samacharsecretary.com

यूपी बोर्ड में शानदार प्रदर्शन, सर्वोदय विद्यालयों का हाईस्कूल में 99.19% और इंटरमीडिएट में 99.03% रहा रिजल्ट

लखनऊ.  योगी सरकार की शिक्षा सुधार नीतियों का असर सरकारी विद्यालयों के परीक्षा परिणामों में साफ दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) के घोषित परीक्षा परिणामों में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में नया संदेश दिया है। सर्वोदय विद्यालयों का हाईस्कूल परिणाम 99.19 प्रतिशत तथा इंटरमीडिएट का कुल परिणाम 99.03 प्रतिशत दर्ज किया गया है। सरकारी विद्यालयों के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन ने साबित किया है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर संसाधन और अनुशासित माहौल मिलने पर छात्र-छात्राएं किसी भी स्तर पर बेहतर परिणाम दे सकते हैं।  छात्राओं ने बढ़ाया प्रदेश का मान गाजियाबाद के जय प्रकाश नारायण सर्वोदय बालिका विद्यालय, निडौरी की छात्राओं ने विशेष उपलब्धि हासिल की है। इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में छात्रा अंजली पुंडीर ने 88.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद में चौथा स्थान हासिल किया, जबकि अंशिका ने 87.40 प्रतिशत अंक पाकर जिले में छठा स्थान प्राप्त किया। इन छात्राओं की सफलता से यह स्पष्ट है कि बेटियों को बेहतर अवसर मिलने पर वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। हाईस्कूल में भी छात्रों का दमदार प्रदर्शन शैक्षणिक वर्ष 2025-26 में हाईस्कूल परीक्षा में सर्वोदय विद्यालयों के कुल 2457 छात्र-छात्राएं सम्मिलित हुए, जिनमें से 2437 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। हाईस्कूल में प्रमुख मेधावियों में गाजीपुर के सैदपुर बालिका विद्यालय की उजाला निषाद ने 94.33 प्रतिशत, प्रयागराज के कौड़िहार की अनुष्का त्रिपाठी ने 93.16 प्रतिशत, बांदा के हरदौली के पवन कुमार ने 92.67 प्रतिशत, भदोही के रया के आदर्श कुमार ने 92.66 प्रतिशत तथा चंदौली के नौगढ़ के सुनील कुमार ने 92.50 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। इंटरमीडिएट विज्ञान और कला वर्ग में भी उत्कृष्ट परिणाम इंटरमीडिएट विज्ञान वर्ग में कुल 1058 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 1046 छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। वहीं कला वर्ग में 801 विद्यार्थी सम्मिलित हुए, जिनमें से 795 छात्र-छात्राएं सफल रहे। इसमें कला वर्ग में बिजनौर के धौलागढ़ की राधिका ने 86.80 प्रतिशत, कुशीनगर के सिरसिया हेतिमपुर की सुमन भारती ने 86.20 प्रतिशत, अमेठी के गौरीगंज की शालू ने 85.20 प्रतिशत, जबकि बिजनौर की कोमल और गायत्री ने 84.80 प्रतिशत अंक हासिल किए। वहीं विज्ञान वर्ग में गाजियाबाद के निड़ौरी से अंजलि पुंडीर 88.20 प्रतिशत, फतेहपुर के खागा, खासमऊ से दीपक सिंह 88.00 प्रतिशत, गाजियाबाद के निड़ौरी से अंशिका 87.40 प्रतिशत, प्रयागराज के कौड़िहार से मानशू 86.20 प्रतिशत और देवरिया के मेहरौना से विकास यादव 85.60 प्रतिशत अंक हासिल किए। योगी सरकार में सरकारी स्कूलों की बदली तस्वीर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योगी सरकार द्वारा जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, प्रशिक्षित शिक्षकों की तैनाती, पुस्तकें, बेहतर प्रयोगशालाएं और सुरक्षित वातावरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। इन प्रयासों का सीधा असर परीक्षा परिणामों में देखने को मिल रहा है। योगी सरकार के कार्यकाल में सरकारी विद्यालयों की छवि तेजी से बदली है। आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण पढ़ाई और छात्र हितैषी योजनाओं ने सर्वोदय विद्यालयों को नई पहचान दिलाई है। यही कारण है कि सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भी प्रदेश स्तर पर सफलता के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे हैं।

