samacharsecretary.com

पंजाब के लिए गुड न्यूज: जापान यात्रा के तीसरे दिन ₹500 करोड़ का निवेश करार, वर्धमान और आइची स्टील की साझेदारी

चंडीगढ़  जापान दौरे के तीसरे दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज फिर 500 करोड़ रुपए का निवेश सुरक्षित कर लिया है. समझौते के मुताबिक जापान की कंपनी आइची स्टील ने प्रदेश में वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ सहयोग बढ़ाने का आश्वासन दिया है. दोनों कंपनियों के प्रमुखों ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए. मुख्यमंत्री ने इस समझौते को प्रदेश के विकास के लिए काफी अहम बताया है. उन्होंने कहा कि आइची स्टील कॉर्पोरेशन टोयोटा की स्टील शाखा के रूप में जाना जाता है. मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बताया कि आइची स्टील की वर्धमान में पहले से ही करीब 24.9 फीसदी हिस्सेदारी है. पंजाब के औद्योगिक परिवेश में भारत-जापान साझेदारी की मजबूती का प्रतीक है. यह स्टील कंपनी पंजाब में भविष्य की फैक्ट्री संचालन का अध्ययन करेगी, जिसमें लगभग 500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश के लिए मूल्यांकन शामिल है.   आइची को पंजाब निवेशक सम्मेलन में बुलाया मुख्यमंत्री मान ने आइची को 13-15 मार्च, 2026 को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, मोहाली में होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 में भाग लेने का न्योता भी दिया. भगवंत मान ने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब के विकास को दर्शाता है. उन्होंने उम्मीद जताई कि जापानी निवेशक इस सम्मेलन में बड़े पैमाने पर शामिल होंगे, जिससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को भारी बल मिलेगा. भगवंत मान ने कहा कि हमारी सरकार युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना और निवेशकों के लिए भरोसे का माहौल बनाना है. उन्होंने यह भी कहा कि जापान से हमारे संबंध पहले से ही मजबूत हैं. जापान की कई बड़ी कंपनियों ने पंजाब में अपना भरोसा जताया है. पंजाब सरकार प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को उजागर कर रही है, सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाएं तलाश रही है और जापानी उद्योग के साथ लंबे समय की साझेदारी को और गहरा कर रही है. पंजाब एक कारोबार-अनुकूल राज्य भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सबसे अधिक कारोबार-अनुकूल राज्यों में से एक है. भारत सरकार ने व्यापार सुधार कार्य योजना (बी.आर.ए.पी.) 2024 रैंकिंग में पंजाब को अग्रणी के रूप में मान्यता दी है. पंजाब का दृष्टिकोण साझेदारों और उद्योगों के साथ मिलकर काम करना, उनकी जरूरतों को समझना और सरकार की ओर से विकास को सुनिश्चित करना है.  

