samacharsecretary.com

प्रशासन की चेतावनी: किराया/व्यवसाय नियमों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई

बरनाला  बरनाला जिला पुलिस ने मकान मालिकों और दुकानदारों को उनके यहां रहने वाले किराएदारों और काम करने वाले नौकरों का पुलिस वैरीफिकेशन (सत्यापन) तत्काल करवाने की सख्त हिदायत दी है। जिला पुलिस प्रमुख (एस.एस.पी.) मोहम्मद सरफराज आलम ने इस संबंध में एक महत्वपूर्ण बयान जारी करते हुए कहा है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने की तैयारी एस.एस.पी. मोहम्मद सरफराज आलम ने बताया कि जिले में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी तरीके से लगाम कसने के लिए यह कदम उठाया गया है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि अक्सर यह देखा गया है कि कोई भी अपराधी/नौकर/किराएदार किसी गंभीर आपराधिक घटना को अंजाम देकर आसानी से फरार हो जाता है। बाद में, जब पुलिस द्वारा मकान मालिक से पूछताछ की जाती है, तो उनके पास न तो किराएदार/नौकर का कोई सही फोटो होता है, न ही मोबाइल नंबर और न ही कोई सटीक पता होता है। इस कारण से न केवल अपराधी को पकड़ने में दिक्कत आती है, बल्कि पुलिस के हाथ से अपराधी भी दूर हो जाता है। एस.एस.पी. आलम ने आगे बताया कि कई बार अपराधी तत्वों द्वारा अन्य राज्यों या शहरों में आपराधिक वारदात को अंजाम देने के बाद अपनी पहचान छिपाकर किराएदार बनकर बरनाला या आसपास के शहरों में पनाह ली जाती है, और फिर यहां भी चोरी, लूट, हत्या जैसी संगीन वारदातों को अंजाम देने की फिराक में रहते हैं। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे लोगों का रिकॉर्ड अगर पुलिस के पास पहले से मौजूद होगा, तो उन पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी और वे किसी भी आपराधिक वारदात को दोहरा नहीं पाएंगे। वैरीफिकेशन कैसे कराएं? तत्काल सूचना: घरेलू नौकर या किराएदार को रखने से पहले ही मकान मालिक नजदीकी पुलिस स्टेशन या पुलिस चौकी को सूचित करें। दस्तावेज: किराएदार का पूरा नाम, पता, मोबाइल नंबर और एक पहचान पत्र की प्रति अनिवार्य रूप से नोट करें। सत्यापन प्रक्रिया: यह सुनिश्चित करें कि किराएदार या नौकर को अपने घर या दुकान पर रखने से पहले पुलिस द्वारा उसका वेरिफिकेशन पूरा करवा लिया गया है।   उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कई मकान मालिक इस वैरीफिकेशन प्रक्रिया को गंभीरता से नहीं लेते हैं। अगर भविष्य में कोई किराएदार या नौकर किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त पाया जाता है, और यह पाया जाता है कि मकान मालिक ने उसका वेरिफिकेशन नहीं करवाया था, तो मकान मालिक को भी उस अपराध में भागीदार मानकर उसके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उत्तर भारत में सर्दी ने पकड़ी रफ्तार, पंजाब-चंडीगढ़ के लिए IMD ने जारी की अहम रिपोर्ट

पंजाब  पंजाब और चंडीगढ़ में ठंड एक बार फिर तेज हो गई है। कई इलाकों में सुबह-शाम हल्की धुंध और सूखी हवा चलने से ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान 0.5°C गिरा है। फरीदकोट सबसे ठंडा जिला रहा, जहां तापमान 4°C दर्ज हुआ। विभाग के अनुसार नवंबर के आख़िर या दिसंबर की शुरुआत में पंजाब में बारिश होने की संभावना है। बारिश के बाद ठंड और बढ़ेगी, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार होगा। लोगों को स्वास्थ्य को लेकर खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में मौसम कैसा रहेगा? – अगले 7 दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं। – कुछ इलाकों में हल्की धुंध जारी रहेगी। – रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं आएगा। – दिल्ली–अंबाला और अंबाला–अमृतसर हाइवे पर मौसम साफ रहेगा। हवा की गुणवत्ता बुरी तरह बिगड़ी पंजाब के लगभग सभी शहरों में AQI 100 से ऊपर दर्ज हुआ है। रूड़की को छोड़ बाकी सभी शहर प्रदूषण की मार झेल रहे हैं। अमृतसर: 196 बठिंडा: 159 जालंधर: 133 खन्ना: 142 लुधियाना: 122 मंडी गोबिंदगढ़: 213 (सबसे प्रदूषित) चंडीगढ़ सेक्टर 22: 155

