samacharsecretary.com

डिजिटल मोड में शिफ्ट हो रहा व्यापार, लुधियाना के व्यापारी अपनाएंगे ऑनलाइन बैठकें

लुधियाना. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान के बाद अब कारोबारी जगत भी तेजी से डिजिटल कार्यप्रणाली अपनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उद्योगपति और व्यापारिक संगठन अपने दैनिक कार्यों में वर्चुअल मीटिंग, आनलाइन डीलर्स मीट, डिजिटल प्रेजेंटेशन और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग को शामिल करने की तैयारी कर रहे हैं। कारोबारियों का मानना है कि डिजिटल माध्यम से जहां पेट्रोल और डीजल की खपत कम होगी, वहीं समय की बचत के साथ कामकाज की रफ्तार और उत्पादकता में भी बढ़ोतरी होगी। औद्योगिक क्षेत्र में अब पारंपरिक बैठकों की जगह आनलाइन बैठकों को प्राथमिकता देने की योजना बनाई जा रही है। कई कंपनियां अपने अधिकारियों, डीलर्स और कर्मचारियों के साथ नियमित मीटिंग अब डिजिटल प्लेटफार्म पर आयोजित करने की तैयारी में हैं। इसके अलावा प्रोडक्ट डिस्कशन, आर्डर फाइनलाइजेशन, ट्रेनिंग सेशन और प्रेजेंटेशन जैसे कार्य भी आनलाइन किए जाएंगे। कारोबारियों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था अपनाने से यात्रा पर होने वाला खर्च काफी कम होगा। बड़े शहरों में ट्रैफिक और समय की बर्बादी से राहत मिलेगी। वर्चुअल बैठकों से समय की बचत होगी हीरो साइकिल लिमिटेड के वाइस चेयरमैन एसके राय ने कहा कि आने वाला समय पूरी तरह डिजिटल तकनीक का है और कंपनियां इसकी भागीदारी लगातार बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेश के बाद अब कई कार्य डिजिटल माध्यम से किए जाएंगे, ताकि पेट्रोल और डीजल की बचत हो सके। उन्होंने कहा कि वर्चुअल बैठकों के जरिये समय की बचत होगी और कर्मचारियों की प्रोडक्टिविटी भी बढ़ेगी। इससे व्यापारिक फैसले तेजी से लिए जा सकेंगे। डिजिटल माध्यम से आसानी से होंगे काम एवन साइकिल लिमिटेड के सीएमडी ओंकार सिंह पाहवा ने कहा कि उनकी कंपनी अब डीलर्स मीट और विभिन्न विभागों की बैठकों को आनलाइन करने पर विशेष जोर दे रही है। कई ऐसे कार्यों की पहचान की जा रही है, जिन्हें डिजिटल माध्यम से आसानी से किया जा सकता है। इससे वाहनों के इस्तेमाल को कम किया जा सकेगा और ईंधन की बचत होगी। उन्होंने कहा कि कंपनी अपने प्लांट के अंदर भी पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए साइकिल और इलेक्ट्रिक व्हीकल का उपयोग बढ़ा रही है।

