samacharsecretary.com

‘लाइलाज’ को 25वें भारत रंग महोत्सव में मिली जगह, पंकज त्रिपाठी और मृदुला के सपने का सच

मुंबई,  बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी और उनकी पत्नी मृदुला की पहली थिएटर प्रोडक्शन लाइलाज को भारत के सबसे बड़े और प्रतिष्ठित रंगमंच महोत्सव भारत रंग महोत्सव के लिए चुना गया है। यह महोत्सव नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (एनएसडी), दिल्ली द्वारा आयोजित किया जाता है। अपने 25वें वर्ष में प्रवेश कर चुका यह महोत्सव जनवरी के आखिरी हफ्ते से फरवरी तक आयोजित होगा, जिसमें भारत और दुनिया भर के प्रसिद्ध नाट्य मंचन शामिल होंगे। लाइलाज एक म्यूज़िकल कॉमेडी नाटक है, जिसे फैज़ मोहम्मद खान ने लिखा और निर्देशित किया है। यह नाटक पंकज और मृदुला के थिएटर बैनर रूपकथा रंगमंच के तहत प्रस्तुत किया गया है। इस नाटक का खास महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह पंकज त्रिपाठी की करीब एक दशक बाद रंगमंच पर वापसी को दर्शाता है। इसके साथ ही, उनकी बेटी आशी का इस नाटक से रंगमंच अभिनय की दुनिया में कदम रखा था, जिससे यह नाटक पूरे परिवार के लिए बेहद खास बन जाता है। लाइलाज का भारत रंग महोत्सव में चयन रूपकथा रंगमंच के लिए एक बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि यह पहली बार है जब उनकी पहली प्रस्तुति को इतने बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर जगह मिली है। पंकज त्रिपाठी ने कहा, “भारत रंग महोत्सव भारतीय रंगमंच की दुनिया में एक बहुत खास स्थान रखता है और इसके 25वें संस्करण में लाइलाज का चयन होना मेरे लिए बेहद विनम्र करने वाला अनुभव है। थिएटर ही मेरी जड़ें हैं और एनएसडी हमेशा अनुशासन, ईमानदारी और कला के प्रति सम्मान का प्रतीक रहा है। रूपकथा रंगमंच की पहली प्रस्तुति को ऐसे मंच पर लाना मेरे लिए एक ‘फुल सर्कल’ पल जैसा है। लाइलाज एक सरल, संगीत से भरी और दिल से जुड़ी कहानी है, जिसके पीछे कई लोगों की मेहनत और थिएटर के प्रति सच्चा विश्वास है। अपनी बेटी आशी के साथ इस मंच को साझा करना मेरे लिए हमेशा यादगार रहेगा। मैं इसे सिर्फ एक प्रस्तुति नहीं, बल्कि उस थिएटर समुदाय को समर्पण मानता हूं जिसने मुझे गढ़ा है।” नाटक की सह-निर्माता मृदुला त्रिपाठी ने भी अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “जब हमने रूपकथा रंगमंच की शुरुआत की थी, तब हमारा मकसद कभी शोहरत या बड़े पैमाने की तलाश नहीं था, बल्कि ईमानदारी और गर्मजोशी से कहानियां कहना था। लाइलाज का भारत रंग महोत्सव जैसे बड़े मंच के लिए चुना जाना, वह भी इसके 25वें साल में, हमारे लिए बहुत। संतोषजनक है। यह नाटक प्यार, धैर्य और प्रक्रिया पर विश्वास के साथ तैयार किया गया है। इसे एनएसडी जैसे मंच तक पहुंचते देखना, जहां बेहतरीन थिएटर को सम्मान मिलता है, इस सफर को और भी खास बनाता है। माता-पिता के तौर पर आशी को ऐसे माहौल में मंच पर अपने पहले कदम रखते देखना हमारे लिए बेहद भावुक पल है। हम इस महोत्सव, दर्शकों और उन सभी कलाकारों के आभारी हैं जो आज भी मानते हैं कि थिएटर लोगों को छूने, जोड़ने और सुकून देने की ताकत रखता है।”  

