samacharsecretary.com

अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में शानदार प्रदर्शन से विहान मल्होत्रा ने खींचा सबका ध्यान

पटियाला. अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप 2026 में विहान मल्होत्रा ने अपने शानदार और जिम्मेदाराना प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा। प्रतिभाशाली ऑलराउंडर बल्लेबाज ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नाबाद 109 रन की मैच जिताऊ पारी खेलकर टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। वहीं विहान ने बांग्लादेश के खिलाफ मैच में बांग्लादेशी बल्लेबाजों को अपनी फिरकी पर ऐसा फंसाया कि चार ओवर में चार विकेट चटका दिए। इसी से उन्हें दोनों मैचों में प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। संकट की स्थिति में टीम को संभालने की उनकी क्षमता, संयमित बल्लेबाजी और लंबे समय तक क्रीज पर टिके रहने की कला ने उन्हें भारतीय अंडर-19 टीम के भरोसेमंद खिलाड़ियों में शामिल कर दिया। जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक उनकी तकनीक, धैर्य और मैच फिनिश करने की क्षमता का बेहतरीन उदाहरण रहा, जिसने उन्हें टूर्नामेंट के उभरते सितारों में शामिल कर दिया। उनके कोच व अन्य क्रिकेटरों ने अंडर-19 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट जीतने वाली टीम के सदस्य पटियाला के विहान मल्होत्रा की पटियाला में क्रिकेट कोचिंग अकेडमी क्रिकेट हब में भारतीय जीत का जश्न मनाया।

पंजाब में अब रिटायर्ड SI की पत्नी को गोली मारी

होशियारपुर. पंजाब के होशियारपुर जिले के एक गांव में एक रिटायर्ड पुलिसकर्मी की पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को लेकर पुलिस ने बताया कि शनिवार सुबह पंजाब के होशियारपुर जिले के एक गांव में मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति ने 62 साल की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि महिला, जो पंजाब पुलिस के एक रिटायर्ड सब-इंस्पेक्टर की पत्नी थी, मेहंदवानी गुजरां गांव में पास के धार्मिक स्थल भूरी वालेयां दी कुटिया में माथा टेककर घर लौट रही थी। तभी एक अज्ञात हमलावर ने उस पर कई गोलियां चलाईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने बताया कि सिविल अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। घटना के बाद हमलावर अपनी बाइक पर फरार हो गया। मृतका के पति, शाम लाल, पंजाब पुलिस से असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर के पद से रिटायर हुए थे। DSP दलजीत सिंह खाख ने कहा कि हमलावर का पता लगाने और उसे गिरफ्तार करने के लिए इलाके के CCTV कैमरे की फुटेज खंगाली जा रही है। अधिकारी ने बताया कि अब तक कोई गैंगस्टरों का एंगल सामने नहीं आया है, और हत्या के पीछे के मकसद का पता लगाया जा रहा है।  आप नेता की हत्या इससे पहले जालंधर में शुक्रवार तड़के आम आदमी पार्टी के नेता और प्रॉपर्टी डीलर लक्की ओबेरॉय की गोलियां मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें काले रंग की हुडी पहने एक शख्स ने लक्की को उस दौरान बिल्कुल पास से गोली मारी, जब वह गुरुद्वारा साहिब के पास अपनी कार में बैठे थे। उन्हें कई गोलियां लगी थी, जिसके बाद अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

अमृतसर हवाई अड्डे में संदिग्ध ड्रोन से मचा हड़कंप

अमृतसर. अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां संदिग्ध ड्रोन की गतिविधि देखे जाने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियां और एयरपोर्ट प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 5 फरवरी की रात को हुई, जब रात करीब 9 बजे हवाई अड्डे के आसपास एक ड्रोन उड़ता हुआ दिखाई दिया। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए करीब एक घंटे के लिए हवाई अड्डे को पूरी तरह बंद कर दिया। इस गतिविधि का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा। शारजाह से अमृतसर आ रही फ्लाइट को सुरक्षा कारणों से चंडीगढ़ डायवर्ट कर दिया गया। इसके साथ ही मलेशिया एयरलाइंस की उड़ान को भी दूसरे हवाई अड्डे पर भेजना पड़ा। फिलहाल प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है और सुरक्षा एजेंसियां ड्रोन की पहचान व उसके संचालन से जुड़े लोगों का पता लगाने में जुटी हैं। 

