samacharsecretary.com

CM के निर्देश पर अवैध रेत खनन पर बड़ा एक्शन, लगातार कार्रवाई से माफियाओं में हड़कंप

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अवैध रेत खनन और भंडारण के विरुद्ध लगातार हो रही सख्त कार्रवाई केंद्रीय उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने किया रात्रिकालीन औचक निरीक्षण हाईटेक ड्रोन सर्वे से अनुज्ञा के अनुरूप खनन और भंडारण की हो रही है विस्तृत जांच रायपुर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर अवैध रेत खनन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रदेश भर में लगातार अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की जा रही है। जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ खनिज विभाग का मैदानी अमला अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए कड़ी निगरानी कर रहा है।             इसी क्रम में केंद्रीय खनि उड़नदस्ता की संयुक्त टीम द्वारा प्राप्त शिकायतों के आधार पर 21 जून 2026 को रात्रिकालीन खनन क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान जिला एम.सी.बी. की तहसील केल्हारी अंतर्गत दंडाहस्वाही स्थित केवाई नदी, पसौरी, कुटरा तथा हसदेव नदी क्षेत्रों के सघन निरीक्षण में स्वीकृत दो अस्थायी रेत भंडारण अनुज्ञप्ति स्थलों का विस्तृत परीक्षण किया गया। मौके पर उपलब्ध रेत की मात्रा का आकलन हाईटेक ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया। निरीक्षण में भंडारण अनुज्ञा की शर्तों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित रेत भंडारणकर्ताओं को कारण बताओ सूचना जारी कर तीन दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।               मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध खनन गतिविधियों के लिए कोई स्थान नहीं है और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के साथ-साथ खनिज संपदा का नियमानुसार दोहन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अवैध खनन एवं भंडारण में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। खनिज सचिव पी. दयानंद ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य के पहुंच-विहीन एवं संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। इसी उद्देश्य से विभिन्न जिलों में अवैध रेत उत्खनन संभावित क्षेत्रों का चिन्हांकन कर हाईटेक ड्रोन सर्वे के माध्यम से निगरानी की जा रही है, जिससे अवैध रेत खनन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके। उक्त कार्रवाई में केंद्रीय उड़नदस्ता की संयुक्त जांच टीम एवं जिला स्तरीय टीम के अधिकारी उपस्थित रहे।

हरमनप्रीत का वर्ल्ड रिकॉर्ड! 200 T20I मैच खेलने का कारनामा, रोहित-कोहली भी रह गए पीछे

 मैनचेस्टर भारतीय विमेंस टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपने क्रिकेटिंग करियर में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. रविवार (21 जून) को साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले के लिए मैदान पर उतरते ही उन्होंने एक ऐसा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया, जिसे अब तक दुनिया का कोई भी पुरुष या महिला क्रिकेटर हासिल नहीं कर पाया था. हरमनप्रीत 200 T20I (टी20 इंटरनेशनल) मैच खेलने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गई हैं।  विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान हासिल की गई यह उपलब्धि उनके 17 साल लंबे अंतरराष्ट्रीय करियर की गवाही देती है. साल 2009 में इंग्लैंड में आयोजित पहले महिला टी20 विश्व कप के दौरान डेब्यू करने वाली हरमनप्रीत कौर अब भी भारतीय टीम की अगुवाई कर रही हैं और लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही हैं।  दिलचस्प बात यह है कि मेन्स टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड आयरलैंड के पॉल स्टर्लिंग के नाम है, जिन्होंने 163 मुकाबले खेले हैं. भारतीय कप्तान रोहित शर्मा 159 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. विराट कोहली (125 मैच) तो इस लिस्ट में काफी पीछे हैं. वहीं महिला क्रिकेट में हरमनप्रीत अब 200 मैचों के साथ शीर्ष पर पहुंच गई हैं. न्यूजीलैंड की सूजी बेट्स 184 मैचों के साथ दूसरे स्थान पर हैं. इस लिस्ट में डैनी वायट-हॉज (183 मैच) तीसरे और एलिस पेरी (177 मैच) चौथे पायदान पर हैं।  हरमनप्रीत कौर ने अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू 2009 में किया था. तब से लेकर अब तक उन्होंने भारतीय महिला क्रिकेट के विकास में अहम भूमिका निभाई है. उनके नेतृत्व में भारत ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं और महिला क्रिकेट को नई पहचान मिली. खास बात यह भी है कि 2009 में उनके साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाली खिलाड़ियों में अब सिर्फ छह प्लेयर्स ही सक्रिय हैं।  साउथ अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले से पहले भारतीय टीम के गेंदबाजी कोच आविष्कार साल्वी ने भी हरमनप्रीत की जमकर तारीफ की थी. उन्होंने कहा था कि हरमन सिर्फ एक बेहतरीन खिलाड़ी ही नहीं बल्कि दुनिया भर के क्रिकेटरों के लिए प्रेरणा हैं. साल्वी के मुताबिक हरमनप्रीत अपनी मेहनत, अनुशासन और अनुभव से युवा खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करती हैं, जिससे उन्हें अपने करियर में आगे बढ़ने में मदद मिलती है।  साउथ अफ्रीका की स्टार ऑलराउंडर क्लो ट्रायोन ने भी भारतीय कप्तान की इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताया. महिला प्रीमियर लीग (WPL) में हरमनप्रीत के साथ खेलने वाली ट्रायोन ने कहा कि 200 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलना अविश्वसनीय उपलब्धि है और वो दुनिया भर के खिलाड़ियों के लिए रोल मॉडल रही हैं।  टूर्नामेंट की बात करें तो भारतीय टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है. टीम ने अपने शुरुआती दोनों मुकाबलों में पाकिस्तान और नीदरलैंड्स को हराया है. दूसरी ओर साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया से हारने के बाद पाकिस्तान को मात देकर वापसी की है. हालांकि हाल के मुकाबलों में साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी रहा है और उसने भारत के खिलाफ हालिया पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से अपने नाम की थी। 

