samacharsecretary.com

गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल का उद्घाटन

श्रीनगर उत्तरी कश्मीर के बर्फीले इलाके में स्थित गुलमर्ग स्की रिसॉर्ट में सोमवार से खेलो इंडिया विंटर गेम्स (केआईडब्ल्यूजी) का छठे संस्करण शुरू हो गया, जिसमें देश भर से सैकड़ों एथलीट, अधिकारी और पर्यटक डेरा डालेंगे। उद्घाटन के मौके पर जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री सतीश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र आतंकवाद का कड़ा मुकाबला करेगा और साथ ही पर्यटन और खेलों को विकास के प्रमुख चालकों के रूप में बढ़ावा देना जारी रखेगा। गुलमर्ग में खेलो इंडिया शीतकालीन खेल के उद्घाटन समारोह में शर्मा ने कहा कि यह आयोजन चुनौतियों के बीच जम्मू और कश्मीर के लचीलेपन और आत्मविश्वास को दर्शाता है। हाल ही में हुई पहलगाम घटना का जिक्र करते हुए मंत्री ने कहा कि ऐसे कृत्य शांति, पर्यटन और खेलों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के प्रयासों को पटरी से नहीं उतारेंगे। हम चुनौतियों का सामना करने के लिए काफी मजबूत हैं। पर्यटन फलेगा-फूलेगा और खेल सकारात्मक बदलाव लाएंगे। खेलों के छठे संस्करण की मेजबानी को सम्मान बताते हुए शर्मा ने कहा कि गुलमर्ग एक प्रमुख शीतकालीन खेल केंद्र के रूप में उभरा है जो देश भर से खिलाड़ियों और आगंतुकों को आकर्षित करता है। उन्होंने आगे कहा कि शीतकालीन साहसिक पर्यटन को सोनमर्ग, भदेरवाह और पीर पंजाल क्षेत्र जैसे स्थलों तक भी विस्तारित किया जा रहा है।  

विश्व कप के बाद पहले वनडे में भारतीय महिला टीम की नजरें आस्ट्रेलिया को फिर हराने पर

ब्रिसबेन टी20 श्रृंखला जीत चुकी मौजूदा विश्व चैम्पियन भारतीय टीम तीन मैचों की वनडे श्रृंखला के पहले मैच में मंगलवार को आस्ट्रेलिया से खेलेगी तो उसे मनोवैज्ञानिक बढत हासिल होगी । भारत ने पिछले साल नवी मुंबई में विश्व कप सेमीफाइनल में आस्ट्रेलिया को हराया था । यह श्रृंखला इसलिये भी महत्वपूर्ण है क्योंकि आस्ट्रेलिया की महानतम खिलाड़ियों में से एक एलिसा हीली इसके बाद वनडे प्रारूप से विदा लेने जा रही हैं । भारत के खिलाफ छह मार्च से पर्थ में शुरू हो रहा टेस्ट उनके कैरियर का आखिरी मैच होगा । तीन मैचों की टी20 श्रृंखला से बाहर रहने के बाद हीली की वापसी हुई है । भारत ने श्रृंखला 2 . 1 से जीती जो पिछले एक दशक में इस प्रारूप में आस्ट्रेलिया में श्रृंखला में उसकी पहली जीत थी । स्टार लेग स्पिनर अलाना किंग भी वनडे और टेस्ट टीम में लौटी हैं । भारत के लिये काशवी गौतम, हरलीन देयोल और प्रतिका रावल टीम में अरूंधति रेड्डी, भारती फुलमाली और श्रेयांका पाटिल की जगह आई हैं ।टखने की चोट से उबरी प्रतिका को बाद में वनडे टीम में शामिल किया गया । स्टार सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने तीसरे टी20 में 82 रन बनाये और वह इस फॉर्म को जारी रखना चाहेंगी । मंधाना ने कहा ,‘‘ आस्ट्रेलिया को आस्ट्रेलिया में हराना खास है । हम विश्व क्रिकेट में दबदबा बनाना चाहते हैं लिहाजा किसे कराते हैं और कहां हराते हैं, यह मायने नहीं रखता । हमें बस लगातार जीतना है और शीर्ष पर रहना है ।’’ वनडे विश्व कप में आस्ट्रेलिया पर पांच विकेट से मिली जीत में 127 रन बनाने वाली जेमिमा रौड्रिग्स भी अच्छी लय में हैं जिन्होंने तीसरे टी20 में 59 रन बनाये थे । कप्तान हरमनप्रीत कौर को पहले टी20 में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन दूसरे में उन्होंने 36 और तीसरे में नाबाद दो रन बनाये थे। गेंदबाजी में रेणुका ठाकुर और श्री चरणी ने अच्छा प्रदर्शन किया है । दीप्ति शर्मा से फॉर्म में लौटने की उम्मीद होगी । आस्ट्रेलियाई टीम में मैच जिताने वाले खिलाड़ियों की कमी नहीं है । एलिसे पैरी, एशले गार्डनर, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, हीली और किंग से प्रेरणा लेकर वे वापसी की कोशिश करेंगे । दूसरा मैच 27 फरवरी को और तीसरा एक मार्च को होबार्ट में खेला जायेगा । ट्रॉफी का निर्धारण अंकों के आधार पर होगा । हर टी20 और वनडे मैच जीतने पर दो और टेस्ट जीतने पर चार अंक दिये जायेंगे । टीमें : भारत : हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, रेणुका ठाकुर, श्रीचरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, स्नेह राणा, दीप्ति शर्मा, रिचा घोष, उमा छेत्री, अमनजोत कौर, जेमिमा रौड्रिग्स, काशवी गौतम , हरलीन देयोल, प्रतिका रावल । आस्ट्रेलिया : एलिसा हीली (कप्तान ), सोफी मोलिनू, डार्सी ब्राउन, निकोला कारी, एशले गार्डनर, किम गार्थ, अलाना किंग, फीबी लिचफील्ड, बेथ मूनी, ताहलिया मैकग्रा, एलिसे पैरी, अनाबेल सदरलैंड, जॉर्जिया वोल, जॉर्जिया वेयरहैम । मैच का समय : सुबह 9 . 20 से ।  

