samacharsecretary.com

क्रेज गायब या फैंस का संदेश? इंडिया vs पाकिस्तान मैच के आधे टिकट बेचे नहीं गए

नई दिल्ली  इंडिया और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच हो और टिकटों के लिए मारामारी ना हो, ऐसा हो ही नहीं सकता। हालांकि, अब ये हकीकत बदलने वाली है। पिछले दो-तीन दशक से भले ही इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के टिकट के लिए जबरदस्त क्रेज फैंस के भीतर देखा जाता हो, लेकिन अब ऐसा नहीं है। एशिया कप 2025 में इंडिया और पाकिस्तान के बीच 14 सितंबर को लीग मैच होना है। दुबई के दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में ये मैच है, लेकिन दो दिन पहले तक मैच के 50 फीसदी के करीब टिकट अनसोल्ड हैं। इसके पीछे के कारणों को समझते हैं। दरअसल, भारत और पाकिस्तान की क्रिकेट के इतिहास में शायद पहली बार ऐसा है, जब इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के टिकट मैच से पहले तक उपलब्ध रहने वाले हैं। इंडिया और पाकिस्तान के मैच के लिए फैंस में जबरदस्त क्रेज रहता था, लेकिन एशिया कप 2025 के मैच के दौरान ऐसा शायद देखने को मिलने वाला नहीं है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट में बताया गया है कि करीब 50 फीसदी टिकट इस इंडिया वर्सेस पाकिस्तान मैच के बिके नहीं हैं। इसका पहला कारण ये हो सकता है कि भारतीय फैंस इस मैच का बॉयकॉट कर रहे हैं और वे बीसीसीआई, भारत सरकार, एशियन क्रिकेट काउंसिल और पूरी क्रिकेट बिरादरी को दिखाना चाहते हैं कि वे इंडिया और पाकिस्तान के बीच किसी भी स्तर पर क्रिकेट देखना पसंद नहीं करेंगे। ऐसा इसलिए भी हो रहा है, क्योंकि इस साल की शुरुआत में पहलगाम में पाकिस्तान परस्त आतंकवादियों ने 26 मासूमों की जान ली थी। इसके बाद भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध जैसी स्थिति बन गई थी। आधिकारिक तौर पर युद्ध की घोषणा नहीं थी, लेकिन दोनों छोर से गोला बारी, एयरस्ट्राइक जारी थी। भारत ने बहुत नुकसान पाकिस्तान का किया था। ऑपरेशन सिंदूर ने भी पाकिस्तान को बर्बाद कर दिया था। पाकिस्तान घुटनों पर आ गया था और इन हमलों की रोकने की गुहार लगाई। भारत सरकार मान गई। उधर, भारतीय क्रिकेट फैंस इस बात से नाराज थे कि भारत सरकार और बीसीसीआई ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच का बहिष्कार नहीं किया। यही नाराजगी अब टिकट विंडो पर दिख रही है। जिस मैच के लिए ब्लैक में टिकट मिलते थे, उस मैच के लिए टिकट बिक नहीं पा रहे। भारतीय फैंस उस समय बहुत खुश थे, जब रिटायर्ड इंडियन क्रिकेटरों ने लीजेंड्स लीग में पाकिस्तान के खिलाफ लीग मैच और फिर सेमीफाइनल खेलने से इनकार कर दिया था। हालांकि, इंटरनेशनल लेवल पर ऐसा नहीं हो रहा। दूसरा कारण इसका ये हो सकता है कि भारत और पाकिस्तान के बीच मैच का क्रेज इस वजह से भी कम हुआ है, क्योंकि पाकिस्तान की टीम अब उस दर्जे की है नहीं। पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया ने पिछले 5 व्हाइट बॉल गेम एकतरफा अंदाज में जीते हैं। इससे पता चलता है कि पाकिस्तान की टीम भारत को टक्कर नहीं दे पाती। पाकिस्तान के फैंस भी इस बात से नाराज रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी नाराजगी आप हर मैच के बाद देख सकते हैं।  

