samacharsecretary.com

महिला टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, युवा चेहरों को मौका

मुंबई साउथ अफ्रीका दौरे पर होने वाली पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का चयन कर लिया गया है। 17 अप्रैल से शुरू होने वाली इस सीरीज में अनुभवी खिलाड़ियों के साथ-साथ नए और उभरते चेहरों को भी मौका दिया गया है, जिससे टीम में संतुलन और भविष्य की तैयारी दोनों नजर आ रही है। टीम की कमान हरमनप्रीत कौर के हाथों में रहेगी, जबकि स्मृति मंधाना को उपकप्तान की जिम्मेदारी सौंपी गई है। चयन में मध्य प्रदेश के ग्वालियर की अनुष्का शर्मा को शामिल किया जाना खास चर्चा का विषय है। वहीं काशवी गौतम को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली है, जो उनके शानदार प्रदर्शन का इनाम माना जा रहा है। इसके अलावा भारती फुलमाली की करीब सात साल बाद टीम में वापसी हुई है, जो चयन का एक और अहम पहलू है। टीम में शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा और ऋचा घोष जैसे प्रमुख खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में टीम को मजबूती देंगे। सीरीज के सभी पांच मुकाबले 17, 19, 22, 25 और 27 अप्रैल को खेले जाएंगे। मैचों का आयोजन डरबन, जोहानिसबर्ग और बेनोनी में किया जाएगा। यह दौरा आगामी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों के लिहाज से भारतीय टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।  

जब 1 रन बना जीत-हार की वजह: IPL के वो 2 फाइनल जिन्होंने रोमांच की सारी हदें पार कर दीं