पंजाब में नए DC रेट से कर्मचारियों की बढ़ेगी Salary

पटियाला. पंजाब सरकार ने राज्य में संशोधित न्यूनतम वेतन (डीसी रेट) को लागू करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके तहत सरकारी विभागों में आउटसोर्स पर काम करने वाले कर्मचारियों के साथ-साथ निजी क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के वेतन में बढ़ोतरी होगी। लुधियाना सहित प्रदेश के सभी जिलों में डीसी रेट सितंबर 2025 में संशोधित किए गए थे, लेकिन अब लेबर डिपार्टमेंट की मंजूरी के बाद इन्हें एक सितंबर 2025 से बैकडेट लागू कर दिया गया है। इससे लाखों कर्मचारियों को सितंबर से अब तक का एरियर भी मिलेगा। संशोधित दरों के अनुसार महंगाई भत्ते में वृद्धि के कारण कर्मचारियों के मासिक वेतन में करीब ₹336 से ₹439 तक की बढ़ोतरी हुई है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि सभी सरकारी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे आउटसोर्स और डीसी रेट पर कार्यरत कर्मचारियों को बकाया राशि का भुगतान करें, वहीं निजी संस्थानों को भी इन दरों का पालन करना अनिवार्य होगा। नए रेट के तहत अनस्किल्ड कर्मचारियों का वेतन ₹11,389 से बढ़कर ₹11,726, सेमी-स्किल्ड का ₹12,169 से ₹12,506, स्किल्ड का ₹13,066 से ₹13,403 और हाई-स्किल्ड कर्मचारियों का वेतन ₹14,098 से बढ़कर ₹14,435 कर दिया गया है। इसके अलावा सरकारी विभागों और बोर्डों में आउटसोर्स स्टाफ की विभिन्न कैटेगरी में भी वेतन में इजाफा किया गया है। कृषि क्षेत्र से जुड़े अकुशल श्रमिकों के वार्षिक वेतन में भी सीधी बढ़ोतरी की गई है, जिससे उनका सालाना वेतन अब ₹79,107 से अधिक हो गया है। वहीं ईंट-भट्टा मजदूरों के पीस रेट में भी लगभग ₹28 प्रति हजार ईंट की वृद्धि दर्ज की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि कोई भी सरकारी या निजी संस्था तय डीसी रेट से कम वेतन नहीं दे सकती। नियमों का उल्लंघन करने या साप्ताहिक छुट्टी न देने पर संबंधित संस्थान के खिलाफ श्रम कानूनों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

