samacharsecretary.com

फर्जी सिम के सहारे करोड़ों की ठगी! पंजाब में अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़

लुधियाना. एनफोर्समैंट डायरैक्टोरेट (ई.डी.) ने साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े मामले में पंजाब के लुधियाना सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों में व्यापक कार्रवाई करते हुए कई ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई धन शोधन निवारण अधिनियम (पी.एम.एल.ए.) के तहत की गई। ईडी अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 जून को लुधियाना, किशनगढ़ (अजमेर), नागौर और जोधपुर में कुल 7 परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया गया। जांच एक ऐसे साइबर फ्रॉड नेटवर्क से जुड़ी है, जिसमें भारतीय मोबाइल नंबरों को फर्जी तरीके से सक्रिय कर मलेशियाई नागरिकों को उपलब्ध कराया गया था। बाद में इन नंबरों का इस्तेमाल कंबोडिया से संचालित साइबर ठगी के लिए किया गया। ई.डी. की जांच में सामने आया कि पॉइंट ऑफ सेल (पी.ओ.एस.) संचालकों द्वारा बड़ी संख्या में सिम कार्डों का दुरुपयोग किया गया। जांच एजैंसी के अनुसार हजारों भारतीय मोबाइल नंबरों को सक्रिय कर विदेश भेजा गया जिनका उपयोग देश के विभिन्न राज्यों में साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया गया। जांच के दौरान लगभग 2.30 लाख मोबाइल नंबरों का विश्लेषण किया गया। इनमें से करीब 36 हजार सिम कार्ड कंबोडिया में सक्रिय पाए गए, जबकि लगभग 5,300 नंबर विभिन्न साइबर ठगी के मामलों में इस्तेमाल होने के संकेत मिले। एजैंसी का अनुमान है कि इस नेटवर्क के कारण देशभर में सैकड़ों करोड़ रुपये की साइबर ठगी हुई है।

किसानों को सिंचाई की बेहतर सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध पंजाब सरकार: गज्जनमाजरा