नई दिल्ली आईपीएल की देखा-देखी दुनियाभर में इस तरह की कई क्रिकेट लीग खेले जाने लगी है लेकिन जो बात आईपीएल में है वो कहीं और कहां। दुनियाभर के टैलेंट, दिग्गज खिलाड़ी, उभरती हुई नई प्रतिभाएं या यूं कहिए कि भविष्य में सुपर स्टार बनने की कुव्वत रखने वालीं नायाब प्रतिभाओं का शानदार मंच। आईपीएल रोमांचक और यादगार मुकाबलों के लिए जाना जाता है। टूर्नामेंट के इतिहास में तो दो बार ऐसे फाइनल हुए हैं जब जीत-हार का अंतर महज एक रन का रहा। यह भी संयोग है कि सांसें अटका देने वाले उन दोनों ही खिताबी मुकाबलों में जीत का सेहरा बंधा मुंबई इंडियंस के सिर। आईपीएल इतिहास के इन दो सबसे रोमांचक फाइनल मुकाबलों में मुंबई इंडियंस ने राइजिंग पुणे सुपर जॉइंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स को 1-1 रन के अंतर से हराया था। एमआई ने 2017 में आरपीएस को फाइनल में शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम किया था। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को 2019 के आईपीएल फाइनल में 1 रन से हराकर झटका दिया था। मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आईपीएल इतिहास की दो सबसे सफल टीमें हैं। दोनों ने अब तक 5-5 बार टाइटल जीता है। 2017 में MI ने 129 रन को कर लिया था डिफेंड 2017 के आईपीएल में मुंबई इंडियंस और राइजिंग पुणे सुपर जॉइंट्स के बीच खिताबी भिड़ंत हुई। मुंबई की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर सिर्फ 129 रन बना सकी। क्रुणाल पांड्या ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए। कप्तान रोहित शर्मा ने 24, अंबाती रायडू ने 13 और हार्दिक पांड्या ने 10 रन बनाए थे। इन चारों के अलावा 11वें नंबर पर उतरे मिचेल जॉनसन ही दहाई का आंकड़ा पार कर पाए थे जिन्होंने नाबाद 13 रन बनाए थे। जवाब में राइजिंग पुणे सुपरजॉइंट्स ने 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 119 रन बना लिए थे। आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 11 रनों की दरकार थी। स्टीव स्मिथ तब 51 रन बनाकर खेल रहे थे और मनोज तिवारी 3 रन पर। मुंबई की तरफ से मिचेल जॉनसन आखिरी ओवर फेंकने आए। पहली ही गेंद पर मनोज तिवारी ने चौका जड़ दिया। अब आरपीएस को जीत के लिए 5 गेंदों में 7 रन की जरूरत थी। अगली ही गेंद पर जॉनसन ने तिवारी को कैच आउट करा दिया। उसकी अगली ही गेंद पर स्टीव स्मिथ भी चलते बने। अब 3 गेंदों में 7 रन चाहिए थे। चौथी गेंद पर बाई के रूप में आरपीएस को एक रन मिला। पांचवीं गेंद पर 2 रन। अब आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन की दरकार थी। आरपीएस के बल्लेबाज दो रन तो दौड़कर पूरे कर लिए लेकिन तीसरे रन के चक्कर में वॉशिंगटन सुंदर रन आउट हो गए। मुंबई 1 रन से मैच जीती और आईपीएल की ट्रॉफी पर कब्जा किया। मुंबई की तरफ से मिचेल जॉनसन ने सबसे ज्यादा 3 और जसप्रीत बुमराह ने 2 विकेट लिए। लेग स्पिनर करण शर्मा को कोई विकेट तो नहीं मिला लेकिन उनकी कसी हुई किफायती गेंदबाजी ने मुंबई की जीत में बड़ा रोल निभाया। शर्मा ने 4 में सिर्फ 18 रन दिए थे। जब रोमांचक फाइनल में धोनी की CSK पर भारी पड़ी थी MI 2019 का आईपीएल फाइनल भी बहुत ही रोमांचक रहा था। उस बार भी मुंबई इंडियंस ने 1 रन से जीत हासिल की थी लेकिन तब उसके सामने थी महेंद्र सिंह धोनी की अगुआई वाली चेन्नई सुपर किंग्स। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 149 रन बनाए थे। जवाब में फाफ डु प्लेसी और शेन वॉटसन ने सीएसके की पारी की शुरुआत की। फाफ 26 रन बनाकर आउट हुए। शेन वॉटसन एक छोर से ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर रहे थे लेकिन उन्हें किसी भी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। आखिरकार वॉटसन 59 गेंद में 80 रन बनाकर रन आउट हो गए और उसी के साथ चेन्नई की उम्मीदें भी धूमिल हो गईं। फाफ डु प्लेसी, शेन वॉटसन और ड्वेन ब्रावो के अलावा सीएसके का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। ब्रावो ने 15 रन बनाए थे। चेन्नई सुपर किंग्स को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे और उसके पास 5 विकेट शेष थे। लसिथ मलिंगा ने मुंबई की तरफ से आखिरी ओवर डाला। वॉटसन और रविंद्र जडेजा खेल रहे थे। पहली गेंद पर वॉटसन ने सिंगल लिया। दूसरी गेंद पर जडेजा ने भी एक रन दौड़कर पूरा किया। तीसरी गेंद पर वॉटसन ने दो रन लिए। अगली गेंद पर वॉटसन दो रन लेने के चक्कर में रन आउट हो गए। पांचवी गेंद पर शार्दुल ठाकुर ने 2 रन भाग लिए। अब आखिरी गेंद पर सीएसके को जीत के लिए सिर्फ 2 रन चाहिए थे लेकिन मलिंगा ने शार्दुल ठाकुर को एलबीडब्लू आउट करके मुंबई को जिता दिया।

उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव एआईटीए टेनिस के प्री क्वार्टर फाइनल में

