samacharsecretary.com

मोदी का बिहार में हमला: विपक्ष पर भविष्य को खतरे में डालने का आरोप

पटना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर समस्तीपुर और बेगूसराय में जनसभा को संबोधित किया। दोनों जनसभाओं में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। जंगलराज का कई बार जिक्र किया। साथ ही महागठबंधन पर भी खूब बात की। उन्होंने कहा कि यह गठबंधन नहीं लठबंधन है। उनके लोग आपस में ही लड़ रहे हैं। लाठियां भांज रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि जब से बिहार चुनाव की घोषणा हुई है, तब से हम एक चीज साफ साफ देख रहे हैं कि एक तरफ एनडीए है। एक सूझबूझ से भरा हुआ नेतृत्व है। वहीं दूसरी तरफ लाठियां भांज रहा महालठबंधन हैं। यह लोग कैमरे पर आकर कुछ भी बोले लेकिन पीठ पीछे एक दूसरे की खाल खींज रहे हैं। इस महागठबंधन में अटक दल है, भटक दल है, लटक दल है, झटक दल है और पटक दल है। राजद बीते दो दशक में कोई चुनाव नहीं जीता है। लेकिन, अपने अहंकार में इनके लोग अटके हुए हैं। राजद ने झामुमो को इसी अहंकार में झटक दिया। बिहार में कांग्रेस को पटक दिया। वीआईपी को भटका दिया और वामदल को अटका दिया। पीएम ने बताया- सबसे ज्यादा भ्रष्ट परिवार कौन है? पीएम मोदी ने कहा कि एनडीए सरकार ने बिहार को जंगलराज से मुक्त करवाया। नौजवानों से मैं कहना चाहता हूं कि अक्टूबर 2005 में आपके माता-पिता ने आपके भविष्य के लिए बिहार को जंगलराज से मुक्त करवाया था। एनडीए सरकार को चुना था। आपको अपने वोट की ताकत समझनी है। आपके एक वोट से ही बिहार का भविष्य तय होगा। उन्होंने लालू परिवार पर हमला बोलते हुए कहा कि वह परिवार बिहार का सबसे ज्यादा भ्रष्ट परिवार है। इसके ज्यादातर सदस्य जमानत पर बाहर निकले हैं। यह लोग जमानत पर जीने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस का एक परिवार है, वह देश का सबसे भ्रष्ट परिवार है। इस परिवार के लोग भी जमानत हैं। लेकिन, अब बिहार ऐसे लोगों पर भरोसा नहीं करता है। इसलिए अब एक ही नारा गूंज रहा है, नई रफ्तार से चलेगा बिहार, जब फिर गूंजेगा एनडीए सरकार। 'राजद वालों ने केवल अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया' पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि राजद वालों ने केवल अपने बेटे-बेटियों का भविष्य बनाया। बिहार के लाखों नौजवानों का भविष्य बर्बाद कर दिया। एक समय था जब बेगूसराय देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में से एक था। 60 के दशक में यहां फैक्ट्रियां लगीं, रोजगार के अवसर बढ़े लेकिन फिर क्या हुआ? जंगलराज आ गया। फैक्ट्रियों पर ताला लगा दिया गया। जंगलराज ने बिहार के भविष्य को अधर में लटका दिया। जिस राजद ने बिहार को पलायन का अभिशाप दिया? उसके नेता आज बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। एनडीए सरकार के लिए विकास सबसे बड़ी प्राथमिकता है। इसलिए हमलोगों ने सबसे पहले बिहार को जंगलराज से मुक्त किया। 

