samacharsecretary.com

त्योहारों को लेकर DC का बड़ा निर्देश, प्रशासन हुआ अलर्ट

अमृतसर जिला मैजिस्ट्रेट एव डिप्टी कमिश्नर साक्षी साहनी ने त्यौहारी सीजन में पटाखों की बिक्री व पटाखे चलाने संबंधी माननीय सुप्रीमो कोर्ट के आदेशानुसार प्रशासनिक निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्रशासन की तरफ से जारी अस्थायी लाइसैस धारक ही पटाखों की बिक्री कर सकते हैं और ग्रीन पटाखे ही बेचे जा सकते हैं और ग्रीन पटाखे ही चलाए जा सकते हैं। ग्रीन पटाखे जो कि लीथियम, मरकरी, आरसैनिक, सिक्का, थोरियम साल्ट आदि के बिना बनें होंगे सिर्फ वही ग्रीन पटाखे चलाए जा सकते हैं। दीवाली व भगवान वाल्मीकि प्रकाशोत्सव पर सात 8 बजे से लेकर 10 बजे तक, गुरुपुर्व वाले दिन सुबह 4 बजे से लेकर 5 बजे तक और रात को 9 से 10 बजे तक पटाखे चलाए जा सकते हैं। इसी प्रकार से क्रिसमिस वाले दिन रात 11.55 बजे से लेकर सुबह 12.30 बजे तक नववर्ष पर रात 11.55 बजे से लेकर सुबह 12.30 बजे तक ही पटाखे चलाए जा सकते हैं। प्रशासन की तरफ से निर्धारित समय से पहले व बाद में पटाखे चलाने पर पूर्णतय प्रतिबंध है। इसके अलावा वैबसाइट-ई कामर्स आदि पर पटाखे नहीं बेचे जा सकते हैं। विवाह शादी समागम में पटाखे चलाने के लिए मैरिज पैलेस मालिक की तरफ से लाइसैंस लेना होगा, शोभा यात्रा, नगर कीर्तन, प्रभात फेरी व अन्य समागमों में पटाखे चलाने के लिए भी लाइसैंस लेना होगा।  

पुलिस पर हमला: पंजाब में SHO-ASI घायल, 35 के खिलाफ FIR

बठिंडा  बठिंडा में अपराधियों का हौसला इतना बढ़ गया कि बेखौफ वारदात को अंजाम दे रहे हैं। इसी बीच नंदगढ़ पुलिस के SHO और ASI पर तेजधार हथियारों से हमला करने की सूचना मिली है। मौके पर घायल SHO और ASI दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना देर रात की बताई जा रही  है। नंदगढ़ पुलिस के SHO रविंदर सिंह और ASI गुरमेल सिंह को सूचना मिली थी कि उनके थाने के अंतर्गत आने वाले आनंदगढ़ गांव में दाता हरि सिंह के मेले में कुछ लोग झगड़ा कर रहे हैं। जब पुलिस इसे रोकने वहां पहुंची, तो पहले से ही नशे में धुत इन लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन किसी ने पुलिस की बात नहीं मानी और उसके बाद कुछ लोगों ने SHO रविंदर सिंह पर कृपाण से हमला कर दिया और उनके साथ ASI गुरमेल सिंह पर भी हमला किया गया। जिस गाड़ी में पुलिस गई थी, उस पर भी पथराव किया गया। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हवा में फायरिंग भी की, तब जाकर भीड़ तितर-बितर हुई। घायल SHO और ASI को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से SHO के हाथ का ऑपरेशन हुआ है। पुलिस ने फिलहाल 35 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है और जल्द ही इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