अश्विन का बड़ा बयान: भारतीय टीम को लेकर गलतफहमी में है ये खिलाड़ी, बदलाव की सलाह

नई दिल्ली पूर्व स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि भारतीय टीम प्रबंधन को वॉशिंगटन सुंदर की टीम में भूमिका को स्पष्ट करना चाहिए और अगर ऐसा नहीं होता है तो यह ऑलराउंडर इसी गफलत में रहेगा कि आखिर उसकी भूमिका क्या है। अश्विन ने कहा कि वॉशिंगटन को गेंदबाज़ी ऑलराउंडर माना जाना चाहिए और उन्हें पूरे ओवर दिए जाने चाहिए जिससे बल्लेबाजी में भी उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा। इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले दो वनडे मैचों में केवल सात ओवर फेंके और अभी तक उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला है। अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘‘एक बार जब आपने वॉशिंगटन सुंदर को प्लेइंग इलेवन में रखने का फैसला कर लिया, तो आपको उनकी भूमिका एक गेंदबाज के रूप में देखनी होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। आपको उन्हें उनके कोटे के सारे ओवर करवाने होंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘लगातार गेंदबाजी करने पर ही उनकी (वॉशिंगटन) मानसिकता एक ऐसे गेंदबाज की होगी जो बल्लेबाजी भी कर सकता है। अगर वह सिर्फ बल्लेबाजी और कुछ ओवर गेंदबाजी करेगा तो वह यही सोचता रहेगा कि आखिर टीम में उसकी भूमिका क्या है। उसे इस स्थिति में नहीं छोड़ना चाहिए और टीम को उसकी उचित भूमिका स्पष्ट करनी चाहिए।’’ भारत दूसरे वनडे में 358 रन का बचाव करने में नाकाम रहा और दक्षिण अफ्रीका ने चार विकेट से जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज बराबर कर ली। पहले वनडे में भारत ने 348 रन बनाए थे और यह मैच 17 रन से जीता था। अश्विन का मानना ​​है कि हार्दिक पंड्या की अनुपस्थिति में भारतीय टीम को एक अदद फिनिशर की कमी खल रही है। अश्विन ने कहा, ‘‘भारत ने पहले दोनों वनडे में भी बल्लेबाजी से अच्छा फिनिश नहीं किया। हमारे पास हार्दिक पांड्या जैसा फिनिशर नहीं है, तो नीतीश कुमार रेड्डी जैसा बल्लेबाज क्यों नहीं खेला।’’ उन्होंने वॉशिंगटन की जगह नीतीश को प्लेइंग इलेवन में शामिल करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता नहीं है कि वे ऋषभ पंत को फिनिशर के तौर पर देख रहे हैं या नहीं। भारत बल्लेबाजी में अच्छी तरह से फिनिश नहीं कर पा रहा है तो ऐसे में स्पिन ऑलराउंडर की जगह तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर को खिलाना चाहिए।’’

नशे में गाड़ी चलाना पड़ा भारी: जयपुर में मोबाइल कोर्ट ने ठोका 18 हजार का फाइन

जयपुर राजधानी जयपुर में यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों पर अब कड़ी कार्रवाई की जा रही है। जयपुर महानगर प्रथम की मोबाइल कोर्ट ने नियम उल्लंघन पर कठोर कदम उठाते हुए कई मामलों में अधिकतम अभियोजन व्यय लगाना शुरू कर दिया है। यह कार्रवाई अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट क्रम-13 और 14 के पीठासीन अधिकारी रोहित शर्मा (RJS) और हिमांशू चावला (RJS) के निर्देशन में की जा रही है। नियम तोड़ने वालों को कड़ा संदेश अभियोजन अधिकारी संदीप कुमार मूंड और मोहन शर्मा ने बताया कि दोष सिद्ध होने पर अदालतें अधिकतम अभियोजन व्यय आरोपित कर सख्त संदेश दे रही हैं। इस कदम का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नियम तोड़ने वालों को चेतावनी देना है। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई और भी सख्त की गई है। नशे में ड्राइविंग पर भारी जुर्माना मोबाइल कोर्ट ने नशे में ड्राइविंग से जुड़े कई गंभीर मामलों में भारी अभियोजन व्यय लगाया है। राजेश (RJ14GQ4169) और रामअवतार (RJ14PF1084) पर ₹18,000–₹18,000 का जुर्माना लगाया गया। रतिराम गुर्जर (RJ26CA9648) पर ₹14,000 और सुधीर शर्मा (MH43X4832) पर ₹15,000 का अभियोजन व्यय निर्धारित किया गया। नियम तोड़ने वाली बस जब्त, यात्रियों दूसरे साधनों से भेजा चैकिंग के दौरान बस RJ14PD7516 को यातायात नियमों का उल्लंघन करते पाया गया, जिसके बाद मोबाइल कोर्ट ने मौके पर ही बस को जब्त कर लिया। हालांकि, यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उन्हें वहीं पर अन्य साधन उपलब्ध करवाए गए, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