मैच के बाद David Miller ने खोला राज, भारत के सबसे बड़े हथियार को कैसे किया फेल

नई दिल्ली भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप 2026 सुपर 8 मुकाबले में स्पिनर वरूण चक्रवर्ती को साउथ अफ्रीका की टीम ने कैसे बेअसर किया? इस रणनीति के बारे में आक्रामक बल्लेबाज डेविड मिलर ने मैच के बाद बताया, जो प्लेयर ऑफ द मैच भी रहे। उन्होंने कहा कि इसके लिये बस शांत दिमाग, सीमित मूवमेंट और मजबूत इरादे की जरूरत थी। दक्षिण अफ्रीका ने भारत को रविवार को इस अहम मुकाबले में 76 रन से हराया। फॉर्म में चल रहे वरुण चक्रवर्ती भारत के 'ट्रंपकार्ड' माने जा रहे थे, लेकिन उन्होंने चार ओवरों में 47 रन दिये। मिलर (35 गेंदों में 63 रन) और डेवाल्ड ब्रेविस (29 गेंदों में 45 रन ) ने उनकी गेंदों की जमकर धुनाई की। मिलर ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा ,'' मुझे लगता है कि यह पक्का करने के बारे में है कि अगर वह खराब गेंद डालता है तो हम उसे दूर खेल सकें। गेंद ज्यादा स्पिन भी नहीं हो रही थी तो यह सही रणनीति थी। एक बार फिर हमें लगा कि उस पर दबाव बनाना जरूरी है, क्योंकि वह हर विरोधी टीम के लिये खतरा साबित होता है। हमने इस पर बात की थी।'' अपनी पारी के बारे में मिलर ने कहा कि उन्होंने 'बेसिक्स' पर अमल किया जिससे अब तक उन्हें सफलता मिलती आई है। उन्होंने कहा ,'' यह सुनिश्चित करना था कि आप सरल चीजों पर और अपनी तैयारियों के बेसिक्स पर अडिग रहें। मेरा यही इरादा था। मेरी श्वास, विकेटों के बीच दौड़ , सीमित मूवमेंट , ये सब छोटी छोटी बातें हैं लेकिन मैं इन पर फोकस करता हूं।'' इस जीत के बारे में उन्होंने कहा ,'' भारत को हराया जा सकता है। भारतीय टीम बेहतरीन है लेकिन हम इस तरह के टूर्नामेंट में सुनिश्चित करना चाहते हैं कि सरल चीजों पर ध्यान दें और लक्ष्य से भटके नहीं। हमारी टीम काफी परिपक्व है और हमने साथ में काफी क्रिकेट खेला है।''

