samacharsecretary.com

केंद्र ने पंजाब में दी 30 हजार घरों की हरी झंडी, पीएम आवास योजना 2.0 में भारी रुचि

जालंधर  अपने घर का सपना आखिर किसका नहीं होता? पंजाब के हजारों परिवारों के चेहरे इन दिनों उम्मीद की नई चमक से भरे दिखाई दे रहे हैं। वजह है प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत राज्य में 30 हजार नए मकानों को मिली मंजूरी। पिछले सात महीनों में 60 हजार से ज्यादा लोगों ने इस योजना के लिए आवेदन किए, जो बताता है कि लोग इस योजना को लेकर कितना भरोसा जता रहे हैं। सरकार की ओर से मिले आंकड़ों के अनुसार, 5 अगस्त 2022 से अब तक 70,568 परिवारों को अपने घरों के लिए आर्थिक मदद मिलेगी। इनमें से बड़ी संख्या उन परिवारों की है जो अपने सपनों का घर बनाने के लिए वर्षों से संघर्ष कर रहे थे। एक लाख रुपये सब्सिडी दे रहा केंद्र राज्य सरकार योजना के लिए अपने हिस्से से एक लाख रुपये सब्सिडी दे रही है जबकि पहले यह राशि सिर्फ 75 हजार रुपये थी। इसी तरह डेढ़ लाख रुपये केंद्र सरकार की तरफ से भी दिए जा रहे हैं। केंद्र की मंजूरी के साथ ही लोगों को आवेदन राशि मिलनी शुरू हो जाएगी। मकानों की नींव का काम पूरा होने के बाद कुल 50 हजार रुपये मिलेंगे जिसमें केंद्र का शेयर 30 और राज्य का 20 हजार रुपये होगा। इसी तरह बीम (लिंटेल) का काम पूरा होने के बाद एक लाख रुपये जारी किए जाएंगे। इसमें केंद्र 60 हजार और राज्य की तरफ से 40 हजार रुपये जारी किए जाएंगे। इसी तरह छत डालने का काम पूरा होने पर कुल 50 हजार रुपये जारी होंगे। मकान का पूरा होने के बाद 50 हजार रुपये रशि जारी की जाएगी। तीन लाख रुपये होनी चाहिए वार्षिक आय  योजना के तहत लाभार्थी को दो कमरे, एक बाथरूम, किचन बनाने के लिए राशि दी जाती है। लाभार्थी की वार्षिक आय तीन लाख रुपये होनी चाहिए। साथ ही उसके पास 45 वर्ग गज जमीन भी होनी चाहिए। जिन लोगों ने पिछले पांच साल में केंद्र व राज्य की किसी योजना का लाभ नहीं लिया, उनको यह राशि दी जाती है। स्थानीय निकाय विभाग का सर्वे जारी स्थानीय निकाय विभाग की तरफ से उन लोगों का सर्वे किया जा रहा है, जो योजना के तहत मकान बनाने चाहते हैं। इससे अधिक लाभार्थियों की पहचान करने में भी मदद मिल रही है। विभाग आवेदन में भी लोगों की सहायता कर रहा है। केंद्र ने अगस्त 2024 में पीएम आवास योजना 2.0 को मंजूरी दी थी। वहीं पीएम आवास योजना-1 वर्ष 2015 में जारी की गई थी ताकि पंजाब में उन गरीब लोगों को पक्का घर प्रदान किया जा सके, जो कच्चे घरों में रह रहे हैं। प्रदेश में पहले धीमी गति से योजना पर काम चल रहा था। इस कारण केंद्र ने पिछले साल निर्देश दिए थे कि राज्य सरकार की तरफ से या तो तय समय के अंदर इन मकानों का काम पूरा किया जाए या फिर लंबित मकानों और राशि को सरेंडर कर दिया जाए।  कैसे मिलेगा घर बनाने का लाभ? योजना के तहत लाभ उन्हीं लोगों को मिलेगा जिनकी वार्षिक आय तीन लाख रुपये से कम है। ऐसे परिवारों को मकान बनाने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 1.5 लाख रुपये और राज्य सरकार की तरफ से 50 हजार रुपये की राशि दी जाएगी। बाकी राशि लाभार्थी स्वयं जुटाएगा। इसके अलावा, 75 हजार रुपये मकान तैयार होने की अवस्था अनुसार किस्तों में दिए जाएंगे। यह रकम सीधे उनके खाते में जाएगी, ताकि कोई दलाल या बिचौलिया बीच में न आए। स्थानीय निकाय विभाग कर रहा है सर्वे स्थानीय निकाय विभाग उन लोगों का सर्वे कर रहा है जो इस योजना के तहत घर बनाना चाहते हैं।     •    विभाग आवेदन में हुई गलतियों को भी ठीक कराने में मदद करेगा     •    सर्वे के बाद पात्र लोगों की सूची अंतिम रूप से तैयार होगी     •    अगस्त 2024 तक योजना का क्रियान्वयन तेज गति से किया जाएगा क्यों है यह योजना खास?     •    गरीब और मध्यम आय वर्ग के लिए बड़ी राहत     •    बिना बिचौलियों के सीधे लाभार्थी के खाते में पैसे     •    मकान निर्माण में पारदर्शिता     •    शहरों में झुग्गियों और असुरक्षित आवासों की संख्या कम होने की उम्मीद