पंकज त्रिपाठी के परिवार पर हमला! भाई पर धारदार हथियार से वार, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

गोपालगंज  बिहार के गोपालगंज से बड़ी खबर सामने आई. बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी के भाई बिजेंद्र नाथ तिवारी पर धारदार हथियार से हमला किया गया. हमले में बिजेंद्र नाथ तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना AIIMS रेफर कर दिया. इलाके में सनसनी फैल गई।  घटना जिले के माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है. बताया जा रहा है कि पड़ोस के कुछ लोगों ने विवाद के दौरान उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. हमले के बाद इलाके में तनाव का माहौल है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।  बिजेंद्र नाथ तिवारी की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है उन्हें पटना स्थित AIIMS रेफर किया गया है। कुछ मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, पंकज त्रिपाठी के भाई पर माधोपुर थाना क्षेत्र के बेलसंड गांव में यह हमला किया गया है। इस हमले के बाद वहां तनाव का भी माहौल है। कहा जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीम का गठन किया है। यह टीम हमले के आरोपियों की धर-पकड़ के लिए छापेमारी भी कर रही है। मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि बिजेंद्र नाथ तिवारी पर उनके पड़ोस में रहने वाले लोगों ने ही पुरानी रंजिश में हमले की वारदात को अंजाम दिया। हमले के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। बताया जा रहा है कि फिलहाल पुलिस ने आरोपियों की पहचान भी कर ली है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने पंकज त्रिपाठी के परिजनों और घर के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की है। एक मशहूर अभिनेता के भाई पर इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की बात कही जा रही है लेकिन अभी हमले के वजहों को लेकर पुलिसिया तफ्तीश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही इस जानलेवा हमले की असली वजह सामने आ पाएगी। पंकज त्रिपाठी का पैतृक गांव गोपालगंज का बेलसंड है। पंकज त्रिपाठी में कभी-कभी अपने गांव में आते रहते हैं। न्यूज एजेंसी IANS ने एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में अस्पताल के अंदर चिकित्सक बिजेंद्र नाथ तिवारी का इलाज करते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो गोपालगंज के मॉडल अस्पताल का है। अस्पताल में कुछ लोगों की भीड़ भी नजर आ रही है। पटना AIIMS में चल रहा इलाज पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया. आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. फिलहाल घायल बिजेंद्र नाथ तिवारी का पटना AIIMS में इलाज चल रहा है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।   

नितिन नबीन का पंजाब दौरा आज खत्म, लुधियाना में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ करेंगे अहम बैठक

लुधियाना  भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के पंजाब दाैरे का आज अंतिम दिन है। नबीन आज लुधियाना में कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बैठक करेंगे। इससे पहले नबीन ने सब सर्किल कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारी में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।नबीन ने कहा कि पंजाब की जनता ने अब तक कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी सभी को अवसर दिया है अब भाजपा को मौका मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि भाजपा वर्ष 2047 तक भारत के साथ-साथ पंजाब को भी विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए विस्तृत रोडमैप तैयार किया जा चुका है और पंजाब के खोए गौरव और प्रतिष्ठा को वापस लाया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार गुरुओं और सिख मर्यादाओं का अपमान कर रही है। नबीन ने कहा कि यह सरकार पंजाब के लिए अभिशाप बन चुकी है और अब इसे बदलने का समय आ गया है। उन्होंने दावा किया कि 2027 के बाद राज्य में डबल इंजन की सरकार बनेगी जो विकास की नई गाथा लिखेगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिल में पंजाब बसता है और पंजाब के लोगों का भरोसा भी मोदी पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और हर घर तक पहुंच बनाने का मंत्र दिया। साथ ही उन्होंने मौजूदा सरकार की नाकामियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। नबीन ने कहा कि वर्ष 1984 में पार्टी के केवल दो सांसद थे जबकि आज 12 वर्षों से केंद्र में भाजपा की सरकार है। इसी तरह पंजाब में भी बदलाव तय है और जनता अब परिवर्तन के मूड में है। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब में महाराजा रणजीत सिंह जैसे सुशासन का मॉडल लागू करना चाहती है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार से पंजाब को 1.87 लाख करोड़ रुपये मिले लेकिन उसका सही उपयोग नहीं हुआ। राज्य पर चार लाख करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज चढ़ गया है। उन्होंने कहा कि हर पैसे का हिसाब लिया जाएगा क्योंकि यह जनता का धन है। लुधियाना पहुंचने पर जालंधर बाईपास चौक में उनका भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने पार्टी के जिला कार्यालय का उद्घाटन किया और उद्योगपतियों से संवाद कर पंजाब में औद्योगिक विकास को नई रफ्तार देने का भरोसा दिलाया।