एनकाउंटर में सौरभ हत्याकांड का आरोपी घायल, पुलिस ने दबोचा

गयाजी सौरभ हत्याकांड में गया जी पुलिस ने एक अपराधी को एनकाउंटर में घायल कर गिरफ्तार किया है। घायल अपराधी की पहचान बंटी कुमार के रूप में की गई है और उसे इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया है। मामला बीते बुधवार का है, जब गया नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र, बैरागी मोहल्ला में अपराधियों ने भाजपा नेता उपेंद्र प्रसाद के 19 वर्षीय पुत्र सौरभ कुमार की फिल्मी स्टाइल में गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या का पूरा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और आज सुबह हत्या में शामिल कुछ अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान बंटी कुमार को गोली मारकर जख्मी किया गया। इस मामले में गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान को भी आरोपी बनाया गया है। सीनियर एसपी आनंद कुमार का बयान इस संबंध में सीनियर एसपी आनंद कुमार ने बताया कि सौरभ हत्याकांड में पुलिस ने चार अपराधियों को बकरौर गांव से गिरफ्तार करने गई थी। इसी दौरान गुरुआ और गुरारू बार्डर पर स्थित असनी गांव के पास हथियार बरामदगी के दौरान अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। जबाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई। जिसमें अपराधी बंटी कुमार को दो गोली लगी। जिसमें बंटी घायल हो गया। पुलिसिया कार्रवाई में सौरभ हत्याकांड में शामिल नीतीश और राहुल समेत चार को गिरफ्तार की है। घायल अपराधी को पुलिस कस्टडी में अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

PM मोदी ने समस्तीपुर में किया कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण, श्रद्धांजलि अर्पित

समस्तीपुर  बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से पहले राज्य का सियासी तापमान हाई हो गया है. नेताओं के बीच सियासी जुबानी जंग तेज हो गई है. वहीं, एनडीए के चुनाव अभियान के तहत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 24 अक्टूबर (शुक्रवार) को बिहार का दौरा करेंगे. पीएम मोदी अपने दौरे की शुरुआत समस्तीपुर के कर्पूरी गांव से करेंगे और नेता कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे. इसके बाद वे समस्तीपुर के दुधपुरा और बाद में बेगूसराय में चुनावी रैलियां करेंगे.  अमित शाह दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंचेंगे और 24 अक्टूबर को सीवान और बक्सर में, फिर 25 अक्टूबर को बिहारशरीफ, मुंगेर और खगड़िया में रैलियों को संबोधित करेंगे. वहीं, राजद नेता तेजस्वी यादव 24 अक्टूबर से बिहार में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत करेंगे. 24 अक्टूबर को तेजस्वी का अभियान सिमरी बख्तियारपुर में एक रैली के साथ शुरू होगा, जिसके बाद वे केवटी, पारू और उजियारपुर में रुकेंगे. तेजस्वी का चुनावी दौरा सहरसा, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और वैशाली में भी होगा. बिहार चुनाव की हर अपडेट के लिए बने रहिए जी बिहार झारखंड के साथ. यहां आपको हर सियासी जानकारी मिलेगी.  ‘हमारी सरकार में कानून का राज’, समस्तीपुर रैली में CM नीतीश ने कहा ‘वो अपने परिवार के लिए काम करते हैं’, समस्तीपुर रैली में CM नीतीश का RJD पर हमला ‘बिहार को बड़ी आर्थिक मदद दी’, समस्तीपुर रैली में बोले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार  ‘1.2 करोड़ महिलाओं को रोजगार दिया’, समस्तीपुर रैली में बोले CM नीतीश बिहार के समस्तीपुर में भारत रत्न कर्पूरी ठाकुर के परिजनों से PM नरेंद्र मोदी मिले

गया जी में दर्दनाक दुर्घटना, बस और ट्रक की टक्कर में एक की मौत, कई घायल

गया जी बिहार के गया जी जिले में शुक्रवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। महाराष्ट्र से बोधगया आ रही तीर्थयात्रियों की बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है। चालक की मौके पर ही मौत हो गई जानकारी के अनुसार, यह हादसा शेरघाटी थाना क्षेत्र के गोपालपुर गांव के पास हुआ। यात्रियों से भरी बस जैसे ही गांव के समीप पहुंची, अचानक सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया सूचना मिलते ही शेरघाटी थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, वहीं मृत चालक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। बताया जा रहा है कि बस महाराष्ट्र से तीर्थयात्रियों को लेकर अयोध्या और काशी विश्वनाथ होते हुए बोधगया जा रही थी। इसी दौरान गोपालपुर गांव के पास यह दुर्घटना हुई। हादसे के बाद प्रशासन की देखरेख में अन्य यात्रियों को दूसरी बस से बोधगया रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और ट्रक चालक की तलाश जारी है।