Rural Tourism Boost: जशपुर का गांव चमका, होमस्टे से बढ़ी लोकप्रियता

जशपुर. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में जशपुर जिले का केरे गांव तेजी से एक उभरते पर्यटन स्थल के रूप में पहचान बना रहा है। यह पहल स्थानीय लोगों की आजीविका को सशक्त बनाने के साथ-साथ क्षेत्रीय संस्कृति को भी नई पहचान दे रही है। जिला प्रशासन के विशेष प्रयासों से केरे गांव को पर्यटन गांव के रूप में विकसित किया गया है। यहां अब तक 5 होमस्टे स्थापित किए जा चुके हैं। साथ ही, ग्रामीणों को होमस्टे संचालन, अतिथि सत्कार और प्रबंधन से जुड़ा प्रशिक्षण भी दिया गया है, जिससे वे बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकें। हाल ही में केरे स्थित ‘महुआ होमस्टे’ में ठहरे यात्रियों का अनुभव इस पहल की सफलता को दर्शाता है। बिलासपुर से रांची जा रहे तीन यात्रियों ने यात्रा के दौरान आरामदायक ठहराव के लिए इस होमस्टे का चयन किया। ऑनलाइन माध्यम से जानकारी मिलने के बाद वे यहां पहुंचे, जहां उनका आत्मीय स्वागत किया गया। उन्हें घर जैसा स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन मिला, साथ ही साफ-सुथरी और आरामदायक व्यवस्था का अनुभव भी हुआ। अतिथियों ने मेजबानों के व्यवहार और सुविधाओं की खुलकर सराहना की। यह सकारात्मक अनुभव दर्शाता है कि केरे गांव अब एक भरोसेमंद और आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में स्थापित हो रहा है। जिला प्रशासन के अनुसार, इस पहल से न केवल ग्रामीणों को रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं, बल्कि सामुदायिक भागीदारी भी मजबूत हो रही है। साथ ही, यह मॉडल स्थानीय संस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए जिम्मेदार पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है।

बयानबाजी पर बढ़ा विवाद, पूर्व मंत्री ने विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

 गढ़वा झारखंड के गढ़वा जिले में राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया है. सूबे के पूर्व मंत्री और झामुमो के केंद्रीय महासचिव मिथिलेश ठाकुर ने भाजपा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी एफआईआर दर्ज कराई है. इसके बाद जिले की राजनीति को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है. विधायक पर गंभीर आरोप पूर्व मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने गढ़वा शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने सार्वजनिक मंच से उनके खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित टिप्पणी की है. उनके अनुसार, विधायक ने उन्हें “डकैती करने वाला”, “जमीन लूटने वाला” और “कमीशन खाने वाला” जैसे शब्दों से संबोधित किया. साथ ही, उनके पैतृक गांव और पिता को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कही गईं. प्रेस वार्ता के दौरान दिया गया बयान आवेदन में बताया गया है कि यह घटना 22 अप्रैल 2026 की है, जब विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी गढ़वा में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. आरोप है कि इसी प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने जानबूझकर पूर्व मंत्री की छवि खराब करने के उद्देश्य से ऐसे बयान दिए. मिथिलेश ठाकुर का कहना है कि यह केवल राजनीतिक बयानबाजी नहीं, बल्कि उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने की साजिश है. पुलिस को सौंपा गया वीडियो फुटेज शिकायत के समर्थन में पूर्व मंत्री की ओर से पुलिस को वीडियो फुटेज भी सौंपा गया है. इस वीडियो में कथित तौर पर विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी विवादित बयान देते हुए नजर आ रहे हैं. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अमर्यादित भाषा स्वीकार्य नहीं: मिथिलेश ठाकुर मिथिलेश ठाकुर ने स्पष्ट कहा कि राजनीति में वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी नेता को इस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. उन्होंने कहा कि उनकी छवि को जानबूझकर धूमिल करने का प्रयास किया गया है, जिसे वह किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं करेंगे. उन्होंने न्यायिक प्रक्रिया के जरिए सच्चाई सामने लाने की बात कही. बढ़ सकता है राजनीतिक टकराव इस मामले के बाद गढ़वा की राजनीति में टकराव और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं. झामुमो और भाजपा के बीच पहले से मौजूद राजनीतिक प्रतिस्पर्धा अब व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में बदलती दिख रही है. आने वाले दिनों में यह मामला और तूल पकड़ सकता है, जिससे स्थानीय राजनीति पर व्यापक असर पड़ने की संभावना है.