चंडीगढ़  पंजाब के जल संसाधन एवं भूमि व जल संरक्षण मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने अमरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव माणकमाजरा और दहलीज़ खुर्द में 13 करोड़ रुपये की सिंचाई परियोजनाओं का शुभारंभ किया। इस मौके पर उनके साथ क्षेत्र के विधायक प्रो. जसवंत सिंह गज्जनमाजरा भी मौजूद रहे। इस संबंधी समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि इन परियोजनाओं से क्षेत्र के 3,832 एकड़ से अधिक कृषि योग्य क्षेत्र को पहली बार सिंचाई के लिए नहरी पानी मिलेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मुहैया कराने और भूजल पर निर्भरता घटाने के लिए वचनबद्ध है।  उन्होंने कहा कि मान सरकार का लक्ष्य नहरी पानी की हर बूंद को टेलों तक पहुंचाकर पानी, पंजाब और पंजाबियत को सुरक्षित करना और नशों से जवानी को बचाकर 'रंगला पंजाब' बनाना है।  उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने पानी के मुद्दे पर सिर्फ़ राजनीति की और पंजाब के हिस्से के पानी की रक्षा करने में विफ़ल रहीं। उन्होंने कहा, "हमारी सरकार ने राज्य के पानी की रक्षा करने के साथ-साथ नहरी ढांचे को मज़बूत करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं ताकि किसानों को लंबे समय के लिए भरोसेमंद सिंचाई सुविधाएं प्रदान की जा सकें।" कैबिनेट मंत्री ने गांव माणकमाजरा में भरी सभा को संबोधित करते हुए बताया कि कोटला ब्रांच नहर से नया भसौड़ माइनर बनाया गया है, जिसे करीब 4.07 करोड़ रुपये की लागत से कंक्रीट लाइनिंग करके पक्का किया गया है, जिससे ज़िला मालेरकोटला और संगरूर के 9 गांवों को लगभग 50-60 साल बाद नहरी पानी की सुविधा मिलेगी। इसके अलावा भसौड़ माइनर से 1.73 करोड़ रुपये की लागत से गांव दरोगेवाल और माणकमाजरा के लिए 7,640 मीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा रही है।  इस परियोजना से 1,006 एकड़ कृषि योग्य क्षेत्र को सिंचाई के लिए पहली बार नहरी पानी मिलेगा। इसी माइनर से करीब 1.03 करोड़ रुपये की लागत से गांव रुस्तमगढ़, संगाली, संगाला और भैणी कलां के लिए 4,200 मीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिससे करीब 980 एकड़ क्षेत्र को देश की आज़ादी के बाद पहली बार नहरी पानी की सुविधा प्राप्त होगी। इसी तरह गांव दहलीज़ खुर्द में करीब 6.17 करोड़ रुपये की लागत की नहरी पानी परियोजनाओं का औपचारिक शुभारंभ करने के बाद कैबिनेट मंत्री बरिंदर कुमार गोयल ने बताया कि 5.63 करोड़ रुपये की लागत से बठिंडा ब्रांच से 20,149 मीटर लंबी उच्च गुणवत्ता वाली आधुनिक पाइपलाइन बिछाई जा रही है, जिससे गांव महरना खुर्द, कंगनपुर और रसूलपुर के कुल 1486 एकड़ क्षेत्र को पहली बार भरोसेमंद नहरी पानी उपलब्ध होगा, जबकि 54 लाख रुपये की लागत से गांव दहलीज़ कलां और दहलीज़ खुर्द के 360 एकड़ क्षेत्र को नहरी सिंचाई सुविधा से जोड़ा जाएगा। विधायक प्रो. जसवंत सिंह गज्जनमाजरा ने कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के विकास और जन कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि नहरी ढांचे के आधुनिकीकरण के ज़रिए हर खेत तक नहरी पानी पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं किसानों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के साथ-साथ कृषि उत्पादन और आय में वृद्धि करेंगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अमरगढ़ क्षेत्र के विकास के लिए फंडों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। इस मौके पर चेयरमैन ज़िला योजना बोर्ड साकिब अली राजा, चेयरमैन ज़िला परिषद मालेरकोटला रघबीर सिंह चौंदा, चेयरमैन मार्केट कमेटी अमरगढ़ हरप्रीत सिंह नंगल, चेयरमैन पंजाब हज कमेटी हाशिम सूफी, आम आदमी पार्टी नेता केवल सिंह जागोवाल, क्षेत्र कॉर्डिनेटर नशा-मुक्ति यात्रा गुरप्रीत सिंह बनभौरा (बिट्टू), सहायक कमिश्नर मनदीप कौर, डी.एस.पी. संजीव कपूर, एक्सियन हरमनिंदर सिंह, एक्सियन संगरूर अतिंदरपाल सिंह सिद्धू, एक्सियन दमनजीत सिंह, राजीव, अभिजोत के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्र के निवासी मौजूद थे।

पंजाब के मानसा में NIA का बड़ा एक्शन, शहजाद भट्टी से जुड़े संदिग्ध संपर्कों की पड़ताल

मानसा. पंजाब के मानसा जिले से बड़ी खबर सामने आई है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने मंगलवार सुबह जिले के गांव कुलाना में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि गांव के एक युवक द्वारा कथित तौर पर पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी से फोन पर संपर्क किए जाने के बाद NIA की टीम जांच के लिए गांव पहुंची है। जानकारी के अनुसार, NIA के करीब एक दर्जन अधिकारी और कर्मचारी तीन वाहनों में सवार होकर तड़के ही गांव में पहुंचे और कार्रवाई शुरू कर दी। टीम द्वारा संबंधित युवक और उसके संपर्कों को लेकर जांच की जा रही है। साथ ही गांव के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी युवक के फोन रिकॉर्ड और अन्य गतिविधियों की जांच में जुटी हुई है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक NIA की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। गौरतलब है कि शहजाद भट्टी का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आता रहा है। आरोप हैं कि वह सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से पंजाब के युवाओं को भड़काने का प्रयास करता है, जिसके चलते कई बार कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले भी सामने आए हैं। फिलहाल NIA की कार्रवाई जारी है और मामले को लेकर एजेंसी द्वारा आधिकारिक जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।

भीषण गर्मी के बीच पंजाब के मौसम में होगा बदलाव? जानिए कब होगी बारिश और कितने दिन चलेगी Heatwave.