सड़कें बंद, ट्रैफिक प्लान तैयार: पटना में 2 दिन की व्यवस्था

पटना छठ पर्व के मौके पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। 27 और 28 अक्तूबर को शहर के कई मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा। खासकर इन दो दिनों में अशोक राजपथ और जेपी गंगा पथ पर वाहनों की आवाजाही पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगी। दो दिन रहेगा ट्रैफिक प्रतिबंध 27 अक्तूबर को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक और 28 अक्तूबर को देर रात 2 बजे से सुबह 8 बजे तक अशोक राजपथ और जेपी गंगा पथ पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेंगी। इन अवधियों में केवल एम्बुलेंस, अग्निशामक, मरीज/शव वाहन और छठव्रतियों के वाहन ही चल सकेंगे। अन्य सभी निजी और व्यावसायिक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। अशोक राजपथ पर कारगिल चौक से दीदारगंज तक पूर्ण प्रतिबंध छठ पूजा के दौरान कारगिल चौक से दीदारगंज के बीच ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। केवल प्रशासनिक और आपातकालीन वाहन ही गुजर सकेंगे। अशोक राजपथ के सभी प्रवेश द्वार बंद रहेंगे। हालांकि, खजांची रोड से पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज परिसर में छठव्रतियों के वाहनों के लिए विशेष पार्किंग व्यवस्था की गई है। वैकल्पिक रूट और डायवर्जन कारगिल चौक से शाहपुर तक छठव्रतियों के वाहनों को जाने की अनुमति होगी। दीघा मोड़ से आशियाना मोड़ (उत्तर से दक्षिण दिशा में) तक 27 अक्तूबर को दोपहर 2 बजे से शाम 6:30 बजे तक और 28 अक्तूबर को सुबह 3 बजे से 6 बजे तक यातायात बंद रहेगा। इस दौरान वाहन रामजीचक मोड़ से नहर रोड होकर नेहरू पथ की ओर डायवर्ट किए जाएंगे। जेपी गंगा पथ पर पूर्ण प्रतिबंध 27 और 28 अक्तूबर को जेपी गंगा पथ पर दीघा गोलंबर से दीदारगंज तक दोनों लेन में ट्रैफिक पूरी तरह बंद रहेगा। किसी भी वाहन को पार्किंग की अनुमति नहीं होगी और यू-टर्न लेने या घूमने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। दीघा पहुंचने वाले वाहन एलसीटी अंडरपास से बाहर निकलेंगे। वहीं, जेपी सेतु पूर्वी घाट और गेट-93 घाट की ओर जाने वाले वाहनों को रेलवे ब्रिज के पूरब वाले रास्ते से निर्धारित स्थल तक ही पार्किंग की अनुमति होगी।

छठ पूजा 2025 में व्रती रहें सावधान: 36 घंटे बिना पानी के व्रत में ऐसे रखें शरीर हाइड्रेट और फिट