कर्मचारियों की हड़ताल से पंजाब में संकट गहराया, सेवाएं ठप होने का खतरा

होशियारपुर लुधियाना में म्युनिसिपल एम्प्लॉइज एक्शन कमेटी पंजाब की बैठक में सरकार की नीतियों से तंग आए कर्मचारियों द्वारा लिए गए फैसले के बाद यहां निगम कर्मियों ने आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। नगर निगम कार्यालय में कर्मचारियों ने एकत्रित होकर सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध जताया। इस मौके पर यूनियन के सरपरस्त कुलवंत सिंह सैनी व प्रधान करणजोत अदिया ने कहा कि जब से आप सरकार सत्ता में आई है तब से कर्मियों के साथ धक्केशाही एवं उन्हें गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार तो सरकार ने कर्मचारी विरोधी फैसला लेकर जहां कारपोरेशनों एवं कौंसिलों का आर्थिक शोषण बढ़ाने का काम किया है वहीं कर्मियों को कंपनियों के आधीन करके आउटसोर्स एवं डी.सी. रेट पर रखे गए कर्मियों को बेरोजगार करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सरकार के कर्मचारी विरोधी किसी भी फैसले को लागू नहीं होने दिया जाएगा और इसी के चलते पंजाब स्तर पर अनिश्चितकालीन समय के लिए हड़ताल शुरु कर दी गई है। अगर सरकार ने कर्मचारी विरोधी फैसला वापिस न लिया तो इसके जो भी परिणाम होंगे उसके लिए आम आदमी पार्टी और सरकार जिम्मेदार होगी। इस दौरान उन्होंने पंजाब सरकार एवं लोकल बाडी मिनिस्टर विरोधी जोरदार नारेबाजी भी की। इस मौके पर सोमनाथ अदिया उपाध्यक्ष, जय गोपाल सुपरवाइजर, वरिष्ठ उपाध्यक्ष विक्रमजीत, कैलाश गिल, हरबिलास, देव बड़ैच, आशु बड़ैच, जोगिंदर पाल आदिया, अशोक कुमार, प्रदीप आदिया, प्रदीप कुमार, सनील हौरिया, पवन कुमार, सुभाष आदिया सहित आफटसोर्स, डी.सी रेट एवं सीवरेज कर्मियों ने बड़ी संख्या में हड़ताल में भाग लिया।

सीएम भगवंत मान ने लॉन्च किया ‘चढ़दी कला’ अभियान, राज्य को नई ऊर्जा देने का संकल्प

चंडीगढ़ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को ‘चढ़दी कला’ अभियान की शुरुआत करते हुए देशवासियों से अपील की कि वे बाढ़ से तबाह हुए राज्य के पुनर्निर्माण में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पंजाब ने हमेशा हर मुश्किल को ताकत में बदला है और इस बार भी ऐसा ही होगा। मान ने एक वीडियो संदेश में बताया कि इस बार आई बाढ़ 1988 के बाद की सबसे भीषण त्रासदी है। ‘करीब 2,300 गांव डूब गए, सात लाख लोग बेघर हुए और 20 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए।’ उन्होंने कहा कि बाढ़ में 56 लोगों की जान गई, 3,200 स्कूल और 19 कॉलेज क्षतिग्रस्त हुए, 1,400 क्लीनिक और कई सरकारी इमारतें बर्बाद हुईं, जबकि 8,500 किलोमीटर लंबी सड़कें और 2,500 पुल टूट गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कुल नुकसान 13,800 करोड़ रुपये से अधिक का है और गिरदावरी के बाद यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।   मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब कभी हार नहीं मानता। यहां की मिट्टी हमें सिखाती है कि संकट कितना भी बड़ा क्यों न हो, हम मजबूती से खड़े होकर और भी मजबूत बनकर निकलते हैं। उन्होंने स्थानीय युवाओं की बहादुरी को सलाम किया, जिन्होंने अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों को बचाया। मान ने धार्मिक और सामाजिक संस्थानों के योगदान को भी नमन किया, जिन्होंने प्रभावित लोगों को शरण और भोजन दिया। उन्होंने कहा कि अब वक्त है कि हम राहत से आगे बढ़कर पुनर्निर्माण की ओर कदम बढ़ाएं। ‘चढ़दी कला’ हमारी वही अडिग भावना है, जो हमें हर हाल में आगे बढ़ने की ताकत देती है।’ सीएम ने देशभर से मांगा सहयोग मुख्यमंत्री ने देशभर के नागरिकों, उद्योगपतियों, धर्मार्थ संस्थानों और कलाकारों से अपील की कि वे इस अभियान में उदारता से योगदान करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अभियान में दी गई हर पाई का इस्तेमाल पूरी पारदर्शिता और ईमानदारी से किया जाएगा। मान ने बताया कि ‘चढ़दी कला’ अभियान से जुड़ी विस्तृत जानकारी और योगदान देने की प्रक्रिया ‘रंगला डॉट पंजाब डॉट गव डॉट इन’ पोर्टल पर उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार इस अभियान को जनआंदोलन का रूप देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

