samacharsecretary.com

शादी को लेकर डेजी शाह की बेबाक राय, मातृत्व के लिए अपनाया नया विकल्प

मुंबई, अभिनेत्री डेजी शाह ने विवाह और मातृत्व को लेकर अपनी सोच खुलकर व्यक्त करते हुए कहा है कि परिवार शुरू करने के लिए शादी अनिवार्य नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि भविष्य में मां बनने की संभावनाओं को सुरक्षित रखने के लिए उन्होंने अपने अंडाणु संरक्षित करवा लिए हैं। एक साक्षात्कार में डेजी शाह ने कहा कि वर्तमान समय में रिश्तों से जुड़ी नकारात्मक खबरें उन्हें चिंतित करती हैं और इसी कारण विवाह उन्हें डरावना प्रतीत होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह अपने जीवन के निर्णय अपनी शर्तों पर लेना चाहती हैं और विवाह को लेकर अभी कोई निश्चित योजना नहीं बनाई है। उनके अनुसार यह निर्णय उन्होंने समय और परिस्थितियों पर छोड़ दिया है। मातृत्व पर बात करते हुए अभिनेत्री ने कहा कि उन्होंने अंडाणु संरक्षित कराने का कदम इसलिए उठाया ताकि उचित समय आने पर वह मां बन सकें। उनका मानना है कि परिवार बसाने के लिए विवाह आवश्यक नहीं है और महिलाओं को अपने जीवन के बारे में स्वतंत्र रूप से निर्णय लेने का अधिकार होना चाहिए। रिश्तों में प्राथमिकताओं को लेकर पूछे गए प्रश्न पर डेजी शाह ने कहा कि उनके लिए भावनात्मक जुड़ाव और आर्थिक स्थिरता दोनों समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। वह ऐसे जीवनसाथी की कामना करती हैं जो आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त हो। कार्य क्षेत्र की बात करें तो डेजी शाह हाल ही में वेब श्रृंखला ‘रेड रूम’ में दिखाई दी थीं। आने वाले समय में वह पलाश मुच्छल के निर्देशन में बन रही फिल्म में श्रेयस तलपड़े के साथ नजर आएंगी। डेजी शाह के इस बयान ने विवाह, मातृत्व और महिलाओं की स्वतंत्रता को लेकर चल रही बहस को एक नया आयाम दे दिया है।  

‘दिल्ली में दोबारा चुनाव कराओ’: केजरीवाल का भाजपा पर वार, बोले- हार गए तो छोड़ दूंगा राजनीति

नई दिल्ली शराब घोटाला मामले में कोर्ट से आरोप मुक्त किए जाने के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने पहली प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान केजरीवाल ने चुनौती देते हुए कहा कि मोदी जी आप दिल्ली में चुनाव करा लें, अगर बीजेपी को 10 से ज्यादा सीटें आईं तो वह राजनीति छोड़ देंगे। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि न्यायालय ने ऐतिहासिक फैसला दिया है। मैं जज साहब का धन्यवाद करता हूं। उन वकील भाईयों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने हमारी लड़ाई लड़ी। चार वर्षों से हमारे ऊपर अत्याचार किया जा रहा था। चार वर्षों से ईडी, सीबीआई का इस्तेमाल करके आप आदमी पार्टी पर शराब घोटाला का आरोप लगाया गया। अदालत को आज मुकदमा चलाने के लिए प्रथम दृष्टया फैसला लिया जाना था। अदालत ने कहा कि ऐसा कोई सबूत नहीं है, ऐसा फर्जी केस है, एक भी गवाह नहीं, जिससे मुकदमा चलाया जा सके। आप प्रमुख ने आरोप लगाया कि यह पूरा षड्यंत्र प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री ने मिलकर रचा। उन्हें देश से माफी मांगना चाहिए। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए यह षड्यंत्र रचना। मैंने जिंदगी में केवल ईमानदारी कमाई है। भाजपा उस ईमानदारी पर चोट करना चाहती थी। अदालत के आदेश से साफ हो गया कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। आज मेरे दिल से बड़ा बोझ उतर गया। एक समय आम आदमी पार्टी के पांच बड़े नेताओं का जेल में डाल दिया गया, फिर भी हमारा कुछ नहीं बिगाड़ पाए। केजरीवाल ने कहा कि मेरा परिवार भुगतभोगी है। मनीष सिसोदिया की पत्नी को मल्टीपल स्कोलोरोसिस है। भाजपा की षड्यंत्र का खामियाजा दिल्ली की तीन करोड़ जनता भुगतान कर रही है। दिल्ली का बेड़ा गर्ग कर दिया। मोदी जी, दिल्ली में दोबारा चुनाव करा दो, तुम्हारी दस से सीटें आ जाएं तो राजनीति छोड़ दूंगा। आप प्रमुख ने कहा कि अमेरिका आंखे दिखा रहा है, मोदी जी की हिम्मत नहीं है कि ट्रंप के खिलाफ एक शब्द बोल दें। आज ट्रंप भारत को गालियां दे रहा है, हमारे प्रधानमंत्री कुछ नहीं बोल रहे हैं। देश संभालिए ना, हमनें आपको देश चलाने के लिए दिया था, प्रधानमंत्री केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से उलझ गए। सकारात्मक कार्य करके सत्ता हासिल कीजिए। केजरीवाल ने कहा कि अदालत ने अपने आदेश में कहा है कि सीबीआई अपने अपने अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करे। ऐसा फैसला पहले कभी नहीं हुआ।  

