samacharsecretary.com

मोहम्मद सिराज बोले – बुमराह के बिना भी क्यों दिखा दमदार प्रदर्शन

नई दिल्ली  मोहम्मद सिराज को लेकर इन दिनों एक बात की चर्चा खूब हुई। चर्चा ये कि जब-जब स्टार पेसर और मौजूदा दौर में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह नहीं खेलते तो सिराज का प्रदर्शन और भी निखर जाता है। आंकड़े भी इसकी गवाही देते हैं। तस्दीक करते हैं। अब सिराज ने पहली बार इस तरह की चर्चाओं पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। रेवस्पोर्ट्स से बातचीत में सिराज ने कहा, 'जब मुझे अपने कंधों पर जिम्मेदारी ढोने का मौका मिलता है, यहां तक कि अगर कोई बेजान सी सीरीज भी होती है तो मेरा प्रदर्शन हमेशा और अच्छा हो जाता है। जिम्मेदारी मुझे एक अलग ही तरह की खुशी देती है और मेरे आत्मविश्वास को बढ़ाती है।' जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में अपने बेहतर प्रदर्शन को लेकर चर्चाओं पर सिराज ने कहा, ‘मैंने आपको बताया कि एजबेस्टन में लोग मेरे बारे में बात कर रहे थे। और अब उस चर्चा पर विराम लगाने का वक्त है। मैं आम तौर पर इस बात को लेकर बहुत सजग रहता हूं कि मैं क्या कर रहा हूं और लोग क्या कह रहे हैं उस पर ध्यान नहीं देता क्योंकि लोगों को मेरे संघर्ष के बारे में नहीं पता। इसके बाद भी, मैं समझता हूं कि इस तरह की चर्चा को बंद करने का वक्त है क्योंकि ये बहुत ज्यादा हो रहा है। जस्सी भाई बैक इंजरी और वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से नहीं खेले थे, मैंने गेंदबाजी यूनिट में सकारात्मकता लाने की कोशिश की थी। जब मैं टीममेट्स की बात कर रहा हूं तो आकाश दीप और सभी की बात कर रहा हूं क्योंकि मैं यह विश्वास दिलाने की कोशिश कर रहा था कि हम कर सकते हैं। हम जो पहले कर चुके हैं, उसे दोहरा सकते हैं।’ संयोग से एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के जिन दो मैचों में भारत ने जीत हासिल की थी, उन दोनों ही मैच में जसप्रीत बुमराह वर्कलोड मैनेजमेंट की वजह से नहीं खेले थे। एजबेस्टन में खेले गए दूसरे टेस्ट में सिराज ने 5 विकेट हॉल लिया था। इसी तरह ओवल में खेले गए आखिरी टेस्ट में भी सिराज ने 5 विकेट हॉल लिया और वह प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए थे। आंकड़े भी इस बात की गवाही देते हैं कि जसप्रीत बुमराह की गैरमौजूदगी में मोहम्मद सिराज की गेंदबाजी और ज्यादा निखर जाती है। जब वह बुमराह के साथ प्लेइंग इलेवन में खेलते हैं तो एक विकेट के लिए उन्हें औसतन 57 गेंद फेंकनी पड़ती है, वहीं अगर बुमराह नहीं खेल रहे होते तो सिराज औसतन हर 44 गेंद पर विकेट लेते हैं।  

