samacharsecretary.com

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का कमाल, इंग्लैंड में टी20 सीरीज जीतकर रचा इतिहास

मैनचेस्टर भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में छह विकेट से जीत दर्ज की। इसी के साथ भारत ने इंग्लैंड की सरजमीं पर इतिहास रच दिया है। भारतीय महिला टीम ने पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ उन्हीं के घर में दो या उससे अधिक मुकाबलों की टी20 सीरीज अपने नाम की है। भारत ने इंग्लैंड में पहली बार साल 2006 में टी20 क्रिकेट खेला था। इस दौरान सिर्फ एक ही टी20 मैच खेला गया, जिसमें भारत ने आठ विकेट से जीत दर्ज की थी। भारत-इंग्लैंड की महिला टीमों के बीच पांच मुकाबलों की टी20 सीरीज का यह मुकाबला मैनचेस्टर में खेला गया, जिसमें इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। इंग्लैंड को अपना ही निर्णय भारी पड़ गया। टीम ने 21 के स्कोर पर डेनियल व्याट-हॉज (5) का विकेट खो दिया। इसके बाद टीम ने निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाए। मेजबान टीम निर्धारित ओवरों तक सात विकेट खोकर महज 126 रन बना सकी। इस टीम के लिए सोफिया डंकले ने 19 गेंदों में सर्वाधिक 22 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान टैमी ब्यूमोंट ने 19 गेंदों में 20 रन बनाए। भारत की ओर से श्री चरणी और राधा यादव को दो-दो विकेट हाथ लगे, जबकि अमनजोत कौर और दीप्ति शर्मा ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। इसके जवाब में भारतीय टीम ने तीन ओवर शेष रहते मुकाबला जीत लिया। स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा के बीच सात ओवरों में 56 रन की साझेदारी हुई। शेफाली ने 19 गेंदों में 31 रन बनाए, जबकि मंधाना ने 31 गेंदों में 32 रन टीम के खाते में जोड़े। भारत 69 के स्कोर तक अपनी सलामी जोड़ी गंवा चुका था। यहां से जेमिमा रोड्रिगेज ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ तीसरे विकेट के लिए 48 रन जोड़कर टीम को जीत की दहलीज पर ला दिया। हरमनप्रीत कौर ने 25 गेंदों में 26 रन की पारी खेली, जिसमें तीन चौके शामिल रहे, जबकि जेमिमा ने 22 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए। इंग्लैंड की ओर से चार्लोट डीन, सोफी एक्लेस्टोन और ईसी वोंग ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। भारत पांच मुकाबलों की सीरीज में 3-1 से अजेय बढ़त बना चुका है। सीरीज का आखिरी मुकाबला 12 जुलाई को एजबेस्टन में खेला जाएगा।  

हमारा सफर यहीं नहीं रुकेगा: राधा यादव ने जताई भविष्य की बड़ी उम्मीदें

मैनचेस्टर अपनी स्पिन गेंदबाजी से भारत की इंग्लैंड के खिलाफ महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला में ऐतिहासिक जीत में अहम भूमिका निभाने वाली बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव ने कहा कि टीम कोई बड़ी उपलब्धि हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध थी। बाएं हाथ की स्पिन जोड़ी राधा (2/15) और श्री चरणी (2/30) तथा अनुभवी दीप्ति शर्मा (1/29) ने मिलकर पांच विकेट लिए, जिससे इंग्लैंड की टीम चौथे मैच में सात विकेट पर 126 रन ही बना सकी। भारत ने 17 ओवर में लक्ष्य हासिल करके पांच मैचों की श्रृंखला में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली। राधा ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ''इस बार का विश्वास और समर्पण वाकई अलग है। मुझे पहले के बारे में तो नहीं पता, लेकिन इस बार टीम का माहौल बहुत शानदार है और हम आगे भी बड़ी उपलब्धि हासिल करना चाहते हैं।'' बाएं हाथ की स्पिनर ने कहा कि हालांकि टीम को अभी भी कुछ क्षेत्रों में सुधार करना है, लेकिन वह हर हाल में दबदबा बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा, ''दबदबा बनाकर खेलना ऐसा रास्ता है जिस पर हम जाना चाहते हैं। हम जानते हैं कि अभी हमें कुछ क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है लेकिन यह अलग टीम है जो हावी होकर खेलना चाहती है।''  