रेलवे सुरक्षा पर जोर: फिरोजपुर मंडल में चला विशेष पार्सल निरीक्षण अभियान

फिरोजपुर  फिरोजपुर रेल मंडल द्वारा पार्सल के तहत बुक की जा रही वस्तुओं की निगरानी के लिए पार्सल कार्यालयों में एक माह के लिए एक विशेष पार्सल जांच अभियान 17 सितंबर 2025 से शुरू किया गया है। इस अभियान को मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार के निर्देशन में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/एफएस मनु गर्ग एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि पाण्डेय की संयुक्त अगुवाई में चलाया जा रहा है। अभियान विशेष रूप से मंडल के फिरोजपुर कैंट, लुधियाना, अमृतसर, जालंधर सिटी, जालंधर कैंट रेलवे स्टेशनों पर चलाया जा रहा है। यह अभियान बुक किये गए पार्सल और लीज पर लिए जाने वाले पार्सल दोनों पर चलाया जा रहा है। इस अभियान में, पार्सल कर्मचारी और आरपीएफ जवान द्वारा संयुक्त रूप से पार्सलों की गहन जांच की जा रही है। जांच के दौरान मिथ्या घोषित वस्तु पाए जाने पर यात्री/पार्टी पर रेलवे नियमों के अनुसार उचित कार्रवाई की जा रही है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक  मनु गर्ग ने यात्रियों/पार्सल ग्राहकों से अपील की है कि बुकिंग के समय फॉरवार्डिंग नोट में जिस सामान का जिक्र किया जाता है, वही सामान बुकिंग में होना चाहिए अन्यथा मिथ्या घोषित आइटम अथवा खतरनाक अथवा प्रतिबंधित वस्तुओं का गलत घोषणा प्रस्तुत करने पर उनके खिलाफ रेलवे नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विशेष पार्सल चेकिंग अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। फिरोजपुर मंडल रेलयात्रियों को सुरक्षित यात्रा प्रदान करने हेतु प्रतिबद्ध है।

मांगों को लेकर वेरका मिल्क व कैटलफीड आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन CM आवास घेराव की तैयारी में

चंडीगढ़  वेरका मिल्क और कैटलफीड प्लांट आउटसोर्स कर्मचारी यूनियन ने चंडीगढ़ वेरका प्लांट के गेट पर रैली की और पंजाब सरकार व मिल्कफेड प्रबंधन के खिलाफ  नारेबाजी की। यूनियन के प्रधान रूपिंदर सिंह ने बताया कि इसी तरह की रैलियां वेरका के अन्य प्लांटों में भी आयोजित की गईं। उन्होंने कहा कि लंबे समय से यूनियन की मांगें लंबित हैं और प्रबंधन पिछली बैठकों में स्वीकार की गई मांगों को भी लागू नहीं कर रहा है। जायज मांगों को मानने की बजाय पंजाब सरकार की शह पर यूनियन नेताओं को डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है। रूपिंदर सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को चंडीगढ़ में प्रबंध निदेशक राहुल गुप्ता के साथ हुई बैठक के दौरान यूनियन नेताओं को मुकदमे दर्ज करने और जेल भेजने की धमकियाँ दी गई थीं। इसके विरोध में सूबा कमेटी ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। यूनियन ने घोषणा की कि 28 सितंबर को शहीद भगत सिंह की जयंती के अवसर पर “ठेका संघर्ष मोर्चा” के बैनर तले पंजाब के मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, यूनियन ने 6 अक्टूबर 2025 से लगातार तीन दिन तक विरोध प्रदर्शन करने का भी ऐलान किया। प्रधान रूपिंदर सिंह ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी जायज़ माँगें स्वीकार नहीं होतीं, तब तक यह शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस दौरान किसी भी प्लांट को नुकसान होता है तो उसकी ज़िम्मेदारी पंजाब सरकार और वेरका प्रबंधन की होगी। इस अवसर पर पवित्र सिंह, रविंदर सिंह, इंदरजीत सिंह, हरमिंदर सिंह सहित बड़ी संख्या में सदस्य मौजूद थे।