लाना की रंगीन दुनिया: WWE करियर से लेकर निजी रिश्तों तक सबकुछ रहा चर्चा में

वाशिंगटन  WWE की पूर्व सुपरस्टार लाना, जिन्हें CJ पेरी के नाम से भी जाना जाता है, उन्होंने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। एक सफल मैनेजर से लेकर एक लीजेंड्स कॉन्ट्रैक्ट तक, लाना हमेशा चर्चा में रही हैं। 2021 में कंपनी से रिलीज होने के बाद, उन्हें 2025 में एक लीजेंड्स डील के तहत फिर से साइन किया गया है। यहां हम उनके जीवन और करियर से जुड़ी तीन ऐसी बातों पर नजर डालेंगे, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। 1. रुसेव के साथ संबंध और एक टैंक के अंदर का किस्सा WWE रिंग में लाना और रुसेव की केमिस्ट्री को काफी पसंद किया गया। जल्द ही, यह ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री असल जिंदगी के प्यार में बदल गई और दोनों ने शादी कर ली। 2019 में रुसेव ने यह कहकर सबको चौंका दिया था कि उन्होंने रेसलमेनिया 31 में अपनी एंट्री के लिए इस्तेमाल किए गए टैंक के अंदर दो बार संबंध बनाए थे। बाद में लाना ने खुद इसकी पुष्टि की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में यह भी बताया कि दोनों ने ब्लैक सी में भी ऐसा किया था। यह खुलासा उनकी निजी जिंदगी का एक ऐसा पहलू था जिसने फैंस को हैरान कर दिया। 2. डेमियन प्रीस्ट के साथ अफवाहें 2024 में जब लाना और रुसेव अलग हो गए, तो लाना का नाम पूर्व WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियन डेमियन प्रीस्ट के साथ जोड़ा जाने लगा। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया था, जिससे ये अफवाहें और तेज हो गईं। हालांकि, लाना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वे सिर्फ अच्छे दोस्त हैं। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके दोस्तों की तस्वीरें पोस्ट करने पर भी लोग उन्हें उनका बॉयफ्रेंड समझ लेते हैं। 2025 की शुरुआत में लाना और रुसेव के फिर से एक साथ आने से इन अफवाहों पर विराम लग गया। 3. WWE द्वारा उन्हें अलग करने की कोशिश 2015 में WWE ने लाना और रुसेव को ऑन-स्क्रीन अलग करने का फैसला किया था। इस स्टोरीलाइन में लाना को डॉल्फ जिगलर के साथ और रुसेव को समर रे के साथ दिखाया गया था। रेसलिंग ऑब्जर्वर की एक रिपोर्ट के अनुसार, विंस मैकमेहन इस ऑन-स्क्रीन ब्रेकअप के जरिए उन्हें असल जिंदगी में भी अलग करना चाहते थे। लेकिन, यह स्टोरीलाइन तब बर्बाद हो गई जब लाना और रुसेव की सगाई की खबर सोशल मीडिया पर लीक हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, विंस को लगता था कि रुसेव जैसे किसी व्यक्ति को लाना जैसी लड़की नहीं मिलनी चाहिए। लाना फिलहाल WWE के साथ एक लीजेंड्स कॉन्ट्रैक्ट में हैं, लेकिन अभी तक वह टेलीविजन पर दिखाई नहीं दी हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि भविष्य में वह कब और किस रूप में WWE में वापसी करती हैं।  

पेरिस इवेंट से बाहर हुईं नाओमी, WWE ने किया चैंपियनशिप मैच रद्द!

न्यूयॉर्क WWE क्लैश इन पेरिस इवेंट फैंस के लिए भरपूर एक्शन लेकर आ रहा है। यह शो फ्रांस में WWE इतिहास की सबसे बेहतरीन शो के रूप में जाना जा रहा है। हालांकि, इस इवेंट का पहला घोषित मैच रद्द हो गया है, क्योंकि विमेंस वर्ल्ड चैंपियन नाओमी ने अपनी प्रेग्नेंसी की घोषणा के बाद चैंपियनशिप छोड़ दी है। जिसके कारण फैंस को भले ही निराशा हुई, लेकिन WWE के अन्य मुकाबले काफी रोमांचक हैं। चैंपियनशिप पर अब किसका हक नाओमी के जाने से यह सवाल खड़ा हो गया है कि खाली हुई चैंपियनशिप का क्या होगा। इस टाइटल के लिए पहले स्टेफनी वेकर का मुकाबला नाओमी से होने वाला था। वेकर ने इवोल्यूशन में बैटल रॉयल जीतकर यह मौका हासिल किया था। हालांकि, मैच रद्द होने के बावजूद वेकर पहले ही यूनाइटेड किंगडम पहुंच चुकी हैं, जिससे यह साफ होता है कि WWE इस मैच को पूरी तरह से रद्द नहीं करेगा। वेकर अभी भी खाली टाइटल के लिए मुकाबला करेंगी, लेकिन उनकी प्रतिद्वंद्वी का नाम अभी तक घोषित नहीं किया गया है। संभावना है कि इसकी घोषणा रॉ के आगामी एपिसोड में की जाएगी। शो में होने वाले अन्य बड़े मुकाबले क्लैश इन पेरिस में विमेंस वर्ल्ड चैंपियनशिप के अलावा कई और बड़े मैच भी होने वाले हैं। जिसमें जॉन सीना का मुकाबला सोशल मीडिया स्टार लोगन पॉल से होगा। रोमन रेंस अपनी रेसलमेनिया XL की हार के बाद पहली बार सिंगल्स मैच में वापसी करेंगे, जहां वह ब्रॉन्सन रीड का सामना करेंगे। पूर्व दोस्त और अब दुश्मन बन चुके शेमस और रुसेव के बीच एक बड़ा डोनीब्रुक मैच होगा, जिससे उनकी दिलचस्प दुश्मनी का अंत होगा। शो का मुख्य आकर्षण WWE वर्ल्ड हैवीवेट चैंपियनशिप के लिए होने वाला फेटल फोर-वे मैच होगा। इस मैच में चैंपियन सैथ रॉलिंस अपने टाइटल को जे उसो, सीएम पंक और एलए नाइट के खिलाफ डिफेंड करेंगे। यह इवेंट एक्शन और ड्रामा से भरपूर होने वाला है, जिसमें फैंस को कई बड़े मुकाबले और चौंकाने वाले नतीजे देखने की उम्मीद है।  

