samacharsecretary.com

IMD की चेतावनी: 29 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट अगले 14 घंटे के लिए

भोपाल  मध्यप्रदेश में ग्वालियर के ऊपर से गुजर रही मानसून ट्रफ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से फिर से जोरदार बारिश का सिलसिला जारी है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 30 से ज्यादा जिलों में अच्छी बारिश हुई है और श्योपुर और सतना जिलों में तो लगातार हो रही बारिश के कारण कई जगह बाढ़ के हालात बन गए हैं। रविवार को भोपाल, ग्वालियर, श्योपुर, मंदसौर सहित अन्य जिलों में बारिश हुई है। वहीं इस बीच रविवार को मौसम विभाग ने प्रदेश के 29 जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी है। इन जिलों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने रविवार को अगले 24 घंटों (सोमवार सुबह 8.30 बजे तक ) के लिए जो ताजा बुलेटिन जारी किया है उसमें 29 जिलो में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की है। गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में अथिभारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं विदिशा, रायसेन, अनूपपुर, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, कटनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और दमोह जिलों में भारी बारिश की संभावना के कारण येलो अलर्ट जारी किया है।   अगले 48 घंटों में बनेगा नया सिस्टम मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक अभी मध्यप्रदेश में अलग अलग सिस्टम एक्टिव होने से अच्छी बारिश हो रही है और ये सिलसिला अगले दो-तीन तक जारी रहेगा। मौसमी प्रणालियों की बात की जाए तो उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में निम्न दबाव का क्षेत्र (लो प्रेशर एरिया) बना हुआ है। इसके साथ ही मानसून ट्रफ समुद्र तल से बीकानेर, जयपुर, ग्वालियर, प्रयागराज और उत्तर पूर्वी मध्यप्रदेश से होते हुए बंगाल की खाड़ी तक विस्तृत है। तो वहीं अगले 48 घंटों के दौरान ओड़िशा-पश्चिम बंगाल के तटों से दूर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। उफान पर नदिया बाढ़ के हालत बीते 24 घंटों की बात करें तो प्रदेश के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। इस दौरान सबसे ज्यादा बारिश सीधी में हुई है। लगातार हो रही बारिश के कारण डिंडौरी और मंडला में नर्मदा नदी का रौद्र रूप नजर आ रहा है। श्योपुर में कूनो नदी में बाढ़ के कारण गांवों में पानी भर गया है और गांवों में फंसे लोगों को एनडीईआरएफ की टीम ने वोट से रेस्क्यू किया है।

पुलिस की बड़ी सफलता, नकली नोटों का जखीरा पकड़ा गया

रांची झारखंड में रांची के सुखदेव नगर थाने की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपए के नकली नोट बरामद किये हैं। डीआईजी सह रांची के एसएसपी चन्दन कुमार सिन्हा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने सुखदेवनगर इलाके में छापेमारी कर नकली नोट बरामद किए। कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय ने संवाददाताओं को बताया कि बिहार से एक बस में जाली नोटों के रांची लाने की सूचना डीआईजी सह एसएसपी रांची को मिली थी। जानकारी मिलने पर रातू रोड बस स्टैंड के पास बिहार से आने वाली चंद्रलोक बस की रेकी शुरू की गई। इसी दौरान कार्टून में रखे लगभग दो करोड़ से अधिक के जाली नोट बस से उतार कर कुछ लोग कार में रखने लगे, जिन्हें मौके से रंगे हाथ पकड़ा गया। कार्टून खोलने पर उसमें से 500 रुपये के 42 बंडल बरामद किए गए। सभी 500 रुपये के नोट जाली थे। कोतवाली डीएसपी ने बताया कि मौके से मोहम्मद साबिर और साहिल कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों राजधानी रांची में जाली नोटों का कारोबार करते हैं। कोतवाली डीएसपी ने बताया कि पूछताछ में यह खुलासा हुआ है कि दिल्ली के एक संगठित आपराधिक गिरोह के जरिये जाली नोट के गिरोह का संचालन किया जाता है। जिसका मुखिया नीरज कुमार चौधरी है जो दिल्ली में रहता है। उसके द्वारा ही फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से गिरफ्तार किए गए मोहम्मद साबिर और साहिल कुमार के जरिए नकली नोट ग्राहकों को भेजा जाता है। डीएसपी ने बताया कि गिरोह के जरिये नकली नोटों के बंडल के ऊपर और नीचे एक-एक असली नोट डालकर शेष नकली नोट रखे जाते थे और इसके बदले ग्राहकों से 40000 से लेकर 50000 लेते थे। जाली नोट के कारोबार में 20 से 30 प्रतिशत कमीशन गिरफ्तार आरोपितों को मिलता था।  

गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण: कार्यशाला के आज तीसरे दिन नागरिकों ने उत्साह से भाग लिया

भोपाल पर्यावरण विभाग की संस्था एप्को के लोकप्रिय ग्रीन गणेश अभियान के अंतर्गत चार दिवसीय ईको फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण प्रशिक्षण कार्यशाला 22 से 25 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 2.00 बजे से सांय 6.00 बजे तक निरंतर चलाई जा रही है। कार्यशाला में नागरिक उत्साह से भाग ले रहे हैं। कार्यशाला में मिट्टी एवम् प्राकृतिक रंग निशुल्क उपलब्ध कराये जा रहे हैंl प्रतिभागी अनुभवी मूर्तिकारों के मार्गदर्शन में मूर्ति अपने हाथों से बनाना सीख रहे हैं तथा स्वनिर्मित गणेश प्रतिमा निशुल्क अपने घर ले जा रहे हैंl एप्को की चार दिवसीय इस ग्रीन गणेश मूर्ति निर्माण कार्यशाला के आज तीसरे दिन आम नागरिकों ने अपने बच्चों के साथ उत्साह से भाग लियाl कार्यशाला में आज लगभग 200 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया और अपने हाथों से निर्मित प्रतिमा निशुल्क घर ले कर गएl कार्यशाला में अब तक लगभग 750 प्रतिभागियों द्वारा अपने हाथों से ग्रीन गणेश की प्रतिमा का निर्माण किया जा चुका हैl कार्यशाला के कार्यक्रम समन्वयक श्री राजेश रायकवार द्वारा प्रतिभागियों को इस अभियान के उद्देश्यों से परिचित कराते हुए पर्यावरण प्रदूषण के तकनीकी पहलुओं की जानकारी भी दी गईl मूर्ति को प्राकृतिक रंगों से सजाने के साथ उनका विसर्जन घर पर ही करने का संकल्प लेने के लिये प्रेरित भी किया गयाl मूर्ति बनाने के लिए एप्को के वास्तुविद श्री कमलेश के मार्गदर्शन में प्रशिक्षक सर्व श्री मनीष, महेंद्र, शिवलाल, सुनील, राकेश एवम् राजेंद्र द्वारा प्रतिभागियों की सहायता की।  