लखनऊ स्वरूप अग्रवाल मेमोरियल एआईटीए पुरुष प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में क्वालीफायर से मुख्य ड्रॉ में पहुंचे उत्तर प्रदेश के ऋषि यादव और हरियाणा के सुनील कुमार ने सोमवार को उलटफेर भरी जीत दर्ज करते हुए प्री-क्वार्टर फाइनल में स्थान बना लिया। इंडिया पेस्टीसाइड्स लिमिटेड द्वारा प्रायोजित एक लाख रुपये की प्राइजमनी वाली इस प्रतियोगिता में आज खेले गए मुख्य ड्रॉ के पहले दौर में उत्तर प्रदेश के छठी वरीय अंशुमान सिंह, क्वालीफायर वंश यादव तथा चिन्मय देव चौहान ने भी जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। लकी लूजर ऋषि यादव 6-3, 2-0 से आगे थे, तभी उनके प्रतिद्वंद्वी महाराष्ट्र के पांचवीं वरीय तनिष्क जाधव ने मैच छोड़ दिया। वहीं हरियाणा के सुनील कुमार ने सातवीं वरीय प्रशांत को 6-0, 6-0 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। उत्तर प्रदेश के वंश यादव ने दिल्ली के सौरव कुमार यादव को कड़े मुकाबले में 7-6(2), 7-6(3) से पराजित किया, जबकि चिन्मय देव चौहान ने उत्तराखंड के अर्णव को 6-1, 6-1 से हराया। छठी वरीय अंशुमान सिंह ने बिहार के वैभव सिंह को 6-1, 6-3 से शिकस्त दी। अन्य मुकाबलों में हरियाणा के हर्ष मलिक, राजस्थान के अमित, केरल के कौशिक, दिल्ली के मयंक शर्मा, पश्चिम बंगाल के सार्थक गुलाटी और मुकिल रामानन ने अपने-अपने मैच जीतकर अगले दौर में जगह बनाई।  

किर्गिस्तान में एससीओ देशों के पहले यूथ डेल्फ़िक गेम्स में भारत ने ऐतिहासिक शुरुआत की

बिश्केक(किर्गिस्तान) भारत की सांस्कृतिक और कलात्मक यात्रा के लिए एक अहम पल में, 46 सदस्यों वाला भारतीय डेलीगेशन शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइज़ेशन (एससीओ) के सदस्य देशों के पहले यूथ डेल्फ़िक गेम्स में हिस्सा लेने के लिए बिश्केक, किर्गिस्तान पहुँच गया है। यह किसी भारतीय कलाकारों की टीम का ग्लोबल कॉम्पिटिटिव फ़ॉर्मेट में पहली बार हिस्सा लेने का प्रतीक है, जो इंटरनेशनल सांस्कृतिक आंदोलन में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर साबित होगा। इस डेलीगेशन में, जिसमें पूरे भारत के 46 युवा कलाकार और इंटरनेशनल जूरी सदस्य शामिल हैं, पियानो, लोक गायन, लोक नृत्य, लोक संगीत, कला और शिल्प, और विज़ुअल आर्ट्स जैसे अलग-अलग विषयों में मुकाबला करेंगे, जो भारत की सांस्कृतिक विरासत की समृद्धि और विविधता को दिखाएगा। डेलीगेशन को मॉडर्न पायथियन गेम्स के फाउंडर बिजेंद्र गोयल लीड कर रहे हैं, जिनकी दूर की सोच ने पायथियन गेम्स मूवमेंट को फिर से शुरू करने और ग्लोबल बनाने में अहम भूमिका निभाई है। एक खास बात यह है कि मिस्टर बिजेंद्र गोयल एससीओ मेंबर देशों के इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस में एक स्पेशल एड्रेस देंगे, जिसमें वे आर्ट्स, कल्चर और पारंपरिक खेलों के ज़रिए ग्लोबल कल्चरल कोलेबोरेशन को मज़बूत करने के अपने विजन को पेश करेंगे। डेलीगेशन के साथ अरुणाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नबाम तुकी भी हैं, जिनकी मौजूदगी भारत के रिप्रेजेंटेशन को और मजबूत करती है और देश की कल्चरल डायवर्सिटी, खासकर नॉर्थईस्ट इलाके की डायवर्सिटी को हाईलाइट करती है। इस दौरे की एक खास बात भारतीय डेलीगेशन के सम्मान में बीरेंद्र सिंह यादव द्वारा होस्ट किया गया स्पेशल हाई टी रिसेप्शन था। एम्बेसडर ने पार्टिसिपेंट्स से पर्सनली बातचीत की, उन्हें गर्व और बेहतरीन तरीके से भारत को रिप्रेजेंट करने के लिए बढ़ावा दिया, साथ ही देशों के बीच रिश्तों को मज़बूत करने में कल्चरल डिप्लोमेसी के महत्व पर ज़ोर दिया।  