चंडीगढ़. पंजाब और चंडीगढ़ में एक बार फिर भीषण गर्मी का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून के लिए हीटवेव (लू) अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, गर्म हवाएं और बढ़ता तापमान 11 जून तक जारी रहने की संभावना है। इसके बाद प्री-मानसून गतिविधियां शुरू होने से मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच ना निकले बाहर सोमवार को चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 39.9 डिग्री सेल्सियस था, लेकिन सोमवार को यह 40 डिग्री का आंकड़ा पार कर गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को दिनभर उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे के बीच बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है। 11 जून से बदलेगा मौसम मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के अनुसार, 11 से 14 जून के बीच पंजाब और चंडीगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है। इस दौरान कई क्षेत्रों में तेज हवाएं, गरज-चमक और आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून के लिए ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है। मौसम विज्ञान केंद्र, चंडीगढ़ के निदेशक Surinder Pal ने बताया कि अगले 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, 11 जून के बाद मौसम में बदलाव के साथ हीटवेव का असर कम होने की उम्मीद है।

गर्मी की छुट्टियों में छात्रों को राहत, पंजाब शिक्षा विभाग के नए शेड्यूल से मिलेगी सुविधा

चंडीगढ़. नए एकेडमिक सेशन की शुरुआत के साथ ही विद्यार्थियों का पाठ्यपुस्कों का इंतजार खत्म होने जा रहा है। चंडीगढ़ शिक्षा विभाग ने सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए  N.C.E.R.T. कितावों को बांटने की प्रक्रिया शुरू करते हुए डिटेल्ड शेड्यूल जारी कर दिया है। विभाग द्वारा 9 से 17 जून तक अलग-अलग स्कूल क्लस्टर्स को फेज में बुक्स मुहैया करवाई जाएंगी ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी रुकावट के जारी रह सके। जिला शिक्षा अधिकारी (UT) द्वारा जारी हिदायतों के अनुसार सभी क्लस्टर इंचार्ज प्रिंसिपलों को तय तारीखों पर अपने स्कूलों के दाखिला आंकड़ों और अधिकार क्षेत्रों सहित किताबें प्राप्त करने के लिए कहा गया है। 11वीं और 12वीं के स्टूडेंट्स के लिए सब्जेक्ट-वाइज गिनती भी मुहैया करवाना जरूरी होगा ताकि जरूरत के अनुसार बुक्स का डिस्ट्रीब्यूशन पक्का किया जा सके। विभाग ने क्लस्टर हेड्स को बुक्स रिसीव करने के लिए एक टीचर और दो ग्रुप-D कर्मचारियों सहित कितावें प्राप्त करने के लिए पहुंचने के निर्देश दिए हैं। यह किताबें सेक्टर-18 के गवर्नमेंट गर्ल्स मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल से बांटी जाएंगी। इसके बाद क्लस्टर हेड अपने अंडर आने वाले स्कूलों में किताबें पहुंचाएंगे। शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किताबें समय पर मिलने से स्टूडेंट्स को सेशन के शुरुआती दिनों से ही पढ़ाई में मदद मिलेगी और सीखने का प्रोसेस अच्छे से आगे बढ़ेगा।

परीक्षाओं में पारदर्शिता पर मान सरकार का जोर, CM बोले- पंजाब में नहीं हुआ एक भी पेपर लीक

