samacharsecretary.com

75% समर्थन के साथ PM मोदी ने फिर से मारी बाज़ी—ट्रंप अब पायदान 8 पर

नई दिल्ली अमेरिका की बिजनेस इंटेलिजेंस कंपनी मॉर्निंग कंसल्ट के एक सर्वे के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनिया के नेताओं में 75% अप्रूवल रेटिंग के साथ सबसे लोकप्रिय लोकतांत्रिक नेता हैं। यह डेटा 4 से 10 जुलाई 2025 के बीच सर्वे करके इकट्ठा किया गया। साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग 59% के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 45% से कम अप्रूवल के साथ आठवें स्थान पर हैं। पीएम मोदी ने भारत के प्रधानमंत्री के रूप में 4,078 दिन पूरे कर लिए हैं। वह जवाहरलाल नेहरू के बाद सबसे लंबे समय तक बने रहने वाले प्रधानमंत्री बन गए हैं। मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे का डेटा क्या कहता है? इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक मॉर्निंग कंसल्ट के सर्वे में भाग लेने वाले 75% लोगों ने PM मोदी को एक लोकतांत्रिक विश्व नेता के रूप में पसंद किया। 7% लोग कोई राय नहीं बना पाए, जबकि 18% लोगों ने उन्हें नापसंद किया। इस लिस्ट में दूसरे सबसे लोकप्रिय नेता साउथ कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग हैं। उन्हें 59% लोगों ने पसंद किया। 13% लोगों को उनके बारे में कोई जानकारी नहीं थी, जबकि 29% लोगों ने उन्हें नापसंद किया। म्युंग के लिए दूसरा स्थान हासिल करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अभी एक महीना पहले ही साउथ कोरिया के राष्ट्रपति का पद संभाला है। रेटिंग 4-10 जुलाई तक इकट्ठा किए गए डेटा पर आधारित मॉर्निंग कंसल्ट ने कहा, लेटेस्ट अप्रूवल रेटिंग 4-10 जुलाई, 2025 तक इकट्ठा किए गए डेटा पर आधारित हैं। रेटिंग हर देश में वयस्कों के विचारों का सात दिन का सिंपल मूविंग एवरेज दिखाती हैं। अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई तीसरे स्थान पर हैं। उन्हें 57% वोट मिले। 6% लोगों ने कोई राय नहीं दी और 37% लोगों ने उन्हें नापसंद किया।कनाडा के नए प्रधानमंत्री मार्क कार्नी चौथे स्थान पर हैं। उन्हें 56% वोट मिले। 31% लोगों ने उनके खिलाफ वोट किया, जबकि 13% लोगों ने कोई राय नहीं दी। ऑस्ट्रेलिया के एंथोनी अल्बानीस पांचवें स्थान पर हैं। उन्हें 54% वोट मिले। 35% वोटर उनसे सहमत नहीं थे, जबकि 11% लोगों ने कोई राय नहीं दी। डोनाल्ड ट्रंप आठवें स्थान पर हैं अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप आठवें स्थान पर हैं। उन्हें केवल 44% वोट मिले। हैरानी की बात यह है कि ट्रंप ने पिछले नवंबर में अमेरिका का चुनाव भारी बहुमत से जीता था। लेकिन, उनके व्यापार शुल्क और कुछ अंदरूनी फैसलों से उनकी लोकप्रियता कम हुई है। पोलैंड के डोनाल्ड टस्क नौवें स्थान पर हैं। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी दसवें स्थान पर हैं। इस लिस्ट में पीएम मोदी के बाद दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति ली जे म्युंग 59% अप्रूवल रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर रहे। यह ली जे म्युंग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है क्योंकि दक्षिण कोरिया में सर्वोच्च पद पर आसीन हुए उन्हें अभी सिर्फ एक ही महीना हुआ है। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 45% से भी कम अप्रूवल रेटिंग के साथ 8वें स्थान पर खिसक गए हैं। दुनिया में PM मोदी का बढ़ा कद: एक लोकतांत्रिक वैश्विक नेता मॉर्निंग कंसल्ट सर्वे के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी का कद देश के अंदर और बाहर दोनों जगह और बढ़ गया है। सर्वे में शामिल 75% लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी को एक लोकतांत्रिक वैश्विक नेता के रूप में स्वीकार किया है। इस पर 7% लोग कोई निर्णय नहीं ले पाए जबकि 18% लोगों की राय इससे अलग थी। अन्य प्रमुख नेता: माइली तीसरे, मैक्रों सबसे कम लोकप्रिय     तीसरा स्थान: दक्षिणपंथी माने जाने वाले अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर रहे उनके पक्ष में 57% वोट पड़े। 6% लोगों ने कोई राय नहीं दी और 37% प्रतिभागियों ने उन्हें अस्वीकार कर दिया।     सबसे कम लोकप्रिय: सबसे कम लोकप्रिय नेताओं में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और चेक रिपब्लिक के प्रधानमंत्री पेट्र फिआला शामिल हैं जिन्हें केवल 18% लोगों का समर्थन मिला है जबकि 74% लोग उनसे असंतुष्ट हैं।     इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी 10वें स्थान पर हैं। यह सर्वे रिपोर्ट एक बार फिर दर्शाती है कि वैश्विक स्तर पर प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता लगातार बढ़ रही है।