बिग बॉस के अंदर क्या होता है? दिव्या अग्रवाल ने इंटीमेसी और कैमरों को लेकर किया बड़ा खुलासा

मुंबई  'बिग बॉस' का घर हमेशा से ही अपने विवादों, लड़ाइयों और अनसुने रहस्यों के लिए दर्शकों के बीच चर्चा का विषय रहा है. हर कोई यह जानने के लिए उत्सुक रहता है कि आखिर चौबीसों घंटे कैमरों की निगरानी में रहने वाले इस घर के अंदर असल में क्या-क्या होता है. अब इस रियलिटी शो से जुड़े कुछ ऐसे ही चौंकाने वाले और दिलचस्प राज खोले हैं 'बिग बॉस OTT' के पहले सीजन की विनर दिव्या अग्रवाल ने।  हाल ही में 'Shaardulogy' के पॉडकास्ट में शामिल हुईं दिव्या ने शो को लेकर फैली अफवाहों से लेकर घर के अंदर मिलने वाली शराब, सिगरेट और कंटेस्टेंट्स की पर्सनल लाइफ से जुड़े कई बड़े और हैरान करने वाले खुलासे किए हैं. दिव्या ने बेहद बेबाकी से उन सवालों के जवाब दिए हैं, जो अक्सर लोग शो के खत्म होने के बाद कंटेस्टेंट्स से पूछते हैं।  केचअप और कॉफी जैसी चीजें हैं लग्जरी पॉडकास्ट के दौरान दिव्या ने घर के अंदर के राशन और खाने-पीने के कड़े नियमों पर बात की. उन्होंने बताया कि बिग बॉस के घर में कॉफी और टोमैटो केचअप जैसी मामूली चीजें भी एक बड़ा लग्जरी आइटम होती हैं, जो आसानी से कंटेस्टेंट्स को नहीं मिलतीं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि केचअप न मिलने पर वो खुद ही जुगाड़ से थोड़ा-बहुत बना लेती थीं. हालांकि, राशन पर इतनी पाबंदी के बावजूद सिगरेट को लेकर मेकर्स काफी नरम रहते हैं।  दिव्या के मुताबिक, सिगरेट कोई लग्जरी आइटम नहीं है, वो कंटेस्टेंट्स को लगातार मिलती रहती है. यहां तक कि सुबह-सुबह कंटेस्टेंट्स से बकायदा पूछा जाता है कि उन्हें कौन से ब्रांड की सिगरेट चाहिए और उनकी पसंद का ब्रांड उन्हें अंदर पहुंचा दिया जाता है।  क्या घर के अंदर सच में मिलती है शराब? शो से बाहर आने के बाद दर्शकों के मन में सबसे बड़ा सवाल यह रहता है कि क्या वीकेंड का वार या पार्टियों में कंटेस्टेंट्स को शराब परोसी जाती है? दिव्या ने इस राज से भी पर्दा उठाया और साफ किया कि लोगों को लगता है कि अंदर दारू मिलती होगी, लेकिन असलियत यह है कि बिग बॉस के घर के अंदर किसी को भी शराब या अल्कोहल नहीं दिया जाता. यह महज एक अफवाह है और लोग शो से निकलने के बाद उनसे यह सवाल सबसे ज्यादा पूछते हैं।  बाथरूम में होता है 'बहुत कुछ'  बातचीत के दौरान जब घर के अंदर की प्राइवेसी और कंटेस्टेंट्स के बीच के रिश्तों पर बात हुई, तो दिव्या ने बेहद हैरान करने वाली बात कही. उनसे पूछा गया कि क्या लोग यह भी पूछते हैं कि अंदर सेक्स होता है क्या? इस पर दिव्या ने हंसते हुए हामी भरी और एक बड़ा इशारा करते हुए कहा कि कैमरे के सामने भले ही कुछ न दिखे, लेकिन अंदर बहुत कुछ होता है।  इस बात को आगे बढ़ाते हुए शार्दूल पंडित ने कहा, 'होता तो बहुत कुछ है लेकिन बाथरूम के अंदर'. इसके अलावा दिव्या ने हंसते हुए यह भी बताया कि लोग उनसे इतने अजीब सवाल पूछते हैं कि एक बार तो किसी ने उनसे यह तक पूछ लिया था कि क्या घर के अंदर वैक्सिंग करने वाली लड़कियां आती हैं? जबकि ऐसा कुछ नहीं होता।   

