samacharsecretary.com

आज 5 मई राशिफल: इन राशियों को मिलेगा पैसा और प्रमोशन, कुछ को प्रेम में सावधानी की जरूरत

मेष: आज ऑफिस लाइफ प्रोडक्टिव रहेगी और कई अवसर सामने आ सकते हैं। आज प्रेमी की भावनाओं को ठेस न पहुंचाए। आर्थिक रूप से, आप अच्छा करेंगे। आज आपका स्वास्थ्य भी ठीक रहेगा। कानूनी विवाद जीत सकते हैं। वृषभ: 5 मई के दिन सुनिश्चित करें कि आपका प्रेम संबंध बरकरार रहे और इस सप्ताह आपके जीवन को प्रभावित करने वाली कोई बड़ी व्यावसायिक समस्या न हो। संतुलित आहार लें और धन भी सकारात्मक है। मिथुन: प्रेम संबंधों को और भी मजेदार बनाने के लिए कुछ बातों पर विचार करें। आज काम में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए विकल्पों पर विचार करें। कठोर वित्तीय निर्णय लें। आज स्वास्थ्य भी अच्छा है। कर्क: लव के मामले में आज अधिक देखभाल की आवश्यकता होती है। आपको ऑफिस में सीनियर्स की एक्सपेक्टेशन को भी पूरा करना चाहिए। धन को सही तरीके से संभालें। आपका स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। सिंह: 5 मई के दिन प्रेम जीवन से जुड़ी परेशानियां हो सकती हैं। प्रेम और ऑफिस दोनों ही जीवन में वाद-विवाद से बचना अच्छा रहेगा। आज के दिन आपका धन और संपदा का मामला दोनों ही अच्छा है। कन्या: आज के दिन स्वास्थ्य भी अच्छा रहेगा। रोमांटिक कनेक्शन मजबूत होगा। आपका प्रोफेशनल जीवन सफल रहेगा। विभिन्न विकल्पों में निवेश करने के लिए ये दिन अच्छा रहेगा। कोई बड़ी स्वास्थ्य समस्या आपको नुकसान नहीं पहुंचाएगी। तुला: 5 मई के दिन प्रेम संबंधों में आश्चर्य की उम्मीद करें और काम में पूरी तरह समर्पित रहें। आपके स्वास्थ्य के साथ-साथ धन में वृद्धि के विकल्प भी हैं। रोमांस से भरपूर दिन बीतेगा। प्रोफेशनल लाइफ को बिजी और प्रोडक्टिव बनाए रखें। वृश्चिक: 5 मई के दिन प्रेम संबंधों में उतार-चढ़ाव को दूर करें और नए काम हाथ में लें, जिससे करियर में तरक्की होगी। पैसों से जुड़ी कोई बड़ी समस्या नहीं होगी। स्वास्थ्य सामान्य रहेगा। अपने रिलेशन को पॉजिटिव बनाए रखें। धनु: 5 मई के दिन कोई गंभीर मेडिकल समस्या आपको परेशान नहीं करेगी। विभिन्न स्रोतों से धन भी आएगा। प्यार में खुश रहें और सभी प्रकार के वाद-विवाद से बचें। ऑफिस में आपका प्रदर्शन तारीफ का पात्र रहेगा। मकर: 5 मई के दिन समृद्धि आपके दरवाजे पर दस्तक देगी। आप स्वस्थ भी रहेंगे। प्यार के मामले में शांत रहें। ध्यान रखें किसी पिछली घटना से संबंधित कोई वाद-विवाद न हो। आपका अनुशासन आपके सीनियर्स का दिल जीत सकता है। कुंभ: 5 मई के दिन धन का प्रवाह होगा, जिससे आप महत्वपूर्ण फैसले ले सकेंगे। छोटी-मोटी स्वास्थ्य समस्या आपको परेशान कर सकती है। पार्टनर पर स्नेह बरसाएं और यह रिश्ते में झलकेगा। ऑफिस से जुड़े मामलों को संभालते समय शांत रहें। मीन: 5 मई के दिन ऑफिस में आपको आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। समृद्धि आएगी और स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। टीम को संभालते समय सावधान रहें क्योंकि अहंकार से जुड़े छोटे-मोटे मुद्दे लीडरशिप स्किल्स पर असर डाल सकते हैं। अच्छी कमाई हो सकती है।