गणेश प्रतिमा हादसा बुरहानपुर में, युवक की मौत और 1 करोड़ मुआवजे की मांग

बुरहानपुर  बुरहानपुर में सड़कों पर गड्डों की वजह गणेश प्रतिमा के नीचे दबकर युवक की मौत हो गई। इस घटना ने अब सियासी रंग ले लिया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने प्रदेश सरकार को इसका जिम्मेदार ठहराया है। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर जीतू पटवारी ने लिखा कि, 'बुरहानपुर में 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा ले जाते समय सड़कों पर गड्डों की वजह से प्रतिमा गिर गई। प्रतिमा के नीचे दबने से खंडवा निवासी शशांक जोशी (26) की मौत हो गई। मुख्यमंत्री जी, यह भी "सरकारी-हत्या" है। दोषी पूरी सरकार और भाजपा द्वारा बनाया सिस्टम है।' 1 करोड़ रुपए मुआवजा देने की मांग जीतू पटवारी ने आगे लिखा कि, इस अक्षम्य अपराध के जिम्मेदारों पर तत्काल हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया जाए। पीड़ित परिवार को न्यूनतम 1 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि भी तत्काल दी जाए। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात 9:30 बजे खंडवा से गणेशोत्सव समिति के युवा गणेशजी की बड़ी प्रतिमा लेने के लिए बुरहानपुर के लालबाग आए थे। ट्रॉली से प्रतिमा ले जाते समय लालबाग रोड तुलसी मॉल के सामने ट्रॉली से प्रतिमा अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में शशांक जोशी निवासी हरीगंज खंडवा प्रतिमा के नीचे दब गया। शोर मचने पर स्थानीय लोगों द्वारा प्रतिमा के नीचे से युवक को निकाल कर निजी अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक चेकअप के बाद डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद लालबाग रोड सहित अस्पताल में लोगों की भीड़ लग गई। दो दिन में दूसरी घटना महाराष्ट्र सहित आसपास के जिलों से समितियों के लोग बड़ी प्रतिमाएं लेने बुरहानपुर आ रहे है। दो दिन पहले गुरुवार को भी इंदौर इच्छापुर हाइवे पर दापोरा के पास प्रतिमा भी ट्रॉली से गिरकर खंड़ित हुई थी। लालबाग रोड पर शनिवार रात को यह घटना हो गई। दोनों ही घटनाओं के पीछे रोड खराब होने एवं गड्ढों के कारण प्रतिमा अनियंत्रित होकर गिरने की बात कही जा रही है।