होली पर पंजाब से यूपी-बिहार जाने वाली ट्रेनें एक महीने पहले ही फुल

जालंधर. होली पर्व को लेकर अभी से ट्रेनें फुल हो गई हैं। इस वजह से होली पर उत्तर प्रदेश और बिहार घर लौटने वाले यात्रियों की चिंताएं बढ़ गई हैं, क्योंकि उन्हें ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रही और कईयों में तो वेटिंग भी फुल हो जाने के कारण विंडो बंद हो गई है। इस वजह से अभी से ही रेलवे स्टेशनों के टिकट काउंटरों पर भी रोजाना टिकट बुकिंग करवाने वालों का तांता लगा हुआ है। पर कंफर्म सीट न मिल पाने की वजह से उन्हें निराशा ही मिल रही है। वहीं, दूसरी तरफ रेलवे की तरफ से भी हर साल होली स्पेशल ट्रेनें चलाई जाती हैं और अभी तक उसे लेकर भी कोई खास घोषणाएं नहीं हैं। तिथि             ट्रेन नंबर     ट्रेन का नाम       वेटिंग स्टेटस 27 फरवरी     15708     कटिहार एक्सप्रेस     68 27 फरवरी     14674     शहीद एक्सप्रेस     76 27 फरवरी     15934     अमृतसर-तिनसुकिया एक्सप्रेस     77 27 फरवरी     14692     मौर ध्वज एक्सप्रेस     78 28 फरवरी     15708     कटिहार एक्सप्रेस     75 01 मार्च     15708     कटिहार एक्सप्रेस     105 01 मार्च     12588     गोरखपुर स्पेशल     नो-मोर बुकिंग 01 मार्च     14674     शहीद एक्सप्रेस     128 01 मार्च     12204     गरीब रथ एक्सप्रेस     65 02 मार्च     15708     कटिहार एक्सप्रेस     92 02 मार्च     14650     सरयू यमुना एक्सप्रेस     120 03 मार्च     15708     कटिहार एक्सप्रेस     55 03 मार्च     14674     शहीद एक्सप्रेस     52

स्कूल शिक्षा बोर्ड की चेतावनी- बिजनेस आइडिया जमा नहीं करने पर रुकेगा Students का रिजल्ट

जालंधर. पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB) से जुड़े प्राइवेट स्कूलों के लिए बड़ी खबर है। बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि अगर तय समय सीमा में इंटरप्रेन्योरशिप प्रोजेक्ट के तहत बिजनेस आइडिया जमा नहीं किए गए, तो संबंधित स्कूलों के छात्रों के बोर्ड परीक्षा परिणाम रोके जा सकते हैं। विभाग ने कहा कि, 11वीं और 12वीं कक्षा का परिणाण रोका जा सकता है। जानकारी के अनुसार, पंजाब सरकार की ओर से शुरू किए गए इंटरप्रेन्योर प्रोजेक्ट को कई एफिलिएटेड और एसोसिएटेड स्कूलों ने गंभीरता से नहीं लिया। बोर्ड के पास बड़ी संख्या में स्कूलों से अभी तक बिजनेस आइडिया नहीं पहुंचे हैं, जिसके चलते शिक्षा विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव द्वारा प्राइवेट स्कूल प्रिंसिपलों को नोटिस जारी कर साफ कहा गया है कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिन स्कूलों ने अब तक प्रोजेक्ट के तहत कम से कम एक बिजनेस आइडिया सबमिट नहीं किया, उन्हें तुरंत प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। बोर्ड ने सभी स्कूल प्रिंसिपलों को 9 फरवरी 2026 तक का अंतिम समय दिया है। तय तारीख तक छात्रों से बिजनेस आइडिया लेकर बोर्ड को भेजना अनिवार्य किया गया है। तकनीकी सुविधा के लिए PSEB ने एक व्हाट्सएप नंबर (+91 9513477756) भी जारी किया है। स्कूलों को इसी नंबर पर मैसेज भेजकर रजिस्ट्रेशन करना होगा और पूरी जानकारी ऑनलाइन साझा करनी होगी। प्रत्येक स्कूल को कम से कम एक बिजनेस आइडिया जमा करना जरूरी बताया गया है।