महिला टी20 वर्ल्ड कप: सेमीफाइनल की राह में भारत के सामने ऑस्ट्रेलिया की बड़ी चुनौती

नई दिल्ली महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की शुरुआत किसी सपने जैसी हुई थी. पहले पाकिस्तान और फिर नीदरलैंड्स को हराकर हरमनप्रीत कौर की टीम ने सेमीफाइनल की तरफ मजबूत कदम बढ़ा दिए थे… लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मिली छह विकेट की हार ने पूरे समीकरण को उलट-पुलट कर दिया है. अब हालात ऐसे हैं कि ग्रुप-ए में भारत, दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया में से कोई भी टीम बाहर हो सकती है. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हार सिर्फ दो अंक गंवाने की कहानी नहीं थी, बल्कि इसने भारत की सेमीफाइनल की राह को मुश्किल बना दिया है. अब टीम इंडिया के लिए हर रन और हर विकेट की कीमत बढ़ गई है, क्योंकि टूर्नामेंट का फैसला नेट रन रेट तक पहुंच सकता है. भारत के सामने क्या है रास्ता? भारत ने तीन मैचों में दो जीत के साथ चार अंक जुटाए हैं और उसका नेट रन रेट +2.511 है, जो फिलहाल काफी मजबूत स्थिति में है. टीम को अभी बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया से भिड़ना है. कागज पर बांग्लादेश के खिलाफ भारत को फेवरेट माना जा रहा है. अगर टीम इंडिया यह मैच जीत लेती है तो उसके छह अंक हो जाएंगे. लेकिन असली परीक्षा 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगी. अगर भारत ऑस्ट्रेलिया को हरा देता है, तो सेमीफाइनल का टिकट लगभग पक्का हो जाएगा. लेकिन अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिलती है और दक्षिण अफ्रीका भी अपने बाकी दोनों मुकाबले जीत जाता है, तो भारत के लिए खतरे की घंटी बज सकती है. ऐसे में तीनों बड़ी टीमें आठ-आठ अंकों पर पहुंच सकती हैं और फैसला नेट रन रेट करेगा. अब गलती की कोई गुंजाइश नहीं दक्षिण अफ्रीका से हार के बाद भारत के लिए समीकरण काफी साफ है- अगले दोनों मैच जीत लो और किसी गणित की जरूरत नहीं पड़ेगी. खासकर बांग्लादेश के खिलाफ बड़ी जीत भारत के नेट रन रेट को और मजबूत कर सकती है, जो आगे चलकर जीवनदान साबित हो सकता है. हरमनप्रीत कौर की टीम के लिए अब सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत भी महत्वपूर्ण हो गई है. दक्षिण अफ्रीका की उम्मीदें भी जिंदा लॉरा वोलवार्ट  की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम ने टूर्नामेंट की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया से हार के साथ की थी, जिससे उसका नेट रन रेट बुरी तरह प्रभावित हुआ. फिलहाल उसका नेट रन रेट -0.546 है. हालांकि भारत पर जीत ने उसकी उम्मीदों को नई जान दे दी है. दक्षिण अफ्रीका के सामने अब नीदरलैंड्स और बांग्लादेश जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीमें हैं. अगर वह दोनों मुकाबले जीत लेता है, तो आठ अंकों तक पहुंच सकता है. लेकिन उसके लिए सिर्फ जीत काफी नहीं होगी, बड़े अंतर की जीत भी जरूरी होगी ताकि नेट रन रेट सुधर सके. ऑस्ट्रेलिया सबसे मजबूत स्थिति में ग्रुप-ए में सबसे आरामदायक स्थिति ऑस्ट्रेलिया की है. टीम लगातार तीन जीत के साथ छह अंक जुटा चुकी है और उसका नेट रन रेट +4.391 है. यही वजह है कि कंगारू टीम फिलहाल सेमीफाइनल की सबसे बड़ी दावेदार नजर आ रही है. हालांकि अगर ऑस्ट्रेलिया अपने आखिरी दो मैचों में लड़खड़ा जाती है, तो समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं. ऐसे में 28 जून को भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला मुकाबला ग्रुप-ए का 'वर्चुअल क्वार्टर फाइनल' बन सकता है. सेमीफाइनल की चाबी किसके हाथ? फिलहाल तस्वीर साफ है- भारत की किस्मत अभी भी उसके अपने हाथ में है. लेकिन दक्षिण अफ्रीका से मिली हार ने सुरक्षा कवच छीन लिया है. अब हरमनप्रीत एंड कंपनी को सिर्फ जीत नहीं, दमदार जीत चाहिए. 28 जून को भारत और ऑस्ट्रेलिया की भिड़ंत सिर्फ एक लीग मैच नहीं होगी. यह मुकाबला तय कर सकता है कि महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत का सपना आगे बढ़ेगा या यहीं थम जाएगा. फिलहाल करोड़ों भारतीय फैन्स की नजरें उसी मैच पर टिक गई हैं.