सड़क पर कहर बरपाते आवारा कुत्ते, 10 साल की मासूम पर झुंड ने किया हमला

करही देश के कई शहरों में आवारा कुत्तों का कहर देखने को मिला है। तीन अलग-अलग राज्यों- उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र से सामने आए खौफनाक वीडियो रूह कंपा देने वाले हैं। नगर में श्वानों का आतंक बढ़ गया है। शुक्रवार की शाम को भी 10 श्वानों के झुंड ने एक 10 वर्षीय बालिका के ऊपर हमला बोल दिया। वहीं नगर परिषद अभी तक भी नींद में सोई हुई है। 10 कुत्तों ने बच्ची पर किया हमला जानकारी अनुसार नगर के डाक बंगले (विश्राम गृह) में कार्यरत हीरालाल भाई की 10 वर्षीय पोती शाम को अपने घर से किराना का सामान लेने के लिए बाजार जा रही थी। तभी डाक बंगले के सामने पहले तो चार श्वानों ने उसे गिरा दिया। फिर बाकी के छह श्वानों ने भी बच्ची के ऊपर हमला कर दिया। वहीं स्थित दुकानदारों और राहगीरों ने तत्काल उन्हें भगाया। अन्यथा श्वान बच्ची की अधिक घायल कर देते। घटना के कारण बच्ची बुरी तरह घबरा गई थी। इस तरह की घटना आए दिन नगर के घटती रहती है। आये दिन दो सांड और श्वान से परेशान होते रहते है। लोग कई बार घायल भी हो जाते है, लेकिन नगर परिषद के अधिकारियों कर्मचारियों के साथ अध्यक्ष व पार्षदों ने भी आज तक इस मामले में कोई संज्ञान नहीं लिया। परिषद शायद कोई बड़ी घटना घटने के इंतजार कर रही है। कुत्ते लोगों को कर रहे घायल, अधिकारी मौन नगर में पिछले कुछ महीनों में डॉग बाइट की अनेक घटनाएं हो चुकी है। जब कोई मामला हाई लाइट हो जाता है। उसके बाद नगरीय प्रशासन कुछ हरकत में आता है, कुछ गतिविधियां दिखाकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है। गर्मी बढ़ने से श्वानों चिड़चिड़े होकर लोगों को काटना शुरू कर देते है। यह सिलसिला चलता रहता है। स्वास्थ्य विभाग की माने तो जुलाई अगस्त के महीने में ही आंकड़ा पचास को पार कर चुका है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मंडलेश्वर के डॉ. स्वप्निल श्रीवास्तव ने बताया जुलाई में 48 और 18 अगस्त तक 26 प्रकरण हो चुके है। प्रतिदिन दो-चार मामले आ ही रहे है। नगर परिषद द्वारा गत माह कुत्ते पकड़ने का अभियान चलाकर लगभग 120 कुत्ते पकड़कर नगर सीमा से बाहर छोड़े गए। उनको टीका लगवाने और नसबंदी जैसी कोई योजना परिषद के पास नहीं है। गत दिनों एक रिटायर्ड रेंजर को श्वानों ने घायल कर दिया। उन्हें जिला अस्पताल रेफर करना पड़ा था। कई बच्चे भी श्वानों के काटने से घायल हो चुके हैं। पालतू जानवर भी इन श्वानों का शिकार बनते रहे है। लेकिन प्रशासन इनके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पा रहा है। बदलते मानव व्यवहार से भी कुत्ते हुए हिंसक पशु प्रेमी संस्था थैंक यू नेचर के रेस्क्यू स्पेशलिस्ट अरुण केवट का कहना है कि आज विदेशी नस्ल के श्वानों पाले जा रहे है, जिन पर होने वाले खर्च से कई स्ट्रीट डॉग पाले जा सकते है। हम बाहर श्वान के लिए रोटी नहीं डालते पहले घर की झूठन से श्वान बिल्ली पल जाया करते थे। अब जूठन कचरा गाड़ी में डाल दी जाती है। इसलिए श्वान भुखमरी का शिकार होने से पहले खुद शिकार करने लगे है वे गाय भैंस के छोटे बछड़ों और बकरी के मेमनों को शिकार बनाने लगे है। इसके लिए वे समूह बनाकर हमला करते है। ऐसे होगा समाधान गाय और श्वानों की रोटी हर घर में बनाना शुरू करना चाहिए। परिषद उनको गलत तरीके से पकड़कर गांव से बाहर छोड़ देती है वे दूसरे नगर में जाकर ज्यादा हिंसक हो जाते है। यह समस्या का हल नहीं है। इसके लिए नगर परिषद को वन विभाग पशु चिकित्सालय विभाग के साथ मिलकर योजना बनानी चाहिए, जिसमें पहले पागल और घायल श्वानों को चिह्नित कर एक शेल्टर हाउस में रखकर उनका उपचार किया जाए। एंटी रेबीज के साथ ही नसबंदी की जा सकती है।  