पटना लोकआस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ अब शनिवार के नहाय-खाय के साथ आरंभ हो जांएगे। दीपावली के बाद शुरू होने वाले इस पर्व का सबसे कठिन चरण होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत, इसमें व्रती बिना अन्न और जल ग्रहण किए सूर्य देव की उपासना करते हैं। यह तपस्या जितनी आस्था से जुड़ी है, उतनी ही शारीरिक सहनशक्ति की भी परीक्षा है। चिकित्सकों का कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी रखकर श्रद्धालु अपनी आस्था और स्वास्थ्य दोनों की रक्षा कर सकते हैं। व्रत से पहले भरपूर नींद लें और धूप से बचें राजधानी के चिकित्सकों के अनुसार व्रत शुरू करने से पहले पर्याप्त नींद लेना बेहद जरूरी है, ताकि शरीर को ऊर्जा मिल सके। व्रत के दौरान धूप में अधिक देर तक रहने से बचना चाहिए, इससे डिहाइड्रेशन और थकान की समस्या न हो। हार्ट, बीपी या शुगर के मरीज व्रत शुरू करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें और स्वास्थ्य जांच करा लें। बीपी के मरीज दवाओं को लेकर बरतें सावधानी आईजीआईसी के निदेशक डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बीपी के मरीजों को व्रत से पहले अपनी दवाओं में सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने बताया कि लंबे समय तक असर करने वाली दवाएं न लें, क्योंकि इनके कारण व्रत के दौरान बीपी असंतुलित हो सकता है। कम असर अवधि वाली दवाएं ही डॉक्टर की सलाह से लें और पर्व के बाद तीन-चार दिनों तक लगातार बीपी जांच करते रहे। इस दौरान उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे मरीजों को नमक का सेवन सीमित रखना चाहिए और शरीर में पानी की कमी न होने दें। हार्ट, बीपी और शुगर मरीजों के लिए जरूरी सुझाव आईजीआईसी के उप निदेशक डॉ. रोहित कुमार ने बताया कि हार्ट, बीपी व शुगर के मरीज व्रत से पहले डाक्टर से परामर्श लें और दवाओं की डोज एडजस्ट कराएं। अगर हार्ट, बीपी या शुगर का स्तर ज्यादा है तो व्रत के दौरान विशेष सकर्तकता बरते। शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए खरना के प्रसाद के दौरान तरल पदार्थों का सेवन करें। शरीर को आराम दें, अधिक मेहनत वाले कामों से बचें। दवाओं का सेवन समय पर करें। ब्लड प्रेशर और शुगर की नियमित जांच करें। किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। पारण के समय भी रखें सावधानियां पटना वीमेंस कॉलेज में क्लीनिकल न्यूट्रीशियन एंड डायटेटिक्स विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. सुप्रिया ने बताया कि 36 घंटे के निर्जला व्रत के बाद पारण के समय शरीर को धीरे-धीरे सामान्य अवस्था में लाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि व्रत तोड़ने की शुरुआत ठेकुआ के साथ पानी या नींबू पानी से करें, ताकि शरीर धीरे-धीरे हाइड्रेट हो सके। तुरंत भारी या तला-भुना भोजन न खाएं, इससे पेट खराब हो सकता है। व्रत के बाद पहले फल, जूस या हल्का नाश्ता लें और एक-दो घंटे बाद ही सामान्य भोजन करें। पूरे दिन में छोटे-छोटे आहार लेते रहें ताकि पाचन तंत्र पर अचानक भार न पड़े।  

चांद-तारे नहीं, जनता के बीच किया निशाना: नीतीश ने तेजस्वी के वादे पर साधा निशाना

पटना बिहार विधानसभा चुनाव के बीच जीविका योजना को लेकर वादों और दावों का दौर चल पड़ा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव के जीविका दीदी को लेकर किए गए चुनावी वादे पर तंज कसा है। सीएम ने गुरुवार को कहा कि वो चांद तारे तोड़ लाने के लिए बात कर रहे हैं। जीविका दीदियों और बिहार की महिलाओं का हितैषी दिखने की कोशिश कर रहे हैं। मगर सच यह है कि जीविका दीदियों के नाम पर ये लोग अपने परिवार की आजीविका तलाश रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुरुवार को एक लंबा सोशल मीडिया पोस्ट शेयर किया। इसमें आरजेडी और तेजस्वी यादव का नाम लिए बिना सीएम ने कहा कि बिहार की जनता ने इन लोगों को भी मौका दिया था लेकिन तब इनका ध्यान सेवा करने से ज्यादा मेवा खाने पर लगा हुआ था। इनके कार्यकाल में महिलाओं का विकास सिर्फ इनके परिवार तक ही सीमित था। इन लोगों के राज में बिहार की महिलाओं ने जो दुख- दर्द और जंगलराज का दंश झेला है, वह किसी से छिपा नहीं है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि ऐसे लोगों को पता होना चाहिए कि ये 2005 से पहले वाला बिहार नहीं है। बिहार की बहन-बेटियां पढ़ रही हैं, आगे बढ़ रही हैं, नौकरियां कर रही हैं, स्वरोजगार में लगी हैं, नौकरियां दे रही हैं, बिहार और देश का नाम रोशन कर रही हैं। बिहार की बहन-बेटियों को पता है कि उनके उत्थान और सम्मान के लिए किसने काम किया है। नीतीश ने अपने पोस्ट में अपनी सरकार में महिलाओं के लिए लाई गई योजनाओं का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बिहार में 1.40 करोड़ से अधिक जीविका दीदियां अलग-अलग कामों से बिहार और देश की अर्थव्यवस्था में बड़ी भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा, "हमने देश में पहली बार पंचायत और नगर निकाय चुनावों में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की। हमने सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 35 फीसदी आरक्षण की व्यवस्था की। महिलाओं के लिए डोमिसाइल नीति लागू की। हमारी सरकार ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती में महिलाओं के लिए 50 फीसदी आरक्षण लागू किया।" तेजस्वी का जीविका दीदी को 30000 रुपये सैलरी देने का वादा आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने बुधवार को जीविका दीदियों को लेकर बड़ा चुनावी वादा किया। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार बनने पर जीविका दीदियों को स्थायी नौकरी दी जाएगी और उन्हें हर महीने 30000 रुपये वेतन दिया जाएगा। इसके अलावा उन्होंने जीविका दीदियों के लिए 5 लाख रुपये का बीमा और 2000 रुपये अलग से भत्ता देने का भी वादा किया।  