ईएफएल कप फाइनल में मैनचेस्टर सिटी की जीत, आर्सेनल को 2-0 से हराया

लंदन   मैनचेस्टर सिटी ने ईएफएल कप फाइनल में आर्सेनल को 2-0 से हराते हुए खिताब को अपने नाम किया। मैनचेस्टर की तरफ से फाइनल में निको ओ'रेली ने दूसरे हाफ में चार मिनट के अंदर दो गोल करते हुए टीम को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। मैनचेस्टर सिटी ने यह 9वीं लीग ट्रॉफी जीती है। सिटी से ज्यादा खिताब अब सिर्फ लिवरपूल के नाम है। पेप गार्डियोला ने मैनचेस्टर सिटी मैनेजर के तौर पर यह मशहूर ट्रॉफी पांच बार जीती है, जो इंग्लिश फुटबॉल में एक रिकॉर्ड है। वह इस प्रतियोगिता में सबसे ज्यादा सफलता पाने वाले मैनेजर के तौर पर ब्रायन क्लॉ, सर एलेक्स फर्ग्यूसन और जोस मोरिन्हो (जिन्होंने सभी ने चार-चार जीते) से आगे निकल गए हैं। काराबाओ कप सिटी बॉस के तौर पर पेप की पहली ट्रॉफी थी, जिसमें उन्होंने 2018 में आर्सेनल को 3-0 से हराया था।  उन्होंने अब उस विरासत में एक और नाम जोड़ लिया है और 1960 में प्रतियोगिता की शुरुआत के बाद से सबसे सफल मैनेजर बन गए हैं। हाफ टाइम के बाद सिटी ने आर्सेनल के मुकाबले ज्यादा बेहतर खेल दिखाया। मैनचेस्टर सिटी ने आर्सेनल को वापसी करने का कोई मौका नहीं दिया। आर्सेनल की टीम खिताबी मुकाबले में संघर्ष करती हुई नजर आई, जिसका पूरा फायदा सिटी ने उठाया। पूरे सीजन मैनचेस्टर सिटी की शानदार कप्तानी करने वाले कप्तान बर्नार्डो सिल्वा ने टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने टीम की इस सफलता को सभी के लिए खास पल बताया। उन्होंने कहा, "यह सिटी में सभी के लिए बहुत गर्व का पल है। हमें यह प्रतियोगिता पसंद है और इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करने वाले आर्सेनल को हराकर इसे जीतना वाकई खास है। मैनचेस्टर सिटी अब एक इंटरनेशनल ब्रेक पर होगी। टीम अब अपना अगला मुकाबला 4 अप्रैल को एफए कप के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में लिवरपूल के खिलाफ खेलेगी। गार्डियोला की टीम अगले हफ्ते चेल्सी में होने वाले प्रीमियर लीग पर ध्यान देगी। मैनचेस्टर सिटी प्रीमियर लीग टाइटल की दौड़ में बनी हुई है। गार्डियोला की टीम अभी टॉप पर काबिज आर्सेनल से 9 प्वाइंट पीछे है और उन्हें अभी एक मुकाबला खेलना है।