हरियाणा की महिला आईपीएस अधिकारी अब सीबीआई में सेवाएं देंगी

चंडीगढ़ हरियाणा की महिला आईपीएस अधिकारी अब सीबीआई में सेवाएं देंगी। वर्ष 2013 बैच की आईपीएस आस्था मोदी की केंद्रीय जांच ब्यूरो में एंट्री हो गई है। आस्था मोदी एनआईए के पूर्व डीजी और सीबीआई के अतिरिक्त निदेशक वाईसी मोदी की बेटी हैं। आस्था मोदी को प्रतिनियुक्ति पर सीबीआई में पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, वह 5 वर्षों की प्रारंभिक अवधि या अगले आदेश तक इस पद पर नियुक्त रहेंगी। आस्था मोदी हरियाणा में कई जिलों में बतौर एसपी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं।

सीमा सुरक्षा बल की कार्रवाई: अमृतसर में 25 किलो हेरोइन के साथ तस्कर दबोचा गया

चंडीगढ़ अमृतसर में एक कथित मादक पदार्थ तस्कर के पास से 25 किलोग्राम से अधिक हेरोइन बरामद किया गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह बरामदगी बुधवार रात बीएसएफ और पंजाब पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए अभियान के दौरान की गई। बीएसएफ अधिकारी ने बताया कि बीएसएफ और पंजाब पुलिस के स्वापक-रोधी कार्यबल की संयुक्त टीम ने मोटरसाइकिल सवार इस व्यक्ति को रोका और उसके पास से 25.9 किलोग्राम हेरोइन के 23 पैकेटों से भरा एक बड़ा बैग बरामद किया। उन्होंने बताया कि उसके पास से एक पिस्तौल और दो मैगजीन भी बरामद की गई। अधिकारी के अनुसार, आरोपी अमृतसर के बेहरवाल गांव का निवासी है।

बेरोजगार युवाओं के लिए खुशखबरी: पंजाब सरकार देगी 2000 नौकरियां

चंडीगढ़  पंजाब के औद्योगिक विकास को और प्रोत्साहन देने और राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल तथा मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में कारोबार करने को सुगम बनाने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि हैपी फोर्जिंग्स लिमिटेड (एचएफएल) पंजाब के जिला लुधियाना में 1000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी। हैपी फोर्जिंग्ज़ लिमिटेड ऑटो और इंजीनियरिंग विशेष उत्पादों के निर्माण में एक प्रमुख इकाई है तथा देश में इंजीनियरिंग मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र की तीसरी सबसे बड़ी कंपनी है। मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने इस बात पर प्रकाश डाला कि एचएफएल कंपनी का काम घरेलू और निर्यात बाजार दोनों के लिए उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की फोर्जिंग और मशीनिंग पर केंद्रित है, जो कि वाणिज्यिक वाहन, यात्री वाहन, कृषि उपकरण, ऑफ हाईवे सेगमेंट, बिजली उत्पादन, रेलवे, तेल और गैस, विंड टरबाइन उद्योगों और रक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करता है। दिसंबर 2023 में स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध होने के बाद, एचएफएल वित्तीय वर्ष 2024-25 में 10,000 करोड़ रुपए के मार्केट कैपिटलाइजेशन और 1,409 करोड़ रुपए के राजस्व के साथ पंजाब की सबसे बड़ी सूचीबद्ध कंपनियों में से एक बनकर उभरी है। पंजाब एचएफएल के निर्माण कार्यों का प्रमुख केंद्र है संजीव अरोड़ा ने बताया कि पंजाब एचएफएल के निर्माण कार्यों का प्रमुख केंद्र है, जिसने 30 जून 2025 तक 1,500 करोड़ रुपए के पूंजी निवेश से लगभग 4000 लोगों को सीधा रोजगार दिया है। यह कंपनी भारत के साथ-साथ भारत से बाहर भी सभी प्रसिद्ध ओईएम (निम्नलिखित अनुसार )के लिये एक प्रमुख आपूर्तिकर्ता है, जो निम्नलिखित प्रमुख ग्राहकों के साथ वाणिज्यिक वाहन, कृषि उपकरण, ऑफ-हाइवे और औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करती हैः- कंपनी की भविष्य की योजना के बारे में जानकारी देते हुए आशीष गर्ग ने कहा कि एचएफएल अपने विनिर्माण क्षेत्र का विस्तार करने के लिए चरणबद्ध तरीके से 1000 करोड़ रुपए से अधिक का महत्वपूर्ण निवेश करने जा रही है। हालांकि कंपनी को अन्य राज्यों से भी निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, लेकिन एचएफएल राज्य सरकार और उसकी नीतियों में पूरा विश्वास रखते हुए पंजाब में ही अपना निवेश जारी रखना चाहती है। इस महत्वपूर्ण निवेश से राज्य में 300 से अधिक इंजीनियर पदों सहित 2000 से अधिक रोजगार के अवसर उत्पन्न होंगे। इसके अलावा कई सहायक इकाइयों के विकास को प्रोत्साहन मिलेगा और स्टील की खपत में वृद्धि होगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और सप्लाई चेन को और मजबूती मिलेगी। प्रस्तावित निवेश एशिया की सबसे आधुनिक फोर्जिंग सुविधाओं में से एक एचएफएल के मैनेजिंग डायरेक्टर आशीष गर्ग ने कहा कि यह उत्साहजनक है कि पंजाब सरकार हाल ही में बनाई गई सेक्टोरल समितियों के तहत नई औद्योगिक नीति ला रही है और हमें पूरा विश्वास है कि ये नीतियां उद्योग की जरूरतों के अनुरूप होंगी। प्रस्तावित निवेश एशिया की सबसे आधुनिक फोर्जिंग सुविधाओं (1000 किलोग्राम से 3000 किलोग्राम भार वाले एक टुकड़े का उत्पादन करने में सक्षम) में से एक होगा, जो एशिया में पहला और विश्व में दूसरा सबसे बड़ा होगा। एयरोस्पेस, रक्षा और परमाणु संबंधित क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम आशीष गर्ग ने आगे कहा कि इन क्षमताओं में निवेश से एचएफएल रणनीतिक रूप से गैर-ऑटोमोटिव औद्योगिक उत्पादों जैसे एयरोस्पेस, रक्षा और परमाणु संबंधित क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को पूरा करने में सक्षम होगा। उन्होंने यह भी कहा कि नई जीएसटी पंजीकरण के अंतर्गत प्रोत्साहनों से जुड़े तकनीकी मुद्दों के कारण कंपनी मौजूदा जीएसटी पंजीकरण के तहत ही अपने मौजूदा प्लांट के विस्तार हेतु और पूंजी निवेश करेगी। उन्होंने आगे कहा कि हम एक सफल दीर्घकालिक साझेदारी की उम्मीद कर रहे हैं।