पंजाब में ठंड बढ़ी, फरीदकोट सबसे ठंडा, प्रदूषण में गिरावट के साथ मौसम हुआ साफ

फरीदकोट  चंडीगढ़ और पंजाब में ठंडक लगातार बढ़ती जा रही है। रविवार को पहली बार चंडीगढ़ का न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया जो सामान्य से 2 डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा तथा 13 नवंबर तक न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह और शाम के बाद अब दोपहर में भी हल्की ठंड महसूस होने लगी है। रविवार अवकाश होने के कारण लोगों ने सुहावने मौसम का भरपूर आनंद लिया। शहर के पर्यटन स्थलों पर दिनभर भीड़ नजर आई। सुखना लेक पर पहुंची पर्यटक आरती पाल ने बताया कि उमस भरे दिनों में यहां आना कम कर दिया था, लेकिन अब तापमान गिरने के साथ दोस्तों के साथ दोबारा आने के बाद यहां के मौसम और नजारों का आनंद लिया। साप्ताहिक अवकाश होने की वजह से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मौसम निदेशालय चंडीगढ़ का कहना है कि 15 नवंबर के बाद ठंड में और तेजी आएगी, जिसके चलते सुबह-शाम की ठिठुरन बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले करीब दो हफ्तों तक पंजाब में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान साफ बना रहेगा। विभाग ने बताया है कि इस दौरान अधिकतम तापमान सामान्य स्तर के आसपास रहेगा। मौसम में आई इस ठंडक के साथ ही सुबह और शाम के समय ठंडी हवाएं महसूस की जा रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में लगातार हो रही गिरावट के चलते लोगों को सर्दी-जुकाम और अन्य मौसमी बीमारियों से सावधान रहना चाहिए। बढ़ती ठंड शरीर पर गहरा असर डाल सकती है, इसलिए नागरिकों को गर्म कपड़ों और खानपान का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।  पंजाब में फरीदकोट सबसे ठंडा पंजाब में पहाड़ों से आ रही ठंडी हवाओं के कारण तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। रविवार को पंजाब में रात के तापमान में 0.2 डिग्री की कमी दर्ज की गई। इससे यह सामान्य से 1.7 डिग्री नीचे गिर गया है। 8 डिग्री के न्यूनतम तापमान के साथ फरीदकोट सबसे ठंडा रहा।  पंजाब के अधिकतम तापमान में 0.3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के पास बना हुआ है। लेकिन अमृतसर, लुधियाना व पटियाला का अधिकतम पारा सामान्य के नीचे दर्ज किया गया। सबसे अधिक 30.8 डिग्री का पारा फरीदकोट का दर्ज किया गया।  मौसम विभाग ने पंजाब में अगले छह दिन मौसम शुष्क बना रहने की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक आने वाले दिनों में मौसम भले ही शुष्क बना रहेगा, लेकिन तापमान में गिरावट जारी रहेगी। जिससे मौसम में ठंडक बनी रहेगी। अमृतसर का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री (सामान्य से 1.4 डिग्री नीचे), लुधियाना का 28.0 डिग्री (सामान्य से 0.6 डिग्री नीचे) , पटियाला का 28.6 डिग्री (सामान्य से 0.2 डिग्री नीचे), बठिंडा का 27.5 डिग्री, गुरदासपुर का 27.3 डिग्री, एसबीएस नगर का 27.7 डिग्री, फाजिल्का का 27.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 10.2 डिग्री, लुधियाना का 11.8 डिग्री, पटियाला का 10.3 डिग्री, बठिंडा का 8.4 डिग्री, फरीदकोट व फिरोजपुर का 9.8-9.8 डिग्री व रोपड़ का 8.4 डिग्री दर्ज किया गया।