घर की सुंदरता और भाग्य बढ़ाने के लिए अपनाएं ये सरल वास्तु उपाय

वास्तु शास्त्र में माना गया है कि कुछ शुभ चीजों को घर में रखने से पॉजिटिव एनर्जी का फ्लो बढ़ता है और नेगेटिविटी कम होती है। आज हम आपको बताने जा रहे हैं कि किन चीजों को घर में रखने से आपके सौभाग्य  में वृद्धि हो सकती है। ये मूर्ति है शुभ वास्तु शास्त्र में माना गया है कि घर में कछुए की मूर्ति रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार बढ़ता है और नकारात्मक ऊर्जा दूर बनी रहती है। ऐसे में आप इस मूर्ति को घर की उत्तर या फिर उत्तर-पश्चिम दिशा में रख सकते हैं। वास्तु शास्त्र में घर में धातु जैसे पीतल, सोना या फिर चांदी से बनी कछुए की मूर्ति या फिर क्रिस्टल का कछुआ रखना भी काफी शुभ माना गया है। जरूर रखें ये पौधे हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को पूजनीय दर्जा दिया गया है। लगभग हर हिंदू घर में यह पौधा जरूर पाया जाता है। वास्तु में तुलसी के पौधे का विशेष महत्व बताया गया है। अगर आप घर के आंगन या बालकनी में लगाते हैं, तो इससे आपको काफी अच्छे नतीजे मिल सकते हैं। इसके साथ ही वास्तु में यह माना गया है कि इसे घर की उत्तर या फिर उत्तर-पूर्व दिशा में रखने से भी घर में पॉजिटिव एनर्जी का फ्लो बढ़ता है। इसके साथ ही आप गुडलक बढ़ाने के लिए घर में बांस और मनी प्लांट का पौधा भी रख सकते हैं। लगा सकते हैं ये तस्वीरें वास्तु शास्त्र में कुछ तस्वीरों को काफी शुभ माना गया है। इन्हें घर में लगाने से आपके सुख-सौभाग्य में वृद्धि हो सकती है। ऐसे में आप वास्तु के अनुसार घर में पंचमुखी हनुमान जी की तस्वीर, 7 भागते हुए घोड़ों वाली तस्वीर और प्राकृतिक दृश्य जैसे झरने, पहाड़ आदि की तस्वीर लगा सकते हैं। ये तस्वीरें परिवार के गुडलक को बढ़ाती हैं। घर से हटाएं ये चीजें कुछ चीजें आपके घर में नेगेटिविटी पैदा कर सकती हैं। ऐसे में अपने घर से पुरानी, बेकार पड़ी या टूटी हुई वस्तुओं को हटा देना चाहिए। इसके साथ ही वास्तु में यह भी माना गया है कि बंद घड़ी को भी घर में नहीं रखना चाहिए, क्योंकि ये सभी चीजें नकारात्मकता को बढ़ाती हैं। इसके साथ ही खराब हो चुके उपकरण या फिर बेकार पड़े सामान को भी घर में नहीं रखना चाहिए, वरना इससे नेगेटिविटी बढ़ती है और गुडलक घटता है।  

सरकार का बड़ा फैसला: विदेशी ट्रेनिंग के लिए बदले नियम, कर्मचारियों को मिलेगा फायदा