महिला क्रिकेट में हड़कंप: यौन उत्पीड़न केस में BCB का बड़ा एक्शन, पूर्व चयनकर्ता प्रतिबंधित

ढाका बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आखिरकार महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम के गंभीर आरोपों पर कार्रवाई की है। बोर्ड ने महिला टीम के पूर्व चयनकर्ता मोंजुरुल इस्लाम को बैन कर दिया है। आलम ने उन पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था। जांच के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मोंजुरुल इस्लाम को बीसीबी के तहत क्रिकेट से जुड़ी किसी भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष भूमिका से प्रतिबंधित कर दिया है। इस्लाम 2020 में बांग्लादेश की महिला टीम के मुख्य चयनकर्ता नियुक्त हुए थे। उन पर पूर्व कप्तान जहांआरा आलम ने यौन उत्पीड़न और गंभीर कदाचार का आरोप लगाया था। इसके बाद भी वह जून 2025 तक पद पर रहे और अपना कार्यकाल पूरा किया। जहांआरा आलम ने पिछले साल इंटरव्यू में लगाए थे गंभीर आरोप आलम ने पिछले साल एक इंटरव्यू के दौरान आरोप लगाया था कि इस्लाम ने राष्ट्रीय टीम का मैनेजर और मुख्य चयनकर्ता रहते हुए कई बार उन्हें गलत तरीके से छुआ और असहज करने वाली हाव-भंगिमाएं दिखाए। इतना ही नहीं, उन्होंने उनसे एक बार उनके मासिक धर्म के चक्र तक के बारे में पूछा था। आलम के आरोपों पर तब बीसीबी के बड़े अधिकारियों ने नहीं की थी कार्रवाई आलम ने यह भी आरोप लगाया था कि जब उन्होंने इस्लाम की करतूतों की शिकायत बीसीबी के बड़े अधिकारी नाडेल चौधरी और चीफ एग्जीक्यूटिव निजामुद्दीन चौधरी से की तो उसे बिल्कुल ही अनसुना कर दिया गया। जहांआरा ने बाद में मेंटल हेल्थ का हवाला देते हुए क्रिकेट से दूरी बना ली। वह दिसंबर 2024 के बाद से बांग्लादेश के लिए क्रिकेट नहीं खेली हैं। जहांआरा आलम के आरोपों के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मामले की जांच के लिए एक स्वतंत्र जांच समिति का गठन किया था। समिति ने इसी महीने बीसीबी को अपनी जांच रिपोर्ट सौंपी थी जिसके बाद बोर्ड ने मोंजुरुल पर प्रतिबंध का फैसला किया। बीसीबी ने बाद में जांच के लिए बनाई थी समिति रविवार को ढाका में बीसीबी की बोर्ड मीटिंग हुई जिसके बाद बयान जारी कर बताया गया कि इस्लाम को भविष्य में बांग्लादेश क्रिकेट में किसी भी तरह की भूमिका के लिए ब्लैकलिस्ट किया जाता है। बीसीबी की तरफ से जारी बयान में कहा गया, 'बांग्लादेश की राष्ट्रीय महिला टीम की पूर्व कप्तान जहांआरा आलम की शिकायत की जांच के लिए बीसीबी की तरफ से गठित स्वतंत्र जांच समिति के नतीजों के आधार पर बोर्ड ने पूर्व राष्ट्रीय क्रिकेटर मोंजुरुल इस्लाम को बीसीबी के तहत किसी भी तरह की क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हर तरह की भूमिका से प्रतिबंधित किया जाता है।' आगे और कार्रवाई कर सकता है बीसीबी बयान से यह भी संकेत मिलता है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड पूर्व तेज गेंदबाज मोंजुरुल इस्लाम के खिलाफ और भी कार्रवाई कर सकता है। बयान में आगे कहा गया, 'बीसीबी समिति की सिफारिशों की समीक्षा कर रहा है और अगर रिपोर्ट के आधार पर आगे और भी कार्रवाई जरूरी हुई तो वो की जाएगी।'