लिटन दास चमके, बांग्लादेश ने हॉन्ग कॉन्ग को 7 विकेट से रौंदा

दुबई  एशिया कप 2025 के मैच नंबर-3 में गुरुवार (11 सितंबर) को बांग्लादेश का सामना हॉन्ग कॉन्ग से हुआ. दोनों टीमों के बीच ग्रुप-बी का यह मुकाबला अबू धाबी के शेख जायद स्टेडियम में खेला गया. इस मुकाबले में बांग्लादेश ने हॉन्ग कॉन्ग को सात विकेट से हराया. मुकाबले में हॉन्ग कॉन्ग ने निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट पर 143 रन बनाए थे. जवाब में बांग्लादेश ने 14 गेंद बाकी रहते टारगेट हासिल कर लिया. एशिया कप 2025 में हॉन्ग कॉन्ग की ये लगातार दूसरी हार है. हॉन्ग कॉन्ग को अपने पहले मुकाबले में अफगानिस्तान के हाथों 94 रनों से हार का सामना करना पड़ा था. दूसरी ओर बांग्लादेशी टीम ने मौजूदा टूर्नामेंट में दमदार आगाज किया है. टारगेट का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत कुछ अच्छी नहीं रही. परवेज हुसैन इमोन 19 रनों के निजी स्कोर पर आयुष शुक्ला का शिकार बने. वहीं दूसरे सलामी बल्लेबाज तंजीद हसन तमीम (14 रन) को अतीक इकबाल ने पवेलियन भेजा. यहां से कप्तान लिटन दास और तौहीद हृदोय ने 95 रनों की पार्टनरशिप करके बांग्लादेश का काम आसान कर दिया. लिटन दास ने 6 चौके और एक छक्के की मदद से 39 बॉल पर 59 रन बनाए. वहीं हृदोय ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 1 चौके की मदद से नाबाद 35 रनों का योगदान दिया. विकेट पतन: 24-1 (परवेज हुसैन इमोन, 2.6 ओवर), 47-2 (तंजीद हसन तमीम, 5.4 ओवर), 142-3 (लिटन दास, 17.1 ओवर) ऐसी रही हॉन्ग कॉन्ग की बल्लेबाजी टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी हॉन्ग कॉन्ग की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में अंशुमान रथ (4 रन) का विकेट गंवा दिया, जो तस्कीन अहमद का शिकार बने. फिर अनुभवी बल्लेबाज बाबर हयात (14 रन) को तंजीम हसन साकिब ने बोल्ड कर दिया. यहां से जीशान अली और निजाकत खान के बीच तीसरे विकेट के लिए 41 रनों की पार्टनरशिप हुई. जीशान ने 3 चौके और एक छक्के की मदद से 34 गेंदों पर 30 रन बनाए. जीशान को तंजीम हसन साकिब ने आउट किया. फिर कप्तान यासिम मुर्तजा और निजाकत खान ने चौथे विकेट के लिए 46 रनों की पार्टनरशिप की, जिसने हॉन्ग कॉन्ग को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में मदद की. निजाकत ने 40 गेंदों का सामना करते हुए 42 रन बनाए, जिसमें दो चौके के अलावा एक सिक्स शामिल रहा. वहीं यासिम मुर्तजा ने 2 छक्के और 2 चौके की मदद से 19 बॉल पर 28 रनों का योगदान दिया. बांग्लादेश की ओर से तस्कीन अहमद, तंजीम हसन साकिब और रिशाद हुसैन ने दो-दो विकेट झटके.