गोल्डी बराड़ गैंग पर बड़ा प्रहार, पंजाब पुलिस ने चार शूटर किए गिरफ्तार

मोहाली पंजाब पुलिस बुधवार को एक बहुत बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम करने में कामयाब रही। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स यानी एजीटीएफ और एसएएस नगर पुलिस ने दोपहर के समय डेराबस्सी-अंबाला हाईवे पर स्टील स्ट्रिप्स टावर्स के पास जोरदार मुठभेड़ के बाद गोल्डी बराड़ गैंग के चार खतरनाक गुर्गों को गिरफ्तार कर लिया। चारों विदेश में बैठे कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के लिए काम करते थे। पंजाब पुलिस ने इस बारे में अपने सोशल मीडिया एक्स हैंडल पर जानकारी दी। पंजाब पुलिस के मुताबिक, पहले से खबर मिल गई थी कि गोल्डी बराड़ ने अपने इन शूटरों को चंडीगढ़, मोहाली, पंचकूला और पटियाला इलाके में बड़े-बड़े लोगों पर हमला करने का हुक्म दिया है। इस सूचना के बाद पुलिस ने हाईवे के पास एक मकान को चारों तरफ से घेर लिया, जहां ये लोग छिपे हुए थे। जैसे ही पुलिस अंदर घुसी, गैंगस्टरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इस गोलीबारी में गैंग के दो सदस्यों को गोली लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को फौरन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है। बाकी दो बदमाशों को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया। पुलिस की तलाशी में उस मकान से सात .32 बोर की पिस्तौल और सत्तर जिंदा कारतूस बरामद हुए। शुरुआती पूछताछ में इन चारों ने कबूल किया कि वे गोल्डी बराड़ के सीधे संपर्क में थे और पिछले कई दिनों से अलग-अलग जगहों की रेकी कर रहे थे। उनका प्लान था कि जल्द ही ट्राइसिटी और पटियाला में एक साथ कई टारगेटेड किलिंग करें। पंजाब पुलिस ने इस कार्रवाई को बहुत बड़ी सफलता बताया है। पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने एजीटीएफ और मोहाली पुलिस की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस दिन-रात मेहनत कर रही है, ताकि प्रदेश से गैंगस्टरों का नामोनिशान मिट जाए और आम लोगों को पूरी सुरक्षा और शांति मिले।

प्रशासनिक फेरबदल: जालंधर नगर निगम में दो अधिकारियों की हुई महत्वपूर्ण तैनाती

जालंधर जालंधर नगर निगम में कमिश्नर संदीप ऋषि ने दो अफसरों के कार्यक्षेत्र में बदलाव का आदेश जारी किया है। इस बदलाव के तहत, एक अफसर को मेयर वनीत धीर का पर्सनल असिस्टेंट (PA) नियुक्त किया गया है, जबकि दूसरे अफसर से बिल्डिंग इंस्पेक्टर का अतिरिक्त चार्ज वापस ले लिया गया है। वरुण कुमार से वापस लिया गया बिल्डिंग इंस्पेक्टर का कार्य जालंधर नगर निगम के ड्राफ्ट्समैन वरुण कुमार को पहले बिल्डिंग इंस्पेक्टर का अतिरिक्त कार्य सौंपा गया था। लेकिन अब कमिश्नर संदीप ऋषि ने उन्हें केवल ड्राफ्ट्समैन के रूप में कार्य करने का आदेश दिया है। बिल्डिंग इंस्पेक्टर का अतिरिक्त कार्य अब उनसे हटा लिया गया है। दर्शन भगत को मेयर का पीए नियुक्त किया गया इसके अलावा, सुपरिंटेंडेंट दर्शन भगत को मेयर वनीत धीर का पर्सनल असिस्टेंट (PA) नियुक्त किया गया है। दर्शन भगत अब मेयर के निजी सहायक के रूप में कार्य करेंगे और उनके प्रशासनिक कार्यों को संभालेंगे। 