जीत का सिलसिला टूटा तो बदलेगी प्लेइंग XI! अभिषेक, तिलक या रिंकू पर गिरेगी गाज

नई दिल्ली भारतीय टीम प्रबंधन खराब फॉर्म में चल रहे तीन में से कम से कम एक बल्लेबाज को बाहर कर सकता है। इसके अलावा शीर्षक्रम में कई खब्बू बल्लेबाजों यानी लेफ्ट हैंडर्स को उतारने की अपनी रणनीति की भी समीक्षा करेगा। मुख्य कोच गौतम गंभीर के सहयोगी रियान टेन डोइशे और सितांशु कोटक ने यह संकेत दिये। दक्षिण अफ्रीका ने टी20 विश्व कप सुपर 8 मुकाबले में भारत को 76 रन से हराया। अब भारत को अगले दोनों मैच जीतने होंगे लिहाजा टीम प्रबंधन को अभिषेक शर्मा (चार मैचों में 15 रन) और तिलक वर्मा ( पांच मैचों में 107 रन ) के प्रदर्शन पर विचार करना होगा। रिंकू सिंह भी फिनिशर की भूमिका नहीं निभा सके हैं और 29 गेंदों में 82 .75 की स्ट्राइक रेट से 24 रन बनाये हैं। बल्लेबाजी कोच कोटक ने कहा, ‘अगर मुख्य कोच और टीम प्रबंधन को लगता है कि हमें कुछ अलग करना होगा तो हम करेंगे। अब इस पर विचार हो रहा है कि अगर हमें बदलाव करना है तो वह क्या होगा और कैसे होगा।’ उन्होंने कहा, ‘अब हम ऐसे मुकाम पर पहुंच गए हैं कि हमें यह सोचना होगा कि कुछ अलग करना है या उसी संयोजन से काम करना है।’ वहीं टेन डोइशे ने स्वीकार किया कि टीम में बैकअप में विशेषज्ञ बल्लेबाजों का अभाव चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘या तो आप उन्हीं खिलाड़ियों को चुनते हैं जो आपको लगता है कि पिछले डेढ़ साल में अच्छा खेल रहे हैं , भले ही अभी रन नहीं बना पा रहे हैं। या फिर बदलाव करके संजू सैमसन को लाते हैं जो शानदार खिलाड़ी है और शीर्षक्रम में दाहिने हाथ का बल्लेबाज होने से भी मदद मिलेगी।’ उन्होंने कहा, ‘अगले दो अहम मैचों से पहले सैमसन को शामिल करने के बारे में अगले कुछ दिन में बात की जायेगी।’ केकेआर के पूर्व हरफनमौला ने कहा कि अभिषेक और तिलक का फॉर्म टीम के लिये चिंता का विषय है। उन्होंने कहा, ‘मैं अभि या तिलक के लिये बहाना नहीं बनाऊंगा। उन्हें बहानों की जरूरत नहीं है। मुझे लगता है कि पेट के संक्रमण से अभिषेक की तैयारियों पर काफी असर पड़ा है और वह वैसे नहीं खेल पा रहा, जैसे खेलना चाहिये था।’ यह पूछने पर कि उसे क्या सलाह देंगे, कोटक ने कहा, ‘बल्लेबाजी कोच होने के नाते मेरा मानना है कि उसे जरूरत से ज्यादा सलाह देने की बजाय उसके दिमाग को व्यवस्थित रहने दें। दो दिन में आप कुछ बदल नहीं सकते बल्कि जरूरत से ज्यादा सलाह देने से उसका आत्मविश्वास हिल सकता है। उसे अभी गेंद को देखकर अपनी पारी को बेहतर बनाना होगा।’  