एशिया कप 2025 : पाकिस्तान की ओमान के साथ टी20 के इतिहास में पहली बार होगी भिड़ंत

नई दिल्ली पाकिस्तान एशिया कप 2025 में अपने अभियान की शुरुआत आज दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में टूर्नामेंट में डेब्यू कर रहे ओमान के खिलाफ मुकाबले से करेगा। पाकिस्तान और ओमान के बीच यह मुकाबला भारतीय समयानुसार रात 8:00 बजे से शुरू होगा। हाल ही में यूएई टी20 ट्राई-सीरीज में अफगानिस्तान को करारी शिकस्त देकर पाकिस्तान इस टूर्नामेंट में मजबूती से उतर रहा है। सलमान अली आगा की अगुआई वाली इस टीम में एक मजबूत स्पिन आक्रमण और यूएई की धीमी पिचों के लिए आक्रामक रणनीति है। उनका हालिया फॉर्म और अनुभव उन्हें एशिया कप में जीत के साथ शुरुआत करने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है।   बड़ी उम्मीदों के साथ उतरेगी ओमान वहीं, एशिया कप में डेब्यू कर रही ओमान टीम कम दबाव और बड़ी उम्मीदों के साथ इस मुकाबले में उतर रही है। यह टीम जुनूनी क्रिकेटरों और ऑफिस प्रोफेशनल्स के मिश्रण से बनी है, जो रोजमर्रा के कामों के बीच क्रिकेट खेलकर यहां तक पहुंचे हैं। उनके सफर की कहानी रोमांचक और प्रेरणादायक है। बड़े मंच पर प्रभाव छोड़ने को तैयार इस बड़े मंच पर ओमान के खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेंगे, लेकिन एक कहीं ज्यादा मजबूत प्रतिद्वंद्वी के सामने उन्हें कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा। मुकाबले के दौरान ओमान के खिलाड़ियों और टीम को सीखने को बहुत कुछ है। ओमान के पास खोने के लिए कुछ नहीं लेकिन, वह पाकिस्तान का खेल बिगाड़ सकते हैं। पहली बार करेंगे एक दूसरे का सामना पाकिस्तान और ओमान के बीच हेड टू हेड की बात करें तो दोनों टीमें आमने-सामने होंगी। 20 साल के टी20I इतिहास में यह पहली बार होगा जब पाकिस्तान ओमान का सामना करेगा। सात ही ओमान पाकिस्तान जैसी मजबूत टीम के खिलाफ मैदान पर उतरेगा।  