बैंक खातों से कारोबार तक जांच तेज, तरनतारन में ED की बड़ी कार्रवाई

तरनतारन. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की विशेष टीम ने सोमवार को तरनतारन में सोना कारोबारी बिक्रमजीत सिंह उर्फ बंटी के तीन ठिकानों पर दबिश देकर व्यापक जांच अभियान चलाया। सुबह से शुरू हुई इस कार्रवाई से शहर में हड़कंप मच गया। ईडी की टीम ने कारोबारी की दुकान, पुश्तैनी घर और कोठी में दस्तावेजों तथा बैंक लेनदेन की गहन जांच की। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब दस बजे ईडी की दो टीमें गुरु बाजार स्थित आभूषण दुकान और मोहल्ला गुरु का खूह चौक स्थित पुश्तैनी घर पहुंचीं। जब टीम दुकान पर पहुंची, उस समय कारोबारी बंटी के पिता कुलवंत सिंह वहां मौजूद थे। अधिकारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक दुकान से जुड़े कारोबार, दस्तावेजों और लेनदेन के रिकार्ड की जांच की। कारोबारी के घर में भी चला तलाशी अभियान दूसरी ओर एक अन्य टीम ने गुरु का खूह चौक स्थित घर में तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान परिवार की महिलाओं को घरेलू कामकाज जारी रखने के लिए कहा गया। कार्रवाई के दौरान ईडी ने स्थानीय पुलिस को भी पहले से कोई जानकारी नहीं दी थी, जिससे पूरी कार्रवाई बेहद गोपनीय तरीके से की गई। इसके बाद टीम ने दीप एवेन्यू कालोनी स्थित गुरुद्वारा लकीर साहिब के पास बनी कोठी में भी दबिश दी। करीब 12 सदस्यों वाली टीम ने परिवार के सदस्यों के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच की। चार अलग-अलग बैंकों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर खातों में हुए लेनदेन का विवरण प्राप्त किया गया। दिल्ली के बिल्डर कारोबारी से संबंध सूत्रों के अनुसार कारोबारी के एक करीबी रिश्तेदार का संबंध दिल्ली के बड़े निर्माण कारोबार से जुड़ा बताया जा रहा है। जांच एजेंसियां इसी कड़ी को ध्यान में रखते हुए कारोबारी के आर्थिक संबंधों और लेनदेन की जांच कर रही हैं। बताया जा रहा है कि करीब चार माह पहले भी ईडी की टीम ने इसी कोठी में दबिश दी थी, लेकिन उस समय भी कारोबारी घर में मौजूद नहीं मिला था। फिलहाल ईडी की कार्रवाई को लेकर आधिकारिक तौर पर ज्यादा जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन शहर में पूरे दिन इस छापेमारी की चर्चा बनी रही। जांच एजेंसियां अब कारोबारी के वित्तीय रिकॉर्ड और संभावित कारोबारी संबंधों की गहराई से पड़ताल कर रही हैं।

मनी लॉन्ड्रिंग केस में मंत्री संजीव अरोड़ा न्यायिक हिरासत में, अदालत में भावुक हुए

  चंडीगढ़ पंजाब सरकार के उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में सोमवार को बड़ा झटका लगा. स्पेशल पीएमएलए कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. अब इस मामले में उनकी अगली पेशी 1 जून को होगी. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दो दिन की रिमांड समाप्त होने के बाद संजीव अरोड़ा को कोर्ट में पेश किया था।  कोर्ट परिसर में पेशी के दौरान संजीव अरोड़ा भावुक नजर आए. जैसे ही उनकी मुलाकात परिवार के सदस्यों से हुई, वह उन्हें गले लगाकर फफक कर रो पड़े. गिरफ्तारी के बाद यह पहला मौका था जब उनके परिजन उनसे मिल पाए. कोर्ट परिसर में मौजूद लोगों ने भी इस भावुक पल को देखा. ईडी ने संजीव अरोड़ा को 9 मई की देर शाम चंडीगढ़ स्थित उनके सरकारी आवास से गिरफ्तार किया था।  जांच एजेंसी का आरोप है कि वह 100 करोड़ रुपये से ज्यादा के फर्जी GST बिलिंग और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट से जुड़े हुए हैं. ईडी के मुताबिक मोबाइल फोन ट्रेडिंग के नाम पर कई शेल कंपनियों का इस्तेमाल कर फर्जी बिल तैयार किए गए और हवाला जैसे नेटवर्क के जरिए रकम को इधर-उधर किया गया. जांच एजेंसी का दावा है कि दिल्ली स्थित बोगस कंपनियों के माध्यम से संदिग्ध लेनदेन किए गए।  इसी मामले में ईडी ने दिल्ली, चंडीगढ़ और गुरुग्राम समेत कई स्थानों पर छापेमारी भी की थी. छापेमारी के दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल रिकॉर्ड मिलने का दावा किया गया है, जिनकी जांच अभी जारी है. सुनवाई के दौरान संजीव अरोड़ा की ओर से कोर्ट में आवेदन दाखिल कर अपनी पसंद का वकील नियुक्त करने और वकालतनामा पर हस्ताक्षर करने की अनुमति मांगी गई. ईडी के स्पेशल पब्लिक प्रॉसिक्यूटर साइमन बेंजामिन ने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।  इसके बाद कोर्ट ने संजीव अरोड़ा को वकील नियुक्त करने की अनुमति दे दी और जांच अधिकारी को निर्देश दिया कि वकालतनामा से जुड़े दस्तावेज उनके वकील या परिवार के सदस्य को बिना देरी उपलब्ध कराए जाएं. इसके अलावा कोर्ट ने ईडी को यह भी निर्देश दिया कि संजीव अरोड़ा को रोजाना सुबह 10 बजे से 11 बजे तक अपने वकील से मिलने दिया जाए. साथ ही उनकी सेहत को देखते हुए सभी जरूरी मेडिकल सुविधाएं और दवाइयां उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए गए हैं। 