किसानों को मिलेगा तकनीकी लाभ: जशपुर में DST परियोजना के तहत सोलर टनल ड्रायर की स्थापना

रायपुर. जशपुर में DST प्रायोजित परियोजना के तहत सोलर टनल ड्रायर की स्थापना मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में नवाचार और स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। इसी क्रम में जशपुर जिला महुआ फूल के मूल्य संवर्धन के क्षेत्र में राज्य के अग्रणी जिलों में शामिल हो चुका है। जिले में महुआ नेक्टर, महुआ च्यवनप्राश, लड्डू, कुकीज़ सहित अनेक पारंपरिक एवं पोषक खाद्य उत्पाद विकसित किए जा रहे हैं। जशपुर में DST प्रायोजित परियोजना के तहत सोलर टनल ड्रायर की स्थापना हालांकि, पूरी मूल्य श्रृंखला में खाद्य-ग्रेड महुआ संग्रह और सुरक्षित निर्जलीकरण एक बड़ी चुनौती बनी हुई थी। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (DST) द्वारा स्वीकृत परियोजना “Technological Augmentation of Indigenous Practices of ST Communities of Chhattisgarh for Sustainable Livelihood and Entrepreneurial Development” वर्तमान में जशपुर जिले में क्रियान्वित की जा रही है। यह परियोजना DST द्वारा वैज्ञानिक डॉ. प्रसन्ना कुमार जीवी को स्वीकृत की गई है, जिसे स्थानीय सहभागिता के साथ लागू किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (NIFTEM), कुंडली के वैज्ञानिक डॉ. प्रसन्ना कुमार जीवी द्वारा जशपुर जिले में सोलर टनल ड्रायर की स्थापना की गई है। इस पहल में स्थानीय स्तर पर जय जंगल फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड का सक्रिय सहयोग रहा है। फूड प्रोसेसिंग कंसल्टेंट एवं युवा वैज्ञानिक समर्थ जैन ने बताया कि पारंपरिक खुले वातावरण में महुआ सुखाने की प्रक्रिया में धूल, नमी और कीटों के कारण गुणवत्ता प्रभावित होती है, जिससे खाद्य उपयोग और बाज़ार की संभावनाएँ सीमित हो जाती हैं। इन व्यावहारिक समस्याओं के समाधान के लिए वैज्ञानिक एवं नियंत्रित निर्जलीकरण प्रणाली की आवश्यकता महसूस की गई। स्थापित सोलर टनल ड्रायर के माध्यम से महुआ फूलों को नियंत्रित तापमान में स्वच्छ, तेज़ और समान रूप से सुखाया जा सकता है। इससे महुआ की गुणवत्ता, रंग, सुगंध और पोषक तत्व सुरक्षित रहते हैं तथा दीर्घकालीन भंडारण संभव हो पाता है। यह प्रणाली वर्षा, धूल और कीटों से सुरक्षा प्रदान करती है तथा पूरी तरह सौर ऊर्जा आधारित होने के कारण पर्यावरण-अनुकूल भी है। महुआ के साथ-साथ परियोजना के अंतर्गत वनौषधियों के निर्जलीकरण पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। आदिवासी महिला लाभार्थियों को गिलोय, अडूसा जैसी महत्वपूर्ण वन औषधियों एवं पालक जैसी मौसमी सब्ज़ियों के वैज्ञानिक और स्वच्छ निर्जलीकरण का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन कराया गया। प्रशिक्षण में सुरक्षित हैंडलिंग, ट्रे लोडिंग, नमी नियंत्रण और भंडारण की वैज्ञानिक विधियों पर विशेष जोर दिया गया। उल्लेखनीय है कि डॉ. प्रसन्ना कुमार जीवी पिछले तीन वर्षों से जशपुर जिले में निरंतर कार्य कर रहे हैं और खाद्य प्रसंस्करण एवं तकनीकी क्षमता निर्माण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उनकी दीर्घकालिक सहभागिता से यह परियोजना स्थानीय आवश्यकताओं पर आधारित एक व्यावहारिक और टिकाऊ मॉडल के रूप में विकसित हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार यदि इस प्रकार की वैज्ञानिक निर्जलीकरण प्रणालियाँ राज्य के अन्य महुआ एवं वनोपज संग्रहण क्षेत्रों में योजनाबद्ध ढंग से स्थापित की जाएँ, तो इससे अपव्यय में कमी, खाद्य-ग्रेड उत्पादों की उपलब्धता और आदिवासी समुदायों की आजीविका सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा। जशपुर में संचालित यह पहल छत्तीसगढ़ में वन-आधारित मूल्य संवर्धन और नवाचार की दिशा में एक उल्लेखनीय उदाहरण बनकर उभर रही है।