पंजाब में शराब के Rates को लेकर पड़ गया पंगा, लोग परेशान

तरनतारन जिले के शराब ठेकेदार पंजाब सरकार द्वारा तय किए गए स्पेशल कंट्रोल रेट का उल्लंघन करते हुए जिले भर के मैरिज पैलेसों, रिसॉर्ट्स और दूसरे प्रोग्रामों के दौरान लोगों को परोसी जाने वाली (लाल परी) शराब के लिए मनमाने रेट वसूल रहे हैं, जिससे जहां संबंधित लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, वहीं विभाग की कथित मिलीभगत से सरकारी आदेशों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। गौरतलब है कि पंजाब सरकार ने लोगों को राहत देने के मक्सद से मैरिज पैलेसों और रिजॉर्ट्स में कंट्रोल रेट पर शराब परोसने के लिए स्पैशल रेट तय किए हैं, लेकिन ठेकेदार इस बारे में लोगों को अंधेरे में रखकर घोटाला कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी सरकार ने सत्ता में आते ही पहल करते हुए पिछली सरकारों के समय में एक्साइज डिपार्टमैंट द्वारा लागू की गई शराब पॉलिसी में बदलाव किया और जहां लोगों को बड़ी राहत देने के लिए प्लान तैयार किए, वहीं शराब ठेकेदारों को भी सख्त हिदायतें जारी की। सरकार ने मैरिज पैलेस, रिसॉर्ट और दूसरे प्रोग्राम, जिसे लाल परी भी कहते हैं, में परोसी जाने वाली शराब के रेट तय कर दिए, ताकि शराब लोगों की पहुंच में रहे और इसके साथ ही ठेकेदारों को भी ज्यादा फायदा हो सके, लेकिन सरहदी जिले तरनतारन में मौजूद शराब ठेकेदार अपनी मनमर्जी से शादियों और दूसरे प्रोग्राम में शराब के अलग-अलग रेट वसूलकर सरकारी पॉलिसी का उल्लंघन कर रहे हैं। यहां तक ​​कि सरकार द्वारा जारी कंट्रोल रेट की लिस्ट भी शराब ऑफिस में नहीं लगाई जाती है। जब किसी शादी या कोई और खुशी का मौका होता है तो संबंधित व्यक्ति ठेकेदार के ऑफिस पहुंचता है। जहां मौजूद स्टाफ पहले तो सरकार द्वारा जारी रेट से कई गुणा ज्यादा रकम बताता है, जिसके बाद रेट को थोड़ा कम करके लोगों से वसूला जाता है। कई लोग पहले से लोन लेकर अपने बच्चों की शादियों के लिए पैलेसों में प्रोग्राम रखते हैं और बाद में अच्छी मेहमाननवाजी के तौर पर लोगों को शराब पिलाने की इच्छा भी पूरी करते हैं, लेकिन ठेकेदारों द्वारा इस मनमाने रेट वसूलने से लोग नाराज हो रहे है। आबकारी विभाग ने जारी आदेशों के तहत एक लिस्ट जारी कुछ दिन पहले पंजाब के आबकारी विभाग ने जारी आदेशों के तहत एक लिस्ट जारी की थी, जिसमें बताया गया है कि मैरिज पैलेसों में प्रति केस (12 बोतल) लोगों से ये रेट लिए जाएंगे, जिनमें ए.सी.पी., पार्टी स्पैशल, ग्रैंड अफेयर, किंग गोल्ड, मास्टर मोमैंट, ऑफिसर चॉइस, पान बनारसी, ब्लू डायमंड, ओल्ड मोंक रम, सोलन नंबर-1-3900 रुपए, मैकडोवेल्स नंबर-1, ओ.सी. ब्लू, इंपीरियल ब्लू, सोलन ब्लैक -5000 रुपए, रैड नाइट, पी.एम. ब्लैक, एम.एम. वोडका, रॉयल चैलेंज, रॉयल स्टैग, स्टर्लिंग बी-7, ऑल सीजन, इंपीरियल ब्लैक-6600 रुपए, रॉयल स्टैग बैरल सेलेक्ट, एमएम फ्लेवर 7800 प्रति केस, ओल्ड मोंक सुप्रीम, स्मिरनॉफ वोडका, ओल्ड मोंक लेजेंड, पीटर स्कॉच, बकार्डी रम, गोल्फर शॉट, रॉकफोर्ड क्लासिक, स्टार वॉकर, ओक स्मिथ गोल्ड, सिग्नेचर ब्लैंडर प्राइड, सिग्नेचर प्रीमियम-8800 रुपए, रॉकफोर्ड रिज़र्व, ब्लैंडर रिज़र्व, एंटी क्वांटिटी ब्लू, वी.ए.टी-69, पासपोर्ट-10000 रुपए, ब्लैक एंड व्हाइट, डेवर व्हाइट लेबल, 100 पाइपर्स-13,100 रुपए ,ब्लैक डॉग सेंचुरी, टीचर्स हाइलैंड क्रीम-14,200 रुपए, 100 पाइपर्स (12 साल), ब्लैक डॉग गोल्ड, टीचर्स 50 – 21300 रुपए, सुला शिराज वाइन-11,000 रुपए, बैलेंटाइन, जॉनी वॉकर रेड लेबल, एब्सोल्यूट वोडका, जिम बीम-15,800 रुपए, एच.एंडके. रेयर, जेमसन, कैमिनो टकीला-20,800 रुपए, आर्डमोर, जॉनी वॉकर ब्लैक लेबल, चिवास रीगल-30,000 रुपए, बेल्वेडियर वोदका-33,600 रुपए, जैक डेनियल, ग्रे गूज वोदका, सिरो वोदका, जॉनी वॉकर डबल ब्लैक, ग्लेनलिवेट (12 साल), मंकी शोल्डर, ग्लेनफिडिच 12 साल, लैफ्रोएग (10 साल)-36,800 रुपए, सिंगलटन, टैलिस्कर, जॉनी वॉकर गोल्ड लेबल रिज़र्व-46,200, जॉनी वॉकर गोल्ड स्कॉच लिमिटेड एडिशन, ग्लेन लिवेट (15 साल) -50,400 रुपए, चिवास रीगल (18 साल)– 60900 रुपए, जैकब्स क्रीक वाइन-13100 रुपए तय किया गया है। यह आम बात है कि लोग शराब का परमिट ऑनलाइन लेने के बजाय शराब ठेकेदार से संपर्क करते हैं, जिससे उनसे ज़्यादा पैसे लेकर उन्हें कथित तौर पर उलजाते हुए लूटा जा रहा है।   मामला ध्यान में आया गया है, जल्द करेंगे कार्रवाई : डिप्टी कमिश्नर ज़िले के डिप्टी कमिश्नर राहुल ने कहा कि यह मामला उनके ध्यान में आया है, जिसके बारे में वह संबंधित डिपार्टमैंट से पूरी रिपोर्ट लेंगे और आगे की कार्रवाई शुरू करेंगे। अगर कोई शराब कॉन्ट्रैक्टर किसी से सरकारी रेट से ज़्यादा पैसे लेता है तो उसकी शिकायत संबंधित डिपार्टमैंट के ई.टी.ओ. या इंस्पैक्टर से की जा सकती है।

