्री डॉ. टेटवाल ने प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि ग्लोबल स्किल्स पार्क परिवार से जुड़ने वाला हर युवा जीवनभर इस परिवार का अभिन्न सदस्य बना रहता है। इस अवसर पर 2024-2025 सत्र में उत्कृष्ट समग्र शैक्षणिक प्रदर्शन हेतु चयनित प्रशिक्षु को मिनिस्टर मेडल अवार्ड से सम्मानित किया गया। इसके बाद विभिन्न ट्रेडों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र और विशेष सम्मान प्रदान किए गए। कार्यक्रम में प्रशिक्षकों ‌द्वारा विद्यार्थियों को वर्चुअल शुभकामना संदेश दिये गये, जिसमें उनके अनुभव, सुझाव और मार्गदर्शन ने उपस्थित प्रशिक्षुओं को नई ऊर्जा और दिशा दी। तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार प्रमुख सचिव श्री मनीष सिंह ने वर्चुअल शुभकामना संदेश एवं बधाई दी। ग्लोबल स्किल पार्क की विश्वस्तरीय प्रशिक्षण सुविधाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में आत्मनिर्भर व सफल करियर हेतु प्रेरित किया। ग्लोबल स्किल पार्क मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. गिरीश शर्मा ने कहा कि आज जो विद्यार्थी यहाँ से आगे बढ़ रहा है, वह हमारे परिवार का हिस्सा है। हमारा विश्वास है कि ये बच्चे सिर्फ भविष्य नहीं बदलेंगे, बल्कि नए अवसरों और नई ऊँचाइ‌यों की मिसाल बनेंगे। हम सभी उन्हें उनके उज्ज्वल, सफल और सशक्त भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ देते हैं। विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक अपने अपने सत्र के अनुभव साझा किए और कहा कि ग्लोबल स्किल पार्क में उन्हें समस्या खोजने वाला नहीं, बल्कि समाधान प्रस्तुत करने वाला बनने की सोच विकसित हुई। वि‌द्यार्थियों ने संस्थान की अत्याधुनिक प्रयोगशालाएँ, उद्‌द्योग-संलग्न व्यावहारिक प्रशिक्षण, अनुशासित एवं सहयोगी शिक्षण वातावरण तथा मार्गदर्शक संकाय की सराहना की। परिणामस्वरूप आज यहाँ के अधिकांश छात्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलतापूर्वक कार्यरत हैं।  

उप मुख्यमंत्री देवड़ा ने कहा- डिजिटल वित्तीय प्रणाली को देंगे नई गति

पेंशनरों को त्वरित सेवाएँ सीबीडीसी के सफल पायलट प्रोजेक्ट पर मध्यप्रदेश अग्रणी भोपाल उप मुख्यमंत्री श्री जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश की वित्तीय प्रणाली को पूर्ण रूप से डिजिटल और पारदर्शी स्वरूप देने के लिये राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने मध्यप्रदेश में डिजिटल करेंसी के उपयोग को बढ़ावा देने के लिये आवश्यक कानूनी और वित्तीय प्रक्रियाएँ शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने यह भी कहा कि पेंशन प्रकरणों को संपूर्ण रूप से डिजिटाइज किया जाएगा। इससे लाखों पेंशनरों को त्वरित और सरल सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा मंगलवार को मंत्रालय में वित्त विभाग की गतिविधियों की उच्च स्तरीय समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विगत 2 वर्षों के दौरान प्रदेश का वित्तीय ढांचा अधिक सक्षम, तकनीक-सम्मत और सेवा उन्मुख हुआ है। पेंशन व्यवस्था में किए गए सुधारों के परिणामस्वरूप अब पेंशन भुगतान एसबीआई द्वारा एग्रीगेटर मॉडल में किया जा रहा है। इससे पेंशनरों को किसी भी बैंक खाते में राशि प्राप्त करने की सुविधा मिल रही है। उपमुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने बताया कि सिंगल नोडल एजेंसी प्रणाली के प्रभावी क्रियान्वयन से मध्यप्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हुआ है। इस उपलब्धि से राज्य को 500 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है और 66 में से 47 केंद्र प्रवर्तित योजनाओं की स्वीकृतियाँ जारी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल भुगतान प्रणाली आज प्रदेश में अधिक त्वरित, सुरक्षित और विश्वसनीय बन चुकी है। उन्होंने वित्तीय प्रबंधन प्रक्रियाओं को पूर्णतः डिजिटल स्वरूप देने के लिये आईएफएमएस नेक्स्ट जेन को निर्धारित समय सीमा में लागू करने के निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री श्री देवड़ा ने विभागों, कोषालयों तथा आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर भुगतान प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी एवं सटीक बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। बैठक में बताया गया कि मध्यप्रदेश ने सेंट्रल बैंक डिजिटल करेंसी (सीबीडीसी) का सफल पायलट प्रोजेक्ट पूरा कर लिया है। यह भविष्य में बगैर नकद रकम के लेनदेन, कल्याणकारी योजनाओं के भुगतान में पारदर्शिता और वित्तीय प्रक्रियाओं की गति बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इसे आगामी समय में आईएफएमएस नेक्स्ट जेन से जोड़कर प्रमुख योजनाओं में लागू किया जाएगा। सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिये ई-जीपीएफ प्रणाली बड़ी राहत के रूप में उभर रही है। महालेखाकार कार्यालय द्वारा प्राधिकृत पत्र जारी होते ही भुगतान सीधे ऑनलाइन हो जाता है तथा अब तक 5,000 से अधिक मामलों में इसका सफल उपयोग किया जा चुका है। इस प्रणाली को अब 57,000 कर्मचारियों तक विस्तारित किया जा रहा है। इससे सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले वित्तीय लाभ समय पर प्राप्त हो सकेंगे। वित्तीय निरीक्षण एवं सेवा-प्रदान को और मजबूत करने के लिये पांदुर्णा, मऊगंज और मैहर में 3 नए कोषालय स्वीकृत किए गए हैं। साथ ही चम्बल, नर्मदापुरम और शहडोल में स्थानीय निधि संपरीक्षा संचालनालय के क्षेत्रीय कार्यालय स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे विभागीय निगरानी और सेवा-सुगमता बढ़ेगी। बैठक में अपर मुख्य सचिव वित्त श्री मनीष रस्तोगी, सचिव श्री लोकेश कुमार जाटव, आयुक्त कोष एवं लेखा श्री भास्कर लाक्षाकार, संचालक वित्त श्री राजीव रंजन मीणा, अपर सचिव वित्त श्री रोहित सिंह, संचालक पेंशन श्री जे.के. शर्मा तथा संचालक स्थानीय निधि संपरीक्षा श्री अदिति कुमार त्रिपाठी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।  