अब सीमित मिलेगा तेल! चंडीगढ़ में बाइक को ₹500 और कार को ₹1500 तक पेट्रोल-डीजल

चंडीगढ़. शहर में पेट्रोल और डीजल की सप्लाई को लेकर एहतियात बरतते हुए कुछ पेट्रोल पंपों पर वाहनों में तेल भरवाने की सीमा तय कर दी गई है। नई व्यवस्था के तहत अब टू-व्हीलर में एक बार में अधिकतम 500 रुपये और फोर-व्हीलर में 1500 रुपये तक का ही पेट्रोल या डीजल दिया जा रहा है। हालांकि, प्रशासन की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन सेक्टर-17 स्थित पेट्रोल पंप पर इस संबंध में पोस्टर लगाए गए हैं। पंप कर्मियों के अनुसार पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल की सप्लाई सामान्य से कम मिल रही है। ऐसे में यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक ईंधन पहुंच सके और किसी को परेशानी का सामना न करना पड़े। पंप पर रविवार से ही नई व्यवस्था लागू कर दी गई है और उसी हिसाब से ग्राहकों को पेट्रोल-डीजल दिया जा रहा है। मधुमक्खी पिछले सप्ताह ही पेट्रोल और डीजल के रेट भी बढ़े हैं। पेट्रोल पंप ने अब बोतल में भी पेट्रोल और डीजल देना मना कर दिया है।

साइबर ठगों का बड़ा नेटवर्क बेनकाब, लुधियाना में 450 फर्जी खातों से चल रहा था करोड़ों का खेल