राजा वड़िंग फिर विवादों में, सिख ककारों को लेकर टिप्पणी पर सभी दलों ने जताई नाराजगी

चंडीगढ़  तरनतारन उपचुनाव में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष और लुधियाना से सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। चुनाव प्रचार के दौरान नाबालिग सिख बच्चों के जूड़ों से मजाक करने वाला उनका वीडियो वायरल होने के बाद अब शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति (एसजीपीसी) भी मैदान में उतर आई है। वायरल वीडियो में राजा वड़िंग बच्चों के केसों को दोनों हाथों से छूते हुए और मजाकिया अंदाज में बोलते नजर आ रहे हैं। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए एसजीपीसी ने तरनतारन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) को लिखित शिकायत देकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में कहा गया है कि वड़िंग ने प्रचार के दौरान दो नाबालिग सिख बच्चों के केसों (जूड़ों) के साथ मजाक करते हुए वीडियो बनाया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। समिति ने आरोप लगाया कि यह हरकत सिख आस्था और धार्मिक प्रतीकों का खुला अपमान है। शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने वड़िंग की इस हरकत को ‘सिख धर्म के विरुद्ध अपवित्र कृत्य’ बताया। उन्होंने 17 सेकंड का वायरल वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करते हुए कहा कि ‘गुरु गोबिंद सिंह जी महाराज ने सिखों को जो पांच कक्कड़ प्रदान किए, उनमें केश पवित्रता का प्रतीक हैं। राजा वड़िंग ने उनका मजाक उड़ाकर सिख समुदाय की भावनाओं को गहरी ठेस पहुंचाई है।’ बादल ने श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार से इस घटना का गंभीरता से संज्ञान लेने और सख्त कार्रवाई की मांग की। बच्चों के साथ केवल मजाक किया था : कांग्रेस वहीं, कांग्रेस प्रवक्ता जसकरण काहलों ने इस विवाद को ‘राजनीतिक रूप से प्रेरित’ बताया। उन्होंने कहा कि राजा वड़िंग ने बच्चों के साथ केवल मजाक किया था। इसे धार्मिक या राजनीतिक विवाद बनाना गलत है।

जालंधर में 13 नवंबर से लागू होगा नया सिस्टम, जानें कैसे बदलेगी आपकी रोजमर्रा की जिंदगी

जालंधर  शहर में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन की व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने फिर से बड़ा कदम उठाया है। निगम ने 143 करोड़ रुपये के दो टेंडर जारी किए हैं, जिनके तहत सेंट्रल, नॉर्थ, कैंट और वेस्ट हलकों में आने वाले सभी वार्डों में एक समान तरीके से कचरा उठाने की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद अब पूरे शहर से एक समान शुल्क (यूजर चार्ज) लिया जाएगा। निगम की योजना के अनुसार, नई एजेंसी अगले तीन साल तक घरों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग उठाने का काम करेगी। इसके अलावा, कचरे की प्रोसेसिंग और निस्तारण की जिम्मेदारी भी इन्हीं एजेंसियों को सौंपी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, पहले अलग-अलग जोनों में कचरा उठाने के अलग-अलग रेट तय थे, लेकिन अब पूरे शहर में एक जैसी दरें लागू होंगी। निगम के डोर-टू-डोर कलेक्शन प्रोजेक्ट पर 13 नवंबर से काम शुरू होने की संभावना है। इस दौरान यूनियन के विरोध को देखते हुए निगम ने लोगों से सहयोग की अपील की है। निगम का कहना है कि नई व्यवस्था लागू होने से शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार होगा और स्वच्छता स्तर बेहतर बनेगा। 