एयरपोर्ट सुरक्षा में हाई अलर्ट, बम की धमकी को लेकर तीन बार कंट्रोल रूम में कॉल

 मुंबई मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को एक के बाद एक तीन अलग-अलग नंबरों से आए धमकी भरे कॉल ने शुक्रवार को हड़कंप मचा दिया. कॉलर ने दावा किया कि मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बम रखा है और कुछ ही देर में जोरदार धमाका होने वाला है.  इस कॉल के बाद मुंबई पुलिस तुरंत अलर्ट हो गई और एयरपोर्ट पर पुलिस अधिकारियों के साथ बम स्क्वॉड की टीम भी पहुंच गई. घंटों तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद भी कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ. पुलिस अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, अज्ञात कॉलर ने मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 2 पर बम विस्फोट होने की धमकी दी थी. सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस के आला अधिकारी और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गए. एयरपोर्ट के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई, लेकिन पुलिस को कोई भी ऐसी चीज नहीं मिली जिससे बम होने की पुष्टि हो सके. असम-बंगाल सीमा से जुड़े धमकी भरे कॉल के तार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये धमकी भरे कॉल असम और पश्चिम बंगाल सीमा के पास सक्रिय मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके किए गए थे. मुंबई की आज़ाद मैदान पुलिस ने अज्ञात कॉलर के खिलाफ जांच शुरू कर दी है. फिलहाल, पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है ताकि धमकी देने वाले शख्स तक पहुंचा जा सके और उसके इरादों का पता लगाया जा सके.

अनिल अंबानी के ऑफिसों पर लगातार छापेमारी, ED की कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी

मुंबई रिलायंस ग्रुप के चेयरमैन अनिल अंबानी से जुड़े दिल्ली और मुंबई स्थित परिसरों पर पिछले 48 घंटों से ईडी की छापेमारी जारी है. प्रवर्तन निदेशालय ने 3,000 करोड़ रुपये के संदिग्ध लोन धोखाधड़ी और मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अनिल अंबानी के रिलायंस समूह से जुड़ी कंपनियों और अधिकारियों से जुड़े 35 से ज्यादा जगहों परिसरों में तलाशी अभियान शुरू किया है. गुरुवार सुबह 7 बजे से ईडी के अधिकारी अनिल अंबानी के कई ठिकानों पर छापेमारी कर रहे थे. आज भी अनिल अंबानी के ऑफिस रिलायंस में छापेमारी जारी है. रिलायंस पावर और रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर ने एक बयान जारी कर कहा है कि ईडी की छापेमारी समूह की अन्य कंपनियों से जुड़े पुराने मामलों से संबंधित है. उन कंपनियों या जांच के दायरे में आने वाले मामलों से कोई संबंध नहीं है. ये शिकायतें RAAGA कंपनियों द्वारा सार्वजनिक संस्थानों के साथ लोन हेराफेरी, रिश्वतखोरी और धोखाधड़ी के आरोपों से संबंधित हैं. RAAGA कंपनियां रिलायंस अनिल अंबानी समूह की संस्थाओं का संदर्भ देती हैं. सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय आवास बैंक, भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI), राष्ट्रीय वित्तीय रिपोर्टिंग प्राधिकरण (NFRA) और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई एजेंसियों ने जांच में योगदान देने वाली जानकारी साझा की है. अधिकारियों का कहना है कि लोन वितरण से ठीक पहले, यस बैंक के प्रवर्तकों से जुड़ी संस्थाओं को पैसा रिसीव हुआ था. इससे बैंक अधिकारियों और उधार लेने वाली फर्मों के बीच संभावित रिश्वतखोरी और लेन-देन की व्यवस्था के सवाल उठे हैं. ईडी अब यस बैंक के प्रवर्तकों और अनिल अंबानी से जुड़ी कंपनियों के बीच कथित सांठगांठ की जांच कर रहा है.

