samacharsecretary.com

झारखंड में की रामगढ नगर परिषद के चुनाव में वार्ड आरक्षण से बदल रहा समीकरण

रामगढ़. नगर परिषद चुनाव को लेकर अब जिले में समीकरण पूरी तरह से बदल गया है। पहले तक जहां चुनाव लड़ने में किसी तरह की बाध्यता निवर्तमान पार्षदों को नहीं थी, अब वार्डाें के आरक्षण ने कई उम्मीदवारों के अरमानों पर पानी फेर दिया है। उल्लेखनीय है इस बार आसन्न नगर परिषद चुनाव को लेकर यहां के 32 वार्डाें में से 15 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए हैं। वार्डाें के आरक्षण ने कई उम्मीदवारों के अरमानों पर पानी फेर दिया है जो कल तक वार्ड पार्षद थे और अगली बार भी जोर आजमाइश करने के सपने देख रहे थे। अब मौजूदा वार्डों की स्थिति को देख या तो वे अपनी दावेदारी छोड़ रहे हैं या फिर किसी और वार्ड में संभावना तलाशने में जुटे हैं। जिन वार्डाें को महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है वहां वे अपनी पत्नी को उम्मीदवार बनाने की तैयारी में लगे हैं। जिन संभावित प्रत्याशियों के लिए यह भी संभव नहीं हो पा रहा वे अब चुनाव से ही तौबा कर रहे हैं। नगर परिषद क्षेत्र के 32 वार्डों में से वार्ड संख्या 09 महिला प्रत्याशी के लिए आरक्षित किया गया है।इसी तरह वार्ड 10 अनुसूचित जनजाति की महिला उम्मीदवार के लिए, वार्ड 11 महिला, वार्ड 12 अनुसूचित जन जाति की महिला, वार्ड 14, अनुसूचित जाति की महिला, वार्ड 16 अनुसूचित जाति की महिला, वार्ड 18 अनुसूचित जन जाति की महिला, वार्ड 19 व 20 अनारक्षित महिला, वार्ड 22, 23, 24 व 25 महिला के लिए, वार्ड 27 व 31 अत्यंत पिछड़ा वर्ग की महिला के लिए आरक्षित किया गया है। इधर, चुनाव को लेकर जिला निर्वाचन विभाग की ओर से तैयारियां जोर शोर से शुरू कर दी गई है। लगातार चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग भी जिले के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दे रहा है।

झारखंड में ग्राउंडवाटर भंडार बढ़ा

रांची. नए साल में झारखंड में भूगर्भजल के संरक्षण के प्रयास तेज होंगे। पेयजल स्वच्छता विभाग, नगर निकाय, स्थानीय प्रशासन सब मिलकर राज्य के भूगर्भजल स्तर को बचाने का प्रयास 2026 में करेंगे। मानसून में हुई औसत से 15 प्रतिशत अधिक बारिश ने राज्य के जलस्रोत में बढ़ोतरी की है। 7046 क्यूबिक मीटर का जल भंडार बढ़कर आठ हजार क्यूबिक मीटर तक पहुंचा है। केंद्रीय भूगर्भ जल संस्थान के सहायक परामर्शी विनय मिश्रा ने बताया कि इस भंडार को बचाने के किए कृषि कार्य में डीप बोरिंग के जल का प्रयोग रोकना होगा। इसके साथ ही साल 2026 में वर्षा जल संरक्षण के प्रयास तेज करने होंगे। तालाबों समेत छोटे बड़े बांधों के जलग्रहण क्षेत्र को बढ़ाना होगा। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर नए साल में वाटर रिचार्ज सिस्टम को दुरुस्त करने में लगेंगे। इससे जलस्तर बना भी रहेगा और रिचार्ज भी होता रहेगा। कच्चे चेकडैम जल संरक्षण में सहायक जल संसाधन विभाग से सेवानिवृत अभियंता कुशध्वज महतो ने बताया कि झारखंड जैसे राज्य में पठारी संरचना होने से कच्चे चेकडैम जल संरक्षण में सहायक हैं। उन्होंने कहा कि 2026 में कच्चे चेकडैम बनाने के लिए राज्य सरकार के विभागों के अलावा निजी प्रयास पर भी जोर देना होगा। इसके लिए सहायता राशि देकर कच्चे चेकडैम को प्रोत्साहन देना होगा। इससे राज्य का जलभंडार बरकरार रहेगा। उन्होंने बताया कि भारी बारिश का चक्र राज्य में दस से पंद्रह साल के अंतराल पर आता है। मानसून की बारिश को संजोकर इस भंडार को बनाए रखना होगा।