केकेआर स्टार रिंकू सिंह की शादी में होगी बॉलीवुड तड़का, शाहरुख की एंट्री पर बढ़ा सस्पेंस

नई दिल्ली भारतीय क्रिकेट टीम के विस्फोटक मिडल ऑर्डर बल्लेबाज रिंकू सिंह की हाल ही में सांसद प्रिया सरोज से सगाई हुई है। दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंध सकते हैं। रिंकू और प्रिया सरोज काफी लाइमलाइट में रहते हैं। वहीं रिंकू को अब 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप के लिए भी चुना गया है। बता दें कि रिंकू और प्रिया की सगाई में बड़ी-बड़ी हस्तियां मौजूद थीं। अब रिंकू ने इस बात का भी खुलासा किया है कि उन्होंने बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान को भी इनवाइट किया था। लेकिन, कहीं बिजी होने की वजह से वह आ नहीं पाए।  रिंकू सिंह ने  कहा, 'मेरी शाहरुख खान सर से सगाई से पहले बात हुई थी और मैंने उन्हें बुलाया भी था। लेकिन वो शूटिंग में बिजी थे, इसलिए आ नहीं पाए। हमारे सीईओ वेंकी मैसूर वहां मौजूद थे। ' क्या रिंकू सिंह की शादी में आएंगे शाहरुख खान? रिंकू सिंह ने आगे इस बात का भी खुलासा किया कि उन्होंने शाहरुख खान को अपनी शादी में भी बुलाया है। उन्होंने कहा, 'मैंने शाहरुख सर को शादी के लिए भी इनवाइट किया है। देखते हैं वह आते हैं या नहीं।' बता दें कि रिंकू सिंह आईपीएल में शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइटराइडर्स के लिए ही खेलते हैं। कब होगी रिंकू सिंह की शादी? जब रिंकू सिंह से उनकी शादी की डेट के बारे में पूछा गया तो उन्होंने बताया, 'उम्मीद है कि इसी साल। घरेलू सीजन जल्दी शुरू हो रहा है। हमारे परिवार के लोगों ने नवंबर 2025 में शादी की तारीख तय की है। लेकिन मैं इसके बारे में पक्का नहीं हूं। देखते हैं।' रिंकू सिंह का करियर 27 साल के रिंकू सिंह ने 2023 में भारत के लिए डेब्यू करने के बाद से अब तक 33 टी20 और 2 वनडे मैच खेले हैं। टी20 में उन्होंने 3 फिफ्टी के साथ 546 तो वनडे में 55 रन बनाए हैं। रिंकू ने आईपीएल में 59 मैच खेले हैं और 1099 रन बनाए हैं।  

भारोत्तोलन में मीराबाई का फिर जलवा? राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में दिखेगा दमखम

