samacharsecretary.com

भयंकर अग्निकांड: कपड़ा दुकान में लगी आग से भारी नुकसान

सरगुजा बतौली थाना क्षेत्र के शांतिपारा स्थित ‘अमित क्लॉथ’ नामक दुकान में देर रात भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि देखते ही देखते दुकान में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और कीमती सामान जलकर खाक हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल दमकल की टीम और बतौली पुलिस मौके पर पहुँची, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. आग लगने का कारण फिलहाल अज्ञात है और पुलिस मामले की जांच कर रही है. दुकानदार के अनुसार इस अग्निकांड में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है. गनीमत रही कि दमकल की सक्रियता से आग आसपास की अन्य दुकानों और रिहायशी इलाके में फैलने से पहले ही बुझा ली गई.

स्कूटी पाकर खिले लाभार्थियों के चेहरे, उपमुख्यमंत्री को कहा धन्यवाद

रायपुर. उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा की तत्परता से दो दिव्यांगों को मिली स्कूटी, चेहरे पर लौटी मुस्कान उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक  विजय शर्मा ने आज विधायक कार्यालय कवर्धा में दो दिव्यांग लाभार्थियों को स्कूटी का वितरण किया। इस अवसर पर उन्होंने बोड़ला विकासखंड के ग्राम मारियाटोला निवासी  विद्याधा वर्मा तथा ग्राम नेऊरगाँव निवासी  भूपेंद्र चंद्रवंशी को स्कूटी की चाबी सौंपकर उन्हें शुभकामनाएँ दीं। उपमुख्यमंत्री  शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना और उनके दैनिक जीवन को सुगम करना है। स्कूटी मिलने से लाभार्थियों को आवागमन में सुविधा होगी तथा वे अपने कार्यों को स्वतंत्र रूप से कर सकेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि समाज के हर वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ना मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष  विदेशीराम धुर्वे,  संतोष पटेल, जनपद उपाध्यक्ष कवर्धा  गणेश तिवारी, बोडला  नंद श्रीवास,  नरेंद्र मानिकपुरी,  मनीराम साहू,  अमर कुर्रे सहित जन प्रतिनिधि, क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।  उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा की तत्परता से दो दिव्यांगों को मिली स्कूटी, चेहरे पर लौटी मुस्कान उप मुख्यमंत्री  विजय शर्मा ने कहा कि दिव्यांगजनों को स्कूटी उपलब्ध कराए जाने से उनके दैनिक आवागमन में सुगमता प्राप्त होगी तथा वे स्वावलंबी जीवन की ओर अग्रसर होंगे। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण, सामाजिक समावेशन एवं आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री  विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा निरंतर जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। स्कूटी प्राप्त होने से लाभार्थियों के दैनिक कार्यों के साथ-साथ शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक गतिविधियों में भी सुविधा मिलेगी, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे सम्मानजनक एवं स्वतंत्र जीवन यापन कर सकेंगे। यह पहल सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाकर समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का सतत प्रयास किया जा रहा है। बोड़ला विकासखंड के ग्राम मारियाटोला निवासी  विद्याधा वर्मा तथा ग्राम नेऊरगाँव निवासी  भूपेंद्र चंद्रवंशी ने स्कूटी प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा एवं शासन – प्रशासन के प्रति आभार प्रकट किया। लाभार्थियों ने बताया कि उन्होंने स्कूटी के लिए उपमुख्यमंत्री  विजय शर्मा को आवेदन प्रस्तुत किया था, जिसे उन्होंने तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ स्वीकार किया। आवेदन पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए आज उन्हें स्कूटी प्रदान की गई, जिससे वे बहुत खुश हैं।