किसानों के लिए खुशखबरी: CM मान के बड़े फैसलों से मिलेगी बड़ी राहत

गुरदासपुर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दीनानगर में नए शुगर मिल प्रोजेक्ट और को-जनरेशन प्लांट का उद्घाटन किया। गुरदासपुर सहकारी शुगर मिल की क्षमता 2,000 टन से बढ़ाकर 5,000 टन कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी इस मिल को 2,850 गन्ना किसान सप्लाई कर रहे हैं, लेकिन प्रोजेक्ट शुरू होने के बाद किसानों की संख्या बढ़कर 7,025 हो जाएगी। इससे किसानों को दूर-दराज की मिलों में नहीं जाना पड़ेगा, जिससे परिवहन खर्च और समय दोनों की बचत होगी। उन्होंने कहा कि सरकार गन्ने की फसल की गुणवत्ता भी बढ़ा रही है और इस मिल के विस्तार से किसानों की लंबे सफर वाली परेशानी भी खत्म होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि गन्ने का भाव 416 रुपये प्रति क्विंटल तय किया गया है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। CM मान ने कहा कि यदि किसी फैक्ट्री की क्षमता तीन गुना बढ़ाई जाए तो उसमें लेबर और उत्पादन भी तीन गुना बढ़ता है। इसे उन्होंने पंजाब के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया और कहा कि हमें गुरु साहिब की राह पर चलते हुए मेहनत जारी रखनी चाहिए। चंडीगढ़ में किसानों के जुटान पर बोलते हुए CM मान ने कहा कि किसानों की कुछ मांगें केंद्र सरकार से संबंधित हैं और उन्हें केंद्र द्वारा पूरा किया जाना चाहिए। पंजाब सरकार समय-समय पर किसानों से मिलती रही है और उनकी समस्याओं का हल करती है। मुख्यमंत्री ने एक बड़ा ऐलान करते हुए बताया कि आने वाले दिनों में हर परिवार के लिए 10 लाख का बीमा योजना शुरू की जाएगी। इसके अलावा राज्य के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट भी आने वाले हैं और डॉक्टरों की नई भर्ती की प्रक्रिया भी चल रही है। उन्होंने कहा कि जहां भी पंजाब के हक़ की बात आती है, वहाँ पंजाब सरकार पूरी मजबूती के साथ खड़ी है। 

