samacharsecretary.com

5 ओवर के रोमांचक मैच में भारत की बाजी, जापान को 2 रन से हराकर बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

नई दिल्ली भारत ने जापान के खिलाफ एकमात्र टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में महज 2 रनों से जीत हासिल की. 22 सितंबर (मंगलवार) को सानो के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए इस मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 ओवर में 32/4 का स्कोर बनाया. लक्ष्य का पीछा करने उतरी जापान की टीम भी 5 ओवर में 3 विकेट पर 30 रन ही बना सकी. जापान पर इस जीत के साथ भारत मेन्स टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 200 मैच जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बन गया. दोनों देशों के बीच सीनियर स्तर पर यह पहला मुकाबला था, लेकिन बारिश और गीली आउटफील्ड मैच का रोमांच और बढ़ा दिया. मुकाबला करीब तीन घंटे की देरी से शुरू हुआ और ओवरों की संख्या घटाकर 5-5 कर दी गई. इतने छोटे मैच में 33 रनों का लक्ष्य भी आसान नहीं रहा और आखिरी गेंद ने मुकाबले का नतीजा तय किया. टी20I में भारत की 200 जीत का सफर (सुपर ओवर जीत भी शामिल) पहली जीत: बनाम साउथ अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2006 (6 विकेट) 50वीं जीत: बनाम श्रीलंका, कोलंबो आरपीएस, 2017 (7 विकेट) 100वीं जीत: बनाम वेस्ट इंडीज, कोलकाता, 2022 (8 रन) 150वीं जीत: बनाम ऑस्ट्रेलिया, ग्रोस आइलेट, 2024 (24 रन) 200वीं जीत: बनाम जापान, सानो, 2026 (2 रन) टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को सानो की पिच पर जापानी गेंदबाजों ने खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया. टर्न और अतिरिक्त उछाल के कारण भारतीय बल्लेबाजों को रन बनाने में परेशानी हुई. कप्तान श्रेयस अय्यर ने सबसे ज्यादा 16 रन बनाए. उन्होंने 12 गेंदों की अपनी पारी में एक चौका लगाया. संजू सैमसन ने 7 गेंदों पर 9 रन बनाए. जापान के चार्ली हारा-हिंज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो विकेट लिए. उन्होंने अभिषेक शर्मा को खाता खोलने का मौका नहीं दिया, जबकि भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर को भी पवेलियन भेजा. जापान के सामने सिर्फ 33 रनों का लक्ष्य था और पांच ओवर में इसे हासिल करना संभव नजर आ रहा था. लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने हर रन के लिए जापानी बल्लेबाजों को तरसा दिया. अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की. जापान की टीम पूरे पांच ओवर में सिर्फ दो चौके लगा सकी. वॉशिंगटन सुंदर ने 2 विकेट लेकर भारतीय जीत में अहम भूमिका निभाई. जापान को आखिरी ओवर में मुकाबला जीतने के लिए 8 रन बनाने थे, लेकिन भारतीय गेंदबाजों ने दबाव बनाए रखा. आखिरकार जापान 30/3 तक ही पहुंच सका और भारत ने मैच अपने नाम कर लिया. आखिरी ओवर में हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा मुकाबले का सबसे दिलचस्प पल आखिरी ओवर में आया. एलेक्स शिराई-पैटमोर ने अक्षर पटेल की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश की. गेंद लेग साइड की ओर निकल गई और मैदानी अंपायर ने उसे वाइड करार दिया. इस फैसले के बाद भारतीय खिलाड़ी असहमत नजर आए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने स्क्वायर लेग अंपायर क्रिस ब्राउन से बातचीत की. इसके बाद दोनों मैदानी अंपायरों ने आपस में चर्चा की और वाइड का फैसला बदल दिया गया. इस फैसले से जापानी टीम को अतिरिक्त रन नहीं मिला और भारत को फायदा हुआ.