AAP नेता लक्की ओबेरॉय की बदमाशों ने गोली मारकर की दिनदहाड़े हत्या

जालंधर. जालंधर के मॉडल टाउन में शुक्रवार को दिनदहाड़े आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबेरॉय की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार लकी ओबेरॉय किसी निजी कार्य से मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब के पास गए हुए थे। वह अपनी थार गाड़ी में बैठे थे, तभी अचानक कुछ हमलावर वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने बेहद नजदीक से करीब 13 गोलियां चलाईं, जो लक्की ओबेरॉय को लगीं। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें तुरंत श्री राम स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही शहर के कई राजनीतिक नेता और समर्थक अस्पताल व मौके पर पहुंच गए। एडीसीपी जयंत पुरी सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। इलाके में दहशत का माहौल है। सुखबीर बादल ने पंजाब सरकार पर कसा तंज सुखबीर बादल ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी सरकार पर एक बार फिर तीखा हमला बोला है। सुखबीर बादल ने ट्वीट कर कहा कि, ''राज्य में अपराध बेलगाम हो चुके हैं और हालात इतने खराब हैं कि सत्तारूढ़ पार्टी के अपने नेता भी सुरक्षित नहीं हैं।  आम आदमी पार्टी के नेता अपनी ही सरकार में सुरक्षित नहीं है। आज ही जालंधर के माडल टाऊन में गुरुद्वारा साहिब के बाहर आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबराए की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कानून-व्यवस्था की नाकामी का बड़ा सबूत है। यह घटना साफ दर्शाती है कि अपराधियों में कानून का कोई डर नहीं रह गया है। सुखबीर बादल ने आगे कहा कि 2026 में ही अब तक करीब 25 हत्याएं हो चुकी हैं, जबकि महीने के पहले सप्ताह में ही 9 हत्याओं के मामले सामने आए थे। ये वारदातें किसी एक जगह तक सीमित नहीं हैं- ये हर जगह हो रही हैं, चाहे वह कोर्ट कॉम्प्लेक्स हो, व्यस्त बाज़ार हो, शादी का वेन्यू हो या गुरुद्वारा साहिब के बाहर ही क्यों न हो। सरकार और पुलिस की ओर से बार-बार गैंगस्टरों के खिलाफ अभियान चलाने के दावों पर भी सवाल उठाए गए हैं। विपक्ष का कहना है कि जमीनी हकीकत में हालात इसके उलट नजर आ रहे हैं और अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान मौजूदा हालात शासन नहीं बल्कि अराजकता को दर्शाते हैं। आप एक और दिन भी कुर्सी पर रहने के लायक नहीं हैं। 

बठिंडा में पुलिस ने आधी रात दबिश देकर कई किसान नेताओं को लिया हिरासत में

बठिंडा. पंजाब के बठिंडा में चाऊके आदर्श स्कूल संघर्ष से जुड़े किसान नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर आज बठिंडा में प्रस्तावित पक्के मोर्चे से पहले प्रशासन और किसान संगठनों के बीच टकराव की स्थिति बन गई है। पक्का मोर्चा विफल करने के उद्देश्य से पुलिस ने तड़के बड़े स्तर पर किसान नेताओं के घरों पर छापेमारी की, जिसमें कई नेताओं को हिरासत में लिया गया है। जानकारी के अनुसार पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (एकता) उगराहां से जुड़े दो किसान नेताओं—कुलविंदर सिंह ग्याना और फौजी महिमा—को हिरासत में लिया है। इसके अलावा अजैब सिंह जखेपल और कर्मजीत सिंह मंगवाल को भी पुलिस ने काबू किया है। वहीं जिला प्रधान शिंगारा सिंह मान, वरिष्ठ नेता जगदेव सिंह जोगेवाला, जगसीर सिंह झुंबा, गुलाब सिंह जिउंद, अमरीक सिंह सिवियां और लखबीर सिंह मान सहित करीब एक दर्जन नेताओं के घरों पर दबिश दी गई, लेकिन अधिकांश नेता पहले ही भूमिगत हो चुके थे। यूनियन के अनुसार आधी रात के बाद घराचों, महलां, गंडुआं और उगराहां सहित कई गांवों में पुलिस कार्रवाई की गई। प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां के घर भी छापेमारी हुई, हालांकि वे वहां नहीं मिले। यूनियन ने सोशल मीडिया पर पुलिस कार्रवाई की सीसीटीवी फुटेज साझा करते हुए आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक विरोध को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। नेताओं ने भुच्चो खुर्द में इकट्‌ठे होने का लिया निर्णय बताया जा रहा है कि कल जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में किसानों ने डीसी कार्यालय का घेराव करने के बजाय भुच्चो खुर्द में एकत्र होने का निर्णय लिया था, लेकिन तड़के हुई कार्रवाई के बाद यूनियन ने रणनीति में बदलाव किया है। इधर धरना स्थल भुच्चो खुर्द को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसान नेता की रिहाई की मांग यूनियन नेताओं ने बताया कि पूरा संघर्ष बलदेव सिंह चाऊके और सगनदीप सिंह जिउंद की रिहाई को लेकर है, जो पिछले नौ महीनों से बठिंडा जेल में बंद हैं। यूनियन का आरोप है कि दोनों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए हैं। नेताओं ने स्पष्ट किया है कि जब तक रिहाई नहीं होती, तब तक पक्का मोर्चा जारी रहेगा।