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए समयबद्ध एवं समन्वित रूप से करें कार्य: उप मुख्यमंत्री शुक्ल

भोपाल  उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग में भर्ती प्रक्रिया एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार और चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के लिए समयबद्ध एवं समन्वित रूप से कार्य पूर्ण करना सुनिश्चित किया जाये। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने ग्वालियर मेडिकल कॉलेज में सीटीवीएस एवं ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग की स्वीकृति संबंधी कार्यवाही को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने आउटसोर्स कर्मचारियों के वेतन भुगतान में किसी प्रकार की देरी न होने पर विशेष बल दिया। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने बुधनी, दमोह एवं छतरपुर मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा आवश्यक फर्नीचर की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी शैक्षणिक सत्र से इन मेडिकल कॉलेजों में शिक्षण कार्य प्रारंभ हो सके, इसके लिए सभी आवश्यक कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में लंबित आउटसोर्स पदों पर भर्ती हेतु सभी जिलों में त्वरित कार्यवाही करने के निर्देश दिए। साथ ही, नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग शिक्षकों के 59 राजपत्रित पदों पर भर्ती के लिए मांग पत्र लोक सेवा आयोग को शीघ्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने सीसीएचबी में नवीन पद सृजन के लिए प्रस्ताव तैयार करने तथा सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में कैंसर सर्जरी ब्लॉक से सेवाएं प्रारंभ करने हेतु विशेषज्ञों की नियुक्ति की कार्यवाही प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में आयुक्त लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा  धनराजू एस उपस्थित रहे।  

लखपति दीदियों के हौसले की उड़ान देख गदगद हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय , सबको और मेहनतकर अब करोड़पति बनने की राह पर चलने कहा