चंडीगढ़  हरियाणा सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के विदेश यात्राओं से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किए हैं। वित्त विभाग ने स्पष्ट किया है कि अब वे अधिकारी विदेशी प्रशिक्षण या स्टडी टूर पर जा सकेंगे, जिनकी यात्रा से सरकारी खजाने पर कोई आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा। नये दिशा-निर्देशों के अनुसार बाहरी एजेंसियों द्वारा स्पॉन्सर्ड विदेशी प्रशिक्षण यात्राओं पर प्रतिबंध नहीं रहेगा। यदि कोई अंतरराष्ट्रीय संस्था, विश्वविद्यालय या संगठन यात्रा का पूरा खर्च वहन करता है, तो ऐसे मामलों में वित्त विभाग की पूर्व अनुमति भी आवश्यक नहीं होगी। विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को निर्देश भेजे हैं कि स्पॉन्सर्ड प्रशिक्षण यात्राओं पर रोक लागू न की जाए। सरकार के अनुसार यह बदलाव प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और अधिकारियों को वैश्विक प्रथाओं से परिचित कराने के उद्देश्य से किया गया है। नई गाइडलाइन में यह भी प्रावधान जोड़ा गया है कि यदि मुख्य सचिव कार्यालय की ट्रेनिंग ब्रांच की सिफारिश पर किसी आईएएस या एचसीएस अधिकारी को विदेश प्रशिक्षण पर भेजा जाता है, तो वह भी प्रतिबंध से मुक्त रहेगा। सरकारी खर्च पर यात्राएं अब भी सीमित सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह छूट केवल उन्हीं मामलों में लागू होगी, जहां राज्य सरकार पर कोई आर्थिक भार न आए। अन्य स्थितियों में विदेशी यात्राओं पर पुराने नियम और प्रतिबंध पहले की तरह जारी रहेंगे। नये प्रावधानों से अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने के अधिक अवसर मिलेंगे और इससे प्रशासनिक गुणवत्ता, निर्णय क्षमता और वैश्विक तकनीक तथा प्रबंधन का अनुभव भी बढ़ेगा।

द्वितीय अनूपूरक बजट में 13,476.94 करोड़ के प्रावधान से विभिन्न वर्गों का होगा कल्याण

द्वितीय अनूपूरक बजट में 13476.94 करोड़ के प्रावधान से विभिन्न वर्गों का होगा कल्याण प्रधानमंत्री  मोदी के विकसित भारत के स्वप्न को करेंगे साकार मुख्यमंत्री डॉ यादव ने सत्र समाप्ति पर दिए संबोधन में पक्ष और विपक्ष के सदस्यों को दिया धन्यवाद भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि यशस्वी  प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत के स्वप्न को विकसित मध्य प्रदेश बनाकर साकार करेंगे। हमारे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे। विकसित भारत बनाना केवल एक मिशन नहीं हमारा धर्म भी है। मुख्यमंत्री डॉ.यादव शुक्रवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के सत्र के समापन अवसर पर सदन को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि विधानसभा प्रजातंत्र का मंदिर है।