भीषण ठंड की दस्तक: पंजाब के कई जिलों में पारा जाएगा नीचे

पंजाब  राज्य में इस साल ठंड का असर सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। नवंबर की शुरुआत से ही पश्चिमी विक्षोभ और ला नीना की सक्रियता के कारण दिन और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसके चलते सुबह और रात के समय ठंड का असर तेज हो गया है और न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस साल सर्दी में बढ़ोतरी के पीछे ला नीना प्रभाव एक प्रमुख कारण है। दिसंबर में इसके असर के चलते पंजाब में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। वहीं फिलहाल आने वाले दिनों में राज्य में बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। इसके अलावा कुछ जिलों में कोहरा छाए रहने की संभावना है। राज्य में आमतौर पर मौसम शुष्क रहेगा। इस वजह से कई लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में रात का तापमान और नीचे जा सकता है। पठानकोट, गुरदासपुर और अमृतसर जैसे जिलों में न्यूनतम तापमान 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है, जबकि बाकी इलाकों में यह 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है। इस स्थिति को देखते हुए मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर और पश्चिमी पंजाब में ठंड सामान्य से ज्यादा महसूस की जा सकती है, जबकि बाकी हिस्सों में भी तापमान में गिरावट जारी रहेगी। 

बड़ी घोषणा: पंजाब के स्टूडेंट्स को मिलेगा GOLDEN CHANCE, जानें कैसे मिलेगा फायदा

पटियाला श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर पंजाबी विश्वविद्यालय ने छात्रों के लिए 'गोल्डन चांस' योजना की घोषणा की है। इसका उद्देश्य उन छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मौका देना है जिन्होंने अपनी पढ़ाई अधूरी छोड़ दी थी। विश्वविद्यालय ने घोषणा की है कि इस योजना के तहत छात्रों को 53 हजार रुपये की फीस देनी होगी और इसके लिए फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 15 नवंबर है। इस सुनहरे अवसर के लिए, ओड सेमेस्टर यानी 1, 3 और 5 विषयों के पेपर दिसंबर 2025 में और ईवन सेमेस्टर यानी 2, 4 और 6 विषयों के पेपर मई 2026 में आयोजित किए जाएंगे, लेकिन इस सुनहरे अवसर को लेकर छात्रों में विरोध है। छात्र इतनी ज्यादा फीस को लेकर निराश हैं और विश्वविद्यालय के खिलाफ अपना विरोध जता रहे हैं। वहीं विश्वविद्यालय का तर्क है कि इस सुनहरे अवसर के लिए शुल्क कई वर्षों से चला आ रहा है और इसमें कोई बढ़ोतरी किए बिना केवल अवसर खोला गया है। गौरतलब है कि विश्वविद्यालय अपने उन पुराने छात्रों को एक सुनहरा अवसर दे रहा है जो अपनी डिग्री "री-अपीयर" या किसी विषय में फेल हैं या अपने अंक या डिवीजन में संशोधन करना चाहते हैं और सभी अवसरों या कोर्स की समय सीमा समाप्त हो गई है। 

रेलवे का बड़ा फैसला: इन 3 फाटकों को किया जाएगा खत्म, लोगों को मिलेगी जाम से मुक्ति

जालंधर  शहर की बढ़ती आबादी और ट्रैफिक की समस्या को देखते हुए रेलवे ने तीन प्रमुख रेलवे फाटकों पर अंडरब्रिज बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है। इसके तहत अलावलपुर, जल्लोवाल और करतारपुर रेलवे फाटकों को समाप्त कर लो-हाइट अंडरब्रिज बनाए जाएंगे। इन तीनों फाटकों से रोजाना 100 से ज्यादा ट्रेनें गुजरती हैं, जिसके कारण ट्रैफिक जाम की समस्या बढ़ गई थी। अब रेलवे द्वारा 10 करोड़ रुपये की इस योजना पर काम शुरू किया जाएगा। रेलवे के अंडरब्रिज निर्माण से शहरवासियों को मिलेगी राहत रेलवे ने इन तीनों फाटकों को बंद करने के लिए तकनीकी सर्वेक्षण पूरा कर लिया है और अब इस प्रोजेक्ट के लिए टेंडर जल्द जारी किए जाएंगे। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस अंडरब्रिज निर्माण से न केवल ट्रैफिक की समस्या हल होगी, बल्कि यह रेलवे की भी लागत में बचत करेगा। करतारपुर रेलवे फाटक सबसे व्यस्त करतारपुर का रेलवे फाटक शहर का सबसे व्यस्त फाटक है, जहां रोजाना 3 लाख से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। अंडरब्रिज बनने से इस फाटक पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और लोगों को सुल्तानपुर लोधी और श्री गोइंदवाल साहिब जाने में भी आसानी होगी। इन तीन फाटकों पर अंडरब्रिज बनने से करीब 10 लाख लोग लाभान्वित होंगे, जिनमें गांवों के लोग और शहरवासियों को सीधे हाईवे कनेक्टिविटी मिलेगी। इसके अलावा, यह योजना मानव रहित फाटकों को भी समाप्त कर देगी, जिससे सुरक्षित यात्रा में भी मदद मिलेगी।   गांवों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी विशेष रूप से जल्लोवाल रेलवे फाटक के पास ब्यास पिंड से 10 गांवों को हाईवे से सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी, जिससे इन गांवों के निवासी सड़क यात्रा में सुविधा महसूस करेंगे। सभी फाटकों पर अंडरब्रिज बनने से हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा, जिससे न केवल दुर्घटनाओं में कमी आएगी बल्कि यात्रा में भी समय की बचत होगी। रेलवे द्वारा शुरू की गई इस योजना से शहर के ट्रैफिक में सुधार होगा और शहरवासियों को लंबे समय से परेशान कर रही फाटक के कारण होने वाली समस्याओं से निजात मिलेगी। इस कदम से शहर में यात्रा करना अब और भी आसान हो जाएगा।