टीम इंडिया की हार से नाराज़ सुनील गावस्कर, कहा- टी20 खेलने का यह तरीका गलत

नई दिल्ली अपने जमाने के दिग्गज बल्लेबाज सुनील गावस्कर का मानना है कि भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ खेले गए टी20 विश्व कप के मैच से सबक लेकर अपने अहं का त्याग करना चाहिए और अति आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरकर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर भेजने के बजाय परिस्थितियों के अनुसार खेलना चाहिए। भारत को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बल्लेबाजों की नाकामी के कारण सुपर आठ के महत्वपूर्ण मुकाबले में 76 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। सुनील गावस्कर ने जि स्टार से कहा, ''भारतीय बल्लेबाजों को ब्रेविस और मिलर की साझेदारी से सीख लेकर इस तरह का दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत थी। भारतीय बल्लेबाजों ने ऐसा नहीं किया। वे अति आत्मविश्वास के साथ उतरे, हर गेंद पर बल्ला चलाया और विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका खेल के हर विभाग में भारत से अव्वल साबित हुआ।'' दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी और एक समय उसका स्कोर तीन विकेट पर 20 रन था लेकिन इसके बाद मिलर और ब्रेविस ने 97 रन की साझेदारी की जिससे दक्षिण अफ्रीका सात विकेट पर 187 रन बनाने में सफल रहा। इसके जवाब में भारतीय टीम 18.5 ओवर में 111 रन पर आउट हो गई। गावस्कर ने कहा, ''भारत ने दक्षिण अफ्रीका से कोई सबक नहीं लिया। भारतीय बल्लेबाज क्रीज पर उतर कर हर गेंद को बाउंड्री लाइन के बाहर पहुंचाने का प्रयास कर रहे थे। टी20 क्रिकेट ऐसे नहीं खेला जाता।'' उन्होंने कहा, ''आपको विपक्षी टीम से सीख लेनी चाहिए थी। अगर उन्होंने इस तरह की मुश्किल पिच पर अच्छा स्कोर किया है तो आपको अपना अहं त्यागकर उनकी पारी का विश्लेषण करना चाहिए था और परिस्थितियों के अनुसार बल्लेबाजी करनी चाहिए थी।'' भारत ने पावर प्ले के अंदर अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों ईशान किशन (00), अभिषेक शर्मा (15) और तिलक वर्मा (01) के विकेट गंवा दिये थे। गावस्कर ने कहा, ''तिलक वर्मा बेहद चतुर बल्लेबाज है लेकिन इस मैच में उनके खेलने के तरीके से मैं निराश था। तिलक को क्रीज पर कुछ समय बिताना चाहिए था। उन्हें साझेदारी निभाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए था।'' भारत का अगला मुकाबला जिम्बाब्वे से होगा और गावस्कर ने कहा कि वह अक्षर पटेल को अंतिम एकादश में देखना चाहते हैं। भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अक्षर पटेल की जगह वॉशिंगटन सुंदर को मौका दिया। गावस्कर ने कहा, ''जिम्बाब्वे की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कमी है और इसलिए मैं चाहूंगा कि अक्षर पटेल की अंतिम एकादश में वापसी हो। आप उन्हें अर्शदीप सिंह की जगह टीम में शामिल कर सकते हैं। लेकिन अर्शदीप ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अच्छी गेंदबाजी की और ऐसे में वॉशिंगटन को बाहर बैठना पड़ेगा।''  

T20 World Cup: दो मैच जीतने पर भी भारत के लिए सेमीफाइनल की राह कठिन, सुपर-8 के समीकरण में बड़ा उलटफेर