विंबलडन 2025: कोर्ट पर गिरे नोवाक जोकोविच, कहा- मेरा शरीर अब पहले जैसा नहीं रहा

लंदन विंबलडन-2025 के क्वार्टर फाइनल में नोवाक जोकोविच ने फ्लावियो कोबोली के खिलाफ मुकाबले को अपने नाम किया। जीत हासिल करने से ठीक पहले जोकोविच कोर्ट पर गिर पड़े, जिसने वहां मौजूद फैंस को चिंतित कर दिया। 24 बार के मेजर चैंपियन नोवाक जोकोविच कुछ देर बाद अपने पैरों पर वापस उठे और 6-7(6), 6-2, 7-5, 6-4 से जीत हासिल करते हुए अगले दौर में जगह बनाई। जीत के बाद नोवाक जोकोविच ने पत्रकारों से कहा, “यह बहुत अजीब था। घास पर ऐसा होता है। मेरे करियर में ग्रास-कोर्ट पर ऐसा कई बार हुआ है। स्पष्ट है कि मेरा शरीर अब पहले जैसा नहीं रहा, इसलिए चोट का असर मुझे अगले दिन महसूस होगा। तो देखते हैं। मैं उम्मीद कर रहा हूं कि अगले 24 से 48 घंटे में जो कुछ भी हुआ है, वह ज्यादा गंभीर न हो, ताकि मैं दो दिनों में बिना दर्द के अपना सर्वश्रेष्ठ खेल सकूं।” अपनी 102वीं विंबलडन जीत के साथ, जोकोविच के इस सीजन का रिकॉर्ड 26-8 हो गया है। वह 25वें मेजर खिताब से दो कदम दूर हैं। अगर 38 वर्षीय जोकोविच इस खिताब को जीत लेते हैं, तो वह ग्रास कोर्ट मेजर में रोजर फेडरर के आठ खिताबों के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगे। अगर जोकोविच खिताब जीत लेते हैं, तो टूर्नामेंट के ओपन एरा इतिहास में सबसे उम्रदराज चैंपियन भी बन जाएंगे। इसी के साथ वह रोजर फेडरर के साल 2017 में बनाए गए रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने 35 साल की उम्र में खिताब जीता था। जोकोविच ने कहा, “मैं 38 वर्षीय खिलाड़ी के रूप में इस बात से बहुत संतुष्ट हूं कि मैं अभी जिस तरह से चल-फिर रहा हूं और खेल रहा हूं, यह मुझे बहुत पसंद है। मेरी टीम में लगभग 10 लोग हैं, जो मेरे ऑन-कोर्ट और ऑफ-कोर्ट करियर, तैयारी और रिकवरी के हर पहलू पर रोजाना काम करते हैं।” उन्होंने कहा, “कभी-कभी मैं इन रोजमर्रा के कामों से थक जाता हूं, लेकिन प्रदर्शन को बेहतर करने के लिए मुझे करना पड़ता है। कोर्ट से बाहर, जिम में या फिर ट्रीटमेंट टेबल पर कई-कई घंटे बिताने पड़ते हैं, बस इस कोशिश में कि जो कुछ भी मेरे पास है, उसके साथ मैं सर्वश्रेष्ठ दे सकूं।”  

IPL 2025 टिकट घोटाले पर गिरी गाज, हैदराबाद क्रिकेट बॉडी के अध्यक्ष जगन मोहन राव गिरफ्तार