झालावाड़ में दर्दनाक विदाई: मासूमों का एक ही चिता पर अंतिम संस्कार

जयपुर झालावाड़ के पिपलोदी में शुक्रवार को स्कूल की छत ढहने से जान गंवाने वाले मासूमों के शव आज सुबह एक साथ उठे तो पूरे गांव का कलेजा मुंह को आ गया। सभी की आंखों में आंसू और सवाल थे,जिन बच्चों को बड़ा होकर अपने मां-पिता का सहारा बनना था वे आज अपने परिजनों के कंधों पर जा रहे थे। हादसे के बाद पूरा गांव शोक में डूबा हुआ है। सरकारी सिस्टम की लापरवाही के चलते  शुक्रवार को सरकारी स्कूल की जर्जर बिल्डिंग गिरने से 7 मासूम बच्चों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा बच्चों का अभी भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। गांव में आज शवों का अंतिम संस्कार एक साथ किया जा रहा है। परिजन अपने बच्चों को अंतिम विदाई देने के लिए इकट्ठा हुए हैं। गांव की गलियों में चीखें सुनाई पड़ रही हैं। अंतिम यात्रा में ग्रामीणों के साथ पुलिस के जवान भी शामिल हुए हैं। वहीं सगे भाई-बहन कान्हा और मीना को एक ही अर्थी पर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। आज मनोहरथाना ब्लॉक में सभी स्कूलों की छुट्टी जिला कलेक्टर ने निर्देश जारी करते हुए आज मनोहरथाना ब्लॉक के सभी सरकारी स्कूलों में छुट्टी का ऐलान कर दिया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। गौरतलब है कि कल स्कूल के सभी पांच शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया था।

