samacharsecretary.com

मोहसिन नकवी की मुश्किलें बढ़ीं! BCCI और अफगान बोर्ड ने मिलकर तैयार की दोषों की लिस्ट

नई दिल्ली  आईसीसी की मीटिंग में बीसीसीआई ने एशिया कप के ट्रॉफी चोर मोहसिन नकवी की घेरेबंदी की मुकम्मल तैयारी कर ली है। हालांकि नकवी उस बैठक में शामिल होंगे, इस पर संदेह है। वह 'घरेलू राजनीति' की वजह से बैठक से किनारा कर सकते हैं। इस बीच बीसीसीआई ने ट्रॉफी चोर के 'गुनाहों' की एक लिस्ट तैयार कर ली है। इतना ही नहीं, नकवी की घेरेबंदी में उसे अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भी साथ मिल सकता है। टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट ने अपनी रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया है कि बीसीसीआई ने 'मोहसिन नकवी के खिलाफ आरोपों की एक पूरी लिस्ट' तैयार की है। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष के साथ-साथ एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) के प्रमुख हैं। इसके अलावा वह पाकिस्तान सरकार में मंत्री भी हैं। बीसीसीआई ने इसे आईसीसी नियमों के खिलाफ बताते हुए उनकी घेरेबंदी की पुख्ता तैयारी कर ली है। बोर्ड का आरोप है कि नकवी ने आईसीसी के गर्वनेंस रेग्युलेशंस का उल्लंघन किया है। वह दोहरी भूमिका निभा रहे हैं। सरकार में पद के साथ-साथ खेल निकाय में भी पदाधिकारी हैं। रिपोर्ट की माने तो बीसीसीआई को इसमें अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड का भी समर्थन मिल रहा है। एक सूत्र ने टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट को बताया, 'अफगानिस्तान भारत के रुख का समर्थन करेगा और नकवी से अपने किसी एक पद को छोड़ने की मांग करेगा। हालांकि नकवी शायद ही पीछे हटें।' रिपोर्ट में कहा गया है कि नकवी को भी अंदाजा है कि बीसीसीआई उन्हें घेरेगा, लिहाजा वह दुबई में होने वाली आईसीसी की मीटिंग में ऐसी किसी भी संभावित आपत्तियों से निपटने की तैयारी में जुटे हैं। इसके लिए वह मीटिंग में शामिल भी हो सकते हैं। इससे पहले पीटीआई की एक रिपोर्ट में संकेत दिया गया था कि नवकी आईसीसी मीटिंग से किनारा कर सकते हैं और उनकी जगह पर पीसीबी के सीओओ सुमेर सैयद हिस्सा ले सकते हैं। वैसे टेलिकॉम एशिया स्पोर्ट की रिपोर्ट की माने तो नकवी के 7 नवंबर को होने वाली आईसीसी की बैठक में शामिल होने की संभावना है। पाकिस्तानी सेनेट में एक संविधान संशोधन पर 6 और 7 नवंबर को डिबेट है। अगर उसमें हिस्सा लेने के बाद नकवी को समय मिला तो आईसीसी बैठक में शामिल हो सकते हैं। अगर मोहसिन नकवी मीटिंग में शामिल होते हैं तो बीसीसीआई एशिया कप ट्रॉफी का मुद्दा सबसे पहले उठाएगा। नकवी ने एशिया कप की ट्रॉफी को विजेता टीम यानी भारतीय टीम को सौंपने के बजाय उसे चुरा लिया था और उसे अपने साथ लेते गए थे। नियमों के मुताबिक ट्रॉफी हमेशा विजेता टीम को ही दिया जाता है और आयोजक संस्था या बोर्ड उसे अपने पास नहीं रख सकता। मोहसिन नकवी ने एशिया कप की ट्रॉफी को निजी जागिर समझने की बेशर्मी दिखाई और अभी तक उसे भारतीय टीम को नहीं सौंपा है।  