चंडीगढ़  पंजाब सरकार के रोजगार अभियान में एक और मील का पत्थर साबित करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने  355 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे. इसके साथ ही उनकी सरकार के गठन से अब तक दी गई कुल सरकारी नौकरियों की संख्या 67,037 हो गई है. इस उपलब्धि को पंजाब में नई भर्ती व्यवस्था का प्रत्यक्ष प्रमाण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहली बार सरकारी नौकरियां सिर्फ योग्यता, पारदर्शिता और निष्पक्ष मुकाबले के आधार पर बिना किसी सिफारिश, राजनीतिक प्रभाव या भ्रष्टाचार के दी जा रही हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि नीट जैसी पेपर लीक की घटनाओं ने पूरे देश के युवाओं का विश्वास हिला दिया है और 2017 से अब तक देश भर में 93 पेपर लीक होने की रिपोर्ट हैं. इसके विपरीत पंजाब की बात करें तो वर्ष 2022 से अब तक एक भी पेपर लीक का मामला सामने नहीं आया. युवाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार के व्यापक दृष्टिकोण को उजागर करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब न सिर्फ नौकरियां पैदा कर रहा है बल्कि ऐसे मौके भी पैदा कर रहा है जो युवाओं को अपने प्रदेश में रहने, आगे बढ़ने और सफल होने के लिए प्रेरित करते हैं. उन्होंने हुनरमंद युवाओं के पलायन के रुझान को पलटने, 65,000 ठेका कर्मचारियों के लिए रेगुलर नौकरी का रास्ता खोलने, 25 नई आई.टी.आई. और 13 मौजूदा आई.टी.आई. संस्थानों के अपग्रेडेशन के माध्यम से हुनर विकास में बड़े निवेश की ओर इशारा करते हुए कहा कि आप सरकार पंजाब के युवाओं को देश में रहकर ही अपना भविष्य बनाने के लिए उन्हें विश्वास भरने, उचित मौके और हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध है. तकनीकी शिक्षा, सहकारिता, स्थानीय निकायों, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता, पशुपालन, लोक निर्माण, आवास निर्माण एवं शहरी विकास तथा अन्य विभागों में नए चुने गए उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह दिन पंजाब सरकार के राज्य के युवाओं को रोजगार और सुशासन के माध्यम से सशक्त बनाने के चल रहे मिशन में एक और महत्वपूर्ण मील का पत्थर है. इस अवसर की कुछ झलकियां साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, “आज 355 और युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए, जिससे अब तक दी गई सरकारी नौकरियों की कुल संख्या 67,037 हो गई है. ये सारी नौकरियां पूरी तरह योग्यता और पारदर्शिता के आधार पर दी गई हैं. ऐसे समय में जब देश भर में नीट जैसे पेपर लीक हो रहे हैं, पंजाब ने ईमानदारी, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ भर्ती प्रक्रियाओं को सुनिश्चित करके और शिक्षा के क्षेत्र में देश भर में शीर्ष स्थान हासिल करके मिसाल कायम की है.” “मैं नव-नियुक्त उम्मीदवारों से अपील करता हूं कि वे सरकारी दफ्तरों में वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों के काम को प्राथमिकता दें. ‘आप’ सरकार युवाओं के विदेशों की ओर पलायन को रोकने और उन्हें पंजाब में ही तरक्की के मौके प्रदान करके उनके सपनों को पंख देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.” नव-नियुक्त उम्मीदवारों और उनके परिवारों को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “हमारी सरकार में उम्मीदवारों के चयन का एकमात्र मापदंड कड़ी मेहनत, समर्पण और योग्यता है. वह दिन गए जब सरकारी नौकरियां रिश्वत, सिफारिशों या राजनीतिक संबंधों के आधार पर बांटी जाती थीं. आज योग्य उम्मीदवारों को निष्पक्ष और पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से नौकरियां दी जा रही हैं. इन युवाओं ने सफलता प्राप्त करने के लिए दिन-रात मेहनत की है और यह उनके सफर की सिर्फ शुरुआत है. उनके लिए तरक्की की उड़ान भरने के लिए आसमान खुला है और मैं सभी उम्मीदवारों को आगे और बड़े मुकाम हासिल करने के लिए प्रयासरत रहने की सलाह देता हूं.” मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि आज से ये नव-नियुक्त कर्मचारी सरकारी परिवार का एक अभिन्न अंग बन गए हैं और ये कर्मचारी खुशहाल व रंगला पंजाब के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे. उन्होंने कहा, “हम सब एकजुट होकर रंगला पंजाब की शान को बहाल करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ेंगे. आपके हर एक की अब समाज और राज्य के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है. सरकार ने आपको मौके देकर अपना फर्ज निभाया है. अब आपकी बारी है कि आप ईमानदारी, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ लोगों की सेवा करें.” पंजाब सरकार द्वारा अपनाई गई पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पंजाब के रिकॉर्ड की तुलना देश के अन्य हिस्सों की वर्तमान स्थिति से की. उन्होंने कहा, “2017 से अब तक देश भर में लगभग 93 परीक्षा पेपर लीक होने की रिपोर्ट मिली है. नीट समेत प्रमुख परीक्षाओं से जुड़ी ऐसी घटनाओं ने लाखों युवाओं को निराश किया है. हालांकि, 2022 में हमारी सरकार के सत्ता संभालने के बाद पंजाब में एक भी पेपर लीक होने की घटना सामने नहीं आई है. इसका कारण यह है कि राज्य में एक ईमानदार सरकार काम कर रही है. होनहार विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत के आधार पर नौकरियां और मौके मिल रहे हैं.” मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा मेरिट के आधार पर अब तक 67,037 सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं और हर नियुक्ति भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद या पक्षपात से मुक्त होकर की गई है. शिक्षा क्रांति के तहत सरकार द्वारा किए गए शिक्षा सुधारों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने शिक्षा क्षेत्र में शानदार बदलाव लाया है. उन्होंने कहा, “जब हमारी सरकार ने सत्ता संभाली थी तो स्कूल शिक्षा में पंजाब देश भर में 27वें स्थान पर था. आज नीति आयोग के अनुसार पंजाब ने स्कूल शिक्षा में केरल जैसे राज्यों को पीछे छोड़ते हुए पहले नंबर पर कब्जा कर लिया है. यह उपलब्धि इसलिए संभव हुई क्योंकि हमने सरकारी स्कूलों को मजबूत करने और विश्व स्तरीय शैक्षणिक बुनियादी ढांचे के विकास में निवेश किया है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य भर के स्कूल अब अत्याधुनिक सुविधाओं और आधुनिक बुनियादी ढांचे से लैस हैं, जिससे स्कूलों में ऐसा माहौल सृजित हुआ है जो सीखने, नवाचार और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करता है. उन्होंने आगे कहा, “विद्यार्थी हर क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं … Read more