हैदराबाद  हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) के अध्यक्ष ए. जगन मोहन राव को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 सीजन से जुड़े टिकट घोटाले में कथित संलिप्तता के आरोप में क्राइम इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) ने गिरफ्तार किया. राव के साथ HCA के चार अन्य वरिष्ठ अधिकारी- कोषाध्यक्ष सी. श्रीनिवास राव, CEO सुनील कांते, महासचिव राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी जी. कविता  को तेलंगाना CID ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. ये गिरफ्तारियां नि:शुल्क मैच टिकटों के वितरण से जुड़ी जालसाजी, वित्तीय गड़बड़ी और दबाव डालने की गतिविधियों के आरोपों के बाद हुईं. तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) के महासचिव धरम गुराव रेड्डी द्वारा 9 जून को दर्ज कराई गई शिकायत के बाद यह मामला दर्ज किया गया. इस शिकायत के आधार पर सीआईडी ​​ने भारतीय दंड संहिता (IPC) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया, जिनमें धारा 465 (जालसाजी), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 471 (फर्जी दस्तावेजों को असली के रूप में इस्तेमाल करना), 403 (संपत्ति का बेईमानी से गबन), 409 (लोक सेवक द्वारा आपराधिक विश्वासघात) , 420 (धोखाधड़ी), साथ ही धारा 34 (साझा इरादे से कई व्यक्तियों द्वारा किए गए कार्य) शामिल हैं. आरोप है कि राव ने एचसीए चुनाव लड़ने के लिए एक जाली दस्तावेज पेश किया था. एचसीए द्वारा आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पर निर्धारित सीमा से ज्यादा कॉम्प्लिमेंट्री टिकट देने के लिए दबाव डालने के प्रयासों से जुड़े और भी आरोप सामने आए हैं. एसआरएच, एचसीए और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के बीच हुए त्रिपक्षीय समझौते के अनुसार, एचसीए को 3,900 कॉम्प्लिमेंट्री टिकट मिलने चाहिए , जो स्टेडियम की क्षमता के 10% के बराबर है. हालांकि एचसीए अधिकारियों ने कथित तौर पर अतिरिक्त 10% की मांग की, जिसे एसआरएच ने अस्वीकार कर दिया. फ्रेंचाइजी ने यह भी आरोप लगाया कि राव ने 27 मार्च को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ एसआरएच के मैच से कुछ घंटे पहले कॉर्पोरेट बॉक्स पर ताला लगा दिया और 20 अतिरिक्त कॉम्प्लिमेंट्री टिकटों की मांग की. एसआरएच ने दावा किया कि इस कार्रवाई ने एचसीए और बीसीसीआई के साथ हुए त्रिपक्षीय समझौते का उल्लंघन किया है, जिसके तहत एसोसिएशन का आवंटन स्पष्ट रूप से 3,900 पास तक सीमित है. बैठक के बाद एचसीए और एसआरएच के बीच पहले ही 3,900 कॉम्प्लिमेंट्री पास आवंटित करने पर सहमति बन गई थी. इसके बावजूद, एसआरएच ने बीसीसीआई और आईपीएल गवर्निंग काउंसिल में शिकायत दर्ज कराई और एचसीए पर बार-बार ब्लैकमेलिंग करने का आरोप लगाया. हालांकि एचसीए ने इन आरोपों से इनकार किया है. तनाव इतना बढ़ गया कि SRH ने धमकी दी कि अगर HCA टिकट कोटे को लेकर दबाव डालता रहा, तो वे अपने घरेलू मैच किसी दूसरे राज्य में शिफ्ट कर देंगे. हालात को शांत करने के लिए HCA के सचिव आर. देवराज ने SRH के प्रतिनिधि किरण, सरवनन और रोहित सुरेश के साथ राजीव गांधी स्टेडियम में बैठक की ताकि कोई हल निकाला जा सके. चर्चा के दौरान एसआरएच ने एसआरएच, एचसीए और बीसीसीआई के बीच मौजूदा त्रिपक्षीय समझौते का सख्ती से पालन करने का प्रस्ताव रखा. HCA और SRH ने एक संयुक्त बयान में कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि स्टेडियम की उपलब्ध कुल क्षमता का 10%, सभी सेक्शन में उसी के अनुसार आवंटित किया जाए जैसा कि समझौते में तय है. इसके जवाब में HCA ने प्रस्ताव रखा कि हर श्रेणी में पास का मौजूदा आवंटन पहले जैसी ही व्यवस्था के अनुसार जारी रखा जाए, जैसा कि पिछले कई वर्षों से होता आया है. SRH के CEO षणमुगम से बात करने के बाद यह तय हुआ कि HCA को मिलने वाले 3,900 मुफ्त टिकट उसी तरह मिलेंगे, जैसे पहले होते आए हैं.HCA ने SRH को भरोसा दिया है कि आगे भी वे पूरी तरह से पेशेवर तरीके से सहयोग करेंगे. संयुक्त बयान में कहा गया, 'एचसीए और एसआरएच राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में दर्शकों के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सौहार्दपूर्ण ढंग से मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.'