लियोनेल मेसी 2025 एमएलएस बेस्ट इलेवन टीम के कप्तान चुने गए

मियामी फुटबॉल सुपरस्टार लियोनेल मेसी को इस सीज़न के मेजर लीग सॉकर (एमएलएस) की सर्वश्रेष्ठ टीम (बेस्ट इलेवन) का कप्तान चुना गया है। इस सूची में नौ अलग-अलग क्लबों के खिलाड़ियों को जगह मिली है। इंटर मियामी के इस अर्जेंटीनी फॉरवर्ड ने इस सीज़न में 29 गोल और 19 असिस्ट किए, यानी कुल 48 गोल योगदान दिए — जो 2019 में कार्लोस वेला द्वारा बनाए गए 49 योगदानों के रिकॉर्ड से बस एक कम है। मेसी अब लीग इतिहास में लगातार दो बार एमवीपी पुरस्कार जीतने वाले पहले खिलाड़ी बनने की राह पर हैं। बुधवार को एमएलएस द्वारा घोषित इस सूची में सात देशों के खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें से छह खिलाड़ी पहली बार बेस्ट इलेवन में जगह बना पाए हैं। फिलाडेल्फिया यूनियन (जेकब ग्लेसनेस और काई वाग्नर) और वैंकूवर व्हाइटकैप्स (ट्रिस्टन ब्लैकमोन और सेबेस्टियन बर्हाल्टर) ऐसी दो टीमें हैं जिनके दो-दो खिलाड़ी इस सूची में शामिल हैं। बेस्ट इलेवन का चयन हर साल मीडिया, एमएलएस खिलाड़ियों और क्लब टेक्निकल स्टाफ के वोटों से किया जाता है। 2025 एमएलएस बेस्ट इलेवन टीम गोलकीपर: डेन सेंट क्लेयर (मिनेसोटा यूनाइटेड एफसी)। डिफेंडर: ट्रिस्टन ब्लैकमोन (वैंकूवर व्हाइटकैप्स), एलेक्स फ्रीमैन (ऑरलैंडो सिटी), जेकब ग्लेसनेस (फिलाडेल्फिया यूनियन), काई वाग्नर (फिलाडेल्फिया यूनियन)। मिडफील्डर: सेबेस्टियन बर्हाल्टर (वैंकूवर व्हाइटकैप्स), इवांडर (एफसी सिनसिनाटी), क्रिस्टियन रोल्डन (सिएटल साउंडर्स)। फॉरवर्ड: डेनिस बुआंगा (एलएएफसी), एंडर्स ड्रेयर (सैन डिएगो एफसी), लियोनेल मेसी ( कप्तान) (इंटर मियामी सीएफ)।  

अनिसिमोवा ने स्वियातेक को हराकर डब्ल्यूटीए फाइनल्स के अंतिम चार में जगह बनाई

रियाद अमांडा अनिसिमोवा ने पहला सेट टाइब्रेकर में गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज इगा स्वियातेक को 6-7 (3), 6-4, 6-2 से हराकर डब्ल्यूटीए फाइनल्स टेनिस टूर्नामेंट के अंतिम चार में प्रवेश किया। अमेरिका की इस 24 वर्षीय खिलाड़ी ने विंबलडन के फाइनल में पोलैंड की खिलाड़ी से 6-0, 6-0 से हारने के बाद स्वियातेक पर लगातार दूसरी जीत हासिल की। विश्व में चौथे नंबर की खिलाड़ी अनिसिमोवा ने अमेरिकी ओपन के क्वार्टर फाइनल में भी स्वियातेक को हराया था। अनिसिमोवा को मुकाबले में केवल चार ब्रेक पॉइंट का सामना करना पड़ा और उन्होंने हर एक को बचा लिया। इस बीच एलेना रयबाकिना ने एकातेरिना एलेक्जेंड्रोवा पर 6-4, 6-4 की जीत के साथ अपना राउंड-रॉबिन चरण पूरा किया। रयबाकिना इस ग्रुप से पहले ही सेमीफाइनल में जगह बना चुकी थी।  