हज यात्री देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए दुआ करें: विष्णु देव साय

प्रदेश के हज यात्रियों का छ.ग.हज कमेटी ने किया स्वागत हज यात्रियों को हज किट का किया गया वितरण रायपुर छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा राजधानी रायपुर के मेडिकल काॅलेज परिसर स्थित अटल सभागार में प्रदेश के हजयात्रियों का स्वागत किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय – विष्णु देव साय जी ने हज यात्रियों को हज किट प्रदान किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित प्रदेश के मुख्यमंत्री माननीय विष्णु देव साय जी ने हज यात्रियों को संबोधित करते हुए कहा कि, आप छत्तीसगढ़ और अपने देश की खुशहाली के लिए भी दुआएं करें। उन्होंने कहा कि, यह बड़े सौभाग्य का अवसर है हम सब हज यात्रियों के इस्तक़बाल के लिए एकत्र हुए हैं। उन्होंने कहा कि, जब वे सांसद थे तब से हज यात्रियों का स्वागत करते आ रहे हैं। अनेक वर्षो से यह सौभाग्य मिलता रहा है। श्री साय ने प्रदेश के 815 हज यात्रियों को शुभकामनाएं दीं। श्री साय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य किट प्रदान किया जा रहा है। समस्त हज यात्री अपना ख़याल रखें, वहां भी बहुत गर्मी होगी। स्वास्थ्य की चिंता करेंगे, मेडिकल किट साथ रखें। आप सब छत्तीसगढ़ और प्रदेश के प्रतिनिधि के रूप में जा रहे हैं। अपने देश और छत्तीसगढ़ की तरक्की और खुशहाली के लिए विशेष रूप से दुआएं करें। श्री साय ने कहा कि आप हज यात्रा पर जाएं हम यहां आपकी चिंता करते रहेंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित माननीय बृजमोहन अग्रवाल जी, सांसद रायपुर लोकसभा ने समस्त हज यात्रियों को मुबारकबाद पेश की। उन्होंने कहा कि, हर मुसलमान की तमन्ना होती है कि वह हज यात्रा पर जाए। हज यात्रा पर वही जाता है जिसे अल्लाह बुलाता है। वे सब हज यात्री खुशनसीब हैं जो हज यात्रा पर जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप छत्तीसगढ़ और देश की सुख, शांती  और समृद्धि के लिए दुआएं करें। छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मान. मिर्जा एजाज बेग ने कहा कि, हमारे प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी हज यात्रा पर जाने वाले सभी हज यात्रियों की हमेशा चिंता करते हैं उनके विषय  में जानकारी लेते रहते हैं। श्री बेग ने कहा कि, हज यात्रियों की सुविधा को दृष्टिगत  रखते हुए जिस जिले के हाजी हैं वहीं उनके प्रशिक्षण की व्यवस्था की गई। श्री बेग ने कहा कि समस्त हज यात्री निश्चिंत  होकर जाएं हमारे सांसद मान. बृजमोहन अग्रवाल जी, मुख्यमंत्री मान. विष्णु देव साय जी और प्रधानमंत्री मान. नरेन्द्र मोदी जी हैं जो आपको कोई परेशानी नहीं होने देंगे। श्री बेग ने कहा कि, जितने लोगों ने आवेदन किया उन सभी का सिलेक्शन हो गया। हज यात्रियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, सऊदी अरब के क़ानून और नियमों का पालन करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता, मिर्ज़ा एजाज़ बेग, अध्यक्ष हज कमेटी की ने की। कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में श्री लोकेश कावड़िया अध्यक्ष छ.ग.स्टेट निःशक्तजन वित्त एवं विकास निगम, श्री अमरजीत छाबड़ा अध्यक्ष छ.ग. अल्पसंख्यक आयोग, श्री डाॅ. सलीम राज, अध्यक्ष छ.ग. राज्य वक्फ़ बोर्ड, हज कमेटी के सदस्यगण श्री मौलाना अमीर बेग, श्री मौलाना महताब, श्री मौलाना हसन अब्बास, श्री गुलाम रहमान, श्री शकील अहमद, श्री आरिफ खान, श्री अकरम कुरैशी, श्री सलीम मेमन, श्री सैय्यद सैफुद्दीन, श्रीमति रजिया खान, श्रीमति नज़मा अज़ीम खान, श्रीमति रेहाना खान, श्री शाहिद खान, श्री हाजी शेख निज़ाम, श्री गुलाम गौस खान, श्री असगर अली, श्री जिशान  सिद्दीकी, श्री साजिद पठान, रेशमा शेख, श्री आरिफ नियाज़ी, श्री फैसल खान, श्री मो. अलताफ, श्री मो. युसूफ, श्री गुरदीप सिंह टुटेजा, श्री मोबिन अहमद, श्री शेख नियाज़, श्री सैय्यद रज़ा, श्री अमिक खान, फरहा नाज़, श्री मुफ्ती एहतेशाम फारूकी, श्री बदरूद्दीन खोखर, श्री हाजी अनवर रिज़वी, श्री हाजी फहीम मुतवल्ली जामा मस्जिद, श्री मुजाहिद अली फारूकी, श्री सुहैल सेठी अध्यक्ष सीरत कमेटी, श्री मो. अली भोला भाई मुतवल्ली संजय नगर, श्री हैदर अली मुतवल्ली हैदरी मस्जिद, डाॅ आदिल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे। आभार प्रर्दशन छ.ग.राज्य कमेटी की कार्यपालन अधिकारी डाॅ. खुशबू  उस्मान ने किया।