मुंबई में मॉनसून का कहर! अंधेरी सबवे पानी में डूबा, सड़कों पर जलभराव; IMD ने दी चेतावनी

 मुंबई महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने दस्तक दे दी है. सोमवार सुबह से जारी बारिश के बीच कई इलाकों में जलभराव की खबरें सामने आ रही हैं. अंधेरी सबवे में पानी भर गया है. वहीं, कई सड़कों पर भी पानी ही पानी दिखाई दे रहा है।  भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 22 जून को शहर में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के मुताबिक, बीते दिन यानी रविवार को शहर के कई इलाकों में सीजन की पहली अच्छी बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग ने आज भी आंधी-बारिश की चेतावनी दी है।    मौसम विभाग के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में मॉनसून दक्षिण कोंकण तक पहुंच गया था, लेकिन पिछले कुछ दिनों से मॉनसून सोलापुर के पास रुका हुआ था. महाराष्ट्र में एक बार फिर मॉनसून एक्टिव हुआ है लेकिन रफ्तार अभी धीमी है. बता दें कि मुंबई में हर साल मॉनसून में मूसलाधार बारिश होती है लेकिन इस बार मॉनसून ने अभी तक अच्छी रफ्तार नहीं पकड़ी है।    IMD के अनुसार, मुंबई और आसपास के इलाकों में आज पूरे दिन बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी. कुछ जगहों पर गरज और बिजली चमकने के भी आसार हैं. मौसम विभाग ने मुंबई में आज येलो अलर्ट जारी किया है, जिसका मतलब है कि मौसम खराब रह सकता है, लेकिन बहुत ज्यादा खतरा नहीं है।  मौसम विभाग के अनुसार, मुंबई के ऊपर कुछ बादल छाए हुए हैं. हालांकि, महाराष्ट्र के बाकी हिस्सों में अभी मॉनसून की अच्छी बारिश नहीं हुई है. मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में ही बारिश की गतिविधियां देखी जा रही हैं।  मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मॉनसून की शुरुआत इस बार थोड़ी देरी से हुई है. लेकिन अब हवाओं में नमी बढ़ने से बारिश शुरू हो गई है. मुंबई के आसमान में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. जबकि कई इलाकों में हल्की बारिश भी हो रही है. वहीं, कुछ जगहों पर तेज हवाएं चल रही हैं।  इस बीच मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने अलर्ट है. मॉनसून की बारिश के दौरान निचले इलाकों में पानी भरने की समस्या से निपटने के लिए पंपिंग मशीनें चेक की जा रही हैं. ट्रैफिक पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है ताकि लोगों को बारिश से होने वाले ट्रैफिक जाम से ना जूझना पड़े।  मॉनसून की बारिश किसानों के लिए अच्छी खबर है. महाराष्ट्र के कई जिलों में खरीफ फसलों की बुवाई शुरू हो सकेगी. मौसम विभाग ने जानकारी दी कि अगले कुछ दिनों में मॉनसून और मजबूत हो सकता है. पूरे महाराष्ट्र में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। 

सलाह ने पलट दी बाजी! न्यूजीलैंड को 3-1 से हराकर मिस्र ने वर्ल्ड कप में खोला जीत का खाता