लुधियाना  फिरोजपुर रोड पर दो साइबर ठगी सेंटरों पर रेड करने के बाद गिरफ्तार किए गए 132 आरोपितों से पूछताछ में कई अहम राजफाश हुए हैं। विदेश से होने वाली करोड़ों की ट्रांजेक्शन जिन बैंक खातों में की जाती थी, वे म्यूल अकाउंट्स हैं। पुलिस ने अभी तक 450 खातों को खंगाला है, जिनमें करोड़ों रुपये की ट्रांजेक्शन हुई है। अब पुलिस इन खातों की डिटेल्स को निकालने में जुटी है। वहीं, इस मामले में लुधियाना से दिल्ली और गुजरात गई पुलिस की टीमों ने चार किंगपिन गिरफ्तार किए हैं, जोकि इस ठगी के नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे। पुलिस उन्हें लुधियाना लाकर पूछताछ करेगी। गौरतलब है कि 13 मई को साइबर सेल और दो थानों की टीम ने दो साइबर ठगी सेंटरों पर रेड की थी। यहां से पुलिस ने 132 आरोपितों को गिरफ्तार किया था और उनसे 1.07 करोड़ रुपये, 229 मोबाइल, 98 लैपटाप और 19 गाड़ियां बरामद की थीं। आरोपित नार्थ अमेरिका और यूरोप के लोगों को स्पैम और हैकिंग का डर दिखाकर उनके खाते खाली कर देते थे। किराये पर लिए खातों में ट्रांसफर हुए करोड़ों मामले की शुरुआती जांच में पुलिस को 300 खाते मिले थे, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती रही, वैसे-वैसे खातों की संख्या भी बढ़ती गई। अब इन खातों की संख्या 450 हो गई है। ये सभी खाते लोगों के आईडी प्रूफ का प्रयोग करके खुलवाए गए हैं। इसके बदले में खाता देने वाले लोगों को पांच से 10 हजार रुपये किराये के तौर पर हर माह दिए जाते हैं। पैसा घुमाने और ठगी के पैसे को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। ये खाते पंजाब, दिल्ली, गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के नाम से खुले हुए हैं। अब पुलिस इन खातों की डिटेल को खंगालने में जुटी है, क्योंकि इन खातों में ही चार से पांच करोड़ रुपये की ट्रांजेक्शन हो चुकी है। पुलिस अब इन खाता धारकों की भी पड़ताल कर रही है। आईटी कंपनी का हवाला देकर लेते थे ऑफिस स्पेस आरोपित जहां भी ऑफिस लेते थे, वहां ये कहा जाता था कि उन्होंने आईटी कंपनी का ऑफिस खोलना है, जोकि रात में ज्यादा काम करते हैं, क्योंकि उनकी डीलिंग विदेशी लोगों से होती है। इसलिए उनका ऑफिस 24 घंटे खुला रहता था। यहां दो से तीन शिफ्ट में काम होता था। किराया जितना उन्हें बिल्डिंग का मालिक कहता था, उससे ज्यादा ही देते थे। म्यूल अकाउंट कैसे इस्तेमाल होते हैं?     किसी व्यक्ति से आनलाइन फ्राड किया जाता है। जैसे फर्जी काल, यूपीआइ फ्राड, निवेश स्कैम, लोन एप, ओटीपी स्कैम आदि।     ठगी का पैसा सीधे अपराधी के खाते में नहीं जाता बल्कि कई अलग-अलग बैंक खातों में भेजा जाता है।     पैसा तेजी से आगे ट्रांसफर किया जाता है, ताकि पुलिस या बैंक ट्रैक न कर सकें।     अंत में पैसा नकद निकाला जाता है, क्रिप्टो/सट्टेबाजी/हवाला आदि में भेज दिया जाता है। क्या है म्यूल अकाउंट? म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी चोरी या ठगी के पैसों को इधर-उधर ट्रांसफर करने, छिपाने या सफेद दिखाने के लिए करते हैं। खाते का मालिक कई बार जानबूझकर शामिल होता है, और कई बार उसे पता भी नहीं होता कि उसका अकाउंट अपराध में इस्तेमाल हो रहा है।  