बिहार में भी घर बैठे मिलेगा पाइप लाइन गैस कनेक्शन

दरभंगा. भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) द्वारा संचालित पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) सेवा के लिए अब दरभंगा में ऑनलाइन ग्राहक पंजीकरण की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही दरभंगा बिहार का पहला जिला बन गया है, जहां पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था लागू की गई है। इस ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली का उद्घाटन सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने लहेरियासराय स्थित अपने संसदीय कार्यालय में किया। उन्होंने बीपीसीएल के गैस बिजनेस यूनिट (जियोग्राफिकल एरिया) द्वारा शुरू की गई इस डिजिटल सेवा का बटन दबाकर शुभारंभ किया। बीपीसीएल की ओर से दरभंगा शहर के साथ-साथ बहेड़ी और बेनीपुर क्षेत्र में गैस पाइपलाइन बिछाने का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। जल्द ही ग्रामीण इलाकों में भी इस योजना को विस्तार देने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली आम लोगों के लिए वरदान साबित होगी। अब नागरिक घर बैठे आवेदन कर सकेंगे, अपने आवेदन की स्थिति की जानकारी ले सकेंगे और कम समय में सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। पीएनजी का अर्थ है पाइप्ड नेचुरल गैस। इसमें गैस सिलेंडर के बजाय पाइपलाइन के माध्यम से सीधे घरों के किचन तक गैस पहुंचाई जाती है। इसमें मुख्य रूप से मीथेन गैस का उपयोग होता है, जो हवा से हल्की और सुरक्षित मानी जाती है।

वर्ल्ड कप से ठीक पहले बदला कोलंबो का रूप, स्टेडियम में पूरी हुई सालों से लंबित बड़ी सुविधा

कोलंबो T20 World Cup 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होने वाली है। भारत और श्रीलंका मिलकर इसकी मेजबानी कर रहे हैं। भारत के पांच और श्रीलंका के तीन स्टेडियमों में मैच खेले जाएंगे। कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम के अलावा एसएससी यानी सिंहली स्पोर्ट्स क्लब और पल्लेकेले को इसके लिए चुना गया है। आपको बता दें, प्रेमदासा स्टेडियम और कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम में फ्लडलाइट्स थे, लेकिन एसएससी में नहीं थे। इस स्टेडियम में भी फ्लडलाइट्स इंस्टॉल हो गए हैं।   यह स्टेडियम श्रीलंका का पांचवा ऐसा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बन गया है, जिसमें अब डे-नाइट मैच आयोजित किए जा सकते हैं। इस मैदान पर सात फरवरी को पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच टी20 विश्व कप का पहला मैच खेला जाएगा। एसएससी इस तरह से कोलंबो के प्रेमदासा स्टेडियम, कैंडी के पल्लेकेले स्टेडियम, दांबुला के रंगिरि दांबुला स्टेडियम और हंबनटोटा के महिंदा राजपक्षे स्टेडियम की सूची में शामिल हो गया है, जहां अब अंतरराष्ट्रीय दिन रात्रि मैचों का आयोजन किया जा सकता है। एसएससी ने 1982 में श्रीलंका में खेले गए पहले एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी की थी। यहां श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) का मुख्यालय भी है। श्रीलंका क्रिकेट के कोषाध्यक्ष सुजीवा गोदालियाड्डा ने पत्रकारों से कहा, ‘‘नया लाइटिंग सिस्टम अत्याधुनिक एलईडी तकनीक पर आधारित है और इसे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और प्रसारण की जरूरत के अनुरूप तैयार किया गया है।’’ फ्लडलाइट्स चालू होने के बाद श्रीलंका की टीम के पूर्व महान बल्लेबाज और कप्तान सनत जयसूर्या ने कुछ शॉट्स भी पिच पर खड़े होकर लगाए। वह इस समय टीम के कोच भी हैं। भारत की बात करें तो मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, अहमदाबाद और चेन्नई में टी20 विश्व कप के मैच होंगे। श्रीलंका के तीन मैदानों पर मैच खेले जाएंगे। वहीं, इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा। पाकिस्तान की टीम अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में ही खेलेगी, जबकि श्रीलंका की टीम भी अपने यहां सारे लीग मैच खेलेगी। हालांकि, सुपर 8 के मैचों के लिए श्रीलंका को भारत आना पड़ सकता है। आयरलैंड की टीम भी अपने सारे लीग मैच श्रीलंका में ही खेलने वाली है। टूर्नामेंट 7 फरवरी से 8 मार्च तक चलने वाला है, जिससे बांग्लादेश बाहर हो चुका है। उसकी जगह स्कॉटलैंड की टीम खेलने वाली है।  