हरमनप्रीत कौर ने की युवा गेंदबाजों की तारीफ, बोलीं- पावरप्ले में स्पेल शानदार रहा

निशिन (जापान) एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया है। फाइनल मैच में भारत ने श्रीलंका को 147 रन के अंतर से हराया और एकतरफा जीत के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर ने गेंदबाजों को श्रेय दिया और कहा कि भारत की गेंदबाजी यूनिट की जमकर तारीफ होनी चाहिए। उन्होंने खास तौर पर दोनों तेज गेंदबाजों का नाम लिया,जिन्होंने पावरप्ले में लगातार गेंदबाजी अच्छी गेंदबाजी की। हरमनप्रीत कौर से मैच के बाद जब पूछा गया कि बिना कोई मैच हारे गोल्ड मेडल जीतने पर कैसा लग रहा है तो उन्होंने कहा कि यह एक शानदार एहसास है। टूर्नामेंट से पहले, हमने बिना कोई मैच हारे खिताब जीतने के बारे में बहुत बात की थी, लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी यह है कि हमने अपने लिए जो ऊंचे स्टैंडर्ड तय किए थे, उन्हीं पर खेलते रहना है। हर खिलाड़ी ने अच्छा प्रदर्शन किया कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि हर कोई हर गेम को इतनी पॉजिटिव सोच के साथ ले रहा है। हर एक खिलाड़ी जिसे मौका मिला, उसने आगे बढ़कर अच्छा प्रदर्शन किया। एक कैप्टन और एक टीम के तौर पर, हम ठीक यही चाहते थे। अजेय रहना और लगातार इस क्वालिटी का परफॉर्मेंस देना। यही हमने खुद से उम्मीद की थी और यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि हर कोई इस विजन को कॉन्फिडेंस के साथ पूरा कर रहा है।' गेंदबाजों को दिया जीत का श्रेय टीम में युवा और अनुभव के मेल पर हरमनप्रीत कौर ने कहा, 'हमारी बॉलिंग यूनिट को खास क्रेडिट मिलना चाहिए, क्योंकि हमने इसमें बहुत मेहनत की है। क्रांति और नंदिनी जैसे युवा बॉलर्स ने बड़ी जिम्मेदारियां लीं और जिस तरह से उन्होंने रिस्पॉन्ड किया, खासकर पावर-प्ले में उनका स्पेल शानदार था। यह कुछ ऐसा था जिस पर हमारे बॉलिंग कोच और स्टाफ उनके साथ बहुत करीब से काम कर रहे थे। यंगस्टर्स के अलावा, हमारा स्पिन अटैक हमारी कोर स्ट्रेंथ है। श्रेयंका और दीप्ति जैसे बॉलर लगातार मैच-विनर हैं और हमेशा सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में से हैं। कुल मिलाकर, एक्सपीरियंस और फ्रेश टैलेंट के बीच बैलेंस एकदम सही था, और जब जरूरत थी तो सभी ने अच्छा परफॉर्म किया।'