खगड़िया में महिला दारोगा पर गिरी गाज, वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी

पटना बिहार पुलिस में सोशल मीडिया और रील बनाने का क्रेज रुकने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला खगड़िया जिले से सामने आया है, जहाँ एक महिला सब-इंस्पेक्टर को पुलिस मुख्यालय के सख्त आदेशों की धज्जियां उड़ाना भारी पड़ गया है। परबत्ता थाने में तैनात महिला दरोगा निशा कुमारी का वर्दी पहनकर फिल्मी गानों पर रील बनाना अब उनके करियर के लिए मुसीबत बन गया है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और अब उन पर निलंबन की नौबत आ गई है। मुख्यालय के आदेश को दिखाया ठेंगा बता दें कि बिहार पुलिस मुख्यालय ने हाल ही में एक लिखित आदेश जारी किया था, जिसमें स्पष्ट कहा गया था कि कोई भी पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान या वर्दी पहनकर रील, वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट नहीं करेगा। इसके पीछे का मकसद पुलिस की छवि को गंभीर बनाना और अनुशासन बनाए रखना था। लेकिन दरोगा निशा कुमारी पर इन आदेशों का कोई असर नहीं दिखा। उन्होंने न केवल रील बनाई, बल्कि उन्होंने फिल्मी गानों पर टशन दिखाते हुए कई वीडियो अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ अकाउंट पर शेयर किए। सोशल मीडिया से वीडियो डिलीट किया जैसे ही दरोगा साहिबा की रील सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हुई, इसकी भनक गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी को लग गई। अधिकारियों के तेवर देख निशा कुमारी ने आनन-फानन में अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सभी वीडियो डिलीट कर दिए। हालांकि, तब तक बहुत देर हो चुकी थी और वीडियो के स्क्रीनशॉट्स व क्लिप्स अधिकारियों तक पहुँच चुके थे। एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने इस मामले को अनुशासनहीनता का गंभीर मामला मानते हुए दरोगा से जवाब-तलब किया है। एसपी की रिपोर्ट के बाद बढ़ेगी मुश्किलें गोगरी एसडीपीओ साक्षी कुमारी ने मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि पुलिस की वर्दी की एक गरिमा होती है और उसे ठेस पहुँचाने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने बताया कि महिला सब-इंस्पेक्टर निशा कुमारी को कड़ी हिदायत दी गई है। एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि जिले के एसपी के वापस लौटते ही उन्हें विस्तृत जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी और जिसके बाद विभागीय कार्रवाई के तहत सस्पेंशन या अन्य बड़ी सजा मिल सकती है।