चैंपियंस लीग: इंटर मिलान का विजय अभियान जारी, बार्सिलोना ने ड्रॉ खेला

मिलान इंटर मिलान ने कजाकिस्तान के क्लब कैराट को 2-1 से हराकर चैंपियंस लीग फुटबाल टूर्नामेंट में अपना विजय अभियान जारी रखा लेकिन बार्सिलोना को क्लब ब्रुग ने ड्रॉ पर रोक दिया जबकि एर्लिंग हालैंड ने गोल करने का क्रम जारी रखा जिससे मैनचेस्टर सिटी ने बोरूसिया डॉर्टमुंड पर 4-1 से जीत हासिल की। पिछले वर्ष की उपविजेता इंटर के लिए लुटारो मार्टिनेज और कार्लोस ऑगस्टो ने प्रत्येक हाफ में एक गोल किया, जिससे वह इस प्रतियोगिता में बायर्न म्यूनिख और आर्सेनल के साथ चार मैचों में चार जीत हासिल करने वाली तीसरी टीम बन गई है। बार्सिलोना ने क्लब ब्रुग के खिलाफ 3-3 से ड्रॉ रहे मैच में तीन बार पिछड़ने के बाद वापसी की। बेल्जियम में खेले गए इस मैच में बार्सिलोना को वापसी दिलाने में लामिन यामल का अहम योगदान रहा। उन्होंने 61वें मिनट में गोल किया और 77वें मिनट में उनके ही शॉट पर क्लब ब्रुग के मिडफील्डर क्रिस्टोस त्ज़ोलिस ने आत्मघाती गोल कर दिया जिससे स्कोर 3-3 हो गया। ⁠ मैनचेस्टर में खेले गए एक अन्य मैच में फिल फोडेन ने मैनचेस्टर सिटी के लिए दो गोल दागे, जबकि हालैंड ने इस सत्र में अपने क्लब और अपने देश नार्वे के लिए कुल मिलाकर 17 मैचों में 27वां गोल किया। नॉर्वे के इस स्ट्राइकर ने अपने पिछले नौ मैचों में 14 गोल किए हैं। वह इस सत्र में सिर्फ़ दो बार ही गोल करने में नाकाम रहे हैं। इस बीच बेनफिका को घरेलू मैदान पर बायर लीवरकुसेन से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा, जो लीग चरण में उसकी लगातार चौथी हार है। अजाक्स को भी घरेलू मैदान पर नौवें स्थान पर काबिज गैलाटसराय से 3-0 से हार का सामना करना पड़ा। विक्टर ओसिमेन ने अपनी हैट्रिक में दो पेनल्टी को गोल में बदलकर प्रतियोगिता में सर्वाधिक छह गोल कर लिए हैं। इस तरह से उन्होंने हालैंड, हैरी केन और काइलियन एम्बाप्पे को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम पांच-पांच गोल हैं।  

कमबैक मोड ऑन: पैट कमिंस की नज़र अब दूसरे एशेज टेस्ट पर

सिडनी ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस दूसरे एशेज टेस्ट के लिए वापसी करने की राह पर हैं, लेकिन उन्होंने स्वीकार किया कि मैचों के बीच कम अंतराल को देखते हुए वह इंग्लैंड के खिलाफ सभी अंतिम चारों मैच में नहीं खेल पाएंगे। कमिंस पीठ की चोट के कारण 21 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में नहीं खेल पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में ऑस्ट्रेलिया की कप्तानी स्टीव स्मिथ करेंगे। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि वह पहले टेस्ट तक पूरी ताकत से गेंदबाजी करने लगेंगे। दूसरा टेस्ट मैच चार दिसंबर से ब्रिस्बेन में खेला जाएगा और उससे पहले ही उनकी वापसी पर फैसला होगा। कमिंस ने गुरुवार को क्रिकेट डॉट कॉम डॉट एयू से कहा, ‘‘यही हमारा लक्ष्य है और हम दूसरे टेस्ट के लिए अपनी योजना बना रहे हैं। मैं वास्तव में अच्छी तरह से तैयार हो रहा हूं और पहले टेस्ट मैच के दौरान मुझे सही तरह से पता चल जाएगा कि मैं किस स्थिति में हूं।’’ ऑस्ट्रेलिया के कप्तान को हालांकि लगता है कि वह आखिर के सभी चार मैच में नहीं खेल पाएंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं जितना हो सके उतना खेलने के लिए उत्सुक हूं। लेकिन वास्तविकता यह है कि अगर हमारे पास एक बड़ा मैच है और हम 40 या 50 ओवर गेंदबाजी करते हैं और फिर कुछ दिनों बाद अगला मैच शुरू होता है तो फिर उसमें खेलना मुश्किल हो सकता है।’’  