अफ्रीका सीरीज के लिए टीम इंडिया का चयन, अनुष्का शर्मा की एंट्री पर सभी की नजरें

मुंबई भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अगले महीने होने वाली पांच मैचों की विमेंस टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान 24 मार्च (मंगलवार) को कर दिया. यह टी20 सीरीज साउथ अफ्रीकी धरती पर 17 अप्रैल से शुरू होकर 27 अप्रैल तक खेली जाएगी।  टीम की कमान एक बार फिर अनुभवी कप्तान हरमनप्रीत कौर के हाथों में होंगी, जबकि स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना उप-कप्तान की भूमिका निभाएंगी. बल्लेबाजी विभाग में शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष, भारती फुलमाली और उमा छेत्री जैसी खिलाड़ी टीम को मजबूती देंगी।  इस स्क्वॉड की सबसे बड़ी खास बात अनुष्का शर्मा का चयन है, जिन्हें पहली बार भारतीय टीम में जगह मिली है. महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2026 में गुजरात जायंट्स के लिए खेलते हुए अनुष्का ने शानदार प्रदर्शन किया था. दाएं हाथ की बल्लेबाज अनुष्का ने 7 पारियों में 25.28 की औसत से 177 रन बनाए, साथ ही उनका स्ट्राइक रेट 129.19 रहा।  अनुष्का शर्मा कर पाएंगी डेब्यू? हालांकि अनुष्का शर्मा की टीम प्लेऑफ में दिल्ली कैपिटल्स से हारकर फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी. लेकिन 22 साल की अनुष्का ने अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींचा. अनुष्का घरेलू विमेंस क्रिकेट में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करती हैं. अब अनुष्का साउथ अफ्रीका दौरे पर भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू कर सकती हैं।  दीप्ति शर्मा के साथ श्रेयंका पाटिल और श्री चरणी स्पिन विभाग को मजबूत बनाएंगी. वहीं तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट की जिम्मेदारी रेणुका ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और क्रांति गौड़ संभालेंगी. सीरीज के पहले दो मुकाबले 17 और 19 अप्रैल को डरबन में खेले जाएंगे. इसके बाद 22 और 25 अप्रैल को जोहानिसबर्ग में मैच होंगे, जबकि आखिरी मुकाबला 27 अप्रैल को बेनोनी में खेला जाएगा।  भारतीय टीम: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना (उप-कप्तान), शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स, दीप्ति शर्मा, ऋचा घोष (विकेटकीपर), अरुंधति रेड्डी, रेणुका ठाकुर, क्रांति गौड़, श्री चरणी, श्रेयंका पाटिल, काश्वी गौतम, भारती फुलमाली, उमा छेत्री (विकेटकीपर) और अनुष्का शर्मा। 

सीएम योगी देंगे रिंकू सिंह को रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर का नियुक्ति पत्र, आज होगा नियुक्ति का ऐलान