घर की मर्यादा को लगी चोट: पति-भाभी के रिश्ते ने ली पत्नी की जानलेवा करवट

नूरपुरबेदी नूरपुरबेदी थाने से कुछ दूरी पर स्थित गांव जट्टपुर में एक प्रवासी महिला ने घरेलू कलह और पति के अपनी भाभी से अवैध संबंधों के चलते पंखे से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जिसके चलते स्थानीय पुलिस ने महिला के दूसरे पति और उसकी भाभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।  मृतका की पहचान राजवती (48 वर्ष) पत्नी बृज बिहारी निवासी गांव खुर्द गानोन, थाना सरोली, जिला बरेली (उ.प्र.) के रूप में हुई है, जो गांव जट्टपुर में किराए के मकान में रहती थी। मृतका के भाई सूरज पाल पुत्र स्वर्गीय भजन लाल ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी करता है और उसकी बहन राजवती की शादी पहले नंगला बाहरा, जिला बदायूं (उ.प्र.) निवासी किशनबीर से हुई थी। लेकिन किशन बीर की करीब 15 साल पहले मौत हो गई। इसके बाद राजवती ने 2 साल पहले आनंदपुर साहिब में बृज बिहारी से कोर्ट मैरिज कर ली थी।  सूरज पाल ने बताया कि बृज बिहारी के उसकी भाभी दुर्गा पत्नी स्वर्गीय नंद किशोर के साथ अवैध संबंध थे। जिसके चलते घर में अक्सर झगड़ा और तनावपूर्ण माहौल रहता था। कई बार मृतका ने अपने भाइयों को भी इस बारे में बताया था और उन्होंने दोनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने अपना व्यवहार नहीं बदला और मेरी बहन को परेशान करते रहे। उन्होंने बताया कि 8 नवम्बर को दोपहर करीब 3 बजे बृज बिहारी और दुर्गा ने जट्टपुर स्थित किराए के मकान में मेरी बहन राजवती के साथ फिर झगड़ा किया। इससे तंग आकर राजवती ने शाम करीब साढ़े 4 बजे पंखे की हुक से फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।  सूचना मिलने पर ए.एस.आई. प्रीतम सिंह सहित पुलिस पार्टी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका को नीचे उतारा और लेडी कांस्टेबल अमनप्रीत कौर के माध्यम से उसकी मेडिकल जांच करवाई। मौके से कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। मृतका के शव को सिविल अस्पताल श्री आनंदपुर साहिब भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया और पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मृतका के पति बृज बिहारी पुत्र माही लाल और उसकी भाभी दुर्गा पत्नी स्वर्गीय नंद किशोर के खिलाफ धारा 108, 3(5) भादंसं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी स्थानीय थाने में अस्थायी रूप से सफाई कर्मचारी के रूप में कार्यरत है। जिसकी पुष्टि बाकायदा थाना प्रमुख रोहित शर्मा ने बातचीत के दौरान की। यह भी बताया जा रहा है कि पुलिस ने देर शाम कथित पति को गिरफ्तार कर लिया है। लेकिन पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।