अंबाला नगर निगम चुनाव में कांग्रेस ने मेयर और पार्षद के 2 फरवरी तक मांगे आवेदन

अंबाला. कांग्रेस ने अंबाला नगर निगम चुनावों के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं। पार्टी ने मेयर और पार्षद पदों के इच्छुक उम्मीदवारों से 2 फरवरी तक आवेदन मांगे हैं। इसके बाद किसी का फार्म स्वीकार नहीं किया जाएगा। हाल ही में शहरी कांग्रेस कमेटियों के गठन के बाद यह कदम उठाया गया है, जिससे कार्यकर्ताओं में उत्साह है। आवेदन बायोडाटा, जाति प्रमाण पत्र, आधार और वोटर कार्ड के साथ अंबाला शहर कांग्रेस भवन में या ईमेल द्वारा जमा किए जा सकते हैं। फार्मों में से चयन करने के बाद चुनाव में उतरने वाले प्रत्याशियों के नामों पर मुहर लगाई जाएगी। बता दें, बीते दिनों से कांग्रेस ने अपनी गतिविधियों को बढ़ाना शुरू कर दिया है। जिला स्तर पर शहरी कांग्रेस कमेटियों का गठन कर दिया गया है। अब नगर निगम चुनावों को लेकर भी पूरी तरह से मैदान में उतरने का प्लान बनाया जा रहा है। इसी के चलते जिला स्तर पर कमेटी की ओर से फैसला लिया गया है, जिसमें मेयर से लेकर पार्षद तक से चुनाव में उतरने के लिए इच्छुक लोगों के आवेदन मांगे गए हैं। जिला कांग्रेस प्रवक्ता जनार्दन ठाकुर ने बताया कि कांग्रेस का संगठन बनने से कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है। हरियाणा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के दिशा निर्देशानुसार, कांग्रेस पार्टी का समर्पित कोई भी कार्यकर्ता महिला या पुरुष मेयर का चुनाव या पार्षद का चुनाव लड़ना चाहता है तो वह प्रत्याशी अपने बायोडाटा के साथ-साथ अपना जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड व वोटर कार्ड अंबाला शहर कांग्रेस भवन में जाकर जमा करवा सकता है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी ने एक ईमेल आईडी भी जारी किया है। प्रत्याशी चाहे तो इस ईमेल आईडी पर भी अपना आवेदन कर सकता है।

शिक्षा और परंपरा का संगम: लक्ष्मणेश्वर पीजी कॉलेज खरौद के हीरक जयंती समारोह में पहुंचे वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