रायपुर: विधानसभा अध्यक्ष ने कहा – हर जरूरतमंद को मिले गुणवत्तापूर्ण राशन

रायपुर : गरीबों को गुणवत्तापूर्ण राशन मिले यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी : विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह डॉ. रमन सिंह बोले – गरीबों तक अच्छा राशन पहुँचाना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी रायपुर: विधानसभा अध्यक्ष ने कहा – हर जरूरतमंद को मिले गुणवत्तापूर्ण राशन राशन वितरण में गुणवत्ता जरूरी, गरीबों का हक प्राथमिकता: डॉ. रमन सिंह नवनियुक्त अध्यक्ष  संदीप शर्मा का शपथ ग्रहण समारोह  रायपुर छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह आज रायपुर के दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में लगातार संघर्ष करते हुए श्री शर्मा ने संघर्षशील जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी छवि बनाई है। सरकार ने उन्हें पीडीएस के तहत राशन कार्डधारियों  को गुणवत्तापूर्ण प्रतिमाह राशन मिले, इसके निरीक्षण और परीक्षण के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। डॉ. सिंह ने कहा कि गरीबों और प्राथमिकता वाले परिवारों को गुणवत्तायुक्त राशन मिले, यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने नवनियुक्त अध्यक्ष को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी।  खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री दयाल दास बघेल इस मौके पर नवनियुक्त अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा को पदभार ग्रहण की बधाई देते हुए कहा कि अब गरीबों को साफ-सुथरा राशन उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी उन पर है। खाद्य वितरण संबंधी कोई भी शिकायत होती है हितग्राही आयोग के माध्यम से अपनी समस्या का समाधन करा सकेंगे। अब खाद्य विभाग की योजनाओं के क्रियान्वयन को और गति मिलेगी।  खाद्य मंत्री श्री बघेल ने आगे कहा कि राज्य में राशन कार्डधारियों की संख्या 81 लाख से अधिक है। 13 हजार 930 शासकीय उचित मूल्य की दुकानें स्व-सहायता समूहों, ग्राम पंचायतों तथा सहकारी समितियों के माध्यम से संचालित हो रही हैं। गरीबों एवं प्राथमिकता वाले परिवारों को पारदर्शिता के साथ राशन का वितरण सुनिश्चित किया जा रहा है। हाल ही में हमारी सरकार ने प्रदेश के राशन कार्डधारियों को तीन माह का एकमुश्त चावल देने का उल्लेखनीय काम किया है।  मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के मुख्यमंत्रित्व कार्यकाल का स्मरण करते हुए कहा कि उनके समय में छत्तीसगढ़ खाद्यान्न सुरक्षा कानून बना, जिसके तहत प्रदेश के अंतिम छोर के व्यक्तियों तक राशन उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य ने पीडीएस प्रणाली के बेहतर क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई। डॉ. सिंह को चाउर वाले बाबा के नाम से भी जाना जाता है। मंत्री श्री बघेल ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में हमारी सरकार द्वारा बजट में 6500 करोड़ रूपए का प्रावधान किया गया है।  छत्तीसगढ़ राज्य खाद्य आयोग के नवनियुक्त अध्यक्ष श्री संदीप शर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि मुझे सरकार ने गरीबों को गुणवत्तपूर्ण राशन उपलब्ध कराने तथा जांच परीक्षण के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है। मैं पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्य का निर्वाहन करूगा। हर गरीब एवं प्राथमिकता वाले परिवारों को गुणवत्तापूर्ण चावल मिले, यह हर हाल में सुनिश्चित होगा।   खाद्य सचिव श्रीमती रीना बाबा साहेब कंगाले ने इस अवसर पर विभागीय योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में पीडीएस के माध्यम से राज्य के 2 करोड 73 लाख लोग लाभान्वित हो रहे हैं। आधार प्रमाणिकरण के जरिए पारदर्शी तरीके से राशन वितरण व्यवस्था को सृदृढ़ की गई है।  शपथ ग्रहण समारोह में कृषि मंत्री श्री राम विचार नेताम, राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री गौरी शंकर अग्रवाल, विधायक सर्वश्री मोतीलाल साहू, राजेश मूणत, रोहित साहू, डोमन लाल कोर्सेवाड़ा,  संपत अग्रवाल, रिकेश सेन, नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे, छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निनिर्माण कर्मकार मंडल के अध्यक्ष श्री राम प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, लौह शिल्प विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रफुल्ल विश्वकर्मा, श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष श्री योगेश मिश्रा सहित बड़ी संख्या में नागरिकगण उपस्थित थे। 

IRCTC आईडी पर बड़ा अपडेट: रेलवे ने 2.5 करोड़ अकाउंट किए डीएक्टिवेट, बदली गाइडलाइन