चैंपियंस लीग : फिल फोडेन ने दागे 2 गोल, डॉर्टमुंड के खिलाफ मैनचेस्टर सिटी की आसान जीत

नई दिल्ली मैनचेस्टर सिटी ने बोरुसिया डॉर्टमुंड पर 4-1 से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम ने चैंपियंस लीग स्टैंडिंग में चौथा स्थान हासिल कर लिया है। फिल फोडेन इस मुकाबले के हीरो रहे, जिन्होंने दो गोल दागे। डॉर्टमुंड ने शुरुआती समय में मैनचेस्टर सिटी को रोके रखा, लेकिन 22वें मिनट फिल फोडेन ने बॉक्स के किनारे से एक सटीक लो शॉट लगाकर मैच का रुख बदल दिया। इसके 7 मिनट बाद एर्लिंग हालैंड ने डोकू के क्रॉस पर एक जोरदार शॉट लगाकर सिटी की बढ़त को दोगुना कर दिया। यहां से डॉर्टमुंड मुकाबले में 0-2 से पिछड़ गई थी। शानदार शुरुआत के बावजूद मेहमान टीम सिटी की गति और मूवमेंट को संभालने में नाकाम रही। हाफ टाइम से पहले गोलकीपर ग्रेगोर कोबेल को बार-बार एक्शन में आना पड़ा। फिल फोडेन ने 57वें मिनट में फिर से गोल दागते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। मुकाबले के 72वें मिनट डॉर्टमुंड ने जवाब दिया। वाल्डेमर एंटोन ने एक शॉर्ट फ्री किक के बाद वॉली मारकर गोल किया। मैच खत्म होने में 20 मिनट से भी कम समय शेष रह गया था। मुकाबले का स्कोर 3-1 था। इस बीच बुंडेसलीगा टीम ने आगे बढ़कर हमला किया। करीम एडेयेमी दो बार गोल के करीब पहुंचे, लेकिन सब्स्टीट्यूट रेयान चेर्की ने स्टॉपेज टाइम (90+1) में गोल करके नतीजा पक्का कर दिया। मैनचेस्टर सिटी चैंपियंस लीग स्टैंडिंग में अब टॉप-3 टीमों बायर्न म्यूनिख, आर्सेनल और इंटर से सिर्फ 2 प्वाइंट पीछे है। अब डॉर्टमुंड इस महीने के आखिर में विलारियल की मेजबानी करने से पहले अपनी पहली चैंपियंस लीग हार से उबरने की कोशिश करेगा। डॉर्टमुंड के कोच निको कोवाक ने कहा, “हमने देखा है कि सिटी साफतौर पर बेहतर टीम है। हमने अच्छी शुरुआत की, लेकिन काफी मौके नहीं बना पाए और कुल मिलाकर बहुत पैसिव रहे। यह मुकाबला सिटी के खिलाफ था, लेकिन चार गोल खाना फिर भी थोड़ा ज्यादा है, आखिर में गोलों का अंतर भी मायने रख सकता है।”  

भारतीय गेंदबाजों का कमाल: ऑस्ट्रेलिया ताश के पत्तों की तरह बिखरी, सुंदर-शिवम-अक्षर छाए