राज्यपाल शामिल हुए सहकार भारती बुनकर के राष्ट्रीय अधिवेशन में

रायपुर, राज्यपाल रमेन डेका रविवार को रायपुर में आयोजित दो दिवसीय सहकार राष्ट्रीय बुनकर अधिवेशन में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सहकारिता के क्षेत्र में रिसर्च और डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने बुनकरों से आव्हान किया कि वे समयानुसार उत्पादों में नवीन तकनीकों को अपनाएं। मांग के अनुसार उत्पादों के डिजाइन में बदलाव लाएं। राज्यपाल ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र संघ ने वर्ष 2025 को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के रूप में घोषित किया है। इसका उद्देश्य केवल सहकारिता को बढ़ावा देना नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से एक समृद्ध, न्यायपूर्ण और आत्मनिर्भर विश्व की नींव रखना है। यही भावना हमें प्रेरित करती है कि हम ‘सहकार से समृद्धि’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ें और इस अभियान को हर घर, हर व्यक्ति तक पहुँचाएँ। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने सहकारिता के क्षेत्र में कई नवाचार कर देश को एक नया दृष्टिकोण दिया है। पैक्स समितियों को बहुउद्देशीय बनाने का कार्य इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राज्य में अब तक 2058 पैक्स समितियों को एम-पैक्स में परिवर्तित किया गया है और इनमें कॉमन सर्विस सेंटर जैसी सुविधाएँ भी उपलब्ध कराई गई हैं। साथ ही 532 नई बहुउद्देशीय पैक्स समितियों के गठन की प्रक्रिया जारी है। मत्स्य, दुग्ध और लघु वनोपज क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जो सहकारिता के विस्तार की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। राज्यपाल ने कहा कि हाथकरघा और बुनकरी का कार्य हमारे देश की सांस्कृतिक पहचान और स्वदेशी गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सहकारिता के साथ मार्केटिंग के लिए नवीन माध्यमों और तकनीकों को जोडे़, इससे आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कई उदाहरण देकर बताया कि समय पर नवीन तकनीकों को नहीं अपनाने और डिजाइन में बदलाव नहीं करने पर कई कंपनियों और वस्तुओं को मार्केेट से बाहर होना पड़ है। उन्होंने कहा कि बुनकरों को अपने उत्पाद की लोकप्रियता और ब्रिकी के लिए ई-कॉमर्स और डिजिटल प्लेट फॉर्म की तरफ बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर सहकार भारती से जुड़े पदाधिकारी उपस्थित थे।

शिक्षक पर हमला सार्वजनिक जगह पर शराब पीने को रोकने पर, बंगाल में दो गिरफ्तार

नई दिल्ली बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के बेलघरिया में एक शिक्षक की पिटाई की घटना में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। शनिवार तड़के सार्वजनिक रूप से शराब पीने का विरोध करने पर कुछ युवकों के समूह ने कथित रूप से शिक्षक को पीट दिया था। पुलिस ने यह जानकारी दी।कमरहाटी नगरपालिका वार्ड संख्या 31 के अंतर्गत नंदनगर इलाके में यह घटना हुई। पीडि़त शिक्षक का नाम निरुपम पाल है, जो सुबह करीब छह बजे काली पूजा में शामिल होकर घर लौट रहे थे, तभी उन्होंने सडक़ किनारे चार युवकों और एक महिला को शराब पीते देखा।   हमलावरों ने बेरहमी से पीटा शिकायत के मुताबिक, जब पाल ने उन लोगों को ऐसा नहीं करने को कहा तो उन्होंने कथित तौर पर उन (शिक्षक) पर हमला कर दिया। पाल के चेहरे, आंख और छाती पर चोट पहुंची है। पाल ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने उन्हें बेरहमी से पीटा। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील सीसीटीवी फुटेज में कथित तौर पर कई युवक शिक्षक पर बार-बार हमला करते और लात-घूंसा चलाते दिखाई दे रहे हैं, जबकि शिक्षक खुद को बचाने की कोशिश कर रहा है। पाल ने पुलिस से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपील की है, क्योंकि उन्हें डर है कि वे उन्हें फिर से निशाना बना सकते हैं।

बिजली दुरुस्त करने की कोशिश में बड़ा हादसा, करंट लगने से शहडोल में दो भाइयों की जान गई