पानी पर बढ़ी सियासत, रावी-ब्यास विवाद के बीच पंजाब सरकार का बड़ा कदम

चंडीगढ़. पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में रावी व ब्यास नदी के लंबे समय से चले आ रहे जल विवाद को हल करने के लिए जस्टिस विनीत सरन (सेवानिवृत्त) की अध्यक्षता वाला ट्रिब्यूनल ने रविवार को पंजाब का दौरा किया। इस दौरान पंजाब सरकार ने ट्रिब्यूनल के समक्ष राज्य में घटती जल उपलब्धता, सीमावर्ती क्षेत्रों में नहरों के पानी की कमी और पाकिस्तान की ओर से सतलुज में आ रहे प्रदूषित पानी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने ट्रिब्यूनल को बताया कि मौजूदा स्थिति में पंजाब के पास पानी की बहुत कमी है। इससे वह अपने राज्य की जरूरतों को भी पूरा नहीं कर पा रहा। ऐसे में नदियों का जल आवंटन नए सिरे से होना चाहिए। जल संसाधन विभाग की ओर से ट्रिब्यूनल को विभिन्न स्थलों का दौरा करवाकर मौजूदा हालात से भी अवगत कराया गया। सीएम भगवंत मान ने अमृतसर में ट्रिब्यूनल के सदस्यों को रात्रिभोज दिया। तीन सदस्यीय ट्रिब्यूनल शनिवार शाम अमृतसर पहुंचा था और रविवार को हरिके हेडवर्क्स, फिरोजपुर के बल्लेवाल हेडवर्क्स तथा हुसैनीवाला क्षेत्र का निरीक्षण किया। पंजाब सरकार के अधिकारियों ने ट्रिब्यूनल को रावी-ब्यास नदियों में मौजूदा जल प्रवाह, नहरों में पानी की उपलब्धता और राज्य के विभिन्न हिस्सों में उसके उपयोग का ब्यौरा दिया। टीम ने पानी की कुल आवक, निकासी और वितरण प्रणाली की समीक्षा की। पंजाब सरकार ने ट्रिब्यूनल को यह भी बताया कि सीमावर्ती बेल्ट में नहरों में पानी की कमी लगातार बढ़ रही है। कई क्षेत्रों में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा, जिससे खेती प्रभावित हो रही है। सरकार ने इस बात पर जोर दिया कि मौजूदा जल बंटवारा पुराने आंकड़ों पर आधारित है, जबकि नदियों में पानी की उपलब्धता में पिछले चार दशकों में काफी कमी आई है। अधिकारियों ने ट्रिब्यूनल के समक्ष आंकड़े रखे कि वर्ष 1981 में रावी-ब्यास नदियों में 17.17 एमएएफ पानी उपलब्ध था, जो वर्ष 2021 में घटकर लगभग 13 एमएएफ रह गया। राज्य सरकार ने कहा कि कम होती जल उपलब्धता को देखते हुए पानी के बंटवारे की व्यवस्था की नए सिरे से समीक्षा की जानी चाहिए। दौरे के समापन के बाद ट्रिब्यूनल अब राजस्थान का दौरा करेगा, जहां संबंधित क्षेत्रों का निरीक्षण कर आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पंजाब सरकार को उम्मीद है कि जमीनी निरीक्षण के दौरान रखे गए तथ्यों से राज्य के दावे को मजबूती मिलेगी। पाकिस्तान से आ रहे प्रदूषित पानी का मुद्दा भी उठाया सरकार ने दौरे के दौरान ट्रिब्यूनल को फिरोजपुर