 वैंकूवर फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सोमवार (22 जून) को आयोजित ग्रुप-जी के एक अहम मुकाबले में मिस्र ने न्यूजीलैंड को 3-1 से हराया. फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में मिस्र की ये पहली जीत रही. एक समय मुकाबले में पिछड़ रही मिस्र की टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी की और स्टार स्ट्राइकर मोहम्मद सलाह की अगुवाई में मैच का रुख पूरी तरह पलट दिया. कप्तान मोहम्मद सलाह एक गोल और एक असिस्ट के साथ इस जीत के हीरो रहे।  वैंकूवर के बीसी प्लेस स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले की शुरुआत न्यूजीलैंड ने शानदार अंदाज में की. मैच के शुरुआती मिनटों में ऑल व्हाइट्स ने लगातार मिस्र के डिफेंस पर दबाव बनाया. सातवें मिनट में सरप्रीत सिंह गोल करने के करीब पहुंचे, लेकिन उनका प्रयास निशाने से चूक गया. इसके कुछ देर बाद एलिजाह जस्ट के शानदार मूव को मिस्र के गोलकीपर मोस्तफा शोबेर ने बेहतरीन बचाव कर विफल कर दिया।  न्यूजीलैंड की मेहनत आखिरकार रंग लाई और 16वें मिनट में टीम को बढ़त मिल गई. टिम पायने के कॉर्नर पर डिफेंडर फिन सुरमन ने ऊंची छलांग लगाकर शानदार हेडर लगाया और गेंद को जाल में पहुंचा दिया. शुरुआती बढ़त के बाद न्यूजीलैंड का आत्मविश्वास और बढ़ गया, जबकि मिस्र की टीम लय हासिल करने के लिए संघर्ष करती दिखी।  हालांकि पहले हाफ के अंत तक मिस्र ने वापसी के संकेत दे दिए थे. उमर मरमौश ने दूर से जोरदार शॉट लगाया, जिसे गोलकीपर मैक्स क्रोकॉम्ब ने मुश्किल से रोका. वहीं मोहम्मद सलाह की फ्री-किक भी मामूली अंतर से गोलपोस्ट के बाहर निकल गई. दूसरे हाफ में कहानी पूरी तरह बदल गई. 58वें मिनट में मोहम्मद हानी के सटीक क्रॉस पर मोस्तफा जिको ने शानदार हेडर लगाकर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया. इस गोल के बाद मिस्र का आत्मविश्वास चरम पर पहुंच गया और टीम ने लगातार आक्रमण जारी रखा।  सिर्फ नौ मिनट बाद मिस्र ने मुकाबले में बढ़त भी हासिल कर ली. मोस्तफा जिको और मोहम्मद सलाह के बीच बेहतरीन तालमेल देखने को मिला. जिको के पास को सलाह ने शानदार तरीके से गोल में बदल दिया और मिस्र को 2-1 की बढ़त दिला दी. यह गोल मैच का निर्णायक मोड़ साबित हुआ।  न्यूजीलैंड के पास वापसी का मौका था, लेकिन मिस्र के डिफेंडर्स और गोलकीपर मोस्तफा शोबेर ने कोई गलती नहीं की. इसके बाद 82वें मिनट में सलाह ने एक और कमाल किया. उनके कॉर्नर पर सब्स्टीट्यूट प्लेयर ट्रेजेगेट ने जोरदार हेडर लगाकर गोल दाग दिया और न्यूजीलैंड की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया।  न्यूजीलैंड के लिए स्थिति बेहद कठिन हो गई है. इस हार के बाद उसकी किस्मत अब अंतिम ग्रुप मैच पर टिकी है. अगर उसे अगले दौर में पहुंचने की उम्मीद जिंदा रखनी है, तो बेल्जियम के खिलाफ जीत दर्ज करनी ही होगी. न्यूजीलैंड के सिर्फ 1 अंक हैं और वो अपने ग्रुप में फिलहाल चौथे नंबर पर है। 

लेबनान मुद्दे पर अमेरिका-ईरान में बढ़ा टकराव, 80 मिनट की बैठक के बाद बातचीत पर लगा ब्रेक