पीवी सिंधू भी नहीं बचा सकीं भारत को, जापान ने 3-1 से हराकर किया सफर खत्म

नई दिल्ली  एशियन गेम्स-2026 में मंगलवाल को भारत को एक बड़ी निराश हाथ लगी है। पीवी सिंधू जैसी स्टार खिलाड़ी से सज्जित भारतीय महिला बैडमिंटन टीम को जापान के हाथों हार का सामना करना पड़ा। जापान ने भारत को 3-1 से मात दी। इसी के साथ भारत का सफर इन खेलों में निराशाजनक रूप से खत्म हो गया। इस हार के साथ ही भारत का एशियाई खेलों में महिला बैडमिंटन टीम इवेंट में मेडल का सूखा जारी है। भारत ने आखिरी बार साल 2014 में इस इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इस बार उम्मीद की जा रही थी कि भारतीय टीम ये सूखा खत्म करेगी,लेकिन ऐसा नहीं हो सका और जापान ने जबरदस्त घरेलू दर्शकों के समर्थन से भारत को बुरी तरह हरा दिया। सिंधू ने किया निराश पूरे देश को सिंधू से बहुत उम्मीदें थीं। उनका मुकाबला तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन और पुरानी प्रतिद्वंद्वी अकाने यामागुची से था जो पिछले महीने वर्ल्ड चैंपियनशिप के फाइनल में भी पहुंची थीं। इस साल चार मुकाबलों में से दो बार वर्ल्ड नंबर-3 खिलाड़ी को हराने के बाद सिंधू पूरे आत्मविश्वास में दिखीं और अच्छी शुरुआत करते हुए पहला गेम 23-21 से जीता, लेकिन फिर जापानी खिलाड़ी ने वापसी की और दूसरा गेम 21-18 से जीतकर मैच को निर्णायक गेम में पहुंचा दिया। दो बार की ओलंपिक मेडलिस्ट सिंधू निर्णायक गेम 11-21 से हार गईं। यामागुची की इस जीत से जापान ने 1-0 की बढ़त बना ली। इसके बाद, 20 साल की टोमोका मियाजाकी ने उन्नति हुड्डा को आसानी से 21-16, 21-18 से हरा दिया। इस जीत ने जापान को 2-0 से आगे कर दिया। जॉली और गोपीचंद ने जगाई उम्मीद हालांकि, त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी अगर मैच हार जाती तो भारत की हार यहीं तय हो जाती। इस जोड़ी ने भारत को एक उम्मीद थी। पिछले महीने चैंपियनशिप में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद पूरे आत्मविश्वास से भरी भारतीय जोड़ी ने वर्ल्ड नंबर-3 युकी फुकुशिमा और मायु मात्सुमोतो को हरा दिया। भारतीय जोड़ी ने ये मैच 21-17, 21-16 से अपने नाम किया। इस जीत ने भारत की वापसी की उम्मीद जगाई जो अगले ही मैच में खत्म हो गई। अगले मैच में युवा तन्वी शर्मा का सामना पूर्व वर्ल्ड चैंपियन नोजोमी ओकुहारा से था। ओकुहारा ने 18 मिनट में 21-12, 21-10 से जीत दर्ज की और जापान को 3-1 से जीत दिलाने में मदद की।

भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने लगातार दूसरी बार जीता एशियन गेम्स गोल्ड, श्रीलंका को दी करारी शिकस्त

आइची-नागोया आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने गोल्ड मेडल जीत लिया है. गोल्ड मेडल मैच में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 147 रनों से पराजित किया. मंगलावर (22 सितंबर) को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में हुए मुकाबले में भारत ने श्रीलंका के सामने 217 रनों का टारगेट दिया था, लेकिन उसकी पूरी टीम 15.4 ओवरों में 69 रनों पर सिमट गई. मौजूदा एशियन गेम्स में ये भारत का पहला गोल्ड मेडल है. इससे पहले भारत ने मौजूदा गेम्स में 4 सिल्वर और दो ब्रॉन्ज जीते थे. भारत की महिला क्रिकेट टीम ने हांगझोउ एशियन गेम्स 2022 में भी गोल्ड मेडल जीता था. तब भारतीय टीम ने फाइनल में श्रीलंका को 19 रनों से पराजित किया था. अब उसने लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया. एशियन गेम्स 2026 में विमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता का ब्रॉन्ज पाकिस्तान ने जीता. पाकिस्तानी टीम ने ब्रॉन्ज मेडल मैच में बांग्लादेश को 31 रनों से हराया. रनचेज में श्रीलंकाई टीम ने शुरुआत से ही विकेट गंवाए और कभी भी मैच में वापसी नहीं कर पाई. कप्तान चमारी अटापट्टू ने सबसे ज्यादा 21 बॉल पर 29 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल रहे. भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने सबसे ज्यादा तीन विकेट झटके. वहीं शेफाली वर्मा, श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी ने दो-दो विकेट लिए. स्मृति ने लगाई तूफानी फिफ्टी मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने 3 विकेट पर 216 रन बनाए. स्मृति मंधाना ने 7 छक्के और 5 चौके की मदद से 45 बॉल पर 79 रनों का योगदान दिया. वहीं ऋचा घोष ने सिर्फ 22 बॉल पर नाबाद 49 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. ओपनर शेफाली वर्मा ने 29 बॉल पर 48 रनों की पारी खेली. शेफाली ने अपनी पारी में 3 छक्के और 3 चौके लगाए. शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना के बीच पहले विकेट के लिए 99 रनों की साझेदारी हुई. इस पार्टनरशिप ने ही बड़े स्कोर की नींव रखी. श्रीलंका की ओर से सुगंधिका कुमारी, चामुदी प्रबोदा और कविशा दिलहारी ने एक विकेट हासिल किए. एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने क्वार्टर फाइनल में जापान को 8 विकेट से पराजित किया था. फिर उसने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 114 रनों से धूल चटाई. श्रीलंका का क्वार्टर फाइनल मलेशिया से था, जहां टीम ने 86 रनों से जीत हासिल की. फिर सेमीफाइनल में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से धो दिया. देखा जाए तो भारत और श्रीलंका के बीच विमेंस टी20 इंटरनेशनल में अब तक 32 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 26 मैचों में जीत हासिल की. वहीं श्रीलंका ने केवल 5 मुकाबले जीते. जबकि एक मैच का नतीजा नहीं निकला. यानी आंकड़ों में भारतीय टीम का पलड़ा श्रीलंका पर हमेशा से भारी रहा है. भारत बनाम श्रीलंका h2h कुल विमेंस टी20I मैच: 32 भारत ने जीते: 26 श्रीलंका ने जीते: 5 बेनतीजा: 1 फाइनल में भारत की प्लेइंग इलेवन: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा और क्रांति गौड़. फाइनल में श्रीलंका की प्लेइंग इलेवन: इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुदी प्रबोदा और सुगंधिका कुमारी. भारत का स्क्वॉड: स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, गुनालन कमलिनी, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), भारती फुलमाली, दीप्ति शर्मा, श्रेयंका पाटिल, श्री चरणी, नंदनी शर्मा, क्रांति गौड़, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव. श्रीलंका का स्क्वॉड: इमेशा दुलानी, चमारी अटापट्टू (कप्तान), हसिनी परेरा, हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, हंसिमा करुणारत्ने, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मिताली अयोध्या, काव्या कविंदी, चामुदी प्रबोदा, सुगंधिका कुमारी, रश्मिका सेववंडी, निमाशा मीपेज, संजना कविंदी और अनुष्का संजीवनी.