नई दिल्ली तोक्यो ओलंपिक की रजत पदक विजेता मीराबाई चानू एक साल के अंतराल के बाद सोमवार को प्रतिस्पर्धी मुकाबलों में वापसी करेंगी और राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में घरेलू चुनौती की अगुवाई करेंगी जिसमें भारतीय भारोत्तोलकों से पदकों की झड़ी लगाने की उम्मीद है।  हाल के वर्षों में चोटों से जूझती रहीं चानू पिछली बार पिछले साल अगस्त में पेरिस ओलंपिक में खेली थीं जिसमें वह एक किलोग्राम से पोडियम स्थान से चूक गई थीं। इकतीस वर्षीय मीराबाई ने 2028 लॉस एंजिल्स खेलों के लिए नए ओलंपिक भार वर्ग लागू होने के बाद 49 किग्रा से 48 किग्रा में जाने का फैसला किया है। वह इस 48 किग्रा भार वर्ग में अपना विश्व चैंपियनशिप खिताब और दो राष्ट्रमंडल खेलों के पदक जीत चुकी हैं लेकिन 2018 के बाद से इसमें प्रतिस्पर्धा नहीं की है।  वजन को नियंत्रित करना एक चुनौती होगी और चानू ने खुद इसे स्वीकार किया है। लेकिन इस दृढ़ निश्चयी मणिपुरी खिलाड़ी ने यह चुनौती स्वीकार कर ली है। मुख्य राष्ट्रीय कोच विजय शर्मा के साथ मिलकर काम करते हुए वह अपनी तकनीक को भी निखार रही हैं ताकि स्नैच में 90 किलोग्राम का वजन उठा सकें। अक्टूबर में होने वाली विश्व चैंपियनशिप में शीर्ष पर पहुंचने की तैयारी में जुटी चानू ने कहा कि वह राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप में पूरी ताकत नहीं झोंकेंगी जो अगले साल ग्लासगो में होने वाले राष्ट्रमंडल खेलों के लिए क्वालीफाइंग टूर्नामेंटों में से एक है।  उन्होंने कहा, ‘मैं अहमदाबाद में पूरी ताकत नहीं लगा रही हूं क्योंकि मैं विश्व चैंपियनशिप की तैयारी कर रही हूं। मेरा सबसे बड़ा लक्ष्य एशियाई खेल हैं जहां मेरा लक्ष्य विश्व रिकॉर्ड तोड़ना और पदक जीतना है क्योंकि मैंने अभी तक वहां कोई रिकॉर्ड नहीं बनाया है।' चानू भले ही मुख्य आकर्षण बनी हुई हैं लेकिन भारत के दल के लगभग हर भार वर्ग में पोडियम पर पहुंचने की उम्मीद है।  राष्ट्रमंडल प्रतियोगिताएं (राष्ट्रमंडल खेल और राष्ट्रमंडल चैंपियनशिप) लंबे समय से भारतीय भारोत्तोलकों के लिए एक शानदार जगह रही हैं जिन्हें चीन और उत्तर कोरिया जैसे दिग्गजों की अनुपस्थिति का फायदा मिलता है। जब भारत ने पिछली बार 2023 में चैंपियनशिप की मेजबानी की थी तो घरेलू टीम ने 20 पदकों के साथ शानदार प्रदर्शन किया था। इस बार भी रजत विजेता बिंदियारानी देवी और कांस्य पदक विजेता हरजिंदर कौर और लवप्रीत सिंह सहित कई राष्ट्रमंडल पदक विजेता भारत की पदक तालिका में इजाफा करना चाहेंगे।  भारतीय टीम : महिला : मीराबाई चानू (48 किग्रा), स्नेहा सोरेन (53 किग्रा), बिंद्यारानी देवी (58 किग्रा), सेराम निरुपमा देवी (63 किग्रा), हरजिंदर कौर (69 किग्रा), हरमनप्रीत कौर (77 किग्रा), वंशिता वर्मा (86 किग्रा:), महक शर्मा (+86 किग्रा) पुरुष: चनंबम ऋषिकांत सिंह (60 किग्रा); एम राजा (65 किग्रा); नारायण अजित (71 किग्रा), वल्लूरी अजय बाबू (79 किग्रा), अजय सिंह (88 किग्रा), दिलबाग सिंह (94 किग्रा), हरचरण सिंह (110 किग्रा), लवप्रीत सिंह (+110 किग्रा)। 

कट्टर दुश्मनी पर लगी मोहब्बत की मुहर, सेरेना विलियम्स ने शारापोवा को दिया ‘हॉल ऑफ फेम’ का समर्थन