दौड़ते विधायक जी के किस्सों पर बोले जतिन सांसद, बयान बना मुसीबत, MP में FIR

इंदौर दौड़ते हुए 'विधायक जी संग युवा नेता के किस्से' सुनाकर लाखों लोगों को अपना फैन बना चुके जतिन शुक्ला बुरी तरह घिर गए हैं। सोशल मीडिया इंफ्लुएंशर जतिन शुक्ला के खिलाफ मध्य प्रदेश के इंदौर में केस दर्ज किया गया है। सांसद शंकर लालवानी के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए जतिन का एक वीडियो वायरल होने के बाद शिकायत दर्ज कराई गई है। क्राइम ब्रांच ने प्राथमिक जांच के बाद जतिन शुक्ला के खिलाफ आईटी ऐक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने कहा कि सांसद के प्रतिनिधि विशाल गदवानी ने क्राइम ब्रांच थाने में शिकायत देकर बताया था कि 'जतिन ऑफिशियल' नामक इंस्टाग्राम से एक वीडियो वायरल किया गया है जिसमें सांसद का नाम लेकर अशोभनीय, आपत्तिजनक, भ्रामक और झूठी बातें कहीं गईं हैं। जतिन शुक्ला के खिलाफ बीनएस की धारा 200, 223 और 352 के तहत केस दर्ज किया गया है। डीसीपी ने बताया कि एक पेन ड्राइव में वीडियो और लिंक शेयर किया गया है। किसी प्रकार की असत्य और अशोभनीय और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर प्रसारित करना एक अपराध है। वहीं, शिकायतकर्ता विशाल गिदवानी ने कहा कि कुछ दिनों पहले उन्हें जानकारी मिली कि इंदौर शहर और जनप्रतिनिधियों के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल करते हुए वीडियो बनाया गया। शिकायतकर्ता ने क्या कहा? गिदवानी ने कहा कि जतिन ने वीडियो में इंदौर के सांसद के साथ बातचीत का दावा करते हुए उनके हवाले से कई ऐसी बातें कहीं है जो पूरी तरह असत्य हैं। गिदवानी ने कहा कि सांसद कभी जतिन से मिले भी नहीं हैं। वीडियो में जतिन इंदौर में प्रदूषित पानी पीने से हुई लोगों की मौत को लेकर कटाक्ष करते हुए सांसद पर आपत्तिजनक टिप्पणी करते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल जतिन की ओर से कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सोनम कपूर ने बेबी बंप फ्लॉन्ट कर लूटी महफिल, प्रेग्नेंसी में भी दिखीं स्टाइलिश अदाएं