नई दिल्ली भारतीय रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग सिस्‍टम में दुरुप्रयोग को रोकने के लिए बड़ा फैसला लिया है. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) के 2.5 करोड़ से ज्‍यादा यूजर्स आईडी डीएक्टिवट हो चुके हैं. संदिग्‍ध बुकिंग पैटर्न और फेक यूजर्स की पहचान के बाद IDs डीएक्टिवेट की गई हैं. संसद में सांसद ए.डी. सिंह के सवाल पर सरकार ने इसकी जानकारी दी गई है. इन अकाउंट के डीएक्टिव होने से पहले तत्‍काल टिकट बुकिंग में कई तरह की समस्‍याएं आ रही थीं. अक्‍सर देखा जा रहा था कि तत्‍काल बुकिंग विंडो खुलने के कुछ ही मिनटों में टिकट गायब हो जाते थे, क्‍योंकि बॉट्स का यूज करके एजेंट सारे टिकट गायब कर देते थे, जिससे आम यात्री टिकट बुक नहीं कर पाता था. हालांकि अब बदलाव के बाद रेलवे यात्रियों को बड़ी राहत मिली है.  सरकार ने क्‍या दी जानकारी?  संसद में सरकार ने बताया कि टिकट बुकिंग सिस्‍टम में गड़बड़‍ियों को रोकने के लिए IRCTC ने हाल ही में 2.5 करोड़ से ज्‍यादा यूजर आईडी डीएक्टिव किए हैं. क्‍योंकि ये यूजर्स आईडी संदिग्‍ध पाए गए थे. सरकार ने बताया कि भारतीय रेलवे ने कंफर्म टिकट बुकिंग और डिजिटल को बढ़ावा देने के लिए कुछ और बदलाव किए हैं.  रेलवे ने  बदले हैं ये नियम     रिजर्व टिकट ऑनलाइन या कंप्यूटरीकृत यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) काउंटरों पर 'पहले आओ पहले पाओ' के आधार पर बुक किए जा सकते हैं.  हालांकि कुल टिकटों का लगभग 89% ऑनलाइन माध्यम से बुक हो रहा है.      PRS काउंटर्स पर डिजिटल माध्यम से भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई गई है.     1 जुलाई 2025 से तत्‍काल योजना के तहत टिकट केवल आधार वेरिफाई यूजर्स द्वारा ही आईआरसीटीसी की वेबसाइट या ऐप के माध्‍यम से बुक किए जा सकते हैं.      एजेंटों को तत्‍काल रिजर्व खुलने के पहले 30 मिनट के दौरान तत्‍काल टिकट बुक करने से रोक दिया गया है.      ट्रेनों की वेटिंग लिस्‍ट का स्‍टेटस की नियमित आधार पर निगरानी की जाती है और अतिरिक्‍त मांग को पूरा करने के लिए, भारतीय रेलवे स्पेशल ट्रेनें चला रहा है.  इमरजेंसी कोटा को लेकर भी बदलाव  सरकार ने इमरजेंसी कोटा को लेकर भी बदलाव किया है. पहले इमरजेंसी कोटा के तहत टिकट बुकिंग करने के लिए यात्रा वाले दिन ही आवेदन किया जा सकता था, लेकिन अब 1 दिन पहले इमरजेंसी कोटा के लिए अप्‍लाई करना होगा. यह कोटा सांसद, उच्‍च अधिकारी, मेडिकल इमरजेंसी और सीनियर सिटीजन के लिए होता है. 

छात्रा की संदिग्ध मौत पर बवाल: कॉलेज प्रशासन के खिलाफ छात्रों का विरोध तेज

उदयपुर उदयपुर के पैसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल परिसर में संचालित डेंटल कॉलेज की एक छात्रा ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिसर में सनसनी फैल गई और गुस्साए स्टूडेंट्स ने हंगामा कर दिया। मामले में लगाए आरोपों के बाद कॉलेज स्टाफ के दो सदस्यों को हटा दिया गया है। मृतका जम्मू कश्मीर की निवासी थी और अंतिम वर्ष की छात्रा थी। जानकारी के अनुसार मृतका छात्रा श्वेता सिंह (25) ने अपने हॉस्टल के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। इसकी जानकारी रात करीब 11 बजे उसकी रूममेट के पहुंचने पर हुई। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों  ने उसे मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या से पूर्व छात्रा श्वेता सिंह ने सुसाइड नोट छोड़े हैं, जिसमें कॉलेज के स्टाफ पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों की जानकारी के बाद कॉलेज के अन्य स्टूडेंट्स गुस्सा हो गए और कॉलेज का मेन गेट बंद कर धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची और उन्होंने छात्रों से समझाइश की। बताया जा रहा है कि मृतका ने सुसाइड नोट में कॉलेज स्टाफ सदस्य नैनी मैडम और भगवत पर टॉर्चर करने के आरोप लगाए हैं। इसमें समय पर परीक्षा नहीं करवाने, मनमर्जी से अंक देने, अकारण अनुत्तीर्ण करने और जबरन पैसा वसूली के आरोप हैं। आरोपी स्टाफ हटाया इधर स्टाफ पर लगाए गए आरोपों की जानकारी के बाद संस्था के अध्यक्ष राहुल अग्रवाल मौके पर पहुंचे और धरने पर बैठे छात्रों की समस्याओं को सुना। इस दौरान उन्होंने कालेज के प्रिंसिपल को भी जमकर फटकार लगाई। अध्यक्ष के सामने भी छात्रों ने समय पर परीक्षा नहीं करवाने, अकारण अनुपस्थिति दर्ज कर दबाव बनाने आरोप लगाए। अंततः दोनों आरोपी स्टाफ सदस्यों को हटाने के बाद छात्रों का गुस्सा शांत हुआ।

