samacharsecretary.com

गांगुली का नया सफर: SA20 लीग 2025-26 सीजन में संभालेंगे कोचिंग की कमान

नई दिल्ली पूर्व भारतीय कप्तान और BCCI अध्यक्ष रह चुके सौरव गांगुली अब कोचिंग की दुनिया में नजर आएंगे। गांगुली को आगामी SA20 सीजन से पहले प्रिटोरिया कैपिटल्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है, जो 26 दिसंबर से शुरू हो रहा है। गांगुली इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे जो फ्रैंचाइजी क्रिकेट में मुख्य कोच के रूप में उनका पहला कार्यकाल होगा। कैपिटल्स को उम्मीद होगी कि गांगुली की नियुक्ति से टीम की किस्मत बदलेगी। SA20 के पहले सीजन में ग्रुप चरण में शीर्ष पर रहने के बाद फ्रैंचाइजी सनराइजर्स ईस्टर्न केप के खिलाफ फाइनल में हार गई थी। हालांकि हाल के वर्षों में उनका प्रदर्शन गिर गया है, 2023-24 और 2024-25 दोनों सीजन में टीम पांचवें स्थान पर रही और प्लेऑफ से भी चूक गए। यह नया अध्याय गांगुली के क्रिकेट सफर में एक और आयाम जोड़ता है। हालांकि मुख्य कोच के रूप में यह उनकी पहली औपचारिक भूमिका है, पूर्व भारतीय कप्तान नेतृत्व का भरपूर अनुभव लेकर आते हैं। 2015 से 2019 के बीच उन्होंने बंगाल क्रिकेट संघ के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। उसके बाद वह 2019 इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) सीजन में दिल्ली कैपिटल्स के मेंटर बने। इसके तुरंत बाद गांगुली ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के अध्यक्ष का पद संभाला और 2022 तक इस पद पर रहे। गांगुली का प्रिटोरिया कैपिटल्स में जाना, दिल्ली कैपिटल्स और प्रिटोरिया कैपिटल्स दोनों के सह-मालिक, JSW में क्रिकेट निदेशक के रूप में उनकी भूमिका से भी मेल खाता है। उनकी नियुक्ति JSW के अपने SA20 प्रोजेक्ट को मजबूत करने के इरादे का संकेत देती है और गांगुली टीम के भविष्य को आकार देने में गहराई से शामिल होंगे। गांगुली के लिए पहली बड़ी चुनौती 9 सितंबर को आएगी, जब SA20 खिलाड़ियों की नीलामी होगी। कैपिटल्स से इस नीलामी में साहसिक कदम उठाने की उम्मीद है क्योंकि वे अपने नए मुख्य कोच के नेतृत्व में अपनी टीम का पुनर्निर्माण करना चाहते हैं।  

भारत की एशिया कप टीम पर डिविलियर्स की राय, बोले- बुमराह को मिलेगा आराम

नई दिल्ली  पूर्व दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने आगामी एशिया कप के लिए भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की टी20 टीम में वापसी की सराहना की, लेकिन साथ ही कहा कि उन्हें नहीं लगता कि यह सीनियर तेज गेंदबाज सभी मैचों में खेलेगा। बुमराह अगले महीने एशिया कप में खेलते नजर आएंगे।  अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए डिविलियर्स ने कहा कि उन्हें 'फिट और खेलने के लिए तैयार' देखना बहुत अच्छा लगा। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि वह सभी मैच खेलेंगे। मैंने रिपोर्ट्स देखी हैं कि उन्हें महत्वपूर्ण मैचों के लिए चुना जाएगा, और मुझे चयनकर्ताओं की सक्रियता पसंद है। आपको अपने वरिष्ठ और सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों को इसी तरह प्रबंधित करना चाहिए।'  डिविलियर्स ने यह भी कहा कि ऐसा नहीं है कि बुमराह अपने मैचों को चुन-चुनकर खेल रहे हैं, क्योंकि ऐसे माहौल में जहां बहुत अधिक क्रिकेट होता है, इसका खिलाड़ियों पर वर्षों से असर पड़ता है। उन्होंने कहा, 'कुछ चयनकर्ता इसे समझते हैं, और कुछ नहीं। एक बार जब आप इन खिलाड़ियों को प्रबंधित करना शुरू कर देते हैं, तो आप उनसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन प्राप्त कर सकते हैं और मुझे यह पसंद है कि उन्होंने जसप्रीत बुमराह के साथ ऐसा करना शुरू कर दिया है।'  एशिया कप के लिए भारतीय टीम :  सूर्य कुमार यादव (कप्तान), शुबमन गिल (उपकप्तान), अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, संजू सैमसन (विकेटकीपर), हर्षित राणा, रिंकू सिंह रिजर्व खिलाड़ी: प्रसिद्ध कृष्णा, वॉशिंगटन सुंदर, रियान पराग, ध्रुव जुरेल, यशस्वी जयसवाल।   