पंजाब सरकार: 2026 में इतने दिन बंद रहेंगे स्कूल-कॉलेज और दफ्तर, छुट्टियों की List हुई जारी

पंजाब  पंजाब सरकार ने वर्ष 2026 के लिए छुट्टियों का आधिकारिक कैलेंडर जारी कर दिया है। इसे कार्मिक विभाग द्वारा तैयार किया गया है। इसमें वर्ष 2026 में आने वाली गजटिड और आरकक्षित छुट्टियों की जानकारी दी गई है। राज्य के सभी सरकारी दफ्तर, नगर निगम, स्कूल, कॉलेज और विभिन्न प्रशासनिक शाखाएं इस कैलेंडर में बताई गई छुट्टियों पर बंद रहेंगे।

चिकनगुनिया के बढ़ते केस से हड़कंप: पंजाब का यह जिला बना हॉटस्पॉट!

बरनाला बरनाला शहर इस समय चिकनगुनिया के भीषण प्रकोप से जूझ रहा है। जिस तरह से रोजाना नए मामले सामने आ रहे हैं, उससे यह स्पष्ट संकेत मिलता है कि शहर का हर दूसरा व्यक्ति इस बीमारी की चपेट में है। इस खतरनाक वायरल संक्रमण के कारण लोग तेज बुखार के बाद जोड़ों के असहनीय दर्द से कराह रहे हैं, लेकिन स्थानीय स्वास्थ्य विभाग मरीजों की सही संख्या छिपाकर आंकड़ों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहा है, जिससे जमीनी हकीकत और भी भयावह नजर आ रही है। शहर में हर दूसरा घर प्रभावित  बरनाला शहर की स्थिति अत्यंत गंभीर हो चुकी है। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में चिकनगुनिया के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। अनुमान लगाया जा रहा है कि शहर में हर दूसरा घर इस बीमारी की चपेट में आ चुका है। तेज बुखार, जोड़ों में असहनीय दर्द और शरीर पर चकत्ते इस बीमारी के मुख्य लक्षण हैं, जिसके कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। कई लोग बुखार उतरने के बाद भी बिस्तर से उठने में असमर्थ हैं और जोड़ों के दर्द से जूझ रहे हैं, जो महीनों तक रह सकता है। इस संक्रमण ने लोगों का काम-काज और सामान्य जीवन बुरी तरह प्रभावित कर दिया है, जिससे आर्थिक और सामाजिक नुकसान हो रहा है। गंदगी और मच्छरों का प्रकोप है मुख्य कारण बरनाला शहर में चिकनगुनिया के तेजी से फैलने का सबसे बड़ा कारण गंदगी और मच्छरों का पनपना है, जिसे नजरअंदाज किया जा रहा है। गंदे पानी का जमाव: शहर में जगह-जगह गंदा पानी जमा हो रहा है, जो एडीज मच्छरों के प्रजनन के लिए एक आदर्श स्थान बन गया है। यह मच्छर साफ पानी में पनपता है और दिन के समय काटता है।   लोगों की लापरवाही: हालांकि प्रशासन की कमी है, लेकिन स्थानीय लोगों पर भी आरोप है कि वे नगर निगम और प्रशासन के साथ सहयोग नहीं कर रहे हैं और न ही घरों के आस-पास सफाई पर ध्यान दे रहे हैं, जिससे यह संक्रमण पैर पसार रहा है। चिकनगुनिया का प्रसार एडीज मच्छर के काटने से होता है। विशेषज्ञों के अनुसार, चिकनगुनिया का सबसे प्रभावी इलाज इसकी रोकथाम ही है, क्योंकि इसका कोई विशिष्ट दवा या टीका नहीं है। उपचार: उपचार लक्षणों के प्रबंधन पर केंद्रित होता है, जिसमें पर्याप्त आराम और तरल पदार्थों का सेवन शामिल है। बुखार और दर्द को नियंत्रित करने के लिए डॉक्टर की सलाह पर पैरासिटामोल जैसी दवाएं ली जाती हैं। रोकथाम के उपाय: प्रशासन को फॉगिंग और मच्छरनाशक रसायनों का छिड़काव नियमित रूप से कराना चाहिए। -नागरिकों को अपने घरों और आस-पास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। कूलर, गमलों और टूटे बर्तनों में जमे पानी को तुरंत खाली करना चाहिए। -मच्छरदानी और रिपेलैंट का उपयोग करें ताकि मच्छर के काटने से बचा जा सके। -चिकनगुनिया से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग और आम जनता दोनों को साझा प्रयास करने की जरूरत है, तभी बरनाला को इस भीषण संकट से बाहर निकाला जा सकता है।