वाशिंगटन महीनों से मिडिल ईस्ट में तनाव जारी है. संघर्ष को समाप्त करने के लिए स्विट्जरलैंड में अमेरिका और ईरान के बीच रविवार को पहले दौर की बैठक हुई. हालांकि, ये बैठक तनावपूर्ण रहा. लेबनान को लेकर दोनों देश के बीच मतभेद खुलकर दिखे. साथ ही साथ अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान की वजह से बातचीत बिगड़ते हुए नजर आई।  अमेरिका की ओर से बातचीत करने के लिए अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस मौजूद थे. वहीं ईरान की ओर से संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर ग़ालिबफ़ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची शामिल हुए।  स्विट्जरलैंड में आयोजित हुई ये बैठक हाल ही में अमेरिका और ईरान के बीच हुए अंतरिम समझौते के बाद आयोजित की गई थी. इस बैठक का उद्देश्य साफ था कि दोनों देश सभी मुद्दों पर चर्चा करें और चार महीने से जारी संघर्ष को समाप्त करने की दिशा में आगे बढ़ें।  बैठक शुरू होने के पहले ईरान के प्रतिनिधिमंडल ने कतर और पाकिस्तान के मध्यस्थों से अलग-अलग बैठक की. इसके बाद ईरान ने साफ कर दिया है कि अमेरिका से बातचीत की प्रगति इस बात पर निर्भर करता है कि वह समझौते की शर्तों को ज़मीन पर कितना लागू करता है और लेबनान में इजरायली सैन्य कार्रवाई पर कितना विराम लगाता है।  ईरान ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि उसने अब तक समझौते की पहली शर्त यानि सभी मोर्चों पर सीजफायर लागू करने में सफल नहीं हुआ है. ईरान का कहना है कि इसका प्रमाण लेबनान में देखा जा सकता है. वहां अभी भी इजरायल की ओर से सैन्य कार्रवाई जारी है।  अमेरिका और ईरान के बीच क़रीब 80 मिनट तक बैठक चली. जिसमें प्रतिबंधों में राहत और ईरान की फ्रीज संपत्तियों को रिलीज कराने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।  वार्ता के दौरान तनाव तब बढ़ गया था जब डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए ईरान को धमकी दी कि वह लेबनान में अपने सहयोगी समूहों को नियंत्रित करे. इससे ईरान भड़क उठा और ईरानी प्रतिनिधिमंडल कुछ देर के लिए बैठक छोड़ दी. हालांकि, बाद में ग़ालिबफ़ ने कहा कि अमेरिका को अपने बयानों में सावधानी बरतने की ज़रूरत है. ईरान की सेना किसी भी स्थिति में जवाब देने के लिए तैयार है।  वहीं, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कूटनीतिक प्रक्रिया में ऐसी घटनाएं सामान्य है. कठिन वार्ताओं में उतार-चढ़ाव आते रहते हैं और बातचीत प्रगति करते रहती है।  उन्होंने ये भी कहा कि डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी प्रतिनिधिमंडल को ईरान के साथ रिश्ते सुधारने के लिए नए दृष्टिकोण से आगे बढ़ने के निर्देश दिए हैं।  इस तनाव का असर साफ देखने को मिला. ईरानी प्रतिनिधिमंडल ने प्रस्तावित प्रतीकात्मक हैंडशेक और संयुक्त तस्वीर से साफ इनकार कर दिया।  दूसरी ओर इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने संकेत दिया कि दक्षिणी लेबनान में इजराइली सैन्य मौजूदगी फिलहाल जारी रहेगी. नेतन्याहू का कहना है कि इज़रायल अपनी सुरक्षा के लिए जो क्षेत्र बनाया है उसे जरूरत पड़ने तक बनाए रखेगा. इजरायल एक खुद्दार देश है. हर बात पर सहमति होना जरूरी नहीं है. डोनाल्ड ट्रंप हर कुछ नहीं करते, जो हम चाहते हैं. और न ही मैं हर कुछ करता हूं जो वो चाहते हैं।  ईरान-अमेरिका वार्ता में गतिरोध से कच्चे तेल के दाम में बढ़ोतरी हुई है. ब्रेंट क्रूड 81 डॉलर के पार पहुंच गई है. $1 से ज्यादा ब्रेंट क्रूड महंगा हुआ है।   