अध्यक्ष  नरेंद्र सिंह तोमर जी ने कुशलता के साथ सदन का संचालन किया है, जो अभिनंदन है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सत्ता पक्ष और विपक्ष प्रजातंत्र की धुरी  है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने नेता प्रतिपक्ष को भी धन्यवाद दिया कि उनके नेतृत्व में विपक्ष ने पूरे सत्र में सकारात्मक चर्चा की और अपने प्रश्नों एवं उद्बोधनों से लाभान्वित किया। द्वितीय अनुपूरक के संबंध में मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि 13,476.94 करोड़ का प्रावधान किया गया है जिसमें अनेक महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित होगी। प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए 4000 करोड़, उपार्जन संस्थाओं को ऋण देने के लिए 2000 करोड़, लाडली बहना  योजना के लिए 1794 करोड़, पंचायत विभाग के अंतर्गत 15वें वित्त आयोग के दिए 1,633 करोड़ और उद्योग ,कृषि और अन्य महत्वपूर्ण विकास कार्यों के लिए सदन ने राशि स्वीकृत की है। अनूपूरक बजट की विशेषताएं ·         द्वितीय अनुपूरक अनुमान में कुल ₹ 13476.94 करोड़ का प्रावधान ·         विकास के लिए बजट की कोई कमी नहीं ·         जरूरतमंद को आवास देना प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता ·         प्रधानमंत्री आवास योजना में 4000 करोड़ का प्रावधान. आगे और भी करने का प्लान ·         बहनों को आर्थिक रूप से और ज्यादा सक्षम बनाने के लिए मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में 1794 करोड़ का प्रावधान ·         मध्य प्रदेश का परफॉर्मेंस देखते हुए 15वें वित्त आयोग का विशेष सहयोग ·         मूलभूत जन सुविधाओं के लिये स्थानीय निकायों को 1633 करोड़ का प्रावधान ·         मध्यप्रदेश पूंजीगत व्यय में सदैव अग्रणी ·         अधोसंरचना विकास के लिए बजट में कोई कमी नही ·         पूंजीगत मद में ₹ 5028.37 करोड़ का प्रावधान ·         मुख्य बजट 4 लाख 21 हजार 32 करोड़ रुपये का बजट था. यह अब तक का सबसे बड़ा बजट. ·         गरीब, महिला, किसान और युवा सभी वर्गों की बेहतरी के लिए सरकार आगे बढ़ रही है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि इन स्वीकृतियों से मध्य प्रदेश विकास के पथ पर तेज गति से अग्रसर होगा। इसके साथ ही एक महत्वपूर्ण विधेयक मध्य प्रदेश नगर पालिका संशोधन विधायक 2025 प्रस्तुत हुआ, जिसमें नगर पालिकाओं और नगर पंचायत में अध्यक्ष का निर्वाचन प्रत्यक्ष प्रणाली से करने का प्रावधान किया गया है। निश्चित रूप से इससे वर्तमान में निकायों में कार्य करने में आ रही समस्याओं में काफी कमी आएगी और ये  निकाय स्वतंत्र रूप से ओर भी तेज गति से कार्य कर सकेंगे। पक्ष और विपक्ष दोनों का आभार माना मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने  मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पक्ष और विपक्ष दोनों के सदस्यों को धन्यवाद दिया जिसके कारण यह सत्र गरिमामय  ढंग से संचालित हुआ। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश विधानसभा का स्वर्णिम इतिहास रहा है। इस सत्र से इसमें एक और महत्वपूर्ण अध्याय जुड़ गया है। प्रदेश की जनता की आकांक्षाओं के प्रति सदन में हम उपस्थित हैं और केवल निवेश की बात नहीं कर रहे ,मध्य प्रदेश के भाग्य और भविष्य की नींव रख रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने चरैवेति चरैवेति के मंत्र के अनुसार राज्य सरकार द्वारा जनकल्याण के लिए निरंतर कार्य करने के संकल्प को व्यक्त किया।