एमएलसी में एमआई न्यूयॉर्क की बड़ी जीत, यूनिकॉर्न्स को मात देकर क्वालीफायर-2 में प्रवेश

फ्लोरिडा एमआई न्यूयॉर्क ने मेजर लीग क्रिकेट-2025 (एमएलसी) के एलिमिनेटर मैच में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को दो विकेट से शिकस्त दी। इसी के साथ टीम ने क्वालीफायर-2 में अपनी जगह बना ली है, जहां उसका सामना टेक्सास सुपर किंग्स से होगा। डलास में खेले गए एलिमिनेटर मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी सैन फ्रांसिस्को की टीम 19.1 ओवरों में 131 रन पर सिमट गई। टीम 62 के स्कोर तक अपने सात विकेट गंवा चुकी थी। इस बीच कूपर कोनोली ने 19 गेंदों में तीन चौकों की मदद से 23 रन बनाए। इसके बाद जेवियर बार्टलेट ने ब्रूडी काउच के साथ आठवें विकेट के लिए 59 रन की साझेदारी की, जिसने टीम को संकट से बाहर निकाला। बार्टलेट ने 24 गेंदों में 44 रन बनाए, जिसमें चार छक्के और दो चौके शामिल रहे। वहीं, काउच ने 19 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। विपक्षी टीम की ओर से रुशिल उगरकर ने सर्वाधिक तीन शिकार किए, जबकि ट्रेंट बोल्ट और नोस्टुश केंजीगे को दो-दो विकेट हाथ लगे। इसके जवाब में एमआई न्यूयॉर्क ने 19.3 ओवरों में जीत दर्ज कर ली। मोनांक पटेल और क्विंटन डी कॉक के बीच पहले विकेट के लिए 43 रन की साझेदारी हुई। मोनांक पटेल ने 32 गेंदों में दो छक्कों के साथ 33 रन जड़े, जबकि क्विंटन डी कॉक ने 24 गेंदों में इतने ही रन की पारी खेली। इनके अलावा माइकल ब्रेसवेल ने 18 और ट्रेंट बोल्ट ने नाबाद 22 रन बनाए। सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स की ओर से हसन खान ने सर्वाधिक चार विकेट झटके, जबकि कप्तान मैथ्यू शॉर्ट को तीन विकेट हाथ लगे। टेक्सास सुपर किंग्स और वाशिंगटन फ्रीडम के बीच क्वालिफायर-1 बारिश के चलते रद्द हुआ था, जिसके बाद वाशिंगटन फ्रीडम ने फाइनल में जगह बना ली थी। ऐसे में क्वालिफायर-2 जीतने वाली टीम फाइनल में फ्रीडम से भिड़ेगी।  