क्रिकेट मैच का बड़ा झटका: कोहली और कुलदीप के खेल ने पाकिस्तान को दी यादगार हार

नई दिल्ली क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होती है तो ये एक मैच नहीं, बल्कि ये एक जंग होती है। फैंस को इस मैच का बेसब्री से इंतजार रहता है। मौजूदा समय में भारत-पाकिस्तान के फैंस की नजरें एशिया कप 2025 में होने वाले सबसे बड़े मैच पर बनी हुई है। 14 सितंबर को भारत-पाक के बीच भिड़ंत होने वाली है, जिसका हर कोई इंतजार कर रहा है। ऐसे में आज आपको बताते हैं एशिया कप के एक ऐसे मैच के बारे में जो भारत-पाक का सबसे चर्चित मैच रहा। ये मैच दो साल पहले यानी 10 और 11 सितंबर को खेला गया था। ये एशिया कप सुपर-4 का मुकाबला था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को ऐसा जख्म दिया था, जिसे शायद वो कभी नहीं पाएंगे। आइए आपको फ्लैशबैक पर ले चलते हैं।   दरअसल, भारत और पाकिस्तान (India vs Pakistan Asia Cup 2023 ODI) बीच एशिया कप 2023 का मैच रोमांच से भरपूर रहा। इस मैच में पाकिस्तान की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। उस वक्त भारतीय टीम ने पहले बैटिंग करते हुए शानदार आगाज किया था। रोहित और शुभमन गिल ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। रोहित ने 56 और गिल ने 58 रन बनाकर भारत को मजबूत नींव दी। इसके बाद शुरू हुआ असली मैच, जब विराट कोहली और केएल राहुल ने मैदान पर एंट्री की और पाकिस्तानी गेंदबाजों की धज्जियां उधेड़ दी। कोहली का हर शॉट ऐसा लग रहा था कि जैसे उन्हें पहले से पता हो कौन-सी गेंद डाली जा रही है। उनके स्ट्रोक्स, उनकी टाइमिंग सब कुछ परफेक्ट थी। वहीं, दूसरी ओर केएल राहुल चोट से उबरकर खेल रहे थे, लेकिन उन्होंने भी हर किसी को हैरान कर दिया। बता दें कि पहले दिन यानी 10 सितंबर 2023 को बारिश ने मैच में खलल डाला और ये मैच को रोकना पड़ा। डे-नाइट मैच के लिए रिजर्व डे रखा गया था। पहले दिन टीम इंडिया ने पहले खेलते हुए 24.1 ओवर में दो विकेट पर 147 रन बनाए। विराट कोहली 8 और केएल राहुल 17 रन पर नाबाद बनाकर लौटे। शुभमन गिल 58 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें शाहीन शाह अफरीदी ने सलमान अली आगा के हाथों कैच कराया। इससे पहले, कप्तान रोहित शर्मा ने 56 रन बनाए थे। बारिश की वजह से रिजर्व डे पर आया नतीजा कोहली-राहुल ने भारतीय टीम को दूसरे दिन शुरुआती झटकों से उबारा। दूसरे दिन रिजर्व डे पर भी मैच डेढ़ घंटे की देरी से शुरू हुआ। फिर मैदान पर आए विराट कोहली और केएल राहुल ने तीसरे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी की। दोनों ने 194 बॉल पर 233 रनों की नाबाद साझेदारी की है। राहुल ने 100वीं गेंद पर शतक जड़ा, ये शतक उनके वनडे क्रिकेट में ढाई साल बाद शतक बाद आया था। राहुल ने आखिरी बार 26 मार्च 2021 को इंग्लैंड के खिलाफ 108 रन की पारी खेली थी। ये राहुल की पाकिस्तान के खिलाफ भी पहली सेंचुरी रही। उनके अलावा विराट कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ 84 गेंद पर सेंचुरी लगाई। उन्होंने शाहीन अफरीदी की बॉल पर सिंगल लेने के साथ अपने वनडे करियर का 47वां शतक पूरा किया। इस तरह भारत ने 50 ओवर में 356 रन का स्कोर खड़ा किया। कुलदीप के 'पंजा' से पाकिस्तानी बैटर्स ढेर इसके जवाब में 357 रन का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम पावरप्ले में 43 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत खराब रही। जहां टीम ने 5वें ही ओवर में इमाम-उल-हक का विकेट गंवा दिया। इमाम 9 रन ही बना सके, उन्हें जसप्रीत बुमराह ने शुभमन गिल के हाथों सेकेंड स्लिप में कैच कराया। इसके बाद कप्तान बाबर आजम नंबर 3 पर बैटिंग करने आए, लेकिन उन्हें भी फखर जमान की तरफ शुरुआती ओवरों में खेलने में परेशानी हुई। जसप्रीत बुमराह ने अपनी घातक स्विंग से शुरुआत की और पाकिस्तान की नींव हिला दी। हालांकि टीम ने 10 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 43 रन बनाए।  मोहम्मद सिराज और हार्दिक पांड्या ने भी दबाव बढ़ाया और फिर आए भारत के स्पिन के जादूगर कुलदीप यादव, जिनकी  हर गेंद जैसे पाकिस्तान के लिए पहेली बन गई। उन्होंने सिर्फ 25 रन देकर पूरे 5 विकेट चटकाए और पाकिस्तान की पूरी टीम सिर्फ 32 ओवर में 128 रन पर ही ढेर हो गई। इस तरह ये मैच ने 228 रन से जीत लिया। ये न सिर्फ एशिया कप में, बल्कि भारत-पाकिस्तान मुकाबलों के इतिहास में सबसे बड़ी जीत बनी। बता दें कि 228 रन की जीत वनडे क्रिकेट की सबसे बड़ी जीत भी है।  

स्टैंड-अप पैडलिंग, काइटबोर्डिंग, काइटसर्फिंग, कयाकिंग और बीच ऑब्स्टेकल रेस होंगे मुख्य आकर्षण

तूतीकोरिन (तमिलनाडु) भारत का बहुप्रतीक्षित ओशन स्पोर्ट्स फेस्टिवल – ‘कडल कोंडट्टम 2025’ – इस साल 12 से 14 सितंबर तक तमिलनाडु के तटीय शहर तूतीकोरिन में आयोजित होगा। यह तीन दिवसीय उत्सव समुद्री खेलों के रोमांच, अंतरराष्ट्रीय एथलीटों की भागीदारी और तमिलनाडु की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का शानदार संगम होगा। फेस्टिवल की प्रमुख स्पर्धाओं में स्टैंड-अप पैडलिंग, काइटबोर्डिंग, काइटसर्फिंग, कयाकिंग और बीच ऑब्स्टेकल रेस शामिल होंगी। पूर्व राष्ट्रीय काइटबोर्डिंग चैंपियन अर्जुन मोथा के नेतृत्व में और तमिलनाडु पर्यटन व राज्य सरकार के सहयोग से एक्वा आउटबैक द्वारा आयोजित यह महोत्सव भारत में ओशन-बेस्ड स्पोर्ट्स की बढ़ती लोकप्रियता का प्रतीक बनने जा रहा है। “वेयर ओसिन एडवेंचर मीट्स तमिल हेरिटेज” टैगलाइन के साथ यह आयोजन न केवल खेलों का उत्सव होगा बल्कि तमिलनाडु को भारत का प्रमुख ओशन एडवेंचर डेस्टिनेशन बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम भी साबित होगा। इस आयोजन में भारत और विदेशों से 150 से अधिक प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। वियतनाम, श्रीलंका, मालदीव समेत कई देशों के खिलाड़ी भारतीय एथलीटों के साथ प्रतिस्पर्धा करेंगे। वहीं, तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल, गोवा, आंध्र प्रदेश और ओडिशा जैसे राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी भी पदक की दौड़ में शामिल होंगे। हर खेल में जूनियर, सीनियर और ओपन डिवीजन की पुरुष और महिला श्रेणियां होंगी, जिससे उभरती प्रतिभाओं से लेकर अनुभवी पेशेवरों तक सभी को समान अवसर मिलेगा। एक्वा आउटबैक के संस्थापक अर्जुन मोथा ने कहा,“कडल कोंडट्टम सिर्फ खेल नहीं है, बल्कि हमारे महासागरों, हमारी संस्कृति और हमारे समुदाय का उत्सव है। हम चाहते हैं कि पूरी दुनिया तमिलनाडु को भारत के ओशन एडवेंचर के केंद्र के रूप में देखे। यह आयोजन नई पीढ़ी के एथलीटों को प्रेरित करेगा, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता को बढ़ाएगा और खेल, पर्यटन व सतत विकास के लिए एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र तैयार करेगा।” ‘कडल कोंडट्टम 2025’ केवल प्रतिस्पर्धी खेलों तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें आगंतुकों के लिए तमिलनाडु की पाक-परंपरा का परिचय कराने वाला कोस्टल फूड फेस्टिवल, सनसेट योगा सत्र, कैलिस्थेनिक्स और फिटनेस वर्कशॉप्स, बीच क्लीन-अप ड्राइव्स और ओशन अवेयरनेस प्रोग्राम्स भी आयोजित किए जाएंगे।  

विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2025: पूजा रानी सेमीफाइनल में पहुंचीं, पदक पक्का

लिवरपूल अनुभवी भारतीय मुक्केबाज पूजा रानी पोलैंड की एमिलिया कोटेरस्का पर आसान जीत हासिल करके विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में महिलाओं के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। इसी के साथ पूजा रानी ने एक पदक भी पक्का कर लिया है। अब सेमीफाइनल में पूजा का सामना स्थानीय मुक्केबाज़ एमिली एस्क्विथ से होगा। पहले दौर में बाई पाने वाली 34 वर्षीय पूजा ने अपने अपार अनुभव का फायदा उठाते हुए बुधवार देर रात क्वार्टर फाइनल में युवा मुक्केबाज कोटेरस्का को 3-2 से हराया। 80 किग्रा भार वर्ग ओलंपिक से इतर है और इस प्रतियोगिता में 12 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं। इस जीत के साथ दो बार की एशियाई चैंपियन पूजा जैस्मीन लाम्बोरिया (57 किग्रा) और नुपुर श्योराण (80+ किग्रा) के साथ टूर्नामेंट के इस संस्करण में भारत के लिए पदक पक्के करने में सफल रहीं। इस बीच, भारत के पुरुष अभियान को एक और झटका लगा जब अभिनाश जामवाल 65 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में जॉर्जिया के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता लाशा गुरुली से 1-4 के विभाजित निर्णय से हारकर बाहर हो गए। उनके बाहर होने के साथ पुरुष टीम में केवल जदुमणि सिंह (50 किग्रा) ही दौड़ में बचे हैं। अंतिम आठ चरण में उनका सामना मौजूदा विश्व चैंपियन कज़ाकिस्तान के संझार ताशकेनबे से होगा। यह ताशकंद में हुए पिछले संस्करण की तुलना में भारी गिरावट है, जहां भारत के दीपक भोरिया (51 किग्रा), मोहम्मद हुसामुद्दीन (57 किग्रा) और निशान देव (71 किग्रा) ने कांस्य पदक जीते थे। महिला टूर्नामेंट के पिछले संस्करण में मेज़बान भारत ने चार स्वर्ण पदक जीते थे, जिसमें नीतू घनघस (48 किग्रा), निखत (50 किग्रा), लवलीना बोरगोहेन (75 किग्रा) और स्वीटी बूरा (81 किग्रा) तीनों ने अपने-अपने फाइनल जीते थे।  