झारखंड के होनहारों ने सिविल सर्विसेज की परीक्षा में मारी बाजी

रांची. टेंडर हार्ट की पूर्व छात्रा हर्षिता ने यूपीएससी मुख्य परीक्षा 2023 में 410वां रैंक हासिल कर पूरे विद्यालय को गौरवांवित किया है। 2017 में 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली हर्षिता ने नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई टेंडर हार्ट से की है। बचपन से मेधावी रहीं हर्षिता ने अपनी सफलता में अपने स्कूल के योगदान को सबसे महत्वपूर्ण बताया है। हर्षिता ने टेंडर हार्ट की संस्थापिका गार्गी मंजू एवं विद्यालय परिवार द्वारा प्राप्त उचित मार्गदर्शन को श्रेष्ठ बताया। झारखंड टॉपर बनीं स्‍वाति यूपीएससी की परीक्षा में जमशेदपुर की बिटिया ने सफलता हासिल की है। मानगो थाना क्षेत्र के कालिका नगर निवासी पूर्व थल सैनिक (सीएमपी) संजय शर्मा व आशा देवी की पुत्री स्वाति शर्मा को अखिल भारतीय स्तर पर 17 वां रैंक प्राप्त हुआ है। यह रैंक प्राप्त कर वह झारखंड टाॅपर बनी हैं। स्वाति शर्मा ने कहा कि झारखंड के विकास के लिए नई सोच के साथ काम करेंगी। युवाओं में देश और राज्य में परिवर्तन लाने की क्षमता है। चौथे प्रयास में प्रेरणा हुईं सफल साउथ ऑफिस पाड़ा डोरंडा निवासी प्रेरणा सिंह ने यूपीएससी परीक्षा में 271वां स्थान प्राप्त किया है। प्रेरणा सिंह की मां ममता सिंह पशुपालन विभाग में कार्यरत हैं, उन्होंने बताया कि चौथे प्रयास में उनकी बेटी ने सफलता प्राप्त की।

दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा कदम: IRCTC घोटाले में लालू यादव की याचिका पर जारी किया नोटिस

नईदिल्ली  दिल्ली हाईकोर्ट से राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है. हाईकोर्ट ने कथित आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में लालू यादव द्वारा दायर याचिका पर नोटिस जारी किया है. इस मामले में कोर्ट ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से भी जवाब मांगा है. दरअसल लालू प्रसाद यादव ने ट्रायल कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उनके खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोप तय किए गए थे. लालू यादव का कहना है कि ट्रायल कोर्ट का आदेश गलत है और उनके खिलाफ बिना पुख्ता आधार के आरोप लगाए गए हैं. इसी को लेकर उन्होंने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी. सीबीआई के जवाब का इंतज़ार हाईकोर्ट ने याचिका पर सुनवाई करते हुए सभी पक्षों को नोटिस जारी किया है. कोर्ट ने सीबीआई से कहा है कि वह इस मामले में अपना जवाब दाखिल करे. इसके बाद अदालत मामले की अगली सुनवाई करेगी. आईआरसीटीसी घोटाले का मामला रेलवे से जुड़े एक टेंडर और होटलों के संचालन से संबंधित है. यह मामला उस समय का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे. सीबीआई ने इस मामले में जांच के बाद आरोप पत्र दाखिल किया था. कब है अगली सुनवाई अब इस केस की अगली सुनवाई 14 जनवरी को होगी. उस दिन हाईकोर्ट सीबीआई के जवाब और लालू यादव की दलीलों को सुनकर आगे का फैसला करेगा. इस मामले पर राजनीतिक और कानूनी हलकों की नजर बनी हुई है. आईआरसीटीसी घोटाला क्या है? आरोप है कि रेलवे के होटल का ठेका एक निजी कंपनी को दिया गया और बदले में लालू प्रसाद यादव के परिवार को सस्ती कीमत पर कीमती जमीन दिलाई गई. जांच एजेंसियों का मानना है कि इससे सरकार को नुकसान हुआ और कुछ निजी लोगों व एक राजनीतिक परिवार को फायदा मिला. इसी कारण सीबीआई और ईडी ने इसे भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग का मामला माना है. यह मामला किस समय का है? यह मामला 2004 से 2009 के बीच का है, जब लालू प्रसाद यादव केंद्र सरकार में रेल मंत्री थे. होटल का ठेका किसे दिया गया था? रांची और पुरी के दो रेलवे होटल पहले आईआरसीटीसी को दिए गए, फिर इन्हें निजी कंपनी सुजाता होटल्स को लीज पर दिया गया. जांच एजेंसियों का क्या आरोप है? एजेंसियों का आरोप है कि टेंडर की शर्तों में बदलाव कर सुजाता होटल्स को फायदा पहुंचाया गया. बदले में क्या मिला, ऐसा आरोप है? आरोप है कि पटना की एक कीमती जमीन राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को बाजार भाव से काफी कम कीमत पर दी गई. इस मामले में कौन-कौन आरोपी हैं? लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, कुछ आईआरसीटीसी अधिकारी और निजी कारोबारी आरोपी हैं. मामला अभी किस स्थिति में है? अक्टूबर 2025 में ट्रायल कोर्ट ने आरोप तय किए. लालू यादव ने इसे दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी है और मामला अभी विचाराधीन है.

झारखंड को बिजनेस रिफार्म एक्शन प्लान सर्वे में मिला टॉप अचीवर अवार्ड

रांची. बिजनेस रिफार्म एक्शन प्लान सर्वे (बीआरएपी) में झारखंड को टॉप अचीवर अवार्ड मिला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दूरदर्शी सोच, कुशल नेतृत्व और सार्थक प्रयासों से राज्य आज हर क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय-डीपीआइआइटी द्वारा यह अवार्ड प्रदान किया जाता है। उद्योग सचिव अरवा राजकमल, उद्योग निदेशक विशाल सागर एवं प्रबंध निदेशक, जियाडा वरुण रंजन ने अवार्ड प्राप्त करने के बाद बुधवार को झारखंड मंत्रालय में मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने मुख्यमंत्री को बताया कि झारखंड को यह सम्मान बिजनेस एंट्री, कंस्ट्रक्शन परमिट, लेबर रेगुलेशन और सर्विस सेक्टर में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है। मुख्यमंत्री ने इस सम्मान के लिए अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि ये उपलब्धि पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है। ऐसे सम्मान से और बेहतर करने की हमें प्रेरणा मिलती है। सरकार राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास में नित्य नई ऊंचाइयों को हासिल कर रहा हमारा झारखंड मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी के समन्वित प्रयास का नतीजा है कि झारखंड विकास के मामले में नित्य नई ऊंचाइयों को छू रहा है। इस कड़ी में जो भी जरूरी कदम उठाने होंगे, सरकार उससे पीछे नहीं हटेगी। राज्य हित में हमारी सरकार लगातार योजनाएं बना रही है। इन योजनाओं को बेहतर क्रियान्वयन हो, इसमें हर अधिकारी की अहम भूमिका है। सभी के प्रयासों से हम एक नया और विकसित झारखंड बनाने में निश्चित तौर पर कामयाब होंगे। क्या है बिजनेस रिफार्म्स एक्शन प्लान अवार्ड केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय- डीपीआइआइटी के इज ऑफ डूइंग बिजनेस के तहत बिजनेस रिफार्म्स एक्शन प्लान का उद्देश्य प्रमुख नियामक और शासन संकेतकों पर राज्यों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करना है। इसके जरिए राज्यों में प्रतिस्पर्धी और सुधार-उन्मुख कारोबारी माहौल को बढ़ावा देना है। झारखंड को यह सम्मान प्राप्त होना औद्योगिक निवेश के प्रति राज्य की मजबूत प्रतिबद्धता, नीतिगत नवाचार, डिजिटल और संस्थागत दक्षता को दर्शाता है। झारखंड आज पारदर्शिता, जवाबदेही और व्यापार करने में सहूलियत को बढ़ावा देने वाली पहलों के माध्यम से देश के सबसे प्रगतिशील और निवेश अनुकूल राज्य के रूप में स्थापित हो रहा है।