रायपुर मई की तपती गर्मी में आज लगातार दूसरे दिन मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय दूरस्थ गांवों के औचक दौरे पर रहे । कबीरधाम ज़िले के पंडरिया स्थित लोखान पंचायत में आज मुख्यमंत्री का आगमन हुआ । इस अवसर पर वे बैगा बाहुल्य कमराखोल में पीएम जनमन योजना के तहत हुए कार्यों का निरीक्षण किए और वहीं पास में आम के पेड़ों के नीचे अपनी चौपाल लगा लिए । अपने बीच मुख्यमंत्री को देख ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई । बीरनमाला, कमल के फूल से मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन करते हुए ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे । इस दौरान महतारी शक्ति को सामने बैठा देख मुख्यमंत्री ने पूछ लिया कितनी महतारी यहाँ लखपति हो गई हैं ? एक साथ अनेक हाथ हवा में उठ गए । मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते सबको करोड़पति बनने की दिशा में आगे बढ़ने कहा । उन्होंने बारी- बारी से लखपति दीदियों से बातचीत की । यहाँ जंगल से बीन कर लाए  महुआ और चार को मुख्यमंत्री  साय को उपहार के रूप में देते हुए कुकदूर की लखपति दीदी  कचरा तेलगाम ने मुख्यमंत्री से कहा कि महुआ का पौष्टिक लड्डू बनाकर खाइएगा , वरना मैं बना कर दूँगी । मुख्यमंत्री भी उनकी आत्मीयता देख भाव विभोर होकर मुस्कुराते हुए बोले कि घर जाकर बनवाकर खाऊँगा ।  कचरा तेलगाम दीदी आस पास के गांवों में बन रहे प्रधानमंत्री आवासों में सेंट्रिग प्लेट लगाती हैं और इससे उन्हें एक साल में ८० हज़ार की आय हुई है । उन्होंने कहा कि आज चौपाल लगा देख वे साहस वहाँ पहुँची और मुख्यमंत्री  के लिए भेंट स्वरूप जंगल से बीने महुआ और चार दी हैं ।  वहीं डीलर दीदी  रजमत बाई धुर्वे ने बताया कि वे प्रधानमंत्री आवासों के लिए मटेरियल सप्लाई का काम करती हैं । उन्हें सालाना 2.50 – 3 लाख का मुनाफा हुआ है । लखपति पशु सखी  शिवरानी पटेल का कहना है कि समूह से जुड़ सीआईएफ से उन्होंने व्यवसाय के लिए ऋण लिया और अपने खेत में सब्जी- भाजी लगायी । उन्हें सालाना डेढ़ लाख की आय हो रही । इस बिहान योजना से जीवन में आए सकारात्मक बदलाव के लिए धन्यवाद स्वरूप उन्होंने अपने खेत की सब्जियां टोकरी में मुख्यमंत्री को भेंट की । मुख्यमंत्री ने भी सभी दीदियों से बात कर प्रोत्साहित किया कि इसी तरह मन लगाकर काम करिए और आर्थिक रूप से सशक्त होइए।  ज्ञात हो कि लोखन पंचायत में 58 लखपति दीदियां हैं जो विभिन्न व्यवसाय से जुड़ आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं ।        चौपाल में हुआ नामकरण आज अपने नौनिहाल बच्चे के साथ  ऋषि बघेल भी चौपाल पहुँची । यहाँ उन्होंने मुख्यमंत्री से एक ही गुहार लगायी कि उनके बच्चे का नामकरण कर दें मुख्यमंत्री । बच्चे को गोद में लेकर दुलारते हुए मुख्यमंत्री  साय ने पूछा कि कब हुआ है इसका जन्म ? तब माँ ने बताया कि रविवार के दिन । मुख्यमंत्री ने बच्चे को स्नेह से देखते हुए नाम रविशंकर बघेल रखा और आशीर्वाद स्वरूप ५०० रुपए भी दिए । पंडरिया विधायक  भावना बोहरा ने भी बच्चे को ५०० रुपए अपनी ओर से आशीर्वाद स्वरूप दिया ।मुख्यमंत्री के द्वारा नवजात का नाम रखते ही चौपाल में तालियाँ गूंज उठी । चौपाल में पहुंचे मेधावी विधार्थी आज कबीरधाम के पंडरिया के लोखान पंचायत के आश्रित ग्राम कमराखोल में मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय की चौपाल को देख वहाँ से गुज़र रहे राजेंद्र मसराम और उनके पिता भी रुक गए । इस दौरान बातचीत में पता चला कि छिरहा के रहने वाले इस मेधावी बच्चे ने इस साल हाई स्कूल में 94.5 %  अंक के साथ ज़िले में नौवाँ स्थान प्राप्त किया है । मुख्यमंत्री ने उन्हें ख़ुश होकर पेन दिया और पूछा बड़ा होकर क्या बनना चाहते हैं ? इस पर उन्होंने बड़ा होकर आईएएस बनने के सपने को साझा किया । मुख्यमंत्री ने उन्हें खूब सारी शुभकामनाएँ दी ताकि वो अपना सपना पूरा कर सकें । यहाँ कमराखोल के बैगा बस्ती की कक्षा नवमी की बालिका भी चौपाल में मुख्यमंत्री से मिली और बताया कि आज पीएम जनमन से बने उनके आवास में मुख्यमंत्री पहुंचे थे । वहाँ मुख्यमंत्री से बात नहीं हो पायी इस लिए वे चौपाल में पहुँचीं । इस साल यह बच्ची हेम कुमारी 75% अंक कक्षा नौवी में लायी । एचसीएम ने आगे भी मन लगाकर पढ़ने की सलाह और बधाई देते हुए पेन दिया ।  घोषणाएँ बैगा बाहुल्य ग्राम कमराखोल में मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने आज चौपाल लगाकर शासकीय योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली और प्रसन्न दिखे कि दूरस्थ अंचल तक हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ मिल रहा है । उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर कमरखोल में  मिशन तालाब गहरीकरण (ट्यूबवेल के साथ), रामखिलावन के घर से ग्राम देवसरा तक मिट्टी मुरुम सड़क (६ किलोमीटर लगभग) , सामुदायिक भवन, मुक्तिधाम शेड निर्माण तथा  महतारी सदन ( स्व सहायता समूह की महिलाओं की माँग पर ) की घोषणा की । इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव  सुबोध कुमार, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव  रजत बंसल, कलेक्टर  गोपाल वर्मा, पुलिस अधीक्षक  धर्मेंद्र सिंह , सीओ जिला पंचायत  अभिषेक अग्रवाल और ग्रामीण चौपाल में उपस्थित रहे ।