के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी ले जाया गया, जहां पाकिस्तान के कसूर क्षेत्र से सतलुज नदी में आने वाले प्रदूषित पानी का असर दिखाया। अधिकारियों ने बताया कि कसूर के चमड़ा उद्योगों से निकलने वाला दूषित पानी सीमा पार कर पंजाब के हिस्से में पहुंचता है, जिससे नदी के पानी की गुणवत्ता प्रभावित है। इससे खेती, पशुपालन और स्थानीय आबादी पर भी असर पड़ रहा है। राज्य सरकार ने इसे जल संसाधनों के उपयोग से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए ट्रिब्यूनल के समक्ष रखा।

दो महीने में तीसरी बार स्कूलों में बम की धमकी, लुधियाना में पुलिस अलर्ट पर

लुधियाना. पंजाब के लुधियाना शहर के स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार को 8 स्कूलों को धमकी भरा संदेश मिलने के बाद स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों में चिंता बढ़ गई। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी गई। मिली जानकारी के अनुसार बम की धमकी मिलने वाले स्कूलों की संख्या 8 से अधिक है। इसमें बाल भारती पब्लिक स्कूल, डीएवी पब्लिक स्कूल सराभा नगर, बीसीएम स्कूल, बीवीएम उधम सिंह नगर, बीवीएम किचलू नगर, बीवीएम सेक्टर 39, द एशियन स्कूल इत्यादि शामिल है। जानकारी के अनुसार सोमवार को स्कूल प्रबंधन को बम से उड़ाने की धमकी मिली। उस समय स्कूल में परीक्षाएं चल रही थीं। धमकी की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस टीम, सुरक्षा अधिकारी और जांच एजेंसियां स्कूल परिसर में पहुंचीं और जांच अभियान शुरू किया गया। स्कूल परिसर में जांच शुरू पुलिस अधिकारियों ने स्कूल भवन, कक्षाओं, परिसर और आसपास के क्षेत्रों की गहन जांच शुरू की है। सुरक्षा के मद्देनजर स्कूल प्रबंधन को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि शुरुआती जांच में कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच में जुटी हुई है। पहले भी मिल चुकी स्कूलों को धमकियां गौरतलब है कि बीते दो महीनों में यह तीसरी बार है जब लुधियाना के स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इससे पहले 10 मार्च और 23 अप्रैल को भी धमकी भरे ई-मेल भेजे गए थे। लगातार मिल रही धमकियों के कारण विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन में भय का माहौल बना हुआ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धमकी भेजने वाले की पहचान के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। ई-मेल और अन्य डिजिटल माध्यमों की जांच कर साइबर विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। साथ ही सुरक्षा एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया है।