योगराज सिंह का बयान: गौतम गंभीर को मत रोको, वह भारत को दिलाएगा जीत

नई दिल्ली भारत और इंग्लैंड के बीच 5 टेस्ट मैच सीरीज का तीसरा मुकाबला ऐतिहासिक लॉर्ड्स मैदान में है। दोनों टीमें अभी तक 1-1 टेस्ट जीत चुकी हैं। इसी सीरीज से शुभमन गिल को कप्तानी मिली है और उन्होंने शुरुआती दो टेस्ट की 4 पारियों में एक दोहरे शतक समेत 3 सेंचुरी जड़कर शेर जैसी दहाड़ लगाई है। यह सीरीज कोच गौतम गंभीर की भी परीक्षा है जिनका बतौर कोच अब तक का रिकॉर्ड बहुत ही निराशाजनक रहा है। इस बीच युवराज सिंह के पिता और पूर्व क्रिकेटर योगराज सिंह ने गौतम गंभीर का पुरजोर समर्थन किया है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि शुभमन गिल की अगुआई में भारतीय टीम इंग्लैंड में चल रही मौजूदा सीरीज जीतेगी।   बड़बोलेपन की हद तक बेबाकी के लिए मशहूर योगराज सिंह ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, 'भारतीय खिलाड़ी लगातार विकास कर रहे हैं और अपना खेल सुधार रहे हैं. हमें हमेशा उनका समर्थन करना चाहिए। गौतम गंभीर को कुछ मत बोलो। वह अच्छा कर रहे हैं।' उन्होंने कहा, 'गंभीर, युवराज सिंह और राहुल द्रविड़ अब क्रिकेट को अपनी तरफ से दे रहे हैं क्योंकि क्रिकेट से उन्हें बहुत मिला है। अगर हमारी टीम सीरीज हारती भी है तो हमें उनका मनोबल नहीं तोड़ना चाहिए।' योगराज सिंह ने उम्मीद जताई है कि टीम इंडिया इंग्लैंड के खिलाफ मौजूदा सीरीज को अपने नाम करेगी। उन्होंने कहा, 'अगर आप हारते हैं तो आपको सफाई नहीं देना है; अगर आप जीतते हैं तब भी आपको कुछ समझाने की जरूरत नहीं है। हमें उम्मीद है कि हम शुभमन गिल की कप्तानी में सीरीज जीतेंगे।' बतौर मुख्य कोच गौतम गंभीर का अब तक का रिकॉर्ड बहुत ही खराब रहा है। उनकी कप्तानी में पहले भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ अपने ही घर में 0-3 से टेस्ट सीरीज हारी। उसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी टीम को 1-3 से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उससे उम्मीद जगी है। विराट कोहली, रोहित शर्मा और आर अश्विन जैसे दिग्गजों के लगभग एक साथ संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल ने जिस तरह टीम का आगे बढ़कर नेतृत्व किया है, वो उम्मीद जगाने वाला है।  