अभिषेक शर्मा के नाम जुड़ा अनचाहा रिकॉर्ड, T20I में 5वीं बार गोल्डन डक

नई दिल्ली जापान के साणो में टाइफून दुजुआन और तेज बारिश के खलल के बाद भारत और जापान के बीच एकमात्र ऐतिहासिक टी20 मुकाबला आखिरकार शुरू हो गया है। ओवरों की भारी कटौती के बाद यह मैच 5-5 ओवर का खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, लेकिन पारी की शुरुआत में ही टीम इंडिया को बेहद निराशाजनक झटका लगा। भारत के युवा और आक्रामक सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा बिना खाता खोले पहली ही गेंद पर गोल्डन डक का शिकार होकर पवेलियन लौट गए। जापान जैसी अपेक्षाकृत कमजोर टीम के खिलाफ फैंस को अभिषेक से आतिशी शुरुआत की उम्मीद थी, लेकिन वे पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। अभिषेक शर्मा के नाम दर्ज हुआ अनचाहा रिकॉर्ड पहली ही गेंद पर आउट होने के साथ ही अभिषेक शर्मा के नाम टी20 इंटरनेशनल में भारतीय सलामी बल्लेबाज के रूप में एक बेहद शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है। अभिषेक शर्मा अब भारत के लिए T20I में ओपनर के तौर पर सबसे ज्यादा बार गोल्डन डक (पहली गेंद पर शून्य) पर आउट होने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनके टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में 5वां मौका था जब वे पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले आउट हुए हैं। 5 ओवर के इस संक्षिप्त और बेहद तेज तर्रार मैच में भारतीय टीम अब अन्य बल्लेबाजों के दम पर बड़ा स्कोर बनाने की कोशिश में जुटी है।

एशियन गेम्स फाइनल में शेफाली का धमाका, 861 रन के साथ तोड़ा लॉरा वॉलवार्ट का रिकॉर्ड