पंजाब पुलिस की बड़ी कामयाबी, गोल्डी बराड़ गैंग के चार शार्प शूटर दबोचे गए

जालंधर सीआईए स्टाफ जालंधर ने गैंगस्टरों के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के चार शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ अवैध पिस्टल, 45 कारतूस और एक सिल्वर रंग की स्विफ्ट कार बरामद की गई है।  पुलिस कमिश्नर धनप्रीत कौर के निर्देशों पर सीआईए स्टाफ ने यह कार्रवाई की। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक भारी हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। इसके बाद कैंट रोड और अर्बन एस्टेट फेज-2 इलाके में नाकाबंदी कर चारों आरोपियों को काबू किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखवंत सिंह उर्फ सुख्खा शेखों, जुगराज सिंह, गुरप्रीत सिंह और नीरज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी सुख्खा शेखों पर पहले से 10 आपराधिक मामले दर्ज हैं जबकि अन्य आरोपियों पर भी कई केस चल रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे गोल्डी बराड़ के इशारे पर पंजाब के अलग-अलग जिलों में फायरिंग, हत्या और फिरौती जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा ताकि इनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ की जा सके। 

करोड़ों की साइबर फ्रॉड चेन का भंडाफोड़, लुधियाना से 4 किंगपिन गिरफ्तार

लुधियाना. फिरोजपुर रोड पर दो साइबर ठगी सेंटरों पर रेड करने के बाद गिरफ्तार किए गए 132 आरोपितों से पूछताछ में कई अहम राजफाश हुए हैं। विदेश से होने वाली करोड़ों की ट्रांजेक्शन जिन बैंक खातों में की जाती थी, वे म्यूल अकाउंट्स हैं। पुलिस ने अभी तक 450 खातों को खंगाला है, जिनमें करोड़ों रुपये की ट्रांजेक्शन हुई है। अब पुलिस इन खातों की डिटेल्स को निकालने में जुटी है। वहीं, इस मामले में लुधियाना से दिल्ली और गुजरात गई पुलिस की टीमों ने चार किंगपिन गिरफ्तार किए हैं, जोकि इस ठगी के नेटवर्क को ऑपरेट कर रहे थे। पुलिस उन्हें लुधियाना लाकर पूछताछ करेगी। गौरतलब है कि 13 मई को साइबर सेल और दो थानों की टीम ने दो साइबर ठगी सेंटरों पर रेड की थी। यहां से पुलिस ने 132 आरोपितों को गिरफ्तार किया था और उनसे 1.07 करोड़ रुपये, 229 मोबाइल, 98 लैपटाप और 19 गाड़ियां बरामद की थीं। आरोपित नार्थ अमेरिका और यूरोप के लोगों को स्पैम और हैकिंग का डर दिखाकर उनके खाते खाली कर देते थे। किराये पर लिए खातों में ट्रांसफर हुए करोड़ों मामले की शुरुआती जांच में पुलिस को 300 खाते मिले थे, लेकिन जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती रही, वैसे-वैसे खातों की संख्या भी बढ़ती गई। अब इन खातों की संख्या 450 हो गई है। ये सभी खाते लोगों के आईडी प्रूफ का प्रयोग करके खुलवाए गए हैं। इसके बदले में खाता देने वाले लोगों को पांच से 10 हजार रुपये किराये के तौर पर हर माह दिए जाते हैं। इन खातों का प्रयोग हवाला का पैसा घुमाने और ठगी के पैसे को ट्रांसफर करने के लिए किया जाता था। ये खाते पंजाब, दिल्ली, गुजरात, बिहार और उत्तर प्रदेश के लोगों के नाम से खुले हुए हैं। अब पुलिस इन खातों की डिटेल को खंगालने में जुटी है, क्योंकि इन खातों में ही चार से पांच करोड़ रुपये की ट्रांजेक्शन हो चुकी है। पुलिस अब इन खाता धारकों की भी पड़ताल कर रही है। आईटी कंपनी का हवाला देकर लेते थे ऑफिस स्पेस आरोपित जहां भी ऑफिस लेते थे, वहां ये कहा जाता था कि उन्होंने आईटी कंपनी का ऑफिस खोलना है, जोकि रात में ज्यादा काम करते हैं, क्योंकि उनकी डीलिंग विदेशी लोगों से होती है। इसलिए उनका ऑफिस 24 घंटे खुला रहता था। यहां दो से तीन शिफ्ट में काम होता था। किराया जितना उन्हें बिल्डिंग का मालिक कहता था, उससे ज्यादा ही देते थे। म्यूल अकाउंट कैसे इस्तेमाल होते हैं? किसी व्यक्ति से आनलाइन फ्राड किया जाता है। जैसे फर्जी काल, यूपीआइ फ्राड, निवेश स्कैम, लोन एप, ओटीपी स्कैम आदि। ठगी का पैसा सीधे अपराधी के खाते में नहीं जाता बल्कि कई अलग-अलग बैंक खातों में भेजा जाता है। पैसा तेजी से आगे ट्रांसफर किया जाता है, ताकि पुलिस या बैंक ट्रैक न कर सकें। अंत में पैसा नकद निकाला जाता है, क्रिप्टो/सट्टेबाजी/हवाला आदि में भेज दिया जाता है। क्या है म्यूल अकाउंट? म्यूल अकाउंट ऐसे बैंक खाते होते हैं जिनका इस्तेमाल साइबर अपराधी चोरी या ठगी के पैसों को इधर-उधर ट्रांसफर करने, छिपाने या सफेद दिखाने के लिए करते हैं। खाते का मालिक कई बार जानबूझकर शामिल होता है, और कई बार उसे पता भी नहीं होता कि अकाउंट अपराध में इस्तेमाल हो रहा है।

तपेगा पंजाब-चंडीगढ़! पारा 4 डिग्री तक चढ़ने की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