शेड्यूल में बदलाव: वर्ल्ड चैंपियनशिप के सड़क मुकाबले तय समय से आधा घंटा पहले शुरू होंगे

नई दिल्ली विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के आयोजकों ने टोक्यो की गर्मी से बचने के लिए इस सप्ताहांत रेस वॉक और मैराथन स्पर्धाओं के प्रारंभ समय को 30 मिनट पहले सुबह 7:30 बजे (22:30 GMT) कर दिया है। कई देशों की तरह जापान भी इस वर्ष अत्यधिक गर्म मौसम की मार झेल रहा। इस महीने अब तक टोक्यो में औसत तापमान 33 डिग्री सेल्सियस (91.4 डिग्री फारेनहाइट) रहा है, जो सितम्बर में उच्चतम रिकॉर्ड बनाने की ओर अग्रसर है। महानगरीय अग्निशमन विभाग के अनुसार पिछले महीने जापानी राजधानी में 3,300 से ज़्यादा लोगों को हीट स्ट्रोक के कारण अस्पताल ले जाया गया था। स्थानीय आयोजन समिति ने एक बयान में कहा कि विश्व चैंपियनशिप सितंबर के मध्य में होने वाली थी, जब टोक्यो में गर्मियों के मुकाबले तापमान कम रहने की उम्मीद थी, लेकिन इस साल तापमान मध्य गर्मियों के स्तर पर ही बना हुआ है। उन्होंने अपने इस फैसले के पीछे स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी जोखिम का हवाला दिया। बयान में कहा गया कि 2021 में महामारी के कारण विलंबित ओलंपिक खेलों में मैराथन स्पर्धा टोक्यो की गर्मी से बचने के लिए लगभग 800 किलोमीटर (500 मील) उत्तर में स्थित साप्पोरो में आयोजित की गई थी, हालाँकि दोनों शहरों में तापमान लगभग समान ही रहा। गुरुवार तक तीन दिवसीय सप्ताहांत में टोक्यो में अधिकतम तापमान 31-34 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है, जबकि 35 किलोमीटर पैदल चाल और मैराथन स्पर्धाएँ मूल रूप से सुबह 8 बजे शुरू होने वाली थीं। शनिवार को आर्द्रता 75 फीसदी दर्ज की गई। मैराथन के लिए एथलीटों को पानी पिलाने के लिए मार्ग में 185 जल स्टॉप स्थापित किए जायेंगे, जो टोक्यो खेलों के लिए निर्धारित संख्या से कहीं अधिक है। आयोजकों ने बताया कि शनिवार से शुरू होने वाली नौ दिवसीय चैंपियनशिप के दौरान अन्य जगहों पर गर्मी से बचाव के उपायों के लिए, स्टेडियम और वार्म-अप स्थल के आसपास एथलीटों और आगंतुकों के लिए विकिरण-रोधी शीतलन सामग्री वाले कपड़े से बने टेंट लगाए जायेंगे। स्वयंसेवकों और कर्मचारियों पर घड़ी जैसे उपकरणों से हीट स्ट्रोक की निगरानी की जाएगी, जो शरीर के मुख्य तापमान को मापते हैं और खतरनाक स्तर पर अलार्म बजाते हैं, जबकि चिकित्सा आपात स्थिति के लिए प्रथम प्रतिक्रिया दल स्टैंड पर गश्त करेंगे।  