पंजाब की सियासत में बड़ा उलटफेर, मनप्रीत अयाली अमृतपाल सिंह की पार्टी का थामेंगे दामन

चंडीगढ़  पंजाब की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के तहत दाखा से शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बागी विधायक मनप्रीत सिंह अयाली (Manpreet Singh Ayali) आज मंगलवार को वारिस पंजाब दे (Waris Punjab De) में औपचारिक रूप से शामिल होने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम चंडीगढ़ में आयोजित होगा, जिसकी अध्यक्षता तरसेम सिंह करेंगे। अयाली ने इस कदम की पुष्टि करते हुए कहा कि वह आज मंगलवार को वारिस पंजाब दे का दामन थामेंगे। पिछले कई महीनों से उनका संगठन के साथ निकट संबंध रहा है। जिला परिषद और पंचायत चुनावों में उनके समर्थित उम्मीदवारों ने भी चुनाव प्रचार के दौरान अमृतपाल सिंह की तस्वीरों का इस्तेमाल किया था। चूंकि वारिस पंजाब दे फिलहाल एक पंजीकृत राजनीतिक दल नहीं है, इसलिए अयाली पर दल-बदल कानून के तहत तत्काल अयोग्यता का खतरा नहीं माना जा रहा। हालांकि, शिरोमणि अकाली दल उनके खिलाफ संगठनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पार्टी से निष्कासित कर सकता है। 'कई नेता मेरे फैसले का इंतजार कर रहे थे' मनप्रीत अयाली ने दावा किया कि कई राजनीतिक नेता और समर्थक उनके इस फैसले का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आने वाले महीनों में वारिस पंजाब दे में कई बड़े चेहरे शामिल हो सकते हैं। अयाली ने कहा, "वारिस पंजाब दे की जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ बनने जा रही है और आने वाले दिनों में लोग इसका असर देखेंगे। अगले पांच से छह महीनों में कई चर्चित नेता संगठन से जुड़ सकते हैं।" AAP विधायक को लेकर भी दिए संकेत आम आदमी पार्टी के विधायक कुंवर विजय प्रताप के वारिस पंजाब दे नेताओं के साथ देखे जाने संबंधी खबरों पर अयाली ने कहा कि अभी इंतजार करना चाहिए। उन्होंने संकेत दिए कि उनके संगठन से जुड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। पंजाब की राजनीति में बढ़ सकती है WPD की पकड़ राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मनप्रीत अयाली जैसे प्रभावशाली नेता का संगठन से जुड़ना वारिस पंजाब दे के लिए बड़ा राजनीतिक लाभ साबित हो सकता है। आगामी चुनावों से पहले संगठन अपने राजनीतिक आधार को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।