रेप केस का आरोपी विधायक ऑस्ट्रेलिया फरार, पंजाब पुलिस कर रही तलाश

पटियाला दुष्कर्म मामले में आरोपी पंजाब के पटियाला जिले के सनौर हलके के आम आदमी पार्टी  (आप) के विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा विदेश भाग चुका है। पठानमाजरा देश छोड़कर ऑस्ट्रेलिया पहुंच गया है। पठानमाजरा को पंजाब पुलिस दो महीने से ढूंढ रही थी। ऑस्ट्रेलिया में पठानमाजरा ने एक निजी चैनल को इंटरव्यू दिया है। पठानमाजरा के इंटरव्यू को सोशल मीडिया पर सात नवंबर को अपलोड किया गया है। इसमें पठानमाजरा ने उन पर दर्ज केस को झूठा बताते हुए भगवंत मान सरकार पर जमकर हमला बोला है। पठानमाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान का पंजाब के मुद्दों पर कोई लेना-देना नहीं है। आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल जो कहते हैं मान वही करते हैं। सरकार में विधायकों की कोई औकात नहीं है। उनकी आवाज को दबाने के लिए सरकार ने यह सब किया है। दो महीने से गायब है विधायक पठानमाजरा सनौर हलके से आप विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा लगभग दो महीने से गायब है। पंजाब पुलिस उनको ढूंढ रही है। पठानमाजरा के खिलाफ दो हीने पहले पटियाला के थाना सिविल लाइन में दुष्कर्म का केस दर्ज हुआ था। मामले में जब पटियाला पुलिस की टीम विधायक को गिरफ्तार करने हरियाणा के करनाल के गांव डबरी पहुंची थी। वहां से पठानमाजरा पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। अब रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी सरकार पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के सीनियर वकील मोहन जैन ने कहा कि इस मामले में पठानमाजरा की विधानसभा सदस्यता (विधायकी) पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। क्योंकि उन्हें इन मामलों में कोई सजा नहीं हुई है। सजा होने के बाद उनकी सदस्या जाएगी। दूसरी ओर पंजाब पुलिस अब पठानमाजरा के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाएगी।

महिला क्रिकेटरों को मिलेगा बड़ा तोहफ़ा: पंजाब सरकार करेगी हरलीन का भी सम्मान

पंजाब  विमेंस वर्ल्ड कप 2025 में भारतीय टीम की ऐतिहासिक जीत के बाद पंजाब सरकार ने अपनी बेटियों को बड़ा तोहफा देने का फैसला किया है। कप्तान हरमनप्रीत कौर, ऑलराउंडर अमनजोत कौर और हरलीन देओल तीनों को ₹1.5 करोड़ की नकद इनाम राशि और सरकारी नौकरी ऑफर की जाएगी। सूत्रों के अनुसार, सरकार जल्द ही इस सम्मान की आधिकारिक घोषणा करेगी। हरमनप्रीत और अमनजोत को ये अवॉर्ड पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की ओर से देने की बात पहले ही तय हो चुकी है, और अब हरलीन को भी इसमें शामिल किया गया है। भले ही हरलीन फिलहाल हिमाचल से डोमेस्टिक क्रिकेट खेलती हैं, लेकिन उनकी जड़ें पंजाब से जुड़ी हैं। इसलिए सरकार ने उन्हें भी सम्मानित करने का फैसला किया है। समारोह का आयोजन चंडीगढ़ में किया जाएगा, जिसमें खिलाड़ियों के परिवारों को भी बुलाया जाएगा। तीनों खिलाड़ियों को बी-कैटेगरी जॉब देने का प्रस्ताव है, जबकि हरमनप्रीत कौर के लिए सरकार “आउट ऑफ द बॉक्स” जाकर उनकी जॉब कैटेगरी अपग्रेड भी कर सकती है। प्लेयर्स का रिएक्शन हरलीन देओल ने कहा, “ये मेरे लिए ड्रीम कम ट्रू जैसा है। परिवार ने हर कदम पर साथ दिया, उसी की वजह से यहां तक पहुंच पाई।”  अमनजोत कौर ने मुस्कुराते हुए कहा, “पूरा पंजाब हमें लेने आया था, इससे बड़ी बात क्या हो सकती है। सूर्या भैया वाला कैच पकड़ने की चर्चा सुनकर अच्छा लग रहा है।” वहीं टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर पर साथी खिलाड़ी हरलीन देओल और जेमिमा रोड्रिग्ज ने एक रैप तैयार किया है, “ये कौर नहीं, थॉर है!” सोशल मीडिया पर यह वीडियो खूब वायरल हो रहा है और फैंस इसे बेहद पसंद कर रहे हैं।