शहडोल जिले के बुढार थाना क्षेत्र के धनगवां गांव में करंट की चपेट में आने से दो भाईयों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार घर की बिजली सुधारने के दौरान घटना घटी है । पहला भाई जब करंट की चपेट में आया तो दूसरे ने उसे बचाने का प्रयास किया और दोनों गंभीर घायल हो गए, जिसके बाद स्वजन दोनों को अस्पताल ले कर पहुंचे और दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई है। दोनों की उपचार के दौरान मौत पुलिस ने बताया कि धनगवां का पी के सिंह घर की लाइट सुधार रहा था, तभी वह बिजली की तार की चपेट में आ गया। बगल में मौजूद बड़े भाई राकेश सिंह ने देखा कि छोटे भाई को करंट लग गया है। जिसे बचाने वह दौड़ा और दोनों को बिजली के करंट ने अपने चपेट में ले लिया, तभी दोनों को करंट की चपेट में देख परिजनों ने बिजली का पावर बंद किया और आनन-फानन में दोनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया। जहां दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई है।   पुलिस के अनुसार इस घटना में राकेश सिंह (40) एवं पी के सिंह (26) की मौत हो गई है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दोनों चचेरे भाई है। दोनों ही आजू-बाजू रहते है। छोटे भाई को बचाने में बड़ा भाई भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की उपचार के दौरान मौत हो गई है। पुलिस ने कहा, घटना के बाद हमें जानकारी नहीं मिली थी, उपचार के दौरान दोनों की मेडिकल कॉलेज में मौत हुई है। डायरी मेडिकल कॉलेज से आई है । हमने कायमी कर आगे की जांच के लिए विवेचना अधिकारियों को मौके पर भेजा है।

पांच दिवसीय दौरे पर झारखंड आएंगे कांग्रेस प्रभारी के. राजू, कार्यकर्ताओं से करेंगे मुलाकात

रांची  झारखंड प्रदेश कांग्रेस प्रभारी के राजू का राज्य में पांच दिवसीय दौरा आगामी 26 अगस्त से लेकर 31 अगस्त तक होगा। प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने यह जानकारी दी। कांग्रेस प्रवक्ता सोनाल शांति ने बताया कि राजू एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश 26 अगस्त को रांची के चटवल लोहरदगा के कुडू प्रखंड के ककरगढ, सुंदरू पंचायत कांग्रेस कमेटी की बैठक में भाग लेंगे। 27 अगस्त को पुराने विधानसभा भवन में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के चयन के लिए नियुक्त पीसीसी पर्यवेक्षको, जिला अध्यक्षों की बैठक में भाग लेंगे। 28 अगस्त को गुमला जिला के सिसई प्रखंड के भदौली, भरनो प्रखंड के तुरीअम्बा और उटारी, 29 अगस्त को रांची के नामकुम प्रखंड के रामपुर खूंटी प्रखंड के मुरही पंचायत कांग्रेस कमेटी की बैठक में भाग लेंगे। इसके अलावा दिवंगत मंत्री स्वर्गीय रामदास सोरेन के घोड़ाबांधा स्थित आवास पर अपनी श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। 30 अगस्त को जमशेदपुर के बनकटी पंचायत शंकरदह पंचायत केरूया डूंगरी पंचायत कांग्रेस कमेटी की बैठक में भाग लेंगे।  

विकास की नई सौगात: मंत्री सुदिव्य कुमार ने रखी 2 करोड़ की योजनाओं की नींव

गिरिडीह झारखंड के गिरिडीह नगर निगम क्षेत्र में 2 करोड़ की 14 विकास योजनाओं का नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार ने बीते शनिवार को विधिवत शिलान्यास किया तथा शहर के स्टेशन रोड स्थित बाबू वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण भी किया। इस अवसर पर मंत्री सुदिव्य कुमार ने कहा कि शहरी परिवहन और नागरिक सुविधा मद की राशि से जरूरत के आधार पर 14 योजनाओं का निर्माण कराया जा रहा है जिससे आने वाले दुर्गा पूजा में लोगों को परेशानी नहीं हो। मंत्री ने पुराने शहरी पेयजल आपूर्ति योजनाओं को बढ़ती जनसंख्या के लिए नाकाफी बताते हुए कहा कि अब एक नई योजना की जरूरत महसूस होने लगी है। ऐसे में जल्द ही गिरिडीह शहरी क्षेत्र को नए पेयजलापूर्ति योजना का सौगात देने के उद्देश्य से डीपीआर तैयार करने पर विचार चल रहा है।