लॉर्ड्स में धमाका करने को तैयार शुभमन गिल, रिकॉर्ड बुक में दर्ज करने का मौका

नई दिल्ली मशुभमन गिल ने कप्तान बनते ही एक अलग मोड में बल्लेबाजी करते हुए नजर आ रहे हैं। लीड्स में खेले गए पहले टेस्ट में शतक जड़ उन्होंने अपने कैप्टेंसी करियर की शुरुआत की। वहीं एजबेस्टन में खेले गए दूसरे मैच में तो उन्होंने दोनों पारियों में शतक जड़ कमाल ही कर दिया। पहली पारी में दोहरा शतक जड़ते हुए उन्होंने 269 रन बनाए, वहीं दूसरी इनिंग में 161 रनों की लाजवाब पारी खेली। इसी रेड हॉट फॉर्म के साथ गिल लॉर्ड्स टेस्ट खेलने उतरेंगे। इस दौरान उनके सामने एक दो नहीं बल्कि 7-7 रिकॉर्ड्स अपने नाम करने का मौका होगा। इनमें से एक रिकॉर्ड ऐसा है जो 148 साल के टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में सिर्फ एक ही कप्तान अपने नाम कर पाया है। गिल अगर वह रिकॉर्ड बनाते हैं तो वह ऐसा करने वाले दुनिया के मात्र दूसरे कप्तान बनेंगे। आईए एक नजर इन 7 रिकॉर्ड्स पर डालते हैं- टेस्ट सीरीज में भारतीय कप्तान द्वारा सर्वाधिक रन शुभमन गिल ने अब तक खेले गए दो टेस्ट मैचों में 585 रन बनाए हैं। अगर वह तीसरे टेस्ट में कम से कम 148 रन बना लेते हैं, तो वह किसी भारतीय कप्तान द्वारा एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का सुनील गावस्कर का रिकॉर्ड तोड़ देंगे। 1978-79 में भारत-वेस्टइंडीज के बीच घरेलू टेस्ट सीरीज के दौरान गावस्कर ने 6 मैचों की 9 पारियों में 732 रन बनाए थे। लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली (655 बनाम इंग्लैंड, 610 बनाम श्रीलंका, 593 बनाम इंग्लैंड) मौजूद हैं। इंग्लैंड में भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन शुभमन गिल को इंग्लैंड में भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन रन बनाने के राहुल द्रविड़ के रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए मात्र 18 रनों की दरकार है। 2002 में भारत के इंग्लैंड दौरे पर द्रविड़ ने चार मैचों की छह पारियों में कुल 602 रन बनाए थे। लॉर्ड्स टेस्ट में गिल के आसानी से इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। इंडिया वर्सेस इंग्लैंड सीरीज में सर्वाधिक रन इंडिया वर्सेस इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के ग्राहम गूच के नाम है, जिन्होंने 1990 में भारत के खिलाफ एक सीरीज में 752 रन बनाए थे। गिल को अगर इस रिकॉर्ड को तोड़ना है तो 168 रन और बनाने होंगे। वहीं भारत के लिए इंडिया वर्सेस इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल के नाम है। 2024 में भारत दौरे पर आई इंग्लैंड की टीम के खिलाफ जायसवाल ने 5 मैचों की 9 पारियों में 712 रन बनाए थे। गिल उनका रिकॉर्ड तोड़ने से 128 रन दूर हैं। भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक रन भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड सुनील गावस्कर के नाम है। 1971 में लिटिल मास्टर ने अपनी पहली टेस्ट सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ चार मैचों की 8 पारियों में कुल 774 रन बनाए थे। गिल के नाम अब तक 585 रन हैं, और उन्हें 54 साल पुराने इस रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए लॉर्ड्स में कम से कम 190 रन बनाने होंगे। कप्तान के तौर पर पहले तीन टेस्ट मैचों में शतक शुभमन गिल ने कप्तान के तौर पर अपने पहले दो टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाए हैं। उन्होंने लीड्स टेस्ट की पहली पारी में 147 रन बनाए और एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट मैच में 269 और 161 रनों की पारी खेली। अगर गिल तीसरे टेस्ट मैच में भी शतक जड़ देते हैं, तो वह कप्तान के तौर पर अपने पहले तीन टेस्ट मैचों में शतक लगाने वाले पहले भारतीय बन जाएंगे। 148 साल के टेस्ट क्रिकेट में, केवल इंग्लैंड के एलिस्टर कुक ने ही कप्तान के तौर पर अपने पहले तीन टेस्ट मैचों में तीन शतक लगाए हैं। वैसे तो कुक के नाम बतौर कप्तान अपने पहले पांच टेस्ट मैचों में शतक लगाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड है। इंग्लैंड में एक से ज्यादा टेस्ट जीतने वाले भारतीय कप्तान पिछले 93 सालों में कुल 7 भारतीय कप्तानों ने इंग्लैंड में टेस्ट मैच जीते हैं, लेकिन केवल दो भारतीय – कपिल देव और विराट कोहली – ही एक से ज्यादा मैच जीने में कामयाब रहे हैं। अगर लॉर्ड्स में शुभमन गिल की अगुवाई में टीम इंडिया तिरंगा लहराती है तो गिल इस लिस्ट में जुड़ने वाले तीसरे भारतीय कप्तान बन जाएंगे। लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान कपिल देव, एमएस धोनी और विराट कोहली पिछले 93 सालों में लॉर्ड्स में टेस्ट मैच जीतने वाले केवल तीन भारतीय कप्तान हैं। गिल की नजरें जरूर इस लिस्ट में अपना नाम जोड़ने पर होगी। अगर लॉर्ड्स टेस्ट में गिल जीत दर्ज करने में कामयाब रहते हैं तो वह इंग्लैंड के खिलाफ इंग्लैंड में लगातार दो टेस्ट जीतने वाले दूसरे भारतीय कप्तान बन जाएंगे। कपिल देव ने ऐसा 1986 में किया था जब भारत लीड्स और लॉर्ड्स में लगातार दो मैच जीता था।  

इतिहास रचने की ओर इटली, टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार एंट्री का रास्ता साफ

नई दिल्ली इटली को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का टिकट मिल सकता है। जी हां…आपने एकदम सही पढ़ा। फुटबॉल और टेनिस के लिए मशहूर यह देश क्रिकेट की दुनिया में भी धीरे-धीरे अपना नाम बना रहा है। इटली के अगले साल होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में खेलने की उम्मीद उस समय जागी जब यूरोप रीजनल फाइनल क्वालीफायर में उन्होंने स्कॉटलैंड को हराया। बता दें, 2026 में भारत और श्रीलंका में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप में कुल 20 टीमें हिस्सा लेगी। 13 टीमों ने अभी तक इस मेगा आईसीसी टूर्नामेंट का टिकट हासिल कर लिया, 7 स्पॉट के लिए रेस अभी भी जारी है।   पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज जो बर्न्स की अगुवाई में इटली की जीत ने उन्हें आईसीसी टूर्नामेंट में पहली बार जगह बनाने के कगार पर ला खड़ा किया है, बशर्ते वे शुक्रवार, 11 जुलाई को नीदरलैंड्स से मिलने वाली चुनौती को पार कर सकें। पिछले हफ्ते 5 जुलाई को जब यूरोपीय क्वालीफायर शुरू हुए थे, तब पांच टीमें अगले टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करने की दौड़ में थीं। आखिरी दो दिनों में, ग्वेर्नसे एकमात्र टीम है जो बाहर हो गई है, जबकि नीदरलैंड, इटली, स्कॉटलैंड और जर्सी के बीच कड़ी टक्कर है। शुक्रवार को सिंगल राउंड-रॉबिन चरण के अंत में, टॉप दो टीमें वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। कई दिलचस्प नतीजों और दो मैचों के बारिश से रद्द होने के कारण इटली विश्व कप में शानदार जगह बनाने की मजबूत स्थिति में है। हालांकि, अंतिम दिन उनका सामना नीदरलैंड से होगा, वहीं जर्सी का सामना स्कॉटलैंड से होगा। इटली फिलहाल 3 मैचों में 5 पॉइंट्स के साथ पहले पायदान पर है, वहीं नीदरलैंड्स के खाते में 4 तो जर्सी और स्कॉटलैंड के खाते में 3-3 अंक है। इटली कैसे कर सकता है टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई अगर इटली नीदरलैंड्स के खिलाफ आखिरी मैच जीतने में कामयाब रहती है तो निश्चित रूप से उन्हें टी20 वर्ल्ड कप 2025 का टिकट मिल जाएगा, वहीं अगर टीम हारती है तो मामला नेट रन रेट पर फंसेगा। जर्सी या स्क्वॉटलैंड में से जो टीम जीतेगी वह 5 अंकों तक पहुंच जाएगी, ऐसे में इटली और जर्सी वर्सेस स्कॉटलैंज मैच जीतने वाली टीम में से जिसका नेट रन रेट बेहतर होगा उसे नीदरलैंड्स के साथ टी20 वर्ल्ड कप का टिकट मिलेगा।  

प्रतिद्वंद्वी से सम्मान: शाहीन अफरीदी ने बुमराह को बताया सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज

नई दिल्ली पाकिस्तान के स्टार तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी ने भारत के स्पीड स्टार जसप्रीत बुमराह की शान में कसीदे पढ़े हैं। उन्होंने भारतीय स्टार को परफेक्ट बोलर बताते हुए दुनिया का बेस्ट गेंदबाज करार दिया है। पाकिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अफरीदी का एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल है जिसमें वह बुमराह को 10 में से 10 नंबर देते दिख रहे हैं। अफरीदी पाकिस्तान के टी-20 कैप्टन भी रह चुके हैं। उनसे पूछा जाता है कि बुमराह को 10 में से कितने अंक देंगे तो उनका जवाब था 10 नंबर। इसकी वजह पूछने पर अफरीदी ने बताया, 'असल में वह मौजूदा समय के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हैं। स्विंग, सटीकता, अनुभव। मुझे लगता है कि वह मौजूदा दौर के दुनिया के बेस्ट गेंदबाज हैं।' 31 साल के जसप्रीत बुमराह ने टेस्ट, वनडे और टी-20 तीनों ही फॉर्मेट में अपनी जबरदस्त छाप छोड़ी है। उन्होंने अब तक 46 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 210 विकेट हैं। इस दौरान उन्होंने 14 बार 5 विकेट हॉल लिए हैं। अब तक 89 ओडीआई में उनके नाम 149 विकेट हैं। बुमराह ने 70 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में 89 विकेट लिए हैं। जसप्रीत बुमराह ने एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में पारी में 5 विकेट लिए थे। हालांकि, लीड्स टेस्ट में भारत हार गया था। वह एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में नहीं खेले थे। लॉर्ड्स टेस्ट में वह भारतीय टीम का हिस्सा होंगे। 2024-25 के बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में जसप्रीत बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी 5 टेस्ट मैच खेले थे। इस दौरान उन्होंने 32 विकेट झटके। 2024 में उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लिए थे। उन्हें पिछले साल आईसीसी ने क्रिकेटर ऑफ द ईयर और टेस्ट क्रिकेटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से नवाजा था। बुमराह 2025 का चैंपियंस ट्रॉफी लोवर बैक इंजरी के कारण नहीं खेल पाए थे। इस वजह से वह आईपीएल 2025 के शुरुआती मैचों में भी मुंबई इंडियंस के लिए नहीं खेल पाए थे।  