नई दिल्ली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ओपनर शेफाली वर्मा ने वुमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। एशियन गेम्स 2026 के वुमेंस क्रिकेट कंप्टीशन के फाइनल के दौरान उन्होंने पावरप्ले में दमदार खेल दिखाया और एक विश्व रिकॉर्ड तोड़ डाला। गोल्ड मेडल मैच में उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी सेमीफाइनल की तरह जारी रखी और इस दौरान वह वुमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज बन गईं। दाएं हाथ की बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने WT20I में एक साल में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में साउथ अफ्रीका की दिग्गज बल्लेबाज लॉरा वॉलवार्ट का विश्व रिकॉर्ड धराशायी किया और अपना नाम उस वर्ल्ड रिकॉर्ड पर दर्ज करा लिया। 824 रन लॉरा ने एक कैलेंडर ईयर में बनाए। शेफाली वर्मा के रनों की संख्या 2026 में उनसे ज्यादा हो चुकी है। साउथ अफ्रीकी बैटर ने भी इसी साल ये कमाल किया हुआ है। वहीं, शेफाली के रनों की संख्या 861 हो चुकी है और वे इस मामले में शीर्ष पर हैं। WT20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में शेफाली और लॉरा टॉप 3 में हैं, जबकि हॉन्ग कॉन्ग की नताशा माइल्स तीसरे पायदान पर हैं, जिन्होंने 800 रन इसी साल बनाए हैं। पिछले साल यूएई की ईशा ओजा ने 779 रन बनाए थे। वे लिस्ट में चौथे स्थान पर हैं। टॉप 5 में हॉन्ग कॉन्ग की एक और प्लेयर हैं। यास्मीन दासवानी इस साल 779 रन बना चुकी हैं। इस साल टॉप 5 में से 4 खिलाड़ियों ने सबसे ज्यादा रन वुमेंस टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बनाने का कारनामा किया है। WT20I में एक कैलेंडर ईयर में सबसे ज्यादा रन     शेफाली वर्मा – 861 रन (2026)     लॉरा वॉलवार्ट – 824 रन (2026)     नताशा माइल्स – 800 रन (2026)     ईशा ओजा – 779 रन (2025)     यास्मीन दासवानी- 779 रन (2026) एशियन गेम्स 2026 के वुमेंस क्रिकेट प्रतिस्पर्धा के फाइनल में शेफाली वर्मा ने 29 गेंदों में 3 चौके और 3 छक्कों की मदद से 48 रनों की पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 165.52 का रहा। भारतीय टीम को गोल्ड मेडल मैच में उन्होंने दमदार शुरुआत दिला दी थी। भारत का स्कोर 99 रन हो चुका था। भारत को पहला झटका 10वें ओवर की आखिरी गेंद पर लगा था। भारत इस मैच में मजबूत स्थिति में है। शेफाली वर्मा के साथ पारी की शुरुआत करने उतरीं स्मृति मंधाना ने खबर लिखे जाने तक 30 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया था।

12 साल बाद पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने जीता एशियन गेम्स मेडल, बांग्लादेश को दी मात

आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट इवेंट में पाकिस्तान ने ब्रॉन्ज मेडल पर कब्जा जमा लिया है। मंगलवार को खेले गए ब्रॉन्ज मेडल मैच में पाकिस्तान की महिला टीम ने बांग्लादेश को 31 रनों से करारी शिकस्त दी। एशियन गेम्स के इतिहास में 12 साल के लंबे इंतजार के बाद यह पहला मौका है जब पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम ने पदक जीता है। सेमीफाइनल में पाकिस्तान को श्रीलंका से और बांग्लादेश को भारत के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, आज ही भारत और श्रीलंका के बीच गोल्ड मेडल के लिए महामुकाबला खेला जाना है। मुश्किल में घिरी टीम को कप्तान फातिमा सना ने उबारा टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। 12वें ओवर तक महज 67 रन पर उसकी आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। ऐसे नाजुक मोड़ पर कप्तान फातिमा सना ने मोर्चा संभाला और महज 30 गेंदों में 45 रनों की आक्रामक पारी खेलकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट पर 145 रन बनाए। फातिमा के अलावा गुल फिरोजा ने 23 गेंदों में 31 रन और आलिया रियाज ने 25 रनों का योगदान दिया। बांग्लादेश की ओर से नाहिदा अख्तर, शोर्ना अख्तर और ऋतु मोनी ने 2-2 विकेट हासिल किए। उम-ए-हानी की फिरकी में उलझा बांग्लादेश 146 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत बेहद खराब रही और 20 रन के स्कोर तक उसके 3 मुख्य बल्लेबाज पवेलियन लौट गए। कप्तान निगार सुल्ताना (25) और शर्मीन अख्तर (46) ने पारी संभालने की कोशिश जरूर की, लेकिन बढ़ती रन गति के दबाव के आगे पूरी टीम पस्त हो गई। पाकिस्तान की ऑफ-स्पिनर उम-ए-हानी ने घातक गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और बांग्लादेशी मध्यक्रम की कमर तोड़ दी। बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में लक्ष्य से 31 रन दूर रह गई। बांग्लादेश की टीम इस मुकाबले में 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 114 रन ही बना सका। आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में यह पाकिस्तान का कुल मिलाकर दूसरा पदक है।