जो रूट का शानदार शतक, इंग्लैंड ने मैनचेस्टर में बनाए 544 रन पर 7 विकेट

मैनचेस्टर   भारत-इंग्लैंड के बीच एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 का चौथा मुकाबला मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान पर जारी है. इस मुकाबले में तीसरे दिन (25 जुलाई) का खेल समाप्त हो चुका है. तीसरे दिन स्टम्प तक इंग्लैंड की टीम ने अपनी पहली पारी में 544 रन बनाए और उसके 7 विकेट गिरे हैं. बेन स्टोक्स 77 और लियाम डॉसन 21 रन बनाकर नॉटआउट हैं. इंग्लैंड की लीड अब 186 रनों की हो चुकी है. मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 358 रन बनाए थे. इंग्लिश टीम पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में 2-1 से आगे है. ऐसे में शुभमन गिल की अगुवाई वाली भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला 'करो या मरो' बन चुका है. अगर भारतीय टीम यह मुकाबला हार जाती है तो इंग्लैंड सीरीज अपने नाम कर लेगा. इंग्लैंड की पहली पारी में बेन डकेट और जैक क्राउली ने मिलकर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 166 रनों की पार्टनरशिप हुई. बेन डकेट ने 100 गेंदों पर 94 रन बनाए, जिसमें 13 चौके शामिल रहे. वहीं जैक क्राउली ने 84 रनों का योगदान दिया, जिसमें 13 चौके के आलावा एक सिक्स शामिल रहा. रवींद्र जडेजा ने जैक क्राउली को चलता किया, वहीं अंशुल कम्बोज ने डकेट का विकेट लिया. तीसरे दिन के खेल में भारतीय गेंदबाजों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन पहला सेशन उसके लिए काफी खराब रहा. पहले सेशन में भारतीय गेंदबाज एक भी विकेट नहीं ले पाए. इस दौरान जो रूट और ओली पोप ने भारतीय टीम को कोई मौका ही नहीं दिया. रूट ने जहां 6 चौके की मदद से 99 गेंदों पर अपना अर्धशतक पूरा किया, वहीं पोप ने 50 रनों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए 93 गेंदें लीं और 6 चौके लगाए. लंच के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने बैक टू बैक दो विकेट झटके. सुंदर ने सबसे पहले ओली पोप को आउट किया, जिन्होंने 71 रन बनाए. पोप और जो रूट के बीच तीसरे विकेट के लिए 144 रनों की पार्टनरशिप हुई. फिर सुंदर ने हैरी ब्रूक को 3 रनों के निजी स्कोर पर स्टम्प आउट कराया. यहां से जो रूट और बेन स्टोक्स ने पारी को आगे बढ़ाया और शतकीय पार्टनरशिप की है.  रूट ने 178 गेंदों पर शतक पूरा किया. 34 वर्षीय रूट के टेस्ट करियर का ये 38वां और भारत के खिलाफ 12वां शतक रहा. उधर बेन स्टोक्स ने भी 97 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की. हालांकि स्टोक्स 66 रनों के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट हुए. स्टोक्स को क्रैम्प आ गया था और वो लंगड़ाते हुए ड्रेसिंग रूम में गए. इंग्लैंड का पांचवां विकेट जो रूट के रूप में गिरा जो 150 रन बनाकर रवींद्र जडेजा की बॉल पर स्टम्प आउट हुए. रूट ने 248 गेंदों की पारी में 14 चौके लगाए. जेमी स्मिथ (9 रन) कुछ खास नहीं कर पाए और जसप्रीत बुमराह का शिकार बने. फिर मोहम्मद सिराज ने क्रिस वोक्स (4 रन) को बोल्ड कर दिया. वोक्स के आउट होने के बाद बेन स्टोक्स फिर से बैटिंग करने उतरे. स्टोक्स और लियाम डॉसन ने मिलकर तीसरे दिन इंग्लैंड को कोई और नुकसान नहीं होने दिया.