गिल एक के बाद एक रिकॉर्ड ध्वस्त कर रहे, लॉर्ड्स टेस्ट में भी वो कई कीर्तिमान बना सकते

लॉर्ड्स   5 मैचों की तेंदुलकर-एंडरसन सीरीज अब 1-1 की बराबरी पर आने के बाद रोमांचक मोड़ पर है. पहला टेस्ट इंग्लैंड की टीम ने जीता था. लेकिन दूसरे टेस्ट में बाजी भारत ने मारी. इस सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच 'क्रिकेट के मक्का' लॉर्ड्स में 10 जुलाई से है. इस मुकाबले पर सभी की नजर है. लेकिन इस मैच में कप्तान शुभमन गिल पर खासा फोकस होगा. क्योंकि गिल शानदार फॉर्म में चल  रहे हैं. पिछले मैच में उन्होंने दोहरा शतक और शतक लगाया है. गिल एक के बाद एक रिकॉर्ड ध्वस्त कर रहे हैं. इस मैच में भी वो कई कीर्तिमान बना सकते हैं. एक नजर गिल के प्रदर्शन पर… इस सीरीज में गिल के प्रदर्शन पर नजर डालें तो लीड्स में खेले गए पहले मैच की पहली पारी में गिल ने 147 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली थी. वहीं दूसरी पारी में गिल के बल्ले से केवल 8 रन ही आए थे. लेकिन दूसरे मैच की पहली पारी में गिल ने 269 रन बनाए. इसके बाद दूसरी पारी में भी गिल के बल्ले से 161 रनों का तूफान देखने को मिला. यानी दो मैचों में गिल के बल्ले से अबतक 585 रन बन चुके हैं. अभी गिल के पास 3 मैच हैं यानी 6 पारियां. गिल तोड़ सकते हैं इन दिग्गजों का रिकॉर्ड एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी डॉन ब्रेडमैन के नाम है. जिन्होंने 1930 में एशेज में इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैच की 7 पारियों में 974 रन बनाए थे.   इसमें उन्होंने एक तिहरा शतक भी लगाया था. वहीं, दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के हैमांड का नाम आता है जिन्होंने 5 मैच की 9 पारियों में 905 रन बनाए थे. इसके बाद एमए टेलर ने 1989 में एक सीरीज में 839 रन बनाए. वहीं, इस लिस्ट में तीन भारतीय खिलाड़ियों का नाम आता है. पहला नाम सुनील गावस्कर का है, जिन्होंने 1970-71 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 4 मैच की 8 पारियों में 774 रन बनाए थे. 1978-89 में फिर गावस्कर ने एक सीरीज में 732 रन बनाए. वहीं, 2023 में यशस्वी जायसवाल ने 5 मैच की 9 पारियों में 712 रन बनाए. वहीं, 2014-15 में विराट कोहली ने 4 मैच की सीरीज में 692 रन बनाए थे.  अब अगर गिल बचे हुए 3 मैचों की 6 पारियों में इसी लय में नजर आते हैं तो गावस्कर, रिचर्ड्स समेत कई दिग्गजों का रिकॉर्ड वो ध्वस्त कर सकते हैं. साथ ही एक सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीयों की लिस्ट में भी वो सबसे आगे निकल सकते हैं.  बता दें कि इससे पहले शुभमन गिल अब किसी टेस्ट मैच में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन चुके हैं. शुभमन ने इस मैच में कुल 430 रन (269 & 161) बनाए. शुभमन ने सुनील गावस्कर का 54 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया था. गावस्कर ने अप्रैल 1971 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट मैच में कुल 344 रन (124 & 220) रन बनाए थे.