चंडीगढ़  पंजाब और चंडीगढ़ में गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। आज से अगले 6 दिन लगातार हीटवेव चलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने पांच जिलों फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान मौसम ड्राई बना रहेगा। तापमान में रविवार की तुलना में 1.2 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सामान्य के करीब बना हुआ है। सबसे अधिक तापमान बठिंडा में 43.1 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं, गर्मी बढ़ने के साथ ही बिजली की डिमांड भी बढ़ गई है। राज्य में सुबह ही बिजली की डिमांड 10738 मेगावाट पर पहुंच गई है। इस दौरान 7412 मैगावाट बिजली केंद्रीय पूल और 3343 मेगावाट बिजली पंजाब खुद उत्पादन कर रहा है। 22 से 30 मई के बीच दस्तक दे सकता मानसून मौसम विभाग के मुताबिक, इस साल मानसून के 26 मई के आसपास केरल पहुंचने की संभावना है। हालांकि इसमें 4 दिन आगे-पीछे का फर्क हो सकता है। यानी मानसून 22 से 30 मई के बीच कभी भी दस्तक दे सकता है। साथ ही, एक पश्चिमी विक्षोभ ईरान के ऊपर सक्रिय है। इसका असर आगे चलकर उत्तर भारत के मौसम पर पड़ सकता है, जिससे कुछ इलाकों में आंधी, बारिश या तेज हवाएं चलने की संभावना बन सकती है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से गर्म हवाएं आ रही हैं। इस वजह से गर्मी बढ़ेगी। न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी रविवार को पंजाब के तापमान में 1.2 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। फिलहाल यह सामान्य के नजदीक बना हुआ है। पंजाब में 43.1 डिग्री के साथ बठिंडा सबसे गर्म रहा। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई। यह सामान्य से 1.6 डिग्री ऊपर हो गया है। सबसे कम 12.9 डिग्री का न्यूनतम पारा रूपनगर का दर्ज किया गया। अमृतसर का अधिकतम पारा 39.9 डिग्री, लुधियाना का 41.6 डिग्री, पटियाला का 42.0 डिग्री, पठानकोट का 40.6 डिग्री, फाजिल्का का 39.5 डिग्री, फरीदकोट का 41.9 डिग्री और रूपनगर का 39.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर का न्यूनतम पारा 24.2 डिग्री, लुधियाना का भी 24.2 डिग्री, पटियाला का 25.8 डिग्री, पठानकोट का 24.2 डिग्री, बठिंडा का 26.6 डिग्री, फिरोजपुर का 25.7 डिग्री, होशियारपुर का 19.8 डिग्री दर्ज किया गया। 22 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है मानसून पंजाब में मानसून 22 से 25 जून के बीच दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल ने बताया कि अगर स्थितियां अनुकूल रहीं, तो मानसून 22 से 25 जून के बीच पंजाब में दाखिल हो सकता है। उन्होंने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस साल पंजाब में सामान्य से कम बारिश रहने का अनुमान है। माहिरों के मुताबिक इससे सिंचाई के लिए ट्यूबवैल व अन्य विकल्पों पर निर्भरता बढ़ सकती है। 42 डिग्री तक तपेगा चंडीगढ़  गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। रविवार को चंडीगढ़ का अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में शहर में तीखी धूप और लू की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के निदेशक सुरिंदर पाल के अनुसार अगले पांच दिनों तक चंडीगढ़ में तापमान साफ रहेगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। अब पारा 42 डिग्री तक पहुंचेगा। 18 से 21 मई तक अधिकतम तापमान 41 डिग्री और 22 मई को यह बढ़कर 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। न्यूनतम तापमान 25 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है जिससे रातों में गर्माहट बनी रहेगी। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ के अलग-अलग हिस्सों में अगले सात दिनों के लिए लू का अलर्ट है। पिछले 24 घंटों की तरह आगामी दिनों में भी पूरे क्षेत्र में मौसम पूरा शुष्क बना रहेगा। पठानकोट के तापमान में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी राज्य में रविवार को 6 जिलों का तापमान 40 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया, जबकि 4 जिलों का तापमान 35 से 40 डिग्री के बीच रहा। सबसे अधिक तापमान बठिंडा एयरपोर्ट पर 43.1 डिग्री दर्ज किया गया। चंडीगढ़ में 40.3 डिग्री, लुधियाना में 41.6 डिग्री, पटियाला में 42 डिग्री, पठानकोट में 40.6 डिग्री और बठिंडा में 41.2 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं अमृतसर में 39.9 डिग्री, फाजिल्का में 39.5 डिग्री, मोहाली में 38.9 डिग्री और रूपनगर में 39.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। तापमान में सबसे ज्यादा 3.2 डिग्री की बढ़ोतरी पठानकोट में दर्ज की गई। इसके अलावा चंडीगढ़ में 1.3 डिग्री, अमृतसर में 1.7 डिग्री, लुधियाना में 1.8 डिग्री, पटियाला में 1.2 डिग्री, बठिंडा में 0.6 डिग्री, फाजिल्का में 0.5 डिग्री, मोहाली में 1.4 डिग्री और रूपनगर में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। वहीं फरीदकोट में 0.7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अगले 4 दिन तापमान बढ़ेगा मौसम विज्ञान केंद्र के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक, राज्य में अगले कुछ दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, यानी बारिश के आसार नहीं हैं। अगले चार दिनों में दिन के तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। कुछ इलाकों में लू चलने की संभावना है।