जयपुर एयरपोर्ट और CMO को उड़ाने की धमकी, ई-मेल से मचा बवाल, पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा

जयपुर राजधानी जयपुर में आज सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एयरपोर्ट प्रशासन को एक धमकी भरा ई-मेल मिला। इस ई-मेल में जयपुर एयरपोर्ट को विस्फोटकों से उड़ाने की बात कही गई थी, साथ ही मुख्यमंत्री कार्यालय को भी एक-दो घंटे में निशाना बनाने की धमकी दी गई। ई-मेल मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और एयरपोर्ट परिसर में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। एयरपोर्ट पर सघन तलाशी अभियान धमकी भरा ई मेल मिलते ही सीआईएसएफ ने एयरपोर्ट की सुरक्षा को हाई अलर्ट पर रखते हुए तलाशी अभियान शुरू किया। एयरपोर्ट टर्मिनल, एप्रन एरिया, पार्किंग स्थल और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों की गहन जांच की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री की बरामदगी नहीं हुई है। एयरपोर्ट पर यात्रियों की आवाजाही सामान्य है लेकिन अतिरिक्त चेकिंग और निगरानी की जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय को उड़ाने की धमकी, प्रशासन सतर्क ई-मेल में केवल एयरपोर्ट ही नहीं, बल्कि मुख्यमंत्री कार्यालय को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। मेल में स्पष्ट तौर पर लिखा गया कि एक-दो घंटे में सीएम ऑफिस को भी उड़ा दिया जाएगा। इसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने सीएमओ और उसके आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा बढ़ा दी है। सभी संदिग्ध गतिविधियों पर बारीकी से नजर रखी जा रही है। साइबर सेल कर रही जांच एयरपोर्ट प्रशासन ने धमकी भरे ई मेल की जानकारी तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस की साइबर सेल ने मेल की सत्यता और स्रोत की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह साफ नहीं हो सका है कि मेल किसी आतंकी संगठन की ओर से भेजा गया है या किसी शरारती तत्व की साजिश है। फिर भी मामले को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच की जा रही है। मेल भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी विश्लेषण किया जा रहा है। लगातार मिल रहे हैं धमकी भरे ई मेल गौरतलब है कि 2025 में अब तक बम विस्फोट की यह 16वीं धमकी है। अकेले मई महीने में जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को चार बार निशाना बनाया जा चुका है। इसके अलावा कई बार स्कूल, अस्पताल, होटल, मेट्रो स्टेशन और अदालतों को भी धमकियां मिल चुकी हैं। इन धमकियों के अधिकतर मामले फर्जी साबित हुए हैं, लेकिन हर बार सुरक्षा एजेंसियों को पूरे संसाधनों के साथ सतर्कता बरतनी पड़ी है। करीब पांच दिन पहले भी माहेश्वरी गर्ल्स स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। इसके बाद 3500 बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया था। इससे पहले 30 मई को मानसरोवर मेट्रो स्टेशन, 2 कोर्ट परिसरों मेट्रो कोर्ट और फैमिली कोर्ट में बम की झूठी धमकी दी गई थी। वहीं 8, 12 और 13 मई को सवाई मानसिंह स्टेडियम को उड़ाने की धमकी भी दी गई।  इस ई-मेल में रेप पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग भी की गई थी। सचिवालय में बढ़ाई सुरक्षा एक बार फिर धमकी भरे मेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर जयपुर के प्रशासनिक दफ्तरों में भी हलचल तेज हो गई है। सचिवालय में पुलिस की टीम पहुंच गई है और यहां की सुरक्षा भी बढ़ाई गई है। मुख्यमंत्री कार्यालय में BDS, SDRF की टीम तैनात है। अफवाहों से बचें, सहयोग करें जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन और पुलिस विभाग ने नागरिकों और यात्रियों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, शांति बनाए रखें और जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग करें। सुरक्षा में कोई भी चूक न हो, इसके लिए चौतरफा सतर्कता बरती जा रही है।