 लखनऊ क्रिकेट के मैदान पर अपने दमदार खेल से पहचान बनाने वाले रिंकू सिंह अब नई भूमिका में नजर आने वाले हैं. उन्हें यूपी में सरकारी नौकरी मिल जाएगी. उत्तर प्रदेश सरकार उन्हें रीजनल स्पोर्ट्स ऑफिसर का नियुक्ति पत्र सौंपने जा रही है, जहां वे खेल के विकास में प्रशासनिक जिम्मेदारी निभाएंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें यह नई जिम्मेदारी देंगे।  वैसे लखनऊ में आज का दिन खेल जगत के लिए खास होने जा रहा है. रिंकू के अलावा खेल के मैदान पर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को भी अब प्रशासनिक जिम्मेदारी भी सौंपी जाएगी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज के समारोह में क्रिकेट, हॉकी, एथलेटिक्स और पैरालिंपिक जैसे विभिन्न खेलों से जुड़े कुल 14 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र देंगे।  अलीगढ़ की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट तक का सफर तय करने वाले रिंकू सिंह की कहानी अब एक नए मोड़ पर पहुंच रही है. लंबे समय तक घरेलू क्रिकेट में मेहनत करने के बाद उन्होंने आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाई. अब वही रिंकू प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ खेलों के विकास में योगदान देंगे. हाल के दिनों में उनके निजी जीवन में भी काफी उतार-चढ़ाव आए. उनके पिता का निधन हुआ, लेकिन उस कठिन समय में भी उन्होंने खेल से दूरी नहीं बनाई और टीम के साथ जुड़े रहे. उनके इस जज्बे की खेल प्रेमियों ने खुलकर तारीफ की थी. इसी बीच उनकी निजी जिंदगी भी चर्चा में रही. उनकी सगाई सपा सांसद प्रिया सरोज से हो चुकी है और समारोह में कई बड़े राजनीतिक चेहरे शामिल हुए थे, जिनमें अखिलेश यादव भी मौजूद रहे. अब लोगों को उनकी शादी का इंतजार है।  रिंकू सिंह की नौकरी पर हो चुका है विवाद  दरअसल, रिंकू सिंह को जनवरी 2025 में खेल कोटे के तहत बेसिक शिक्षा विभाग में बीएसए बनाने का निर्णय लिया गया था. विशेष नियमावली 2022 के तहत उनका चयन प्रस्तावित था और उन्हें जरूरी दस्तावेज पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए थे. हालांकि, उस समय उनकी शैक्षिक योग्यता को लेकर विवाद खड़ा हो गया, जिसके चलते प्रक्रिया पर रोक लग गई थी. अब सरकार ने नई भूमिका तय करते हुए उन्हें खेल विभाग में जिम्मेदारी देने का फैसला किया है।  अन्य खिलाड़ियों को भी बड़ी जिम्मेदारी इस समारोह में सिर्फ रिंकू सिंह ही नहीं, बल्कि कई अन्य खिलाड़ियों को भी अहम पद दिए जाएंगे. हॉकी में प्रदेश का नाम रोशन करने वाले राजकुमार पाल को उत्तर प्रदेश पुलिस में डिप्टी एसपी बनाया जाएगा. पेरिस पैरालिंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले प्रवीण कुमार को भी डिप्टी एसपी के पद पर नियुक्ति मिलेगी. उनकी उपलब्धि को देशभर में सराहा गया था और अब उन्हें प्रशासनिक जिम्मेदारी भी दी जा रही है. वहीं, पैरालिंपिक में रजत पदक जीतने वाले अजीत सिंह को जिला पंचायत राज अधिकारी बनाया जाएगा. 200 मीटर रेस में कांस्य पदक जीतने वाली सिमरन को भी इसी विभाग में जिम्मेदारी दी जाएगी. इसके अलावा 100 और 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल जीतने वाली प्रतिपाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) बनाया जाएगा।  सम्मान और अवॉर्ड भी सरकार की इस पहल का दूसरा महत्वपूर्ण हिस्सा खिलाड़ियों का सम्मान है. राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 9 खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई अवॉर्ड से नवाजा जाएगा. यह अवॉर्ड प्रदेश के खेल जगत में एक प्रतिष्ठित पहचान माना जाता है और इसे पाने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक प्रोत्साहन के साथ सामाजिक सम्मान भी मिलता है. स्पोर्ट्स अफसरों का कहना है कि इस पूरे आयोजन को केवल नियुक्तियों तक सीमित करके नहीं देखा जा सकता. यह प्रदेश की खेल नीति का एक अहम संदेश भी देता है कि जो खिलाड़ी मैदान में मेहनत करते हैं, उन्हें भविष्य की सुरक्षा और सम्मान भी मिलेगा. सरकार का मानना है कि इससे युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित किया जा सकेगा. जब खिलाड़ी यह देखेंगे कि उनके प्रदर्शन के आधार पर उन्हें स्थायी रोजगार और सम्मान मिल सकता है, तो वे खेल को करियर के रूप में अपनाने के लिए और प्रेरित होंगे। 

4 टेस्ट मैचों की ऐतिहासिक सीरीज में भिड़ेंगे ऑस्ट्रेलिया-न्यूज़ीलैंड

मेलबर्न न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ पहली बार चार-मैच की टेस्ट सीरीज और बांग्लादेश के ख़िलाफ दो-टेस्ट सीरीज ऑस्ट्रेलिया की बिज़ी इंटरनेशनल गर्मियों की खास बातें हैं, जिसमें 14 जगहों पर पुरुषों और महिलाओं के क्रिकेट के 27 इंटरनेशनल मैच शामिल हैं। सीज़न की शुरुआत उत्तर में बांग्लादेश के अगस्त में डार्विन और मैके में दो टेस्ट मैचों के दौरे से होगी, जिसके बाद महिलाओं की टीम के लिए तीन वनडे और तीन टी20 मैचों का एक व्हाइट-बॉल लेग होगा, जो सभी ब्रिस्बेन और सिडनी में होस्ट किए जाएँगे। नवंबर में इंग्लैंड का व्हाइट-बॉल टूर होगा, जिसमें तीन मेन्स वनडे और पांच मैचों की टी20 सीरीज़ शामिल है। वनडे पर्थ, एडिलेड और होबार्ट में खेले जाएंगे, जबकि टी20 मेलबर्न, गोल्ड कोस्ट, ब्रिस्बेन, सिडनी और कैनबरा में होंगे। गर्मियों का सबसे खास समय न्यूज़ीलैंड के खिलाफ ऐतिहासिक चार-टेस्ट सीरीज़ के आसपास रहेगा, जो दिसंबर की शुरुआत से जनवरी की शुरुआत तक चलेगी। चार टेस्ट पर्थ, एडिलेड, मेलबर्न और सिडनी में खेले जाएंगे। इसके बाद महिला टीम फरवरी और मार्च में तीन टी20 और तीन वनडे के लिए न्यूज़ीलैंड की मेजबानी करेगी, जिसके बाद गर्मियों का अंत 11 से 15 मार्च तक एमसीजी में ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की मेन्स टीमों के बीच एक बार के 150वीं एनिवर्सरी टेस्ट के साथ होगा।  