मुंबई  बॉलीवुड की ग्लैमरस क्वीन सोनम कपूर प्रेग्नेंसी में भी अपने फैशन सेंस से फैंस को दीवाना बना रही हैं. एक्ट्रेस के स्टाइलिश लुक से नजरें हटाना भी मुश्किल हो गया है. प्रेग्नेंसी में सोनम काफी एक्टिव हैं. वो अब मुंबई के एक स्टोर में शूट के लिए पहुंचीं. इस दौरान पैपराजी ने उन्हें अपने कैमरों में कैद कर लिया. सोनम व्हाइट आउटफिट में नजर आईं. उन्होंने व्हाइट लॉन्ग स्कर्ट के साथ व्हाइट शर्ट को टीमअप किया. साथ में स्टाइलिश बैग भी कैरी किया.  प्रेग्नेंट सोनम के लुक की सबसे खास बात ये है कि उन्होंने शर्ट के बटन खोलकर उसे अलग अंदाज में स्कर्ट के साथ स्टाइल किया है. शर्ट को अनबटन करके वो अपना बेबी बंप भी प्लॉन्ट करती नजर आईं.  बालों में बन, स्टेटमेंट ईयररिंग्स, ग्लॉसी लिपस्टिक और सटल मेकअप में सोनम की खूबसूरती का जवाब नहीं है. उनके चेहरे पर प्रेग्नेंसी ग्लो साफ नजर आया. प्रेग्नेंसी में सोनम का इतना स्टाइलिश अंदाज देखकर फैंस उनपर दिल हार रहे हैं. एक्ट्रेस की तस्वीरें, वीडियोज इंटरनेट पर छाए हुए हैं. सोनम ने बेबी बंप फ्लॉन्ट करते हुए पैप्स को कई पोज दिए. एक्ट्रेस ने फैंस संग भी फोटोज क्लिक कराईं. सोनम की मिलियन डॉलर स्माइल उनके लुक में चार चांद लगा रही है.  सोनम की बात करें तो वो 40 साल की उम्र में दूसरी बार मां बनने वाली हैं. एक्ट्रेस अपने प्रेग्नेंसी फेज के हर दिन को एन्जॉय कर रही हैं. प्रेग्नेंसी में भी वो एक से बढ़कर एक लुक कैरी करके हर किसी को इंप्रेस कर रही हैं. पर्सनल लाइफ की बात करें तो एक्ट्रेस ने साल 2018 में आनंद आहूजा संग शादी रचाई थी. शादी के बाद वो एक बेटे की मां बनीं. अब उनकी जिंदगी में दूसरा बेबी आने वाला है.  सोनम कपूर दूसरी प्रेग्नेंसी में बेबी बंप संभालती दिखीं …..  मां बनने वाली सोनम कपूर को हाल ही में मुंबई में एक इवेंट में पहुंचते हुए देखा गया, जहां एंट्री करते समय एक दोस्त उन्हें प्यार से सहारा दे रही थीं। एक्ट्रेस मुंबई के लोअर परेल में एक इंटरनेशनल ब्यूटी ब्रांड के इवेंट में शामिल हुईं और दूसरी प्रेग्नेंसी के दौरान चलते हुए वो बेहद खूबसूरत लग रही थीं। सोनम कपूर ने शान से अपना बेबी बंप फ्लॉन्ट किया और मुस्कुराईं भी। लोग सोनम कपूर की हाइट के बारे में भी पूछ रहे हैं। ज्यादातर लोग उनकी बदली शक्ल को देखकर भी हैरान रह गए। शुक्रवार को मुंबई में एक इवेंट में सोनम कपूर के आने के वीडियो सामने आए। इस मौके पर सोनम ने नीले रंग की ड्रेस पहनी थी, जिसे उन्होंने स्टाइल के साथ पूरा किया और अपने बाल खुले रखे थे। इवेंट में आते समय, एक दोस्त उनका हाथ पकड़े हुए और उनसे बातचीत करते हुए नजर आई। वेन्यू की ओर चलते हुए सोनम ने कैमरे के लिए मुस्कुराया भी। बेबी बंप के साथ दिखीं सोनम कपूर 40 वर्षीय सोनम दूसरी बार मां बनने वाली हैं। 'वीरे दी वेडिंग' की स्टार ने नवंबर में एक स्टाइलिश और यादगार अंदाज में अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा की। उन्होंने राजकुमारी डायना बेस्ड गुलाबी रंग की ड्रेस पहने हुए तस्वीरें शेयर कीं, जिससे फैंस और सेलेब्रिटीज के बीच खुशी फैल गई। घोषणा के समय सोनम ने जो ड्रेस पहनी थी, वह विंटेज एस्काडा बाय मार्गेरेथा ले (1988) का एक सूट था, जो राजकुमारी डायना के मशहूर सूट से काफी मिलता-जुलता था। सोनम कपूर की दूसरी प्रेग्नेंसी सोनम ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कीं। उन्होंने पोस्ट को सिर्फ 'मां' कैप्शन दिया और साथ में एक किसिंग फेस इमोजी भी लगाई। इस खबर पर फिल्म जगत से ढेरों प्यार और शुभकामनाएं मिलीं। प्रियंका चोपड़ा और करीना कपूर ने कमेंट्स में इस कपल को बधाई दी। परिणीति चोपड़ा ने भी बधाई देते हुए लिखा, 'बधाई हो, ममासिटा!' लोगों ने हाइट पर पूछे सवाल लोगों ने कमेंट सेक्शन में सोनम कपूर की खूब तारीफ की। कोई उनके ग्लो के बारे में बात करता नजर आया, तो किसी ने नई मां की ड्रेस की तारीफ की। ज्यादातर लोगों ने सोनम की हाइट के बारे में सवाल पूछे कि ये कितनी है। सोनम को बड़े दिनों बाद देखकर उनके बदले चेहरे पर भी सवाल हुए। रिपोर्ट्स की मानें तो सोनम कपूर की हाइट 5'9 है। सोनम कपूर और आनंद आहूजा की शादी सोनम कपूर और आनंद आहूजा ने 2018 में शादी की थी। 2022 में उनके पहले बेटे वायु का जन्म हुआ। उस समय, कपल ने एक इमोशनल नोट के साथ उनके जन्म की घोषणा की, जिसमें उन्होंने अपने डॉक्टरों, दोस्तों और परिवार का आभार जताया। अब सोनम कपूर दूसरी बार प्रेग्नेंट हैं और जल्द ही मां बनेंगी।