सीएम साय ने स्वच्छता दीदियों को किया सम्मानित, सराहा उनके योगदान को

रायपुर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि देश को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने में हमारी स्वच्छता दीदियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है, जिन्होंने निष्ठा, परिश्रम और सेवा-भावना के साथ समाज को नई दिशा दी है। मुख्यमंत्री साय ने आज जशपुर जिले के ग्राम बगिया में आयोजित सम्मान समारोह में स्वच्छता दीदियों को साड़ी, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि जशपुर एक प्राकृतिक रूप से समृद्ध और सुंदर जिला है, लेकिन पहले जब वे गांवों का दौरा करते थे, तो सड़कों के किनारे फैला कचरा गांवों और नगरों की सुंदरता को धूमिल कर देता था। इस स्थिति को बदलने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2 अक्टूबर 2014 को स्वच्छ भारत मिशन की शुरुआत कर इसे राष्ट्रीय जनआंदोलन में परिवर्तित किया। उन्होंने स्वयं झाड़ू उठाकर लोगों को प्रेरित किया और गांव-गांव, शहर-शहर स्वच्छता की अलख जगाई। उन्होंने हर नागरिक को स्वच्छ और सम्मानजनक जीवन जीने का अधिकार दिलाने का प्रयास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अभियान में हमारी स्वच्छता दीदियों की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उनके अथक परिश्रम और समर्पण का ही परिणाम है कि आज जशपुर जिले ने स्वच्छता के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। वे वास्तव में सम्मान की पात्र हैं, क्योंकि उन्होंने हमें स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण प्रदान करने में अमूल्य योगदान दिया है। मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने घर, मोहल्ले, चौराहे, मंदिर और सार्वजनिक स्थलों की सफाई को अपना कर्तव्य मानें और स्वच्छता को अपनी आदत में शामिल करें। उल्लेखनीय है कि आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा शहरी स्वच्छता सुधारों के मूल्यांकन और प्रोत्साहन हेतु स्वच्छता सर्वेक्षण 2024 में स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (SBM-U) के अंतर्गत 4,589 शहरों को शामिल किया गया था। इस राष्ट्रीय सर्वेक्षण में जशपुर जिले के नगरीय निकायों ने अभूतपूर्व प्रदर्शन कर देश भर में अपना परचम लहराया है।इसमें जशपुरनगर ने 20,000 से 50,000 की जनसंख्या वर्ग में पूरे देश में 10वां स्थान प्राप्त किया है, जो कि 2023 की 505वीं रैंकिंग से एक लंबी छलांग है। इसी वर्ग में नगर पंचायत कुनकुरी ने 13वां रैंक, नगर पंचायत पत्थलगांव ने 30वां रैंक, नगर पंचायत बगीचा ने 51वां रैंक, और नगर पंचायत कोतबा ने 64वां रैंक हासिल किया है। यह असाधारण उपलब्धि स्वच्छता दीदियों के परिश्रम और प्रशासनिक टीम के समन्वित प्रयास का प्रतिफल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगरीय निकायों द्वारा योजनाबद्ध रूप से कई कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें बी.टी. रोड निर्माण, रोड मार्किंग, सामुदायिक शौचालयों का उन्नयन, चौक-चौराहों का सौंदर्यीकरण, वॉल पेंटिंग, वेस्ट मैटेरियल से पार्कों का निर्माण, कम्पोस्टिंग शेड और रिसाइक्लिंग सेंटर की स्थापना, फुटपाथों पर पेवर ब्लॉक लगाना, साइनेज आदि प्रमुख हैं। लेकिन इन प्रयासों की आत्मा बनी हैं वे स्वच्छता दीदियाँ, जो हर गली, मोहल्ले में जाकर डोर टू डोर कचरा संग्रहण जैसे श्रमसाध्य कार्यों को अंजाम देती हैं। इस अवसर पर जशपुर विधायक श्रीमती रायमुनी भगत ने सभी स्वच्छता दीदियों, नगरीय निकायों के अधिकारियों और नागरिकों को इस उपलब्धि पर बधाई दी। सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि स्वच्छता दीदियाँ वह कार्य कर रही हैं जो पहले समाज में उपेक्षित था। उन्होंने कहा कि कभी स्वच्छता के प्रति लोगों में चेतना नहीं थी, लेकिन स्वच्छ भारत अभियान के तहत दीदियों ने लोगों को न केवल जागरूक किया, बल्कि व्यवहार परिवर्तन भी सुनिश्चित किया, जिससे जशपुर को यह गौरव प्राप्त हुआ है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, कलेक्टर रोहित व्यास, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।