कबड्डी में टीम इंडिया का दबदबा कायम, दक्षिण कोरिया को 32 अंकों से दी करारी शिकस्त

आइची-नागोया एशियन गेम्स 2026 में अपने गोल्ड मेडल की रक्षा करने उतरी भारतीय मेंस कबड्डी टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। मंगलवार सुबह तोकाई सिटीजन्स जिम्नेजियम में खेले गए ग्रुप-ए के अपने दूसरे मुकाबले में डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने साउथ कोरिया को 63-31 के बड़े अंतर से हरा दिया। अपने पहले मैच में मेजबान जापान को मात देने के बाद, भारत की यह प्रतियोगिता में लगातार दूसरी धमाकेदार जीत है। कप्तान सुनील कुमार की अगुवाई में उतरी भारतीय टीम ने मैच के पहले मिनट से ही कोरिया पर शिकंजा कस लिया था। भारतीय रेडर्स ने कुल 38 टच/आउट पॉइंट हासिल किए, जबकि डिफेंस ने कोरियाई अटैक को अपने कोर्ट में पकड़ते हुए टैकल पॉइंट्स की बौछार कर दी। हाफ-टाइम तक ही पक्की हो गई थी जीत मैच की शुरुआत से ही भारतीय रेडर्स और डिफेंडर्स ने तालमेल का बेहतरीन नजारा पेश किया। पहले हाफ में भारत ने दो बार कोरियाई टीम को ऑल-आउट किया। ब्रेक के समय तक भारत ने 34-14 की विशाल 20-पॉइंट्स की बढ़त बना ली थी। दूसरे हाफ में भी कहानी नहीं बदली। हालांकि कोरियाई रेडर्स ने वापसी की कुछ कोशिशें कीं, लेकिन भारतीय डिफेंस के आगे उनकी एक न चली। भारत ने दूसरे हाफ में एक और ऑल-आउट (मैच में कुल 3 ऑल-आउट) थोपते हुए स्कोरबोर्ड पर 63 अंक टांग दिए। मैच के अंत में भारत का बोनस पॉइंट्स का आंकड़ा 17 तक पहुंच गया था। अगला मुकाबला बांग्लादेश से इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ग्रुप-ए की पॉइंट्स टेबल में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर चुकी है। पिछले 10 में से 8 एशियन गेम्स गोल्ड मेडल जीत चुकी भारतीय टीम का अगला मुकाबला बुधवार, 23 सितंबर को ग्रुप-ए में बांग्लादेश से होगा। बांग्लादेश की टीम भारत के मुकाबले काफी कमजोर है और इस मैच को भारतीय टीम बड़ी आसानी के साथ अपने नाम करना चाहेगी।

सचिन के 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं विराट कोहली, WI सीरीज में बनेंगे 10 नए कीर्तिमान