सुबह घना कोहरा, रात में कंपकंपाती ठंड—झारखंड के 15 जिलों के लिए IMD का येलो अलर्ट

रांची भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने झारखंड के 15 जिलों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे के लिए 'येलो' अलर्ट जारी किया है। आईएमडी बुलेटिन के अनुसार, आज गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ के लिए घने कोहरे का 'येलो' अलर्ट जारी किया गया है। 15 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में सबसे ठंडा स्थान गुमला रहा, जहां तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस था, इसके बाद डाल्टनगंज और पाकुर में 8.3 डिग्री सेल्सियस और खूंटी में 9.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। झारखंड की राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को रांची समेत 15 जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है, जिससे दृश्यता 50 मीटर से 200 मीटर के बीच रहेगी। चार जनवरी से छह जनवरी तक तापमान में गिरावट आने की संभावना रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि अगले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव होने की उम्मीद नहीं है, लेकिन उसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से अगले तीन दिनों में इसमें तीन डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है। उन्होंने कहा, "चार जनवरी से छह जनवरी तक तापमान में गिरावट आने की संभावना है।"  

केंद्र सरकार पर केशव महतो कमलेश का आरोप: मनरेगा को कमजोर कर ग्रामीण अर्थव्यवस्था तोड़ी

रांची झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी 5 जनवरी को मनरेगा कानून और नाम में बदलाव के विरोध में मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत यहां बापू वाटिका मोरहाबादी से लोक भवन रांची तक पैदल मार्च करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर ‘मनरेगा बचाओ संग्राम' अभियान चलाया जाएगा। कमलेश ने बताया कि इस आंदोलन को तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। प्रथम चरण के तहत 8 जनवरी को राज्य स्तर पर कांग्रेस नेताओं की राज्य प्रभारी के साथ तैयारी बैठक होगी। इसके बाद 10 जनवरी को जिला स्तर पर प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएगी। वहीं 11 जनवरी को गांधी प्रतिमा या अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष एक दिवसीय उपवास एवं धरना दिया जाएगा। मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था का रीढ़ था जिसे केंद्र सरकार ने तोड़ दिया कमलेश ने बताया कि द्वितीय चरण में 12 जनवरी से 30 जनवरी तक पंचायत स्तर पर चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान सभी ग्राम प्रधानों, पूर्व ग्राम प्रधानों, रोजगार सेवकों एवं मनरेगा कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष का पत्र वितरित किया जाएगा। इसके साथ ही विधानसभा स्तरीय नुक्कड़ सभाएं और पंपलेट वितरण कार्यक्रम होंगे। 30 जनवरी शहीद दिवस के अवसर पर मनरेगा कार्यकर्ताओं एवं आंदोलनकारियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। तृतीय चरण के तहत 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय ‘मनरेगा बचाओ' धरना आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 7 फरवरी से 15 फरवरी तक राज्य स्तरीय विधानसभा या लोक भवन घेराव किया जाएगा। वहीं 16 फरवरी से 25 फरवरी के बीच देश के विभिन्न क्षेत्रों में क्षेत्रीय स्तर पर चार ‘मनरेगा बचाओ' रैलियों का आयोजन किया जाएगा। कमलेश ने कहा कि मनरेगा का नाम बदलना ग्रामीण भारत पर हमला है, मनरेगा के तहत योजनाओं का चयन पहले गांव में होता था अब केंद्र योजना पंचायत और गांव का चुनाव करेगा। वर्तमान भी भीबी- जीरामजी योजना से क्षेत्रीय असंतुलन पैदा होगा जो देश के लिए हितकर नहीं होगा। मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था का रीढ़ था जिसे केंद्र सरकार ने तोड़ दिया, कोरोना काल में मनरेगा ने गांव में संजीवनी का काम किया था जो आपात स्थिति में किसी योजना के महत्व को दर्शाता है, नरेंद्र मोदी इसे मिटाना चाहते हैं। बीजेपी नहीं चाहती कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को रोजगार मिले कमलेश ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 10 वर्षों पूर्व मनरेगा की आलोचना करते हुए मनरेगा को यूपीए सरकार का स्मारक कहा था, मनरेगा में हर पंचायत को राशि मिलता था, लेकिन अब सिर्फ चुनिंदा पंचायतों को राशि मिलेगी इससे ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार के अवसर घटेंगे। वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने कहा कि भाजपा की विचारधारा गांधी जी के विपरीत है यही वजह है कि महात्मा गांधी के नाम को हटाकर नई योजना लाई गई। बीजेपी नहीं चाहती कि ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को रोजगार मिले, आर्थिक संपन्नता हो, क्रय शक्ति बढ़े इससे भाजपा की पूंजीवादी सोच झलकती है। नाम में बदलाव भाजपा की मानसिकता को दर्शाता है, हिंदू धर्म को योजना में भावनात्मक रूप से जोड़कर राजनीतिक मंसूबा साधने की कोशिश की गई है। सरकार 125 दिन रोजगार देने की बात करती है, लेकिन सभी निबंधित मजदूरों को रोजगार दिया गया तो बड़ी राशि की आवश्यकता पड़ेगी जिसका प्रावधान बजट में नहीं, सरकार मजदूरों के साथ छलावा कर रही है।  