 नई दिल्ली आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 का रोमांच अब धीरे-धीरे निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा है. पहला चरण खत्म हो चुका है और अब टूर्नामेंट सुपर-8 दौर में जारी है. जहां समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. 20 टीमों से शुरू हुआ ये महासमर अब 8 टीमों के बीच चल रहा है. जहां मैच दर मैच काफी कुछ बन बिगड़ रहा है. पहले पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के रद्द हुए मैच ने कहानी को पलटा तो अब रविवार को साउथ अफ्रीका की भारत के खिलाफ जीत ने पूरी तस्वीर ही बदल दी है. अब आलम ये है कि टी20 वर्ल्ड कप में पिछले 12 मैचों से अजेय रही टीम इंडिया को एक हार के चलते सेमीफाइनल से हाथ धोना पड़ा सकता है. यानी साउथ अफ्रीका की अहमदाबाद में 76 रनों की जीत भारत के टाइटल डिफेंड करने के सपने को तोड़ सकती है. ऐसा क्यों है आइए आपको समझाते हैं…  पहले सुपर-8 के बारे में जान लीजिए दो ग्रुप में 4-4 टीमें हैं. हर टीम अपने ग्रुप में बाकी तीन टीमों से एक-एक मैच खेलेगी. जीत पर 2 अंक, नो रिजल्ट पर 1 अंक और हार पर 0 अंक मिलते हैं. अगर अंक बराबर होते हैं तो नेट रन रेट (NRR) से फैसला होता है. यानी आसान भाषा में कहें तो नेट रन रेट का रोल भी काफी निर्णायक होने वाला है. अब सुपर-8 में ग्रुप 1 की स्थिति ग्रुप 1 में फिलहाल दक्षिण अफ्रीका पहले स्थान पर है. उसने अपना पहला मैच जीतकर 2 अंक हासिल किए हैं और उसका नेट रन रेट +3.800 तक पहुंच गया है. क्योंकि उसने टीम इंडिया को 76 रनों के बड़े अंतर से मात दी है. पहले बल्लेबाजी करते हुए उसने 188 रन बनाए और फिर भारत को 111 के स्कोर पर समेट दिया. अब भारत को अपने पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है, वो भी बुरे तरीके से, जिसके कारण वह फिलहाल चौथे स्थान पर है. भारत के 0 अंक हैं. लेकिन उससे ज्यादा बुरी खबर ये है कि उसका नेट रन रेट -3.800 हो गया है. यानी बहुत बुरी स्थिति में. वहीं, जिम्बाब्वे और वेस्टइंडीज ने अभी तक कोई मैच नहीं खेला है, इसलिए दोनों के 0-0 अंक हैं और नेट रन रेट 0.000 है. अब भारत के लिए क्या है मुश्किल इस ग्रुप से दो ही टीम का चयन सेमीफाइनल के लिए होना है. यानी भारत को अपने अगले दोनों मैच यानी जिम्बॉब्वे और वेस्टइंडीज के खिलाफ बड़े अंतर से जीत हासिल करनी होगी. साथ ही उम्मीद करनी होगी की बाकी टीमों का रन रेट भी अच्छा न रहे. क्योंकि अगर तीन टीमें 2-2 जीत के साथ पहुंची तो फैसला रन रेट से होगा. ऐसे में भारत का ये खराब रन रेट उसे नुकसान पहुंचा सकता है.  सुपर-8 ग्रुप 2 की स्थिति ग्रुप 2 में इंग्लैंड ने जीत के साथ शुरुआत की है. 2 अंकों और +2.550 नेट रन रेट के साथ वह टॉप पर है. पाकिस्तान और न्यूजीलैंड का मैच बारिश के कारण बेनतीजा रहा, इसलिए दोनों को 1-1 अंक मिला है और उनका नेट रन रेट 0.000 है. श्रीलंका को अपने पहले मुकाबले में हार मिली और वह 0 अंक तथा -2.550 नेट रन रेट के साथ चौथे स्थान पर है. सेमीफाइनल और फाइनल का कार्यक्रम सुपर-8 के दोनों ग्रुप से टॉप-2 टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को खेला जाएगा (ग्रुप 1 की नंबर-1 टीम बनाम ग्रुप 2 की नंबर-2 टीम). दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को Wankhede Stadium में होगा (ग्रुप 2 की नंबर-1 टीम बनाम ग्रुप 1 की नंबर-2 टीम). फाइनल मुकाबला 8 मार्च को अहमदाबाद में प्रस्तावित है. हालांकि, यह तभी होगा जब पाकिस्तान फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं करता.

साउथ अफ्रीका के खिलाफ हार के बाद कप्तान सूर्या का गुस्सा, डगआट में सपोर्ट स्टाफ से भिड़े