 नई दिल्ली विराट कोहली के 100 शतक पूरे होंगे या नहीं यह बात हर कोई जानना चाहता है। किंग कोहली के नाम इंटरनेशनल क्रिकेट में 85 शतक दर्ज हैं, वह टी20 और टेस्ट क्रिकेट से रिटायरमेंट ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे में ही एक्टिव हैं। 2027 वर्ल्ड कप तक भारत को कई वनडे मैच खेलने हैं। ऐसे में फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि टूर्नामेंट खत्म होते-होते कोहली शतकों का शतक पूरा करें और फिर ही अपना रिटायरमेंट अनाउंस करें। भारत को अगली वनडे सीरीज वेस्टइंडीज के खिलाफ 27 सितंबर से खेलनी है। इस सीरीज में विराट कोहली के निशाने पर सचिन तेंदुलकर के 4 वर्ल्ड रिकॉर्ड समेत कुल 10 रिकॉर्ड्स होंगे। आइए इन रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं-     विराट कोहली को वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन का आंकड़ा छूने के लिए 59 रन चाहिए। किंग कोहली इस मुकाम तक पहुंचने वाले सबसे तेज बल्लेबाज बन जाएंगे। सचिन तेंदुलकर के नाम यह वर्ल्ड रिकॉर्ड 377 पारियों में दर्ज हैं, जबकि कोहली ने अभी तक 302 पारियां ही खेली है।     लिस्ट ए में सबसे ज्यादा 60 शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर के नाम है। वहीं विराट कोहली 59 शतकों के साथ दूसरे पायदान पर हैं। 2 सेंचुरी और लगाते ही कोहली सचिन तेंदुलकर का यह रिकॉर्ड तोड़ देंगे।     वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 शतक लगाते ही वह इस टीम के खिलाफ सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे।     विराट कोहली (41) घर पर सबसे ज्यादा सेंचुरी लगाने के रिकॉर्ड से 2 शतक दूर हैं। यह वर्ल्ड रिकॉर्ड भी 42 शतकों के साथ सचिन तेंदुलकर के नाम है।     वेस्टइंडीज के खिलाफ जीते हुए मैचों में सबसे ज्यादा सेंचुरी के रिकॉर्ड से भी कोहली एक शतक दूर है।     सचिन तेंदुलकर के नाम घर पर सबसे ज्यादा 6976 वनडे रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। विराट कोहली (6867) उनके इस रिकॉर्ड से 110 रन ही पीछे हैं।     इंटरनेशनल क्रिकेट में वेस्टइंडीज के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने के रिकॉर्ड से कोहली 271 रन दूर हैं।     वेस्टइंडीज के खिलाफ जीत में सबसे ज्यादा रन के रिकॉर्ड से कोहली 142 रन दूर है।     नंबर-3 पर 13 हजार वनडे रन का आंकड़ा छूने वाले पहले खिलाड़ी बनने के लिए कोहली को 180 रनों की दरकार है।     एशिया में 17000 इंटरनेशनल रन पूरा करने के लिए किंग कोहली को 215 रन चाहिए। विराट कोहली के वनडे करियर की बात करें तो, अभी तक खेले 314 मैचों की 302 पारियों में 58.59 की औसत के साथ उन्होंने 14941रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने इस फॉर्मेट में सबसे ज्यादा 54 शतक लगाए हैं, जबकि 79 हाफ सेंचुरी ठोकी है।