तेंदुलकर, विराट और युवराज के एलिट क्लब में शामिल हुए शुभमन गिल

145 पारियों में 6000 रन पूरे किए 18 शतक भी लगाए नई दिल्ली शुभमन गिल टेस्ट कप्तान बनने के बाद बल्लेबाजी जैसे और निखर गई। उसके बाद उनकी टी20 टीम में भी वापसी हुई और वो भी बतौर उपकप्तान। इस बीच वह 25 की उम्र में भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शामिल हो गए हैं। शुभमन गिल 8 सितंबर को 26 साल के हो गए। इसके साथ ही वह सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और युवराज सिंह के एलिट क्लब में भी शामिल हो गए। बता दें 26 साल के होने से पहले भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की एलिट लिस्ट। लिस्ट में सबसे ऊपर सचिन तेंदुलकर का नाम हैं। उन्होंने 26 साल का होने से पहले ही भारत के लिए 12978 रन बनाए थे। उन्होंने ये रन 309 पारियों में बनाए। इस दौरान उन्होंने 40 अंतरराष्ट्रीय शतक भी लगाए थे। वहीं 26 साल की उम्र से पहले भारत के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में विराट कोहली दूसरे नंबर पर हैं। कोहली ने 211 पारियों में 8728 रन बनाए थे। इस दौरान उन्होंने 26 शतक लगाए। इस सूची में तीसरे नंबर युवराज सिंह आते हैं। उन्होंने 26 साल की उम्र से पहले भारत के लिए 211 पारियों में 6661 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 11 शतक निकले थे। और अब 26 साल की उम्र से पहले 6000 अंतरराष्ट्रीय रन पूरा करने वाले शुभमन गिल भारत के चौथे बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 145 पारियों में 6000 रन बनाए हैं। इसमें 18 शतक शामिल हैं। शुभमन गिल ने इस सूची में मौजूद युवराज सिंह के मुकाबले कम पारियों में 6000 रन वाले क्लब में एंट्री ली। युवराज ने जहां 211 पारियों में 6661 रन बनाए वहीं गिल ने 145 पारियों में 6000 रन पूरे किए हैं। इस दौरान युवी ने 11 शतक लगाए जबकि गिल ने कम पारियों में 18 शतक जड़े।  