त्योहार पर सेहत से खिलवाड़ नाकाम, 45 किलो पनीर समेत भारी मात्रा में मावा पकड़ा

भोपाल खाद्य सुरक्षा प्रशासन के अमले ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए 27 क्विंटल मावा और 45 किलोग्राम पनीर जब्त किया है। अधिकारियों को शंका है कि होली पर्व के पहले मिलावटी मावा व पनीर बाजार में ठिकाने लगाने लाया जा रहा है। ऐसे में अमले ने नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। बीते एक महीने में अमले ने कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के करीब 234 नमूने लिए हैं, जिनकी भी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव ने बताया कि होली पर्व से पहले आमजनों को शुद्ध व गुणवत्ता पूर्ण दूध और उससे बने पदार्थों मिले। इसके लिए अमले ने शुक्रवार को खाद्य खजूरी सड़क रोड स्थित टोल प्लाजा के पास से एक वाहन रोककर उसकी तलाशी ली। इस दौरान वाहन में रखा करीब 27 क्विंटल मावा और 45 किलोग्राम पनीर जब्त किया है। मावा की कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। दोनों में मिलावट की शंका के आधार पर मावा व पनीर के पांच-पांच नमूने लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि एक महीने में अमले ने अलग-अलग दुकानों पर कार्रवाई करते हुए नमकीन, मिठाई, पनीर, तेल, मैदा बेसन आदि के करीब 234 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।इन सभी की रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।  

अफगान हमले से दहला पाकिस्तान, PMO के नजदीक एयरस्ट्राइक की खबर से सुरक्षा अलर्ट

इस्लामाबाद भारत के दो पड़ोसी देशों पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच शुरु हुई जंग विध्वसंक रूप लेते जी रही है। ताजा हमले में अफगानिस्तान की तालिबान सेना ने पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में प्रधानमंत्री दफ्तर के करीब ड्रोन से एयरस्ट्राइक की है। ये हमला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के कार्यालय से 5 किलोमीटर की दूरी पर किया गया। इस हमले के जरिए एक तरफ अफगानिस्तान ने अपनी ताकत का इजहार किया है तो दूसरी तरफ पाकिस्तान के सत्ता गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। माना जा रहा है कि अफगानिस्तान ने कंधार में पाकिस्तान के एयरस्ट्राइक का बदला इस्लामाबाद में ड्रोन अटैक से लिया है। अफगानिस्तान गृह मंत्रालय की बॉर्डर पुलिस के प्रवक्ता के हवाले से आज तक की रिपोर्ट में कहा गया है कि अफगानिस्तान ने पाकिस्तान पीएम ऑफिस से 5 किलोमीटर दूर तक हमला करने में कामयाबी हासिल की है। अफगानिस्तान बॉर्डर पुलिस के प्रवक्ता अब्दुल्ला फारूकी ने दावा किया है कि काबुल ने इस्लामाबाद में एयर स्ट्राइक की है। इसके अलावा नौशेरा, एबटाबाद, जमरूद में भी अटैक किए गए हैं। फारूकी कहा, "इस्लामाबाद के पीएम ऑफिस से 5 किलोमीटर दूर उनकी आर्मी का कैंप है, वहां हमने हमला किया है।" कई अहम सैन्य ठिकानों पर भी हमले का दावा अफगान सुरक्षा बलों ने यह दावा भी किया है कि उसके हमले में पाकिस्तान के कई अहम सैन्य ठिकानों और सुविधा केंद्रों को निशाना बनाया गया है। सुरक्षा बलों ने यह दावा भी किया कि ये हमले पाकिस्तान की तरफ से कंधार, काबुल और पक्तिका में किए गए एयरस्ट्राइक का जवाब है। हालांकि, पाकिस्तान की तरफ से अभी तक इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। चीन ने की दोनों पक्षों से युद्धविराम की अपील इस बीच, चीन ने दोनों पक्षों से युद्धविराम की अपील की है। चीन पाकिस्तान और अफगानिस्तान के हिंसक झड़पों को लेकर बहुत चिंतित है और उसने दोनों पक्षों से युद्धविराम के लिए बातचीत की है। गौरतलब है कि इन झड़पों में 133 अफगान तालिबान लड़ाके और पाकिस्तान के दो जवान मारे गये हैं। चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा राजधानी काबुल सहित अफगानिस्तान के बड़े शहरों पर बमबारी के बाद चीन संघर्ष के बढ़ने पर बहुत चिंतित है। चीन ने दोनों पक्षों से शांत रहने और संयम बरतने की अपील करते हुए कहा है कि जितनी जल्दी हो सके युद्धविराम और खून-खराबा से बचा जाना चाहिए। 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारने का पाक का दावा उन्होंने कहा, "चीन पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच संघर्ष में लगातार मध्यस्थता की है और आगे भी तनाव कम करने में एक रचनात्मक भूमिका निभाना जारी रखने को वह तैयार है।" उन्होंने कहा कि मंत्रालय और पाकिस्तान तथा अफगानिस्तान में चीन के दूतावास इस मामले पर दोनों देशों में संबंधित पार्टियों के साथ काम कर रहे हैं। इस बीच पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार का कहना है कि 133 अफगान तालिबान लड़ाके मारे गए और 200 से अधिक घायल हुए। जबकि पाकिस्तान का कहना है कि चल रही झड़पों में उसके दो जवान मारे गए हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कहा कि हालिया हमलों के बाद अब अफगानिस्तान के साथ 'खुली जंग शुरु हो गई है।  

प्रदेश की धरती पर नवागत चीतों का होगा स्वागत

भोपाल  श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क में अफ्रीकी महाद्वीप से चीतों का तीसरा बड़ा जत्था पहुंचने वाला है। बोत्स्वाना से एयरलिफ्ट किए गए 8 चीते (6 मादा और 2 नर) विशेष विमान से मध्यप्रदेश लाए जा रहे हैं। कूनो एक बार फिर इतिहास रचने को तैयार है। अफ्रीका की धरती से आए फर्राटेदार धावक अब कूनों के जंगलों में वन पारिस्थितिकी को समृद्ध करेंगे। ट्रांसलोकेशन की विस्तृत कार्ययोजना बोत्स्वाना से चीतों की सुरक्षित अनलोडिंग इमिग्रेशन, कस्टम, पशु-चिकित्सा एवं सुरक्षा औपचारिकताएं पूर्ण किये जाने के बाद 28 फरवरी को सुबह 8:30 बजे ग्वालियर से भारतीय वायुसेना के दो हेलीकॉप्टरों से चीतों को कूनो नेशनल पार्क के लिए रवाना किया जाएगा। चीते प्रातः 9:30 बजे कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षित लैंडिंग के लिए पार्क में 5 हेलीपैड बनाये गये हैं। पूरा अभियान अत्यंत सावधानी और वैज्ञानिक प्रोटोकॉल के तहत संपन्न किया जाएगा। पार्क में बाड़े तैयार किए गए हैं, जहां चीते लगभग एक महीने तक क्वारंटाइन में रहेंगे। ‘प्रोजेक्ट चीता’ अब अपने प्रारंभिक चरण से आगे बढ़कर स्थायी स्थापना और सफल प्रजनन के चरण में प्रवेश कर चुका है। दक्षिण अफ्रीका से लाए गए 12 चीतों में से 8 वर्तमान में कूनो में पूर्णतः स्थापित और स्वस्थ हैं। इनमें से 3 चीतों को गांधी सागर अभयारण्य में सफलतापूर्वक स्थानांतरित किया गया है। दक्षिण अफ्रीकी माताओं से जन्मे 10 शावक जीवित और स्वस्थ हैं। भारत में जन्मी पहली वयस्क मादा चीता ‘मुखी’ ने 5 शावकों को जन्म दिया है, जो इस परियोजना की ऐतिहासिक उपलब्धि है। ‘गामिनी’ दूसरी बार माँ बनी है। उसकी पहली गर्भावस्था से जन्में 3 सब-एडल्ट शावक स्वस्थ हैं और हाल ही में उसने 3 नए शावकों को जन्म दिया है। ‘वीरा’ अपने 13 माह के शावक के साथ खुले जंगल में विचरण कर रही है, जबकि ‘निर्वा’ अपने 10 माह के तीन शावकों के साथ संरक्षित बाड़े में है। एशिया से लुप्त हो चुके चीतों का मात्र तीन वर्षों में सफल पुनर्स्थापन भारत के वन्यजीव संरक्षण के इतिहास में एक सशक्त उदाहरण बन चुका है। प्रजनन करती मादा चीतों, स्वस्थ दूसरी पीढ़ी के शावकों और नए आवासों में विस्तार के साथ यह स्पष्ट है कि चीता अब भारत की वन पारिस्थितिकी का पुनः अभिन्न अंग बन गया है।

गरीबों का हक छीना जा रहा? बीपीएल कार्ड कटौती पर कुमारी सैलजा का हमला

चंडीगढ़ सिरसा सांसद पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव कुमारी सैलजा ने हरियाणा में बीपीएल राशन कार्डों की संख्या में आई भारी कमी को लेकर प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार के जो आंकड़े सामने आए हैं वे चिंताजनक हैं और यह गरीबों के साथ अन्याय का संकेत देते हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि जनवरी 2024 में प्रदेश में 44.99 लाख बीपीएल राशन कार्ड थे, जो मार्च 2025 में बढ़कर 52.50 लाख हो गए, लेकिन जनवरी 2026 तक यह संख्या घटकर 39.88 लाख रह गई। उन्होंने कहा कि लगभग 24 प्रतिशत की यह कमी कई गंभीर प्रश्न खड़े करती है। क्या वास्तव में प्रदेश में गरीबी इतनी तेजी से कम हुई है या फिर पात्र परिवारों को विभिन्न प्रशासनिक कारणों से सूची से बाहर कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एससी, एसटी, बीसी वर्गों, दिहाड़ी मजदूरों, विधवाओं और अनाथों के राशन कार्ड परिवार पहचान पत्र में कथित त्रुटियों के आधार पर काटे गए हैं। कुमारी सैलजा ने कहा कि गरीब परिवारों के लिए राशन जीवन का आधार है और यदि पात्र लोगों को योजनाओं से वंचित किया गया है तो यह उनके अधिकारों का हनन है। उन्होंने प्रदेश सरकार से बीपीएल राशन कार्डों में हुई कटौती पर श्वेत पत्र जारी करने, अपील के बाद बहाल किए गए कार्डों का विवरण सार्वजनिक करने तथा पीपीपी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली की स्वतंत्र ऑडिट कराने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि जिन पात्र परिवारों के कार्ड गलत डेटा के कारण कटे हैं, उनकी शीघ्र बहाली सुनिश्चित की जानी चाहिए। सफाई पर लाखों खर्च, ज़मीन पर कूड़ा: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता एवं सिरसा से सांसद कुमारी सैलजा ने फतेहाबाद में सफाई व्यवस्था को लेकर सामने आए मामले पर प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सफाई के नाम पर लाखों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि शहर में जगह-जगह कूड़े के ढेर दिखाई दे रहे हैं, तो यह बेहद चिंताजनक स्थिति है। कुमारी सैलजा ने कहा कि जनता के धन का दुरुपयोग किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। यदि कागजों में खर्च दिखाया गया है और जमीनी स्तर पर परिणाम नजर नहीं आ रहे तो इसकी निष्पक्ष और विस्तृत जांच होनी चाहिए। कुमारी सैलजा ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने उपायुक्त को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए थे, ताकि वास्तविक स्थिति सामने आ सके और जिम्मेदारी तय हो।

इजरायल के साथ भारत की बड़ी डील पर पाकिस्तान परेशान, सऊदी अरब कनेक्शन से बढ़ी चिंता

नई दिल्ली पीएम नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे पर दुनिया भर में सुर्खियां बनी हैं। वह भारत के ऐसे पहले पीएम थे, जो 2017 में इजरायल की धरती पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने एक और रिकॉर्ड बनाया और दूसरी बार इजरायल पहुंचे। यही नहीं इस दौरान उन्होंने इजरायल की संसद को भी संबोधित किया। इजरायल के नेता बेंजामिन नेतन्याहू के साथ उनकी गर्मजोशी वाली मुलाकात की तस्वीरें खूब वायरल हुई हैं। इस बीच पाकिस्तान को लेकर भी कयास लगने लगे हैं और कतर के मीडिया संस्थान अलजजीरा ने इसे उसकी सुरक्षा से जोड़ा है। अलजजीरा लिखता है कि पीएम मोदी का यह इजरायल दौरा ऐसा था, जिसमें उन्होंने खूब दिखाने की कोशिश की कि इजरायल के भारत कितना करीब है। बेंजामिन नेतन्याहू ने पीएम मोदी के दौरे से पहले ही कैबिनेट मीटिंग की थी और उसमें बताया था कि उसके 'हेक्सागन ऑफ अलायंस' में भारत सबसे अहम कड़ी है। इस फ्रेमवर्क में इजरायल की ओर से भारत के अलावा अफ्रीकी देशों, साइप्रस, ग्रीस और कुछ अन्य अरब मुल्कों को रखा गया है। पीएम मोदी का यह इजरायल दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब तुर्की के पीएम रेचेप तैयप अर्दोआग इजरायल के सबसे बड़े आलोचक बने हुए हैं। इसके अलावा पाकिस्तान और सऊदी अरब ने डिफेंस पैक्ट किया है। इसके तहत दोनों ने तय किया है किसी एक मुल्क पर भी हमला हुआ तो वह दोनों का माना जाएगा। ऐसी स्थिति में भारत और इजरायल दोनों के लिए यह जरूरी था कि वे एक गठबंधन का हिस्सा बनें। इजरायल और भारत के संबंधों में मोदी के सत्ता में आने के बाद से ही तेजी आई है। 2017 में पीएम मोदी पहली बार इजरायल गए थे। इसके बाद अब इजरायल तो भारत का सबसे बड़ा हथियार निर्यातक है। इसके अलावा अब डिफेंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग और साइबर सिक्योरिटी के मामले में भी दोनों का सहयोग बढ़ सकता है। भारत की ओर से इजरायल के आयरन बीम के लिए भी डील करने की कोशिश है। इसे इजरायली सेना ने 2025 के दिसंबर में ही शामिल किया है। इसके अलावा आयरन डोम मिसाइल की तकनीक ट्रांसफर किए जाने को लेकर भी बातचीत चल रही है। इजरायल और भारत की डील में सऊदी अरब का क्यों आ रहा नाम अमेरिका और संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के पूर्व राजदूत मसूद खान का कहना है कि पीएम मोदी और नेतन्याहू की यह मीटिंग अहम है। उन्होंने कहा कि इजरायल और भारत ने यह समझौता पाकिस्तान और सऊदी अरब के अग्रीमेंट की तर्ज पर किया है। इजरायल के ऐसे ही समझौते पहले ही अमेरिका और जर्मनी जैसे देशों के साथ हो चुके हैं। चीन में पाक के राजदूत रहे मसूद खालिद का कहना है कि हमने देखा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पिछले साल इजरायली ड्रोन्स का भारत ने इस्तेमाल किया था। नेतन्याहू का हेक्सागन प्रस्ताव स्पष्ट नहीं है, लेकिन उनका कहना है कि वह जल्दी ही प्रजेंटेशन देंगे। अब पाकिस्तान की बात करें तो वह बीते कुछ सालों में सुन्नी मुस्लिम देशों के गुट का नेतृत्व करने की कोशिश में रहा है। इसके अलावा पाकिस्तान इकलौता ऐसा मुस्लिम देश है, जो परमाणु हथियारों से लैस है। इसी का वह फायदा उठाता रहा है। यही कारण था कि एक तरफ सऊदी अरब ने उसके तरफ रक्षा सौदा किया है तो वहीं दूसरी ओर बड़े पैमाने पर कर्ज भी दिया है।  

मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली होंगे शामिल 3माह तक चलेगा अभियान

भोपाल  महिलाओं का स्वास्थ्य परिवार, समाज एवं राष्ट्र की प्रगति का आधार है। सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे जानलेवा कैंसर है। इस गंभीर बीमारी की रोकथाम के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा राष्ट्रव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जा रहा है। प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी 28 फरवरी को प्रातः 11:30 बजे राजस्थान के अजमेर जिले से इस राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ करेंगे। यह अभियान आगामी तीन माह तक पूरे देश में संचालित किया जाएगा। सभी राज्य एवं केन्द्र शासित प्रदेश वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे और राज्य स्तरीय अभियान का शुभारंभ करेंगे। उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल भोपाल में अभियान का शुभारंभ करेंगे। अभियान के अंतर्गत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएँ टीकाकरण के लिए पात्र होंगी। साथ ही, अभियान प्रारंभ होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की होने वाली बालिकाएँ भी पात्र मानी जाएँगी। यह टीकाकरण पूर्णतः स्वैच्छिक है तथा अभिभावक की सहमति अनिवार्य होगी। निर्धारित अनुसार 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी। एचपीवी टीकाकरण केवल शासकीय स्वास्थ्य केन्द्रों आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, उप स्वास्थ्य केन्द्र, जिला अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज जिनमें चिकित्सा अधिकारी उपलब्ध हैं, में किया जायेगा। टीकाकरण के पश्चात बालिका को 30 मिनट तक अवलोकन में रखा जाएगा। अभियान अवधि के दौरान प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।  

इलाहाबाद है भाई… बयान से छाए CJI सूर्यकांत, जानें किस संदर्भ में कही यह बात

नई दिल्ली CJI सूर्यकांत ने कहा कि इसे होली ब्रेक के बाद लिस्ट करो। नहीं नहीं, इसे उसके भी एक हफ्ते बाद करो। इलाहाबाद है भाई, एक हफ्ता तो लग जाएगा भांग का नशा उतरने में। सीजेआई की यह हल्के-फुल्के अंदाज में की गई टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। सुप्रीम कोर्ट में रोजाना कई मामलों की सुनवाई होती है। इसमें कुछ चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया के कोर्ट में होती है। शुक्रवार को हुई एक सुनवाई चर्चा का विषय बन गई। इसमें सीजेआई सूर्यकांत ने हल्के-फुल्के अंदाज में एक केस को लिस्ट करने के मामले में कहा कि इसे होली के हफ्तेभर बाद लिस्ट करो, क्योंकि इलाहाबाद है भाई, भांग का नशा उतरने में हफ्ताभर तो लग जाएगा। बार एंड बेंच के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट में सुरेश देवी वर्सेज हाई कोर्ट ऑफ इलाहाबाद से जुड़ी एक सुनवाई को लेकर सीजेआई सूर्यकांत ने यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, ''इसे होली ब्रेक के बाद लिस्ट करो। नहीं नहीं, इसे उसके भी एक हफ्ते बाद करो। इलाहाबाद है भाई, एक हफ्ता तो लग जाएगा भांग का नशा उतरने में।'' सीजेआई की यह हल्के-फुल्के अंदाज में की गई टिप्पणी सोशल मीडिया पर वायरल हो गई है। बता दें पूरे देशभर में होली धूमधाम से मनाई जाती है। प्रयागराज में भी होली के त्योहार को लेकर काफी उत्सुकता है। इस बार चार मार्च को रंग खेलने वाली होली पड़ रही है। कई जगह होली के दिन भांग का भी सेवन किया जाता है। माना जा रहा है कि इसी संदर्भ में सीजेआई सूर्यकांत ने यह मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की और मामले को सुनवाई के लिए होली के थोड़े और दिन बाद रखा। वहीं, एक अन्य मामले में सीजेआई सूर्यकांत ने एक वकील को जमकर फटकार लगाई। पूरन चंद्र सेन बनाम राजस्थान राज्य के मामले में सीजेआई सूर्यकांत ने वकील से कहा कि इन पर जुर्माना नहीं लगाया हाईकोर्ट ने? बंद वंद पहने नहीं हैं, लग रहा कोई दंगल में उतरने आया है। इस पर जस्टिस बागची ने कहा कि हाई कोर्ट ने जुर्माना लगाया है। फिर सीजेआई ने पूछा कि आपको वकालत करते हुए कितने साल हो गए है, जिसपर वकील ने कहा कि 1995 से कर रहा हूं। सीजेआई सूर्यकांत इतना सुनते ही भड़क गए और पूछा कि आपको लाइसेंस देने की गलती किसने की। प्लीज ऐसी पिटीशन फाइल न करें। लोग आप पर विश्वास करते हैं। अगर आप यह सब फाइल करेंगे तो लोग आप पर विश्वास कैसे करेंगे। इस पर वकील ने कहा कि आरएसएस के आदर्श संविधान के खिलाफ है, जिस पर जस्टिस बागची ने जवाब दिया कि अगर आप और दबाव डालेंगे तो हमें कॉस्ट बढ़ानी पड़ेगी। आपकी आइडियोलॉजी या पॉलिटिक्स वगैरह से राय अलग हो सकती है, लेकिन इससे कोई ऑफेंस नहीं होता या आप किसी अथॉरिटी के खिलाफ एफआईआर करने को नहीं कहते। कृपया पीछे हटें, खुद को शर्मिंदा न करें।

बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने सरकार गंभीर, समिति की सिफारिशों पर होगा अमल

भोपाल ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि विभागीय परामर्शदात्री समिति की बैठक में सदस्यों द्वारा दिये गये सुझावों पर अधिकारी 5 दिवस में रिपोर्ट तैयार करें। साथ ही प्राप्त सुझावों पर गंभीरता से विचार कर अमल में लाने के प्रयास किये जायेंगे।  तोमर ने कहा मध्यप्रदेश में पर्याप्त बिजली उपलब्ध है। उद्योगों से लेकर किसानों तक सभी को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी है। बैठक में समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण सुझाव दिये। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्र में जंगली जानवरों से खतरे के मद्देनजर सिंचाई के लिये दिन में ही विद्युत आपूर्ति करने पर विचार किया जाये। इस दौरान सचिव  विशेष गढ़पाले ने विभाग की 2 वर्ष की उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी की हानियां वर्ष 2024-25 में 2.60 प्रतिशत रहीं, जो न्यूनतम में से एक है। अमरकंटक विद्युत गृह द्वारा कंपनी के इतिहास में अब तक सर्वाधिक 512 दिन तक लगातार विद्युत उत्पादन किया गया। बिजली कंपनियों की उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के लिये लगभग 52 हजार स्थायी पदों का सृजन किया गया है। भर्ती प्रक्रिया चालू कर दी गई है। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाभियान अंतर्गत जनजातीय समुदाय के 26 हजार 909 घरों को विद्युतीकृत किया गया है। स्मार्ट मीटरिंग के माध्यम से प्री-पेड उपभोक्ताओं को ऊर्जा प्रभार में 25 पैसे प्रति यूनिट की छूट दी जा रही है। उन्होंने विभिन्न नवाचारों के बारे में भी जानकारी दी। बैठक में समिति के सदस्य विधायक  यादवेन्द्र सिंह,  गौरव सिंह पारधी,  ठाकुर दास नागवंशी,  घनश्याम चंद्रवंशी और  सुरेन्द्र सिंह बघेल एवं अधिकारी उपस्थित थे।