लंदन  रूस की टेनिस स्टार मारिया शारापोवा (38) को अमेरिका के न्यूपोर्ट, रोड आइलैंड में आयोजित समारोह में टेनिस हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया. इसी कार्यक्रम में अमेरिका के दिग्गज डबल्स स्टार्स माइक और बॉब ब्रायन को भी यह सम्मान मिला. शारापोवा का करियर बेहद खास रहा है. वे ओपन एरा में सिंगल्स ग्रैंड स्लैम जीतने वाली सिर्फ 12 खिलाड़ियों में शामिल हैं. उन्होंने कुल 5 ग्रैंड स्लैम खिताब अपने नाम किए. उनका सबसे यादगार पल 2004 का विम्बलडन फाइनल रहा, जब महज 17 साल की उम्र में उन्होंने सेरेना विलियम्स को 6-1, 6-4 से हराकर दुनिया को चौंका दिया था. आखिर सेरेना ने शारापोवा के बारे में क्या कहा? हॉल ऑफ फेम के मंच पर जब अमेरिकी दिग्गज सेरेना (43) ने अपने करियर की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी कही जाने वाली शारापोवा को इंडक्ट करने का ऐलान किया, तो माहौल भावुक हो उठा. सेरेना बोलीं, 'शायद आप मुझे यहां देखने की उम्मीद नहीं कर रहे थे. सच कहूं तो कुछ साल पहले मैं भी ऐसा ही सोचती. लेकिन जब मारिया ने मुझे मैसेज कर पूछा कि क्या मैं उन्हें हॉल ऑफ फेम में शामिल कर सकती हूं, तो मैंने तुरंत हां कहा. क्योंकि वो मारिया हैं.' उन्होंने आगे कहा, 'मारिया और मैं एक-दूसरे की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वी रहीं. लेकिन सच यह है कि हमारी चाहत एक जैसी थी- सबसे बेहतरीन बनना. हर बार जब ड्रॉ में उनका नाम मेरे सामने आता, मैं और कड़ी मेहनत करती. वो मेरे करियर की उन चुनिंदा खिलाड़ियों में से रहीं, जिन्होंने मुझे हमेशा अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए मजबूर किया.' कोर्ट से बिजनेस और फैशन तक सेरेना ने यह भी कहा कि शारापोवा ने कोर्ट पर उत्कृष्टता दिखाई और फिर उसे बिजनेस, फैशन और ब्रांडिंग की दुनिया में भी उतनी ही मजबूती से आगे बढ़ाया. समारोह के अंत में जब दोनों दिग्गज एक-दूसरे से गले मिलीं, तो यह पल सिर्फ टेनिस फैन्स ही नहीं, बल्कि खेल इतिहास के लिए भी अविस्मरणीय बन गया. सेरेना विलियम्स और मारिया शारापोवा टेनिस इतिहास की सबसे बड़ी प्रतिद्वंद्वियों में गिनी जाती हैं. 2004 से 2019 तक दोनों के बीच 22 मुकाबले हुए, जिनमें से 20 बार जीत सेरेना के नाम रही. ग्रैंड स्लैम स्तर पर भी सेरेना का दबदबा रहा-जहां उनका रिकॉर्ड 8-1 रहा, जबकि फाइनल्स में भी उन्होंने 3-1 से बढ़त बनाई. 23 ग्रैंड स्लैम जीत चुकीं सेरेना विलियम्स 2027 में खुद भी हॉल ऑफ फेम इंडक्शन के लिए पात्र होंगी.लंदन 

PAK टीम का वर्ल्ड कप स्क्वॉड घोषित, भारतीय टीम संग भिड़ंत को लेकर बढ़ा रोमांच

लाहौर आईसीसी वूमेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर को हो रही है और इसका खिताबी मुकाबला 2 नवंबर को होना है. इस टूर्नामेंट में पाकिस्तानी टीम भी भाग लेने जा रही है. अब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. 15 सदस्यीय पाकिस्तानी टीम की कप्तानी फातिमा सना को सौंपी गई है. पाकिस्तान ने आईसीसी वूमेन्स क्रिकेट वर्ल्ड कप क्वालिफायर 2025 में पहला स्थान हासिल करके वर्ल्ड कप में एंट्री पाई थी. तब उसने वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के खिलाफ भी यादगार जीतें हासिल की थीं. बांग्लादेश दूसरे स्थान पर रहा था और उसे भी वर्ल्ड कप में जगह मिली है. वहीं वेस्टइंडीज का पत्ता कट गया था. अनकैप्ड बल्लेबाज इमान फातिमा को भी महिला क्रिकेट विश्व कप के लिए पाकिस्तानी टीम में चुना गया है. फातिमा ने हाल ही में आयरलैंड के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था. इस बल्लेबाज ने मई में पाकिस्तान के राष्ट्रीय टी20 टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया था. इमान के अलावा नतालिया परवेज, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शवाल जुल्फिकार और सैयदा अरूब शाह का भी ये पहला क्रिकेट वर्ल्ड कप होगा. वनडे सीरीज भी खेलेगी पाकिस्तानी टीम गुल फिरोजा, नजीहा अल्वी, तुबा हसन, उम्म ए हानी और वहीदा अख्तर पाकिस्तानी टीम के साथ रिजर्व खिलाड़ी के रूप में यात्रा करेंगी. गुल फिरोजा और नजीहा अल्वी वर्ल्ड कप क्वालिफायर में पाकिस्तानी टीम का हिस्सा थीं. पाकिस्तानी टीम वर्ल्ड कप से पहले साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की एकदिवसीय सीरीज खेलेगी. यह सीरीज 16-22 सितंबर के दौरान लाहौर में खेली जाएगी. इस सीरीज में पाकिस्तान की ओर से वही खिलाड़ी भाग लेंगी, जिन्हें वर्ल्ड कप में खेलना है. महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के लिए पाकिस्तानी टीम: फातिमा सना (कप्तान), मुनीबा अली सिद्दीकी (उप-कप्तान), आलिया रियाज, डायना बेग, इमान फातिमा, नशरा संधू, नतालिया परवेज, ओमैमा सोहेल, रमीन शमीम, सदफ शमास, सादिया इकबाल, शवाल जुल्फिकार, सिदरा अमीन, सिदरा नवाज, सैयदा अरूब शाह. ट्रैवलिंग रिजर्व: गुल फिरोजा, नाजीहा अल्वी, तुबा हसन, उम्म ए हानी, वहीदा अख्तर आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का मुकाबला भारतीय टीम से भी होगा. इस मुकाबले का फैन्स को ब्रेसब्री से इंतजार है. यह मुकाबला 5 अक्टूबर को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में खेला जाएगा. बता दें कि पाकिस्तानी टीम अपने सभी मुकाबले आर. प्रेमदासा स्टेडियम में ही खेलेगी. पाकिस्तानी टीम इस वर्ल्ड कप में जिन मैचों में नहीं खेलेगी, वो सारे मुकाबले भारतीय जमीन पर होंगे. वर्ल्ड कप में पाकिस्तानी टीम का शेड्यूल 2 अक्टूबर- बनाम बांग्लादेश, कोलंबो 5 अक्टूबर- बनाम भारत, कोलंबो 8 अक्टूबर- बनाम ऑस्ट्रेलिया, कोलंबो 15 अक्टूबर- बनाम इंगलैंड, कोलंबो 18 अक्टूबर- बनाम न्यूजीलैंड, कोलंबो 21 अक्टूबर- बनाम, दक्षिण अफ्रीका, कोलंबो 24 अक्टूबर- बनाम श्रीलंका, कोलंबो