कैरारा भारत ने ऑस्ट्रेलिया को चौथे टी20 मैच में 48 रन से हराकर 2-1 की अजेय बढ़त हासिल कर ली। अब दोनों टीमों का सामना आखिरी मुकाबले में आठ नवंबर को होगा, जिसमें जीत हासिल कर भारत 3-1 से अपने नाम करना चाहेगा। बता दें कि, कैरारा में खेले गए चौथे मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 167 रन बनाए। जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 18.2 ओवर में ही 119 रन के स्कोर पर ऑलआउट हो गई। भारत के लिए वाशिंगटन सुंदर ने तीन और अक्षर पटेल व शिवम दुबे को दो-दो सफलताएं मिलीं। वहीं, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। घर में ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार पांच मैचों की सीरीज के चौथे मुकाबले में मेजबान ऑस्ट्रेलिया अपने घर में टी20 अंतरराष्ट्रीय के दूसरे सबसे छोटे स्कोर पर ऑलआउट हो गई। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया 2022 में सिडनी में न्यूजीलैंड के खिलाफ 111 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई थी। वहीं, भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उन्हीं की सरजमीं पर दूसरा सबसे बड़ा लक्ष्य सफलतापूर्व डिफेंड किया। इससे पहले 2020 में भारत ने 162 रनों का लक्ष्य डिफेंड किया था। ऑस्ट्रेलिया की पारी 168 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई और 18.2 ओवर में सिर्फ 119 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से कप्तान मिचेल मार्श (30) ही 30 रन का आंकड़ा छू सके, जबकि मैथ्यू शॉर्ट (25) ने शुरुआत में कुछ आक्रामक शॉट लगाए। अक्षर पटेल ने शॉर्ट को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई, फिर जोश इंग्लिस (12) को बोल्ड किया। इसके बाद शिवम दुबे ने मिचेल मार्श और टिम डेविड (14) को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया। ग्लेन मैक्सवेल (2) और जोश फिलिप (10) जल्दी लौट गए। आखिर में वाशिंगटन सुंदर ने कहर बरपाया। उन्होंने लगातार गेंदों पर मार्कस स्टोइनिस (17) और जेवियर बार्टलेट (0) को आउट करने के बाद अगली ओवर में एडम जंपा (0) को भी चलता किया। सुंदर ने मात्र तीन रन देकर तीन विकेट झटके, जबकि अक्षर पटेल ने 20 रन पर दो विकेट और शिवम दुबे ने भी 20 रन पर दो विकेट लिए। अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह को भी एक-एक सफलता मिली। भारत की पारी भारत की ओर से गिल के अलावा कोई और नहीं चला। उन्होंने सबसे ज्यादा 46 रन की पारी खेली।  अभिषेक शर्मा 21 गेंद में तीन चौके और एक छक्के की मदद से 28 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, शुभमन गिल ने 39 गेंद पर चार चौके और एक छक्के की मदद से 46 रन की पारी खेली। वहीं, शिवम दुबे 18 गेंद में 22 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 10 गेंद में दो छक्के की मदद से 20 रन की पारी खेली। तिलक वर्मा पांच रन और जितेश शर्मा तीन रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर भी 12 रन ही बना सके। अर्शदीप खाता खोले बिना पवेलियन लौटे। आखिर में अक्षर पटेल ने जरूर कुछ आक्रामक शॉट्स खेले। वह 11 गेंद में 21 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया के लिए नाथन एलिस और जैम्पा ने तीन-तीन विकेट लिए। इसके अलावा जेवियर बार्टलेट और स्टोइनिस को एक-एक विकेट मिला।  

सट्टेबाजी मामले में फंसे क्रिकेटर, ED ने रैना और धवन की 11 करोड़ की संपत्ति जब्त की