भारत का क्रिकेट कैलेंडर ठसाठस, 18 महीने तक लगातार खेल, खिलाड़ियों को नहीं मिलेगा आराम

नई दिल्ली भारत का क्रिकेट कैलेंडर ठसाठस?… अब यह सवाल नहीं, हकीकत बन चुका है. आने वाले 15 से 18 महीनों में टीम इंडिया का शेड्यूल इतना व्यस्त है कि खिलाड़ियों के पास सांस लेने तक की फुर्सत नहीं दिखती. आईपीएल से लेकर द्विपक्षीय सीरीज, एशियन गेम्स और फिर वर्ल्ड कप- क्रिकेट का यह सिलसिला बिना ब्रेक के चलता नजर आ रहा है।  जून में आयरलैंड दौरे के ऐलान ने इस व्यस्तता पर आखिरी मुहर लगा दी है. दो टी20 मैचों की यह छोटी सी सीरीज भी बड़े कार्यक्रमों के बीच इस तरह फिट की गई है कि खिलाड़ियों के लिए आराम का स्पेस और सिकुड़ गया है।  पैसा, पावर और प्रेशर भारतीय क्रिकेट की सबसे बड़ी ताकत उसकी बाजार वैल्यू है. यही वजह है कि दुनिया भर के क्रिकेट बोर्ड भारत के साथ सीरीज खेलने को प्राथमिकता देते हैं. हर कोई चाहता है कि टीम इंडिया उनके देश आए, क्योंकि इससे प्रसारण और कमाई दोनों बढ़ती है।  लेकिन इस ‘डिमांड’ का सीधा असर खिलाड़ियों पर पड़ता है. लगातार क्रिकेट, लंबी यात्राएं और अलग-अलग फॉर्मेट- यह सब मिलकर मानसिक और शारीरिक थकान को बढ़ाते हैं।  बीसीसीआई ने इस दबाव को कम करने के लिए तीन अलग-अलग टीमों का फॉर्मूला अपनाया है- टेस्ट, वनडे और टी20 के लिए अलग खिलाड़ी. इससे कुछ हद तक राहत जरूर मिलती है, लेकिन पूरी तरह नहीं।  स्टार खिलाड़ी, खासकर ऑल-फॉर्मेट प्लेयर्स, अब भी सबसे ज्यादा दबाव में रहते हैं. उन्हें एक सीरीज खत्म होते ही दूसरी के लिए तैयार रहना पड़ता है।  IPL से शुरू होगा मैराथन 28 मार्च से शुरू होने वाला आईपीएल इस मैराथन की शुरुआत है. 65 दिनों तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट का सिलसिला शुरू हो जाएगा।  जून में अफगानिस्तान सीरीज, फिर आयरलैंड, उसके बाद इंग्लैंड दौरा… हर महीने टीम मैदान पर होगी. अगस्त-सितंबर में बांग्लादेश और श्रीलंका दौरे की संभावना है. फिर एशियन गेम्स और उसके बाद न्यूजीलैंड का लंबा दौरा. साल के अंत में घरेलू सीरीज और 2027 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट सीरीज- यह सब मिलकर कैलेंडर को पूरी तरह भर देते हैं।  इन सभी सीरीज का असली मकसद 2027 वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी है. उससे पहले एशिया कप भी खेला जाना है. यानी टीम इंडिया के पास प्रयोग करने के मौके तो होंगे, लेकिन आराम के नहीं।  सबसे बड़ा सवाल इतने व्यस्त शेड्यूल के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है- क्या खिलाड़ी इस दबाव को झेल पाएंगे? वर्कलोड मैनेजमेंट, रोटेशन पॉलिसी और बेंच स्ट्रेंथ अब सिर्फ रणनीति नहीं, मजबूरी बन चुके हैं।  भारत का क्रिकेट कैलेंडर अब सिर्फ भरा हुआ नहीं, बल्कि ठसाठस है. मैदान पर रोमांच बढ़ेगा, रिकॉर्ड बनेंगे, लेकिन इसके पीछे खिलाड़ियों की थकान और दबाव की कहानी भी उतनी ही बड़ी होगी। 