डॉ. इरफान अंसारी का मानवीय संदेश: ठंड में हजारों गरीबों को बांटे कंबल, कहा– मैं किसी का बुरा नहीं सोचता

रांची  झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा, इंसानियत की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं। हर साल की तरह इस साल भी भीषण ठंड को देखते हुए हमने हजारों जरूरतमंदों तक कंबल पहुंचाया है, ताकि कोई भी ठंड से बीमार न पड़े। यह सेवा का संस्कार मैंने अपने पिता फुरकान अंसारी से सीखा है, जो हर पर्व, हर संकट में जनता के बीच जाकर उनकी मदद करते रहे हैं। "जनता की सेवा पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें" दरअसल, डॉ. अंसारी ने कड़ाके की ठंड को देखते जामताड़ा विधानसभा अंतर्गत पंचायत झिलुआ, पबिया, बाकुडीह, केन्दुआटांड़, बसपहाड़ी, पिपलाटांड़, उदयपुर, बगरूडीह और महेशपुर सहित कई गांवों में लगभग 8,000 कंबलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा, कि ठंड में कोई भी गरीब, असहाय या जरूरतमंद व्यक्ति बीमार न पड़े, यही हमारी प्राथमिकता है। सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है। मैंने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से कहा है कि जनता की सेवा पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करें। विपक्ष की बातों में उलझने के बजाय जनता की आवाज सुनें और उनके सुख-दुख में साथ खड़े रहें। जनता आज उनके काम से खुश है और यही सबसे बड़ी पूंजी है।' "ठंड से किसी की जान बचाना सबसे बड़ा दान है" डॉ. अंसारी ने भावुक स्वर में कहा कि मैं विश्वास, मेहनत और लगन से जनता की सेवा कर रहा हूं। जब भी जनता को मेरी आवश्यकता होती है, मैं बिना बुलाए पहुंचता हूं। हजारों लोगों की दुआएं और आशीर्वाद ही मुझे भीतर से मजबूत बनाते हैं और ईमानदारी से काम करने की प्रेरणा देते हैं। जैसा कर्म करेंगे, वैसा ही फल मिलेगा-इस सिद्धांत पर मेरा पूरा विश्वास है। डॉ. इरफान अंसारी ने विपक्ष पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, कुछ लोग कहते हैं कि मैं कंबल, साड़ी या वस्त्र बांटता हूं। मैं उनसे कहना चाहता हूं- ठंड से किसी की जान बचाना सबसे बड़ा दान है। जब कोई गरीब इस कंबल से ठंड से बच पाएगा और मेरे पिता फुरकान अंसारी का नाम लेगा, वही मेरी असली पूंजी है।'  