रायपुर. वित्त मंत्री  ओ.पी. चौधरी छत्तीसगढ़ के वित्त, वाणिज्य एवं जांजगीर चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी आज जांजगीर-चांपा जिले के खरौद नगर पंचायत स्थित शासकीय लक्ष्मणेश्वर स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित हीरक जयंती समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय के दीर्घ शैक्षणिक योगदान की सराहना करते हुए शिक्षा को समाज और राष्ट्र निर्माण की आधारशिला बताया। समारोह को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री  चौधरी ने कहा कि हीरक जयंती जैसे आयोजन भारत की गौरवशाली बौद्धिक, सांस्कृतिक और आर्थिक विरासत की स्मृति को सशक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि पहली सदी से 17वीं सदी तक लगभग 1600 वर्षों तक भारत विश्व की अग्रणी आर्थिक शक्ति रहा है। शून्य जैसे महान आविष्कार और नालंदा–तक्षशिला जैसे ज्ञान केंद्र इस तथ्य के सशक्त प्रमाण हैं कि भारत प्राचीन काल से ही ज्ञान और नवाचार का वैश्विक केंद्र रहा है। वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि वर्तमान युग तकनीक और नवाचार का युग है, ऐसे में शिक्षा को समयानुकूल, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेज़ी से विकास पथ पर अग्रसर है और इस विकास की सबसे मजबूत नींव शिक्षा है। इस अवसर पर उन्होंने महाविद्यालय की स्मारिका दर्पणग्रंथ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष  सौरभ सिंह, पूर्व संसदीय सचिव  अम्बेश जांगड़े, कलेक्टर  जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक  विजय कुमार पांडेय सहित अनेक जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद्, अधिकारी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सरस्वती शिशु मंदिर में अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खरौद में 8 लाख रुपये की लागत से निर्मित होने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर परिश्रम करने से सफलता निश्चित रूप से प्राप्त होती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में निर्णायक भूमिका निभाती है। वित्त मंत्री ने विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सहित आधुनिक तकनीकों के महत्व से अवगत कराते हुए विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, आत्मविश्वास और संघर्ष के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

पूर्व विधायक ताहिर हुसैन को झटका, दिल्ली दंगा केस में जमानत नहीं मिली

 नई दिल्ली दिल्ली की एक अदालत ने गुरुवार को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों की साजिश से जुड़े मामले में पूर्व AAP विधायक ताहिर हुसैन, सलीम मलिक और अथर खान की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं. अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश समीर बाजपेयी ने तीनों आरोपियों को राहत देने से इनकार कर दिया. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक तीनों आरोपियों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा इसी मामले में पांच अन्य आरोपियों को जमानत दिए जाने के बाद समानता (पैरिटी) के आधार पर जमानत की मांग की थी. हालांकि, अदालत ने उनकी दलीलों को स्वीकार नहीं किया. इन तीनों पर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आरोप लगाए गए हैं. अभियोजन के मुताबिक, इनकी भूमिका 2020 के दंगों की साजिश में अहम रही है. अथर खान, जो पहले एक कॉल सेंटर कर्मचारी रह चुका है, पर आरोप है कि वह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के चांद बाग इलाके में हुए विरोध प्रदर्शन के प्रमुख आयोजकों में से एक था. दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के अनुसार, अथर ने वहां भड़काऊ भाषण दिए और कथित तौर पर गुप्त बैठकों में हिस्सा लिया, जिनमें 'दिल्ली जलाने का समय आ गया है' जैसे बयान दिए गए. उस पर सीसीटीवी कैमरों को नष्ट कराने में समन्वय करने का भी आरोप है. वहीं सलीम मलिक पर भी आरोप है कि वह CAA-NRC विरोधी बैठकों के 11 कथित आयोजकों और वक्ताओं में शामिल था. पुलिस के अनुसार, इन आयोजकों में मोहम्मद सलीम खान, सलीम मलिक, मोहम्मद जलालुद्दीन उर्फ गुड्डू भाई, शहनवाज, फुरकान, मोहम्मद अय्यूब, मोहम्मद यूनुस, तबस्सुम, मोहम्मद अयाज और उसका भाई खालिद शामिल थे. गौरतलब है कि 5 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने इसी मामले में पांच आरोपियों गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत दी थी. हालांकि, शीर्ष अदालत ने जेएनयू के पूर्व छात्र उमर खालिद और शारजील इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था. सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने कहा था कि उमर खालिद और शारजील इमाम के खिलाफ UAPA के तहत प्रथम दृष्टया मामला बनता है और सभी आरोपी एक जैसी स्थिति में नहीं हैं. इस मामले में कुल 20 आरोपियों के नाम सामने आए थे, जिनमें से दो अब भी फरार हैं. शेष 18 में से कई ने पहले जमानत याचिकाएं दायर की थीं. इनमें से सात आरोपी अब भी जेल में बंद हैं, जिनमें उमर खालिद, शारजील इमाम, अथर खान, सलीम मलिक, पूर्व आप पार्षद ताहिर हुसैन, तसलीम अहमद और खालिद सैफी शामिल हैं.