38 दिव्यांगजन को सक्षम के मंच से मिली मोटराइज्ड व्हील चेयर

आईआईटी चेन्नई के स्नातकों ने विकसित की नवीनतम तकनीक की व्हील चेयर भोपाल  सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन रिसोर्स सेंटर में मंगलवार को आयोजित समारोह में 38 दिव्यांगजन हितग्राहियों को मोटराइज्ड व्हील चेयर का वितरण किया गया। यह कार्यक्रम गैर सरकारी संगठन सक्षम द्वारा आयोजित किया गया जिसमें हितग्राहियों को अल्टीयस टेलीकॉम इंफ़्रा ट्रस्ट के सहयोग से व्हील चेयर वितरित की गई। कार्यक्रम प्रमुख सचिव सामाजिक न्याय श्रीमती सोनाली वायंगणकर, आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया, सक्षम के राष्ट्रीय महासचिव उमेश अंधारे, संघ के प्रान्त सेवा प्रमुख विक्रम सिंह सहित सक्षम संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि श्रीमती वायंगणकर ने कहा कि समाज में दिव्यांगजन सरकार के अकेले दम पर सक्षमता अर्जित नहीं कर सकते हैं, यह तभी संभव है जब समाज की भागीदारी भी सरकार के साथ बराबरी से सुनिश्चित हो। उन्होंने अल्टीयस कम्पनी के प्रति आभार व्यक्त किया, जिसने प्रदेश के 38 दिव्यांगजन को मोटराइज्ड व्हील उपलब्ध कराई हैं। आयुक्त दिव्यांगजन डॉ. अजय खेमरिया ने सीएसआर को भारत की प्राचीन परोपकार की परंपरा का अनुवर्तन बताते हुए सक्षम और कम्पनी के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सक्षम के महासचिव श्री उमेश अंधारे ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का विषय प्रवर्तन रविन्द्र कोपरगांवकर ने किया। एक लाख 10 हजार की व्हील चेयर कार्यक्रम में वितरित की गई व्हील चेयर न्यू मोशन कम्पनी द्वारा विकसित की गई है। यह कम्पनी चेन्नई आईआईटी से निकले युवाओं ने तैयार की है जो नवीनतम तकनीकी से दिव्यांगजन के लिए व्हील चेयर बनाती है। इस व्हील चेयर का उपयोग हितग्राही वैकल्पिक रूप से अपने लिए स्थानीय रोजगार के साधन के रूप में भी कर सकते हैं। सक्षम के विश्वजीत सरमंडल ने बताया कि इस साल जनवरी में अल्टीयस कम्पनी के सहयोग से जिन 47 हितग्राहियों को व्हील चेयर वितरित की गई, वे स्व-रोजगार से जुड़ गए हैं। इस व्हील चेयर की कीमत एक लाख दस हजार है।