Dream11 का बड़ा फैसला: अब नहीं होगी टीम इंडिया की टाइटल स्पॉन्सरशिप

नई दिल्ली एशिया कप 2025 से पहले भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) को बड़ा झटका लगा है. ड्रीम11 (Dream11) ने बीसीसीआई को ये सूचित कर दिया है है कि वह भारतीय क्रिकेट टीम को अब स्पॉन्सर नहीं करेगा. संसद ने हाल ही में प्रमोशन एंड रेग्युलेशन ऑफ ऑनलाइन गेमिंग बिल, 2025 पास किया है. इस बिल के तहत भारत में रियम मनी गेमिंग पर रोक लग गई है, जिसके कारण ड्रीम11 का बिजनेस बुरी तरह प्रभावित हुआ है.  रिपोर्ट के मुताबिक ड्रीम11 के प्रतिनिधि मुंबई स्थित बीसीसीआई ऑफिस आए और सीईओ हेमांग अमीन को इस फैसले की जानकारी दी. अब बीसीसीआई जल्दी ही नया टेंडर जारी करेगा. एशिया कप 2025 की शुरुआत 9 सितंबर को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में होनी है. अब ड्रीम11 के हटने के बाद BCCI को जल्द ही नया स्पॉन्सर खोजना होगा. बीसीसीआई के अधिकारी ने इस अंग्रेजी अखबार को बताया, 'ड्रीम11 के प्रतिनिधियों ने बीसीसीआई कार्यालय का दौरा किया. उन्होंने सीईओ हेमांग अमीन को सूचित किया कि ड्रीम11 अब इस डील को आगे जारी रखने में असमर्थ है. इसके चलते वो एशिया कप के लिए भारतीय टीम का प्रायोजक नहीं होगा. बीसीसीआई जल्द ही एक नया टेंडर जारी करेगा.' ड्रीम11 में कितने में की थी डील? ड्रीम11 ने जुला्ई 2023 में बीसीसीआई के साथ 358 करोड़ रुपये की भारी भरकम डील की थी. इसके तहत ड्रीम11 ने भारतीय महिला टीम, भारतीय मेन्स टीम, इंडिया अंडर-19 टीम और इंडिया-ए टीम की किट के लिए स्पॉन्सर राइट्स हासिल किए थे. तब ड्रीम11 ने बायूज ( Byju’s) को रिप्लेस किया था. कॉन्ट्रैक्ट तोड़ने के बावजूद ड्रीम11 को किसी तरह का जुर्माना नहीं भरना होगा. कॉन्ट्रैक्ट में साफ लिखा है कि अगर भारत सरकार के नए कानून से कंपनी के मुख्य बिजनेस पर असर पड़ता है, तो कंपनी बोर्ड को कोई पेनल्टी नहीं देगी. ड्रीम11 की शुरुआत 18 साल पहले हुई थी और आज इसकी वैल्यू लगभग 8 बिलियन डॉलर है. ड्रीम11 ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी बड़ा निवेश किया. इसने एमएस धोनी, रोहित शर्मा, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत, जसप्रीत बुमराह जैसे खिलाड़ियों को ब्रांड एंबेसडर बनाया. साल 2020 में ड्रीम11 ने आईपीएल ट्रॉफी को भी स्पॉन्सर किया. ड्रीम11 कैरेबियन प्रीमियर लीग (CPL) का आधिकारिक फैंटेसी पार्टनर है. साथ ही यह न्यूजीलैंड में आयोजित होने वाले सुपर स्मैश का टाइटल स्पॉन्सर भी रहा है. ऑस्ट्रेलिया की बिग बैश लीग (महिला और पुरुष दोनों) से भी इसका जुड़ाव रहा है. साल 2018 में इसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ भी पार्टनरशिप की थी. क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों में भी इसने निवेश किया हुआ है