नई दिल्ली   भारतीय टीम के पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन की मु्श्किल बढ़ गई हैं। गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सट्टेबाजी एप केस में कार्रवाई करते हुए दोनों की 11.14 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली। सूत्र ने बताया कि ऑनलाइन सट्टेबाजी साइट 1xBet के खिलाफ मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत धवन की 4.5 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और रैना के 6.64 करोड़ रुपये के म्यूचुअल फंड को कुर्क करने का अनंतिम आदेश जारी किया गया है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन के खिलाफ ईडी ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने अवैध सट्टेबाजी एप मामले में सुरेश रैना और शिखर धवन की करोड़ों की संपत्ति कुर्क कर ली है। ऑनलाइन सट्टेबाजी और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़े 1xBet केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर सुरेश रैना और टीम इंडिया के बल्लेबाज शिखर धवन की कुल ₹11.14 करोड़ की संपत्ति अस्थायी रूप से कुर्क की है। यह कार्रवाई मनी लॉन्ड्रिंग निरोधक अधिनियम (PMLA), 2002 के तहत की गई है। सुरेश रैना और शिखर धवन पर क्या है आरोप ईडी का कहना है कि दोनों क्रिकेटरों ने “1xBet” और उससे जुड़े सरोगेट ब्रांड्स — 1xBat, 1xBat Sporting Lines — का जानबूझकर प्रमोशन किया, जिससे भारत में अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी को बढ़ावा मिला। जांच एजेंसी के मुताबिक, इन क्रिकेटरों ने विदेशी कंपनियों के साथ प्रचार अनुबंध किए, और उनका भुगतान विदेशी माध्यमों से लेयर ट्रांजैक्शन के जरिए किया गया। इससे अवैध फंड्स की असली पहचान छिपाई गई। क्रिकेटरों की कुर्क संपत्तियां     सुरेश रैना के नाम पर ₹6.64 करोड़ के म्यूचुअल फंड निवेश कुर्क किए गए हैं।     शिखर धवन के नाम पर ₹4.5 करोड़ की अचल संपत्ति अटैच की गई है। 1000 करोड़ से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग का शक एजेंसी की जांच में सामने आया है कि 1xBet नेटवर्क ने भारत में लगभग ₹1000 करोड़ से अधिक की मनी लॉन्ड्रिंग की है। इसके लिए 6000 से ज्यादा ‘म्यूल अकाउंट्स’ का इस्तेमाल किया गया, जिनके जरिए भारतीय उपयोगकर्ताओं से पैसे जुटाए गए। ईडी ने अब तक ₹4 करोड़ से अधिक की राशि फ्रीज की है और चार पेमेंट गेटवे पर छापेमारी भी की है। रिपोर्ट्स के अनुसार 1xBet ने अपने “स्पोर्ट्स प्रमोशन कॉन्ट्रैक्ट्स” के जरिए भारत में क्रिकेट और स्पोर्ट्स प्रेमियों तक अपनी पहुंच बनाई। इन सौदों के तहत सेलेब्रिटीज और इन्फ्लुएंसर्स को भुगतान कर प्रचार कराया गया, जिससे अवैध सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म को वैधता का आभास दिलाया गया।  करोड़ों की ठगी का आरोप पूर्व क्रिकेटर सुरेश रैना और शिखर धवन से हाल ही में प्रवर्तन निदेशालय ने पूछताछ की थी। इस दौरान दोनों के बयान दर्ज किए गए थे। बता दें कि, ईडी इस समय कई ऐसे मामलों की जांच कर रही है, जो अवैध बेटिंग एप्स से जुड़े हैं। एजेंसी का मानना है कि इस तरह के बेटिंग एप्स न केवल अवैध हैं, बल्कि इनके जरिए बड़े पैमाने पर धन शोधन की गतिविधियां भी होती हैं। इन एप्स पर आरोप है कि इन्होंने लाखों लोगों और निवेशकों को करोड़ों रुपये का चूना लगाया है या फिर भारी मात्रा में टैक्स की चोरी की है। इस मामले में ईडी ने कार्रवाई तेज की है, खासकर उन विज्ञापनों पर जिनमें फिल्मी सितारे और क्रिकेटर शामिल हैं। इसी कड़ी में अब क्रिकेटरों और फिल्मी हस्तियों की भूमिका को लेकर भी जांच आगे बढ़ाई जा रही है।  ईडी के रडार पर और कौन? ईडी की जांच में पाया गया है कि दोनों पूर्व क्रिकेटरों ने 1xBet और उसके प्रतिनिधियों के प्रचार के लिए विदेशी संस्थाओं के साथ 'जानबूझकर' समर्थन समझौते किए। ईडी ने इस जांच के तहत इन दोनों के अलावा युवराज सिंह और रॉबिन उथप्पा जैसे अन्य पूर्व क्रिकेटरों, अभिनेता सोनू सूद, उर्वशी रौतेला, मिमी चक्रवर्ती (तृणमूल कांग्रेस की पूर्व सांसद) और अंकुश हाजरा (बंगाली अभिनेता) से भी पूछताछ की है।  

‘आप रोल मॉडल हैं’ — राष्ट्रपति मुर्मु ने वर्ल्ड चैंपियन बेटियों से की मुलाकात, टीम ने भेंट किया विशेष उपहार