हर जरुरतमंद को मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ : मंत्री तोमर

भोपाल. जन-जन की सेवा ही मध्यप्रदेश की सरकार का मूलमंत्र है और इसे साकार करते हुए ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने शनिवार को अपने रेसकोर्स रोड स्थित 38 नम्बर सरकारी कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई के दौरान समस्याओं को सुना और उनका त्वरित निदान किया। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि आपका यह सेवक जिस मुकाम पर है, वह आप सभी के आशीर्वाद का ही प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। यह उनका हक है, जो मध्यप्रदेश की कर्मशील सरकार द्वारा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना प्रदेश सरकार का संकल्प है। इसकी पूर्ति के लिए हम सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। ऊर्जा मंत्री तोमर ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचे इसके लिए हर जिला, तहसील स्तर पर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है। इस दिशा में सरकार सतत प्रयत्नशील है। जन सेवा ही हमारा संकल्प है। उन्होंने दोहराया कि हर जरुरतमंद के चेहरे पर खुशहाली लाना ही हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि विकास का यह सिलसिला अभी थमने वाला नहीं है। शहर के प्रत्येक नागरिक को अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवा मुहैया कराना ही शासन की प्राथमिकता है। ऊर्जा मंत्री तोमर ने आहवान किया कि हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि अपने जीवन में स्वच्छता को अपनाएंगे और एक नया स्वस्थ, हरा-भरा, नशा मुक्त समाज बनाएंगे। उन्होंने कहा कि हमें अपने शहर को साफ और सुंदर बनाने के लिए साथ मिलकर अपना सहयोग देना होगा। उन्होंने मौजूद प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग से सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर आवेदक की समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करें।  

व्हाट्सएप कोड शेयर कर रची साजिश, समीर खान गिरफ्तार

मेरठ आतंकी घटनाओं को अंजाम देने और बाकी देश विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए भारत के नंबर पर व्हाट्सएप एक्टिव कर इन्हें पाकिस्तान में आईएसआई के जासूस और हैंडलर चला रहे हैं। यूपी एटीएस ने जिस समीर खान को गिरफ्तार किया है, उसने फर्जी आईडी पर कुछ सिम कार्ड एक्टिव किए और इनका कोड पाकिस्तान में शहजाद भट्टी को दिया था। इसके बाद से इन नंबरों का इस्तेमाल पाकिस्तान में किया जा रहा है। पूर्व में गाजियाबाद में पकड़े गए मॉड्यूल ने भी इरम ने इसी तरह से कुछ नंबर को व्हाट्सएप पर एक्टिव कराकर पाकिस्तान में शहजाद भट्टी और सरदार को कोड दिए थे। आईएसआई और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के लिए काम करने वाले आरोपी समीर खान और तुषार उर्फ हिजबुल्लाह अली से पूछताछ में बड़ा खुलासा हुआ है। आरोप है कि समीर ने शहजाद भट्टी और आईएसआई के मेजर के कहने पर दो मोबाइल सिम लिए थे। इन्हें एक्टिव कराया था। इन मोबाइल नंबर से पाकिस्तान में बैठे आईएसआई एजेंट ने अपने यहां व्हाट्सएप शुरू किया। व्हाट्सएप एक्टिव करने के लिए कोड समीर के पास मौजूद मोबाइल नंबर पर आये, जो पाकिस्तान में बैठे साथियों को दे दिए थे। इसके बाद से इन मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप का इस्तेमाल पाकिस्तान में ही किया जा रहा है। यह पहला मामला नहीं है, जब ये काम किया गया है। शहजाद भट्टी ने रची थी पूरी साजिश पूर्व में गाजियाबाद में जिस टेरर मॉड्यूल का खुलासा एटीएस और आईबी ने किया था, उनके साथ मिलकर भी शहजाद भट्टी ने इसी तरह से साजिश की थी। दरअसल, इरम उर्फ महक निवासी संभल को आरोपी शहजाद ने अपने साथ मिलाया था। इसके बाद इरम से कुछ युवतियों के नंबर मांगे थे, ताकि इनकी मदद से हनीट्रैप और जासूसी का नेटवर्क बनाया जा सके। दूसरी ओर, इरम से उनके ही कुछ परिचित के ऐसे नंबर पता किए, जो की-पैड फोन इस्तेमाल करते हैं। इन नंबरों पर पाकिस्तान में व्हाट्सएप शुरू किया गया, जिसे चलाने के लिए कोड इन्हीं नंबर पर आया। इसी कोड को इरम ने शहजाद भट्टी को बताया था। इसके बाद से इन मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप पाकिस्तान में चलाया जा रहा है। इसलिए चलाते हैं भारत के नंबर पर व्हाट्सएप पाकिस्तान के मोबाइल नंबरों को कंट्री कोड +92 है। ऐसे में पाकिस्तान के नंबर से आने वाली कॉल का पता चल जाता है। भारत में एक्टिव नंबर पर पाकिस्तान में व्हाट्सएप चलाकर वहां से कॉल की जाती है तो पता चला नहीं चलता कि नंबर पाकिस्तान में चलाया जा रहा है। इन नंबरों का इस्तेमाल खुफिया एजेंसी से बचने के लिए भी किया जाता है। यह पहला मामला नहीं, जब इस तरह से भारत के नंबरों पर पाकिस्तान में व्हाट्सएप चलाए जा रहे हैं। पूर्व में शामली में गिरफ्तार आतंकी ने भी दो मोबाइल फोन पर पाकिस्तान में व्हाट्सएप एक्टिव कराया था।