IND-W A बनाम AUS-W A: टीम इंडिया ढेर, ऑस्ट्रेलिया ने एकमात्र टेस्ट में किया क्लीन स्वीप

ब्रिस्बेन   ऑफ स्पिनर एमी एडगर के पांच विकेट के बाद शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ए ने रविवार को ब्रिस्बेन में एकमात्र अनधिकृत महिला टेस्ट के अंतिम दिन भारत ए को छह विकेट से हरा दिया। एडगर ने 57 रन देकर पांच विकेट लिए। उन्होंने दिन के दूसरे ओवर में वीजे जोशीथा का विकेट लेकर अपना पांचवां विकेट हासिल किया, जिससे भारत ए की दूसरी पारी 286 रन पर सिमट गई और मेजबान टीम को 281 रन का लक्ष्य मिला। भारत के लिए दूसरी पारी में राघवी बिष्ट ने 86 और शेफाली वर्मा ने 52 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया ए ने अनिका लियरॉयड (72), रेचल ट्रेनामन (64) और मैडी ड्रेक (68) के अर्धशतकों की बदौलत 85.3 ओवर में चार विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। सलामी बल्लेबाज ट्रेनामन और कप्तान ताहलिया विल्सन (46) ने मेजबान टीम को शानदार शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 117 रन की साझेदारी कर भारतीय आक्रमण पर दबाव बना दिया। जब ऐसा लग रहा था कि ये दोनों भारत ए को मुकाबले से बाहर कर देंगी तब तेज गेंदबाज साइमा ठाकोर (63 रन पर दो विकेट) ने लगातार दो ओवरों में दो विकेट झटके। उन्होंने पहले विल्सन को आउट किया और फिर ट्रेनामन को विकेटकीपर नंदिनी कश्यप के हाथों कैच आउट कराया। इसके बाद ड्रेक और लियरॉयड ने मिलकर 136 रन की शानदार साझेदारी की। भारतीय टीम इन दोनों को आउट करने में सफल रही लेकिन वह ऑस्ट्रेलिया की टीम को जीत से नहीं रोक पाई। इससे पहले दिन में भारत ए ने अपने कल के स्कोर आठ विकेट पर 260 रन में 26 रन जोड़े। भारतीय टीम ने अपनी पहली पारी में 299 रन बनाए थे, जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 305 रन बनाकर मामूली बढ़त हासिल की थी।  

जींद की रवीना ने जीता Gold Medal, 20 K.M. पैदल चाल इतने समय में की पूरी

जींद  चेन्नई में चल रही 64 वीं राष्ट्रीय इंटर स्टेट एथलेटिक्स चैंपियनशिप में जींद की बेटी रवीना ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उन्होंने 20 किलोमीटर पैदल चाल एक घंटा 35 मिनट 13 सैकेंड व 49 माइक्रो सैकेंड में पूरी की। इससे पहले यह रिकार्ड राजस्थान की भावना जाट के नाम था।  बताया जा रहा है कि इस प्रतियोगिता में जींद की तीन महिला खिलाड़ियों ने भाग लिया था। रवीना ने स्वर्ण पदक जीता है। इससे पहले इसी साल फरवरी महीने में रांची में हुई नौंवीं राष्ट्रीय ओपन रेस वाक चैंपियनशिप में रवीना स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। रवीना के पिता आइटीआइ जींद में प्रशिक्षक के पद पर कार्यरत रहे हैं। इसी साल जुलाई महीने में आइटीआइ केन अनुदेशक पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। मां हाउसवाइफ हैं।