श्री हरमंदिर साहिब के सेवादारों की वर्दी का रंग बदला

अमृतसर. अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के सेवादारों की वर्दी का रंग बदल दिया गया है। अब गहरे पीले और नीले चोले के साथ सफेद पजामा, और चोले के रंग के विपरीत पगड़ी होगी। प्रबंधक भगवंत सिंह धंगेड़ा ने बताया कि यह बदलाव श्रद्धालुओं को सेवादारों की पहचान करने में आसानी के लिए किया गया है। सेवादार दो दिन पीला और दो दिन नीला चोला पहनेंगे। बता दें, श्री हरमंदिर साहिब की परिक्रमा में तैनात सेवादारों को हर साल मैनेजर गर्मी और सर्दी के मौसम के लिए यूनिफॉर्म देते हैं। हैरानी की बात यह है कि जब भी कोई मैनेजर बदलता है, तो वह अपनी सोच के हिसाब से सेवादारों के लिए यूनिफॉर्म का रंग भी बदल देता है। अब तक पीला-नीला चोला, सफेद पजामा, पीली, नीली और काली पगड़ी और हाथ में कमरकस्सा वाली बेल्ट के साथ हाथ में भाले के साथ सेवादार की पहचान रही है। अब इस पीले और नीले चोला का रंग गहरा कर दिया गया है। इसके साथ ही सफेद पायजामा, नीले चोले के साथ पीला व पीले चोले के साथ नीली पगड़ी व हाथ में कमकस्सा और भाले के साथ बेल्ट पहनाकर सेवादार की पहचान बनाई गई है। सेवादार दो दिन पीला चोला और दो दिन नीला चोला पहनकर ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। श्री हरिमंदिर साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह धंगेड़ा ने कहा कि सेवादारों की वर्दी का रंग यूनिक रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को सेवादारों की पहचान करने में आसानी हो।

जालंधर: AAP नेता लक्की ओबोराय की हत्या, गुरुद्वारे के बाहर 5 गोलियों से मारी जान

 चंडीगढ़ पंजाब के जालंधर में आम आदमी पार्टी के नेता लक्की ओबोराय की गोली मारकर हत्या कर दी गई है. यह सनसनीखेज वारदात मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर हुई. बताया जा रहा है कि अज्ञात हमलावरों ने लक्की ओबोराय पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं, जिसमें उनके शरीर में पांच गोलियां लगीं.  गंभीर हालत में उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई. इस घटना के बाद से जालंधर शहर में डर और दहशत का माहौल है. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी.  पत्नी ने AAP के टिकट पर लड़ा था नगर निगम चुनाव   पुलिस मामले से जुड़े हर पहलू की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. जानकारी के अनुसार, लक्की ओबोराय की पत्नी ने आम आदमी पार्टी की ओर से नगर निगम चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था.  लक्की ओबोराय को कैंट हल्का की इंचार्ज राजविंदर कौर थियाडा का करीबी बताया जा रहा है. फिलहाल पुलिस घटनास्थल से सबूत जुटाने में लगी है और पूरे मामले की जांच जारी है.