झारखंड धार्मिक न्यास बोर्ड ने पहाड़ी मंदिर समिति का किया पुनर्गठन, विकास कार्यों को मिलेगी गति

 रांची झारखंड के रांची में स्थित पहाड़ी मंदिर समिति का पुनर्गठन किया गया.  झारखंड राज्य धार्मिक न्यास बोर्ड द्वारा रांची के ऐतिहासिक पहाड़ी मंदिर की नई समिति का गठन किया गया है. इस नई कमेटी में श्री शिव बारात आयोजन महासमिति के संस्थापक अध्यक्ष राजेश कुमार साहू को एक बार फिर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है. उन्हें आगामी पांच सालों के लिए समिति में अपना योगदान देने का अवसर दिया गया है. सदस्यों में प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी समिति के अध्यक्ष पद पर न्यायाधीश एस० एन० पाठक को नियुक्त किया गया है. वहीं विशेष आमंत्रित सदस्यों में सांसद, विधायक, रांची उपायुक्त, वरीय पुलिस अधीक्षक, सदर अनुमंडल पदाधिकारी सहित विजय पाठक को शामिल किया गया है. विकास और सौंदर्यीकरण को मिलेगी गति समिति के सदस्यों ने राजेश कुमार साहू को इस नई जिम्मेदारी के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। साथ ही उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व और अनुभव से पहाड़ी मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को नई गति मिलेगी और यह ऐतिहासिक धरोहर और भी भव्य रूप में सामने आएगी.

किसानों के मुद्दों पर CM Nayab Singh Saini का बयान, बोले- उनकी समस्याओं से हूं परिचित

चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि वे प्रदेश के राजा नहीं, बल्कि एक किसान के बेटे हैं। उन्होंने स्वयं खेती की है। इसलिए किसानों की समस्याओं से भलीभांति परिचित है। वे किसानों की समस्याओं का समाधान करने के लिए सदैव तत्परता से लगातार कार्य कर रहे हैं। हरियाणा निवास में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में नायब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गरीब व जनहितैषी योजनाओं को लागू किया है। इनका लाखों लोगों ने लाभ उठाया है और वे गरीबी रेखा से बाहर हुए हैं। कांग्रेसी नेताओं द्वारा मंडियों के लगातार दौरों से जुड़े सवाल पर कहा कि विपक्ष ऐसा वातावरण खड़ा करने में लगा है, जैसे उनके समय में किसान बहुत खुश थे। वे केवल झूठ की दुकान खोलकर आमजन को गुमराह करने में लगे हैं, लेकिन जनता इन्हें अच्छे से समझती है। कांग्रेसी चुनाव के समय पोर्टल बंद करने की बात करते थे लेकिन जनता ने इन्हीं का पोर्टल बंद कर दिया है। वर्ष 2014 से लगातार डबल इंजन की सरकार विकास कार्यों को तेजी से कर रही है। नायब ने कहा कि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने मतदाताओं को खूब सब्जबाग दिखाए थे। इनमें किसानों का कर्जा माफ करना, युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाना, पंजाब को नशे से मुक्त करना, महिलाओं को लाभ देने जैसे वादे शामिल हैं। इसके उलट पंजाब में नशा बढ़ गया है और युवा नशे की गिरफ्त में हैं। उन्होंने कहा कि चुटकुलों से जनता का पेट नहीं भरता, इसके लिए जनकल्याण के कार्य करने पड़ते हैं। हरियाणा में किसानों, महिलाओं, युवाओं के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं। पंजाब में भाजपा की सरकार बनते ही हरियाणा में लागू सभी योजनाएं एवं व्यवस्थाएं हुबहू लागू की जाएंगी। हरियाणा में आयुष्मान चिरायु योजना के तहत अब तक 27 लाख परिवारों ने इलाज करवाकर स्वास्थ्य लाभ उठाया है। पंजाब में आप सरकार ने मोहल्ला क्लीनिक बनाए थे, वे अब हल्ला क्लीनिक बन गए हैं। पंजाब की जनता अब इनसे अपना पिंड छुड़वाना चाहती है। कानून व्यवस्था की सख्ती से निगरानी मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की सख्ती से मानिटरिंग की जा रही है। यदि कोई ड्रग व नशा बेचते पाया जाता है तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। लोगों को नशा मुक्ति केंद्रों में भेजकर नशे से निजात दिलाई जा रही है। जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नशे से सचेत किया जा रहा है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर 14 अप्रैल को पंचकूला में मैराथन का आयोजन किया गया, जिसका उद्वेश्य लोगों को नशे से दूर करना ही था।

रायपुर : सोलर पैनल अपनाकर देवश्री साहू बनीं आत्मनिर्भर, बिजली बिल से मिली पूर्ण मुक्ति

रायपुर : सोलर पैनल अपनाकर देवश्री साहू बनीं आत्मनिर्भर, बिजली बिल से मिली पूर्ण मुक्ति रायपुर पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना से न केवल बिजली बिल से राहत मिल रही है बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी भागीदारी का अवसर दे  रहा है। सोलर पैनल अपनाकर लोग आत्मनिर्भर बन रहे हैं।बलौदाबाजार की शिक्षिका देवश्री साहू ने भी योजना के तहत अपने मकान के छत पर सोलर पैनल लगवाया जिससे अब मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है।  ग्राम खैरघटा निवासी और पेशे से शिक्षिका  देवश्री साहू  ने बताया कि सोलर पैनल लगाने की प्रेरणा उन्हें अपने भाई के घर से मिली, जहाँ उन्होंने पहली बार इस तकनीक को देखा और इसके फायदों के बारे में विस्तार से समझा। शासन की इस लोक-कल्याणकारी योजना से प्रभावित होकर उन्होंने जून 2025 में अपने घर की छत पर 3 किलोवाट का सोलर पैनल स्थापित करवाया। सोलर पैनल लगने के बाद देवश्री के घर की बिजली व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि पहले जिस बिजली बिल के भुगतान की चिंता बनी रहती थी, वह अब लगभग शून्य हो गया है। साथ ही इसे लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार से सब्सिडी भी मिली है। एक शिक्षिका होने के नाते वे समाज में जागरूकता के महत्व को समझती हैं और अब वे अपने आस-पड़ोस के लोगों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर रही हैं।आज क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।   देवश्री ने अपनी इस आर्थिक बचत और सहूलियत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उनका मानना है कि यह योजना न केवल पर्यावरण संरक्षण में मददगार है, बल्कि आम नागरिकों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाने और उन्हें बिजली के खर्चों से मुक्त करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में 'पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना' का क्रियान्वयन जिस तेजी से हो रहा है, उसका सीधा लाभ देवश्री जैसे मध्यमवर्गीय परिवारों को मिल रहा है।