22 चौके-छक्कों की बरसात, ट्रैविस हेड ने खेली धमाकेदार पारी

नई दिल्ली  साउथ अफ्रीका के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे में जबरदस्त वापसी की। इस वापसी के नायक रहे स्टार बल्लेबाज ट्रैविस हेड और कप्तान मिचेल मार्श, जिन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से अफ्रीकी गेंदबाजों की कमर तोड़ दी। बाद में कैमरोन ग्रीन और एलेक्स कैरी भी बरस पड़े। ट्रैविस हेड ने सीरीज के आखिरी मुकाबले में महज 80 गेंदों में अपना सातवां वनडे शतक पूरा किया, जो उनकी आक्रामक खेल शैली का बेहतरीन उदाहरण है। ट्रैविस हेड ने अपनी पारी में शुरुआत से ही तेजी दिखाई और मैदान के चारों ओर शॉट्स लगाकर फैंस का मनोरंजन किया। उन्होंने अपनी शतकीय पारी में कुल 22 बार गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजा। हेड के बल्ले से 17 शानदार चौके और 5 गगनचुंबी छक्के निकले। 137.86 का स्ट्राइक रेट इस पारी में उनका था। ट्रैविस हेड की इस पारी ने न सिर्फ टीम का मनोबल बढ़ाया, बल्कि सीरीज में लगातार दो हार के बाद ऑस्ट्रेलिया को राहत का एहसास कराया। करीब एक साल के बाद उनके बल्ले से वनडे क्रिकेट में शतक आया है और उन्होंने दिखा दिया है कि क्यों उन्हें दुनिया के सबसे खतरनाक ओपनर्स में गिना जाता है। भारत के खिलाफ आगामी वनडे सीरीज से पहले ये मैच टीम का मनोबल जरूर बढ़ाएगा, क्योंकि यहां ध्यान देने योग्य बात ये है कि सीरीज के पहले दो मैचों में ऑस्ट्रेलियाई टीम 200 रनों का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाई थी। उनकी बल्लेबाजी लगातार रन चेज में असफल हो रही थी, लेकिन तीसरे मैच में टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। हर बल्लेबाज ने इंटेंट दिखाया, जिसके चलते टीम खबर लिखे जाने तक 400 से ज्यादा रनों के विशाल स्कोर की ओर बढ़ रही है। इस मैच में टीम ने दिखाया कि भले ही वे सीरीज हार चुके हों, लेकिन वे खाली हाथ नहीं लौटेंगे।  