5 राज्यों में विधानसभा चुनाव परिणामों पर मुख्यमंत्री ने कहा, यह जनादेश ‘नए भारत’ के संकल्प की शक्ति

लखनऊ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों के ऐतिहासिक परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए इसे पीएम मोदी के प्रति देशवासियों के अटूट विश्वास का प्रतीक बताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यशस्वी नेतृत्व और लोक-कल्याणकारी नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई अपनी पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व एवं लोक-कल्याणकारी नीतियों पर देशवासियों का अटूट विश्वास है, जो आज विधानसभा चुनाव के ऐतिहासिक परिणामों के रूप में पुनः परिलक्षित हुआ है। पश्चिम बंगाल में पहली बार, असम में लगातार तीसरी बार और पुडुचेरी में दूसरी बार भाजपा गठबंधन की सरकार बनना इसी अगाध विश्वास का सुफल है। जन-जन का यह अभूतपूर्व जनादेश प्रधानमंत्री जी के 'नए भारत-विकसित भारत' के विराट संकल्प की सिद्धि को एक नई गति प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक विजय के लिए बंगाल, असम एवं पुडुचेरी के भाजपा संगठन से जुड़े सभी समर्पित पदाधिकारियों, कर्मठ कार्यकर्ताओं व विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने आगे लिखा कि सुशासन व राष्ट्रवाद को अपना बहुमूल्य आशीर्वाद प्रदान करने वाली जनता-जनार्दन का हृदय से आभार एवं अभिनंदन।    

रतलाम के डायल 112 हीरोज संवेदनशीलता और तत्परता से भटकी बीमार महिला को दिलाया उपचार

भोपाल रतलाम जिले के थाना इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र में डायल-112 जवानों की मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही से मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं बीमार महिला को सुरक्षित उपचार उपलब्ध कराया गया। इस कार्यवाही ने यह स्पष्ट किया कि डायल-112 सेवा हर जरूरतमंद तक सहायता पहुँचाने के लिए सदैव सजग है। 03 मई को राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना प्राप्त हुई कि थाना इंडस्ट्रियल एरिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बड़बड़ में 40 वर्षीय महिला भटकी हुई अवस्था में मिली है, जो मानसिक रूप से अस्वस्थ एवं बीमार है तथा पुलिस सहायता की आवश्यकता है। सूचना प्राप्त होते ही संबंधित क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। घटनास्थल पर पहुँचकर प्रधान आरक्षक  शेर सिंह एवं पायलट  विशाल राव ने महिला को सुरक्षित संरक्षण में लिया और आसपास के क्षेत्र में उसके परिजनों की तलाश एवं पूछताछ की, किंतु महिला की पहचान संबंधी कोई जानकारी प्राप्त नहीं हो सकी। स्थिति को गंभीरता से लेते हुए डायल-112 जवानों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को एफआरव्ही वाहन के माध्यम से तत्काल मेडिकल कॉलेज रतलाम पहुँचाया। डायल-112 जवानों की इस संवेदनशील और जिम्मेदार कार्रवाई से एक असहाय महिला को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकी। डायल 112 हीरोज श्रृंखला के अंतर्गत यह घटना दर्शाती है कि मध्यप्रदेश पुलिस की डायल-112 सेवा केवल आपात घटनाओं में ही नहीं, बल्कि बेसहारा, बीमार एवं असहाय व्यक्तियों की सहायता के लिए भी समान रूप से प्रतिबद्ध और तत्पर है।  