ठंड बढ़ी, बच्चों को राहत: रांची में सभी स्कूल 6 जनवरी तक रहेंगे बंद

रांची झारखंड में ठंड का कहर जारी है। भीषण ठंड ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। ठंड के चलते रांची में 2 दिनों की पढ़ाई स्थगित कर दी है। रांची जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी विद्यालयों में केजी से 12वीं तक की कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य 5 जनवरी 2026 से 6 जनवरी 2026 तक स्थगित कर दिया गया है। KG से 12वीं तक कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह बंद जारी आदेश के अनुसार दिनांक 5 जनवरी से 6 जनवरी 2026 तक सभी विद्यालयों में KG से 12वीं तक कक्षाओं में पठन-पाठन का कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। हालांकि, यदि इस अवधि में किसी विद्यालय में पूर्व निर्धारित परीक्षाएं आयोजित हैं, तो विद्यालय प्रबंधन अपने विवेकानुसार परीक्षा का संचालन कर सकते हैं। साथ ही 10वीं और 12वीं कक्षाओं के संचालन को लेकर भी विद्यालयों को आवश्यक निर्णय लेने की छूट दी गई है। बता दें कि मौसम विभाग ने रांची जिला को येलो जोन की श्रेणी में चिह्नित करते हुए अत्यधिक ठंड पड़ने की संभावना जताई है। लगातार गिरते तापमान और शीतलहरी के प्रकोप को देखते हुए बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।

झारखंड के महिला थाना में नर्स ने की खुदकुशी की कोशिश

हजारीबाग. हजारीबाग के महिला थाना परिसर में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब न्याय की आस टूटने पर एक नर्स ने जहर खाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर में मौजूद पुलिसकर्मियों और फरियादियों में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में युवती को तुरंत शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग लाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति स्थिर है। वह खतरे से बाहर बताई जा रही है। युवती बड़कागांव थाना क्षेत्र की रहने वाली है। वह पेशे से नर्स है। शादी का झांसा देकर शोषण का आरोप पीड़िता का आरोप है कि बड़कागांव थाना क्षेत्र के हरली गांव निवासी विकास कुमार मेहता ने उसके साथ शारीरिक शोषण किया। आरोपी शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में एमबीबीएस फोर्थ ईयर का छात्र है। युवती का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। यौन शोषण की पहली घटना हजारीबाग के स्वर्ण जयंती पार्क में हुई। आरोपी ने दूसरी घटना गांव में हुई। जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी टालमटोल करने लगा। इसके बाद उसने महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन लंबे समय तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई। थाना प्रभारी पर असंवेदनशीलता का आरोप पीड़िता ने महिला थाना प्रभारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। युवती का कहना है कि 8 जुलाई को जब वह शिकायत लेकर महिला थाना पहुंची तो उसे यह कहकर लौटा दिया गया कि पार्क में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। न्याय न मिलने और कथित असंवेदनशील रवैये से वह अंदर से टूट गई। परिजनों का भी आरोप है कि आरोपी की मां पहले शादी का रिश्ता लेकर युवती के घर आई थी, लेकिन बाद में भारी दहेज की मांग शुरू कर दी गई। जिससे युवती की मानसिक स्थिति और बिगड़ती चली गई। जांच में जुटी पुलिस, बयान का इंतजार घटना की सूचना मिलते ही सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह, महिला थाना प्रभारी विंध्यवासिनी सिन्हा, सदर थाना प्रभारी सुभाष सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता के बयान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती का इलाज चल रहा है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।