नई दिल्ली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की है. पीएम मोदी के साथ बातचीत के एक दिन बाद यानी गुरुवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने विश्व कप विजेता टीम से मुलाकात की और उन्हें इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी. राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक ‘X’ हैंडल पर लिखा गया, 'आईसीसी महिला क्रिकेट विश्व कप 2025 की विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की. राष्ट्रपति ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने इतिहास रचा है और वे नई पीढ़ी के लिए रोल मॉडल बन गई हैं. उन्होंने कहा कि यह टीम भारत का प्रतिबिंब है. ये अलग-अलग क्षेत्रों, सामाजिक पृष्ठभूमियों और परिस्थितियों से आती हैं, लेकिन ये एक टीम हैं-टीम इंडिया.' राष्ट्रपति को गिफ्ट की टीम जर्सी मुलाकात के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने राष्ट्रपति को भारतीय टीम की जर्सी भेंट की, जिस पर सभी खिलाड़ियों के हस्ताक्षर थे. भारत की वुमन इन ब्लू ने रविवार रात नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर अपना पहला आईसीसी खिताब जीता था. बुधवार शाम, हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर मुलाकात की थी. सम्मान समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने औपचारिक पोशाक में सजी और गले में विजेता पदक पहने खिलाड़ियों को बधाई दी. उन्होंने टीम की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना की और टूर्नामेंट के लीग चरण में लगातार तीन हारों के बाद शानदार वापसी करने के लिए उनकी तारीफ की. पीएम मोदी ने खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ से समूह वार्ता भी की, जहां टीम ने उन्हें अपने हस्ताक्षर वाली भारतीय टीम जर्सी भेंट की.

PM मोदी ने महिला क्रिकेट टीम से कहा: आपकी जीत देश की लाखों बेटियों का हौसला है

नई दिल्ली  आईसीसी वुमेंस क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की चैंपियन बनने के बाद भारतीय महिला क्रिकेट टीम बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिली। भारतीय महिला क्रिकेट टीम के साथ हेड कोच अमोल मजूमदार और बीसीसीआई के अध्यक्ष मिथुन मन्हास भी थे। इस दौरान पीएम मोदी की लंबी बातचीत भारतीय खिलाड़ियों से हुई। इसी बीच पीएम मोदी ने एक खास गुजारिश हाल ही में विश्व चैंपियन बनी हरमनप्रीत कौर एंड कंपनी से की है।   साउथ अफ्रीका को 2 नवंबर को नवी मुंबई में विश्व कप के फाइनल में 52 से हराने वाली भारतीय टीम की खिलाड़ियों से पीएम मोदी ने कहा है कि उन्हें अपने स्कूल में जाना चाहिए और बच्चों से बातचीत करनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “एक बार जब आप अपने घर वापस जाएंगी, तो स्वाभाविक रूप से उत्साह और उमंग का माहौल होगा, लेकिन कुछ दिनों बाद, जिस स्कूल से आपने पढ़ाई की है, वहां जाकर बच्चों से बात कीजिए।” पीएम मोदी ने आगे कहा, "बच्चे आपसे ढेर सारे सवाल पूछेंगे। मुझे विश्वास है कि स्कूल और वो बच्चे आपको जिंदगी भर याद रखेंगे। फिर आप साल में जब भी मौका मिले, तीन स्कूल चुन सकते हैं—एक दिन एक स्कूल और इस तरह आप तीन स्कूल चले जाएं। यह आपको एक तरह से प्रेरित भी करेगा।" कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पीएम मोदी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कहा, "मुझे आज भी याद है जब 2017 में हम आपसे मिले थे। उस समय हम ट्रॉफी लेकर नहीं आए थे, लेकिन हमारे लिए ये बहुत सम्मान की बात है कि इस बार, जिस चीज़ के लिए हम इतने सालों से इतनी मेहनत कर रहे थे, उसकी ट्रॉफी को हम यहां लेकर आए हैं।" ओपनर और उपकप्तान स्मृति मंधाना ने भी यही बात कही। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने टीम की खिलाड़ियों से कहा, “आपने बहुत अच्छा काम किया है। भारत में क्रिकेट सिर्फ एक खेल नहीं है। एक तरह से, यह भारत के लोगों की जिंदगी बन गया है। अगर क्रिकेट में कुछ अच्छा होता है, तो भारत को अच्छा लगता है और अगर क्रिकेट में थोड़ा सा भी कुछ गलत होता है, तो पूरे भारत को बुरा लगता है।”