मजदूरों के लिए खुशखबरी! पूरे पंजाब में 10 लाख श्रमिकों का निशुल्क पंजीकरण करेगी सरकार

चंडीगढ़  पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने  पूरे पंजाब में 10 लाख निर्माण मजदूरों के मुफ्त पंजीकरण और पुराने पंजीकरण को नवीनीकृत करने के लिए बड़ी मुहिम का ऐलान किया. इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गांवों और शहरी क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर कल्याण योजनाओं का लाभ सीधे मजदूरों तक पहुंचाया जाए. पंजाब बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हर निर्माण मजदूर को सामाजिक सुरक्षा लाभ, कल्याण सहायता और कौशल विकास के अवसर प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है।  इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “पंजाब बिल्डिंग एंड अदर कंस्ट्रक्शन वर्कर्स वेलफेयर बोर्ड का गठन निर्माण मजदूरों के पंजीकरण, वित्तीय सहायता और कल्याण योजनाओं के माध्यम से उनकी भलाई, सामाजिक सुरक्षा और सामाजिक-आर्थिक प्रगति सुनिश्चित करने के लिए किया गया है. यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आवश्यक धनराशि उपलब्ध होने के बावजूद लंबे प्रोसेसिंग समय के कारण मजदूरों के लिए कल्याण योजनाएं आवश्यक सफलता हासिल नहीं कर सकीं।  कल्याण योजनाओं का दायरा बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “इस समय बी.ओ.सी.डब्ल्यू. वेलफेयर बोर्ड के पास 2.21 लाख मजदूर पंजीकृत हैं, जो पंजाब भर में चल रही बड़े पैमाने की निर्माण गतिविधियों और शहरीकरण को देखते हुए काफी कम है. पंजीकरण में सुधार के लिए राज्य भर में और पंजीकरण शिविर लगाए जाएंगे।  मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि पंजाब सरकार इस विशेष मुहिम के दौरान मजदूरों पर पंजीकरण शुल्क का बोझ खत्म करेगी ताकि अधिक से अधिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जा सके. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह देखा गया है कि मजदूर अक्सर पंजीकरण कराने में हिचकते हैं क्योंकि उन्हें पंजीकरण शुल्क के रूप में 145 रुपये जमा कराने होते हैं. पंजीकरण कराने और नवीनीकरण को प्रोत्साहित करने के लिए इस विशाल पंजीकरण मुहिम के दौरान आवेदकों को यह शुल्क जमा कराने की आवश्यकता नहीं होगी. इस मुहिम के दौरान लगभग 10 लाख मजदूरों को पंजीकृत किया जाएगा और पंजाब सरकार इसके लगभग 15 करोड़ रुपये के वित्तीय खर्च को खुद सहन करेगी।  उन्होंने आगे कहा कि पंजाब सरकार पंजीकरण के बाद भी मजदूरों की मदद करना जारी रखेगी. उन्होंने कहा, “पंजाब सरकार उन सभी मजदूरों का पंजीकरण शुल्क का खर्च उठाएगी, जो एक साल के अंदर किसी भी लाभ का फायदा नहीं उठाते. श्रम विभाग को गांवों में शाम के समय विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए गए हैं क्योंकि मजदूर उस समय काम से लौटते हैं और इससे अधिक से अधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।  मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने अधिकारियों को लेबर चौकों पर मजदूरों के लिए उपलब्ध सुविधाओं में सुधार करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा, “लेबर चौकों पर शेड बनाए जाने चाहिए और पीने के पानी की सुविधा मुहैया कराई जानी चाहिए ताकि मजदूरों को काम की प्रतीक्षा करते समय किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।  मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार ने आवेदनों के निपटान में होने वाली देरी को कम करके कल्याण योजनाओं तक पहुंच को बेहतर बनाने के लिए पहले ही महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “वित्तीय वर्ष 2022-23 में मजदूरों के लिए कल्याण योजनाओं का प्रोसेसिंग समय 203 दिन था. पंजाब सरकार ने अब इसे घटाकर 73 दिन कर दिया है. लंबा प्रोसेसिंग समय मजदूरों के लिए कल्याण योजनाओं का लाभ लेने में बड़ी बाधा थी, इसलिए यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है।  कौशल विकास के महत्व पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने बोर्ड को 50,000 पंजीकृत निर्माण मजदूरों का विवरण ‘पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन’ के साथ साझा करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा, “बोर्ड को कौशल प्रशिक्षण के लिए 50,000 पंजीकृत निर्माण मजदूरों का डेटा पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन को उपलब्ध कराना चाहिए. यह प्रशिक्षण केवल निर्माण स्थलों, पंजाब स्किल डेवलपमेंट मिशन के प्रशिक्षण केंद्रों और बी.ओ.सी.डब्ल्यू. वेलफेयर बोर्ड द्वारा लगाए गए शिविरों में ही दी जानी चाहिए।  उन्होंने कहा कि मजदूरों को ऐसे विशेष क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए, जो उनके कौशल और कमाई की क्षमता को बढ़ा सकें. उन्होंने कहा, “राजगीरी (मेसनरी), बार बेंडिंग एंड फिक्सिंग, शटरिंग कारपेंटरी, स्कैफोल्डिंग (पैड़ बांधना), क्वालिटी एशोरेंस, कंस्ट्रक्शन पेंटिंग, कंस्ट्रक्शन इलेक्ट्रिकल वर्क्स, सर्वेक्षण, सड़कों और रनवे का निर्माण, आंतरिक और बाहरी फिनिशिंग, फैब्रिकेशन, ड्राफ्टिंग, शटरिंग कारपेंटरी और अन्य संबंधित क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए।  मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए कि महिला मजदूरों को पंजाब सरकार की प्रमुख कल्याण योजनाओं का लाभ मिले. मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “बोर्ड को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि महिला मजदूरों को ‘मांवा-धीयां सत्कार योजना’ के तहत वित्तीय सहायता भी मिले.” बैठक के दौरान कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।   