सीएम साय बोले—छत्तीसगढ़ के जनजीवन पर कबीरपंथ का गहरा प्रभाव

रायपुर  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय रविवार को कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा में माघ पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित सतगुरु कबीर संत समागम समारोह में शामिल हुए। इस दौरान सीएम साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ तेजी से विकसित प्रदेश बनने की ओर अग्रसर है। छत्तीसगढ़ को बहुत आगे ले जाना है और विकसित प्रदेश के रूप में खड़ा करना है। उन्होंने संत समागम समारोह दामाखेड़ा की राशि 50 लाख से बढ़ाकर 75 लाख रुपए करने की घोषणा की। इस अवसर पर सीएम साय ने पंथ श्री उदित मुनि नाम साहेब, पंथ श्री प्रकाश मुनि नाम साहब को चादर श्रीफल भेंट कर आशीर्वाद लिया और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय माघ पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा का संत समागम समारोह हर साल भव्य होते जा रहा है, जो लोगों में बढ़ते आस्था का प्रतीक है। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कबीरपंथ का छत्तीसगढ़ के जनजीवन में व्यापक प्रभाव है इसलिए यहां के लोग शांति प्रिय है। वे बचपन से ही कबीर पंथ से परिचित है और उनके गांव बगिया में भी 8-10 कबीर पंथी परिवार है। उन्होंने दामाखेड़ा का नाम कबीर धर्मनगर करने के संबंध में बताया कि राजपत्र में प्रकाशन हेतु अंतिम प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार से लोगों को सीधा फायदा मिल रहा है। अब ​मुख्यमंत्री ने कहा कि छतीसगढ़ के विकास की बाधा की नक्सलवाद अब जल्द ही जड़ से समाप्त होने वाला है। नक्सलवाद का प्रदेश से 31 मार्च 2026 तक समूल नष्ट हो जाएगा। हमने जनता से किया वादा को तेजी से पूरा किया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पंथ श्री उदित मुनि नाम साहब का चादर तिलक अद्भुत और अलौकिक रहा। पंथ श्री ने वृक्षारोपण, समाज सेवा, नशामुक्ति एवं युवा उत्थान के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने पंथ श्री का दर्शन कर प्रदेश की सुख समृद्धि का आशीर्वाद लिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय कबीर आश्रम के विभिन्न विकास कार्यों को लेकर हमेशा चिंतित रहते है और शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हैं। कार्यक्रम को खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, भाटापारा विधायक इंद्र साव ने भी सम्बोधित किया। समारोह में पंथश्री प्रकाश मुनि नाम साहब ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का कबीरपंथी समाज की ओर से आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष माघ मेला के प्रथम दिन बसंत पंचमी के अवसर पर कबीर पंथ के नये संवाहक 16 वें वंशाचार्य पंथी श्री उदित मुनि नाम साहेब का चादर तिलक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि इस वर्ष देश के विभिन्न प्रांतों के साथ ही विदेशों से भी कबीरपंथी संत समागम मेला में आये हैं। समारोह को शासन प्रशासन का भरपूर सहयोग मिला है। इस अवसर पर पंथश्री उदित मुनि नाम साहब, गुरूगोसांई भानुप्रताप साहब, विधायक भावना बोहरा, ईश्वर साहू, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा सहित सदगुरू कबीर धर्मदास साहेब वंशावली प्रतिनिधि सभा के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कबीरपंथ के अनुयायी उपस्थित थे।