‘दीवार’ पुजारा को साथी क्रिकेटरों का सम्मान, संन्यास पर मिली ढेरों बधाइयाँ

नई दिल्ली  भारत के मुख्य कोच गौतम गंभीर और पूर्व भारतीय क्रिकेटरों ने रविवार को चेतेश्वर पुजारा को भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा पर बधाई दी। पुजारा टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए आठवें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे। उन्होंने अपने करियर में 103 टेस्ट मैचों में 43.60 की औसत से 7195 रन बनाए जिसमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं, और उनका सर्वोच्च स्कोर 206* रहा। गंभीर ने अपने एक्स पर लिखा, 'तूफान के दौरान वह डटे रहे, उम्मीदें खत्म होने पर उन्होंने संघर्ष किया। बधाई हो, पुजारी।' चेतेश्वर पुजारा ने 9 अक्टूबर 2010 को बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपना अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। उन्हें 2018/19 और 2020/21 में ऑस्ट्रेलिया में भारत की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी जीत के लिए सबसे ज्यादा याद किया जाता है। उन्होंने अपने मजबूत डिफेंस और तकनीक से ऑस्ट्रेलिया को परेशान किया था। पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग ने पुजारा के इस शानदार टेस्ट करियर की सराहना करते हुए कहा, 'शानदार टेस्ट करियर के लिए बधाई चेतेश्वर पुजारा आपका धैर्य, दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत प्रेरणादायक थी और आपने जो हासिल किया है उस पर आपको बहुत गर्व हो सकता है। एक यादगार दूसरी पारी के लिए शुभकामनाएं।'  दिग्गज भारतीय बल्लेबाज युवराज सिंह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, 'कोई ऐसा व्यक्ति जिसने हमेशा देश के लिए अपना मन, शरीर और आत्मा लगा दी! एक शानदार करियर के लिए बहुत-बहुत बधाई, पुजी! आपसे दूसरी तरफ मिलते हैं!' 2018/18 बीजीटी में भारतीय लाल गेंद के दिग्गज ने चार मैचों में 74.42 की औसत, 3 शतक और एक अर्धशतक के साथ 521 रन बनाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 193 रन रहा। 2020-21 सीरीज में उन्होंने चार मैचों में 33.87 की औसत से 271 रन बनाए जिसमें तीन अर्धशतक और 77 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर शामिल था। गाबा में खेले गए अंतिम टेस्ट में उन्होंने ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाजों के कई प्रहार झेले, जिससे यह जीत और भी यादगार बन गई।  अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज वेंकटेश प्रसाद ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, 'एक शानदार करियर चेतेश्वर पुजारा आपने जो हासिल किया, उस पर आपको बहुत गर्व होना चाहिए और आपको दूसरी पारी की हार्दिक शुभकामनाएं।'  पूर्व भारतीय क्रिकेटर वसीम जाफर ने पुजारा के शानदार करियर के लिए उन्हें नमन किया। जाफर ने एक पोस्ट में लिखा, 'अपने नाम के पहले, अपनी तरह के आखिरी चेतेश्वर पुजारा, शानदार करियर के लिए नमन। भारतीय टीम की ओर से खेलते हुए आपने जो हासिल किया, उस पर आपको बहुत गर्व होना चाहिए। बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं।' पूर्व भारतीय बल्लेबाज सुरेश रैना ने भी पुजारा को बधाई दी। रैना ने एक पोस्ट में लिखा, 'शानदार करियर के लिए बधाई भाई चेतेश्वर पुजारा आपको और आपके परिवार को शुभकामनाएं।'  अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अलावा चेतेश्वर पुजारा घरेलू क्रिकेट में एक दिग्गज खिलाड़ी रहे हैं जिन्होंने 278 प्रथम श्रेणी मैचों में 51.82 की औसत से 21301 रन बनाए हैं। लाल गेंद के इस अनुभवी खिलाड़ी ने अपने प्रथम श्रेणी करियर में 66 शतक और 81 अर्धशतक लगाए हैं, जिसमें उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 352 रन रहा है।   

431 रन का पहाड़! ऑस्ट्रेलिया ने साउथ अफ्रीका को रौंदा, पहली बार बना अनोखा रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को साउथ अफ्रीका के तोते उड़ा दिए। कंगारू टीम ने तीसरे और आखिरी वनडे में दो विकेट के नुकसान पर 431 रन बटोरे। यह ऑस्ट्रेलिया का वनडे क्रिकेट में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। ऑस्ट्रेलिया महज चार रनों से अपने सबसे बड़े टोटल को पीछे छोड़ने से चूक गया। सलामी बल्लेबाज ट्रैविस हेड, कार्यवाहक कप्तान मिचेल मार्श और ऑलराउंडर कैमरून ग्रीन ने मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में शतक जमाए। इतिहास में पहली बार किसी वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ियों ने सेंचुरी ठोकी हैं। इससे पहले यह कारनामा साउथ अफ्रीका और इंग्लैंड ने किया। मेजबान ऑस्ट्रेलिया ने मैके के स्टेडियम में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। हेड और मार्श ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 250 रनों की साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया को पहला झटका 35वें ओवर में हेड के रूप में लगा, जो स्पिनर केशव महाराज का शिकार बने। उन्होंने 103 गेंदों में 142 रन बनाने के बाद डेवाल्ड ब्रेविस को कैच थमाया। हेड के बल्ले से 17 चौके और पांच छक्के निकले। मार्श को सेनुरन मुथुसामी ने 37वें ओवर में रिकेल्टन के हाथों लपकवाया। उन्होंने 106 गेंदों में 100 रन जुटाए, जिसमें 6 चौके और 5 सिक्स शामिल हैं। मार्श ने इस दौरान तीन हजार वनडे रन कंप्लीट किए। मार्श के जाने के बाद ग्रीन ने मोर्चा संभाला। उन्होंने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी की और पहला वनडे शतक जमाया। ग्रीन ने वन डाउन आने के बाद 55 गेंदों में नाबाद 118 रनों की पारी खेली। उन्होंने 6 चौके और 8 छक्के लगाए। उन्होंने 47 गेंदों में शतक पूरा कर लिया था। यह वनडे में ऑस्ट्रेलिया के लिए दूसरा सबसे तेज शतक है। उनसे आगे ग्लेन मैक्सवेल हैं, जिन्होंने 2023 में नीदरलैंड के सामने 40 गेंदों में शतक जड़ा। ग्रीन ने एलेक्स केरी (37 गेंदों में नाबाद 50 रन, सात चौके) के साथ तीसरे विकेट के लिए 164 रनों की अटूट साझेदारी की और ऑस्ट्रेलिया को पहाड़ जैसे स्कोर तक पहुंचाया। वनडे में ऑस्ट्रेलिया का हाईएस्ट टोटल 434/4 बनाम दक्षिण अफ्रीका, जोहान्सबर्ग, 2006 431/2 बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैके, 2025 417/6 बनाम अफगानिस्तान, वाका, 2015 399/8 बनाम नीदरलैंड, दिल्ली, 2023 एक वनडे मैच में किसी टीम के लिए शतक बनाने वाले तीन प्लेयर साउथ अफ्रीका (अमला, रोसो, एबी विलियर्स) बनाम वेस्टइंडीज, जोहान्सबर्ग, 2015 साउथ अफ्रीका (क्विंटन, फाफ डूप्लेसी, एबी विलियर्स) बनाम भारत, वानखेड़े, 2015 इंग्लैंड (साल्ट, मलान, बटलर) बनाम नीदरलैंड, एम्सटलवीन, 2022 साउथ अफ्रीका (क्विंटन, रासी, मार्करम) बनाम श्रीलंका, दिल्ली 2023 ऑस्ट्रेलिया (हेड, मार्श, ग्रीन) बनाम साउथ अफ्रीका, मैके, 2025  