राज्यपाल बागडे बोले- “एक भारत श्रेष्ठ भारत की आत्मा है कश्मीर”

जयपुर. राज्यपाल हरिभाऊ बागडे से गुरुवार को लोकभवन में भारत दर्शन के अंतर्गत कश्मीर के छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। राज्यपाल ने इस दौरान प्रतिनिधिमंडल से संवाद करते हुए कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत की आत्मा है कश्मीर। विविधता में एकता लिए भारत की संस्कृति प्रांतों की परम्पराओं, वहां के ऐतिहासिक स्थलों और प्रकृति से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि "भारत दर्शन" का अर्थ ही है, एक भारत श्रेष्ठ भारत से साकार होना। उन्होंने कश्मीर के इतिहास, संस्कृति और वहां की परम्पराओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह भारत की आत्मा है। हम सभी मां भारती के लिए सोच रखते हुए कार्य करें। दसवीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, श्रीनगर के साथ आए इस "भारत दर्शन"  प्रतिनिधिमंडल में कश्मीर के श्रीनगर, पुलवामा, बारामुला, कुपवाड़ा आदि क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने राज्यपाल बागडे से यात्रा और भारतीय संस्कृति को लेकर अपने अनुभव भी साझा किए। राज्यपाल ने सभी को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

एलिसा हीली की जगह सोफी मोलिनेक्स बनी टीम की नई कप्तान, भारत सीरीज से करेंगी नेतृत्व