अमित बजाज के ठिकानों पर ED का छापा, दस्तावेजों की गहन पड़ताल जारी

जालंधर  पंजाब के जालंधर में ठेकेदार अमित बजाज के न्यू जवाहर नगर स्थित आवास पर आज सुबह करीब 8:30 बजे प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की है। अमित बजाज इनकम टैक्स, जीएसटी (GST) और वैट (VAT) के जाने-माने वकील हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बजाज शहर के कई बड़े उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के टैक्स संबंधी मामले देखते हैं। सूत्रों के अनुसार, इन पूंजीपतियों द्वारा किए गए निवेश (Investment) और टैक्स में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की आशंका है, जिसे लेकर ईडी यह जांच कर रही है। फिलहाल, ईडी की टीमें एडवोकेट के घर पर मौजूद हैं और रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इस छापेमारी के बाद से ही शहर के कारोबारी और कानूनी जगत में हड़कंप मच गया है। टैक्स में गड़बड़ी की जांच जारी अमित बजाज नगर निगम के ठेकेदार भी है। वह शहर के कई मशहूर उद्योगपतियों और पूंजीपतियों के टैक्स संबंधी मामले देखते हैं और उन पर पूंजीपतियों की इन्वेस्टमेंट और टैक्स में गड़बड़ी की जांच चल रही है। ईडी ने उनके घर न्यू जवाहर नगर और पास ही स्थित ऑफिस पर आज सुबह 8:30 बजे रेडी शुरू की है। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एक्शन जारी प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड (Hampton Sky Realty Ltd.) से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली-NCR में 6 ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है। ED ने धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के तहत जारी जांच के क्रम में लुधियाना और जालंधर (पंजाब), बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा दिल्ली-नोएडा क्षेत्र में एक साथ छापामारी की। जांच एजेंसी के अनुसार, जिन परिसरों पर तलाशी ली जा रही है उनमें मामले से जुड़े व्यक्तियों और संस्थाओं के आवासीय एवं व्यावसायिक कार्यालय शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, यह कार्रवाई हैम्पटन स्काई रियल्टी लिमिटेड से जुड़े वित्तीय लेन-देन और कथित मनी लॉन्ड्रिंग गतिविधियों की जांच के तहत की जा रही है। तलाशी के दौरान दस्तावेजों, डिजिटल उपकरणों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। फिलहाल ED की कार्रवाई जारी है और एजेंसी द्वारा बरामद सामग्री का विश्लेषण किया जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।  