महागठबंधन का CM चेहरा तय, तेजस्वी बोले- जनता के भरोसे से खत्म होगी भ्रष्ट सरकार

पटना  बिहार चुनाव में महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार (Tejashwi Yadav CM Face) बनाए जाने के बाद राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि इस बार प्रदेश से 20 साल पुरानी भ्रष्ट और निकम्मी सरकार को उखाड़ फेंकेंगे। यादव ने अपने माता पिता लालू-राबड़ी को याद किया और बिहार चुनाव में मुख्यमंत्री का उमीदवार घोषित किये जाने पर कांग्रेस नेता अशोक गहलोत तथा सभी घटक दलों के नेताओं को धन्यवाद दिया। राजद नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि बिहार में बीस साल पुरानी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार निकम्मी हो चुकी है और चारो तरफ भ्रष्टाचार से लिप्त है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सेहत ठीक नही है और जनता दल यूनाइटेड (JDU) की सारी गतिविधियां तीन-चार नेताओं ने अपने नियंत्रण में ले रखी हैं। उन्होंने कहा कि ये सभी नेता भारतीय जनता पार्टी (BJP) के साथ मिले हुए हैं और चुनाव के बाद जदयू को खत्म करने की कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि एक षड्यंत्र के तहत इस चुनाव में नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री का उमीदवार घोषित नही किया गया है। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री अमित शाह ने साफ शब्दों में कहा है कि चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन ( NDA) के विधायक दल के नेता मुख्यमंत्री पड़ का चुनाव करेंगे। राजद नेता ने कहा कि राजग सरकार के तमाम दावों के बावजूद बिहार में गरीबी, बेरोजगारी, पलायन बढ़ता ही गया है। बिहार की प्रति व्यक्ति आय भी देश मे सबसे कम है। प्रदेश में उद्योग धंधे भी नही हैं और ना ही सरकार के पास आगे कारखाने लगाने की कोई योजना है।   तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि लालू के काल मे रेलवे ने कारखाना लगाया था और उन्होंने अपने 17 महीने के कार्यकाल में रीगा चीनी मिल को पुन: शुरू करवाया था। उन्होंने कहा कि शेष बंद पड़ी चीनी मिलों को शुरू करने के लिए सरकार के पास कोई योजना नहीं है। यादव ने कहा कि बिहार का प्रशासन अधिकारियों और बाबुओं के हाथ में है, जो भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। घूसखोरी अतिशय बढ़ गयी है। उन्होंने कहा कि महागठबंधन की सरकार आई तो भ्रष्टाचार पर कड़ाई से लगाम लगाया जाएगा। उन्होने कहा कि उनकी स्वयं की परछाई भी भ्रष्टाचार करेगी तो उस पर भी कार्रवाई होगी। राजद नेता ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की हालत बहुत बुरी है। उन्होंने कहा कि लालू राज को जंगल राज कहने वाले नेता भूल गए हैं कि बिहार में पिछले बीस वर्षों में 70 हजार हत्याएं हुई हैं। उन्होंने कहा कि यदि वह जंगल राज था तो फिर यह क्या है? उन्होंने कहा कि सृजन घोटाला, बालिका गृह कांड से ले कर चूहों के पुल गिराने और शराब पीने तक इस सरकार के असंख्य कारनामे हैं। इन सभी मामलों में सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की है।  