NEET छात्रा की मौत ने मचाया बवाल, संसद के बाहर RJD सांसदों का प्रदर्शन

पटना नीट छात्रा मर्डर केस मामला सड़क से लेकर संसद तक पहुंच चुका है। सोमवार को लोकसभा और विधानसभा में राष्ट्रीय जनता दल के सांसद और विधायकों ने इस मामले को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार पर जमकर हमला बोला। लोकसभा के बाहर राजद सांसदों ने हाथ में बैनर और पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते दिखे। सांसद का कहना है कि पीएम मोदी और सीए नीतीश कुमार की जोड़ी वाली सरकार जनता को ठग रही है। बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं है। बेटियों के दरिंदों से चंदा लिया जा रहा है। नीट छात्रा मर्डर केस में अब तक खुलासा नहीं हो पाया। सरकार ने खुद को बचाने के लिए इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी है। सांसद मीसा भारती ने कहा कि हमलोगों ने नीट की छात्रा को न्याय दिलाने की मांग की है। बिहार की जनता के साथ यह सरकार गलत कर रही है। महिलाओं की इतनी घृणा क्यों हैं इन्हें? इसका जवाब देना होगा। जानिए विधानसभा परिसर में राजद विधायक ने क्या कहा? राजद विधायवक भाई वीरेंद्र ने कहा कि आज से बजट सत्र की शुरुआत हो रही है। तीन फरवरी से प्रश्न काल होगा। हमलोग सरकार की हर गलत नीतियों क विरोध करेंगे। आज देख रहे हैं नीट छात्रा मर्डर केस में नीतीश सरकार किस तरह से असमंजस में है। सरकार कटघरे में खड़ी है। कार्रवाई इसलिए नहीं हो रही है कि एनडीए के बड़े नेताओं के परिवार का नाम इस केस में है। इसलिए सरकार न भेद खोल रही है और न कार्रवाई कर रही है। जनता के हितों के सवाल को राष्ट्रीय जनता दल उठाएगा। राज्यपाल के अभिभाषण पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार जो लिखकर देती है, वही महामहिम पढ़ते हैं।    

पाकिस्तान में बैन बेअसर? Netflix ट्रेंड में छाई ‘धुरंधर’, हर घर में देखी जा रही

मुंबई      आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' बॉलीवुड के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्म साबित हो रही है. क्योंकि इस फिल्म का क्रेज थमने का नाम नहीं ले रहा है. थिएटर में सक्सेसफुली चलने के बाद, अब फिल्म ओटीटी पर भी धमाल मचा रही है. इंडिया में तो इसे पसंद किया ही जा रहा है. लेकिन साथ ही में जहां ये फिल्म बैन थी, वहां भी लोग इसे खूब देख रहे हैं.  पाकिस्तान में भी 'धुरंधर' ने उड़ाया गर्दा 'धुरंधर' जब रिलीज हुई थी, तब इसे पाकिस्तान समेत सभी गल्फ देशों में बैन किया गया था. ऐसे में फिल्म के मेकर्स को काफी भारी नुकसान चुकाना पड़ा था. हालांकि वहां के लोग इस फिल्म के गानों को बेहद पसंद कर रहे थे. पाकिस्तान से कई सारे वीडियोज सामने आए थे, जहां शादियों में 'धुरंधर' के ही गाने बज रहे थे.  अब चूंकि 'धुरंधर' नेटफ्लिक्स पर ग्लोबली रिलीज हो गई है, ऐसे में पाकिस्तानी लोग भी इसे देख रहे हैं. इंडिया समेत वहां के नेटफ्लिक्स पर भी फिल्म नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है. इसका एक स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसमें 'टॉप 10 मूवीज ट्रेडिंग इन नेटफ्लिक्स पाकिस्तान' की लिस्ट में नंबर 1 पर 'धुरंधर' दिखी है. इस न्यूज को कई लोगों ने भी कंफर्म किया है.  पाकिस्तान की आवाम हुई 'धुरंधर' की कायल 'धुरंधर' की कहानी पाकिस्तान के शहर ल्यारी और वहां की गैंग वॉर को दर्शाती है. जहां इंडिया की तरफ से एक एजेंट हमजा अली मजारी बनकर पहुंचता है. वो वहां मौजूद सभी गैंग और आतंकवादी अड्डों में घुसकर उसे अंदर ही अंदर खत्म करने के मिशन पर होता है. ये कहानी वहां के लोगों के लिए काफी कॉन्ट्रोवर्शियल थी, इसलिए इसे पाकिस्तान के थिएटर्स में बैन किया गया था.  लेकिन जब ये फिल्म नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई, तो किसी से रहा नहीं गया. पाकिस्तान के लोगों ने ये फिल्म देखी भी और अब सोशल मीडिया पर इसकी जमकर तारीफ भी कर रहे हैं. रेडिट, X जैसे प्लेटफॉर्म्स पर पाकिस्तान की आवाम सिर्फ 'धुरंधर' की सराहना कर रही है. वो हैरान हैं कि आदित्य धर, जो इंडियन फिल्ममेकर हैं, उन्होंने ल्यारी जैसे शहर को हूबहू कैसे बड़े पर्दे पर दिखा दिया. अब वो यही सोच रहे हैं कि जब पार्ट 1 ने इस तरह का धमाका किया है, तो पार्ट 2 में और क्या-क्या होने वाला है.   फिल्म 'धुरंधर' पाकिस्तान के साथ-साथ और भी कई देशों में ट्रेंड कर रही है. अब इसका पार्ट 2 19 मार्च, 2026 को ईद के मौके पर रिलीज होगा, जिसके लिए सभी बेहद एक्साइटेड हैं. उनके मन में फिल्म को लेकर कई सवाल हैं, जिसके जवाब उन्हें अभी से लगभग 50 दिनों के बाद मिलेंगे. 

भोरमदेव जंगल में बाघों की वापसी: कैमरा ट्रैप में दिखे बाघ और बाघिन, जल्द शुरू होगी सफारी

कवर्धा वन्यजीव प्रेमियों के लिए एक शानदार खबर सामने आई है. कबीरधाम जिले के भोरमदेव की सुरम्य पहाड़ियों और सघन जंगलों में एक बार फिर बाघों की दहाड़ गूंजने लगी है. वन विभाग द्वारा लगाए गए ट्रैप कैमरों में बाघ-बाघिन और उनके शावकों की बेखौफ विचरण करती तस्वीरें कैद हुई हैं. यह इस बात का पुख्ता प्रमाण है कि भोरमदेव अभ्यारण्य अब बाघों के लिए एक सुरक्षित और पसंदीदा ठिकाना बन चुका है. कान्हा नेशनल पार्क में बढ़ती संख्या का असर वन मंडल अधिकारी (DFO) निखिल अग्रवाल के मुताबिक, वर्तमान में जिले के विभिन्न वन क्षेत्रों में चार से अधिक बाघ और बाघिन सक्रिय हैं. इनकी हलचल प्रभूझोल, चिल्फी, बेंदा, झलमला और भोरमदेव अभ्यारण्य के आंतरिक हिस्सों में दर्ज की गई है. विशेषज्ञों का मानना है कि मध्य प्रदेश के कान्हा नेशनल पार्क में बाघों की संख्या बढ़ने के कारण, बाघ अब शांत आवास की तलाश में भोरमदेव का रुख कर रहे हैं. खास बात यह है कि इस बार बाघिनें शावकों के साथ यहाँ लंबे समय से डेरा डाले हुए हैं, जो यहाँ के बेहतर पारिस्थितिकी तंत्र को दर्शाता है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम बाघों की मौजूदगी ने वन विभाग को अलर्ट मोड पर ला दिया है. प्रभूझोल से लेकर जामुनपानी मार्ग तक बाघों के पगमार्क (पैरों के निशान) मिले हैं. सुरक्षा और वन्यजीवों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए विभाग ने उनकी सटीक लोकेशन को गोपनीय रखा है, हालांकि निगरानी के लिए गश्त बढ़ा दी गई है. जंगल में बाघों का शावकों के साथ शिकार करना यह संकेत देता है कि यहां वन्यजीवों के लिए भोजन और प्राकृतिक चक्र पूरी तरह संतुलित है. पर्यटकों के लिए खुशखबरी: अप्रैल-मई से शुरू होगी सफारी बाघों की बढ़ती संख्या को देखते हुए वन विभाग अब भोरमदेव में जंगल सफारी शुरू करने की तैयारी में है. विभागीय सूत्रों के अनुसार, अप्रैल या मई के महीने से इसे आम पर्यटकों के लिए खोला जा सकता है. सफारी के संचालन का जिम्मा गुजरात की एक अनुभवी कंपनी को सौंपा गया है. पर्यटकों के लिए टिकटों की बुकिंग ऑनलाइन उपलब्ध होगी. इस पहल से न केवल इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे. भोरमदेव में बाघों की स्थायी वापसी छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है. यह साबित करता है कि यदि संरक्षण के प्रयास ईमानदारी से किए जाएं, तो प्रकृति अपनी खोई हुई रौनक दोबारा हासिल कर लेती है.

विदिशा की बेटी इशिका मीणा का शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप टीम में चयन, भारत को दिलाएंगी गौरव

विदिशा  विदिशा जिले की होनहार खिलाड़ी इशिका मीणा ने खेल जगत में एक नई पहचान बनाते हुए जिले के साथ-साथ पूरे मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है। इशिका का चयन भारतीय शूटिंग बॉल टीम में हुआ है और वे दूसरे शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। खास बात यह है कि इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिए मध्य प्रदेश से चुनी गई वे एकमात्र खिलाड़ी हैं। शूटिंग बॉल वर्ल्ड कप का आयोजन 1 से 3 फरवरी 2026 तक राजधानी नई दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में 18 देशों की टीमें हिस्सा लेंगी। भारतीय टीम में इशिका मीणा को मुख्य अटैकर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इशिका मीणा की शैक्षणिक और खेल यात्रा भी प्रेरणादायक रही है। वे विदिशा स्थित महारानी लक्ष्मी बाई गर्ल्स स्कूल की पूर्व छात्रा रही हैं। उन्होंने बीपीईएस में स्नातक की शिक्षा प्राप्त की है और वर्तमान में बरकतउल्ला विश्वविद्यालय से बीपीएड की पढ़ाई कर रही हैं। खेल के क्षेत्र में इशिका लगातार सक्रिय रही हैं और अब तक सीनियर, जूनियर और सब-जूनियर वर्ग की छह राष्ट्रीय शूटिंग बॉल प्रतियोगिताओं में सहभागिता कर चुकी हैं। उनकी इस सफलता के पीछे शूटिंग बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के कोषाध्यक्ष एवं अनुभवी कोच जितेंद्र सिंह बघेल का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा है, जिन्होंने इशिका की प्रतिभा को निखारने में अहम भूमिका निभाई। इशिका के चयन की खबर मिलते ही उनके स्कूल, खेल जगत और पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। वी टीच स्कूल प्रबंधन, खेल प्रेमी पंकज भार्गव, रविकांत नामदेव सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और खेल प्रेमियों ने इशिका को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और देश के लिए पदक जीतने की शुभकामनाएं दी हैं। विदिशा की यह बेटी आज युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरी है। 

बड़वानी नगर पालिका बनी मूकदर्शक, सिवरेज लाइन ने शहर को बनाया छलनी

बड़वानी नगर पालिका बनी मूकदर्शक, सिवरेज लाइन ने शहर को बनाया छलनी  गड्ढों में तब्दील सड़कें, उड़ती धूल–कीचड़ से जनता त्रस्त, हादसों का डर बड़वानी शहर में चल रहा सिवरेज लाइन का काम अब विकास कम और परेशानी ज़्यादा बन चुका है। नगर के प्रमुख मार्गों से लेकर वार्डों की गलियों तक सड़कों को खोदकर छोड़ दिया गया है, लेकिन बहाली के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति हो रही है। हालात यह हैं कि नगर पालिका सब कुछ जानते हुए भी मूकदर्शक बनी बैठी है। कई इलाकों में महीनों पहले खुदाई हो चुकी है, पर सड़कें आज तक ठीक नहीं की गईं। गड्ढों में भरा पानी, बिखरी मिट्टी और उड़ती धूल से राहगीरों का निकलना मुश्किल हो गया है। दोपहिया वाहन चालक रोज़ फिसल रहे हैं, स्कूली बच्चे और बुजुर्ग जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सिवरेज लाइन डालने के बाद गुणवत्ता के अनुसार सड़क बहाली नहीं हो रही। कहीं आधा-अधूरा डामर, तो कहीं केवल मिट्टी डालकर काम चला दिया गया। कुछ ही दिनों में सड़क फिर उखड़ जाती है। इससे साफ जाहिर है कि ठेकेदारों की मनमानी पर कोई अंकुश नहीं है। नागरिकों का कहना है कि कई बार नगर पालिका में शिकायतें की गईं, मगर न निरीक्षण हुआ और न कार्रवाई। बारिश में गड्ढे तालाब बन जाते हैं और आसपास बदबू फैलने लगती है, जिससे संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या नगर पालिका और संबंधित अधिकारी नींद से जागेंगे या जनता यूं ही बदहाल सड़कों पर हादसों का इंतजार करती रहेगी। जरूरत है कि जिम्मेदार अफसर मौके पर उतरें, ठेकेदारों पर सख्ती करें और सिवरेज कार्य के बाद तुरंत स्थायी और गुणवत्तापूर्ण सड़क बहाली कराई जाए।