 अहमदाबाद आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम को सुपर-8 मुकाबले में साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी. इस हार के साथ ग्रुप-1 की तस्वीर पूरी तरह बदल गई है और अब भारत के लिए अगले दोनों मैच 'करो या मरो' बन गए हैं. लीग स्टेज में लगातार चार जीत ने भले ही कमियों पर पर्दा डाल दिया था, लेकिन थोड़ा धीमी और काली मिट्टी वाली पिच पर भारतीय बल्लेबाजों की पोल खुल गई. टीम 188 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 18.5 ओवर में सिर्फ 111 रनों पर ढेर हो गई. जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके, जिसने साउथ अफ्रीका को 187/7 पर रोकने में अहम भूमिका निभाई थी. शुरुआती ओवरों में उन्होंने दो विकेट लेकर प्रोटियाज को 20/3 कर दिया था. हालांकि, भारतीय बल्लेबाजों की नाकामी के चलते उनकी मेहनत बेकार चली गई. मुकाबले में साउथ अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 35 गेंदों पर 63 रनों की आक्रामक पारी खेली. उन्हें युवा बल्लेबाज डेवाल्ड ब्रेविस (45 रन) और ट्रिस्टन स्टब्स (44*) का शानदार साथ मिला. भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को खास सफलता नहीं मिली और वे 4 ओवर में 47 रन दे बैठे. गंभीर की रणनीति काम नहीं आई मुकाबले में हार के बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव काफी खफा दिखे. कप्तान सूर्या डगआउट में सपोर्ट स्टाफ के साथ लंबी बहस करते दिखे. इस मैच के लिए हेड कोच गौतम गंभीर के नेतृत्व में टीम मैनेजमेंट ने जो रणनीति बनाई थी, वो कारगर साबित नहीं हुई. ऐसे में सूर्या का गुस्सा होना स्वाभिवक था. सूर्या ने गंभीर से भी बात की, जिन्होंने गौर से उनकी बातों को सुना. रनचेज में भारत ने लगातार विकेट खोए. कप्तान एडेन मार्करम ने फॉर्म में चल रहे ईशान किशन (0 रन) को आउट कर भारत को शुरुआती झटका दिया. तिलक वर्मा (1 रन) का गलत शॉट चयन और डीआरएस की बर्बादी टीम पर भारी पड़ा. अभिषेक शर्मा (15 रन) भी लय में नहीं दिखे और मार्को जानसेन की धीमी गेंद पर आउट हो गए. कप्तान सूर्यकुमार यादव (18 रन) संघर्ष करते नजर आए. हार्दिक पंड्या (18 रन) और शिवम दुबे (42 रन) ने 35 रनों की साझेदारी जरूर की, लेकिन  साउथ अफ्रीका के गेंदबाज़ों की सटीक योजना के आगे टिक नहीं सके. मार्को जानसेन (4/22), केशव महाराज (3/24) और कॉर्बिन बॉश (2/12) ने मिलकर भारतीय बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया. इस हार के बाद भारत के लिए जिम्बाब्वे (26 फरवरी) और वेस्टइंडीज (1 मार्च) के खिलाफ मुकाबले बेहद अहम हो गए हैं. सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए दोनों मैच जीतना जरूरी होगा. भारत की यह हार 2022 टी20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मिली हार के बाद पहली बड़ी पराजय है.अब देखना होगा कि टीम इस झटके से कैसे उबरती है.

भारतीय बल्लेबाजी ढही, सूर्या के आउट होते ही आधी टीम पवेलियन

अहमदाबाद   टी-20 वर्ल्ड कप 2026 की लाइव कवरेज में आपका स्वागत है। आज सुपर-8 का तीसरा मुकाबला भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जा रहा है। मार्करम ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर निर्धारित 20 ओवर की समाप्ति पर 187 रन बनाए हैं और भारत के सामने 188 रनों का लक्ष्य रखा है। दक्षिण अफ्रीका के लिए डेविड मिलर ने 63 रनों की धमाकेदार पारी खेली। ब्रेबिस ने भी 45 रन बनाए। अंत में ट्रिस्टन स्टब्स ने शानदार फिनिशिंग टच देते हुए 24 गेंदों में 44 रन बनाए। भारत की और से अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए क्रमश: 2 और तीन विकेट लिए। दुबे ने भी एक विकेट चटकाए। वरुण चक्रवर्ती को भी एक विकेट मिला लेकिन काफी महंगे साबित हुए। हार्दिक पांड्या इस मैच में काफी महंगे साबित हुए और उन्हें कोई विकेट नहीं मिला। वाशिंगटन सुंदर भी विकेटलेस गए। दक्षिण अफ्रीका ने खोया तीसरा विकेट। जसप्रीत बुमराह ने रिकल्टन को पवेलियन भेज दिया है। अफ्रीका पारी एकदम से लड़खड़ा गई है। भारतीय टीम ने अपने प्रीमियर फॉस्ट बॉलर्स के साथ शुरुआत की है। पहले चार ओवर जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने डाले हैं। बुमराह ने दो अपने शुरुआती दो ओवर में दो विकेट झटके हैं वहीं अर्शदीप सिंह ने भी कप्तान के रूप में बड़े विकेट को शिकार बनाया है। भारत अगर 188 रनों का टारगेट अचीव कर लेता है तो यह टी-20 विश्व कप में भारत का सबसे बड़ा रन चेज होगा। भारत के पास इतिहास रचने का मौका है। केशव महाराज, लुंगी एनिगीडी, डेविड मिलर और मार्को यान्सेन वापस आए हैं। भारत ने कोई बदलाव नहीं किया। ऐसे में उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर ही बैठना होगा। इस टूर्नामेंट में भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों ही टीमें शानदार फॉर्म में हैं और ग्रुप स्टेज के अपने सभी मुकाबले जीतकर सुपर-8 में पहुंची हैं। भारत ने पहले चरण जहां पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम को 61 रनों से करारी शिकस्त दी थी, वहीं दक्षिण अफ्रीका ने भी न्यूजीलैंड सहित ग्रुप स्टेज की सभी टीमों को बुरी तरह से रौंदा था। भारत का टी20 विश्व कप में अब तक का रिकॉर्ड शानदार रहा है, जहां उन्होंने पिछले 12 मैचों में कोई हार नहीं झेली है। दूसरी ओर, दक्षिण अफ्रीका के लिए यह 2024 के फाइनल का बदला लेने जैसा है, क्योंकि पिछले 13 मैचों में उनकी एकमात्र हार उसी खिताबी मुकाबले में भारत के हाथों हुई थी। आज सबकी नजरें भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा पर टिकी होंगी, जो इस विश्व कप में अब तक उम्मीदों के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं और तीन बार शून्य पर आउट हो चुके हैं। हालांकि, कप्तान सूर्यकुमार यादव ने उन पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा है कि वे अभिषेक की फॉर्म को लेकर चिंतित नहीं हैं, बल्कि उनके लिए चिंतित हैं जो आगे उनका सामना करेंगे। IND 57/5 (10 ओवर) SA 187/7 (20 ओवर)* भारत की प्लेइंग इलेवन: अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, रिंकू सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती। दक्षिण अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन: एडेन मार्करम (कप्तान), क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रयान रिकेल्टन, डेवाल्ड ब्रेविस, डेविड मिलर, ट्रिस्टन स्टब्स, मार्को यान्सेन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, कगिसो रबाडा, लुंगी एनगिडी।