पहली बार विधानसभा में स्टूडेंट्स ने संभाली कमान, युवा बने एक दिन के मुख्यमंत्री

चंडीगढ़  पंजाब में पहली बार स्टूडेंट्स का असेंबली सेशन बुलाया गया है। स्टूडेंट्स का यह सेशन श्री आनंदपुर साहिब में चल रहा है। इस सेशन में पंजाब के 117 असेंबली इलाकों के सरकारी स्कूलों के स्टूडेंट्स असेंबली में राजनीतिक दाताओं की भूमिका निभा रहे हैं। वे मुख्यमंत्री, कैबिनेट मिनिस्टर और MLA की भूमिका निभा रहे हैं। इतिहास में पहली बार 26 नवंबर को संविधान दिवस पर पंजाब असेंबली में ऐसा नजारा देखने को मिला है, जो इतिहास में दर्ज हो गया है।   मिली जानकारी के मुताबिक, संगरूर जिले के घनौरी कलां के स्कूल ऑफ एमिनेंस के हरकमलदीप सिंह मुख्यमंत्री भगवंत मान की भूमिका निभा रहे हैं। यह सेशन शुरू हो गया है। लखवीर सिंह (मंत्री हरपाल चीमा), अनिक (मंत्री अमन अरोड़ा), मोहित सिंह (मंत्री बरिंदर गोयल), जमंदर सिंह (स्पीकर कुलतार सिंह संधवा) की भूमिका निभा रहे हैं। इन स्टूडेंट्स को 19 नवंबर को असेंबली के स्पेशल सेशन के लिए खास ट्रेनिंग दी गई थी। यह सेशन पंजाब के 117 असेंबली इलाकों के सरकारी स्कूलों से चुने गए स्टूडेंट्स ने कंडक्ट किया था। 

मोहाली यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा आज चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस की ओर कूच किया जा रहा

पंजाब  मोहाली यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा आज चंडीगढ़ स्थित गवर्नर हाउस की ओर कूच किया जा रहा है। इसे लेकर चंडीगढ़ सीमा पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस ने फर्नीचर मार्केट के पास बैरिकेड लगाकर कार्यकर्ताओं को सीमा पर ही रोकने की तैयारी की गई है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि केंद्र सरकार पंजाब के साथ लगातार अन्याय कर रही है।     प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु और प्रदेश प्रधान मोहित मोहिंद्रा भी पहुंचे। नेताओं का कहना है कि केंद्र ने किसानों से लेकर पंजाबी यूनिवर्सिटी तक हर मुद्दे पर प्रदेश को परेशान किया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ को अप्रत्यक्ष रूप से नियंत्रित करने की कोशिश की जा रही है। फेज-III ए में बने कैंप में बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ता जुटे थे। इस दौरान पार्किंग क्षेत्र में गाड़ियां खड़ी करने को लेकर कुछ देर दुकानदारों और कांग्रेसियों में बहस भी हुई, जिसके बाद नेताओं ने वाहन हटा लिए। यूथ कांग्रेस का कहना है कि वे पंजाब के अधिकारों की लड़ाई जारी रखेंगे।