अमृत भारत ट्रेन अब छेहरटा-सहरसा रूट पर भी दौड़ेगी

फिरोजपुर  उत्तर रेलवे के फिरोजपुर डिवीजन छेहरटा और सहरसा के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू करने जा रहा है। इस ट्रेन का नियमित संचालन होने से इस रूट पर रेलयात्रियों की यात्रा और भी सुगम और सुलभ होगी। छेहरटा और सहरसा के बीच नई अमृत भारत साप्ताहिक ट्रेन सेवा (14628) का संचालन 20 सितंबर से किया जा रहा है। न संख्या 14628 छेहरटा से सहरसा के लिए प्रत्येक शनिवार को खुलेगी। ट्रेन छेहरटा से रात्रि 22:20 बजे प्रस्थान करके लगभग 35 घंटे की यात्रा के बाद सुबह 10:00 बजे सहरसा पहुंचेगी। अमृत भारत साप्ताहिक ट्रेन 14627 का नियमित संचालन दिनांक 22 सितंबर से किया जाएगा। सहरसा से छेहरटा के लिए प्रत्येक सोमवार को ट्रेन खुलेगी। ट्रेन सहरसा से दोपहर 13:00 बजे प्रस्थान करके लगभग 38 घंटे की यात्रा के बाद सुबह 03:20 बजे छेहरटा पहुंचेगी। मार्ग में यह अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस अमृतसर, ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, सरहिंद, राजपुरा,अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, रुड़की, मुरादाबाद, चंदौसी, सीतापुर,बुढ़वल, गोंडा, मनकापुर, बस्ती, खलीलाबाद, गोरखपुर, कप्तानगंज, सिसवा बाज़ार, नरकटियागंज, सिकटा, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, सकरी, झंझारपुर, निर्मली, सरायगढ़ और सुपौल रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी। इस अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस में शयनयान (स्लीपर) श्रेणी के 8 कोच, सामान्य (जनरल) श्रेणी के 11 कोच के अलावा पैंट्री कार की सुविधा भी उपलब्ध है।