पुजारा का करियर समाप्त, 2023 WTC फाइनल रहा आखिरी इंटरनेशनल मैच

 नई दिल्ली भारत के स्टार टेस्ट बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की है। रविवार को उन्होंने एक पोस्ट लिखकर इसका एलान किया। इस भावुक नोट में उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर की हैं। पुजारा ने पोस्ट करते हुए लिखा, 'भारतीय जर्सी पहनना, राष्ट्रगान गाना, और हर बार मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देना… इसे शब्दों में बयां करना नामुमकिन है कि यह कितना खास था, लेकिन जैसा कि कहा जाता है, हर अच्छी चीज का एक अंत होता है, और अत्यंत आभार के साथ मैं यह घोषणा करता हूं कि मैंने भारतीय क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने का निर्णय लिया है।' पुजारा ने नोट में लिखा, 'राजकोट के एक छोटे से शहर का रहने वाला मैं, बचपन में अपने माता-पिता के साथ सितारों को छूने का सपना देखा और भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा बनने का सपना संजोया। मुझे तब यह नहीं पता था कि यह खेल मुझे इतना कुछ देगा। अनमोल अवसर, अनुभव, उद्देश्य, प्रेम, और सबसे बढ़कर अपने राज्य और इस महान राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने का मौका। मैं BCCI और सौराष्ट्र क्रिकेट संघ का धन्यवाद करना चाहता हूं, जिन्होंने मुझे अपने क्रिकेट करियर में अवसर और समर्थन दिया। मैं उन सभी टीमों, फ्रेंचाइजियो और काउंटी टीमों का भी आभारी हूं जिनका मैं वर्षों तक हिस्सा रहा।' पुजारा ने लिखा, 'मैं यहां तक नहीं पहुंच पाता यदि मेरे मार्गदर्शकों, कोचों और आध्यात्मिक गुरु का मार्गदर्शन नहीं होता। उनके प्रति मैं सदैव ऋणी रहूंगा। मेरे सभी साथियों, सपोर्ट स्टाफ, नेट बॉलर्स, विश्लेषकों, लॉजिस्टिक्स टीम, अंपायरों, ग्राउंड स्टाफ, स्कोरर्स, मीडिया कर्मियों और उन सभी का बहुत-बहुत धन्यवाद जो पर्दे के पीछे लगातार मेहनत करते हैं ताकि हम इस खेल को खेल सकें। मेरे प्रायोजकों, भागीदारों और प्रबंधन टीम को, वर्षों से मुझ पर विश्वास जताने और मैदान के बाहर मेरा ध्यान रखने के लिए मैं आपका आभारी हूं। इस खेल ने मुझे दुनिया के कई कोनों में पहुंचाया और प्रशंसकों का जो जुनून और समर्थन मिला वह हमेशा एक स्थायी प्रेरणा रही है। जहां-जहां मैंने खेला, वहां मुझे जो प्यार और समर्थन मिला, उसने मुझे विनम्र बना दिया और मैं इसके लिए सदा आभारी रहूंगा।' पुजारा ने लिखा, 'निश्चित रूप से, यह सब कुछ संभव नहीं हो पाता अगर मुझे मेरे परिवार का अटूट त्याग और समर्थन नहीं मिला होता। मेरे माता-पिता, मेरी पत्नी पूजा, मेरी बेटी अदिति; मेरे ससुराल पक्ष और मेरा पूरा परिवार, जिन्होंने इस यात्रा को सच में सार्थक बना दिया। अब मैं अपने जीवन के अगले चरण की ओर अग्रसर हूं, जहां मैं उनके साथ अधिक समय बिताना और उन्हें प्राथमिकता देना चाहता हूं। आप सभी के प्रेम और समर्थन के लिए धन्यवाद!' पुजारा हाल फिलहाल में इंग्लैंड दौरे पर कमेंट्री करते दिखे थे। उन्होंने अपना आखिरी टेस्ट जून 2023 में इंग्लैंड में ही खेला था। उनका आखिरी टेस्ट या यूं कहें अंतरराष्ट्रीय मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ केनिंग्टन ओवल में खेला गया विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2023 फाइनल था। ऑस्ट्रेलिया ने इस मुकाबले में भारतीय टीम को शिकस्त दी थी। पुजारा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 103 टेस्ट और पांच वनडे खेले। टेस्ट में उन्होंने 176 पारियों में 43.61 की औसत से 7195 रन बनाए। इनमें 19 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 206 रन का रहा वहीं, वनडे में उन्होंने 39.24 की औसत से 51 रन बनाए। इसके अलावा पुजारा आईपीएल में 30 मैच खेल चुके हैं। इसकी 22 पारियों में उन्होंने 99.75 के स्ट्राइक रेट से 390 रन बनाए। इसमें एक अर्धशतक शामिल है।

2027 वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी, साउथ अफ्रीका के 8 शहरों में होंगे 44 मैच