बर्फीली वादियों में खेलों का महाकुंभ, गुलमर्ग में शुरू होंगे छठे खेलो इंडिया विंटर गेम्स

श्रीनगर जम्मू कश्मीर का प्रसिद्ध शीतकालीन पर्यटन स्थल गुलमर्ग सोमवार से शुरू होने वाले छठे खेलो इंडिया शीतकालीन खेलों (केआईडब्ल्यूजी) की मेजबानी के लिए पूरी तरह से तैयार है, जिसमें 400 से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के बारामूला जिले के एक प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट में होने वाले इन चार दिवसीय खेलों के लिए सभी तैयारियां कर ली गई हैं। जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा इन खेलों का उद्घाटन करेंगे। जम्मू कश्मीर खेल परिषद की सचिव नुज़हत गुल ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। गुल ने कहा, ‘‘इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लगभग 400 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। गुलमर्ग में अच्छी बर्फबारी हुई है और उम्मीद है कि मौसम हमारा साथ देगा।’’ केआईडब्ल्यूजी का पहला चरण इस वर्ष 20 से 26 जनवरी तक लद्दाख के लेह में आयोजित किया गया था। अब इन खेलों का दूसरा चरण 23 से 26 फरवरी तक गुलमर्ग में आयोजित किया जा रहा है। इससे पहले भी केआईडब्ल्यूजी का आयोजन जम्मू कश्मीर और लद्दाख में किया गया था। अधिकारियों ने बताया कि गुलमर्ग में चार पदक स्पर्धाएं होंगी, जिनमें स्की पर्वतारोहण, अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग (क्रॉस-कंट्री) और स्नोबोर्डिंग शामिल हैं। इनमें से अल्पाइन स्कीइंग में सबसे अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। केआईडब्ल्यूजी के लद्दाख चरण में हरियाणा ने चार स्वर्ण पदक जीतकर पदक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया था। उसके बाद लद्दाख, महाराष्ट्र और तेलंगाना का स्थान रहा। शीतकालीन खेलों के सुचारू संचालन के लिए कश्मीर के पुलिस प्रमुख वीके बर्डी की अध्यक्षता में बुधवार को तैयारियों की समीक्षा के लिए सुरक्षा बैठक हुई थी जिसमें पुलिस, सेना, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल, खुफिया एजेंसियों और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया था।