इंदौर मेट्रो के लिए एमपी ट्रांसको ने ऊर्जीकृत किया 200 एमवीए क्षमता का पॉवर ट्रांसफार्मर : ऊर्जा मंत्री तोमर

भोपाल  ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने बताया है कि मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) ने इंदौर मेट्रो रेल परियोजना को विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति करने के लिए 220 केवी सब स्टेशन मांगलिया,इंदौर में 200 एमवीए क्षमता का नया पावर ट्रांसफार्मर स्थापित कर सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत किया है। उन्होंने बताया कि चुनौतियों के बावजूद इंदौर जैसे शहर मे यह कार्य मेट्रो परियोजना की आवश्यकताओं के साथ ही शहर की विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। घनी आबादी वाला शहरी क्षेत्र होने के कारण खजराना में अतिरिक्त विद्युत पारेषण अवसंरचना विकसित करना तकनीकी रूप से अत्यंत चुनौतीपूर्ण था। तकनीकी कौशल से निकाला सब स्टेशन में उपयुक्त स्थान ऊर्जा मंत्री ने बताया कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए एमपी ट्रांसको, जबलपुर के प्लानिंग एवं डिजाइन विंग के विशेषज्ञ इंजीनियरों ने अपने तकनीकी कौशल, अनुभव एवं विशेषज्ञता का परिचय देते हुए 220 केवी सब स्टेशन मांगलिया, इंदौर में पावर ट्रांसफार्मर तथा दो फीडरों के लिए उपयुक्त स्थान का चयन किया। परिणामस्वरूप इंदौर शहर से खजराना मेट्रो स्टेशन तक विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराना संभव हो सका। उन्होंने इस कार्य को सफलता पूर्वक पूरा करने के लिए एमपी ट्रांसको को बधाई देते हुए कहा है कि यह एमपी ट्रांसको के इंजीनियर्स की उत्कृष्टता, समर्पण और कौशल के कारण संभव हो पाया। दो डेडिकेटेड सर्किट के माध्यम से की जायेगी आपूर्ति एमपी ट्रांसको इंदौर के अधीक्षण अभियंता  अनिल लाठी ने बताया कि इंदौर मेट्रो ने खजराना स्थित अपने मेट्रो रेल सबस्टेशन के लिए डिपॉजिट स्कीम के अंतर्गत मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी से विद्युत आपूर्ति की मांग की थी। जिसके लिए मेट्रो इंदौर द्वारा निर्धारित राशि 26.26 करोड रुपये जमा कराने के बाद यह कार्य एम.पी. ट्रांसको के सुपरविजन में कराया गया। इस ट्रांसफार्मर के ऊर्जीकृत होने से इंदौर मेट्रो परियोजना के संचालन के लिये महत्वपूर्ण खजराना मेट्रो रेल सबस्टेशन को दो 132 केवी डेडिकेटेड सर्किटों के माध्यम से पर्याप्त एवं विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति हो सकेगी।  

रीवा में जल प्रदाय एवं सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा

भोपाल  उप मुख्यमंत्री  राजेन्द्र शुक्ल ने मंत्रालय में रीवा शहर में संचालित जल प्रदाय योजना एवं सीवरेज परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यों की वर्तमान स्थिति, गुणवत्ता, समय-सीमा और वित्तीय विषयों पर विस्तार से चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूरे किए जाएँ, जिससे नागरिकों को समय पर बेहतर सुविधाएँ मिल सकें।बैठक में अपर मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवास  संजय दुबे, आयुक्त  संकेत भोंडवे तथा नगर निगम रीवा के आयुक्त  अक्षत जैन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने जल प्रदाय व्यवस्था के अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने विशेष रूप से ओवरहेड वाटर टैंक के निर्माण और जल वितरण नेटवर्क के विस्तार को आगामी वर्षा ऋतु से पहले पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि कार्यों की निरंतर निगरानी सुनिश्चित की जाए, जिससे समयबद्ध क्रियान्वयन में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने यह भी कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान आमजन की दिनचर्या प्रभावित न हो, इसके लिए कार्यों को सुव्यवस्थित एवं चरणबद्ध तरीके से किया जाए। नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर भी उन्होंने बल दिया। उप मुख्यमंत्री  शुक्ल ने सीवरेज कार्यों की समीक्षा करते हुए शेष पाइपलाइन बिछाने और हाउस सर्विस कनेक्शनों को प्राथमिकता के साथ जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता और जनस्वास्थ्य के दृष्टिकोण से सीवरेज नेटवर्क का समय पर पूरा होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके साथ ही उन्होंने एसटीपी निर्माण कार्य को भी शीघ्र गति से पूरा करने के निर्देश दिए।  

20 हजार की सुपारी पर हत्या के मामले, बिहार में शूटरों पर कड़ी नजर

पटना बिहार में 350 शूटर सुपारी लेकर हत्या की वारदात को अंजाम देते हैं। सीआईडी और बिहार एसटीएफ ने सूबे के सुपारी शूटरों की सूची बनाई है। सूबे में सुपारी लेकर हत्याओं का सिलसिला चला है। 20 हजार की सुपारी पर भी हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। हत्या की वारदात पर लगाम लगाने के लिए बिहार एसटीएफ ने सुपारी शूटरों पर कार्रवाई की योजना बनाई है। सूची में शामिल शूटर की वर्तमान गतिविधियों के संबंध में एसटीएफ जांच कर रही है। अहियापुर के बाड़ा जगन्नाथ में बीते माह प्रॉपर्टी डीलर प्रभाकर सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसमें बकाए रुपये हड़पने के लिए सुपारी देकर हत्या कराने की बात सामने आई थी। पुलिस ने हत्या की सुपारी देने वाले दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इसमें चिह्नित दो सुपारी शूटरों को अब तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। अहियापुर में चलती बाइक पर सिर में गोली मारने वाले शूटर प्रॉपर्टी डीलर प्रभाकर सिंह के अलावा तीन अन्य घटनाओं को पूर्व में अंजाम दे चुके हैं। मीनापुर इलाके के मिट्ठू सहनी गिरोह के चार सुपारी शूटर ने डेढ़ साल पहले मीनापुर इलाके में महज 20 हजार की सुपारी पर खेत में काम कर रहे किसान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना में शामिल शूटर हाल ही में जमानत पर मुक्त हुए हैं। इसके अलावा स्मैकिया गिरोह से जुड़े शूटर भी वारदात को अंजाम दे रहे हैं। सीआईडी के डीआईजी संजय कुमार के अनुसार प्रोफेशनल कीलिंग की वारदात में कमी लाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसमें 350 सुपारी शूटर की सूची बनाई गई है। उनपर बिहार एसटीएफ की टीम नजर रख रही है। निगरानी में संदिग्ध गतिविधि पाए जाने के बाद टीम त्वरित कार्रवाई करती है। सुपारी शूटर की निगरानी होने से प्रोफेशनल कीलिंग की वारदात में पिछले सालों की अपेक्षा कमी आई है।

बंगाल चुनाव में प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने सीएम योगी को दी बधाई

गोरखपुर  पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी। पश्चिम बंगाल के चुनाव में सीएम योगी की रैलियों ने भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में जबरदस्त माहौल बनाया और सोमवार को चुनाव परिणाम आने के बाद गोरखपुर के भाजपाई खुशी से झूम उठे।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सोमवार को लखनऊ से महराजगंज होते हुए देर शाम गोरखपुर पहुंचे। एमपी पॉलिटेक्निक ग्राउंड के हेलीपैड पर महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष सहजानंद राय, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता आदि ने मुख्यमंत्री की अगवानी करते हुए पुष्पगुच्छ देकर उनका भावपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी नेताओं ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिली शानदार जीत के लिए उल्लास और उमंग के साथ सीएम योगी को बधाई दी।  हेलीपैड पर भाजपा नेताओं की बधाई स्वीकार करने के बाद मुख्यमंत्री गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले शिवावतार महायोगी गोरखनाथ का विधि विधान से दर्शन पूजन किया। तत्पश्चात वह अपने पूज्य गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ जी महाराज की समाधि स्थल पर गए और उनकी प्रतिमा का दर्शन, पूजन कर आशीर्वाद लिया।

पश्चिम बंगाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के विकास मॉडल पर जताया भरोसा, सोनार बांग्ला का करेंगे निर्माण : डिप्टी सीएम अरुण साव

रायपुर  उप मुख्यमंत्री  अरुण साव ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए की ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि यह जनादेश प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा और समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का परिणाम है। वहीं लखीमपुर लोकसभा प्रभार के सभी भाजपा प्रत्याशियों की जीत हुई है।  उप मुख्यमंत्री  साव ने कहा कि, पश्चिम बंगाल की जनता ने अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सम्मान देते हुए भाजपा पर भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि, स्वामी विवेकानंद, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, रविन्द्रनाथ टैगोर और नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की पावन धरती के गौरव को पुनर्स्थापित करने और ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी।  साव ने कहा कि यह विजय पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, त्याग और संघर्ष से मिली है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए इस जीत को राष्ट्रहित की जीत बताया। उप मुख्यमंत्री  साव ने असम विधानसभा चुनाव की जीत पर कहा कि राज्य की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा को समर्थन देकर विकास और स्थिर नेतृत्व पर अपनी मुहर लगाई है। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में असम नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है।   साव ने कहा कि असम की जनता ने कांग्रेस के आतंक, नकारात्मक और तुष्टिकरण के विचारों को स्पष्ट रूप से नकार दिया है। यह जीत विकसित असम बनाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।  उन्होंने बताया कि, मैं असम के 9 विधानसभाओं में गली-गली और गांव-गांव घूमकर जनसमर्थन जुटाया , ये विजय कांग्रेसी षड्यंत्र और देश विरोधी विचार के खिलाफ असम की जनता के प्रण की जीत है। वहीं उप मुख्यमंत्री  साव ने पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में भाजपा-एनडीए को मिली जीत पर बधाई दी। विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में पुडुचेरी विकास के नए आयाम स्थापित करेगा। लखीमपुर लोकसभा प्रभार के इन भाजपा प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत उप मुख्यमंत्री  साव को भाजपा केंद्रीय नेतृत्व ने असम के लखीमपुर लोकसभा क्षेत्र का प्रभार दिया था, इसमें भाजपा के सभी आठों प्रत्याशी ने प्रचंड मतों से जीत दर्ज की है। धेमाजी विधानसभा में डॉ रनोज पेगू, जोनाई में भुवन पेगु जी, सिसिरबोरगांव में जीवन गोगोई जी, लखीमपुर में मानव डेका जी, ढकुआखाना में नबा कुमार दलई जी, डुम डुमा में रुपेश गोवाला जी, सदिया में बलिन चेतिया जी एवं रोंगोनदी में ऋषिराज हजारिका जी ने भारी मतों से जीत दर्ज की है।