नई दिल्ली क्रिकेट साउथ अफ्रीका ने 2027 आईसीसी मेंस क्रिकेट विश्व कप के लिए रोडमैप जारी किया है। इसमें पुष्टि की गई है कि 44 मैच दक्षिण अफ्रीका के 8 शहरों में खेले जाएंगे, जबकि 10 मैच जिम्बाब्वे और नामीबिया में आयोजित किए जाएंगे। यह घोषणा टूर्नामेंट के स्थानीय आयोजन समिति बोर्ड (LOCB)के गठन के साथ हुई, जिसका नेतृत्व साउथ अफ्रीका के पूर्व कैबिनेट मंत्री ट्रेवर मैनुअल स्वतंत्र अध्यक्ष के रूप में करेंगे। 8 शहरों में खेले जाएंगे मैच साउथ अफ्रीका के जिन 8 शहरों में मैच खेले जाएंगे उनमें , जोहान्सबर्ग, प्रिटोरिया, केपटाउन, डरबन, गेकेबरहा, ब्लोमफोन्टेन, ईस्ट लंदन और पार्ल शामिल हैं। इस आयोजन के सह-मेजबान जिम्बाब्वे और नामीबिया भी इसमें केंद्रीय भूमिका निभाएंगे, जिससे यह टूर्नामेंट पूरे दक्षिणी अफ्रीका क्षेत्र में और भी व्यापक हो जाएगा।   24 साल बाद खेला जाएगा वर्ल्ड कप सीएसए अध्यक्ष रिहान रिचर्ड्स ने कहा, दो दशक से भी ज्यादा समय के बाद अफ्रीकी महाद्वीप में विश्व कप की वापसी का खास महत्व है। अफ्रीकी धरती पर आखिरी आईसीसी वर्ल्ड कप टूर्नामेंट हुए 24 साल हो चुके हैं। ऐसे में 2027 वर्ल्ड कप नए फैंस को आकर्षित करने और दुनिया से जोड़ने के लिए एक अनूठा मंच बनाने का एक बेहतरीन अवसर है। दुनिया को जोड़ने का अच्छा अवसर सीएसए ने दोहराया कि 2027 का वर्ल्ड कप न केवल क्रिकेट की उत्कृष्टता के लिए है, बल्कि खेल की पहुंच का विस्तार करने के लिए भी है। जिम्बाब्वे और नामीबिया में मैच आयोजित करके और साउथ अफ्रीकी पारंपरिक व गैर-पारंपरिक स्थलों पर मैच आयोजित करके, सीएसए इस महाद्वीप की क्रिकेट की गहराई और उसकी सांस्कृतिक समृद्धि दोनों को प्रदर्शित करने की उम्मीद करता है।

इंग्लैंड सीरीज से पहले साउथ अफ्रीका की स्क्वॉड का ऐलान, मिलर-फरेरा फिर मैदान पर उतरेंगे

दक्षिण अफ्रीका दक्षिण अफ्रीकी पुरुष टीम के चयन पैनल ने शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाले सीमित ओवरों के दौरे के लिए टीम की घोषणा की। इंग्लैंड और अफ्रीका के बीच इंग्लैंड और वेल्स में 2 से 14 सितंबर के बीच तीन वनडे और इतने ही टी20 इंटरनेशनल मैच खेले जाएंगे। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हाल ही में समाप्त हुई सीरीज के बाद 15 सदस्यीय टी20 स्क्वॉड में कई बदलाव देखने को मिले हैं।   डेविड मिलर और बल्लेबाज डोनोवन फरेरा दिसंबर 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज के बाद पहली बार टी20 सेटअप में वापसी कर रहे हैं। स्पिनर केशव महाराज को भी टीम में वापस बुलाया गया है। टीम ने पांच बदलाव किए हैं। ऑलराउंडर मार्को यानसेन और तेज गेंदबाज लिजाद विलियम्स को चोट से उबरने के बाद टीम में शामिल हुए हैं। तेज गेंदबाज क्वेना मफाका को टखने की चोट से उबर रहे कागिसो रबाडा के कवर के तौर पर वनडे टीम में बरकरार रखा गया है। रबाडा वनडे टीम के साथ रहेंगे और उनके तीनों टी20 मैचों के लिए उपलब्ध रहने की उम्मीद है। दक्षिण अफ्रीका की वनडे टीम सोमवार 25 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया से इंग्लैंड के लिए रवाना होगी। दक्षिण अफ्रीका ने आखिरी बार 2022 में इंग्लैंड का दौरा किया था, जहां उन्होंने वनडे सीरीज 1-1 से ड्रॉ की थी और टी20 सीरीज 2-1 से जीती थी। इस दौरे की शुरुआत 2 सितंबर को लीड्स के हेडिंग्ले में पहले वनडे मैच से होगी। दक्षिण अफ्रीका वनडे टीम: टेम्बा बावुमा, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्ज़के, डेवाल्ड ब्रेविस, नांद्रे बर्गर, टोनी डी ज़ोरज़ी, केशव महाराज, क्वेना मफाका, एडेन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एनगिडी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, कागिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स। दक्षिण अफ्रीका टी20 टीम: एडेन मार्करम, कॉर्बिन बॉश, डेवाल्ड ब्रेविस, डोनोवन फरेरा, मार्को जेनसन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, डेविड मिलर, सेनुरन मुथुसामी, लुंगी एनगिडी, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, कागिसो रबाडा, रयान रिकेल्टन, ट्रिस्टन स्टब्स, लिज़ाद विलियम्स।