एमएलएस: इंटर मियामी ने न्यूयॉर्क सिटी को 3-2 से हराया

न्यूयॉर्क इंटर मियामी सीएफ ने अपनी जीत की लय को बरकरार रखा है। टीम ने रोमांचक मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए न्यूयॉर्क सिटी एफसी को 3-2 से हराया। एमएलएस रेगुलर सीजन में यह इंटर मियामी की लगातार चौथी जीत है। इंटर मियामी के डिफेंडर गोंजालो लुजा, माइकल और कप्तान लियोनेल मेसी द्वारा किए गए गोल ने इंटर मियामी की जीत में अहम योगदान दिया। इंटर मियामी ने मैच के चौथे मिनट में ही बढ़त बनाई। टीम की तरफ से पहला गोल गोंजालो लुजान ने किया। टेलास्को जोस सेगोविया द्वारा किए गए प्रयास के विफल रहने के बाद लुजान ने रिबाउंड का फायदा उठाते हुए इंटर मियामी को 1-0 की बढ़त दिलाई। हालांकि, न्यूयॉर्क सिटी एफसी ने जोरदार वापसी की और मैच के 17वें मिनट में निकोलस फर्नांडीज के गोल से स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। इसके बाद मेसी ने गोल करने के दो मौके बनाए, लेकिन उन्हें सफलता हाथ नहीं लगी। पहले हाफ के बाद स्कोर 1-1 की बराबरी पर रहा। हालांकि, मेजबान टीम ने मैच के 59वें मिनट में अगस्टिन ओजेडा के गोल से बढ़त बना ली। इसके तुरंत बाद मेसी ने 61वें मिनट में इंटर मियामी के लिए गोल दागते हुए स्कोर को फिर से 2-2 से बराबर कर दिया। मेसी ने फ्री किक पर इस रेगुलर सीजन का अपना चौथा गोल किया। इंटर मियामी ने 74वें मिनट में अपनी बढ़त वापस पा ली, जब बॉक्स के दाएं छोर से माइकल ने एक जोरदार हेडर से एलन के पिच के बाईं तरफ से मिले सटीक क्रॉस का फायदा उठाया। यह गोल माइकल का इंटर मियामी के खिलाड़ी के तौर पर पहला गोल रहा, जबकि इस लीग कैंपेन में एलन का यह दूसरा असिस्ट था। इंटर मियामी के डिफेंस ने शानदार प्रदर्शन किया और न्यूयॉर्क सिटी को वापसी करने का मौका नहीं दिया। न्यूयॉर्क सिटी की तरफ से मुकाबले के 90वें मिनट में टैलेस मैग्नो ने गोल करने का प्रयास किया, लेकिन अयाला ने उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद सेंट क्लेयर ने स्टॉपेज टाइम के पांचवें मिनट में एडेन ओ’नील के हेडर को बचाया। न्यूयॉर्क सिटी आखिरकार 2-3 का स्कोरलाइन नहीं बदल सकी और इंटर मियामी ने यांकी स्टेडियम में 3 प्वाइंट्स अर्जित किए। इंटर मियामी इस सीजन का अपना पहला घरेलू मैच 4 अप्रैल को ऑस्टिन एफसी की मेजबानी में खेलेगा, जो नु स्टेडियम में ऐतिहासिक उद्घाटन मैच होगा।