रेखा की ब्लैक साड़ी लुक ने मचाया धमाल, शादी सीजन के लिए परफेक्ट फैशन इंस्पिरेशन

फैशन की दुनिया में कुछ स्टाइल ऐसे होते हैं जो समय के साथ फीके नहीं पड़ते और इसका सबसे खूबसूरत उदाहरण हैं बॉलीवुड की एवरग्रीन डिवा रेखा। हाल ही में एक इवेंट में रेखा जब ब्लैक साड़ी में नजर आईं, तो सोशल मीडिया पर उनका ये लुक देखते ही वायरल हो गया। फैंस के साथ-साथ फैशन एक्सपर्ट्स भी इस बात को मान रहे हैं कि रेखा के ग्रेस और स्टाइल की टक्कर आज भी कोई नहीं ले सकता। उनके इस आइकॉनिक लुक ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है, असली बात है अरिस्टोक्रेटिक एलीगेंस और कॉन्फिडेंस। ये पहली बार नहीं है जब रेखा के लुक ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया हो। इससे पहले भी वो कई बार अपनी खूबसूरती और फैशन स्टेटमेंट की वजह से लोगों का दिल जीत चुकी हैं। 'गुस्ताख इश्क' की स्क्रीनिंग में छाया रेखा का हुस्न ये मौका था 'गुस्ताख इश्क' की स्क्रीनिंग का जिसमें बॉलीवुड के कई दिग्गजों ने शिरकत की थी। उसी इवेंट में एवरग्रीन एक्ट्रेस रेखा ने भी अपने क्लासी लुक से जैसे ही एंट्री मारी हर किसी की नजरें टिक सी गई। ब्लैक साड़ी पहने रॉयल अवतार में रेखा का लुक सेंटर ऑफ अट्रैक्शन रहा। उन्होंने साड़ी को बहुत ही ग्रेस के साथ कैरी किया था। ओवरकोट में दिखा बॉसी लुक रेखा ने क्लासिक ब्लैक साड़ी के साथ ब्लैक ओवरकोट कैरी किया हुआ था साथ में ब्लैक लेकिन थोड़ा अतरंगी सा चश्मा भी लगाया हुआ था जिसने उनके लुक को परफेक्ट टच दिया। बालों का जूड़ा बनाए रेखा ने बहुत ही शानदार मेकअप किया हुआ था और बड़े से इयररिंग्स के साथ लुक को कंप्लीट किया था। सोशल मीडिया पर छाया विंटेज लुक रेखा अधिकतर किसी भी इवेंट में साड़ी ही पहनकर आती हैं। वैसे तो उनका हर लुक परफेक्ट और दिल जीत लेने वाला होता है। मगर इस बार तो उन्होंने अपने डिसेंट लुक से ऐसा कहर ढाया की इवेंट में एंट्री करते ही सबकी नजरें उन पर टिक गई। पैपरजी से लेकर मीडिया तक ने उन्हें घेर लिया और ब्लैक साड़ी के साथ ब्लैक चश्मा और ओवरकोट वाला उनका विंटेज लुक कैमरों में कैद कर लिया। अब सोशल मीडिया पर उनकी ये फोटो और वीडियो वायरल हो रही हैं। शादी सीजन के लिए बेस्ट है ये लुक इन दिनों शादी सीजन चल रहा है और ऐसे में महिलाओं को सबसे ज्यादा अपने लुक को लेकर टेंशन रहती है। वहीं रेखा के इस वायरल लुक ने कहीं न कहीं उनकी चिंता पर फुल स्टॉप लगा दिया है। यंग से लेकर ओल्ड एज तक की फीमेल के लिए रेखा का ये लुक परफेक्ट है, वहीं आप ओवरकोट कैरी कर लेते हैं तो चार्मिंग लुक से तो लोगों का ध्यान खीचेंगे ही साथ ही साथ ठंड से भी बच जाएंगे।

चेतावनी वाली रिपोर्ट: पंजाब के डैम में पानी की भंडारण क्षमता पर गंभीर सवाल

चंडीगढ़ पंजाब के डैम को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, डैम में गाद जमा होने की वजह से पंजाब, हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के जलाशयों की पानी जमा करने की क्षमता कम हो गई है। इस वजह से 24 डैम की क्षमता में 4,183.6 मिलियन क्यूबिक मीटर की कमी आई है, जो इन जलाशयों की क्षमता का लगभग पांचवां हिस्सा है। सूत्रों मुताबिक, इस साल पंजाब में आई बाढ़ की वजह, ज्यादा बारिश के अलावा, गाद से भरे डैम को बताया गया क्योंकि गाद की वजह से ये डैम अपनी क्षमता के हिसाब से पानी जमा नहीं कर पाए। राज्य में बाढ़ की वजह से 40 लोगों की जान चली गई, जबकि 1.9 लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो गई। ये आंकड़े चंडीगढ़ से लोकसभा सांसद मनीष तिवारी के एक सवाल के जवाब में पेश किए गए। बताया गया कि पंजाब के 14 जलाशयों में गाद के कारण कुल 222.3 MCM (मिलियन क्यूबिक मीटर) पानी कम हो गया। हिमाचल प्रदेश में गाद के कारण जलाशयों की कुल क्षमता 18,882.974 MCM का 3,960.37 MCM पानी कम हो गया।  अकेले भाखड़ा डैम जलाशय में 2,568 MCM पानी कम हो गया, जबकि  ब्यास दरिया में 1190 MCM पानी की कमी हो गई।  हरियाणा के एकमात्र जलाशय कौशल्या डैम में, जिसकी कुल क्षमता 13.68 MCM है। पानी 1.26 MCM कम हो गया है। केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय का कहना है कि पानी राज्य का विषय है और बांधों की सुरक्षा मुख्य रूप से राज्य सरकारों और सार्वजनिक क्षेत्र की इकाइयों पर निर्भर करती है। केंद्रीय जल आयोग 166 प्रमुख जलाशयों में लाइव स्टोरेज की निगरानी करता है जिसमें  पंजाब और हिमाचल प्रदेश शामिल है। 