शूटिंग में भारत का जलवा! ऐश्वर्य का गोल्ड, अद्रियान का रिकॉर्ड, टेबल पर नंबर-1 पर पहुँचा भारत

शिमकेंट  भारत के ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने 16वें एशियाई निशानेबाजी चैंपियनशिप के 50 मीटर मेंस राइफल 3 पोजीशन (3P) इंडिविजुअल इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। उन्होंने फाइनल में 462.5 स्कोर किया। कजाकिस्तान के शिमकेंट में चल रही चैंपियनशिप में ऐश्वर्य ने शुरू से ही बढ़त बना ली। पहले पांच शॉट्स (नीलिंग पोजीशन) के बाद वे आगे निकल गए और फिर लगातार अपनी बढ़त को मजबूत करते रहे। 13वें शॉट के बाद झाओ और ऐश्वर्य के बीच केवल 0.3 अंकों का अंतर था। ऐश्वर्य ने 14वें शॉट में 10.8 का स्कोर बनाकर फिर से एक अंक से ज्यादा की बढ़त हासिल की, जो अंत तक बनी रही। उन्होंने 0.5 अंकों के अंतर से गोल्ड मेडल जीता। जापान के नाओया ओकाडा (448.8) ने ब्रॉन्ज मेडल जीता, जबकि चैन सिंह (435.7) और अखिल श्योरान (424.9) क्रमशः चौथे और पांचवें स्थान पर रहे। भारत के तीनों शूटरों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया पुरुष 3P स्पर्धा में भारत के तीनों निशानेबाजों ने फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। ऐश्वर्य ने 584 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल कर सबसे ऊंचा क्वालिफिकेशन स्कोर बनाया। अनुभवी निशानेबाज चैन सिंह 582 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे, जबकि विश्व चैंपियनशिप ब्रॉन्ज मेडल विजेता अखिल श्योरान ने 581 अंकों के साथ सातवां स्थान प्राप्त किया। चीन के भी तीनों निशानेबाज फाइनल में पहुंचे, जबकि जापान और कोरिया के एक-एक शूटर फाइनल के लिए क्वालिफाई किए। हालांकि, भारत को टीम गोल्ड मेडल से चूकना पड़ा। भारत का कुल स्कोर 1747 रहा, जो चीन के 1750 से तीन अंक कम था। ऐश्वर्य इस टूर्नामेंट में दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता ऐश्वर्य का इस टूर्नामेंट में यह दूसरा गोल्ड है। वह एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल भी जीत चुके हैं। चीन के झाओ वेन्यू ने सिल्वर और जापान के नाओया ओकाडा ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किया। जूनियर में अद्रियान और वेदांत ने भारत को मेडल दिलाए जूनियर के मेंस राइफ थ्री पोजीसन में भारत को दो मेडल मिले। अद्रियान ने गोल्ड और वेदांत ने ब्रॉन्ज मेंडल जीता। फाइनल में अद्रियान ने शानदार शुरुआत की। पहले 15 शॉट्स (नीलिंग पोजीशन) के बाद उन्होंने चीन के हान यिनान पर 0.9 अंकों की बढ़त बना ली। इस समय वेदांत छठे स्थान पर थे। दूसरी पोजीशन (प्रोन) के 10 शॉट्स के बाद वेदांत ने वापसी की और अद्रियान से केवल 0.4 अंक पीछे थे। अद्रियान ने फिर भी अपनी बढ़त को 1.4 अंक तक बढ़ाया और अंतिम स्टैंडिंग पोजीशन में शानदार प्रदर्शन जारी रखा। स्टैंडिंग पोजीशन में वेदांत को एक समय मेजबान निशानेबाज ओलेग नोस्कोव से पिछड़ना पड़ा, लेकिन उन्होंने फिर से वापसी की। दूसरी ओर, अद्रियान ने अंतिम पांच शॉट्स में 10.8, 10.2, 10.4, 10.5 और 10.5 का स्कोर बनाकर न केवल गोल्ड मेडल जीता, बल्कि एशियाई जूनियर रिकॉर्ड भी स्थापित किया। चीन के हान यिनान ने वेदांत को अंतिम शॉट्स में पछाड़कर सिल्वर मेडल जीता। वेदांत को ब्रॉन्ज मेडल के साथ संतोष करना पड़ा। वेदांत ने दूसरे और अद्रियान आखिरी स्थान पर रहकर फाइनल के लिए क्वालिफाई किया जूनियर पुरुष 3P स्पर्धा में भारत के वेदांत वाघमारे ने 582 अंकों के साथ क्वालिफिकेशन में दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि अद्रियान कर्मकार 576 अंकों के साथ आठवें और अंतिम क्वालिफाइंग स्थान पर रहे। अन्य भारतीय निशानेबाज समी उल्लाह खान (575), रोहित कन्याण (575), गौरव देसाले (569) और हितेश श्रीनिवासन (564) क्वालिफिकेशन में जगह नहीं बना सके। हालांकि, वेदांत, अद्रियान और रोहित की तिकड़ी ने 1733 के कुल स्कोर के साथ जूनियर टीम इवेंट में गोल्ड मेडल जीता। भारत का मेडल टैली में दबदबा अब तक भारत ने इस चैंपियनशिप में 25 गोल्ड, 10 सिल्वर और 10 ब्रॉन्ज मेडल जीतकर मेडल टैली में शीर्ष स्थान हासिल किया है। चीन 10 गोल्ड मेडल के साथ दूसरे स्थान पर है।