11 अक्टूबर को इंदौर में India-West Indies T20, चेक्स पैटर्न से सजेगी आउटफील्ड

इंदौर   इंदौर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए 11 अक्टूबर का दिन बेहद रोमांचक होने वाला है, क्योंकि इस दिन स्थानीय होलकर स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला जाएगा। मैच को लेकर तैयारियां अब अपने अंतिम चरण में हैं। दर्शकों और टीवी स्क्रीन पर मैच देखने वालों को एक नया अनुभव देने के लिए इस बार मैदान की आउटफील्ड पर घास को एक खास 'चेक्स' (चौकड़ी) पैटर्न में काटा जा रहा है। इस रोमांचक मुकाबले के लिए दोनों देशों की टीमें 10 अक्टूबर को चार्टर्ड प्लेन के जरिए इंदौर पहुंचेंगी। 28 सितंबर से शुरू होगी पिच पर रोलिंग     किसी भी क्रिकेट मैच का सबसे अहम हिस्सा उसकी पिच होती है, जिसे लेकर मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एमपीसीए) कोई कसर नहीं छोड़ना चाहता। रविवार के दिन बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर तापोष चटर्जी ने स्टेडियम का दौरा किया और मैदान तथा पिच की स्थिति का जायजा लिया।     के दौरान एमपीसीए के पिच क्यूरेटर मनोहर जामले ने उन्हें बताया कि बारिश के बावजूद पिच का शुरुआती बेस पहले ही तैयार कर लिया गया है। फिलहाल ग्राउंड स्टाफ का पूरा ध्यान काली मिट्टी वाली इस पिच की घास को और अधिक स्वस्थ बनाने पर है। तैयारी को पुख्ता करने के लिए 28 सितंबर से पिच पर रोलिंग का काम शुरू कर दिया जाएगा। एक व्यक्ति अधिकतम चार टिकट ले सकेगा आम दर्शकों के लिए सबसे सस्ता टिकट ₹1,000, जबकि सबसे महंगा पैवेलियन टिकट ₹12,500 का होगा। मैच के सभी टिकट सिर्फ ऑनलाइन मिलेंगे। अन्य कैटेगरी के टिकटों के रेट भी जारी किए जाएंगे। जोमैटो होगा आधिकारिक टिकटिंग पार्टनर MPCA ने मैच के लिए जोमैटो को आधिकारिक ऑनलाइन टिकटिंग पार्टनर बनाया है। टिकटों की बिक्री सिर्फ ऑनलाइन होगी। स्टेडियम के काउंटर से ऑफलाइन टिकट नहीं मिलेंगे। टिकटों की खरीद की सीमा भी तय की गई है। एक व्यक्ति अधिकतम 4 टिकट खरीद सकेगा। ये टिकट एक ही कैटेगरी के या अलग-अलग कैटेगरी के हो सकते हैं। होलकर स्टेडियम में आखिरी इंटरनेशनल मैच 18 जनवरी 2026 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे खेला गया था। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराया था। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत में वनडे सीरीज अपने नाम की थी। होलकर स्टेडियम में आखिरी इंटरनेशनल मैच 18 जनवरी 2026 को भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरा वनडे खेला गया था। इस मुकाबले में न्यूजीलैंड ने भारत को 41 रन से हराया था। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड ने पहली बार भारत में वनडे सीरीज अपने नाम की थी। सबसे सस्ता टिकट एक हजार रुपये का है क्रिकेट मैच का आनंद लेने के लिए दर्शकों को इस बार एक हजार रुपये से लेकर 12 हजार 500 रुपये तक खर्च करना होंगे। मैच का सबसे सस्ता टिकट एक हजार रुपये का है, वहीं टिकट की अधिकतम दर 12,500 रुपये की है। मैच के टिकटों की बिक्री ऑनलाइन की जाएगी। एमपीसीए शीघ्र ही टिकट बुकिंग की दिनांक और समय घोषित करेगा। टिकट दर     साउथ पवैलियन लोअर – 6,500     साउथ पवैलियन लोअर (लाइव हास्पिटैलिटी)- 12,500     साउथ पवैलियन पहली मंजिल – 8,500     साउथ पवैलियन पहली मंजिल (फूड बाक्स हास्पिटैलिटी) – 11,000     साउथ पवैलियन दूसरी मंजिल – 7,500     साउथ पवैलियन तीसरी मंजिल – 5,500     ईस्ट गैलरी ग्राउंड फ्लोर – 1,000     ईस्ट गैलरी पहली मंजिल (प्रीमियम) – 1,700     ईस्ट गैलरी पहली मंजिल (रेगुलर) – 1,400     ईस्ट गैलरी दूसरी मंजिल – 1,250     वेस्ट गैलरी ग्राउंड प्लोर – 1,100     वेस्ट गैलरी पहली मंजिल (प्रीमियम) – 1,800     वेस्ट गैलरी पहली मंजिल (रेगुलर) – 1,500     वेस्ट गैलरी दूसरी मंजिल – 1,350 टिकट बिक्री की तारीख का ऐलान बाकी MPCA ने टिकटों की कीमतें घोषित कर दी हैं, लेकिन ऑनलाइन बिक्री किस तारीख और किस समय शुरू होगी, इसकी जानकारी अभी नहीं दी गई है। एसोसिएशन की ओर से टिकटिंग प्लेटफॉर्म की तैयारियां पूरी होने के बाद बिक्री की तारीख घोषित की जाएगी। 5 मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला भारत और वेस्टइंडीज के बीच 5 मैचों की T20 सीरीज खेली जाएगी। सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होगा। यह होलकर स्टेडियम में खेला जाने वाला 5वां T20 इंटरनेशनल मैच होगा।