महेंद्रगढ़ के कनीना नपा के पूर्व प्रधान की सड़क हादसे में मौत, पूरे इलाके में शोक की लहर

महेंद्रगढ़ महेंद्रगढ़ के कनीना नगर पालिका के पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह लोढ़ा की सड़क हादसे में मौत हो गई। उनकी पुत्रवधु कनीना नगर पालिका की मौजूद चेयरपर्सन हैं। बताया जा रहा है कि यह हादसा गुरुवार शाम को हुआ, जब वे शादी समारोह में जा रहे थे। राजेंद्र सिंह लोढ़ा गुरुवार को रेवाड़ी से राजस्थान की ओर शादी समारोह में जा रहे थे। इसी दौरान बस ने उनकी कार को टक्कर मार दी। हादसे के बाद राजेंद्र सिंह लोढ़ा को रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां देर रात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में उनके साथ मौजूद एक व्यक्ति को भी गंभीर चोट लगी है। लोगों को जब इस घटना की जानकारी लगी तो कनीना कस्बा के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रख शोक जताया। वहीं अनेक प्राइवेट शिक्षण संस्थान भी बंद रहे। 3 बार लड़ा कनीना विधानसभा का चुनाव, नहीं बने विधायक  वहीं राजेंद्र लोढ़ा ने तीन बार कनीना विधानसभा का चुनाव भी लड़ा, मगर विधायक नहीं बन पाए। राजेंद्र लोढ़ा वर्ष 1987 से 1991 तथा बाद में 1995 से 2000 तक नगर पालिका कनीना के चेयरमैन भी रहे हैं। 

5 दिवसीय शीतकालीन सत्र संपन्न: सत्ता vs विपक्ष की तकरार रही सुर्खियों में

पटना शीतकालीन सत्र की समाप्ति के बाद बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों को शुक्रवार के बाद अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। बिहार विधानसभा के अध्यक्ष प्रेम कुमार और बिहार विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह ने दिन के निर्धारित कार्य निपटाने के बाद क्रमश: दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया। बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र 01 दिसम्बर से और बिहार विधान परिषद का सत्र 03 दिसम्बर से शुरू हुआ था। इस नई विधानसभा का गठन हाल ही में सम्पन्न हुए बिहार विधानसभा चुनाव के बाद किया गया था। आज समाप्त हुए सत्र के दौरान 01 दिसम्बर को नव-निर्वाचित विधायकों को विधानसभा के प्रोटेम स्पीकर नरेंद्र नारायण यादव ने शपथ दिलाई, जबकि 02 दिसम्बर को प्रेम कुमार को सर्वसम्मति से विधानसभा अध्यक्ष चुना गया। इसके बाद 03 दिसम्बर को बिहार के राज्यपाल अरिफ मोहम्मद खान ने बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों को संबोधित किया था। राज्यपाल के संयुक्त संबोधन पर धन्यवाद प्रस्ताव 04 दिसम्बर को दोनों सदनों में पारित किया गया। इसी दिन विधानसभा में नरेन्द्र नारायण यादव को सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुना गया। इसी सत्र में 05 दिसम्बर को वित्तीय वर्ष 2025-26 का द्वितीय अनुपूरक बजट राज्य के दोनों सदनों में पारित किया गया। निर्धारित कार्य पूरा करने के बाद दोनों सदनों को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।