Heat Wave Alert: पंजाब में दो दिन और सताएगी भीषण गर्मी, 11 जून से मौसम लेगा करवट

चंडीगढ़  पंजाब में दो दिन भीषण गर्मी रहेगी। मौसम विभाग ने प्रदेश में लूट का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। यह सामान्य से 2.3 डिग्री अधिक रहा।  आनंदपुर साहिब प्रदेश का सबसे गर्म क्षेत्र रहा जहां अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार 11 जून से मौसम में बदलाव शुरू हो सकता है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने से तापमान में गिरावट आने की संभावना है।  12 जून को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, तेज आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की गई है। 13 और 14 जून को भी कई जिलों में तेज हवाएं चल सकती हैं। सोमवार को बठिंडा में 44 डिग्री, फरीदकोट में 43 डिग्री, पटियाला और अबोहर में पारा 42.6 डिग्री रहा।    राज्य में 11 जून से वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर देखने को मिल रहा है, जिससे मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। इससे गर्मी से राहत तो मिलेगी ही और तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी। वहीं, फिलहाल लगातार पड़ रही गर्मी के चलते पठानकोट व मोहाली को छोड़ अधिकतर सभी शहरों का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है।  सामान्य से 2.3 डिग्री गर्म पंजाब  मौसम विभाग की तरफ से सोमवार शाम जारी जानकारी के अनुसार राज्य के तापमान में तकरीबन 1 डिग्री की बढ़ौतरी राज्य में देखने को मिली है। जिससे राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 2.3 डिग्री अधिक देखने को मिला है। वहीं, राज्य में सबसे अधिक गर्म शहर रूपनगर रहा। रूपनगर के श्री आनंदपुर साहिब में तापमान 44.5 उिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा, अमृतसर शहर का तापमान 41.8 डिग्री, लुधियाना में 42 डिग्री, बठिंडा में 44.3 डिग्री, फाजिलका में 42.6 डिग्री, फिराजपुर में 41 डिग्री और मोहाली व पठानकोट में 39.7 डिग्री दर्ज किया गया।  जाने कैसा रहेगा आने वाले दिनों में मौसम जारी पूर्वानुमान के अनुसार 9 जून को फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा और मानसा सहित कुछ जिलों में लू की स्थिति बनी रह सकती है। 10 जून को गर्मी का दायरा और बढ़ने की संभावना है तथा राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान ऊंचा रह सकता है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि लगातार तेज धूप और शुष्क हवाओं के कारण लोगों को गर्मी से अधिक परेशानी झेलनी पड़ सकती है। हालांकि 11 जून से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण पंजाब के कई हिस्सों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 11 जून को कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान जताया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। 12 जून को भी मौसम का बदला हुआ रुख जारी रहने की संभावना है। राज्य के उत्तरी, मध्य और पूर्वी जिलों में गरज-चमक, तेज हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग का मानना है कि बारिश और तेज हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 9 जून से 12 जून तक मौसम का अनुमान     9 जून: दक्षिण-पश्चिमी जिलों में लू का यलो अलर्ट     10 जून: अधिकांश जिलों में गर्मी और लू का असर     11 जून: पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय, तेज हवाएं और गरज-चमक की संभावना     12 जून: कई जिलों में बारिश, आंधी और तापमान में गिरावट