मेलबर्न  क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अनुसार, सोफी मोलिनेक्स को ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम का नया कप्तान नियुक्त कर दिया गया है. वो टीम में एलिसा हीली की जगह लेंगी, जो मार्च में क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायर हो रही हैं. एलिसा हीली भारत के खिलाफ टेस्ट और ODI सीरीज में आखिरी बार ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम को लीड करेंगी. जबकि सोफी मोलिनेक्स टेस्ट और ODI में एलिसा हीली के साथ वाइस-कैप्टन होंगी. हालांकि 28 साल की लेफ्ट-आर्म स्पिनर सोफी मोलिनेक्स भारत के खिलाफ टी20 सीरीज में कप्तानी में डेब्यू करेंगी. जो 15 फरवरी से शुरू हो रही है. इसके अलावा ऑलराउंडर एशले गार्डनर और ताहलिया मैकग्रा को सभी फॉर्मेट में उप-कप्तान बनाया गया है. सोफी मोलिनेक्स का क्रिकेट सफर मार्च 2018 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाली मोलिनेक्स ऑस्ट्रेलिया की व्हाइट-बॉल क्रिकेट की सफलता में अहम रही हैं. वह 2018 और 2020 में ICC महिला T20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीमों का हिस्सा थीं. पिछले आठ सालों में, उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के लिए तीन टेस्ट, 17 वनडे और 38 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं. मोलिनेक्स ने क्या कहा? कप्तान बनाए जाने के बाद मोलिनेक्स ने कहा, 'ऑस्ट्रेलियाई कप्तान बनना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है और मुझे इस पर बहुत गर्व है, खासकर एलिसा के बाद, जिन्होंने इस टीम और खेल पर बहुत बड़ा प्रभाव डाला है. हमारे पास एक बहुत मजबूत ग्रुप है जिसमें कई नेचुरल लीडर हैं, साथ ही बहुत सारी रोमांचक प्रतिभाएं भी आ रही हैं, और मैं उनके साथ काम करने के लिए बहुत उत्सुक हूं क्योंकि हम लगातार आगे बढ़ रहे हैं और खुद को अगले लेवल पर ले जा रहे हैं, साथ ही उस पहचान को भी बनाए रख रहे हैं जो इस टीम को इतना खास बनाती है.' भारतीय महिला टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा  भारतीय महिला टीम ऑस्ट्रेलिया दौरे पर 3 टी20, 3 ODI और 1 टेस्ट मैच खेलेगी. दोनों टीमों के बीच पहले तीन मैचों की टी20 सीरीज खेली जाएगी, जो 15, 19 और 21 फरवरी को होंगे, उसके बाद तीन ODI मैच होंगे. जो 24, 27 फरवरी और 1 मार्च को खेले जाएंगे. दौरे के आखिर में 6 मार्च से एकमात्र टेस्ट मैच पर्थ में खेला जाएगा. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के नेशनल सिलेक्शन पैनल ने इस सीरीज के तीनों फॉर्मेट के लिए टीम की घोषणा भी कर दी है. ऑस्ट्रेलिया टी20 टीम सोफी मोलिनेक्स (कप्तान), एशले गार्डनर (उप-कप्तान), ताहलिया मैकग्रा (उप-कप्तान), डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, किम गार्थ, ग्रेस हैरिस, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, एलिसे पेरी, मेगन शट, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम. ऑस्ट्रेलिया ODI टीम एलिसा हीली (कप्तान), सोफी मोलिनेक्स (उप-कप्तान), डार्सी ब्राउन, निकोला कैरी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिसे पेरी, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम. ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम एलिसा हीली (कप्तान), सोफी मोलिनेक्स (उप-कप्तान), डार्सी ब्राउन, एशले गार्डनर, किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, अलाना किंग, फोबे लिचफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिसे पेरी, एनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम.

धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: राजिम कुंभ कल्प 2026 हेतु सीएम विष्णुदेव साय को न्योता

रायपुर. छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने आज  मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय से शिष्टाचार भेंट कर राजिम कुंभ कल्प 2026 के लिए उन्हें  आमंत्रित किया। यह भेंट मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुई, जहां मंत्री ने इस भव्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियों और महत्व पर विस्तार से चर्चा की।राजिम कुंभ कल्प छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक धरोहर का प्रमुख प्रतीक है। यह कुंभ मेला परंपरा से प्रेरित विशाल स्नान पर्व है, जिसमें लाखों भक्तगण भाग लेते हैं। वर्ष 2026 का यह कल्प विशेष रूप से महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि यह राज्य की पर्यटन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने का अवसर प्रदान करेगा। मंत्री अग्रवाल ने बताया कि आयोजन के दौरान पारंपरिक स्नान, धार्मिक अनुष्ठान, सांस्कृतिक कार्यक्रम और लोक उत्सव आयोजित किए जाएंगे, जो पर्यटकों को आकर्षित करेंगे।इस शिष्टाचार भेंट के दौरान आयुक्त रायपुर  महादेव कावरे  एवं कलेक्टर गरियाबंद  बी.एस. उईके भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय ने इस आमंत्रण को स्वीकार करते हुए आयोजन की सफलता के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राजिम कुंभ कल्प न केवल धार्मिक महत्व का है, बल्कि राज्य की सांस्कृतिक एकता और आर्थिक उन्नति को बढ़ावा देने वाला महापर्व सिद्ध होगा।राज्य सरकार द्वारा इस कुंभ के लिए विशेष तैयारियां तेजी से की जा रही हैं, जिसमें स्वच्छता अभियान, यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और डिजिटल प्रचार शामिल हैं। गरियाबंद जिला प्रशासन ने पहले ही स्थानीय स्तर पर समितियां गठित कर ली हैं। यह आयोजन छत्तीसढ़ के पर्यटन को राष्ट्रीय पटल पर लाने में मील का पत्थर साबित होगा।