महिला सी-2500 मीटर कयाकिंग में दीपिका का कमाल, रजत पदक से सीहोर की बढ़ी शान

 सीहोर कभी पिता का कर्ज चुकाने के लिए नाव चलाने वाली सीहोर जिले की मंडी गांव की 15 वर्षीय बेटी दीपिका ढीमर ने आज पूरे प्रदेश को गौरवान्वित कर दिया। जम्मू-कश्मीर की डल झील में आयोजित 'प्रथम खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल 2025' में दीपिका ने महिला वर्ग सी-2500 मीटर कयाकिंग-केनोइंग स्पर्धा में रजत पदक जीतकर सीहोर का नाम रोशन किया। 21 से 23 अगस्त तक चले इस फेस्टिवल में मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स केनो स्लालम और रोइंग अकादमी के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 स्वर्ण, 2 रजत और 3 कांस्य सहित कुल 11 पदक जीते। झील की लहरों पर हुए संघर्षपूर्ण मुकाबले खिलाड़ियों की मेहनत और कौशल का साक्षात उदाहरण बने। कर्ज चुकाने नाव चलाती थीं बेटियां दीपिका और उनकी बड़ी बहन कावेरी ढीमर का बचपन संघर्ष से भरा रहा। कभी वे इंदिरा सागर बांध के किनारे नाव चलाकर मछलियां पकड़ा करती थीं, ताकि पिता का कर्ज उतारा जा सके। वही नाव चालन आज उनकी ताकत बन गया और खेल की दिशा में उनकी नई पहचान गढ़ी। बहन कावेरी बनी प्रेरणा दीपिका की बड़ी बहन कावेरी ढीमर पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियन हैं। महज 13 साल की उम्र में कावेरी ने वॉटर स्पोर्ट्स की शुरुआत की और अब नौसेना में भी उनका चयन हो चुका है। कावेरी ने ही दीपिका को अकादमी से जोड़कर खेल की राह दिखाई। दोनों बहनों की यह प्रेरणादायक कहानी पूरे प्रदेश की बेटियों के लिए मिसाल है। प्रदेश को गौरवान्वित किया खेलो इंडिया वॉटर स्पोर्ट्स फेस्टिवल के समापन पर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह जीत मध्यप्रदेश के खेल भविष्य की नई दिशा तय करेगी। दीपिका और प्रगति शर्मा की जोड़ी ने महिला वर्ग में पदक जीतकर प्रदेश की खेल प्रतिभा को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई। सीहोर की पहचान बनी 15 वर्षीय दीपिका अब तक कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर मेडल जीत चुकी हैं। उनकी सफलता न केवल जिले के लिए बल्कि पूरे देश के लिए गौरव की बात है। संघर्षों से निकली यह बेटी आज सीहोर की पहचान बन गई है।