कोर्ट ने दिया आदेश, यूसुफ पठान की प्रॉपर्टी पर बुलडोजर एक्शन का खतरा बढ़ा

अहमदाबाद  गुजरात हाईकोर्ट ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर और मौजूदा तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सांसद यूसुफ पठान को बड़ा झटका दिया है. अदालत ने वडोदरा के तंदलजा इलाके में जमीन विवाद से जुड़ी उनकी याचिका को खारिज कर दिया है. कोर्ट ने साफ कहा कि जिस प्लॉट पर यूसुफ पठान ने कब्जा किया है, वह नगर निगम की संपत्ति है और उन्हें इसे खाली करना होगा. ऐसे में इस संपत्ति पर बुलडोजर एक्शन का खतरा मंडराने लगा है. यह विवाद कई साल पुराना है. पूर्व भाजपा पार्षद विजय पवार ने आरोप लगाया था कि वडोदरा नगर निगम ने वर्ष 2012 में यूसुफ पठान को एक प्लॉट आवंटित करने का प्रस्ताव पारित किया था और इसे राज्य सरकार को भेजा गया था. लेकिन, 2014 में गुजरात सरकार ने इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया. इसके बावजूद, यूसुफ पठान ने कथित तौर पर उस प्लॉट पर कब्जा कर लिया और वहां चारदीवारी के साथ मवेशियों के लिए शेड भी बना दिया. हाईकोर्ट ने याचिका खारिज की इसके बाद जब वडोदरा नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, तो यूसुफ पठान ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया. उनकी याचिका पर सुनवाई न्यायमूर्ति मोनाबेन भट्ट की अदालत में हुई. अदालत ने न केवल याचिका को खारिज कर दिया, बल्कि नगर निगम से यह भी सवाल किया कि जब राज्य सरकार ने आवंटन की मंजूरी नहीं दी थी, तो इतने वर्षों तक कार्रवाई क्यों नहीं हुई. इस मामले पर वडोदरा नगर निगम के सहायक आयुक्त सुरेश तुवर ने बताया कि पश्चिम वडोदरा के तंदलजा क्षेत्र में स्थित टीपी प्लॉट निगम की संपत्ति है. पहले इस प्लॉट को आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन राज्य सरकार से मंजूरी न मिलने के कारण यह मामला रुक गया. इसके बावजूद यूसुफ पठान ने जमीन पर कब्जा कर लिया. अब हाईकोर्ट का फैसला नगर निगम के पक्ष में आया है, जिससे साफ हो गया है कि यह जमीन हमेशा निगम की ही संपत्ति रहेगी. हालांकि, विशेषज्ञों का मानना है कि यूसुफ पठान अब इस मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट जा सकते हैं. फिलहाल, हाईकोर्ट के आदेश के बाद निगम को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है. बरहामपुर सीट से सांसद का चुनाव जीता यूसुफ पठान सिर्फ क्रिकेट के मैदान में ही नहीं, बल्कि राजनीति में भी अपनी पहचान बना चुके हैं. 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने पश्चिम बंगाल की बरहामपुर सीट से टीएमसी के टिकट पर चुनाव लड़ा और कांग्रेस के दिग्गज नेता अधीर रंजन चौधरी को हराकर संसद पहुंचे.  

बैडमिंटन धमाका: सात्विक-चिराग क्वार्टर फाइनल में, लक्ष्‍य सेन भिड़ेंगे प्रणय से

हांगकांग भारत की शीर्ष पुरुष युगल जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी ने गुरुवार को यहां थाईलैंड के पीराचाई सुकफुन और पक्कापोन तीरात्साकुल को हराकर 500,000 अमेरिकी डॉलर इनामी हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। आठवीं वरीयता प्राप्त पूर्व विश्व नंबर एक जोड़ी ने पहले गेम में मिली हार के बाद वापसी करते हुए गैर-वरीय थाई जोड़ी को 63 मिनट तक चले मुकाबले में 18-21, 21-15, 21-11 से हराया। पेरिस में विश्व चैंपियनशिप में अपना दूसरा कांस्य पदक जीतने वाले विश्व नंबर 9 सात्विक और चिराग का अगला मुकाबला मलेशिया के जुनैदी आरिफ और रॉय किंग याप से होगा। भारतीय जोड़ी की शुरुआत धीमी रही और पहले गेम में वे 8-11 से पीछे चल रही थीं, जबकि सुकफुन और तीरात्साकुल का दबदबा था। हालांकि, उन्होंने वापसी करते हुए स्कोर 18-18 कर लिया, लेकिन थाई जोड़ी ने आखिरी तीन अंक हासिल कर पहला गेम अपने नाम कर लिया। भारतीयों ने दूसरे गेम में नए जोश के साथ खेला। 2-2 से 7-7 तक के कड़े मुकाबले के बाद उन्होंने मध्य-खेल ब्रेक तक 11-10 की बढ़त हासिल कर ली और लगातार बढ़त बनाते हुए मैच को निर्णायक गेम तक ले गए। तीसरा गेम एकतरफ़ा रहा, जिसमें सात्विक और चिराग ने 7-2 की बढ़त बनाई और फिर थाई जोड़ी के लड़खड़ाने पर बढ़त और बढ़ा दी। आज बाद में लक्ष्य सेन और एचएस प्रणय एक अखिल भारतीय मुकाबले में भिड़ेंगे, जबकि रुतपर्णा और श्वेतपर्णा पांडा की महिला युगल जोड़ी पाँचवीं वरीयता प्राप्त चीन की ली यी जिंग और लुओ जू मिन से भिड़ेगी।