होर्मुज संकट के बीच भारत की ऊर्जा रणनीति बदली, वैकल्पिक स्रोतों पर जोर

नई दिल्ली  ईरान और अमेरिका के बीच एमओयू साइन होने के बाद स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में जहाजों की आवाजाही सामान्य होने तक भारत ने जून में रूस और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से कच्चे तेल की खरीद बढ़ा दी है. भारतीय रिफाइनरियों ने खाड़ी क्षेत्र से आपूर्ति पूरी तरह बहाल होने से पहले अपना 'ऑयल स्टोरेज' सुरक्षित करने की रणनीति अपनाई. मैरीटाइम और कमोडिटी इंटेलिजेंस फर्म क्लेपेर (Kpler) के आंकड़ों के मुताबिक, जून में 19 तारीख तक भारत ने रूस से औसतन 26.6 लाख बैरल प्रतिदिन कच्चे तेल का आयात किया, जबकि मई में यह 19.1 लाख बैरल प्रतिदिन था. इसके साथ ही रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बना हुआ है. संयुक्त अरब अमीरात से आयात जून में 6.36 लाख बैरल प्रतिदिन रहा, जो मई के रिकॉर्ड 6.44 लाख बैरल प्रतिदिन से थोड़ा कम है. वहीं, वेनेजुएला 2.09 लाख बैरल प्रतिदिन की आपूर्ति के साथ भारत का चौथा सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा. सऊदी अरब की आपूर्ति 3.84 लाख बैरल प्रतिदिन रही. भारत ने 60% तक घटाई अमेरिकी तेल खरीद दूसरी ओर, अमेरिका से तेल आयात घटकर केवल 91 हजार बैरल प्रतिदिन रह गया, जबकि मई में यह 2.52 लाख बैरल प्रतिदिन था. रूस से रियायती दरों पर मिलने वाला तेल भारत के लिए फायदे का सौदा बना हुआ है, जबकि संयुक्त अरब अमीरात से बढ़ी खरीद ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अनिश्चितता के बीच आपूर्ति संतुलित करने में मदद की. भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा ऊर्जा आयातक देश है और कच्चे तेल, एलएनजी (LNG), एलपीजी (LPG) के लिए खाड़ी देशों पर काफी हद तक निर्भर है. अमेरिका और इजरायल के हमलों के बाद ईरान ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को बंद कर दिया था, जिससे वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति प्रभावित हुई. होर्मुज दुनिया की लगभग 20 प्रतिशत तेल खपत के परिवहन का प्रमुख समुद्री मार्ग है और सऊदी अरब, इराक, कुवैत, संयुक्त अरब अमीरात और कतर जैसे खाड़ी देशों के निर्यात के लिए बेहद अहम माना जाता है. हालांकि, अमेरिका और ईरान के बीच युद्धविराम समझौते के बाद पिछले सप्ताह के अंत से होर्मुज के जरिए तेल आपूर्ति धीरे-धीरे बहाल होने लगी है. होर्मुज के खुलने को लेकर अनिश्चितता बरकरार फिर भी, ईरान द्वारा इजरायल पर युद्धविराम समझौते के उल्लंघन का आरोप लगाने के बाद स्थिति को अब भी नाजुक माना जा रहा है. लेबनान पर इजरायल के ताजा हमलों के बाद ईरानी सेना ने शनिवार को फिर से होर्मुज बंद करने की घोषणा की. इस तरह यह समुद्री मार्ग जहाजों की आवाजाही के लिहाज से अब भी पूरी तरह खुल नहीं सका है. क्लेपेर में मॉडलिंग के सीनियर मैनेजर सुमित रितोलिया ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज खुलने से भारत को सबसे तेज राहत एलपीजी आपूर्ति में मिलेगी, जबकि कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति सामान्य होने में अधिक समय लग सकता है. उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों के व्यवधान के दौरान भारत ने तेल और गैस आपूर्ति के वैकल्पिक स्रोतों और अन्य समुद्री मार्गों का इस्तेमाल कर स्थिति के अनुसार खुद को ढाल लिया है. रितोलिया के अनुसार, 'स्ट्रेट ऑफ होर्मुज का फिर से खुलना वैश्विक ऊर्जा बाजार के लिए बड़ा मील का पत्थर होगा, लेकिन भारत पर इसका असर अलग-अलग ईंधनों पर अलग तरीके से पड़ेगा.' उन्होंने कहा कि एलपीजी सबसे ज्यादा प्रभावित ईंधन रहा, जबकि कच्चे तेल और एलएनजी की आपूर्ति अपेक्षाकृत स्थिर बनी रही. क्योंकि भारत ने रूस, ब्राजील और वेनेजुएला जैसे वैकल्पिक स्रोतों से आयात बढ़ा दिया था. भारत ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर निर्भर सुमित रितोलिया का अनुमान है कि जुलाई की शुरुआत से धीरे-धीरे सामान्य स्थिति बनने पर सबसे पहले फंसे हुए कार्गो को निकाला जाएगा और शिपिंग गतिविधियां बहाल की जाएंगी. इसके बाद खाड़ी देशों का निर्यात धीरे-धीरे बढ़ेगा. भारत अपनी जरूरत का लगभग 88 प्रतिशत कच्चा तेल, 50 प्रतिशत नेचुरल गैस और लगभग 65 प्रतिशत एलपीजी आयात करता है. ईरान युद्ध से पहले भारत के लगभग आधे कच्चे तेल, दो-तिहाई एलएनजी और करीब 90 प्रतिशत एलपीजी की आपूर्ति खाड़ी देशों से होती थी. हाल के दिनों में होर्मुज में भारत के लिए स्थिति सामान्य होने के संकेत भी मिले हैं. भारत के झंडे वाले तीन तेल टैंकर, जिनमें 8.6 लाख टन से अधिक कच्चा तेल था, और एक भारतीय एलएनजी जहाज ने अमेरिका-ईरान समझौते के बाद सफलतापूर्वक स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया है. रितोलिया ने कहा कि रूस का कच्चा तेल अब भी भारत की आयात रणनीति का प्रमुख आधार बना हुआ है. जून में रूस से आयात 23.5 लाख बैरल प्रतिदिन से अधिक रहने का अनुमान है और यह नया रिकॉर्ड बना सकता है. उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी कीमतों और आपूर्ति सुरक्षा के कारण होर्मुज सामान्य होने के बाद भी रूस भारत के लिए अहम आपूर्तिकर्ता बना रहेगा. भारत ने वेनेजुएला से भी तेल की खरीद बढ़ाई भारतीय रिफाइनरियों ने मार्च के बाद से अटलांटिक बेसिन और वेनेजुएला से भी खरीद बढ़ाई है ताकि खाड़ी क्षेत्र की सीमित आपूर्ति की भरपाई की जा सके. जून में वेनेजुएला से आयात 3 से 4 लाख बैरल प्रतिदिन रहने का अनुमान है, हालांकि अमेरिकी प्रतिबंधों और उत्पादन सीमाओं के कारण दीर्घकालिक स्थिति को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. सबसे बड़ा बदलाव एलपीजी क्षेत्र में देखा गया है. खाड़ी आपूर्ति बाधित होने के बाद अमेरिका भारत के लिए बड़ा एलपीजी आपूर्तिकर्ता बनकर उभरा है. पिछले साल हुए दीर्घकालिक समझौते ने इसमें मदद की, हालांकि लंबी दूरी के कारण परिवहन लागत बढ़ गई है. सुमित रितोलिया के अनुसार, होर्मुज सामान्य होने के बाद खाड़ी देशों की बाजार हिस्सेदारी धीरे-धीरे बढ़ेगी, लेकिन भारत की आयात रणनीति पहले की तुलना में अधिक विविध बनी रहेगी. उन्होंने कहा कि होर्मुज के फिर से खुलने से माल ढुलाई लागत कम होगी, आपूर्ति जोखिम घटेंगे और वैश्विक ऊर्जा कीमतों पर दबाव कम होगा. हालांकि, शिपिंग कंपनियों, बीमा कंपनियों और व्यापारियों का भरोसा पूरी तरह लौटने में अभी कई सप्ताह या महीने लग सकते हैं.