दरभंगा पुलिस में हड़कंप: 8 महिला कर्मियों पर गिरी कार्रवाई, SSP का बड़ा कदम

दरभंगा बिहार के दरभंगा जिले में कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में आठ महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है एवं उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू की जा रही है।   इन पुलिसकर्मीयों पर गिरी गाज वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रेड्डी जलारेड्डी ने गुरूवार को बताया कि बिहार विशेष सैन्य पुलिस बल-13 दरभंगा के आठ महिला पुलिस कर्मियों को कर्तव्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने बताया कि 19 अक्टूबर को दीपावली, काली पूजा एवं छठ पूजा में विधि-व्यवस्था संधारण के लिए विश्वविधालय थाना क्षेत्र में कंचन कुमारी, सुरूची कुमारी, संगीता कुमारी, बाबुल कुमारी, रैयाम थाना क्षेत्र में श्वेता, कोमल कुमारी, नीतु कुमारी तथा बहादुरपुर थाना क्षेत्र में ममता कुमारी को ड्यूटी पर प्रतिनियुक्त किया गया था। सूत्रों ने बताया कि संबंधित थानाध्यक्षों द्वारा औचक जांच के कम में उपरोक्त सभी महिला सिपाही अपने-अपने कर्तव्य स्थल पर अनुपस्थ्ति पायी गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष विश्वविधालय, थानाध्यक्ष रैयाम तथा थानाध्यक्ष बहादुरपुर द्वारा उपरोक्त सभी महिला पुलिसकर्मी के विरूद्ध अनुशासनिक कार्रवाई करने के संबंध में वरीय पुलिस अधीक्षक दरभंगा को प्रतिवेदन दिया गया था, जिसके आधार पर सामान्य जीवन यापन भत्ता पर सभी आठ महिला पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए समादेष्टा (बिहार विशेष सैन्य पुलिस को प्रतिवेदन भेजा गया है।    

रांची में छठ पूजा की धूम, DC ने घाटों पर की तैयारियों की समीक्षा

रांची झारखंड की राजधानी रांची में आगामी छठ पर्व को लेकर उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री ने जिला प्रशासन की पूरी टीम के साथ शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घाटों पर सफाई व्यवस्था, सुरक्षा, प्रकाश, पेयजल, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन आदि की विस्तृत समीक्षा की। प्रशासनिक टीम ने कांके डैम, हटनिया तालाब, चडरी तालाब, बड़ा तालाब (रांची झील) और धुर्वा डैम जैसे प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। उपायुक्त ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए और श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखने पर बल दिया। श्रद्धालु केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें भजंत्री ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निर्देश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस बल, एनडीआरएफ एवं एनडीआरएफ की टीमें तैनात रहें। उन्होंने घाटों पर सुरक्षा बैरिकेडिंग, गोताखोरों की मौजूदगी और कंट्रोल रूम की सक्रियता सुनिश्चित करने को कहा। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर भजंत्री ने अपील की है कि श्रद्धालु केवल सुरक्षित गहराई तक ही जल में प्रवेश करें। उन्होंने कहा है कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं, परंतु सतर्कता और संयम भी उतने ही आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि वे छठ पर्व के दौरान प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, घाटों पर स्वच्छता बनाए रखें और सुरक्षा नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास से यह पर्व सुरक्षित, स्वच्छ और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न होगा। भजन्त्री ने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी घाटों की साफ-सफाई, कचरा निस्तारण, एवं कीचड़ हटाने का कार्य पूर्ण किया जाए। साथ ही बिजली विभाग को सभी घाटों पर स्थायी व अस्थायी लाइट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अर्घ्य के समय श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो। निरीक्षण के क्रम में भजन्त्री ने विभिन्न घाटों पर उपस्थित पूजा समिति के सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने घाटों पर स्थानीय प्रबंधों की जानकारी ली और सभी समितियों से कहा कि वे प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने कहा कि आस्था का यह महापर्व जिला प्रशासन और स्थानीय समितियों के सहयोग से स्वच्छ, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा। भजन्त्री ने सिविल सर्जन को प्रत्येक प्रमुख घाट पर एम्बुलेंस और मेडिकल टीम की तैनाती करने के आदेश दिए हैं, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तुरंत चिकित्सीय सहायता मिल सके। निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वरनाथ आलोक, अनुमंडल पदाधिकारी, सदर उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक, यातायात राकेश सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय, नगर निगम, पथ निर्माण, बिजली, पीएचईडी तथा अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे।